Category: Sports

  • टी20 वर्ल्ड कप 2026: क्या बारिश बुझा देगी पाकिस्तान की सेमीफाइनल की उम्मीदें? समझिए समीकरण

    टी20 वर्ल्ड कप 2026: क्या बारिश बुझा देगी पाकिस्तान की सेमीफाइनल की उम्मीदें? समझिए समीकरण


    नई दिल्ली ।कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में शनिवार को कुदरत का करिश्मा कुछ ऐसा रहा कि मैदान पर खिलाड़ियों के बजाय सिर्फ बारिश की बूंदें नजर आईं। पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच होने वाला टी20 वर्ल्ड कप का अहम मुकाबला बिना एक भी गेंद फेंके रद्द हो गया। इस मैच के रद्द होने और दोनों टीमों को एक-एक अंक मिलने के बाद, ग्रुप की स्थिति अब बेहद रोमांचक और साथ ही पेचीदा हो गई है। खास तौर पर पाकिस्तान के लिए, जिसका नेट रन रेट फिलहाल चिंता का विषय है, अब सेमीफाइनल की डगर कांटों भरी नजर आ रही है।

    चूंकि इन मैचों के लिए कोई ‘रिजर्व डे’ नहीं रखा गया है, इसलिए अंक साझा करने के अलावा कोई विकल्प नहीं था। अब पाकिस्तान के पास कुल एक अंक है और आगे की राह बिल्कुल साफ है: “करो या मरो”। पाकिस्तान को अब 24 फरवरी को इंग्लैंड और 28 फरवरी को श्रीलंका के खिलाफ अपने दोनों बचे हुए मुकाबले हर हाल में जीतने होंगे। यदि पाकिस्तान ये दोनों मैच जीत लेता है, तो उसके पास कुल पांच अंक हो जाएंगे, जो उसे सेमीफाइनल के दरवाजे तक ले जाने के लिए पर्याप्त होंगे। तीन मैचों के ग्रुप में पांच अंक एक ऐसा ‘सेफ स्कोर’ है, जिसे पार करना किसी भी दूसरी टीम के लिए टेढ़ी खीर साबित होगा।

    असली पेंच तब फंसेगा जब पाकिस्तान एक मैच जीते और एक हार जाए। ऐसी स्थिति में टीम के पास केवल तीन अंक होंगे और फिर बात “नेट रन रेट” और दूसरी टीमों के नतीजों पर टिक जाएगी। पाकिस्तान का इतिहास गवाह है कि नेट रन रेट के मामले में वह अक्सर पिछड़ जाता है, इसलिए एक भी हार या एक और मैच का बारिश में धुलना सीधे तौर पर टीम को टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दिखा सकता है। प्रशंसकों की दुआएं अब सिर्फ जीत के लिए नहीं, बल्कि साफ मौसम के लिए भी होंगी।

    दिलचस्प बात यह है कि सांख्यिकीय दृष्टि से इस मैच के धुलने का पाकिस्तान और न्यूजीलैंड को थोड़ा फायदा भी हुआ है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर सभी चारों टीमों को बराबर शक्तिशाली माना जाए, तो मैच रद्द होने से दोनों टीमों के खाते में एक गारंटीड अंक जुड़ गया है और हार का खतरा टल गया है। आंकड़ों के लिहाज से अब पाकिस्तान और न्यूजीलैंड की सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावना लगभग 56.25% हो गई है, जबकि इंग्लैंड और श्रीलंका, जिन्हें अभी जोखिम भरे मैच खेलने हैं, उनकी संभावना 43.75% के आसपास है। हालांकि, यह गणित केवल तभी काम करेगा जब पाकिस्तान मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करे। फिलहाल, पाकिस्तान के लिए टूर्नामेंट का हर ओवर एक ‘फाइनल’ की तरह है।

  • Super Sunday: आज दो बड़े मैच खेलेगी टीम इंडिया.. बांग्लादेश को लड़कियां और SA को लड़के सिखाएंगे सबक

    Super Sunday: आज दो बड़े मैच खेलेगी टीम इंडिया.. बांग्लादेश को लड़कियां और SA को लड़के सिखाएंगे सबक


    नई दिल्ली।
    क्रिकेट फैन्स (Cricket fans) के लिए संडे सच में सुपर होने वाला है. एक ही दिन में टीम इंडिया (Team India) दो बड़े मुकाबलों में मैदान पर उतर रही है. पहले एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट (Asia Cup Rising Stars Tournament) के फाइनल में भारतीय महिला टीम (Indian Women’s Team) बांग्लादेश से भिड़ेगी, और उसके बाद टी20 विश्व कप 2026 (T20 World Cup 2026) में भारतीय पुरुष टीम का सामना दक्षिण अफ्रीका से होगा। यानी दिन की शुरुआत महिला टीम के खिताबी मुकाबले से होगी और शाम को नजरें टी20 विश्व कप के सुपर-8 मुकाबले पर टिकी रहेंगी।


