Author: bharati

  • भारत में लॉकडाउन की अफवाहों को लेकर हरदीप पुरी ने की स्थिति स्पष्ट, जानिए क्‍या कहा ?

    भारत में लॉकडाउन की अफवाहों को लेकर हरदीप पुरी ने की स्थिति स्पष्ट, जानिए क्‍या कहा ?


    नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में जारी संकट के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों में तेज़ी देखी जा रही है। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि पिछले एक महीने में कच्चे तेल की कीमतें 70 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर करीब 122 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई हैं। इसके परिणामस्वरूप दुनिया भर में पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ गई हैं। दक्षिण-पूर्व एशिया में कीमतों में 30%-50%, उत्तरी अमेरिका में 30%, यूरोप में 20% और अफ्रीका में 50% तक की वृद्धि हुई है।

    हरदीप पुरी ने बताया कि मोदी सरकार के सामने दो विकल्प थे: या तो अन्य देशों की तरह भारतीय नागरिकों से अधिक शुल्क लें या फिर वित्तीय बोझ उठाकर जनता को अंतरराष्ट्रीय अस्थिरता से सुरक्षित रखें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने रूस-यूक्रेन संघर्ष के बाद पिछले चार सालों से निभाई जा रही प्रतिबद्धता के तहत देशवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वित्तीय बोझ उठाने का निर्णय लिया है।

    सरकार ने राजस्व में कटौती की

    केंद्रीय मंत्री ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती पेट्रोल और डीजल की कीमतों के चलते तेल कंपनियों को हो रहे भारी नुकसान (पेट्रोल पर लगभग 24 रुपये/लीटर और डीजल पर 30 रुपये/लीटर) को कम करने के लिए सरकार ने अपने राजस्व में बड़ा कटौती किया है। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय कीमतों में वृद्धि के कारण निर्यात पर टैक्स भी लगाया गया है, और किसी भी रिफाइनरी को विदेशी निर्यात के लिए एक्सपोर्ट टैक्स देना होगा।

    लॉकडाउन अफवाहों का खंडन

    हरदीप पुरी ने कहा कि वैश्विक हालात अभी भी अनिश्चित हैं, और सरकार ऊर्जा, सप्लाई चेन और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति पर लगातार नजर रख रही है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि ईंधन और अन्य आवश्यक वस्तुएँ बिना किसी बाधा के उपलब्ध रहें।

    केंद्रीय मंत्री ने साफ किया कि भारत ने पहले भी वैश्विक अनिश्चितताओं के दौरान स्थिरता दिखाई है और आगे भी सक्रिय और समन्वित कदम उठाता रहेगा। लॉकडाउन को लेकर फैली अफवाहें पूरी तरह गलत हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में अफवाह फैलाना और डर का माहौल बनाना गैर-जिम्मेदाराना है, और जनता को शांत, संयमित और एकजुट रहना चाहिए।

  • FY27 में ऑटो इंडस्ट्री की रफ्तार धीमी पड़ने के संकेत, ग्रोथ में आ सकती है नरमी

    FY27 में ऑटो इंडस्ट्री की रफ्तार धीमी पड़ने के संकेत, ग्रोथ में आ सकती है नरमी


    नई दिल्ली। भारत के ऑटोमोबाइल सेक्टर ने वित्त वर्ष 2026 (FY26) में शानदार प्रदर्शन किया है, लेकिन आने वाले वित्त वर्ष 2027 (FY27) में इस रफ्तार में कुछ कमी देखने को मिल सकती है। रेटिंग एजेंसी ICRA की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, जहां FY26 में जीएसटी कटौती, बेहतर आर्थिक गतिविधियों और मजबूत मांग ने इंडस्ट्री को गति दी, वहीं FY27 में हाई बेस और बढ़ती लागत के कारण ग्रोथ थोड़ी धीमी पड़ सकती है।

    रिपोर्ट बताती है कि जीएसटी दरों में कमी से खासतौर पर दोपहिया और वाणिज्यिक वाहन (CV) सेगमेंट को बड़ा फायदा हुआ। इससे ग्राहकों की खरीद क्षमता (affordability) बढ़ी और कंपनियों को भी मांग में तेजी देखने को मिली। खासकर कमर्शियल व्हीकल्स के बेड़े बनाना पहले के मुकाबले ज्यादा किफायती हो गया, जिससे ट्रांसपोर्ट और लॉजिस्टिक्स सेक्टर में निवेश बढ़ा।

