Category: Madhya Pradesh

  • MP हाईकोर्ट का कड़ा प्रहार: निजी बाइक और कारों के व्यावसायिक इस्तेमाल पर लगी रोक ओला-उबर और रैपिडो की बढ़ी मुश्किलें

    MP हाईकोर्ट का कड़ा प्रहार: निजी बाइक और कारों के व्यावसायिक इस्तेमाल पर लगी रोक ओला-उबर और रैपिडो की बढ़ी मुश्किलें


    इंदौर : मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर बेंच ने परिवहन नियमों और सुरक्षा मानकों को लेकर एक अत्यंत महत्वपूर्ण और बड़ा फैसला सुनाया है, जिसका असर पूरे प्रदेश की यातायात व्यवस्था और हजारों युवाओं की कमाई पर पड़ना तय है। कोर्ट ने स्पष्ट शब्दों में आदेश जारी किया है कि निजी दो पहिया बाइक और चार पहिया कार वाहनों का पब्लिक ट्रांसपोर्ट के रूप में व्यावसायिक उपयोग पूरी तरह से गैरकानूनी है। हाईकोर्ट का यह फैसला उन एग्रीगेटर कंपनियों के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है जो निजी वाहनों के जरिए टैक्सी सेवाएं संचालित कर रही हैं।

    अदालत ने एक याचिका पर सुनवाई के दौरान पाया कि ओला, उबर और रैपिडो जैसी नामी कंपनियां नियमों को ताक पर रखकर निजी नंबर प्लेट वाली गाड़ियों को कमर्शियल वाहनों की तरह इस्तेमाल कर रही हैं। कोर्ट ने अपनी टिप्पणी में कहा कि ये वाहन बिना किसी वैध कमर्शियल लाइसेंस और अनिवार्य परमिट के यात्रियों को एक जगह से दूसरी जगह ले जा रहे हैं। कानून की नजर में यह न केवल मोटर व्हीकल एक्ट का खुला उल्लंघन है, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा के लिहाज से भी एक गंभीर जोखिम है। कमर्शियल परमिट न होने की स्थिति में दुर्घटना के समय यात्रियों को बीमा और अन्य कानूनी सुरक्षा मिलने में भी बड़ी बाधा आती है।

    हाईकोर्ट ने राज्य सरकार और परिवहन विभाग को इस मामले में कड़ी फटकार लगाते हुए निर्देश दिया है कि कानून का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। कोर्ट ने मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 66 का हवाला देते हुए याद दिलाया कि बिना वैध परमिट के किसी भी निजी वाहन का व्यावसायिक उपयोग दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है। प्रशासन को आदेश दिया गया है कि वे सड़कों पर अवैध रूप से चल रही ऐसी बाइक-टैक्सी सेवाओं पर तत्काल लगाम लगाएं और उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई करें।

    गौरतलब है कि इंदौर, भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर जैसे महानगरों में रैपिडो और ओला जैसी सेवाओं का जाल काफी फैल चुका है। बड़ी संख्या में कॉलेज जाने वाले छात्र और नौकरीपेशा युवा अपनी निजी बाइक के जरिए पार्ट-टाइम काम करके कमाई कर रहे हैं। कम खर्च और ट्रैफिक से बचने के लिए आम जनता भी इन सेवाओं को काफी पसंद करती रही है। लेकिन हाईकोर्ट के इस फैसले के बाद, निजी वाहनों के जरिए यह “पार्ट-टाइम” कमाई अब कानूनी दायरे में अवैध मानी जाएगी।

    विशेषज्ञों का मानना है कि इस आदेश के बाद अब परिवहन विभाग को उन निजी वाहन मालिकों के खिलाफ अभियान चलाना होगा जो ऐप के जरिए सवारियां ढो रहे हैं। अब यदि किसी को टैक्सी सेवा देनी है, तो उसे अनिवार्य रूप से अपने वाहन का कमर्शियल रजिस्ट्रेशन (पीली नंबर प्लेट) कराना होगा और विधिवत परमिट प्राप्त करना होगा। यह फैसला यात्रियों की सुरक्षा और पंजीकृत कमर्शियल टैक्सी चालकों के हितों की रक्षा की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

