Blog

  • ऑस्कर में भारत का सफर: अब तक इन नौ भारतीयों ने जीता है सम्मान, 98वां संस्करण 15 मार्च को

    ऑस्कर में भारत का सफर: अब तक इन नौ भारतीयों ने जीता है सम्मान, 98वां संस्करण 15 मार्च को


    नई दिल्ली। फिल्म जगत के सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कार ऑस्कर के 98वें संस्करण का आयोजन 15 मार्च को होने जा रहा है। यह भव्य समारोह अमेरिका के लॉस एंजिल्स स्थित डॉल्बी थिएटर में आयोजित किया जाएगा। इस बार भारतीय दर्शकों के लिए समारोह इसलिए भी खास है क्योंकि भारतीय अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा प्रस्तोता के रूप में मंच पर नजर आएंगी और विजेताओं को पुरस्कार प्रदान करेंगी। भारत में इस समारोह का प्रसारण 16 मार्च की सुबह लगभग साढ़े चार बजे से देखा जा सकेगा।

    भारत की फिल्मों को अब तक नहीं मिला पुरस्कार
    ऑस्कर पुरस्कार को अकादमी पुरस्कार के नाम से भी जाना जाता है। इसकी शुरुआत वर्ष 1927 में हुई थी, जबकि पहला पुरस्कार समारोह वर्ष 1929 में आयोजित किया गया था। लगभग 98 वर्षों के इतिहास में भारत की ओर से 50 से अधिक फिल्मों को इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए भेजा गया, लेकिन अब तक किसी भी भारतीय फिल्म को यह सम्मान प्राप्त नहीं हो सका है।

    ‘मदर इंडिया’ से हुई थी शुरुआत
    भारत की ओर से पहली बार वर्ष 1957 में निर्देशक महबूब खान की फिल्म ‘मदर इंडिया’ को ऑस्कर के लिए भेजा गया था। यह फिल्म अंतिम चरण तक पहुंची थी, लेकिन केवल एक मत से पीछे रह गई और पुरस्कार जीतने से चूक गई। उस समय यह सम्मान एक विदेशी फिल्म को मिला था।

    कई फिल्मों को मिला अंतिम चरण तक स्थान
    इसके बाद वर्ष 1989 में फिल्म ‘सलाम बॉम्बे’, वर्ष 2003 में ‘लगान’ और वर्ष 2004 में मराठी फिल्म ‘श्वास’ को भी अंतिम नामांकन मिला था। हालांकि ये तीनों ही फिल्में पुरस्कार हासिल करने में सफल नहीं हो सकीं।

    नौ भारतीयों को मिला ऑस्कर सम्मान
    भारत की ओर से अब तक 13 कलाकारों को ऑस्कर में नामांकन प्राप्त हुआ है। इनमें से नौ भारतीय ऐसे हैं जिन्होंने यह प्रतिष्ठित पुरस्कार अपने नाम किया है। इन कलाकारों में भानू अथैया, सत्यजीत रे, ए. आर. रहमान, गुलजार, रेसुल पूकुट्टी, एम. एम. कीरवानी, चंद्रबोस, गुनीत मोंगा और कार्तिकी गोंजाल्विस शामिल हैं। इन सभी ने अलग-अलग श्रेणियों में अपने काम से भारत का नाम विश्व स्तर पर रोशन किया है।

    इस बार मंच पर नजर आएंगी प्रियंका चोपड़ा
    इस वर्ष का समारोह भारतीय दर्शकों के लिए और भी खास होने वाला है। वैश्विक स्तर पर पहचान बना चुकी अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा इस बार समारोह में प्रस्तोता की भूमिका निभाएंगी। वह मंच पर विजेताओं को पुरस्कार प्रदान करती दिखाई देंगी। उनके साथ कई अंतरराष्ट्रीय कलाकार भी मंच साझा करेंगे, जिससे इस बार का समारोह और अधिक आकर्षक होने की उम्मीद जताई जा रही है।

  • एमपी में मार्च में ही तेज हुई गर्मी, बढ़ा तापमान, धार जिला रहा सबसे अधिक गर्म

    एमपी में मार्च में ही तेज हुई गर्मी, बढ़ा तापमान, धार जिला रहा सबसे अधिक गर्म


    भोपाल। मध्य प्रदेश में इस वर्ष गर्मी ने समय से पहले ही अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। मार्च महीने की शुरुआत में ही कई जिलों में तापमान 38 से 39 डिग्री तक पहुंच गया है, जो सामान्य से लगभग 4 से 6 डिग्री अधिक माना जा रहा है। हवा की दिशा में बदलाव के कारण प्रदेश में गर्मी तेजी से बढ़ी है और आने वाले दिनों में इसके और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।

