Author: bharati

  • डीजल बचाने के चक्कर में बेकाबू हुआ कंटेनर, डिवाइडर तोड़ बाइक पर पलटा; बिजली कर्मचारी की मौत, पत्नी-बेटा घायल

    डीजल बचाने के चक्कर में बेकाबू हुआ कंटेनर, डिवाइडर तोड़ बाइक पर पलटा; बिजली कर्मचारी की मौत, पत्नी-बेटा घायल


    नर्मदापुरम । बैतूल-नागपुर फोरलेन पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में नर्मदापुरम के 38 वर्षीय बिजली कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उनकी पत्नी और सात वर्षीय बेटा घायल हो गए। हादसा ग्राम झिटापाटी जोड़ के पास सुबह करीब 10.30 बजे हुआ जब तेज रफ्तार कंटेनर ढलान पर बेकाबू होकर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में जा पलटा और सामने से आ रही बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।

    पुलिस के मुताबिक नर्मदापुरम निवासी विकास झरबड़े अपनी पत्नी मीनाक्षी 34 और बेटे दिवांश 7 के साथ बाइक से मोहरखेड़ा गांव जा रहे थे। परिवार वहां एक रिश्तेदार के तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निकला था। इसी दौरान चेन्नई से आठ कार लेकर कोटा जा रहा एक कंटेनर झिटापाटी जोड़ के पास घाट क्षेत्र में अनियंत्रित हो गया। बताया जा रहा है कि कंटेनर चालक डीजल बचाने के उद्देश्य से वाहन को न्यूट्रल में डालकर ढलान में उतार रहा था। ढलान पर अचानक वाहन की रफ्तार तेज हो गई और चालक कंटेनर पर से नियंत्रण खो बैठा।

    तेज रफ्तार कंटेनर करीब दस डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में पहुंच गया और पलट गया। इसी समय सामने से आ रही विकास झरबड़े की बाइक कंटेनर की चपेट में आ गई। भारी कंटेनर के नीचे दबकर बाइक पूरी तरह चकनाचूर हो गई और विकास झरबड़े की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उनकी पत्नी मीनाक्षी और बेटा दिवांश गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें तत्काल स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।

    हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। कंटेनर के टैंक से डीजल रिसने लगा था जिससे आग लगने का खतरा पैदा हो गया था। स्थिति को देखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और फायर ब्रिगेड की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। सुरक्षा के इंतजाम करते हुए क्रेन की मदद से पलटे कंटेनर को हटाया गया। इस दौरान करीब दो घंटे तक फोरलेन पर यातायात बाधित रहा और वाहनों की लंबी कतार लग गई।

    थाना प्रभारी अंजना धुर्वे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कंटेनर चालक घाट क्षेत्र में वाहन को न्यूट्रल में डालकर उतार रहा था जिससे ढलान में वाहन की गति अचानक बढ़ गई और चालक नियंत्रण खो बैठा। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है वहीं मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

  • जश्न के बीच हुड़दंग: शाजापुर में मस्जिद के पास सुतली बम, देवास में CSP समेत दो पुलिसकर्मी घायल

    जश्न के बीच हुड़दंग: शाजापुर में मस्जिद के पास सुतली बम, देवास में CSP समेत दो पुलिसकर्मी घायल


    शाजापुर । टीम इंडिया की जीत का जश्न जहां पूरे प्रदेश में उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया वहीं कुछ स्थानों पर यह खुशी हुड़दंग और विवाद का कारण भी बन गई। मध्यप्रदेश के शाजापुर और देवास में जश्न के दौरान हुई घटनाओं ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। शाजापुर में मस्जिद के पास सुतली बम फेंकने से तनाव की स्थिति बन गई जबकि देवास में पटाखों की चपेट में आने से सीएसपी समेत दो पुलिसकर्मी घायल हो गए।

    शाजापुर जिले में रविवार रात भारत के टी 20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद बड़ी संख्या में युवक बाइक रैली निकालकर जश्न मना रहे थे। इसी दौरान कुछ बाइक सवार युवक किला रोड क्षेत्र से गुजर रहे थे। आरोप है कि इसी बीच किसी युवक ने पीपलपत्ता मस्जिद के पास सुतली बम फेंक दिया। बम के फूटते ही नाली का कीचड़ उछलकर मस्जिद की दीवार पर फैल गया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और देखते ही देखते बड़ी संख्या में समाजजन वहां इकट्ठा हो गए।

    घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है। फुटेज में कई बाइक सवार युवक जश्न मनाते हुए दिखाई दे रहे हैं और उसी दौरान एक युवक बम फेंकते हुए नजर आ रहा है। घटना के बाद पीपलपत्ता मस्जिद कमेटी ने कोतवाली थाने में लिखित आवेदन देकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