  • राजधानी भोपाल में पानी और गोमांस का विस्फोट कांग्रेस का ISBT निगम कार्यालय घेराव रावण रूपी पुतला दहन

    राजधानी भोपाल में पानी और गोमांस का विस्फोट कांग्रेस का ISBT निगम कार्यालय घेराव रावण रूपी पुतला दहन


    भोपाल में बीते एक महीने से गोमांस मिलने और गंदे पानी की सप्लाई को लेकर लगातार उठ रहे सवालों के बीच सोमवार 9 फरवरी को कांग्रेस ने बड़ा आंदोलन छेड़ दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ISBT स्थित नगर निगम कार्यालय का घेराव कर नगर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस नेता रविंद्र साहू झूमरवाला ने किया। इस दौरान महापौर मालती राय और एमआईसी सदस्यों को राजधानी की अव्यवस्था का जिम्मेदार ठहराते हुए रावण रूपी पुतला दहन किया गया।

    प्रदर्शन के दौरान माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया। कांग्रेस कार्यकर्ता निगम कार्यालय में प्रवेश करने की कोशिश करते नजर आए जिस पर पुलिस से धक्का मुक्की भी हुई। कार्यकर्ताओं के हाथों में महापौर का 11 सिर वाला बड़ा कटआउट था। इसमें एक सिर महापौर का जबकि शेष दस सिर उन अफसरों और जनप्रतिनिधियों के बताए गए जिन्हें कांग्रेस ने गोमांस और दूषित पानी के संकट का जिम्मेदार बताया।

    कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भोपाल में हालात तेजी से बिगड़ते जा रहे हैं। शहर के कई इलाकों में पानी की सप्लाई में सीवेज मिल रहा है जिससे आम नागरिकों की सेहत खतरे में है। उन्होंने कहा कि जिस तरह इंदौर में दूषित पानी पीने से 33 लोगों की मौत हो चुकी है उसी तरह भोपाल में भी गंभीर खतरा मंडरा रहा है। कई इलाकों में सीवेज और पानी की लाइनें साथ साथ बिछी हैं और लीकेज के कारण गंदा पानी सीधे घरों तक पहुंच रहा है।

    कांग्रेस का कहना है कि वार्ड कार्यालयों में होने वाली जल सुनवाई केवल औपचारिकता बनकर रह गई है। लोगों की शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा। कुछ मामलों में तो नाले के पानी को भी पीने योग्य बताकर जनता को गुमराह किया गया। हाल ही में एक मीडिया जांच में वार्ड कर्मचारी द्वारा नाली के पानी को पीने योग्य बताने का मामला सामने आने के बाद भी जिम्मेदार अधिकारियों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

    गोमांस मामले को लेकर भी कांग्रेस ने नगर निगम और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। कांग्रेस नेता रविंद्र साहू ने कहा कि स्लॉटर हाउस में गोमांस मिलने के मामले में केवल छोटे कर्मचारियों को बलि का बकरा बनाया गया है जबकि असली जिम्मेदारों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने दावा किया कि स्लॉटर हाउस से जुड़ा प्रस्ताव खुद एमआईसी की बैठक में पारित हुआ था फिर भी महापौर और एमआईसी सदस्यों को बचाया जा रहा है।

    गोमांस मामले की शुरुआत 24 दिसंबर 2025 को हुई जब जहांगीराबाद थाना प्रभारी मान सिंह चौधरी ने एफआईआर दर्ज की। इसमें 17 दिसंबर को कंटेनर नंबर यूपी 15 जेटी 4286 में मांस मिलने का जिक्र किया गया। 18 दिसंबर को वेटनरी अस्पताल जहांगीराबाद में 265 क्विंटल मांस के सैंपल लिए गए जबकि शेष मांस कंटेनर चालक को सुपुर्द कर दिया गया। बाद में मथुरा की फोरेंसिक लैब जांच में मांस के गोवंशीय होने की पुष्टि हुई।