    हवा की दिशा बदलने से बढ़ी गर्मी
    मौसम विभाग के अनुसार इस समय हवा की दिशा उत्तर-पूर्व से बदलकर पश्चिम और उत्तर-पश्चिम हो गई है। हवा में नमी भी बहुत कम है। इसके साथ ही रेगिस्तानी इलाकों से आने वाली हवाएं प्रदेश तक पहुंच रही हैं, जो अपने साथ अधिक गर्मी लेकर आती हैं। सामान्यत: मार्च के दूसरे पखवाड़े में तेज गर्मी का असर दिखाई देता है, लेकिन इस बार स्थिति अलग है और महीने की शुरुआत में ही तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

    15 मार्च के बाद और तेज होगा गर्मी का असर
    मौसम विभाग का अनुमान है कि 15 मार्च के बाद प्रदेश में गर्मी का असर और अधिक बढ़ सकता है। कई इलाकों में तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंचने या उससे आगे निकलने की संभावना जताई जा रही है।

    दूसरे सप्ताह से ही बदले मौसम के तेवर
    मार्च के दूसरे सप्ताह से ही प्रदेश में गर्मी के तेवर तीखे नजर आने लगे हैं। ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में तापमान सामान्य से लगभग 6 डिग्री तक अधिक दर्ज किया गया है। वहीं अन्य संभागों में भी 3 से 5 डिग्री तक बढ़ोतरी देखी गई है। भोपाल, इंदौर और उज्जैन जैसे बड़े शहरों में भी गर्मी का असर बढ़ता हुआ महसूस किया जा रहा है।

    धार में सबसे अधिक दर्ज हुआ तापमान
    बीते मंगलवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान धार जिले में 39 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा सागर में 38.9 डिग्री, रतलाम में 38.8 डिग्री, नर्मदापुरम में 38.8 डिग्री, खजुराहो में 38.3 डिग्री, गुना में 38.1 डिग्री तथा दमोह और टीकमगढ़ में 38 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

    बड़े शहरों में भी बढ़ा पारा
    प्रदेश के बड़े शहरों में भी तापमान में बढ़ोतरी देखी गई। ग्वालियर में 37.2 डिग्री, उज्जैन में 37 डिग्री, इंदौर में 36.8 डिग्री, जबलपुर में 36.6 डिग्री और भोपाल में 36.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। वहीं अधिकांश अन्य शहरों में तापमान 34 डिग्री या उससे अधिक बना रहा।

  • भोपाल में 14 मार्च को अखिल भारतीय कवि सम्मेलन: होली और रंगपंचमी के बीच साहित्य का रंग

    भोपाल में 14 मार्च को अखिल भारतीय कवि सम्मेलन: होली और रंगपंचमी के बीच साहित्य का रंग


    भोपाल। होली और रंगपंचमी के उत्सव के बीच राजधानी भोपाल में इस बार साहित्यिक रंग भी घुलेंगे। शहर के सोमवारा स्थित भवानी चौक में 14 मार्च, शनिवार को अखिल भारतीय कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम रात 8 बजे से शुरू होगा। इसमें देश के विभिन्न शहरों से आए कवि अपनी रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं को वीर रस, हास्य और व्यंग्य से सराबोर करेंगे।

    इस आयोजन का आयोजन हिंदू उत्सव समिति, भोपाल कर रही है। समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने बताया कि होली और रंगपंचमी केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि यह भारतीय संस्कृति, परंपरा और साहित्यिक अभिव्यक्ति का भी उत्सव है। इस परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए हर साल की तरह इस बार भी कवि सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है।

    कवि सम्मेलन का संचालन सुप्रसिद्ध सबरस कवि शशिकांत यादव ‘शशि’ (देवास) करेंगे। मंच पर वीर रस की कविताओं से कविता तिवारी (लखनऊ), राम भदावर (जयपुर) और सूर्यकांत चतुर्वेदी (भोपाल) श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। हास्य और व्यंग्य की प्रस्तुतियों से दिनेश ‘देसी घी’ (शाजापुर), मुन्ना बैट्री (मंदसौर) और अमित शुक्ला (प्रयागराज) मंच को हल्का और मनोरंजक बनाएंगे।

    कार्यक्रम के संयोजक और हिंदू उत्सव समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनिल चौधरी पूरे आयोजन की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालेंगे। समिति ने नागरिकों और साहित्य प्रेमियों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर इस सांस्कृतिक आयोजन का आनंद लें।

    इस कवि सम्मेलन के माध्यम से केवल मनोरंजन ही नहीं, बल्कि साहित्य और संस्कृति के प्रति लोगों की रुचि को बढ़ावा मिलेगा। होली के रंगों के साथ यह साहित्यिक आयोजन भोपालवासियों के लिए यादगार अनुभव साबित होगा।