    वहीं दूसरी ओर देवास में भी जश्न के दौरान हुड़दंग की घटना सामने आई। शहर के सयाजी द्वार क्षेत्र में भारतीय टीम की जीत का जश्न मनाया जा रहा था। इस दौरान कुछ युवकों ने पटाखे एक दूसरे पर फेंकना शुरू कर दिया जिससे स्थिति बेकाबू हो गई। इसी बीच जलते हुए बम पुलिसकर्मियों के पास जाकर फूट गए।

    इस घटना में देवास के सीएसपी सुमित अग्रवाल समेत दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायल पुलिसकर्मियों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर सख्ती दिखाई और हुड़दंग कर रहे लोगों को वहां से हटाया।

    पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जीत का जश्न शांतिपूर्ण तरीके से मनाया जाना चाहिए लेकिन कुछ लोगों की लापरवाही और हुड़दंग के कारण ऐसी घटनाएं सामने आती हैं। दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

  • टीम इंडिया की जीत से इंदौर-उज्जैन झूमे: राजवाड़ा से टॉवर चौक तक तिरंगा, आतिशबाजी और जश्न की गूंज

    टीम इंडिया की जीत से इंदौर-उज्जैन झूमे: राजवाड़ा से टॉवर चौक तक तिरंगा, आतिशबाजी और जश्न की गूंज


    नई दिल्ली । टीम इंडिया की ऐतिहासिक जीत ने मध्यप्रदेश के इंदौर और उज्जैन में उत्साह की लहर दौड़ा दी। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए टी20 फाइनल में भारत की शानदार जीत के बाद दोनों शहरों में देर रात तक जश्न का माहौल बना रहा। क्रिकेट प्रेमियों ने सड़कों पर उतरकर तिरंगा लहराया आतिशबाजी की और ढोल ताशों की थाप पर नाचते गाते अपनी खुशी का इजहार किया।

    इंदौर में जीत की खुशी का सबसे बड़ा नजारा शहर के ऐतिहासिक राजवाड़ा क्षेत्र में देखने को मिला। जैसे ही मैच खत्म हुआ और भारत की जीत की घोषणा हुई बड़ी संख्या में युवा और क्रिकेट प्रेमी राजवाड़ा पहुंच गए। हाथों में तिरंगा लिए युवाओं की टोलियां भारत माता की जय और इंडिया इंडिया के नारों के साथ सड़कों पर उतर आईं। पूरे क्षेत्र में पटाखों की गूंज सुनाई देने लगी और आसमान रंग बिरंगी रोशनी से जगमगा उठा। कई स्थानों पर लोगों ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर इस ऐतिहासिक जीत की खुशी साझा की। ढोल ताशों की धुन पर युवा देर रात तक नाचते रहे और शहर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।

    इधर बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में भी रविवार का दिन खुशियों की त्रिवेणी लेकर आया। सुबह से ही शहर में रंगपंचमी का उल्लास छाया हुआ था वहीं दोपहर में नारी शक्ति सम्मान के कार्यक्रमों ने उत्सव के माहौल को और भी खास बना दिया। दिनभर के उत्सव के बाद रात को असली रोमांच तब शुरू हुआ जब टीम इंडिया ने फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को करारी शिकस्त दी।

    जैसे जैसे भारतीय टीम जीत के करीब पहुंचती गई वैसे वैसे शहरवासियों की धड़कनें भी तेज होती गईं। मैच खत्म होने से पहले ही उज्जैन के टॉवर चौक पर लोगों की भीड़ जुटने लगी थी। जैसे ही भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों के बड़े अंतर से हराकर तीसरी बार टी20 विश्व कप पर कब्जा जमाया वैसे ही पूरा शहर खुशी से झूम उठा। टॉवर चौक पर हजारों लोग इकट्ठा हो गए और जमकर आतिशबाजी की। पूरा आसमान दूधिया रोशनी और पटाखों की चमक से जगमगा उठा जिससे माहौल दीपावली जैसा दिखाई देने लगा।

    लोगों ने भारत माता की जय इंडिया इंडिया और बूम बूम बुमराह के नारों से माहौल को गुंजायमान कर दिया। युवाओं ने तिरंगा लहराते हुए सड़कों पर जुलूस निकाले और देर रात तक जीत का जश्न मनाया। शहरवासियों का कहना था कि एक ही दिन में रंगपंचमी का उत्सव नारी शक्ति का सम्मान और टीम इंडिया की ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाना किसी यादगार संयोग से कम नहीं है।