    पहले बांग्लादेश से खिताबी जंग

    एशिया कप राइजिंग स्टार्स के फाइनल में भारत और बांग्लादेश की महिला टीमें आमने-सामने होंगी. पूरे टूर्नामेंट में भारतीय टीम ने संतुलित प्रदर्शन किया है. बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में टीम ने मजबूती दिखाई है, जिसके दम पर वह फाइनल तक पहुंची है. बांग्लादेश की टीम भी कम नहीं आंकी जा सकती. उपमहाद्वीप की परिस्थितियों में वह हमेशा चुनौती पेश करती है. ऐसे में फाइनल मुकाबला रोमांचक होने की पूरी उम्मीद है. भारतीय महिला टीम की कोशिश होगी कि वह दबाव के इस मुकाबले में संयम बनाए रखे और ट्रॉफी अपने नाम करे. दोनों टीमों के इस टूर्नामेंट के सफर पर अगर नजर डालें तो बांग्लादेश ने अपने 3 में से 3 मैच जीतकर फाइनल में जगह बनाई है. वहीं, भारत ने 3 में से 2 मैच जीते हैं और फाइनल में उसे जगह मिली है। भारत और बांग्लादेश के बीच ये फाइनल मैच बैंकॉक में दोपहर 2 बजे से खेला जाएगा।


    शाम को साउथ अफ्रीका से सुपर-8 की टक्कर

    महिला टीम के बाद बारी होगी पुरुष टीम की. टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 चरण में भारत का मुकाबला दक्षिण अफ्रीका से होगा. कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में भारतीय टीम अब तक टूर्नामेंट में शानदार लय में दिखी है. ग्रुप स्टेज में टीम ने मजबूत प्रदर्शन करते हुए सुपर-8 में जगह बनाई. दक्षिण अफ्रीका की टीम भी संतुलित है और बड़े मैचों में कड़ी टक्कर देने के लिए जानी जाती है. ऐसे में यह मुकाबला सेमीफाइनल की राह तय करने में अहम साबित हो सकता है। भारतीय बल्लेबाजी क्रम से तेज शुरुआत की उम्मीद होगी, जबकि गेंदबाजों को मध्य ओवरों में नियंत्रण बनाकर रखना होगा. टीम मैनेजमेंट संतुलित संयोजन के साथ मैदान पर उतरने की तैयारी में है. मुकाबला अहमदाबाद में शाम 7 बजे से शुरू होगा।


    डबल जीत की उम्मीद

    एक ही दिन में दो बड़े मुकाबले होने से क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह चरम पर है. अगर भारतीय महिला टीम बांग्लादेश को हराकर खिताब जीतती है और पुरुष टीम दक्षिण अफ्रीका को सुपर-8 में मात देती है, तो यह “सुपर संडे” यादगार बन सकता है. फैन्स की नजरें अब इस बात पर टिकी हैं कि क्या टीम इंडिया दोनों मोर्चों पर जीत दर्ज कर डबल डोज दे पाएगी।

  • श्रीलंका दौरे से पहले अफगानिस्तान टीम को नया हेड कोच मिलेगा

    श्रीलंका दौरे से पहले अफगानिस्तान टीम को नया हेड कोच मिलेगा


    नई दिल्ली । टी20 विश्व कप 2026 में अफगानिस्तान का सफर समाप्त हो चुका है सुपर-8 के लिए क्वालीफाई न कर पाने के साथ ही लगभग चार साल से टीम के हेड कोच रहे जोनाथन ट्रॉट का कार्यकाल भी खत्म हो गया है ट्रॉट ने 2022 में अफगानिस्तान टीम के साथ काम शुरू किया था और अपने कार्यकाल में टीम को एक मजबूत इकाई के रूप में स्थापित किया है

    एसीबी की नई कोचिंग नीतियाँ
    अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड अब नए हेड कोच की तलाश में है बोर्ड ने शर्त रखी है कि नया कोच और सहयोगी स्टाफ ऑफ-सीजन के दौरान अफगानिस्तान में ही रहकर काम करेंगे एसीबी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नसीब खान ने कहा कि यह आवश्यक है ताकि राष्ट्रीय टीम के कोच घरेलू खिलाड़ियों की प्रगति पर करीब से नजर रखें और सीरीज न होने पर टीम की कमजोरियों पर काम कर सकें

    नए कोच की खोज और शॉर्टलिस्ट प्रक्रिया
    नसीब खान ने बताया कि ट्रॉट का उत्तराधिकारी चुनने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है नए कोच का नाम श्रीलंका के खिलाफ होने वाली व्हाइट-बॉल सीरीज से पहले फाइनल कर लिया जाएगा साउथ अफ्रीका और एशिया के कुछ कोच शॉर्टलिस्ट किए गए हैं और उनके इंटरव्यू भी हो चुके हैं हालांकि फिलहाल शॉर्टलिस्ट किए गए नाम सार्वजनिक नहीं किए गए हैं

    जोनाथन ट्रॉट का योगदान

    ट्रॉट के कार्यकाल में अफगानिस्तान ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ हासिल की हैं वनडे विश्व कप 2023 में पाकिस्तान, इंग्लैंड और श्रीलंका जैसी मजबूत टीमों को हराया टी20 विश्व कप 2024 में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड को हराकर सेमीफाइनल तक पहुँची हालांकि हाल ही में टी20 विश्व कप में अफगानिस्तान ग्रुप स्टेज से बाहर हो गई इसके बावजूद ट्रॉट ने टीम की रणनीति, युवा खिलाड़ियों के विकास और विभिन्न फॉर्मेट में टीम की मजबूती के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है

