IPL की 'ग्रेटेस्ट XI' से रोहित शर्मा बाहर! केविन पीटरसन ने धोनी को सौंपा नेतृत्व, इस दिग्गज स्पिनर को बताया अपना फेवरेट।


नई दिल्ली :
इंडियन प्रीमियर लीग IPL के इतिहास में जब भी सबसे सफल कप्तानों और बल्लेबाजों की चर्चा होती है, तो रोहित शर्मा का नाम सबसे ऊपर आता है। “हिटमैन” के नाम से मशहूर रोहित ने न केवल अपनी कप्तानी में मुंबई इंडियंस को पांच बार खिताबी जीत दिलाई है, बल्कि वे टूर्नामेंट के इतिहास में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर काबिज हैं। बावजूद इसके, इंग्लैंड के पूर्व दिग्गज कप्तान केविन पीटरसन की “ऑल-टाइम IPL XI” में रोहित शर्मा को जगह नहीं मिल सकी है। पीटरसन ने हाल ही में एक पॉडकास्ट के दौरान अपनी ड्रीम टीम का चयन किया, जिसमें कई चौंकाने वाले फैसले देखने को मिले। दिग्गजों से भरी इस लीग में से सिर्फ 11 खिलाड़ियों को चुनना हमेशा से एक टेढ़ी खीर रहा है, और पीटरसन की टीम से रोहित जैसे बड़े नाम का छूटना क्रिकेट जगत में चर्चा का विषय बन गया है।

‘लव ऑफ क्रिकेट’ पॉडकास्ट पर जोस बटलर के साथ चर्चा करते हुए पीटरसन ने अपनी टीम की रूपरेखा तैयार की। ओपनिंग स्लॉट के लिए उनके पास क्रिस गेल, विराट कोहली, डेविड वॉर्नर और रोहित शर्मा जैसे विकल्प थे, लेकिन पीटरसन ने ‘यूनिवर्स बॉस’ क्रिस गेल और ‘किंग’ विराट कोहली की जोड़ी पर भरोसा जताया। मध्यक्रम की बात आई तो उन्होंने बिना किसी हिचकिचाहट के “मिस्टर आईपीएल” कहे जाने वाले सुरेश रैना और दक्षिण अफ्रीकी दिग्गज एबी डी विलियर्स को टीम में शामिल किया। कप्तान और विकेटकीपर की भूमिका के लिए पीटरसन ने महेंद्र सिंह धोनी के नाम पर मुहर लगाई और इसे “नॉन-नेगोशिएबल” यानी बिना किसी शर्त के अनिवार्य बताया। धोनी को उन्होंने बल्लेबाजी क्रम में पांचवें नंबर पर रखा, जो उनके नियमित क्रम से थोड़ा ऊपर है।

ऑलराउंडर और स्पिन विभाग में भी पीटरसन ने कड़े फैसले लिए। उन्होंने हार्दिक पांड्या जैसे मैच विनर को नजरअंदाज करते हुए आंद्रे रसेल और सुनील नरेन को प्राथमिकता दी। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि नरेन किसी भी आईपीएल टीम का हिस्सा होने चाहिए। वहीं, रवींद्र जडेजा को भी उन्होंने अपनी टीम में शामिल करना जरूरी समझा। स्पिन गेंदबाजी के मोर्चे पर पीटरसन ने राशिद खान और हरभजन सिंह के ऊपर युजवेंद्र चहल को तरजीह दी। चहल की तारीफ करते हुए पीटरसन ने यहाँ तक कह दिया कि आरसीबी RCB द्वारा चहल को रिलीज करना आईपीएल इतिहास का सबसे खराब फैसला था।

तेज गेंदबाजी आक्रमण की बारी आई तो पीटरसन को विकल्प सुनने की भी जरूरत महसूस नहीं हुई। उन्होंने जसप्रीत बुमराह और लसिथ मलिंगा के नाम सुनते ही उन्हें अपनी अंतिम एकादश में शामिल कर लिया। पीटरसन की इस टीम में संतुलन और आक्रामकता का अनोखा मिश्रण दिखता है, लेकिन रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या की अनुपस्थिति इस चयन को काफी विवादित और रोचक बनाती है। उनकी यह ‘ग्रेटेस्ट इलेवन’ पूरी तरह से उन खिलाड़ियों पर केंद्रित रही जिन्होंने पिछले डेढ़ दशक में व्यक्तिगत प्रदर्शन से आईपीएल को एक नई ऊंचाई दी है।