इंदौर में चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों को टक्कर मारकर भागी स्कॉर्पियो, तीन किलोमीटर पीछा कर दो युवक गिरफ्तार


इंदौर: के संयोगितागंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस चेकिंग के दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने दो पुलिसकर्मियों को टक्कर मार दी और स्टॉपर तोड़कर मौके से फरार हो गई। घटना के बाद पुलिस टीम ने तुरंत कार का पीछा शुरू किया और करीब तीन किलोमीटर तक पीछा करने के बाद तिलक नगर इलाके में घेराबंदी कर स्कॉर्पियो को रोक लिया।
पुलिस ने कार में सवार दो युवकों को हिरासत में लिया है। पकड़े गए युवकों की पहचान अनुज मीणा और शिवम के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, घटना के समय अनुज मीणा कार चला रहा था। प्राथमिक जांच में दोनों का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, देर रात शहर के संवेदनशील स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पीसी सेठी अस्पताल की ओर से नवलखा की तरफ जा रही काले रंग की स्कॉर्पियो को पुलिसकर्मियों ने रुकने का इशारा किया। आरोप है कि चालक ने वाहन की रफ्तार कम करने के बजाय उसे और तेज कर दिया और सीधे पुलिस स्टॉपर में टक्कर मार दी। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात कॉन्स्टेबल लाल साहब और हेड कॉन्स्टेबल राजेश मिश्रा वाहन की चपेट में आ गए और घायल हो गए। टक्कर के बाद चालक कार को लेकर तिलक नगर मार्ग की तरफ तेजी से भाग निकला।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने वायरलेस सेट के जरिए आगे तैनात पुलिस बल को जानकारी दी और स्कॉर्पियो का पीछा शुरू कर दिया। तिलक नगर क्षेत्र में पुलिस ने घेराबंदी कर कार को रोक लिया और उसमें सवार दोनों युवकों को पकड़ लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो को भी जब्त कर लिया है। जांच के दौरान कार के आगे वाले हिस्से पर ‘दादा’ लिखा हुआ मिला। संयोगितागंज थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने, लापरवाही से वाहन चलाने और पुलिसकर्मियों को चोट पहुंचाने से जुड़ी विभिन्न कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

हादसे के तुरंत बाद घायल दोनों पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। हेड कॉन्स्टेबल राजेश मिश्रा को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। वहीं कॉन्स्टेबल लाल साहब का उपचार अस्पताल में जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति सामान्य और खतरे से बाहर बताई गई है। पुलिस मामले में दोनों युवकों से घटना को लेकर विस्तृत पूछताछ कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।