  • MP Gas Crisis: मध्य प्रदेश में 2 दिन से कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई ठप, होटल-रेस्टोरेंट और शादियों पर संकट; कैटरर्स बोले-इमरजेंसी जैसी स्थिति

    MP Gas Crisis: मध्य प्रदेश में 2 दिन से कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई ठप, होटल-रेस्टोरेंट और शादियों पर संकट; कैटरर्स बोले-इमरजेंसी जैसी स्थिति


    भोपाल। ईरान-इजराइल युद्ध के असर का प्रभाव अब मध्य प्रदेश में भी देखने को मिल रहा है। पिछले दो दिनों से राज्य में कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई पूरी तरह ठप है, जिसके कारण होटल-रेस्टोरेंट कारोबार, कैटरिंग सर्विस और शादी समारोहों पर बड़ा असर पड़ रहा है। कारोबारियों का कहना है कि हालात ऐसे बन गए हैं जैसे किसी इमरजेंसी का सामना करना पड़ रहा हो।

    सबसे ज्यादा परेशानी होटल और रेस्टोरेंट इंडस्ट्री को हो रही है। कई जगहों पर गैस खत्म होने के कारण खाना बनाना मुश्किल हो गया है। सबसे ज्यादा परेशानी होटल और रेस्टोरेंट इंडस्ट्री को हो रही है। कई जगहों पर गैस खत्म होने के कारण खाना बनाना मुश्किल हो गया है। वहीं जिन परिवारों में शादी समारोह होने वाले हैं, वे भी चिंता में हैं। कैटरर्स का कहना है कि केवल भोपाल में ही अगले 20 दिनों में एक हजार से ज्यादा शादियां होने वाली हैं। अगर गैस सिलेंडर की सप्लाई जल्द शुरू नहीं हुई तो आयोजन प्रभावित हो सकते हैं।

    सराफा कारोबार पर भी असर
    कमर्शियल गैस की कमी का असर सिर्फ होटल और शादियों तक सीमित नहीं है। सोना-चांदी के आभूषण बनाने वाले कारीगरों का काम भी प्रभावित होने लगा है। भोपाल सराफा एसोसिएशन के अनुसार शहर में करीब 3 हजार कारीगर काम करते हैं और हर कारीगर को महीने में औसतन 3 सिलेंडर की जरूरत पड़ती है।
    इस हिसाब से सराफा कारोबार में हर महीने करीब 9 हजार सिलेंडर का उपयोग होता है, यानी रोजाना लगभग 300 सिलेंडर की जरूरत पड़ती है। सप्लाई रुकने से कारीगरों का काम ठप पड़ने लगा है।

    ऑनलाइन बुकिंग में भी आ रही दिक्कत
    इधर घरेलू गैस सिलेंडर की ऑनलाइन बुकिंग करने वाले उपभोक्ताओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बुकिंग के दौरान कई लोगों को “बिलर टेंपरेरी डाउन” का मैसेज दिखाई दे रहा है, जिससे बुकिंग प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही। इससे कई उपभोक्ता सिलेंडर बुक नहीं कर पा रहे हैं और उन्हें इंतजार करना पड़ रहा है।

    चाय भी हुई महंगी
    गैस सिलेंडर की कीमतों और सप्लाई संकट का असर छोटे दुकानदारों पर भी पड़ने लगा है। सीहोर में पहले 5 रुपए में मिलने वाली कट चाय अब 7 रुपए में मिल रही है। दुकानदारों का कहना है कि गैस सिलेंडर महंगे होने और सप्लाई प्रभावित होने के कारण उन्हें मजबूरी में चाय के दाम बढ़ाने पड़े हैं।

    कारोबारियों की मांग
    होटल और कैटरिंग कारोबार से जुड़े लोगों का कहना है कि अगर जल्द ही कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई सामान्य नहीं हुई तो आने वाले दिनों में शादी समारोह, होटल व्यवसाय और छोटे कारोबारियों को बड़ा नुकसान उठाना पड़ सकता है।

    मध्य प्रदेश में कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई रुकने से कई सेक्टर प्रभावित हो रहे हैं। होटल-रेस्टोरेंट, कैटरिंग, सराफा कारीगर और छोटे दुकानदार सभी इस संकट से जूझ रहे हैं। कारोबारियों ने सरकार और गैस कंपनियों से जल्द सप्लाई बहाल करने की मांग की है।

  • Weather Update: राजस्थान में पारा 40°C पार, मध्य प्रदेश में 39°C; बिहार में बारिश का यलो अलर्ट, पहाड़ी राज्यों में बारिश-बर्फबारी की संभावना