    क्रिकेट प्रेमियों ने इस जीत को भारतीय क्रिकेट के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि टीम इंडिया ने खिताब का सफल बचाव कर देश को एक और ऐतिहासिक उपलब्धि दी है। यही कारण है कि इंदौर और उज्जैन सहित पूरे प्रदेश में जीत की यह खुशी देर रात तक सड़कों पर दिखाई देती रही और हर तरफ तिरंगा आतिशबाजी और देशभक्ति के नारों की गूंज सुनाई देती रही।

  • OTT पर मनोरंजन की बहार: 9 से 15 मार्च के बीच 22 नई फिल्में और सीरीज देंगी धमाकेदार एंटरटेनमेंट

    OTT पर मनोरंजन की बहार: 9 से 15 मार्च के बीच 22 नई फिल्में और सीरीज देंगी धमाकेदार एंटरटेनमेंट


    नई दिल्ली । मार्च के दूसरे हफ्ते में ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर मनोरंजन का जबरदस्त तड़का लगने वाला है। 9 मार्च से 15 मार्च 2026 के बीच नेटफ्लिक्स जियोहॉटस्टार अमेजन प्राइम वीडियो जी5 और अन्य प्लेटफॉर्म्स पर कुल 22 फिल्में और वेब सीरीज रिलीज होने जा रही हैं। इस हफ्ते दर्शकों को एक्शन रोमांस थ्रिलर कॉमेडी और फैमिली ड्रामा का शानदार मिश्रण देखने को मिलेगा। ऐसे में जो लोग वीकेंड पर घर बैठकर फिल्में और सीरीज देखने का शौक रखते हैं उनके लिए यह सप्ताह खास रहने वाला है।

    9 मार्च को जियोहॉटस्टार पर कई दिलचस्प कंटेंट रिलीज हो रहे हैं। इनमें कॉमेडी सीरीज रूस्टर खास चर्चा में है जिसके जरिए स्टीव कैरेल लंबे समय बाद टीवी कॉमेडी में वापसी कर रहे हैं। इसके अलावा मुनव्वर फारुकी और श्रेया कालरा के लोकप्रिय रियलिटी शो द सोसाइटी का दूसरा सीजन भी इसी दिन से शुरू हो रहा है। वहीं मशहूर सिंगर हैरी स्टाइल्स के शानदार कॉन्सर्ट पर आधारित एक खास प्रस्तुति भी दर्शकों को देखने को मिलेगी।

    10 मार्च को नेटफ्लिक्स पर चर्चित सीरीज वन पीस लाइव एक्शन का दूसरा सीजन रिलीज होगा। पहले सीजन में लुफी अपनी टीम बना चुका था और अब नए सीजन में वह अपने साथियों के साथ ग्रैंड लाइन में प्रवेश करने की कोशिश करता नजर आएगा। रोमांच और एडवेंचर से भरी यह कहानी दर्शकों को फिर से एक नई दुनिया में ले जाएगी।

    11 मार्च को अमेजन एमएक्स प्लेयर पर राजनीतिक ड्रामा संकल्प रिलीज होगी। इसमें नाना पाटेकर एक ऐसे नेता की भूमिका निभा रहे हैं जो व्यवस्था में बदलाव लाने का संकल्प लेता है लेकिन भ्रष्ट सिस्टम और उसके अपने अतीत के रहस्य उसके रास्ते में बड़ी चुनौती बन जाते हैं। प्रकाश झा के साथ उनका यह प्रोजेक्ट काफी चर्चा में है।

    12 मार्च को नेटफ्लिक्स पर ट्रैवल डॉक्यूमेंट्री सीरीज मेड इन कोरिया रिलीज होगी जिसमें कोरिया के मशहूर खाने फैशन स्किनकेयर और वहां की संस्कृति को करीब से दिखाया जाएगा। इसी दिन लोकप्रिय रोमांटिक ड्रामा वर्जिन रिवर का सातवां सीजन भी आएगा जिसमें मेल और उसके पिता एवरेट रीड के रिश्ते की कहानी को और गहराई से दिखाया जाएगा। इसके अलावा गुजराती फिल्म नानखटाई हैदराबादी संस्कृति पर आधारित फिल्म नवाब कैफे भी अपने अलग अंदाज में दर्शकों का मनोरंजन करेंगी।

    13 मार्च को कई बड़ी रिलीज देखने को मिलेंगी। अमेजन प्राइम वीडियो पर युवाओं की पसंदीदा सीरीज एस्पिरेंट्स का तीसरा सीजन आएगा जिसमें अभिलाष और संदीप भैया के बीच टकराव की कहानी आगे बढ़ेगी। वहीं जियोहॉटस्टार पर जूटोपिया 2 रिलीज होगी जिसमें जुडी हॉप्स और निक वाइल्ड एक नए अपराधी का पीछा करते नजर आएंगे। इसी दिन जी5 पर एक्शन ड्रामा लैंडलॉर्ड मॉडर्न रोमांटिक कॉमेडी पूकी फैमिली ड्रामा नांगल कुकिंग ड्रीम पर आधारित सीरीज रिसॉर्ट और कॉमेडी ड्रामा फंकी भी रिलीज होंगे।