    कमर्शियल व्हीकल्स में जबरदस्त उछाल, LCV सेगमेंट को मिला फायदा

    फरवरी 2026 में 23.8% की वृद्धि, इन्फ्रास्ट्रक्चर और लॉजिस्टिक्स ने बढ़ाई मांग

    रिपोर्ट के मुताबिक, फरवरी 2026 में वाणिज्यिक वाहनों की थोक बिक्री में सालाना आधार पर 23.8% की वृद्धि दर्ज की गई, जबकि पूरे वित्त वर्ष के पहले 11 महीनों में यह वृद्धि 12.5% रही। खुदरा बिक्री में भी 28.9% की तेज बढ़ोतरी देखने को मिली, जिसमें मध्यम और भारी वाणिज्यिक वाहनों (M&HCV) की अहम भूमिका रही।

    हल्के वाणिज्यिक वाहन (LCV) सेगमेंट को भी काफी फायदा मिला है। अंतिम मील डिलीवरी (last-mile delivery) की मांग में सुधार और जीएसटी के चलते लागत कम होने से इस सेगमेंट में तेजी आई है। FY26 में LCV सेगमेंट में 7-9% की वृद्धि का अनुमान है, लेकिन FY27 में यह घटकर 4-6% रह सकती है।

    दोपहिया सेगमेंट में आई मजबूती, ग्रामीण मांग बनी सहारा

    बिक्री कई साल के उच्च स्तर पर, लेकिन FY27 में धीमी हो सकती है ग्रोथ

    दोपहिया वाहन सेगमेंट में भी व्यापक सुधार देखा गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में मांग बढ़ने, आसान फाइनेंसिंग और जीएसटी कटौती से कीमतों में कमी के कारण FY26 में बिक्री कई वर्षों के उच्च स्तर पर पहुंच सकती है।

    रिपोर्ट के अनुसार, FY26 में घरेलू थोक बिक्री में लगभग 9% की वृद्धि का अनुमान है, लेकिन FY27 में यह घटकर 3-5% रह सकती है। हालांकि, रिप्लेसमेंट डिमांड (पुराने वाहनों को बदलने की जरूरत) और ग्रामीण आय में सुधार भविष्य में मांग को सपोर्ट देते रहेंगे।

    आगे की चुनौतियां: महंगा लोन और पुराने वाहनों की बढ़ती मांग

    फाइनेंसिंग लागत और सेकंड-हैंड मार्केट बन सकते हैं बाधा

    हालांकि इंडस्ट्री की बुनियाद मजबूत बनी हुई है, लेकिन कुछ चुनौतियां भी सामने आ रही हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि उच्च फाइनेंसिंग लागत (महंगे लोन) और खासकर LCV सेगमेंट में पुराने वाहनों की बढ़ती मांग नई बिक्री पर असर डाल सकती है। इसके अलावा, हाई बेस इफेक्ट (पिछले साल की ज्यादा ग्रोथ) के कारण भी FY27 में वृद्धि दर कम दिखाई दे सकती है।

  • बड़ी कार्रवाईः डेढ़ करोड़ का अनियमित व्यापारः करणी ज्वेलर्स में रातभर चली जीएसटी की छापेमारी

    बड़ी कार्रवाईः डेढ़ करोड़ का अनियमित व्यापारः करणी ज्वेलर्स में रातभर चली जीएसटी की छापेमारी


    बालाघाट । बालाघाट से बड़ी खबर सामने आई है जहां जिला मुख्यालय के मां अन्नपूर्णा मंदिर के निकट संचालित करणी ज्वेलर्स में जीएसटी टीम ने छापेमारी कर डेढ़ करोड़ रुपये की टैक्स चोरी का खुलासा किया है। यह कार्रवाई रातभर चली और इसके दौरान सोने और चांदी के स्टॉक में अभिलेखों के मुकाबले भारी अंतर पाया गया।

    जानकारी के मुताबिक इस छापेमारी में जीएसटी की 8 सदस्यीय टीम ने भाग लिया। इस टीम का मार्गदर्शन लोकेश कुमार लिल्हारे आयुक्त केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर जबलपुर ने किया। टीम ने ज्वेलर्स में जेवरात की खरीदी और बिक्री से जुड़े दस्तावेजों की जांच की और साथ ही स्टॉक का भौतिक सत्यापन भी किया।

    निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परिसर में उपलब्ध सोने और चांदी के स्टॉक की गणना की और इसे करदाता द्वारा अभिलेखों में दर्शाए गए स्टॉक से तुलना की। इस तुलना में स्पष्ट रूप से देखा गया कि अभिलेखों की तुलना में स्टॉक में महत्वपूर्ण कमी है। प्रारंभिक आकलन के अनुसार इस कमी का मूल्य लगभग 1.5 करोड़ रुपये है। यह संकेत करता है कि करदाता ने लेखांकन और कर देयता के निर्धारण में गंभीर अनियमितताएं की हैं।

    सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई विश्वसनीय सूचनाओं के आधार पर की गई थी। छापेमारी के दौरान टीम ने रिटर्न फाइलों की भी जाँच की ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कर गणना में कोई गड़बड़ी न हुई हो। अधिकारियों ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और आवश्यकतानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान जो भी अनियमितताएं सामने आएंगी उनके खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।

    यह मामला न सिर्फ कर चोरी का है बल्कि यह ज्वेलरी व्यवसाय में होने वाली संभावित वित्तीय अनियमितताओं पर भी रोशनी डालता है। अब यह देखना बाकी है कि आगे जांच में और क्या खुलासा होता है और इस कार्रवाई का प्रभाव अन्य व्यवसायों पर कैसे पड़ता है।इस तरह की कार्रवाई यह संदेश देती है कि जीएसटी विभाग हर स्तर पर कर अनुपालन पर नजर रख रहा है और किसी भी अनियमित गतिविधि को बख्शा नहीं जाएगा।

  • भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच होगी 5 टेस्ट की जंग, जानें बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का पूरा कार्यक्रम

    भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच होगी 5 टेस्ट की जंग, जानें बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का पूरा कार्यक्रम

     
    नई दिल्ली।भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने 2026-27 सीजन के लिए टीम इंडिया के घरेलू शेड्यूल का ऐलान कर दिया है। इसके तहत क्रिकेट फैंस को सबसे ज्यादा इंतजार जिस सीरीज का है, वह है भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाली प्रतिष्ठित बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी। यह सीरीज 21 जनवरी से 3 मार्च 2027 के बीच खेली जाएगी, जिसमें दोनों टीमें कुल 5 टेस्ट मैचों में आमने-सामने होंगी।

    इस बार ऑस्ट्रेलियाई टीम भारत दौरे पर आएगी और यह सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के फाइनल की दौड़ में बेहद अहम मानी जा रही है। पहला टेस्ट 21 से 25 जनवरी के बीच नागपुर में खेला जाएगा, जबकि दूसरा मुकाबला 29 जनवरी से 2 फरवरी के बीच चेन्नई में आयोजित होगा। तीसरा टेस्ट 11 से 15 फरवरी के बीच गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां पहली बार बॉर्डर-गावस्कर सीरीज का मैच आयोजित होगा।

    नागपुर से अहमदाबाद तक मुकाबलों की श्रृंखला

    गुवाहाटी में पहली बार टेस्ट, रांची और अहमदाबाद भी मेजबान सीरीज का चौथा टेस्ट 19 से 23 फरवरी के बीच रांची में खेला जाएगा, जबकि पांचवां और अंतिम मुकाबला 27 फरवरी से 3 मार्च के बीच अहमदाबाद में आयोजित होगा। इस तरह भारत के अलग-अलग शहरों में फैली यह सीरीज क्रिकेट फैंस के लिए रोमांच का पूरा पैकेज लेकर आएगी।

    पूरा शेड्यूल:
    21–25 जनवरी: पहला टेस्ट, नागपुर
    29 जनवरी–2 फरवरी: दूसरा टेस्ट, चेन्नई
    11–15 फरवरी: तीसरा टेस्ट, गुवाहाटी
    19–23 फरवरी: चौथा टेस्ट, रांची
    27 फरवरी–3 मार्च: पांचवां टेस्ट, अहमदाबाद
    इतिहास भी रोमांचक, दिग्गजों के नाम दर्ज