    इस खुलासे के बाद हिंदूवादी संगठनों ने अरेरा हिल्स थाने के सामने प्रदर्शन किया और पुलिस ने जिंसी स्थित आधुनिक स्लॉटर हाउस में दस्तावेज जब्त किए। कांग्रेस का कहना है कि यह पूरा मामला प्रशासनिक लापरवाही और राजनीतिक संरक्षण का नतीजा है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

  • गुढ़ इंडस्ट्रियल एरिया के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता, 16 करोड़ की जल प्रदाय योजना जल्द पूरी करने के निर्देश

    गुढ़ इंडस्ट्रियल एरिया के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता, 16 करोड़ की जल प्रदाय योजना जल्द पूरी करने के निर्देश


    भोपाल । उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने मंत्रालय में रीवा जिले के गुढ़ स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की और इस क्षेत्र के औद्योगिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के महत्व पर जोर दिया। बैठक में उन्होंने नगर परिषद गुढ़ और औद्योगिक क्षेत्र गुढ़ में चल रही महत्वाकांक्षी जल प्रदाय योजना को शीघ्र क्रियान्वित करने के निर्देश दिए। यह परियोजना 16 करोड़ की लागत से बनाई जा रही है, लेकिन अब तक केवल 7 करोड़ का कार्य ही पूरा हो सका है। उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कहा कि इस योजना को जल्द पूरा किया जाए ताकि नगर परिषद को 5 एमएलडी और औद्योगिक क्षेत्र को 5 एमएलडी जल उपलब्ध हो सके। प्रोजेक्ट के पूरा होने से गुढ़ क्षेत्र की जल प्रदाय व्यवस्था मजबूत होगी और औद्योगिक क्षेत्र के विकास को भी बल मिलेगा।

    उप मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी औद्योगिक क्षेत्र के समुचित विकास के लिए बिजली, पानी, सड़क और ड्रेनेज जैसी मूलभूत सेवाओं का सुदृढ़ होना अनिवार्य है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गुढ़ इंडस्ट्रियल एरिया के विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और बिजली, सड़क, जल एवं अन्य आवश्यक सेवाओं के विस्तार के लिए तत्काल और प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने उच्च अधिकारियों को नियमित समीक्षा करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त न करने का निर्देश दिया।

    उप मुख्यमंत्री ने कहा कि गुढ़ इंडस्ट्रियल एरिया का समग्र विकास न केवल रीवा जिले की औद्योगिक पहचान को मजबूत करेगा, बल्कि इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उद्योगों की स्थापना से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष दोनों प्रकार के रोजगार बढ़ेंगे, जिससे क्षेत्र की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने का निर्देश भी दिया, ताकि विकास कार्यों में तेजी आए और समय पर लक्ष्य हासिल हो सके।

    बैठक में मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम एमपीआईडीसी के प्रबंध संचालक श्री चंद्रमौली शुक्ला सहित विभागीय वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। उप मुख्यमंत्री ने इस क्षेत्र के विकास को लेकर स्पष्ट संदेश दिया कि गुढ़ इंडस्ट्रियल एरिया में कार्यों की गति बढ़ानी होगी और योजनाओं को समय पर पूर्ण करना अनिवार्य है।

  • उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने फायर सेफ्टी को प्राथमिकता देते हुए मेडिकल कॉलेज के मरम्मत कार्य जल्द पूर्ण करने के दिए निर्देश

    उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने फायर सेफ्टी को प्राथमिकता देते हुए मेडिकल कॉलेज के मरम्मत कार्य जल्द पूर्ण करने के दिए निर्देश


    भोपाल । उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने मंत्रालय में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक कर विभागीय योजनाओं, निर्माण कार्यों और मानव संसाधन से जुड़ी प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के कार्यों में समयबद्धता और गुणवत्ता दोनों का ध्यान रखना आवश्यक है, ताकि जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। इसी कड़ी में उन्होंने श्याम शाह मेडिकल कॉलेज, रीवा में फायर सेफ्टी से संबंधित लंबित मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही कॉलेज में आवश्यक नवीन कार्यों की स्वीकृति के लिए सभी औपचारिकताएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने को कहा, ताकि कोई भी सुरक्षा संबंधी चूक न रहे और कॉलेज में सेवाओं का सुचारू संचालन हो सके।

    उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अस्पताल और मेडिकल कॉलेजों में फायर सेफ्टी एक संवेदनशील विषय है और इसे किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जा सकती। उन्होंने निर्देश दिए कि फायर सेफ्टी से जुड़े सभी मुद्दों की सूची तैयार कर, मरम्मत और नवीनीकरण कार्य जल्द से जल्द शुरू किए जाएं। साथ ही, आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता और कार्य की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।

    इसके अलावा उन्होंने 16 जिला चिकित्सालयों और क्रिटिकल केयर हेल्थ ब्लॉकों के लिए आवश्यक पदों की स्वीकृति संबंधी प्रस्ताव को प्राथमिकता से तैयार करने और समस्त औपचारिकताएं पूर्ण कर कैबिनेट अनुमोदन हेतु प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इस संबंध में उन्होंने कहा कि मानव संसाधन की कमी से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता प्रभावित होती है, इसलिए समय रहते पदों की स्वीकृति और भर्ती प्रक्रिया को तेजी से पूरा किया जाना चाहिए।

    उप मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेजों में फर्नीचर और अन्य आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों के साथ-साथ उपकरणों और संसाधनों की उपलब्धता भी महत्वपूर्ण है, ताकि कॉलेजों का संचालन शुरू होते ही मरीजों और छात्रों को सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए और कहा कि किसी भी तरह की देरी स्वास्थ्य सेवा के विस्तार में बाधा बन सकती है।

    बैठक में प्रमुख सचिव लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा श्री संदीप यादव, आयुक्त श्री धनराजु एस सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि सभी योजनाओं और निर्माण कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा होती रहे और समय-समय पर आवश्यक सुधार किए जाएं, ताकि विभागीय लक्ष्य समय पर हासिल हो सकें।

  • कर्नल सोफिया कुरैशी टिप्पणी मामले में सुप्रीम कोर्ट में मंत्री विजय शाह की आज अहम सुनवाई

    कर्नल सोफिया कुरैशी टिप्पणी मामले में सुप्रीम कोर्ट में मंत्री विजय शाह की आज अहम सुनवाई

    भोपाल। मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री विजय शाह द्वारा भारतीय सेना की अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी पर की गई विवादित टिप्पणी से जुड़ा मामला आज सोमवार उच्चतम न्यायालय में सुनवाई के लिए पेश होगा। इस संवेदनशील प्रकरण पर देशभर की निगाहें टिकी हुई हैं, क्योंकि अदालत के समक्ष आज राज्य सरकार को अपना स्पष्ट रुख रखना है कि वह मंत्री के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी देती है या नहीं।


    उल्‍लेखनीय है कि पूरा विवाद मई 2025 में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान दिए गए मंत्री विजय शाह के बयान से शुरू हुआ था। कार्यक्रम में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का जिक्र करते हुए उन्होंने कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर ऐसी टिप्पणी कर दी, जिसे कई लोगों ने अपमानजनक और सांप्रदायिक करार दिया। बयान के सामने आते ही देशभर में तीखी प्रतिक्रिया हुई और विभिन्न सामाजिक संगठनों व राजनीतिक दलों ने इसका विरोध शुरू कर दिया।


    मामले की गंभीरता को देखते हुए मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय ने स्वतः संज्ञान लिया और राज्य पुलिस को मंत्री विजय शाह के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। इसके बाद से यह मामला लगातार न्यायिक प्रक्रिया में बना हुआ है और अब उच्चतम न्यायालय तक पहुंच चुका है। इस दौरान यह मुद्दा राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी चर्चा का केंद्र बना रहा।