    नई शुरुआत की उम्मीदें
    एसीबी का मानना है कि नए हेड कोच के साथ अफगानिस्तान क्रिकेट का नया दौर शुरू होगा बोर्ड चाहता है कि नया कोच टीम की तैयारियों, घरेलू खिलाड़ियों की निगरानी और अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों की रणनीति में सक्रिय भूमिका निभाए इसके अलावा बोर्ड ने कोचिंग स्टाफ को टीम की क्षमता बढ़ाने और सुधारात्मक कदम उठाने के लिए ऑफ-सीजन में भी अफगानिस्तान में रहने की शर्त रखी है

    भविष्य की योजना और टीम की दिशा
    एसीबी की यह रणनीति यह सुनिश्चित करने के लिए है कि टीम भविष्य में मजबूत हो और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सके नए कोच के चयन के बाद टीम की ट्रेनिंग, युवा खिलाड़ियों का विकास और आगामी श्रीलंका दौरे की तैयारियाँ तेजी से शुरू होंगी

  • PAK vs NZ सुपर-8: बारिश का खतरा, रद्द होने पर दोनों को 1-1 अंक

    PAK vs NZ सुपर-8: बारिश का खतरा, रद्द होने पर दोनों को 1-1 अंक


    नई दिल्ली। आज शाम 7 बजे आर प्रेमदासा स्टेडियम में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सुपर-8 मुकाबला खेला जाएगा। लेकिन मौसम ने फैंस की खुशी में खलल डाल दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक मैच के दौरान बारिश की संभावना बनी हुई है। टॉस के समय यानी 6:30 बजे तक हल्की बारिश की संभावना लगभग 30% है, जबकि मैच के दौरान 7 से 11 बजे तक 20% बारिश हो सकती है।

    रद्द होने पर क्या होगा?
    अगर बारिश के चलते मुकाबला रद्द होता है, तो नियम के अनुसार दोनों टीमों को 1-1 अंक मिलेंगे। वहीं जीतने वाली टीम सीधे 2 अंक लेकर तालिका में बढ़त बना सकती है। सुपर-8 राउंड में कोई रिजर्व डे नहीं है, इसलिए रद्द होने की स्थिति में दोनों टीमें तालिका में शुरुआती स्थान पर बनी रहेंगी।

    हेड टू हेड रिकॉर्ड भी रोमांचक
    इतिहास में यह दोनों टीमों का 50वां टी20 मैच होगा। अब तक 49 मुकाबलों में पाकिस्तान ने 24 और न्यूजीलैंड ने 23 बार जीत दर्ज की है। इतना करीबी रिकॉर्ड आज के मैच को और रोमांचक बना रहा है।

    रणनीति और डकवर्थ-लुईस नियम
    अगर हल्की बारिश आती है, तो मैच रद्द नहीं होगा, लेकिन खेल को पूरा करना मुश्किल हो सकता है। ऐसी स्थिति में डकवर्थ-लुईस नियम के तहत मैच खेला जा सकता है। दोनों टीमों के कप्तान और कोच बारिश की संभावना को देखते हुए अपनी रणनीति पहले से तैयार कर रहे हैं।

    तालिका पर असर
    सुपर-8 राउंड में हर मैच “करो या मरो” जैसा है। जीतने वाली टीम सीधे तालिका में बढ़त बनाएगी, जबकि हारने वाली टीम बिना अंक के पीछे रह जाएगी। रद्द होने पर दोनों टीमें बराबरी पर बनी रहेंगी।

    फैंस की निगाहें स्टेडियम और लाइव अपडेट्स पर टिकी रहेंगी, क्योंकि आज का मुकाबला सिर्फ जीत-हार तक सीमित नहीं, बल्कि आगे की तालिका और सुपर-8 की तस्वीर तय करेगा।

  • नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत की नई रणनीति क्या अभिषेक की जगह संजू संभालेंगे ओपनिंग की कमान

    नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत की नई रणनीति क्या अभिषेक की जगह संजू संभालेंगे ओपनिंग की कमान


    नई दिल्ली। अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी स्टेडियम एक बार फिर इतिहास रचने को तैयार है जहाँ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 के अपने पहले मैच में भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका से टकराएगी। ग्रुप स्टेज में अजेय रहकर यहाँ पहुँची टीम इंडिया का आत्मविश्वास तो बुलंद है लेकिन सलामी जोड़ी का फ्लॉप शो मुख्य कोच गौतम गंभीर और कप्तान के लिए चिंता का सबसे बड़ा सबब बन चुका है। सबसे ज्यादा नजरें युवा सनसनी अभिषेक शर्मा पर हैं, जो टूर्नामेंट से पहले टी20 रैंकिंग में नंबर-1 बल्लेबाज के तौर पर उभरे थे, लेकिन विश्व कप के मंच पर उनका बल्ला पूरी तरह खामोश है। लगातार तीन मैचों में ‘जीरो’ पर आउट होकर शर्मनाक रिकॉर्ड बनाने वाले अभिषेक इस समय गहरे मानसिक दबाव में हैं।

    अहमदाबाद की दूधिया रोशनी में शुक्रवार को हुए अभ्यास सत्र ने टीम इंडिया की नई रणनीति के संकेत दे दिए हैं। सूत्रों की मानें तो टीम प्रबंधन अब अभिषेक शर्मा की जगह अनुभवी संजू सैमसन को ईशान किशन के साथ ओपनिंग में उतारने का मन बना चुका है। अभ्यास के दौरान जहाँ गंभीर ने अभिषेक से लंबी बातचीत की, वहीं संजू सैमसन ने नेट पर घंटों पसीना बहाया। सैमसन की बल्लेबाजी में वह आत्मविश्वास और आक्रामकता दिखी, जिसकी तलाश भारतीय टीम को पावरप्ले में है। इसके अलावा, भारतीय बल्लेबाजी क्रम में बाएं हाथ के बल्लेबाजों की अधिकता को देखते हुए सैमसन (दाएं हाथ के बल्लेबाज) का शामिल होना टीम को एक जरूरी संतुलन भी प्रदान करेगा।