    साथ ही शादीशुदा जिंदगी की मजेदार समस्याओं पर आधारित फिल्म भारत महासयुलाकु विग्न्याप्ति भी दर्शकों को हंसाने के लिए तैयार है।14 मार्च को जी5 पर रोमांटिक थ्रिलर अंधा प्यार 2.0 रिलीज होगी जिसमें एक प्रेमी जोड़े की कहानी है जो एक दूसरे के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं लेकिन उनके अतीत का एक रहस्य उनकी जिंदगी को बदल देता है।

    वहीं 15 मार्च को जियोहॉटस्टार पर कई नई सीरीज रिलीज होंगी जिनमें मैड फॉर इच अदर द फैमिली मैकमुलन और द मैडिसन शामिल हैं। खासतौर पर द मैडिसन में मिशेल फिफर न्यूयॉर्क की चकाचौंध भरी जिंदगी छोड़कर मोंटाना की शांत वादियों में नई शुरुआत करती नजर आएंगी।कुल मिलाकर यह हफ्ता ओटीटी दर्शकों के लिए बेहद खास रहने वाला है। अलग अलग भाषाओं और जॉनर की इन फिल्मों और सीरीज के साथ मनोरंजन का पूरा पैकेज मिलने वाला है।

  • 11 मार्च से गुरु होंगे मार्गी, धनु-मीन और कर्क राशि के लिए खुलेंगे सफलता के नए द्वार

    11 मार्च से गुरु होंगे मार्गी, धनु-मीन और कर्क राशि के लिए खुलेंगे सफलता के नए द्वार


    नई दिल्ली । वैदिक ज्योतिष में देवगुरु बृहस्पति को ज्ञान, सौभाग्य, समृद्धि और वैवाहिक सुख का कारक ग्रह माना जाता है। जब भी गुरु अपनी चाल बदलते हैं तो उसका असर सभी राशियों के जीवन पर अलग-अलग रूप में दिखाई देता है। इसी क्रम में 11 मार्च 2026 को बृहस्पति अपनी वक्री चाल को समाप्त कर मार्गी होने जा रहे हैं। ज्योतिष शास्त्र में गुरु का मार्गी होना बेहद शुभ माना जाता है, क्योंकि इससे जीवन के कई क्षेत्रों में सकारात्मक परिवर्तन आने की संभावना बढ़ जाती है। खासतौर पर तीन राशियों के लिए यह खगोलीय परिवर्तन विशेष रूप से लाभकारी माना जा रहा है।

    ज्योतिषियों के अनुसार गुरु की सीधी चाल से करियर, शिक्षा, धन और पारिवारिक जीवन में नई संभावनाएं बनती हैं। इस बार गुरु का मार्गी गोचर विशेष रूप से धनु, मीन और कर्क राशि के जातकों के लिए काफी शुभ संकेत दे रहा है। इन राशियों के लोगों के जीवन में लंबे समय से चल रही बाधाएं दूर हो सकती हैं और नई उपलब्धियों के रास्ते खुल सकते हैं।

    सबसे पहले बात करें धनु राशि की, तो इस राशि के स्वामी स्वयं गुरु ग्रह हैं। ऐसे में गुरु का मार्गी होना धनु राशि के जातकों के लिए विशेष रूप से लाभकारी साबित हो सकता है। 11 मार्च के बाद से रुके हुए कार्यों में तेजी आने की संभावना है। नौकरीपेशा लोगों को पदोन्नति या नई जिम्मेदारियां मिल सकती हैं। जो छात्र प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं, उन्हें उनकी मेहनत का सकारात्मक परिणाम मिल सकता है। आर्थिक दृष्टि से भी यह समय मजबूत रहने वाला है और आय के नए स्रोत बनने के योग बन सकते हैं। प्रेम संबंधों में मधुरता आएगी और जीवनसाथी के साथ रिश्ते पहले से अधिक मजबूत हो सकते हैं।

