Author: bharati

  • बांग्लादेश HC से हिंदू नेता चिन्मय दास को दो और मामलों में दी जमानत… पर अभी जेल से नहीं आ पाएंगे बाहर!

    बांग्लादेश HC से हिंदू नेता चिन्मय दास को दो और मामलों में दी जमानत… पर अभी जेल से नहीं आ पाएंगे बाहर!


    ढाका।
    बांग्लादेश हाई कोर्ट (Bangladesh High Court) ने रविवार को जेल में बंद हिंदू अधिकार नेता (Hindu rights leader) चिन्मय कृष्ण दास (Chinmoy Krishna Das) को दो और मामलों में जमानत दे दी, लेकिन अन्य मामलों में आरोपों का सामना कर रहे दास के जेल से बाहर आने की संभावना नहीं है। स्थानीय मीडिया ने यह जानकारी दी। दास को पिछले महीने भी दो मामलों में जमानत मिली थी, जिनमें तोड़फोड़, हमला और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप से जुड़े मामले शामिल थे।

    दास को नवंबर 2024 में देशद्रोह के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। उन पर राष्ट्रीय ध्वज का कथित रूप से अपमान करने का आरोप था, जिसके बाद विरोध-प्रदर्शन और सांप्रदायिक तनाव शुरू हो गया था। इसके बाद उनके खिलाफ कई अन्य मामले दर्ज किए गए, जिनमें हत्या, हत्या के प्रयास और तोड़फोड़ के आरोप शामिल हैं।

    न्यायमूर्ति के.एम. जाहिद सरवर और न्यायमूर्ति शेख अबू ताहेर की पीठ ने रविवार को तोड़फोड़ और पुलिस के काम में बाधा डालने से जुड़े दो मामलों में उन्हें जमानत दी। एक समाचार पोर्टल ने उनके वकील अपूर्व कुमार भट्टाचार्य के हवाले से बताया कि दास के खिलाफ कुल छह आपराधिक मामले हैं और अब उन्हें इनमें से चार मामलों में उच्च न्यायालय से जमानत मिल चुकी है।

    हालांकि, ‘द बिजनेस स्टैंडर्ड’ न्यूज पोर्टल की रिपोर्ट के अनुसार, उन पर चल रहे दूसरे मामलों की वजह से उन्हें तुरंत रिहा नहीं किया जाएगा। देशद्रोह के मामले में उनकी जमानत पर रोक लगी हुई है, जबकि हत्या के मामले में सुनवाई चटगांव के ‘त्वरित सुनवाई न्यायाधिकरण’ में हो रही है। हत्या का यह मामला एक ऐसी घटना से जुड़ा है, जिसमें सरकारी वकील सैफुल इस्लाम अलीफ की हत्या कर दी गई थी। दक्षिण-पूर्वी बंदरगाह शहर चटगांव में दास की गिरफ्तारी का विरोध कर रहे लोगों ने उनकी हत्या कर दी थी।

    उस समय भारत ने हिंदू संत की गिरफ्तारी पर ‘गहरी चिंता’ जताई थी और ढाका से ‘हिंदुओं समेत सभी अल्पसंख्यकों’ की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा था। यह घटना ऐसे समय में हुई, जब अगस्त 2024 में प्रधानमंत्री शेख हसीना के सत्ता से हटने के बाद भारत-बांग्लादेश संबंधों में खटास आ गई थी – जिसकी वजह नई दिल्ली में उनका शरण लेना था। दास, जो पहले ‘इस्कॉन’ से जुड़े थे, ‘हिंदू सम्मिलित सनातन जागरण जोत’ नामक एक समूह के प्रवक्ता हैं।

  • MP: सागर के बंड़ा में जहरीली शराब से 11 मौतों के बाद बड़ा एक्शन, 5 अधिकारी निलंबित

    MP: सागर के बंड़ा में जहरीली शराब से 11 मौतों के बाद बड़ा एक्शन, 5 अधिकारी निलंबित