    तेंदुलकर सबसे आगे, कोहली-स्मिथ भी टॉप लिस्ट में शामिल

    बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी की शुरुआत 1996-97 में हुई थी और इसका नाम भारत के महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर और ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज एलन बॉर्डर के सम्मान में रखा गया है। अब तक भारत ने 10 बार यह सीरीज जीती है, जबकि ऑस्ट्रेलिया 5 बार विजेता बना है और एक सीरीज ड्रॉ रही है। रिकॉर्ड्स की बात करें तो सचिन तेंदुलकर इस ट्रॉफी में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 3,262 रन बनाए हैं। उनके बाद रिकी पोंटिंग, वीवीएस लक्ष्मण, स्टीव स्मिथ और विराट कोहली का नाम शामिल है।

  • IPL से पहले कोहली का स्टाइल स्टेटमेंट, नया टैटू बना चर्चा का विषय

    IPL से पहले कोहली का स्टाइल स्टेटमेंट, नया टैटू बना चर्चा का विषय


    नई दिल्ली।आईपीएल 2026 के आगाज से पहले विराट कोहली एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह उनका खेल नहीं बल्कि उनका नया टैटू है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के दिग्गज बल्लेबाज ने अपने टैटू कलेक्शन में एक नया और खास डिजाइन जोड़ा है, जो उनके जीवन के अनुभव, बदलाव और सोच को दर्शाता है।

    टैटू स्टूडियो की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, यह टैटू कोहली की बाईं बांह पर बनाया गया है। खास बात यह है कि इसमें पुराने टैटू को हटाया नहीं गया, बल्कि उसे और गहराई और अर्थ देकर नए डिजाइन में बदला गया है। इस प्रक्रिया के जरिए पुराने और नए अनुभवों को जोड़ते हुए एक ऐसी कहानी तैयार की गई है, जो वर्तमान समय के कोहली के व्यक्तित्व को दर्शाती है।

    शिव से प्रेरणा, मंडला आर्ट और अधूरी कहानी का खास संदेश

    कमल और पियोनी के जरिए दिखा संतुलन और विकास का प्रतीक इस टैटू की शुरुआत भगवान शिव से प्रेरित आर्मबैंड को नए रूप में ढालने से हुई। इसके बाद डिजाइन एक खूबसूरत मंडला पैटर्न में बदलता है, जिसे डॉटवर्क तकनीक से तैयार किया गया है। यह पैटर्न पूरी बांह पर एक फ्लो बनाता है और एक टैटू स्लीव का आधार तैयार करता है।

    टैटू में कमल और पियोनी जैसे फूलों को भी शामिल किया गया है, जो मजबूती, विकास और आंतरिक संतुलन का प्रतीक माने जाते हैं। हालांकि, इन डिजाइनों के पीछे के व्यक्तिगत अर्थ को पूरी तरह सार्वजनिक नहीं किया गया है, जिससे इस टैटू में एक रहस्य भी बना हुआ है।

    स्टूडियो के मुताबिक, इस टैटू को जानबूझकर अधूरा छोड़ा गया है। इसका मतलब है कि आने वाले समय में कोहली के जीवन में जो भी नए अनुभव और उपलब्धियां जुड़ेंगी, उन्हें इस टैटू में शामिल किया जाएगा। यानी यह टैटू सिर्फ एक डिजाइन नहीं, बल्कि उनकी पूरी जीवन यात्रा का ‘जीवंत दस्तावेज’ है।

    IPL 2026 में फिर कोहली पर होंगी निगाहें

    RCB के खिताब बचाने की जिम्मेदारी, पिछले सीजन में रहा शानदार प्रदर्शन विराट कोहली 2008 से ही आरसीबी के साथ जुड़े हुए हैं और आईपीएल इतिहास के सबसे सफल बल्लेबाजों में गिने जाते हैं। आईपीएल 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने अपना पहला खिताब जीता था, जिसमें कोहली की अहम भूमिका रही थी। उन्होंने 15 मैचों में 657 रन बनाकर टीम को चैंपियन बनाने में बड़ा योगदान दिया था। अब आईपीएल 2026 में आरसीबी अपने खिताब को बचाने के इरादे से मैदान में उतरेगी, और एक बार फिर सभी की नजरें कोहली के प्रदर्शन पर होंगी।