    मीन राशि के जातकों के लिए भी गुरु का मार्गी होना भाग्य में बड़ा बदलाव ला सकता है। चूंकि इस राशि के स्वामी भी गुरु ग्रह ही हैं, इसलिए इसका प्रभाव अधिक सकारात्मक हो सकता है। रोजगार की तलाश कर रहे लोगों को अच्छे अवसर मिल सकते हैं और करियर में नई दिशा मिल सकती है। कार्यस्थल पर आ रही समस्याओं को सुलझाने में वरिष्ठों और अनुभवी लोगों का मार्गदर्शन काफी मददगार साबित होगा। यदि किसी ने पहले से निवेश कर रखा है तो इस दौरान लाभ मिलने की संभावना है। विवाह योग्य लोगों के लिए अच्छे रिश्ते आने के योग बन सकते हैं और पारिवारिक माहौल भी खुशहाल रहेगा।

    वहीं कर्क राशि के जातकों के लिए भी गुरु का मार्गी होना शुभ फल देने वाला माना जा रहा है। इस दौरान उनके व्यक्तित्व में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल सकता है और समाज में मान-सम्मान बढ़ सकता है। व्यापार से जुड़े लोगों के लिए यह समय विस्तार और नई योजनाओं को सफल बनाने वाला हो सकता है। कार्यस्थल पर आपकी मेहनत और कार्यक्षमता की सराहना होगी। लंबे समय से अटके हुए काम पूरे होने के योग बनेंगे। आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, जिससे घर में सुख-सुविधाओं में वृद्धि हो सकती है। परिवार में मांगलिक कार्यों के आयोजन की संभावना भी बन सकती है और जीवनसाथी का पूरा सहयोग मिलेगा।

    ज्योतिष के अनुसार गुरु का यह मार्गी गोचर कई लोगों के जीवन में नई उम्मीद और सकारात्मक ऊर्जा लेकर आ सकता है। हालांकि किसी भी ग्रह के प्रभाव का सटीक परिणाम व्यक्ति की जन्म कुंडली और ग्रह स्थितियों पर भी निर्भर करता है, फिर भी इन तीन राशियों के लिए यह समय विशेष रूप से शुभ माना जा रहा है।

  • गोलमाल 5 में अक्षय कुमार की धमाकेदार एंट्री! अजय देवगन के सामने निभा सकते हैं विलेन का किरदार

    गोलमाल 5 में अक्षय कुमार की धमाकेदार एंट्री! अजय देवगन के सामने निभा सकते हैं विलेन का किरदार


    नई दिल्ली । बॉलीवुड की लोकप्रिय कॉमेडी फ्रेंचाइजी Golmaal की अगली किस्त Golmaal 5 को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्साह बना हुआ है। लंबे समय से फैंस इस फिल्म के ऐलान और नई अपडेट्स का इंतजार कर रहे हैं। अब फिल्म से जुड़ी एक दिलचस्प खबर सामने आई है, जिसके अनुसार बॉलीवुड के ‘खिलाड़ी’ अक्षय कुमार इस फिल्म में अहम भूमिका निभाते नजर आ सकते हैं।

    मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के निर्देशक रोहित शेट्टी ने अक्षय कुमार को फिल्म की कहानी सुनाई, जो उन्हें काफी पसंद आई। यही वजह है कि अभिनेता ने बिना देर किए इस फिल्म के लिए हामी भर दी। खास बात यह है कि इस बार अक्षय कुमार फिल्म में पारंपरिक हीरो की बजाय एक दिलचस्प विलेन के किरदार में दिखाई दे सकते हैं। बताया जा रहा है कि उनका रोल भले ही सीमित दिनों की शूटिंग वाला होगा, लेकिन कहानी में काफी प्रभावशाली होगा। खबरों के अनुसार, अक्षय कुमार इस फिल्म की शूटिंग करीब 18 दिनों में पूरी करेंगे।

    इस फिल्म की एक और खास बात यह होगी कि इसमें अक्षय कुमार और अजय देवगन लंबे समय बाद बड़े पर्दे पर एक साथ नजर आएंगे। दोनों सुपरस्टार्स की जोड़ी को दर्शक हमेशा पसंद करते आए हैं। हालांकि हाल के वर्षों में दोनों कलाकारों ने एक साथ कैमियो जरूर किया है। सूर्यवंशी और सिम्बा में दोनों की झलक देखने को मिली थी, लेकिन किसी फिल्म में उनकी पूरी मौजूदगी काफी समय बाद देखने को मिल सकती है।

    बताया जा रहा है कि गोलमाल 5 में अजय देवगन और अक्षय कुमार के बीच की केमिस्ट्री बेहद मजेदार होगी। फिल्म में दोनों के किरदारों के बीच टॉम एंड जैरी जैसी नोकझोंक और हल्की-फुल्की टक्कर देखने को मिल सकती है, जो दर्शकों को खूब गुदगुदाएगी। यही वजह है कि फैंस इस खबर के सामने आने के बाद से काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं।

