‘संकट’ का डर दिखाकर रचा पूरा खेल
भदभदा खमरिया रोड निवासी मालती प्रजापति ने 17 अप्रैल को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति बाबा के वेश में घर आया और उनके पति पर संकट आने की बात कहकर डराया।
आरोपी ने पूजा का झांसा देते हुए मंगलसूत्र रुमाल में रखने को कहा। महिला जैसे ही पूजा में व्यस्त हुई, वह रुमाल लेकर फरार हो गया। बाद में जब रुमाल खोला गया, तो मंगलसूत्र गायब मिला।
एक और वारदात का भी किया खुलासा
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि इसी तरह की ठगी 8 अप्रैल को धाऊ गांव में भी हुई थी, जहां हेमलता पटेल के साथ भी आरोपी ने यही तरीका अपनाया था।
दोनों मामलों को जोड़ते हुए पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज की और टीमों को सक्रिय किया।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी, आरोपी गिरफ्तार
सोमवार को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी बेरखेड़ी के पास देखा गया है। इस पर पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से घेराबंदी की और आरोपी बालमुकुंद उर्फ हलुआ को गिरफ्तार कर लिया।
सोने-चांदी के गहने बरामद
थाने लाकर पूछताछ करने पर आरोपी ने दोनों वारदातें कबूल कर लीं। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने बड़ी मात्रा में गहने जब्त किए हैं, जिनमें 36 सोने के गुरिया, 2 सोने के पेंडल, 10 इलायची आकार के सोने के दाने, पायल और सोने की चेन शामिल हैं।
जैसीनगर थाना प्रभारी शशिकांत गुर्जर के अनुसार, आरोपी से पूछताछ जारी है और आशंका है कि वह इस तरह की और भी ठगी की घटनाओं में शामिल रहा है। पुलिस अब उसके आपराधिक रिकॉर्ड और नेटवर्क की जांच कर रही है।
सतर्क रहें: ऐसे झांसे से बचें
इस तरह के मामलों में पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी अजनबी बाबा या साधु के बहकावे में न आएं और घर में कीमती सामान देने से पहले सतर्क रहें।
