SAI Recruitment 2026: 100 असिस्टेंट कोच पदों पर वैकेंसी, जानें योग्यता और आवेदन प्रक्रिया


नई दिल्ली। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) ने बड़ा अवसर जारी किया है। संस्थान ने असिस्टेंट कोच के कुल 100 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह नियुक्ति प्रतिनियुक्ति (डेप्यूटेशन) के आधार पर की जाएगी।

जारी अधिसूचना के अनुसार आवेदन प्रक्रिया 26 मई 2026 से शुरू हो चुकी है और इच्छुक उम्मीदवार 27 जून 2026 शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन ऑफलाइन माध्यम से भेजना होगा।

इन पदों पर चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति प्रारंभ में 3 वर्षों के लिए की जाएगी, जिसे प्रदर्शन के आधार पर अधिकतम 7 वर्षों तक बढ़ाया जा सकता है।

योग्यता के रूप में उम्मीदवार के पास एसएआई/एनएस-एनआईएस पटियाला से कोचिंग डिप्लोमा या समकक्ष योग्यता होनी चाहिए। इसके अलावा ओलंपिक, पैरालंपिक, एशियाई खेलों या विश्व चैंपियनशिप में भाग लेने वाले खिलाड़ी, द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता या संबंधित खेल कोटा के अंतर्गत योग्य उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं।

सरकारी विभागों में कार्यरत वे अधिकारी भी पात्र हैं जिनके पास समान पद पर अनुभव या लेवल-5 में कम से कम 6 वर्ष की नियमित सेवा हो।

अधिकतम आयु सीमा 56 वर्ष निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 26 मई 2026 के आधार पर की जाएगी।

चयन प्रक्रिया में पात्रता जांच, इंटरव्यू और मेरिट सूची शामिल होगी। चयनित उम्मीदवारों को 35,400 रुपये से लेकर 1,12,400 रुपये प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा, साथ ही अन्य भत्तों का लाभ भी मिलेगा।

आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को SAI की आधिकारिक वेबसाइट से आवेदन फॉर्म डाउनलोड कर उसे भरना होगा। सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ फॉर्म को निर्धारित पते पर डाक के माध्यम से भेजना अनिवार्य है।