    संजू सैमसन को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मौका देने के पीछे एक ठोस वजह उनके आंकड़े भी हैं। सैमसन ने प्रोटियाज टीम के खिलाफ खेले पिछले पांच टी20 मुकाबलों में दो शानदार शतक जड़े हैं और 190 से अधिक की विस्फोटक स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। यह रिकॉर्ड साफ करता है कि उन्हें दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों की गति और उछाल पसंद है। सुपर-8 जैसे महत्वपूर्ण मोड़ पर टीम इंडिया किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहेगी। अब देखना यह है कि क्या गंभीर युवा प्रतिभा पर एक और दांव लगाते हैं या फिर आंकड़ों और अनुभव को तरजीह देते हुए सैमसन को ‘मैदान-ए-जंग’ में उतारते हैं।

  • रोहित शर्मा का 'विराट' रिकॉर्ड ध्वस्त: मिचेल मार्श ने टी20 विश्व कप 2026 में मचाया कोहराम, पावरप्ले के बने नए सुल्तान!

    रोहित शर्मा का 'विराट' रिकॉर्ड ध्वस्त: मिचेल मार्श ने टी20 विश्व कप 2026 में मचाया कोहराम, पावरप्ले के बने नए सुल्तान!


    नई दिल्ली। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप स्टेज के आखिरी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मिचेल मार्श ने अपनी बल्लेबाजी से ऐसा गदर मचाया कि क्रिकेट की दुनिया दंग रह गई। ओमान के खिलाफ खेले गए इस मुकाबले में मार्श का बल्ला नहीं बल्कि आग बरस रही थी। उनकी इस तूफानी पारी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने न केवल ओमान को एकतरफा अंदाज में मात दी बल्कि मार्श ने भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और ‘हिटमैन’ के नाम से मशहूर रोहित शर्मा का एक बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड भी मटियामेट कर दिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ओमान की टीम ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजी आक्रमण खासकर एडम जैंपा की फिरकी के सामने ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। पूरी ओमानी टीम महज 16.2 ओवरों में 104 रनों के मामूली स्कोर पर सिमट गई।

    लक्ष्य छोटा था लेकिन मिचेल मार्श के इरादे बहुत बड़े थे। 105 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। कप्तान मार्श ने मैदान के चारों ओर चौकों और छक्कों की झड़ी लगा दी। उन्होंने महज 33 गेंदों पर नाबाद 64 रनों की पारी खेली जिसमें 7 शानदार चौके और 4 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। ऑस्ट्रेलिया ने यह लक्ष्य मात्र 9.4 ओवरों में हासिल कर लिया जो उनके शानदार फॉर्म को दर्शाता है। लेकिन इस मैच की सबसे बड़ी हाईलाइट मार्श द्वारा पावरप्ले में की गई बल्लेबाजी रही।

    मिचेल मार्श ने अपनी 64 रनों की पारी के दौरान शुरुआती 6 ओवरों (पावरप्ले) में ही 53 रन कूट डाले थे। इसके साथ ही उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में पावरप्ले के दौरान किसी भी बल्लेबाज द्वारा बनाया गया दूसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर अपने नाम कर लिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम था जिन्होंने 2024 के टी20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के ही खिलाफ पावरप्ले में 51 रन बनाए थे। मार्श ने रोहित को पछाड़कर इस सूची में दूसरे पायदान पर कब्जा जमा लिया है। हालांकि इस लिस्ट में अब भी नीदरलैंड के स्टीफन मायबर्ग 57 रनों के साथ शीर्ष पर बने हुए हैं जिनका 12 साल पुराना रिकॉर्ड आज भी अटूट है।

    दिलचस्प बात यह है कि इस लिस्ट में भारतीय बल्लेबाजों का दबदबा रहा है। रोहित शर्मा के अलावा ईशान किशन और केएल राहुल भी पावरप्ले में अर्धशतक जड़ने वाले खिलाड़ियों की सूची में शामिल हैं। ईशान किशन ने तो इसी वर्ल्ड कप 2026 में न्यूजीलैंड के खिलाफ पावरप्ले में 50 रन ठोककर अपनी ताकत का लोहा मनवाया था। मिचेल मार्श की इस ऐतिहासिक पारी ने न केवल ऑस्ट्रेलिया को ग्रुप स्टेज का अंत धमाकेदार अंदाज में करने में मदद की बल्कि विरोधियों को भी कड़ा संदेश दे दिया है कि ‘कंगारू’ अब रुकने वाले नहीं हैं।

  • T20 World Cup 2026: पाकिस्तान के साहिबजादा ने बनाए सबसे ज्यादा रन, ईशान किशन और वरुण चक्रवर्ती भी टॉप-5 में

    T20 World Cup 2026: पाकिस्तान के साहिबजादा ने बनाए सबसे ज्यादा रन, ईशान किशन और वरुण चक्रवर्ती भी टॉप-5 में