    भोपाल।
    मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के सागर जिले (Sagar district) की बंडा तहसील में जहरीली शराब (Spurious liquor) पीने से हुई मौतों के मामले में मुख्यमंत्री मोहन यादव (Chief Minister Mohan Yadav) ने सख्त रुख अपनाया है. रविवार सुबह ही मुख्यमंत्री ने साफ कर दिया था कि घटना के लिए जिम्मेदार किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. इसके बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 आबकारी और दो पुलिस अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया, जबकि एक सीनियर अफसर को जिले से हटाकर मुख्यालय अटैच कर दिया गया है।

    घटना बंडा तहसील के गोगरा खुर्द, नौरोज और पाटन गांवों में सामने आई है. शुरुआती प्रशासनिक जानकारी के अनुसार जहरीली शराब पीने से 10 लोगों की मौत हुई है, जबकि स्थानीय बीजेपी विधायक ने मृतकों की संख्या 11 बताई है. कई अन्य लोगों के बीमार होने की भी जानकारी सामने आई है।


    3 अधिकारी सस्पेंड, 1 मुख्यालय अटैच

    मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश पर प्रथम दृष्टया जिम्मेदार माने जाने पर सागर की सहायक आबकारी आयुक्त कीर्ति दुबे, सहायक जिला आबकारी अधिकारी दिलीप खंडाते और बंडा वृत्त की आबकारी उप-निरीक्षक प्रोशनी उरेती को सस्पेंड कर दिया गया है. वहीं, मामले में समान रूप से जिम्मेदार माने जाने पर उपायुक्त और संभागीय फ्लाइंग स्क्वाड प्रभारी नीरजा श्रीवास्तव को जिले से हटाकर ग्वालियर मुख्यालय अटैच किया गया है. यानी जहरीली शराब से हुई मौतों के मामले में कुल 4 अधिकारियों पर कार्रवाई की गई है।

    पुलिस विभाग ने भी इस प्रकरण में बंडा थाना प्रभारी श्री राजेंद्र सिंह कुशवाहा और गुगरा चौकी प्रभारी एसआई श्री पूरन लाल लड़िया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रविवार, 6 सितंबर की सुबह ही स्पष्ट रूप से कह दिया था कि इस घटना के लिए दोषी किसी भी शख्स को बख्शा नहीं जाएगा।


    CM मोहन यादव ने कहा- दोषी किसी भी कीमत पर नहीं बचेंगे

    मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घटना को बेहद संवेदनशील बताते हुए अधिकारियों को तत्काल जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के मुताबिक, नई दिल्ली प्रवास के दौरान जैसे ही उन्हें सागर की घटना की जानकारी मिली, उन्होंने सागर जिले के प्रभारी मंत्री और संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

    मुख्यमंत्री ने प्रभावित क्षेत्र में तत्काल जांच के साथ-साथ पीड़ित परिवारों को राहत और बीमार लोगों के लिए समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।


    मौके पर पहुंचा सीनियर अफसरों का दल

    मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद सागर संभाग के कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक समेत वरिष्ठ अधिकारी प्रभावित इलाकों में पहुंचे. अधिकारी दल ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली. इसके साथ ही अस्पतालों में भर्ती मरीजों के इलाज और चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्र में लगातार स्क्रीनिंग भी कराई जा रही है, ताकि शराब पीने के बाद बीमार हुए लोगों की पहचान कर उन्हें समय पर इलाज उपलब्ध कराया जा सके।


    10 मौतों की प्रशासनिक पुष्टि, विधायक ने बताया आंकड़ा 11

    सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल के अनुसार, जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर बंडा तहसील के प्रभावित गांवों में अवैध जहरीली शराब पीने से 10 लोगों की मौत हुई है. हालांकि, स्थानीय बीजेपी विधायक वीरेंद्र लोधी ने मृतकों की संख्या 11 बताई है. उन्होंने बताया कि बंडा सिविल अस्पताल से करीब 25 लोगों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पतालों में भेजा गया है।

    कलेक्टर ने बताया कि बुखार और सिरदर्द जैसी शिकायत वाले लोगों की स्क्रीनिंग की जा रही है. ऐसे तीन लोगों को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (BMCH) भेजे जाने की जानकारी भी दी गई है. उनके मुताबिक, इन मरीजों की हालत गंभीर नहीं है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका को लेकर कलेक्टर ने फिलहाल कोई टिप्पणी नहीं की है. शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार किया जा रहा है।