  • 5 मौतें और भीड़ का बेरहम चेहरा ग्वालियर हादसे में मदद से ज्यादा मोबाइल उठा

    5 मौतें और भीड़ का बेरहम चेहरा ग्वालियर हादसे में मदद से ज्यादा मोबाइल उठा


    ग्वालियर । मध्य प्रदेश के ग्वालियर से सामने आई एक दर्दनाक घटना ने न सिर्फ सड़क सुरक्षा बल्कि समाज की संवेदनशीलता पर भी गहरे सवाल खड़े कर दिए हैं। थाठीपुर थाना क्षेत्र के परशुराम चौराहे के पास हुए भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद घटनास्थल पर चीख पुकार मच गई लेकिन सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात यह रही कि वहां मौजूद लोगों का व्यवहार इंसानियत को शर्मसार करने वाला था।

    जानकारी के मुताबिक एक तेज रफ्तार बोलेरो कार ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। ऑटो में चालक सहित कुल नौ लोग सवार थे जो शीतला माता के दर्शन कर वापस लौट रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और पांच लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों में तीन महिलाएं और दो पुरुष शामिल बताए जा रहे हैं। वहीं चार अन्य घायल जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं और उनका इलाज अस्पताल में जारी है।

    हादसे के बाद जो दृश्य सामने आया उसने सभी को झकझोर कर रख दिया। जहां एक तरफ घायल लोग दर्द से तड़प रहे थे वहीं दूसरी तरफ कुछ लोग उनकी मदद करने के बजाय मोबाइल फोन निकालकर वीडियो बनाने और सेल्फी लेने में जुट गए। वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक युवक लाशों के पास खड़ा होकर सेल्फी ले रहा है मानो वह किसी सामान्य घटना का हिस्सा हो। आसपास खड़े कुछ लोग इस हरकत पर नाराजगी जताते हुए यह कहते भी सुनाई दे रहे हैं कि क्या किसी में हिम्मत नहीं है कि घायलों को अस्पताल पहुंचाया जाए।

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मौके पर मौजूद कुछ लोग लगातार चिल्लाते रहे कि घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया जाए लेकिन भीड़ में से बहुत कम लोगों ने आगे आकर मदद की। यह स्थिति न सिर्फ दुखद बल्कि चिंताजनक भी है क्योंकि ऐसे समय में हर सेकंड कीमती होता है और समय पर मदद मिल जाए तो कई जिंदगियां बचाई जा सकती हैं।

    इस घटना ने सोशल मीडिया पर भी भारी आक्रोश पैदा कर दिया है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर हम किस दिशा में जा रहे हैं जहां इंसान की जान से ज्यादा अहमियत वीडियो और सोशल मीडिया पोस्ट को दी जा रही है। कई यूजर्स ने इसे मानवता का पतन बताया है और ऐसी मानसिकता पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। साथ ही घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था की जा रही है।

    यह हादसा सिर्फ एक सड़क दुर्घटना नहीं बल्कि समाज के लिए एक आईना भी है जो दिखाता है कि तकनीक के इस दौर में हम संवेदनाओं से कितनी दूर होते जा रहे हैं। जरूरत इस बात की है कि ऐसे हादसों के समय लोग तमाशबीन बनने के बजाय जिम्मेदार नागरिक बनें और जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आएं क्योंकि कई बार एक छोटा सा कदम किसी की जिंदगी बचा सकता है।

  • IPL 2026 में इन 5 विदेशी खिलाड़ियों का जलवा, मचा सकते हैं बड़ा धमाल

    IPL 2026 में इन 5 विदेशी खिलाड़ियों का जलवा, मचा सकते हैं बड़ा धमाल

     
    नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का रोमांच 28 मार्च से शुरू होने जा रहा है, जहां पहला मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। हर सीजन की तरह इस बार भी विदेशी खिलाड़ियों पर खास नजर रहने वाली है, जो अपनी टीमों के लिए मैच विनर साबित हो सकते हैं। खास बात यह है कि इनमें से कई खिलाड़ी हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं और उसी फॉर्म को आईपीएल में भी बरकरार रखना चाहेंगे।

    इस सूची में सबसे पहला नाम आता है विल जैक्स का, जो मुंबई इंडियंस के लिए अहम भूमिका निभा सकते हैं। जैक्स ने टी20 वर्ल्ड कप में 176 के स्ट्राइक रेट से रन बनाने के साथ-साथ गेंद से भी कमाल दिखाया था। उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के चलते कप्तान हार्दिक पांड्या उन्हें ‘ट्रंप कार्ड’ के रूप में इस्तेमाल कर सकते हैं। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन को कोलकाता नाइट राइडर्स ने 25.20 करोड़ रुपये में खरीदा है। ग्रीन की खासियत उनकी बहुमुखी प्रतिभा है वह किसी भी क्रम पर बल्लेबाजी कर सकते हैं और गेंद से भी प्रभावी साबित होते हैं।