    Weather Update: राजस्थान में पारा 40°C पार, मध्य प्रदेश में 39°C; बिहार में बारिश का यलो अलर्ट, पहाड़ी राज्यों में बारिश-बर्फबारी की संभावना


    नई दिल्ली। 11 मार्च 2026 मार्च की शुरुआत के साथ ही देश के कई हिस्सों में गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार और हरियाणा समेत कई राज्यों में दिन का तापमान तेजी से बढ़ रहा है। राजस्थान में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जबकि मध्य प्रदेश में भी पारा 39°C तक दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में गर्मी और तेज हो सकती है।

    राजस्थान में 40°C पार पहुंचा तापमान
    राजस्थान में गर्मी का असर साफ दिखाई दे रहा है। राज्य के बाड़मेर में सबसे अधिक 40.6°C तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने तेज गर्मी के साथ कुछ इलाकों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा राज्य के करीब 19 जिलों में ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है।

    मध्य प्रदेश में भी बढ़ी गर्मी
    मध्य प्रदेश में मार्च के दूसरे सप्ताह से ही तापमान तेजी से बढ़ने लगा है। ग्वालियर-चंबल संभाग में तापमान सामान्य से 6°C ज्यादा दर्ज किया गया। मंगलवार को धार में सबसे अधिक 39°C तापमान रहा, जबकि राज्य के कई शहरों में तापमान 34°C से अधिक दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि 15 मार्च के बाद गर्मी और तेज हो सकती है।

    बिहार में बारिश का यलो अलर्ट
    बिहार में मौसम का मिजाज थोड़ा बदला हुआ है। मौसम विभाग ने आज 8 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इनमें गोपालगंज, बेगूसराय और नालंदा समेत कई जिले शामिल हैं। मंगलवार को सबसे ज्यादा तापमान सुपौल में 32.1°C दर्ज किया गया, जबकि राजधानी पटना में तापमान 32°C रहा।

    पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी की संभावना
    उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम विभाग ने बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई है। उत्तराखंड के देहरादून में मंगलवार को अधिकतम तापमान 31°C दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में यहां तापमान 35°C तक पहुंच सकता है।

    क्यों बढ़ रही है इतनी जल्दी गर्मी?
    मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक असामान्य गर्मी के पीछे कई कारण हैं। फरवरी में उत्तर और मध्य भारत में पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) कम सक्रिय रहे, जिससे बादल और बारिश कम हुई। इसके कारण सूर्य की किरणें सीधे जमीन तक पहुंच रही हैं और सतह तेजी से गर्म हो रही है।

    इसके अलावा पश्चिम और मध्य भारत के ऊपर एंटी-साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। इस स्थिति में हवा नीचे की ओर दबती है, जिससे बादल कम बनते हैं और गर्म हवाएं चलती रहती हैं। यही कारण तापमान बढ़ने का मुख्य कारण बन रहा है।

    कब घोषित होती है हीटवेव?
    मौसम विभाग के अनुसार जब मैदानों में तापमान 40°C या उससे अधिक पहुंच जाता है और सामान्य तापमान से 4 से 6°C ज्यादा दर्ज होता है, तब हीटवेव की स्थिति मानी जाती है। इस दौरान लोगों को लू लगने का खतरा भी बढ़ जाता है।

    जून में अलनीनो का असर संभव
    मौसम विशेषज्ञों के अनुसार फिलहाल ला-नीना कमजोर हो रहा है और अगले तीन महीने एनसो न्यूट्रल स्थिति रह सकती है। अमेरिकी मौसम एजेंसी NOAA के अनुसार जून की शुरुआत में अलनीनो सक्रिय हो सकता है। इसी समय भारत में मानसून भी आता है।
    अलनीनो की स्थिति बनने पर न सिर्फ गर्मी बढ़ती है, बल्कि मानसून भी कमजोर हो सकता है।

    अगले दो दिन कैसा रहेगा मौसम
    12 मार्च: हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बारिश की संभावना है। पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और बिजली गिरने की आशंका है।

    13 मार्च: केरल और आंध्र प्रदेश में ज्यादातर जगहों पर मौसम शुष्क रहेगा, हालांकि कुछ तटीय इलाकों में हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

    निष्कर्ष:
    देश के कई हिस्सों में मार्च की शुरुआत से ही गर्मी बढ़ने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है, इसलिए लोगों को गर्मी और लू से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

  • aaj Ka Panchang 11 March 2026: अष्टमी तिथि, वृश्चिक राशि में चंद्रमा; जानें राहुकाल, नक्षत्र और शुभ मुहूर्त

    aaj Ka Panchang 11 March 2026: अष्टमी तिथि, वृश्चिक राशि में चंद्रमा; जानें राहुकाल, नक्षत्र और शुभ मुहूर्त