    फिल्म की स्टारकास्ट की बात करें तो फ्रेंचाइजी के पुराने और पसंदीदा कलाकार भी एक बार फिर दर्शकों को हंसाने के लिए तैयार हैं। इसमें शरमन जोशी, कुणाल खेमू, तुषार कपूर और अरशद वारसी जैसे कलाकार शामिल होंगे, जिन्होंने पिछले हिस्सों में अपनी कॉमिक टाइमिंग से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया था।

    रोहित शेट्टी की फिल्मों की पहचान हाई-एनर्जी एक्शन, शानदार लोकेशन्स और जबरदस्त कॉमिक टाइमिंग से होती है। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि गोलमाल 5 भी दर्शकों के लिए फुल एंटरटेनमेंट पैकेज साबित होगी। रिपोर्ट्स के अनुसार, यह फिल्म साल 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज हो सकती है।

    अगर अक्षय कुमार सच में इस फिल्म में विलेन की भूमिका निभाते हैं, तो यह दर्शकों के लिए एक नया और रोमांचक अनुभव होगा। वहीं अजय देवगन और अक्षय कुमार की जोड़ी को फिर से बड़े पर्दे पर देखने का मौका मिलना भी फैंस के लिए किसी सरप्राइज से कम नहीं होगा।

  • बंगाल में पकड़े गए बांग्लादेश के दो आरोपी, युवा नेता हादी की हत्या में बताए जा रहे शामिल

    बंगाल में पकड़े गए बांग्लादेश के दो आरोपी, युवा नेता हादी की हत्या में बताए जा रहे शामिल


    कोलकाता। पश्चिम बंगाल में सीमा के पास पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। इन पर बांग्लादेश के युवा नेता और सामाजिक कार्यकर्ता शरिफ उस्मान हादी की हत्या में शामिल होने का आरोप है।

    पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने बोंगांव सीमा क्षेत्र में छापेमारी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक आरोपी भारत में छिपे हुए थे और मौका मिलते ही वापस बांग्लादेश भागने की योजना बना रहे थे।

    गुप्त सूचना के बाद हुई कार्रवाई

    पुलिस को सूचना मिली थी कि बांग्लादेश में गंभीर अपराध करने के बाद दो लोग अवैध रूप से भारत में दाखिल हुए हैं। इसके बाद STF ने बोंगांव इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया।

    7 और 8 मार्च की रात छापेमारी कर दोनों संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया गया। उनकी पहचान राहुल उर्फ फैसल करीम मसूद और आलमगीर हुसैन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों पर हत्या और वसूली जैसे गंभीर अपराधों में शामिल होने के आरोप हैं।

    मेघालय सीमा से भारत में घुसे

    जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी मेघालय सीमा के रास्ते अवैध रूप से भारत में दाखिल हुए थे। इसके बाद वे अलग-अलग जगहों पर घूमते रहे और अंत में पश्चिम बंगाल के बोंगांव इलाके में पहुंच गए।

    पुलिस को शक है कि वे कुछ समय तक सीमा के पास छिपे रहने के बाद फिर से बांग्लादेश भागने की योजना बना रहे थे।

    ढाका में हुई थी गोली मारकर हत्या

    जानकारी के अनुसार 12 दिसंबर को ढाका के बिजयनगर इलाके में शरिफ उस्मान हादी पर उस समय हमला किया गया था जब वह रिक्शा से यात्रा कर रहे थे। हमलावरों ने करीब से गोली चलाई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

    बेहतर इलाज के लिए 15 दिसंबर को उन्हें एयर एंबुलेंस से सिंगापुर भेजा गया, लेकिन 18 दिसंबर को उनकी मौत हो गई।

    हत्या के बाद ढाका में प्रदर्शन

    हादी की मौत के बाद ढाका में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए थे। उनके समर्थकों ने सड़कों पर उतरकर न्याय की मांग की थी। उस समय मोहम्मद यूनुस ने इस घटना के बाद राष्ट्रीय शोक दिवस घोषित किया था।

    बताया जाता है कि हादी को फरवरी 2026 के राष्ट्रीय चुनाव में ढाका-8 सीट से संभावित उम्मीदवार माना जा रहा था।

    आगे की जांच जारी

    पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि हत्या की साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल थे और भारत में आने के बाद आरोपियों ने किन लोगों से संपर्क किया।

  • T20 World Cup 2026: टीम इंडिया को चैंपियन बनने पर मिले इतने करोड़, कीवी टीम भी मालामाल

    T20 World Cup 2026: टीम इंडिया को चैंपियन बनने पर मिले इतने करोड़, कीवी टीम भी मालामाल