    इसी कड़ी में न्यूजीलैंड के विस्फोटक बल्लेबाज फिन एलन भी चर्चा में हैं, जिन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में महज 33 गेंदों में शतक जड़कर सुर्खियां बटोरी थीं। वह केकेआर के लिए ओपनिंग करते हुए मैच का रुख पलट सकते हैं।

    ब्रेविस और निसांका भी बन सकते हैं ‘गेमचेंजर’

    दक्षिण अफ्रीका के युवा बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस अपनी तूफानी बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते हुए ब्रेविस इस सीजन में बड़ा धमाका कर सकते हैं। उन्होंने पिछले आईपीएल और एसए20 लीग में लगातार रन बनाकर अपनी क्षमता साबित की है।

    वहीं, श्रीलंका के भरोसेमंद बल्लेबाज पाथुम निसांका को दिल्ली कैपिटल्स ने 4 करोड़ में अपने साथ जोड़ा है। निसांका ने टी20 वर्ल्ड कप में शानदार बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शतक भी जड़ा था। उनकी स्थिरता और स्ट्राइक रेट दिल्ली के लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं। इन पांचों खिलाड़ियों में एक बात समान है-आक्रामक बल्लेबाजी, बहुमुखी प्रतिभा और बड़े मैचों में प्रदर्शन करने की क्षमता। यही कारण है कि आईपीएल 2026 में ये खिलाड़ी अपनी टीमों के लिए गेमचेंजर साबित हो सकते हैं।

  • सनराइजर्स हैदराबाद की बढ़ सकती है मुश्किलें, RCB के ये 5 खिलाड़ी बनेंगे सिरदर्द

    सनराइजर्स हैदराबाद की बढ़ सकती है मुश्किलें, RCB के ये 5 खिलाड़ी बनेंगे सिरदर्द


    नई दिल्ली।इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 19वें सीजन का आगाज 28 मार्च को होने जा रहा है, जहां पहला मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में आरसीबी के कुछ खिलाड़ी ऐसे हैं, जो शुरुआत से ही एसआरएच के लिए ‘सिरदर्द’ बन सकते हैं।

    इस लिस्ट में सबसे ऊपर नाम आता है विराट कोहली का, जिन्हें आरसीबी की बल्लेबाजी की रीढ़ कहा जाता है। कोहली का एसआरएच के खिलाफ रिकॉर्ड शानदार रहा है 24 पारियों में 800 से ज्यादा रन, जिसमें एक शतक और 5 अर्धशतक शामिल हैं। ऐसे में हैदराबाद के गेंदबाजों के लिए उन्हें रोकना बड़ी चुनौती होगी। वहीं, इंग्लैंड के विस्फोटक बल्लेबाज फिल साल्ट भी पावरप्ले में मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं। पिछले सीजन में 175 के स्ट्राइक रेट से 400 से ज्यादा रन बनाकर उन्होंने अपनी आक्रामक शैली का परिचय दिया था।

    इसके अलावा, ऑलराउंडर क्रुणाल पांड्या भी आरसीबी के लिए अहम हथियार साबित हो सकते हैं। उनकी स्पिन गेंदबाजी और निचले क्रम में तेज बल्लेबाजी, दोनों ही एसआरएच के लिए खतरा बन सकती हैं। खासकर विदेशी बल्लेबाजों के खिलाफ उनकी गेंदबाजी कारगर साबित हो सकती है।

    गेंद और बल्ले दोनों से खतरा, SRH को रहना होगा सतर्क

    भुवनेश्वर की स्विंग और सुयश की फिरकी बढ़ा सकती है मुश्किलें गेंदबाजी विभाग में भुवनेश्वर कुमार का अनुभव आरसीबी के लिए बड़ा प्लस पॉइंट है। भुवनेश्वर लंबे समय तक एसआरएच का हिस्सा रह चुके हैं, ऐसे में वह टीम की कमजोरियों से भली-भांति वाकिफ हैं। पावरप्ले में उनकी स्विंग गेंदबाजी और डेथ ओवर्स में सटीक यॉर्कर, हैदराबाद के बल्लेबाजों के लिए परेशानी खड़ी कर सकती है। अगर वह शुरुआती ओवरों में अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड जैसे बल्लेबाजों को आउट करने में सफल रहते हैं, तो मैच का रुख बदल सकता है।