    नई दिल्ली। 11 मार्च 2026 वैदिक पंचांग के अनुसार आज का दिन कई ज्योतिषीय योगों के कारण महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आज बुधवार है और पंचांग के अनुसार कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि चल रही है, जो 12 मार्च को सुबह 04:19 बजे तक रहेगी। धार्मिक कार्यों और दैनिक शुभ-अशुभ समय जानने के लिए पंचांग का विशेष महत्व होता है। यदि आप आज किसी शुभ कार्य की योजना बना रहे हैं तो राहुकाल का समय जरूर ध्यान रखें।

    पंचांग के मुताबिक आज सूर्योदय सुबह 06:36 बजे और सूर्यास्त शाम 06:27 बजे होगा। वहीं चंद्रमा आज वृश्चिक राशि में संचार करेंगे, जिसका प्रभाव कई राशियों पर देखने को मिल सकता है। आज ज्येष्ठा नक्षत्र रात 10:00 बजे तक रहेगा, जबकि वज्र योग सुबह 09:12 बजे तक प्रभावी रहेगा।

    राहुकाल का समय
    आज बुधवार को राहुकाल दोपहर 12:31 बजे से 02:00 बजे तक रहेगा। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार इस समय किसी भी शुभ कार्य की शुरुआत करने से बचना चाहिए।

    पंचांग के मुख्य तथ्य
    तिथि: कृष्ण पक्ष अष्टमी (12 मार्च सुबह 04:19 बजे तक)

    नक्षत्र: ज्येष्ठा (रात 10:00 बजे तक)

    योग: वज्र योग (सुबह 09:12 बजे तक)

    वार: बुधवार

    चंद्रमा: वृश्चिक राशि में

    सूर्योदय: 06:36 प्रातः

    सूर्यास्त: 06:27 सायं

    राहुकाल: 12:31 अपराह्न से 02:00 अपराह्न

    वाहन खरीदने का अगला शुभ मुहूर्त
    यदि आप नई गाड़ी खरीदने की योजना बना रहे हैं तो 15 मार्च 2026 को वाहन खरीदने का शुभ मुहूर्त बन रहा है। इस दिन वाहन खरीदना शुभ माना गया है।

    घर खरीदने का अगला शुभ दिन
    ज्योतिषीय गणना के अनुसार 13 मार्च 2026 घर खरीदने के लिए अगली शुभ तिथि मानी जा रही है। इस दिन संपत्ति से जुड़े कार्य करना लाभकारी माना जाता है।

    विवाह का अगला शुभ मुहूर्त
    अगर आप शादी के लिए शुभ मुहूर्त देख रहे हैं तो 15 अप्रैल 2026 विवाह के लिए अगला अनुकूल समय बताया गया है।

    निष्कर्ष:
    आज का दिन सामान्य कार्यों के लिए अनुकूल है, लेकिन राहुकाल के समय किसी भी नए या शुभ कार्य की शुरुआत करने से बचना चाहिए। वहीं आने वाले दिनों में वाहन खरीद, घर खरीद और विवाह के लिए कई शुभ मुहूर्त भी बन रहे हैं।

  • Aaj Ka Ank Jyotish 11 March 2026: मूलांक 1 से 9 तक के लोगों के लिए कैसा रहेगा आज का दिन? पढ़ें आज का अंक राशिफल

    Aaj Ka Ank Jyotish 11 March 2026: मूलांक 1 से 9 तक के लोगों के लिए कैसा रहेगा आज का दिन? पढ़ें आज का अंक राशिफल



    नई दिल्ली। 11 मार्च 2026। अंक ज्योतिष के अनुसार किसी भी व्यक्ति की जन्मतिथि से उसका मूलांक (Root Number) निकाला जाता है। यह मूलांक 1 से 9 के बीच होता है और इससे व्यक्ति के स्वभाव, करियर, आर्थिक स्थिति, स्वास्थ्य और रिश्तों के बारे में कई संकेत मिलते हैं।
    आज 11 मार्च 2026 का दिन अलग-अलग मूलांक वाले लोगों के लिए अलग ऊर्जा और अवसर लेकर आया है। उदाहरण के लिए अगर किसी व्यक्ति का जन्म किसी भी महीने की 11 तारीख को हुआ है, तो 1+1=2 होने के कारण उसका मूलांक 2 होगा।
    अगर आपको अपना मूलांक पता है, तो आइए जानते हैं कि आज का दिन आपके लिए क्या संदेश लेकर आया है।