    नई दिल्ली । T20 World Cup 2026 के ग्रुप स्टेज का अंत ऑस्ट्रेलिया और ओमान के मुकाबले के साथ हो गया है। ऑस्ट्रेलिया ने इस आखिरी ग्रुप मैच में ओमान को 9 विकेट से हराकर सुपर-8 में अपनी जगह पक्की कर ली। अगले राउंड की शुरुआत 22 फरवरी से होगी। ग्रुप स्टेज में सबसे ज्यादा रन और विकेट लेने वाले खिलाड़ियों की चर्चा अभी भी क्रिकेट फैंस के बीच जोरों पर है।

    सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज
    पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान ग्रुप स्टेज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। चार मैचों में उन्होंने एक शतक और एक अर्धशतक के साथ कुल 220 रन बनाए। उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज 200 रन का आंकड़ा नहीं छू सका। दूसरे नंबर पर श्रीलंका के पाथुम निसंका रहे, जिन्होंने 4 मैचों में 66.33 की औसत और 156.69 के स्ट्राइक रेट के साथ 199 रन बनाए। निसंका ने भी इस दौरान एक शतक और एक अर्धशतक जड़ा। टॉप-5 में एकमात्र भारतीय खिलाड़ी ईशान किशन हैं। ग्रुप स्टेज खत्म होने तक ईशान 5वें पायदान पर रहे। चार मैचों में दो अर्धशतकों के साथ उन्होंने कुल 176 रन बनाए। पाकिस्तान के खिलाफ महामुकाबले में 77 रन की धुआंधार पारी खेलकर ईशान प्लेयर ऑफ द मैच भी बने। इस लिस्ट में कुसल मेंडिस और एडन मारक्रम भी शामिल हैं।

    सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज
    जहां बल्लेबाजों ने धमाल मचाया, वहीं गेंदबाजों ने भी कमाल किया। ग्रुप स्टेज में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड अमेरिका के शैडली वैन शाल्कविक के नाम रहा। सिर्फ चार मैचों में ही उन्होंने 13 विकेट लिए और दो बार 4-विकेट हॉल भी लिए। उनके बाद भारत के वरुण चक्रवर्ती ने 9 विकेट चटकाए और टॉप-5 में जगह बनाई। इसके अलावा ब्लेसिंग मुजरबानी, माइकल लीस्क और अजमतुल्लाह उमरजई ने भी 9-9 विकेट लेकर अपने नाम दर्ज किए। भले ही USA की टीम सुपर-8 में नहीं पहुंची, शैडली वैन शाल्कविक का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा।

    ग्रुप स्टेज के आंकड़े यह साफ कर रहे हैं कि साहिबजादा फरहान, शैडली वैन शाल्कविक और वरुण चक्रवर्ती जैसे खिलाड़ी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपनी टीमों के लिए बड़े गेम चेंजर साबित हो रहे हैं। सुपर-8 में अब मुकाबले और रोमांचक होने वाले हैं और फैंस को इस राउंड में भी कई धमाकेदार पारी और प्रदर्शन देखने को मिलने की उम्मीद है।

  • T20 वर्ल्ड कप के प्रमोशन पर उठे सवाल, 'फुकरे' इंसान को चुनेंगे तो विज्ञापन भी ‘फुकरा’ ही बनेगा

    T20 वर्ल्ड कप के प्रमोशन पर उठे सवाल, 'फुकरे' इंसान को चुनेंगे तो विज्ञापन भी ‘फुकरा’ ही बनेगा


    नई दिल्‍ली। भारत बनाम पाकिस्तान के हाई-वोल्टेज T20 वर्ल्ड कप मुकाबले के लिए बनाए गए हालिया प्रोमो ने उत्साह से ज्‍यादा उलझन पैदा कर दी है। स्पोर्ट्स ब्रॉडकास्टर ने इस बड़े मैच के प्रचार के लिए सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर फुकरा इंसान को चेहरा बनाया, लेकिन नतीजा उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाया।

    जब मुकाबला क्रिकेट की सबसे चर्चित प्रतिद्वंद्विता का हो, तो प्रस्तुति भी उसी स्तर की होनी चाहिए। मगर प्रोमो में दिखी सतही हास्य-शैली और बनावटी संवादों ने इसकी गंभीरता को हल्का कर दिया। ऐसा लगा मानो रचनात्मक टीम ने गहराई से सोचने के बजाय आसान और जल्दबाजी वाला रास्ता चुन लिया हो। इससे स्‍पष्‍ट है कि जब आप फुकरे को हायर करते हैं, तो विज्ञापन भी फुकरा ही बनता है, जो भद्दा, बेस्वाद और बेमानी लगता है।

    दरअसल, फुकरा इंसान, जो यूट्यूब पर रिएक्शन वीडियो के लिए लोकप्रिय हैं, अक्सर दूसरों के कंटेंट पर अपनी प्रतिक्रियाओं से पहचान बनाते हैं। लेकिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की सबसे बड़ी भिड़ंत को सिर्फ हल्के-फुल्के तंज और कृत्रिम मुस्कानों तक सीमित कर देना दर्शकों की भावनाओं के साथ न्याय नहीं करता। इतने बड़े मंच पर रचनात्मकता, जोश और गरिमा की उम्मीद की जाती है, सिर्फ ट्रेंडिंग चेहरे से काम नहीं चलता।

    भारत-पाक भिड़ंत को सिर्फ आंकड़ों में क्यों समेट दिया गया?