    वहीं, युवा स्पिनर सुयश शर्मा भी इस मुकाबले में ‘एक्स-फैक्टर’ साबित हो सकते हैं। पिछले सीजन में उन्होंने बीच के ओवरों में कसी हुई गेंदबाजी कर कई बार टीम को मुश्किल से बाहर निकाला था। उनकी फिरकी गेंदें रनों पर लगाम लगाने के साथ-साथ विकेट भी दिला सकती हैं।

    कुल मिलाकर, आरसीबी के ये पांच खिलाड़ी-कोहली, साल्ट, क्रुणाल, भुवनेश्वर और सुयश-पहले ही मैच में एसआरएच के लिए बड़ी चुनौती बन सकते हैं। अगर इनमें से कोई भी खिलाड़ी अपने फॉर्म में रहा, तो मुकाबला पूरी तरह एकतरफा भी हो सकता है।

  • 1000 करोड़ की कमाई या अफवाह? काशी विश्वनाथ पहुंचने की खबर पर क्या बोले रणवीर सिंह

    1000 करोड़ की कमाई या अफवाह? काशी विश्वनाथ पहुंचने की खबर पर क्या बोले रणवीर सिंह


    नई दिल्ली।बॉलीवुड स्टार रणवीर सिंह इन दिनों अपनी फिल्म ‘धुरंधर 2’ की बंपर सफलता को लेकर सुर्खियों में हैं। फिल्म ने रिलीज के बाद महज एक हफ्ते में ही 1000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है, जिससे देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी इसकी चर्चा तेज हो गई है। इसी बीच सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर रणवीर सिंह का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्हें काशी विश्वनाथ मंदिर में प्रवेश करते हुए देखा जा सकता है।

    वीडियो में रणवीर सिंह लंबे बालों में, सफेद चिकन कुर्ता-पायजामा और काले चश्मे में नजर आ रहे हैं। उनके गले में सफेद और केसरी रंग का साफा है और वे मंदिर में प्रवेश करते हुए श्रद्धालुओं के बीच हाथ जोड़कर आगे बढ़ते दिख रहे हैं। वीडियो के साथ दावा किया जा रहा है कि ‘धुरंधर 2’ की ऐतिहासिक सफलता के बाद रणवीर सिंह भगवान का आशीर्वाद लेने काशी पहुंचे हैं। यह वीडियो तेजी से वायरल हुआ और फैंस के बीच उत्साह के साथ-साथ भ्रम भी फैल गया।

    क्या है वीडियो का सच?

    2024 का निकला क्लिप, कृति सेनन और मनीष मल्होत्रा के साथ पहुंचे थे काशी

    हालांकि, वायरल वीडियो की सच्चाई कुछ और ही है। जांच में सामने आया कि यह वीडियो हाल का नहीं, बल्कि 14 अप्रैल 2024 का है। उस समय रणवीर सिंह, एक्ट्रेस कृति सेनन और मशहूर डिजाइनर मनीष मल्होत्रा के साथ वाराणसी पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए थे और अपनी तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर शेयर की थीं।

    बताया जाता है कि उसी समय वाराणसी में एक खास फैशन इवेंट भी आयोजित किया गया था, जिसमें रणवीर और कृति सेनन ने रैंप वॉक कर सबका ध्यान खींचा था। अब उसी पुराने वीडियो को ‘धुरंधर 2’ की सफलता से जोड़कर शेयर किया जा रहा है, जिससे लोगों के बीच भ्रम की स्थिति बन गई।

    ‘धुरंधर 2’ में रणवीर का दमदार अवतार

    जसकीरत से ‘हमजा’ तक, फिल्म में दिखी जबरदस्त कहानी और एक्शन

    फिल्म ‘धुरंधर 2’ में रणवीर सिंह ने जसकीरत सिंह रांगी का किरदार निभाया है, जो आगे चलकर भारत का खतरनाक एजेंट ‘धुरंधर’ बनता है। कहानी के मुताबिक, उसे ‘हमजा अली मजहरी’ बनाकर पाकिस्तान भेजा जाता है, जहां वह दुश्मनों के गढ़ में घुसकर बड़े मिशन को अंजाम देता है। गैंगस्टर्स के इलाके ल्यारी में रहकर वह बड़े डॉन रहमान डकैत का खात्मा करता है और देश के दुश्मनों को खत्म करता है। फिल्म में रणवीर सिंह की परफॉर्मेंस को उनके करियर की बेहतरीन अदाकारी में गिना जा रहा है। यही वजह है कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ कमाई कर रही है और दर्शकों का भरपूर प्यार बटोर रही है।

