बांग्लादेश इस शहर में खेल सकता है अपने टी20 वर्ल्ड कप के मुकाबले, सामने आया बड़ा अपडेट

नई दिल्ली|  टी20 वर्ल्ड कप 2026 के शुरू होने में अब सिर्फ कुछ ही दिनों का वक्त बाकी रह गया है। इस टूर्नामेंट का आगाज 7 फरवरी से होने वाला है, लेकिन अभी तक ये साफ नहीं हो सका है कि बांग्लादेश की टीम अपने मुकाबले खेलने के लिए भारत आएगी या नहीं। दरअसल बांग्लादेशी क्रिकेट टीम ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए आगामी टी20 वर्ल्ड कप में अपने मुकाबले भारत में खेलने से इनकार कर दिया था। इसके लिए बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने ICC को पत्र लिखकर गुजारिश की है कि उनकी टीम के मुकाबले श्रीलंका में शिफ्ट किए जाएं।
इस शहर में खेले जा सकते है बांग्लादेश के मुकाबले
रिपोर्ट्स की माने तो इस बात की संभावना बेहद कम है कि बांग्लादेश के मैच श्रीलंका में शिफ्ट किए जाएंगे। दरअसल बीसीसीआई और ICC मिलकर भारत में ही दूसरे वेन्यू की तलाश कर रहे हैं। क्रिकबज की एक रिपोर्ट की माने तो ICC और BCCI ने तमिलनाडु क्रिकेट एसोसिएशन (TNCA) और केरल क्रिकेट एसोसिएशन (KCA) से बात की है और बांग्लादेश के मैचों को चेन्नई और तिरुवनंतपुरम में शिफ्ट करने के विकल्प पर विचार किया जा रहा है। ऐसे में अब काफी हद तक इस बात की संभावना है कि बांग्लादेश के मुकाबले इन दोनों शहर में खेले जाएं।

चेन्नई के मैदान पर खेले जाएंगे 7 मैच
रिपोर्ट में ये भी बताया गया है कि ICC अधिकारियों की TNCA और KCA के अधिकारियों से इस मुद्दे पर बातचीत हुई है। ऐसा माना जा रहा है कि उन्होंने मैचों की मेजबानी करने की इच्छा जताई है। चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में पहले से ही कुछ मैच शेड्यूल किए गए हैं, यहां कुल 7 मैच खेले जाएंगे जिसमें भारत-ऑस्ट्रेलिया का संभावित सुपर 8 मैच भी शामिल है। माना जा रहा है कि TNCA के अधिकारियों ने ICC और BCCI को बताया है कि उन्हें कोई दिक्कत नहीं होगी क्योंकि उनके पास आठ पिचें हैं।

ग्रुप सी का हिस्सा है बांग्लादेश
बांग्लादेश को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए ग्रुप सी में रखा गया है और शेड्यूल के मुताबिक उनका पहला मैच वेस्टइंडीज के खिलाफ 7 फरवरी को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में निर्धारित है। इसके बाद 9 और 14 फरवरी को इसी वेन्यू पर बांग्लादेश को इटली और इंग्लैंड से भी मैच खेलना है। फिर 17 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में नेपाल के खिलाफ बांग्लादेश की टीम अपना आखिरी ग्रुप मैच खेलेगी। अब इस शेड्यूल में कितना बदलाव होता है इसकी जानकारी आने वाले कुछ दिनों में मिल जाएगी।