शुक्र जल्‍द बदलेंगे नक्षत्र, इन 4 राशियों को रहना होगा सतर्क, बढ़ सकते हैं खर्च, तनाव और चुनौतियां


नई दिल्ली। 16 जुलाई 2026 को सुख, वैभव और भौतिक सुख-सुविधाओं के कारक शुक्र देव अपने स्वामित्व वाले पूर्वाफाल्गुनी नक्षत्र में प्रवेश करेंगे। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार यह नक्षत्र परिवर्तन कई राशियों के लिए शुभ फल देने वाला माना जा रहा है, लेकिन कुछ राशियों के जातकों को इस दौरान आर्थिक, पारिवारिक, करियर और स्वास्थ्य से जुड़े मामलों में अतिरिक्त सावधानी बरतने की आवश्यकता होगी।

वृषभ राशि
शुक्र आपकी राशि के स्वामी हैं, लेकिन इस गोचर के दौरान खर्चों पर नियंत्रण रखना जरूरी होगा। सुख-सुविधाओं और विलासिता की वस्तुओं पर जरूरत से ज्यादा खर्च होने से आर्थिक संतुलन बिगड़ सकता है। कर्ज लेने की नौबत भी आ सकती है। परिवार में किसी बात को लेकर मतभेद या गलतफहमी की स्थिति बन सकती है। इस अवधि में किसी को बड़ी रकम उधार देने से बचना बेहतर रहेगा।

कन्या राशि
कन्या राशि के जातकों के लिए यह समय मानसिक दबाव और अनावश्यक खर्च बढ़ाने वाला हो सकता है। कार्यस्थल पर प्रतिस्पर्धा तेज रहेगी और कुछ लोग आपके काम में कमियां निकालने की कोशिश कर सकते हैं। ऐसे में विवादों और ऑफिस की राजनीति से दूरी बनाए रखना बेहतर रहेगा। स्वास्थ्य के लिहाज से आंखों, त्वचा और थकान से जुड़ी समस्याएं परेशान कर सकती हैं। साथ ही विरोधियों की गतिविधियों पर भी नजर रखना जरूरी होगा।

वृश्चिक राशि
शुक्र का यह नक्षत्र परिवर्तन करियर और सामाजिक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में उतार-चढ़ाव ला सकता है। नौकरी या कार्यस्थल पर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मतभेद की स्थिति बन सकती है। मेहनत के अनुरूप परिणाम नहीं मिलने से निराशा महसूस हो सकती है। प्रेम संबंधों और वैवाहिक जीवन में विश्वास बनाए रखने की जरूरत होगी। कार्यक्षेत्र में किसी भी अनैतिक या शॉर्टकट रास्ते से बचना आपके लिए लाभकारी रहेगा।

मीन राशि
मीन राशि के जातकों के लिए यह गोचर विरोधियों को मजबूत कर सकता है। यदि कोई कानूनी मामला चल रहा है तो उसमें चुनौतियां बढ़ सकती हैं। इस दौरान किसी भी तरह के विवाद से बचना बेहतर रहेगा। साझेदारी में कारोबार करने वालों को पैसों के लेनदेन में पूरी पारदर्शिता रखनी चाहिए। स्वास्थ्य को लेकर भी लापरवाही न करें और बाहर के भोजन से परहेज करें।

नकारात्मक प्रभाव कम करने के उपाय
ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार शुक्रवार के दिन चावल, दूध, चीनी या सफेद वस्त्र जैसी सफेद वस्तुओं का दान करना शुभ माना जाता है। इसके अलावा शुक्रवार को या प्रतिदिन “ॐ द्रां द्रीं द्रौं सः शुक्राय नमः” मंत्र का 108 बार जाप करने की सलाह दी जाती है। महिलाओं का सम्मान करना और घर की विशेष रूप से दक्षिण-पूर्व दिशा की साफ-सफाई का ध्यान रखना भी शुभ माना गया है।