    19 जनवरी 2026 को हुई पिछली सुनवाई में उच्चतम न्यायालय ने मध्य प्रदेश सरकार को दो सप्ताह के भीतर यह निर्णय लेने के निर्देश दिए थे कि मंत्री विजय शाह के खिलाफ अभियोजन चलाने की अनुमति दी जाए या नहीं। अदालत ने सरकार से स्पष्ट रुख अपनाते हुए अपना जवाब प्रस्तुत करने को कहा था। आज राज्य सरकार को अपना जवाब दाखिल करना है। आज का दिन मंत्री विजय शाह के राजनीतिक भविष्य के लिहाज से महत्वपूर्ण होगा।

  • भोपाल में गौमांस और दूषित पानी के मुद्दे पर कांग्रेस करेगी निगम के आईएसबीटी स्थित कार्यालय का घेराव

    भोपाल में गौमांस और दूषित पानी के मुद्दे पर कांग्रेस करेगी निगम के आईएसबीटी स्थित कार्यालय का घेराव


    भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में गौमांस बरामदगी और दूषित पानी की सप्लाई को लेकर आज साेमवार काे सियासी और सामाजिक तनाव बढ़ने वाला है। पिछले एक महीने से सुर्खियों में बने इन दोनों गंभीर मुद्दों पर कांग्रेस आज भोपाल नगर निगम के आईएसबीटी स्थित मुख्य कार्यालय का घेराव करेगी। प्रदर्शन के दौरान जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के पुतले दहन के साथ जोरदार नारेबाजी की जाएगी।


    यह प्रदर्शन कांग्रेस नेता रविंद्र साहू झूमरवाला के नेतृत्व में किया जाएगा। कांग्रेस का आरोप है कि नगर निगम और भाजपा सरकार की लापरवाही के कारण शहरवासियों की सेहत और आस्था दोनों के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इंदौर में दूषित पानी पीने से कई लोगों की मौत हो चुकी है और भोपाल में भी हालात चिंताजनक हैं। कई इलाकों में सीवेज और पानी की लाइनें एक-दूसरे के बेहद करीब हैं, जिससे नलों में गंदा पानी आ रहा है। इसके बावजूद वार्ड कार्यालयों में जल सुनवाई सिर्फ औपचारिकता बनकर रह गई है। कांग्रेस ने मांग की है कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो, महापौर और निगम अधिकारियों की भूमिका की जांच कराई जाए और शहरवासियों को साफ पानी उपलब्ध कराया जाए। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
  • उमरिया में सड़क हादसे में बाइक सवार 4 युवक घायल, गंभीर हालत में जबलपुर रेफर

    उमरिया में सड़क हादसे में बाइक सवार 4 युवक घायल, गंभीर हालत में जबलपुर रेफर

    उमरिया। मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में नौरोजाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास रविवार देर रात एक सड़क हादसे में चार युवक गम्भीर रूप से घायल हो गए।


    जानकारी के अनुसार, चारों युवक कहीं से टैंट हाउस का कार्य कर एक ही बाइक में सवार होकर आ रहे थे तभी तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी, जिसमें चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।


    एंबुलेंस के एमटी धर्मेन्द्र साहू ने बताया कि हादसे में शिवम यादव उम्र 48 वर्ष, अनिल कोल उम्र 17 वर्ष, शिव कोल उम्र 31 वर्ष और राजेश यादव उम्र 45 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए। चारों को जिला चिकित्सालय उमरिया पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जबलपुर रिफर कर दिया गया है।


    नौरोजाबाद थाना प्रभारी बालेन्द्र शर्मा ने बताया कि थाने में किसी प्रकार की सूचना प्राप्त नहीं हुई है। हम मामले का पता लगा रहे हैं। हो सकता है कि दुर्घटना के बाद किसी की सूचना पर 108 एंबुलेंस से सीधे जिला अस्पताल ले जाया गया होगा।

  • मध्यप्रदेश पुलिस ने किया एमडी ड्रग्स निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़, 5 करोड़ का एमडी ड्रग्स जब्‍त

    मध्यप्रदेश पुलिस ने किया एमडी ड्रग्स निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़, 5 करोड़ का एमडी ड्रग्स जब्‍त


    भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार सख्त एवं प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी कार्यवाही के परिणामस्वरूप राजगढ़ एवं मंदसौर जिले में की गई दो अलग-अलग बड़ी कार्रवाइयों में पुलिस ने एमडी ड्रग्स निर्माण में प्रयुक्त कैमिकल, मादक पदार्थ एवं उपकरण जप्त की है।

    राजगढ़- लगभग 5 करोड़ रुपये का एमडी ड्रग्स निर्माण में प्रयुक्त 266.9 किलोग्राम कैमिकल जब्त

    दिनांक 07 फरवरी को थाना माचलपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम आदमपुरा के जंगल क्षेत्र में खेत में बनी एक खंती में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा एमडी ड्रग्स (मादक पदार्थ) निर्माण में प्रयुक्त रासायनिक पदार्थ ड्रमों में छिपाकर फेंका गया है।

    सूचना की तस्दीक उपरांत पुलिस टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान खंती से 05 नीले रंग के प्लास्टिक ड्रम बरामद हुए, जिनमें प्लास्टिक पन्नियों में भरा सफेद रंग का क्रिस्टलनुमा कैमिकल पाउडर पाया गया।

    प्रारंभिक परीक्षण एवं विशेषज्ञ अनुभव के आधार पर उक्त पदार्थ एमडी ड्रग्स के निर्माण में प्रयुक्त कैमिकल होना पाया गया। तौल करने पर ड्रमों सहित कुल वजन 266.9 किलोग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत लगभग 05 करोड़ रुपये आंकी गई है।

    बरामद समस्त कैमिकल को विधिवत जप्त कर थाना माचलपुर में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है तथा मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े नेटवर्क की गहन जांच जारी है।

    मंदसौर- गरोठ थाना क्षेत्र में एमडी ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार

    थाना प्रभारी गरोठ एवं उनकी टीम द्वारा मुखबिर सूचना पर ग्राम सुरजना स्थित खेत के कुएं पर दबिश दी गई। दबिश के दौरान मौके पर दो व्यक्ति एमडी ड्रग्स बनाते हुए पाए गए। मोके पर उनके कब्जे से 102 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी, 12 किलो 610 ग्राम एमडी निर्माण में प्रयुक्त केमीकलों का गाढ़ा मिश्रण, 3 किलो 540 ग्राम एमडी निर्माण में सहयोगी पारदर्शी तरल पदार्थ, 680 ग्राम एमडी निर्माण में सहयोगी सफेद केमीकल पाउडर, एक गैस सिलेंडर, एक सेंट्रीफ्यूज मशीन, एक चूल्हा-भट्टी, एक स्टील की थाली, एक स्टील का भगोना, नीले रंग का बिजली कनेक्शन तार, एक अर्थिंग हेतु लोहे का सरिया तथा दो मोबाइल फोन जब्त किए है। आरोपियों के विरुद्ध थाना गरोठ में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

    मध्यप्रदेश पुलिस अवैध मादक पदार्थों के निर्माण, तस्करी एवं वितरण में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई कर रही है। भविष्य में भी इस प्रकार की कार्यवाहियां निरंतर जारी रहेंगी।