    मूलांक 1
    आज का दिन मूलांक 1 वालों के लिए सकारात्मक रहने वाला है। कामकाज के क्षेत्र में आपकी प्रभावशाली छवि देखने को मिलेगी और लोग आपकी बातों को महत्व देंगे। नई ऊर्जा के साथ आप कई कार्यों को तेजी से पूरा कर सकते हैं। हालांकि कोई बड़ा निर्णय लेने से पहले पूरी योजना जरूर बनाएं, क्योंकि जल्दबाजी छोटी गलतियों का कारण बन सकती है।
    टीमवर्क से बेहतर परिणाम मिलेंगे। मानसिक थकान से बचने के लिए बीच-बीच में छोटे ब्रेक लें और खानपान का विशेष ध्यान रखें।

    मूलांक 2
    आज आपकी अंतरात्मा की आवाज काफी मजबूत रहेगी और आप कार्यस्थल की परिस्थितियों को गहराई से समझ पाएंगे। रिसर्च, काउंसलिंग या गंभीर चर्चा से जुड़े कामों में सफलता मिल सकती है।
    भावनात्मक रूप से थोड़ा उतार-चढ़ाव संभव है, इसलिए खुद को सकारात्मक माहौल में रखें। परिवार और करीबी लोगों के साथ समय बिताना अच्छा रहेगा। अपनी भावनाएं खुलकर व्यक्त करें, लेकिन जरूरत से ज्यादा संवेदनशील होने से बचें।

    मूलांक 3
    मूलांक 3 के लिए आज आत्मविश्वास से भरा दिन रहेगा। किसी नए प्रोजेक्ट या रचनात्मक काम की शुरुआत करने के लिए समय अनुकूल है। आपकी सकारात्मक सोच दूसरों को भी प्रभावित करेगी।
    हालांकि उत्साह में आकर जरूरत से ज्यादा वादे करने से बचें। खानपान और पानी पीने की आदतों का ध्यान रखें। प्रेम संबंधों में बातचीत सहज रहेगी, लेकिन गंभीर विषयों पर मजाक करने से बचें।

    मूलांक 4
    आज का दिन जीवन और काम को व्यवस्थित करने का संकेत दे रहा है। यह समय मजबूत नींव तैयार करने और लंबे लक्ष्यों पर काम शुरू करने के लिए अच्छा है।
    जरूरी कामों को प्राथमिकता देकर एक-एक करके पूरा करें। नियमितता और अनुशासन आपको भविष्य में बड़ी सफलता दिला सकते हैं।
    मानसिक तनाव से बचने के लिए गहरी सांस लेने वाले व्यायाम करें और पार्टनर के साथ संवाद बनाए रखें।

    मूलांक 5
    आज मूलांक 5 वालों के लिए अंतर्ज्ञान काफी मददगार साबित होगा। कई बार दिल की आवाज दिमाग से ज्यादा सही रास्ता दिखाती है। अचानक मिलने वाले अवसरों को पहचानने में आपकी समझ काम आएगी।
    आज जीवन में मिलने वाले छोटे-छोटे संकेतों पर ध्यान दें। ये आपको सही दिशा की ओर ले जा सकते हैं।
    स्वास्थ्य के लिए ताजे फल, हरी सब्जियां और पर्याप्त पानी का सेवन करें।

    मूलांक 6
    आज आपका अलग और रचनात्मक काम करने का तरीका पुरानी समस्याओं का समाधान निकाल सकता है। टीम के साथ मिलकर काम करना फायदेमंद रहेगा।
    प्रेजेंटेशन या क्लाइंट मीटिंग्स में सफलता मिल सकती है। भावनात्मक संतुलन बनाए रखें और मन को शांत रखने के लिए हल्का संगीत सुनें।
    रिश्तों में रोमांस बढ़ेगा। अपने प्रियजनों की सराहना करें और छोटे-छोटे सरप्राइज रिश्तों को मजबूत बना सकते हैं।

    मूलांक 7
    आज की ऊर्जा मूलांक 7 वालों के पक्ष में रहेगी। आपकी गहरी सोच और योजनाएं आपको सफलता की ओर ले जा सकती हैं।
    हालांकि अपने विचारों को केवल मन में रखने के बजाय उन्हें दूसरों के सामने भी रखें। ताजी हवा में समय बिताने से मन शांत रहेगा।
    आज आप ज्ञानवर्धक चर्चाओं में रुचि ले सकते हैं और पार्टनर के साथ खुलकर संवाद करना बेहतर रहेगा।

    मूलांक 8
    आज का दिन भविष्य की योजना और आर्थिक मामलों पर ध्यान देने के लिए अच्छा है। आपकी व्यवहारिक सोच आपको सही फैसले लेने में मदद करेगी।
    हालांकि काम का तनाव खुद पर हावी न होने दें और जीवन में संतुलन बनाए रखें।
    रिश्तों में थोड़ी भावनात्मक बातचीत जरूरी है। अपनों के साथ अपनी सच्ची भावनाएं साझा करें।