    भारत-पाकिस्तान मुकाबले के ताजा प्रोमो में आईसीसी नॉकआउट चरण में भारत के 8-1 रिकॉर्ड को इस तरह पेश किया गया मानो यही पूरी दास्तान हो। तथ्य सही है, लेकिन सिर्फ सही होना काफी नहीं, रचनात्मक होना भी उतना ही जरूरी है। जब आपके पास क्रिकेट की सबसे बहुचर्चित प्रतिद्वंद्विता का विशाल कैनवास हो और आप उसी पुराने आंकड़े पर टिक जाएं, तो सवाल उठना लाजिमी है कि कल्पना आखिर गई कहां?

    फैंस को वाह वाला पल चाहिए, ये तो पहले से पता है वाली ऊब नहीं। दर्शक नई दृष्टि चाहते हैं, न कि वही पुरानी सांख्यिकी का दोहराव। क्रिकेट भावनाओं का खेल है, सिर्फ स्कोरलाइन का नहीं। याद कीजिए 2007 का टी20 विश्व कप फाइनल। कमेंट्री गूंजी थी इन द एयर… और श्रीसंत ने कैच पकड़ लिया! उस एक पल ने मैच की दिशा ही नहीं, एक खिलाड़ी की छवि भी बदल दी। मिस्बाह-उल-हक का वह स्कूप शॉट और फिर सालों तक गूंजती एक चुभती पंक्ति मिस्बाह, पांच रन। यही तो ट्रोलिंग की असली बारीकी है: एक लम्हा, एक जुमला, जो इतिहास बन जाए।

    भारत-पाक मुकाबले ने हमेशा असली नाटक रचा है। वसीम अकरम और वकार यूनिस की स्विंग, जावेद मियांदाद का शारजाह में आखिरी गेंद पर छक्का, शोएब अख्तर बनाम सचिन तेंदुलकर का 2003 विश्व कप टकराव, इन पलों को किसी कृत्रिम मसाले की जरूरत नहीं थी। ये अपने आप में दंतकथाएं हैं। यह प्रतिद्वंद्विता बनावटी गर्मजोशी से नहीं चलती। इसके पीछे इतिहास की परतें हैं, जज्बातों की तीव्रता है और दो देशों की वह क्रिकेटीय जिद है जो मैदान पर खुलकर सामने आती है। ऐसे में इसे महज एक चेहरे या सतही तंज तक सीमित कर देना, विरोधी टीम पर कटाक्ष नहीं, बल्कि इस ऐतिहासिक टकराव की गरिमा को कम करना है।

    व्यंग्य की आड़ में विज्ञापन का स्तर गिरा

    दक्षिण अफ्रीका पर केंद्रित हालिया विज्ञापन ने व्यंग्य की आड़ में स्तर गिरा दिया। चोकर्स का तंज कसते हुए एक साउथ अफ्रीकी फैन के हाथ में कपकेक थमाना और सामने खड़े भारतीय फैन की तिरछी मुस्कान दिखाना, यह सूक्ष्म हास्य नहीं, सतही चुभन थी। रचनात्मकता के नाम पर यह दृश्य ज्यादा शोर करता है, असर कम छोड़ता है। दक्षिण अफ्रीका कोई मामूली टीम नहीं है। वे मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियन हैं और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनका कद बेहद ऊंचा है। चोकर्स टैग के पीछे सिर्फ असफलता नहीं, कई दिल तोड़ देने वाली कहानियां दबी हैं, जो खेल की त्रासदी और रोमांच दोनों को समेटे हुए हैं।

    1992 विश्व कप सेमीफाइनल को याद कीजिए, बारिश और अचानक बदले लक्ष्य ने मुकाबले की दिशा ही बदल दी। वह साधारण हार नहीं, परिस्थितियों की मार थी। फिर 1999 का सेमीफाइनल, लांस क्लूजनर की अविश्वसनीय पारी टीम को जीत की दहलीज तक ले आई, लेकिन आखिरी क्षण का रन-आउट इतिहास बन गया। यह कमजोरी नहीं, खेल का निर्मम मोड़ था। और हाल का फाइनल, जहां आखिरी ओवर तक लड़ाई खिंची, वह भी साबित करता है कि यह टीम आखिरी सांस तक मुकाबला करती है।

    हर बार वे गिरे जरूर, मगर हर बार एक नई कहानी भी छोड़ गए। ऐसे संघर्षों का मजाक उड़ाना, वह भी भोजन गले में अटकने जैसे दृश्य से, हास्य नहीं, संवेदनहीनता है। व्यंग्य तब प्रभावी होता है जब उसमें बुद्धिमत्ता हो; यहां सिर्फ ऊपरी तंज है, गहराई नहीं। क्रिकेट की प्रतिद्वंद्विता को धार देने के लिए इतिहास और भावनाएं काफी हैं। उन्हें सस्ते प्रतीकों में समेट देना खेल और उसके किरदारों दोनों के साथ अन्याय है।

    ये भी है बड़ा सवाल

    सबसे हैरानी की बात यह है कि Star Sports आधिकारिक प्रसारक है। उसकी भूमिका कहानी गढ़ने वाले सूत्रधार की होनी चाहिए, न कि किसी एक पक्ष के ट्रोल की। जब मंच इतना बड़ा हो, तो भाषा और दृष्टि भी उतनी ही परिपक्व होनी चाहिए। एक दौर था जब मौका-मौका जैसा अभियान हल्की चुटकी लेते हुए भी प्रतिद्वंद्वी की गरिमा बनाए रखता था। व्यंग्य था, मगर मर्यादा भी थी। उसमें धार थी, लेकिन फूहड़ता नहीं। अब जो दिख रहा है, वह जल्दबाजी में गढ़ी गई सनसनी जैसा लगता है।