    ललितपुर से जहरीली शराब की सप्लाई का शक

    घटना की जांच में शराब के संभावित स्रोत को लेकर भी बड़ा खुलासा सामने आया है. शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि संदिग्ध शराब की सप्लाई उत्तर प्रदेश के ललितपुर से हुई थी।

    कलेक्टर प्रतिभा पाल के अनुसार, शुरुआती जांच में ललितपुर से इस तरह की जहरीली शराब की सप्लाई करने वाले एक गिरोह की जानकारी सामने आई है. चूंकि सागर का यह इलाका उत्तर प्रदेश की सीमा के नजदीक है, इसलिए इस एंगल की भी जांच की जा रही है. हालांकि, शराब की वास्तविक सप्लाई चेन और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की भूमिका की जांच अभी जारी है।


    प्रभावित इलाके की 7 शराब दुकानें सील

    घटना के बाद जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम भी उठाए हैं. प्रभावित क्षेत्र में सात शराब दुकानों को सील कर दिया गया है और शराब के सैंपल लेने के निर्देश दिए गए हैं. प्रशासन ने अधिकारियों को अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए हैं।


    शराब पीने वालों से प्रशासन की अपील

    प्रशासन ने उन लोगों से तत्काल स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की है, जिन्होंने हाल के दिनों में शराब का सेवन किया था और अब उन्हें उल्टी, सिरदर्द, बुखार या अन्य स्वास्थ्य संबंधी परेशानी महसूस हो रही है. अधिकारियों ने लोगों से कहा है कि ऐसे लक्षणों को नजरअंदाज न करें और तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल पहुंचकर मेडिकल जांच कराएं।


    कांग्रेस ने न्यायिक जांच की मांग की

    घटना को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस ने भी राज्य सरकार पर हमला बोला है. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मामले की न्यायिक जांच की मांग की है। ग्वालियर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान पटवारी ने आरोप लगाया कि राज्य में शराब माफिया बेखौफ होकर लोगों की जान ले रहे हैं।

    वहीं, बंडा के पूर्व कांग्रेस विधायक तरवर लोधी ने दावा किया कि बंडा विकासखंड के कई गांवों में शनिवार रात लोगों ने शराब पी थी, जिसके बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी. उन्होंने बताया कि कई लोगों को बंडा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां कुछ लोगों को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि अन्य को सागर रेफर किया गया।


    गुजरात की घटना के बाद MP में जहरीली शराब से मौतों ने बढ़ाई चिंता

    मध्य प्रदेश में यह घटना ऐसे समय हुई है, जब कुछ दिन पहले गुजरात के भावनगर जिले में जहरीली शराब पीने से 13 लोगों की मौत की घटना सामने आई थी। सागर की घटना के बाद अब प्रशासन की नजर अवैध शराब के नेटवर्क और इसके संभावित सप्लाई स्रोत पर है. फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट, शराब के सैंपल और जांच के आधार पर यह स्पष्ट होने का इंतजार है कि मौतों की वास्तविक वजह क्या थी और जहरीली शराब की सप्लाई में कौन-कौन लोग शामिल थे। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पहले ही साफ कर दिया है कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

  • MP से लेकर यूपी-बिहार और दिल्ली तक आज भारी बारिश के आसार…. अलर्ट जारी

    MP से लेकर यूपी-बिहार और दिल्ली तक आज भारी बारिश के आसार…. अलर्ट जारी


    नई दिल्ली।
    भारत (India) में सितंबर महीना शुरू होने के साथ सुबह का नजारा शीत ऋतु के आगमन की आहट देने लगा है. हालांकि, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून (Southwest Monsoon) अभी कमजोर पड़ता नहीं दिख रहा है. मौसम विभाग (IMD) ने 7 सितंबर को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान समेत कई राज्यों में बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।

    कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश के साथ भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है. मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र और इंडो-गंगेटिक प्लेन में सक्रिय ट्रफ की वजह से उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत में मॉनसूनी गतिविधियां बनी हुई हैं. अगले कुछ दिनों में कई राज्यों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश जारी रहने का अनुमान है।