    मूलांक 9
    आज आपका काम करने का अलग अंदाज दूसरों को प्रेरित कर सकता है। नेतृत्व क्षमता मजबूत रहेगी, लेकिन कोई बड़ा कदम उठाने से पहले तैयारी की जांच जरूर करें।
    ऊर्जा में थोड़ा उतार-चढ़ाव संभव है, इसलिए संतुलित आहार और पर्याप्त पानी जरूरी है।
    पुरानी भावनाएं या विवाद सामने आ सकते हैं, इसलिए कड़वाहट रखने के बजाय बातचीत के जरिए समाधान निकालें।

    अंक ज्योतिष के अनुसार आज का दिन कई मूलांक वालों के लिए नई संभावनाएं और आत्मचिंतन का अवसर लेकर आया है। सही योजना, सकारात्मक सोच और संतुलित जीवनशैली अपनाकर आप दिन को और बेहतर बना सकते हैं।

  • केंद्र सरकार के निर्देश पर देश की तेल रिफाइनरियों ने एलपीजी का उत्पादन 10 फीसदी बढ़ाया

    केंद्र सरकार के निर्देश पर देश की तेल रिफाइनरियों ने एलपीजी का उत्पादन 10 फीसदी बढ़ाया


    नई दिल्ली।
    घरेलू उपभोक्ताओं को रसोई गैस (एलपीजी) की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार के निर्देशों के बाद देश की तेल रिफाइनरियों ने एलपीजी का उत्पादन करीब 10 फीसदी बढ़ा दिया है। सरकार ने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के रास्ते एलएनजी आपूर्ति में आई बाधा के बीच एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए देश की तेल रिफाइनरियों को उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए थे। उत्पादन बढ़ाने के बाद सभी रिफाइनरियां 100 फीसदी क्षमता पर काम कर रही हैं।


    एलपीजी की आपूर्ति को लेकर पीएम ने की उच्च स्तरीय बैठक

    एलपीजी की आपूर्ति पर असर पड़ने की आशंका को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी और विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ उच्च स्तरीय बैठक की। इस बैठक में रसोई गैस की संभावित कमी से निपटने के उपायों पर चर्चा की गई।


    रसोई गैस सिलिंडर की बुकिंग का प्रतीक्षा समय बढ़ा

    केंद्र सरकार के निर्देश के बाद उत्पादन बढ़ाने के इस कदम से संभावित आपूर्ति बाधित होने को लेकर उठ रही चिंताओं को कम करने में मदद मिली है। सरकार ने घरेलू एलपीजी के दुरुपयोग और अनियमितताओं को रोकने के लिए नए गैस सिलिंडर की बुकिंग के बीच प्रतीक्षा की अवधि भी 21 दिनों से बढ़ाकर 25 दिन कर दी है।


    वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों की किल्लत पर मंत्रालय ने बनाई समिति

    वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडरों की अचानक किल्लत होने से होटल और रेस्तरां उद्योग में चिंता बढ़ने के बाद पेट्रोलियम मंत्रालय ने आपूर्ति से जुड़े मुद्दों की समीक्षा के लिए एक समिति गठित की है। पेट्रोलियम मंत्रालय के मुताबिक रेस्तरां, होटलों और अन्य उद्योगों को एलपीजी आपूर्ति से संबंधित मांगों की समीक्षा के लिए तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) के तीन कार्यकारी निदेशकों की एक समिति बनाई गई है।


    एलपीजी उत्पादन करने वाली इकाइयों को गैस आवंटन में मिलेगी प्राथमिकता

    पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण आयात प्रभावित होने के बीच सरकार की एक अधिसूचना में कहा गया है कि अब घरेलू रूप से उत्पादित प्राकृतिक गैस की आपूर्ति प्राथमिकता के आधार पर उन इकाइयों को की जाएगी, जो इसका उपयोग एलपीजी उत्पादन के लिए करती हैं। अभी तक संपीडित प्राकृतिक गैस (सीएनजी) और घरों में पाइप के जरिये पहुंचाई जाने वाली रसोई गैस (पीएनजी) ही ऐसे दो प्राथमिकता वाले क्षेत्र थे जिन्हें कच्चे माल के रूप में घरेलू प्राकृतिक गैस मिलती थी।

    भारत में सालाना लगभग 3.13 करोड़ टन एलपीजी की खपत होती है, इसमें लगभग 87 फीसदी हिस्सा घरेलू रसोई गैस का है, जबकि बाकी का उपयोग होटल, रेस्तरां और अन्य वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में होता है। देश की कुल एलपीजी जरूरत का करीब 62 प्रतिशत आयात से पूरा होता है। भारत को सऊदी अरब जैसे देशों से एलपीजी आयात का 85 से 90 फीसदी हिस्सा मिलता है।

