करोड़ों के नुकसान से बचे अनुपम खेर, खोया क्रेडिट कार्ड लेकर घर पहुंचा गार्ड, एक्टर बोले ईमानदारी जिंदा है’


नई दिल्ली । बॉलीवुड के चर्चित अभिनेता अनुपम खेर न सिर्फ अपने अभिनय बल्कि सोशल मीडिया पर अपनी सरलता और सीधेपन के लिए भी जाने जाते हैं। वह अक्सर अपने फैंस के साथ अपनी रोजमर्रा की जिंदगी के छोटे-छोटे पलों को साझा करते रहते हैं। कभी मां के साथ बातचीत का वीडियो तो कभी फैंस से मुलाकात की मीठी यादें उनकी पोस्ट्स हमेशा लोगों का दिल जीत लेती हैं। इसी कड़ी में अब उन्होंने एक ऐसी घटना साझा की है जिसने यह साबित कर दिया कि आज भी समाज में ईमानदारी जिंदा है।

दरअसल रविवार को अनुपम खेर ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया जिसमें उन्होंने एक गार्ड संजय यादव की ईमानदारी की तारीफ की। उन्होंने बताया कि सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान उनका क्रेडिट कार्ड गिर गया था। बाद में उन्हें काफी खोजने के बाद भी कार्ड नहीं मिला और वह परेशान हो गए क्योंकि कार्ड पर पिन नहीं था और किसी भी तरह की गैरकानूनी उपयोग की संभावना थी।

फिर अचानक दत्तु जी का फोन आया कि किसी को उनका क्रेडिट कार्ड मिला है और वह उसे वापस लौटाना चाहते हैं। इस बात से अनुपम बेहद खुश और आश्चर्यचकित हुए। उन्होंने वीडियो में कहा संजय यादव जी आप बहुत महान आदमी हैं। मेरा सुबह मॉर्निंग वॉक जाते समय क्रेडिट कार्ड गिर गया था और मैंने बहुत ढूंढा काफी परेशान था। फिर मुझे फोन आया कि किसी को क्रेडिट कार्ड मिला है। कितनी अच्छी बात है!

सबसे खास बात यह रही कि जब अनुपम ने संजय की ईमानदारी की तारीफ की तो उन्होंने बिल्कुल सामान्य अंदाज में कहा इसमें कौन सी बड़ी बात है! यह बात सुनकर अनुपम का दिल भर आया और उन्होंने कहा वाह यादव जी बहुत अच्छा लगा! जय हो! अनुपम ने अपने पोस्ट में लिखा ईमानदारी जिंदा है! और इस वीडियो को देखकर सोशल मीडिया पर भी लोगों ने संजय की तारीफ की और उन्हें सम्मानित किया।

वर्कफ्रंट की बात करें तो अनुपम खेर हाल ही में अपने निर्देशन में बनी फिल्म तन्वी द ग्रेट में दिखाई दिए थे जिसमें नवोदित अभिनेत्री शुभांगी दत्त ने अभिनय किया था। अब वह जल्द ही खोसला का घोसला 2 में नजर आएंगे। इस फिल्म में उनके साथ रणवीर शौरी किरण जुनेजा परवीन डबास तारा शर्मा और रवि किशन भी होंगे। यह फिल्म 2006 की हिट फिल्म खोसला का घोसला का सीक्वल है जिसमें अनुपम खेर बोमन ईरानी परवीन डबास विनय पाठक रणवीर शौरी और तारा शर्मा लीड रोल में थे।