    दिल्ली-NCR में तेज हवा, बारिश का अलर्ट

    दिल्ली में 7 सितंबर को आसमान में बादल छाए रहने के साथ मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना है. इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. राजधानी में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. हरियाणा-चंडीगढ़, दिल्ली और पूर्वी राजस्थान में भी 7 सितंबर को बारिश की संभावना जताई गई है. हिमाचल प्रदेश और पंजाब के कुछ हिस्सों में भी मौसम खराब रह सकता है।


    यूपी में भी आंधी, तेज बारिश का अनुमान

    उत्तर प्रदेश में 7 सितंबर को पश्चिमी हिस्सों में बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 7 और 8 सितंबर को कई इलाकों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं. लखनऊ में 7 सितंबर को अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. राज्य के कई जिलों में भारी बारिश के साथ जलभराव की स्थिति भी बन सकती है।


    उत्तराखंड में लैंडस्लाइड का खतरा

    उत्तराखंड में 7 सितंबर को कई इलाकों में बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है. इसके अलावा 10 से 12 सितंबर के दौरान भी राज्य के कई हिस्सों में मॉनसूनी गतिविधियां तेज रह सकती हैं. देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश, रुड़की, हल्द्वानी, नैनीताल, रुद्रपुर, काशीपुर, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, चमोली, उत्तरकाशी और टिहरी गढ़वाल समेत कई इलाकों में बारिश हो सकती है. पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन और मिट्टी के कटाव का खतरा बना हुआ है।


    मध्य भारत में भी बारिश का दौर

    मध्य प्रदेश में भी अगले कुछ दिनों तक मॉनसूनी गतिविधियां जारी रहने की संभावना है. पश्चिमी मध्य प्रदेश में 7 सितंबर को और पूर्वी मध्य प्रदेश में 7-8 सितंबर तथा 11-12 सितंबर को भारी बारिश हो सकती है. विदर्भ में 10 से 12 सितंबर के दौरान भारी बारिश का अनुमान है. छत्तीसगढ़ में 8 से 12 सितंबर के बीच कई इलाकों में बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है. भोपाल में 7 सितंबर को अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।


    बिहार, झारखंड, बंगाल में बारिश

    बिहार में 7 सितंबर को कई इलाकों में बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना है. पटना में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

    झारखंड में 8 से 11 सितंबर के दौरान बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रह सकता है. रांची में अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

    पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों में 7 से 10 सितंबर के दौरान बारिश हो सकती है. उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 7-8 सितंबर तथा 11-12 सितंबर को भारी बारिश की संभावना है. ओडिशा में 10 से 12 सितंबर के दौरान बारिश का अनुमान है. राज्य के कुछ इलाकों में पहले से बने बाढ़ जैसे हालात के बीच बारिश से नदियों का जलस्तर बढ़ सकता है।


    महाराष्ट्र में भी बारिश की संभावना

    महाराष्ट्र में 7 से 12 सितंबर के दौरान कोंकण और गोवा के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है. गुजरात क्षेत्र, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और सौराष्ट्र-कच्छ में भी कुछ जगहों पर बारिश का अनुमान है. कोंकण तट पर कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है. मुंबई में 7 सितंबर को अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.


    पूर्वोत्तर राज्यों में भी मॉनसून सक्रिय

    पूर्वोत्तर भारत में भी मॉनसून की गतिविधियां जारी रहेंगी. अरुणाचल प्रदेश में 7 से 12 सितंबर तक बारिश का अनुमान है. नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी इस दौरान कई इलाकों में बारिश हो सकती है. असम और मेघालय में 9-10 सितंबर के दौरान कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है. मौसम विभाग ने इन राज्यों में भी गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है।


    दक्षिण भारत में हल्की बारिश

    दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत कमजोर रह सकती हैं. 7 से 12 सितंबर के बीच तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तटीय कर्नाटक, केरल और माहे, कर्नाटक के आंतरिक हिस्सों, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल तथा तेलंगाना में कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 7 से 10 सितंबर के दौरान आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका है. तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 11-12 सितंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में 7 से 10 सितंबर के दौरान तेज सतही हवाएं चलने का अनुमान है।