    विडंबना यह है कि विरोधियों को छोटा दिखाकर भारत को बड़ा साबित करने की कोशिश में कहीं न कहीं भारतीय दर्शकों को ही कमतर आंक लिया गया। मानो दर्शक सिर्फ बनावटी मुस्कानों और उथले तंज पर हंस पड़ेंगे। मानो उन्हें समझ नहीं कि तीखे व्यंग्य और भोंडे कटाक्ष में फर्क क्या होता है। जब टीआरपी की होड़ में आसान और सस्ती तरकीबें अपनाई जाती हैं, तो अंततः हंसी प्रसारक पर ही लौटती है।

    याद है वह सबक?

    1987 विश्व कप के दौरान पाकिस्तान के प्रशंसक अक्सर गुनगुनाते थे आ देखें जरा, किसमें कितना है दम। मगर सेमीफाइनल में उनकी टीम बाहर हो गई। खेल का यही स्वभाव है, अंतिम नतीजा मैदान पर तय होता है, प्रचार के मंच पर नहीं। इतिहास का यही सबक आज भी प्रासंगिक है। जब आप प्रतिद्वंद्वी का मजाक उड़ाने में ऊर्जा खर्च करते हैं, तो कहानी की असली बुनावट हाथ से निकल जाती है। क्रिकेट की खूबसूरती सम्मान में है, क्योंकि बिना सम्मान के जीत भी फीकी लगती है। सच्चा प्रशंसक जानता है कि हिसाब बराबर करने की जगह मैदान है। और इस खेल में कोई भी दिन ऐसा आ सकता है, जब पलटकर वही क्षण आपका फुकरा पल बन जाए।

  • T20 World Cup 2026: क्‍या भारत-पाक का फिर होगा मुकाबला? जाने सेमीफाइनल या फाइनल में होगी भिंडत

    T20 World Cup 2026: क्‍या भारत-पाक का फिर होगा मुकाबला? जाने सेमीफाइनल या फाइनल में होगी भिंडत


    नई दिल्‍ली । टी20 वर्ल्ड कप 2026 में लीग मुकाबले अब लगभग खत्म हो चुके हैं। आज, 20 सितंबर को ओमान और ऑस्ट्रेलिया के बीच आखिरी लीग मैच खेला जाएगा, लेकिन इस मुकाबले का कोई खास महत्व नहीं है क्योंकि दोनों टीमें सुपर-8 की रेस से बाहर हो चुकी हैं। सुपर-8 में शामिल होने वाली आठ टीमें पहले ही तय हो चुकी हैं और इन्हें दो ग्रुप में बांटा गया है, हर ग्रुप में चार-चार टीमें हैं, जो एक-दूसरे के खिलाफ तीन-तीन मैच खेलेंगी। ग्रुप 1 में भारत, जिम्बाब्वे, वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका हैं, जबकि ग्रुप 2 में पाकिस्तान, श्रीलंका, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड हैं। अब यह सवाल उठता है कि टी20 वर्ल्ड कप में दो चिर प्रतिद्वंदी, भारत और पाकिस्तान, कब आमने-सामने हो सकते हैं। सुपर-8 के चरण में दोनों देश एक-दूसरे से नहीं खेलेंगे क्योंकि वे अलग-अलग ग्रुप में हैं।

    भारत-पाक मुकाबला सेमीफाइनल या फाइनल में ही संभव

    पहला सवाल है कि क्या भारत और पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में आमने-सामने हो सकते हैं। दूसरा सवाल यह कि क्या दोनों पड़ोसी फाइनल में भी भिड़ सकते हैं। आइए इन दोनों सवालों का जवाब समझते हैं।टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में भारत और पाकिस्तान का मुकाबला संभव है, लेकिन कुछ शर्तों के साथ। टूर्नामेंट में दो सेमीफाइनल होंगे, पहला 4 मार्च 2026 को कोलंबो या कोलकाता में और दूसरा 5 मार्च 2026 को मुंबई में।
    भारत-पाक का सेमीफाइनल तभी संभव है जब दोनों टीमें अपने-अपने ग्रुप में टॉप-2 में आ जाएं, यानी सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई करें, और एक टीम अपने ग्रुप में पहले स्थान पर हो और दूसरी दूसरी पोजीशन पर। इस स्थिति में क्रॉस-ओवर मुकाबले में भारत और पाकिस्तान सेमीफाइनल में भिड़ सकते हैं। खासकर अगर पाकिस्तान क्वालिफाई करता है, तो उनका सेमीफाइनल कोलंबो में होगा।टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत और पाकिस्तान का मुकाबला भी संभव है। फाइनल 8 मार्च 2026 को अहमदाबाद या कोलंबो में खेला जाएगा। अगर दोनों टीमें सेमीफाइनल जीतकर फाइनल में पहुंचती हैं, तो भारत-पाक का आमना-सामना फाइनल में भी हो सकता है।
    इस स्थिति में अगर पाकिस्तान फाइनल में पहुंचता है तो मैच कोलंबो में होगा, नहीं तो अहमदाबाद में आयोजित होगा। अभी 21 फरवरी से सुपर-8 की रेस शुरू हो रही है, जहां दोनों टीमों को पहले सेमीफाइनल तक पहुंचना होगा, क्योंकि फैन्स एक बार फिर भारत-पाक मुकाबले का रोमांच देखना चाहते हैं।बता दें कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण में आठ टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है। ग्रुप 1 में भारत, जिम्बाब्वे, वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका हैं, जबकि ग्रुप 2 में पाकिस्तान, श्रीलंका, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड शामिल हैं।

    सुपर-8 में भारत और पाकिस्तान के मैच कब-कब हैं?

