MP मॉर्निंग न्यूज़: मोहन कैबिनेट की बड़ी बैठक, 100% सैलरी का तोहफा और 60 हजार करोड़ का बिजली प्रोजेक्ट


भोपाल । कैबिनेट बैठक और कर्मचारियों को सौगात आज शाम 4 बजे मंत्रालय में होने वाली मोहन कैबिनेट की बैठक बेहद महत्वपूर्ण है। सबसे ज्यादा चर्चा सरकारी कर्मचारियों के 100% वेतन वाले प्रस्ताव पर है। हाईकोर्ट के आदेश के बाद सरकार अब भर्ती के पहले साल से ही पूरा वेतन देने और प्रोबेशन पीरियड परिवीक्षा अवधि के पुराने नियमों को खत्म करने पर विचार कर रही है। यदि इस पर मुहर लगती है, तो हजारों नए कर्मचारियों का सालों का इंतजार खत्म होगा।

बिजली सेक्टर में ऐतिहासिक कदम मुख्यमंत्री आज 4000 मेगावाट बिजली आपूर्ति के लिए एक बड़े एमओयू पर हस्ताक्षर करेंगे। अनूपपुर जिले में नए पावर प्लांट स्थापित किए जाएंगे, जिसमें करीब 60,000 करोड़ रुपये का प्रत्यक्ष निवेश होगा। इससे न केवल 2030-31 तक राज्य की बिजली मांग पूरी होगी, बल्कि लगभग 8000 लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे। इसमें अडानी पावर और टोरेंट पावर जैसे बड़े नाम शामिल हैं।

खेलो एमपी यूथ गेम्स का रंगारंग शुभारंभ राजधानी भोपाल का टीटी नगर स्टेडियम आज शाम 630 बजे युवा ऊर्जा से सराबोर होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ‘खेलो एमपी यूथ गेम्स’ का उद्घाटन करेंगे। समारोह में मशहूर गायक कैलाश खेर अपनी प्रस्तुति देंगे। 28 खेलों में प्रदेश भर के 1 लाख से अधिक खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखाएंगे, जो राज्य के खेल इतिहास में एक जनआंदोलन की तरह उभरा है।

बैंकों की राष्ट्रव्यापी हड़ताल आम जनता के लिए आज मुश्किलें बढ़ सकती हैं। रविवार और गणतंत्र दिवस की छुट्टी के बाद आज बैंक खुलने थे, लेकिन यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस की हड़ताल के कारण ताले नहीं खुलेंगे। बैंक कर्मचारी 5-डे वर्किंग हर शनिवार छुट्टी की मांग पर अड़े हैं। प्रदेश की 7000 से अधिक शाखाओं में कामकाज ठप रहेगा, हालांकि ऑनलाइन ट्रांजैक्शन जारी रहेंगे।

सियासी हलचल दिल्ली में कांग्रेस की मंथन संगठन को मजबूत करने के लिए एमपी कांग्रेस के दिग्गज जीतू पटवारी और प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने दिल्ली में आलाकमान के साथ बैठक की। निर्देश दिए गए हैं कि जल्द से जल्द जिला कार्यकारिणी का गठन किया जाए और निष्क्रिय जिलाध्यक्षों पर गाज गिर सकती है।