  • 1450 किमी लंबा राम वन गमन पथ तैयार कर रही मध्‍य प्रदेश सरकार

    1450 किमी लंबा राम वन गमन पथ तैयार कर रही मध्‍य प्रदेश सरकार

    भोपाल । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि जिन्होंने नि:शब्द रहकर अपनी पुण्य भावनाओं को अमर शब्द दे दिए, ऐसी शबरी मैया को पूरे मध्यप्रदेश की ओर से नमन है, वंदन है। जिनके जूठे बेर खाकर भगवान श्री राम भी भक्तिभाव से धन्य हो गये उस माता शबरी की महिमा कौन नहीं जानता। भगवान को बेर भी भेंट देने से पहले खुद बेर का मीठापन जांच लेना भक्ति का उत्कर्ष है। यह प्रसंग हमें बताता है कि भगवान भक्त की आराधना पद्धति के नहीं, बल्कि उसके मन के भावों के भूखे होते हैं। व्यक्ति का मूल्य उसके हृदय की पवित्रता से तय होता है, जन्म से नहीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोल समाज की कुल देवी शबरी मैया हम सबके लिए सदैव आराध्य हैं, पूजनीय हैं, वंदनीय हैं। उन्होंने अपने चरित्र एवं सत्कर्मों से पूरे वनवासी और जनजातीय समाज का मान बढ़ाया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को शहडोल जिले की ब्यौहारी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गंधिया स्थित सीतामढ़ी धाम में माता शबरी जयंती पर आयोजित जनजातीय हितग्राही सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
    मुख्यमंत्री ने सीतामढ़ी परिसर में शबरी मैया की एक सुंदर प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ग्राम गंधिया से शहडोल जिले के लिए 747 करोड़ 91 लाख रुपए की लागत वाले 139 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि पूजन किया। इसमें 613 करोड़ रुपए से अधिक लागत से 79 कार्यों का लोकार्पण तथा 134 करोड़ रूपए से अधिक लागत के 60 कार्यों का भूमि पूजन शामिल है। मुख्यमंत्री ने यहां विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किए।

    मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जनजातीय वर्ग का समग्र कल्याण हमारी प्राथमिकताओं में है। प्रदेश में पीएम जन-मन योजना के अंतर्गत 98 करोड़ 30 लाख रुपए और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत 401.56 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि पूजन किया जा चुका है। हमारी सरकार ने जनजातीय समाज के नायकों की गौरव गाथाओं को शैक्षिक पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाया है।

    मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि शबरी माता ने बरसों भगवान श्री राम का इंतजार किया। कई साल तक राम का रास्ता निहारती रहीं। रोज अपनी कुटिया की सफाई करती रहीं कि आज नहीं, तो कल राम आएंगे। यह एक भक्त के अपने भगवान पर अटूट विश्वास का परिचायक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्री राम आए, शबरी मैया की भक्ति और स्नेह से अत्यंत भावविभोर हुए और उन्हें नवधा भक्ति का ज्ञान देकर मोक्ष भी प्रदान किया।

    हमारी सरकार ने शबरी मैया और हम सबके आराध्य भगवान श्रीराम की स्तुति के लिए श्री रामचन्द्र पथ गमन न्यास की स्थापना की है। हम प्रदेश में 1450 किमी लंबे राम वन गमन पथ का निर्माण करने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश को श्रीराम का विशेष स्नेह मिला। चित्रकूट में उन्होंने 11 वर्ष बिताए। ग्राम गंधिया में भी वे 11 रात रहे। इसीलिए गंधिया को भी राम वन गमन पथ विकास योजना में शामिल कर लिया गया है। इससे गंधिया का विकास होगा। इस गांव के विकास के लिए सरकार ने लगभग 80 लाख रुपए मंजूर किए हैं।

    मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ब्यौहारी में 30 बिस्तरीय अस्पताल का निर्माण कराने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने सीतामढ़ी धाम को धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने तथा वन्य जीव पर्यटन गतिविधियों के विकास-विस्तार के लिए क्षेत्रीय संजय डूबरी टाइगर रिजर्व का एक गेट ब्यौहारी की तरफ भी खोलने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस क्षेत्र में महुआ और कटहल बहुतायत से होता है। इसीलिए इन दोनों से बनने वाली औषधियों एवं अन्य उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने तथा क्षेत्र में उद्योग, रोजगार एवं निर्यात को प्रोत्साहन देने के लिए मुख्यमंत्री ने यहां एक औद्योगिक विकास केंद्र खोलने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने जयसिंह नगर के लिए आवश्यक बायपास बनवाने तथा वर्तमान में जयसिंहनगर तहसील क्षेत्र की उप तहसील आमाडीह को परीक्षण कराकर तहसील बनाने की घोषणा भी की।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां की जनता ने सरकार की विकास नीतियों पर भरोसा जताया है, इसलिए इस क्षेत्र के विकास के लिए हम कोई कसर नहीं रखेंगे।

    सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि त्रेतायुग मे इस भूमि पर भगवान राम के पावन चरण पड़े थे। मुख्यमंत्री ने शबरी माता की मूर्ति का अनावरण करके तथा विकास की सौगातें देकर क्षेत्र को धन्य कर दिया है। सांसद ने कटनी से ब्यौहारी होते हुए सिंगरौली तक फोरलेन सड़क निर्माण, औद्योगिक केन्द्र की स्थापना, सहित विभिन्न मांगे रखी। विधायक जयसिंहनगर श्रीमती मनीषा सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को क्षेत्र की विकास की विभिन्न सोगातों के लिए धन्यवाद दिया।

    विधायक ब्यौहारी श्री शरद जुगलाल कोल ने कहा कि 70 साल की प्रतीक्षा के बाद यहां मुख्यमंत्री पधारे हैं। मुख्यमंत्री ने शहडोल क्षेत्र को सिंचाई सुविधाओं सहित कई सौगातें दी है।

    कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्र भा मिश्रा, उपाध्यक्ष श्रीमती फूलवती सिंह, जनपद अध्यक्ष जयसिंहनगर श्रीमती मालती सिंह, जनपद अध्यक्ष ब्यौहारी श्रीमती आकांक्षी सिंह, सदस्य जिला योजना समिति श्रीमती चपरा, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा गणमान्य नागरिक सहित कमिश्नर श्रीमती सुरभि गुप्ता और कलेक्टर डॉ. केदार सिंह उपस्थित रहे।

  • MP में दो दिन पड़ेगी कंपकंपाती सर्दी, फिर चढ़ेगा पारा, जाने आगे कैसा रहेगा मौसम ?

    MP में दो दिन पड़ेगी कंपकंपाती सर्दी, फिर चढ़ेगा पारा, जाने आगे कैसा रहेगा मौसम ?


    भोपाल। मध्य प्रदेश में फिलहाल सर्दी का असर बरकरार रहेगा। अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड महसूस की जाएगी। खासकर ग्वालियर-चंबल, रीवा और शहडोल संभाग के शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना रहेगा। इस समय प्रदेश में सबसे कम तापमान कटनी और शहडोल में दर्ज किया जा रहा है। वहीं, भोपाल और इंदौर में भी पारे में गिरावट आई है।

    बीती रात प्रदेश के 13 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रिकॉर्ड किया गया। बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में 10.4 डिग्री, इंदौर में 10.6 डिग्री, ग्वालियर में 11.2 डिग्री, उज्जैन में 12 डिग्री और जबलपुर में 11.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।

    प्रदेश के सबसे ठंडे इलाके कटनी का करौंदी और शहडोल का कल्याणपुर रहे। करौंदी में न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री और कल्याणपुर में 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा पचमढ़ी, उमरिया और खजुराहो में 8.4 डिग्री, राजगढ़ में 8.5 डिग्री, शिवपुरी में 9 डिग्री, रीवा और मलाजखंड में 9.1 डिग्री, नौगांव में 9.5 डिग्री, मंडला में 9.6 डिग्री और दतिया में 9.8 डिग्री तापमान रहा।

    रविवार सुबह ग्वालियर-चंबल अंचल में हल्का कोहरा देखने को मिला। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल कोहरा और बारिश की कोई संभावना नहीं है। दिन के समय तेज धूप खिलेगी, लेकिन भोपाल, सीहोर, गुना, ग्वालियर, भिंड, मुरैना सहित कई जिलों में सर्द हवाएं चलती रहेंगी। देर रात और तड़के ठंड का असर ज्यादा रहेगा।

    आगे कैसा रहेगा मौसम

    10 फरवरी: हल्का कोहरा रहेगा। बारिश का कोई अलर्ट नहीं, लेकिन ठंड का असर ज्यादा बना रहेगा। 11 फरवरी: कई जिलों में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छा सकता है। इस दिन भी बारिश की संभावना नहीं है। 12 फरवरी से बदलेगा मिज़ाज मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में 9 फरवरी से नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो रहा है, जिसका असर मध्य प्रदेश में भी देखने को मिलेगा। 12 फरवरी से मावठा गिरने का अनुमान है। हालांकि, अगले पांच दिनों तक प्रदेश में बारिश या ओलावृष्टि की संभावना नहीं जताई गई है।