राजपाल यादव: कॉमेडी किंग की मुश्किल राह, जेल की सलाखों के पीछे और करोड़ों का कर्ज


नई दिल्ली । बॉलीवुड में अपनी अद्भुत कॉमिक टाइमिंग से दर्शकों को लोटपोट करने वाले अभिनेता राजपाल यादव इन दिनों अपने जीवन के सबसे कठिन दौर से गुजर रहे हैं। भूल भुलैया के छोटा पंडित हों या हंगामा के राजा हर किरदार से घर-घर में पहचान बनाने वाले इस कलाकार को हाल ही में दिल्ली की तिहाड़ जेल में सरेंडर करना पड़ा है। यह पूरा मामला साल 2010 का है जब राजपाल ने अपनी फिल्म अता पता लापता के निर्देशन के लिए 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर असफल रही और यह कर्ज समय के साथ बढ़ता चला गया। आज ब्याज समेत यह राशि 9 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है जिसे चुकाने में असमर्थता जताने के बाद कानून का शिकंजा उन पर कस गया है।

राजपाल यादव की इस गिरफ्तारी ने फिल्म इंडस्ट्री में उनकी फीस और आर्थिक स्थिति को लेकर चर्चाएं तेज कर दी हैं। ताज्जुब की बात यह है कि दशकों का अनुभव और हर बड़ी फिल्म का हिस्सा होने के बावजूद मुख्य अभिनेताओं की तुलना में उनकी फीस काफी कम है। हालिया रिपोर्ट्स के अनुसार वरुण धवन की फिल्म बेबी जॉन के लिए राजपाल को केवल 1 करोड़ रुपये मिले जो मुख्य अभिनेता की फीस का महज 4 प्रतिशत था। पिछले दो-तीन वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो उन्होंने कटहल और ड्रीम गर्ल 2 जैसी फिल्मों के लिए करीब 1-1 करोड़ रुपये लिए जबकि भूल भुलैया 3 जैसी बड़ी फ्रेंचाइजी के लिए उन्हें 2 से 3 करोड़ रुपये के बीच भुगतान किया गया। औसतन उनकी एक फिल्म की कमाई 1 से 2 करोड़ रुपये के आसपास ही रहती है।

आर्थिक तंगी और जेल की खबरों के बीच राजपाल यादव का आने वाला फिल्मी कैलेंडर काफी व्यस्त नजर आ रहा है। 2025 और 2026 में उनके पास कई बड़े प्रोजेक्ट्स हैं जो उनके करियर को फिर से पटरी पर ला सकते हैं। अक्षय कुमार के साथ उनकी केमिस्ट्री हमेशा सुपरहिट रही है और आने वाले समय में वे भूत बंगला 10 अप्रैल 2026 और मल्टी-स्टारर फिल्म वेलकम टू द जंगल 26 जून 2026 में कॉमेडी का तड़का लगाते दिखेंगे। इसके अलावा विवश टैक्सी में भूत है और सामाजिक मुद्दे पर आधारित फिल्म काम चालू है जैसी फिल्में भी कतार में हैं।

वर्तमान में जब राजपाल तिहाड़ जेल में हैं फिल्म जगत के उनके साथी जैसे सोनू सूद और गुरमीत चौधरी उनके समर्थन में आगे आए हैं। राजनीतिक गलियारों से तेज प्रताप यादव ने भी उनकी मदद का हाथ बढ़ाया है। फैंस को उम्मीद है कि वह जल्द ही इन कानूनी उलझनों से बाहर निकलेंगे और अपनी कॉमेडी से एक बार फिर सिनेमाघरों में हंसी के ठहाके गूंजने पर मजबूर कर देंगे।