  • IPL 2026 में चमकेंगे नए सितारे: ये 5 अनकैप्ड खिलाड़ी बदल सकते हैं मैच का रुख

    IPL 2026 में चमकेंगे नए सितारे: ये 5 अनकैप्ड खिलाड़ी बदल सकते हैं मैच का रुख

    नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 19वें सीजन की शुरुआत से पहले ही कुछ नए चेहरों ने क्रिकेट गलियारों में जबरदस्त हलचल मचा दी है। ये खिलाड़ी अभी इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू नहीं कर पाए हैं, लेकिन घरेलू क्रिकेट में अपने शानदार प्रदर्शन से फ्रेंचाइजी का भरोसा जीत चुके हैं। इस बार आईपीएल सिर्फ बड़े नामों का नहीं, बल्कि इन अनकैप्ड खिलाड़ियों का भी सीजन साबित हो सकता है, जो अपनी टीमों के लिए एक्स-फैक्टर बनकर उभर सकते हैं।

    इस सूची में सबसे पहले नाम आता है आकिब नबी, जिन्हें दिल्ली कैपिटल्स ने 8.40 करोड़ में खरीदा है। जम्मू-कश्मीर के इस तेज गेंदबाज ने रणजी ट्रॉफी में 100 से ज्यादा विकेट लेकर तहलका मचाया है और उनकी स्विंग व कंट्रोल उन्हें खतरनाक बनाती है। वहीं, कार्तिक शर्मा को चेन्नई सुपर किंग्स ने 14.20 करोड़ में खरीदा। 162+ स्ट्राइक रेट के साथ यह खिलाड़ी फिनिशर की भूमिका में मैच पलटने की क्षमता रखता है।

    इसी कड़ी में स्मरण रविचंद्रन का नाम भी चर्चा में है, जिन्हें सनराइजर्स हैदराबाद ने रिटेन किया है। फर्स्ट क्लास में 73 से ज्यादा औसत और टी20 में 160+ स्ट्राइक रेट उन्हें खास बनाते हैं। दूसरी ओर, 20 वर्षीय प्रशांत वीर को भी चेन्नई ने 14.20 करोड़ में टीम में शामिल किया है। उन्हें भविष्य का रवींद्र जडेजा माना जा रहा है। ऑलराउंड प्रदर्शन—बैट और बॉल दोनों से-उन्हें टीम का ‘सीक्रेट वेपन’ बना सकता है।


    तेज रफ्तार और पावर हिटिंग का तड़का, बदल सकते हैं मैच का रुख

    RCB के मंगेश यादव पर भी रहेंगी नजरें, ओपनर मुकाबला 28 मार्च को

    इस लिस्ट में आखिरी नाम है मंगेश यादव, जिन्हें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 5.20 करोड़ में खरीदा है। बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज की 140 KMPH की रफ्तार, स्किडी एक्शन और डेथ ओवर्स में गेंदबाजी करने की क्षमता उन्हें खास बनाती है। सीमित अनुभव के बावजूद फ्रेंचाइजी का उन पर इतना बड़ा दांव इस बात का संकेत है कि वह सीजन में बड़ा सरप्राइज दे सकते हैं।

    इन सभी खिलाड़ियों में एक बात समान है-घरेलू क्रिकेट में निरंतर प्रदर्शन और बड़े मंच पर खुद को साबित करने की भूख। आईपीएल जैसे मंच पर जब उन्हें मौका मिलेगा, तो ये खिलाड़ी न सिर्फ अपनी टीम के लिए मैच जिताने में अहम भूमिका निभा सकते हैं, बल्कि भविष्य में भारतीय क्रिकेट के बड़े सितारे भी बन सकते हैं।

    आईपीएल 2026 की शुरुआत 28 मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में होने वाले मुकाबले से होगी। ऐसे में सभी की नजरें इन नए खिलाड़ियों पर होंगी, जो इस सीजन की कहानी बदलने का दम रखते हैं।