    सुपर-8 में भारत और पाकिस्तान अलग-अलग ग्रुप में हैं, इसलिए दोनों टीमों का आमना-सामना सुपर-8 में नहीं होगा। भारत ग्रुप 1 का हिस्सा है और उसका शेड्यूल इस प्रकार है:- 22 फरवरी को भारत vs साउथ अफ्रीका नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद, शाम 7 बजे , 26 फरवरी को भारत vs जिम्बाब्वे एमए चिदंबरम स्टेडियम, चेन्नई, शाम 7 बजे और 1 मार्च को भारत vs वेस्टइंडीज ईडन गार्डन्स, कोलकाता, शाम 7 बजे ।

    पाकिस्तान ग्रुप 2 में है और उसके मैच 21 फरवरी को न्यूजीलैंड vs पाकिस्तान आर प्रेमदासा स्टेडियम, कोलंबो, शाम 7 बजे , 24 फरवरी को इंग्लैंड vs पाकिस्तान पल्लेकेले क्रिकेट इंटरनेशनल स्टेडियम, पल्लेकेले, शाम 7 बजे और 28 फरवरी को पाकिस्तान vs श्रीलंका पल्लेकेले क्रिकेट इंटरनेशनल स्टेडियम, पल्लेकेले, शाम 7 बजे तय हैं। इस तरह, सुपर-8 में भारत और पाकिस्तान सीधे भिड़ेंगे नहीं, दोनों केवल सेमीफाइनल या फाइनल में ही आमने-सामने आ सकते हैं।

  • T20 World Cup: पूर्व PAK खिलाड़ियों का मजाक उड़ाने पर घिरे शादाब खान, PCB ने बयान पर लगाई फटकार

    T20 World Cup: पूर्व PAK खिलाड़ियों का मजाक उड़ाने पर घिरे शादाब खान, PCB ने बयान पर लगाई फटकार


    नई दिल्‍ली । टी20 वर्ल्ड कप में नामीबिया को हराकर सुपर-8 में जगह बनाने के बाद पाकिस्तान टीम के शादाब खान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऐसा बयान दे दिया जिससे विवाद खड़ा हो गया। भारत के खिलाफ मिली 61 रनों की हार पर सवाल पूछे जाने पर शादाब ने पाकिस्तान के पूर्व खिलाड़ियों की आलोचना करते हुए उनका मजाक उड़ाया। शादाब ने कहा कि पुराने दिग्गज खिलाड़ियों की अपनी राय होती है, लेकिन वे वही नहीं कर पाए जो वर्तमान टीम ने किया। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि पाकिस्तान ने वर्ल्ड कप में टीम इंडिया को हराया है, इसलिए आलोचना सामान्य है। उनके इस बयान के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने साफ किया कि टीम के पूर्व खिलाड़ियों का अपमान या मजाक करना स्वीकार्य नहीं है और भविष्य में ऐसे बयान देने से बचा जाए।

    शादाब खान के बयान पर PCB की फटकार

    टी20 वर्ल्ड कप 2021 में भारत के खिलाफ मिली जीत का जिक्र करते हुए शादाब खान ने हाल ही में प्रेस कॉन्फ्रेंस में पाकिस्तान के पूर्व खिलाड़ियों पर कटाक्ष किया। शादाब उस टीम का हिस्सा थे और यह आईसीसी इवेंट्स में भारत के खिलाफ पाकिस्तान की एकमात्र जीत थी। सूत्रों ने पीसीबी के हवाले से बताया कि बोर्ड ने शादाब के बयानों से नाराजगी जताई और उन्हें अपनी भाषा पर नियंत्रण रखने की सलाह दी। यह विवाद पाकिस्तान की नामीबिया के खिलाफ जीत के बाद सामने आया। पीसीबी ने टीम मैनेजर के जरिए शादाब को स्पष्ट संदेश दिया कि टीम के पूर्व महान खिलाड़ियों के लिए अपमानजनक या मजाकिया भाषा का प्रयोग न किया जाए।

    पूर्व खिलाड़ियों का सम्मान रखने की दी हिदायत

    सूत्रों के अनुसार, नवीद चीमा ने शादाब खान को फोन करके समझाया कि उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपनी हद पार कर दी थी। उन्हें बताया गया कि सभी पूर्व खिलाड़ी, जिनमें उनके ससुर सकलैन मुश्ताक भी शामिल हैं, इज्‍जतदार और महान खिलाड़ी हैं। शादाब को उनकी इज्‍जत का ध्यान रखना चाहिए और अपमानजनक भाषा का प्रयोग नहीं करना चाहिए। रिपोर्ट के अनुसार, पीसीबी ने अन्य खिलाड़ियों से भी कहा है कि वे अपनी भाषा पर नियंत्रण रखें और प्रेस कांफ्रेंस या इंटरव्यू में अपनी हद पार न करें। बता दें कि पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 में पहुंच चुका है, जहां टीम का सामना श्रीलंका, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड से होगा।