  • भारत में घरेलू उपभोक्ताओं को ईंधन की कोई कमी नहीं होगी : हरदीप सिंह पुरी

    भारत में घरेलू उपभोक्ताओं को ईंधन की कोई कमी नहीं होगी : हरदीप सिंह पुरी


    नई दिल्ली।
    केंद्रीय पेट्रोलियम और नेचुरल गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मंगलवार को भरोसा दिलाया कि भारत में घरेलू उपभोक्ताओं को पेट्रोलियम पदार्थों (पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और पीएनजी) की कोई कमी नहीं होगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि देश में ईंधन का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है।

    केंद्रीय पेट्रोलियम और नेचुरल गैस मंत्री ने ‘एक्स’ पोस्ट पर जारी एक बयान में ये भरोसा दिलाया कि भारत में घरेलू उपभोक्ताओं को ईंधन की कोई कमी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि देश में ईंधन का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और वैश्विक तनाव के बावजूद निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। हरदीप सिंह पुरी ने भरोसा दिलाया कि भारत में घरेलू कंज्यूमर्स के लिए एनर्जी की कोई कमी नहीं है और घबराने की कोई बात नहीं है। पेट्रोलियम मंत्री ने जोर देकर कहा कि भारत का ऊर्जा आयात अलग-अलग सोर्स और रास्तों से लगातार हो रहा है।

    केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार ने यह पक्का करने के लिए कई कदम उठाए हैं कि घरेलू उपभोक्ताओं को सीएनजी और पीएनजी की 100 फीसदी सप्लाई हो, और पश्चिम एशिया के मौजदा हालात के बावजूद दूसरी इंडस्ट्रीज़ को उनकी सप्लाई का 70 से 80 फीसदी मिलता रहे। पेट्रोलियम मंत्री ने कहा कि सरकार देश के घरेलू उपभोक्तओं को सस्ती एनर्जी की बिना रुकावट सप्लाई पक्का करने के लिए कमिटेड है।

    हरदीप सिंह पुरी ने जारी बयान में कहा कि आज मीडिया के लोगों के साथ इनफॉर्मल बातचीत में हमने इस बात पर चर्चा की कि भारत में एनर्जी का इंपोर्ट अलग-अलग सोर्स और रास्तों से लगातार हो रहा है। उन्होंने कहा कि घरेलू कंज्यूमर्स के लिए कोई कमी नहीं है और घबराने की कोई बात नहीं है।

  • अमेरिका बोला- ईरान के मिसाइल उत्पादन ढांचे को करेंगे तबाह, तेहरान का हाइफा की रिफाइनरी पर हमले का दावा

    अमेरिका बोला- ईरान के मिसाइल उत्पादन ढांचे को करेंगे तबाह, तेहरान का हाइफा की रिफाइनरी पर हमले का दावा


    वॉशिंगटन/तेहरान।
    पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच अमेरिका ने कहा है कि उसकी सेना ईरान के मिसाइल उत्पादन से जुड़े बुनियादी ढांचे को खत्म करने के लिए अभियान चला रही है।

    व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लीविट ने कहा कि पिछले 10 दिनों में चलाया गया अमेरिकी सैन्य अभियान काफी सफल रहा है और सैनिक उम्मीद से भी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि अमेरिकी सेना ने अब तक ईरान की नौसेना के 50 से अधिक जहाजों को नष्ट कर दिया है, जिनमें एक बड़ा ड्रोन कैरियर जहाज भी शामिल है। लेविट ने कहा कि यह कार्रवाई अमेरिकी सैन्य अभियान ऑपरेशन एपिक फ्यूरी के तहत की जा रही है और इसका उद्देश्य ईरान की मिसाइल तथा सैन्य क्षमताओं को कमजोर करना है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को विश्वास है कि अभियान के लक्ष्य जल्द ही हासिल कर लिए जाएंगे।

    दूसरी ओर, ईरान ने दावा किया है कि उसने इजराइल के ऊर्जा ढांचे को निशाना बनाया है। ईरान के खातम अल-अंबिया सशस्त्र बल मुख्यालय के प्रवक्ता के अनुसार ड्रोन हमलों के जरिए हाइफामें स्थित तेल रिफाइनरी और ईंधन भंडारण टैंकों को निशाना बनाया गया। ईरान का कहना है कि यह हमला उसके जवाबी सैन्य अभियान की 33वीं लहर का हिस्सा है और इसे ईरान के तेल डिपो तथा ऊर्जा ठिकानों पर हुए हालिया हमलों के जवाब में अंजाम दिया गया है।