शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद को मिली जान से मारने की चेतावनी, कहा- "अतीक अहमद जैसा करेंगे हाल"

वाराणसी। वाराणसी में ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती को जान से मारने की धमकी दी गई है। उनके मीडिया प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि ज्योतिर्मठ के आधिकारिक नंबर पर धमकी भरे मैसेज और ऑडियो भेजे गए हैं, जिससे उनके अनुयायियों में हड़कंप मच गया।

गौ रक्षा अभियान के कारण धमकी
संजय पांडेय के अनुसार शंकराचार्य के नेतृत्व में ‘गौ माता-राष्ट्रमाता’ अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य भारत में गौ हत्या को रोकना है। इसी अभियान के तहत 3 मई से उत्तर प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र में गविष्ठी यात्रा शुरू होगी, जिसमें शंकराचार्य लोगों को गौ रक्षा के लिए प्रेरित करेंगे और हर विस क्षेत्र में रामा गौ धाम निर्माण पर जोर देंगे।

धमकी का सिलसिला
पहली अप्रैल को ज्योतिर्मठ के नंबर पर लगातार मैसेज भेजकर धमकाया गया। नंबर ब्लॉक करने के बाद 6 अप्रैल को दो ऑडियो संदेश भेजे गए, जिनमें अतीक अहमद की तरह मारने की चेतावनी दी गई। मीडिया प्रभारी ने कहा कि इस मामले में जल्द ही विधिक कार्रवाई की जाएगी।

इससे पहले श्री कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति निर्माण ट्रस्ट (मथुरा) के अध्यक्ष आशुतोष ब्रह्मचारी और उनके अधिवक्ता को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। पुलिस जांच में धमकी देने वाले मोबाइल नंबर को पाकिस्तान का पाया गया, जिससे इसे अंतरराष्ट्रीय साजिश माना गया।

सुप्रीम कोर्ट में पैरवी के दौरान डराने की कोशिश
यह मामला स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से जुड़े कानूनी विवाद से जुड़ा है। आशुतोष ब्रह्मचारी ने उच्च न्यायालय द्वारा शंकराचार्य को दी गई अग्रिम जमानत के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में विशेष अनुमति याचिका (SLP) दाखिल की थी। आशुतोष के अनुसार, 25 मार्च को कोर्ट में पैरवी शुरू होते ही उन्हें धमकाने का सिलसिला शुरू हो गया।