    नई दिल्‍ली । टी20 विश्व कप 2026 में भारत ने अपने घर में खिताब जीतकर इतिहास रचा। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 8 मार्च की शाम खेले गए फाइनल में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराया। भारत ने 20 ओवर में 255 रन बनाकर कीवी टीम के लिए चुनौती तय की, जिसे न्यूजीलैंड केवल 159 रन तक ही पार कर सकी। इस जीत के साथ टीम इंडिया तीसरी बार टी20 विश्व कप की ट्रॉफी जीतने में सफल रही और अब सबसे ज्यादा खिताब जीतने वाला देश बन गया।

    ICC का रिकॉर्ड प्राइज पूल

    टी20 विश्व कप 2026 के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने कुल 13.5 मिलियन डॉलर यानी लगभग 123.77 करोड़ रुपये का प्राइज पूल तय किया। यह 2024 की तुलना में लगभग 20 प्रतिशत ज्यादा है। पिछली बार भी टीम इंडिया चैंपियन बनी थी, तब उसे 2.45 मिलियन डॉलर और फाइनल में हारने वाली दक्षिण अफ्रीका को 1.28 मिलियन डॉलर मिले थे। इस बार टीम इंडिया को इससे भी ज्यादा राशि दी गई।

    विजेता टीम इंडिया की कमाई

    चैंपियन बनने के नाते टीम इंडिया को 3 मिलियन अमेरिकी डॉलर (लगभग 27.48 करोड़ रुपये) की प्राइज मनी मिली। यह ऐतिहासिक जीत न सिर्फ क्रिकेट के रिकॉर्ड में दर्ज हुई, बल्कि वित्तीय रूप से भी टीम के लिए एक बड़ी सफलता रही।

    फाइनल हारने वाली न्यूजीलैंड की कमाई

    फाइनल में हारने के बावजूद न्यूजीलैंड की टीम भी मालामाल हुई। रनर-अप टीम को 1.6 मिलियन डॉलर यानी लगभग 14.65 करोड़ रुपये मिले।

    सेमीफाइनल में हारने वाली टीमों की प्राइज मनी

    सेमीफाइनल में जगह बनाने वाली लेकिन फाइनल में नहीं पहुंच सकने वाली साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड को 790,000 डॉलर (लगभग 7.24 करोड़ रुपये) की राशि दी गई।

    सुपर 8 स्टेज की टीमों को पुरस्कार

    सुपर 8 स्टेज तक पहुंचकर सेमीफाइनल में जगह न बना पाने वाली टीमों को 380,000 डॉलर (करीब 3.48 करोड़ रुपये) की प्राइज मनी मिली। इसमें जिम्बाब्वे, वेस्टइंडीज, पाकिस्तान और श्रीलंका शामिल हैं।

    ग्रुप स्टेज की टीमों को प्राइज

    ग्रुप स्टेज में हिस्सा लेने वाली सभी टीमों को भी 250,000 डॉलर (लगभग 2.29 करोड़ रुपये) की गारंटीड प्राइज मनी दी गई।

  • ईरान के समर्थन पर सियासी घमासान: केरल CM के बयान से BJP नाराज

    ईरान के समर्थन पर सियासी घमासान: केरल CM के बयान से BJP नाराज


    नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव का असर अब भारत की राजनीति पर भी दिखाई देने लगा है। केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन द्वारा ईरान के समर्थन में दिए गए बयान को लेकर भाजपा ने कड़ा विरोध जताया है।

    भाजपा का आरोप है कि मुख्यमंत्री का बयान “तुष्टीकरण की राजनीति” से प्रेरित है।

    भाजपा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में साधा निशाना

    राजधानी तिरुवनंतपुरम में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए केरल भाजपा अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने मुख्यमंत्री विजयन के बयान की आलोचना की।

    उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ईरान पर हुए हमलों की तो आलोचना कर रहे हैं, लेकिन ईरान द्वारा Gulf Cooperation Council के सदस्य देशों पर किए जा रहे हमलों पर चुप हैं।

    चंद्रशेखर ने कहा कि इन खाड़ी देशों में बड़ी संख्या में मलयाली लोग रहते हैं, इसलिए राज्य सरकार को उनकी सुरक्षा को भी ध्यान में रखना चाहिए।

    ‘केवल ईरान के बारे में ही क्यों बोल रहे हैं?’

    भाजपा नेता ने मुख्यमंत्री से सवाल करते हुए कहा,
    “आप सिर्फ ईरान के बारे में ही क्यों बोल रहे हैं? क्या यह आपकी तुष्टीकरण की राजनीति का हिस्सा नहीं है? ईरान द्वारा किए गए हमलों की आप निंदा क्यों नहीं करते?”

    भाजपा का क्या है रुख?

    इस मुद्दे पर भाजपा के रुख को लेकर पूछे गए सवाल पर चंद्रशेखर ने कहा कि भाजपा या केंद्र सरकार ईरान के खिलाफ नहीं है।

    उन्होंने बताया कि नरेंद्र मोदी पहले ही कह चुके हैं कि युद्ध किसी भी समस्या का समाधान नहीं होता और किसी भी विवाद को कूटनीतिक तरीके से सुलझाया जाना चाहिए।

    उन्होंने यह भी कहा कि भारत सरकार ने ही ईरानी जहाज को कोच्चि बंदरगाह पर लंगर डालने की अनुमति दी थी।

    विजयन ने क्या कहा था?

    दरअसल, मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों की आलोचना की थी। उनका कहना था कि इन हमलों का कोई उचित कारण नहीं है और यह अंतरराष्ट्रीय कानूनों का उल्लंघन है।

    उन्होंने यह भी कहा कि कुछ शक्तिशाली देश मिलकर वैश्विक शांति को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की हत्या को अमानवीय और क्रूर बताया और भारत सरकार से इस पर विरोध दर्ज कराने की मांग की थी।

    मुख्यमंत्री के इसी बयान को लेकर अब केरल में सियासी विवाद तेज हो गया है। 

  • राष्ट्रपति प्रोटोकॉल विवाद: ममता बनर्जी का पलटवार, दिखाई पुरानी फोटो

    राष्ट्रपति प्रोटोकॉल विवाद: ममता बनर्जी का पलटवार, दिखाई पुरानी फोटो


    नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कार्यक्रम में प्रोटोकॉल उल्लंघन को लेकर सियासत तेज हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पश्चिम बंगाल सरकार पर राष्ट्रपति के “अपमान” का आरोप लगाए जाने के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पुरानी तस्वीर दिखाकर पलटवार किया।

    कोलकाता में धरना स्थल से ममता बनर्जी ने एक तस्वीर दिखाते हुए दावा किया कि उसमें प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी बैठे हुए हैं, जबकि राष्ट्रपति उनके बगल में खड़ी दिखाई दे रही हैं।

    ‘राष्ट्रपति का अपमान हमारी संस्कृति नहीं’

    ममता बनर्जी ने उस तस्वीर को “सबूत” बताते हुए कहा,
    “इस तस्वीर में प्रधानमंत्री बैठे हैं और राष्ट्रपति खड़ी हैं। हम ऐसा कभी नहीं करते। राष्ट्रपति का अपमान करने की संस्कृति भाजपा की है, हमारी नहीं।”

    उन्होंने कहा कि उनकी सरकार राष्ट्रपति पद और भारत के संविधान का पूरा सम्मान करती है और इस मामले में राज्य सरकार को दोष नहीं दिया जाना चाहिए।

    राष्ट्रपति ने जताई थी नाराजगी

    दरअसल, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शनिवार को बागडोगरा एयरपोर्ट पहुंची थीं, जहां उन्हें एक अंतरराष्ट्रीय आदिवासी सम्मेलन में भाग लेना था। बताया गया कि वहां मुख्यमंत्री या किसी मंत्री के मौजूद न होने पर राष्ट्रपति ने नाराजगी जताई थी।

    उन्होंने सिलीगुड़ी के पास अपने कार्यक्रम स्थल में बदलाव को लेकर भी असंतोष व्यक्त किया था।

    राज्य सरकार ने क्या कहा

    ममता बनर्जी ने सफाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार को राष्ट्रपति के कार्यक्रम की जानकारी नहीं दी गई थी और निजी आयोजकों ने भी उनसे कोई समन्वय नहीं किया।

    उन्होंने यह भी कहा कि कार्यक्रम स्थल पर कथित अव्यवस्था—जैसे गंदगी और महिलाओं के लिए शौचालय की कमी—की जिम्मेदारी आयोजकों और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की है, क्योंकि कार्यक्रम उसी की जमीन पर आयोजित किया गया था।

    भाजपा का आरोप

    इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल सरकार पर हमला तेज करते हुए कहा कि एक महिला आदिवासी नेता और देश की राष्ट्रपति का अपमान किया गया है।

    उन्होंने कहा कि राज्य की जागरूक जनता इस घटना को कभी माफ नहीं करेगी। प्रधानमंत्री ने यह बात दिल्ली में दिल्ली मेट्रो के दो नए कॉरिडोर और अन्य परियोजनाओं के उद्घाटन के बाद कही।

    इस पूरे विवाद के बाद केंद्र और पश्चिम बंगाल सरकार के बीच राजनीतिक टकराव और तेज हो गया है।