    मछुआरों के लिए भी चेतावनी

    मौसम विभाग ने समुद्र में जाने वाले मछुआरों के लिए भी अलर्ट जारी किया है. अरब सागर में 11 सितंबर तक सोमालिया और ओमान तट के आसपास के कुछ हिस्सों में जाने से बचने की सलाह दी गई है. बंगाल की खाड़ी में 8 से 11 सितंबर के दौरान दक्षिण तमिलनाडु तट, मन्नार की खाड़ी और दक्षिण-पूर्व श्रीलंका के पास समुद्री परिस्थितियों को देखते हुए सावधानी बरतने को कहा गया है।

  • बढ़ती कीमतों के बीच सरकार ने निकाला प्याज का बफर स्टॉक…. 10 दिन में ही बिक गई 4000 टन

    बढ़ती कीमतों के बीच सरकार ने निकाला प्याज का बफर स्टॉक…. 10 दिन में ही बिक गई 4000 टन


    नई दिल्ली। ए
    क ओर जहां चीनी की कीमतों (Sugar prices) में बीते दिनों त्योहारों पर मिठास कम करने का काम किया, तो वहीं प्याज (Onion Price) लोगों की आंख से आंसू निकालती हुई नजर आई. देशभर में प्याज की कीमतों (Onion Price ) में तेज उछाल देखने मिला था. इसे देखते हुए सरकार ने कांदा एक्सप्रेस (Kanda Express) के जरिए तमाम बड़े शहरों में प्याज का बफर स्टॉक रिलीज किया। सरकार ने सिर्फ 10 दिनों में ही 4000 टन बफर स्टॉक प्याज बेच दिया है।


    17 शहरों में सस्ता बेचा प्याज

    एक रिपोर्ट के मुताबिक, कंज्यूमर अफेयर्स सेक्रेटरी निधि खरे ने रविवार को इस बारे में जानकारी शेयर करते हुए बताया कि सरकार ने आसमान छूती प्याज की कीमतों पर लगाम लगाने के उद्देश्य इसकी रियायती बिक्री शुरू की. बफर स्टॉक से निकाले गए इस प्याज को पहले 10 दिनों में 17 शहरों में पहुंचाया गया और करीब 4,000 टन बफर प्याज बेचा जा चुका है. गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने अपनी एजेंसियों NCCF और NAFED के जरिए 2026 के लिए 1.21 लाख टन प्याज का बफर स्टॉक जमा रखा है।


    35 रुपये प्रति किलो भाव पर बेचा

    NCCF-NAFED द्वारा प्याज की बढ़ती कीमतों को नियंत्रित करने के उद्देश्य से इस बफर स्टॉक को रिटेल बिक्री के लिए निकाला गया. प्लान के तहत उत्पादक राज्यों से उपभोग केंद्रों तक प्याज को थोक में या तो कांदा एक्सप्रेस नामक स्पेशल ट्रेन से और ट्रकों द्वारा पहुंचाया जा रहा है. चुने गए प्राइस सेंसिटिव शहरों में बफर स्टॉक वाली प्याज 35 रुपये प्रति किलोग्राम की रियायती दर पर बेची जा रही है।

    सेक्रेटरी ने बताया कि भारी मात्रा में माल कांदा एक्सप्रेस के माध्यम से दिल्ली और चेन्नई पहुंच चुका है और आने वाले दिनों में गुवाहाटी भेजने के लिए तीसरी खेप लोड की जा रही है. उन्होंने कहा कि बफर स्टॉक वाली प्याज के डिस्ट्रीब्यूशन से उपभोक्ताओं को कुछ हद तक राहत मिली है और कीमतों में थोड़ी गिरावट दर्ज की गई है.


    NCCF ने कितना बेचा सस्ता प्याज?

    रिपोर्ट के मुताबिक, एनसीसीएफ की प्रबंध निदेशक एनीस जोसेफ चंद्र ने बताया है कि फेडरेशन द्वारा ने अब तक 35 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर रिटेल बिक्री करते हुए देश के विभिन्न शहरों में 1,500 टन बफर प्याज बेचा गया है. इसके अलावा कुछ राज्यों के साथ अपने स्टोर, मोबाइल वैन, सहकारी समितियों और स्थानीय प्रशासन द्वारा पहचाने गए अन्य प्लेटफार्मों के जरिए बिक्री करने के लिए समझौता किया गया है।


    अभी भी कई राज्यों में 60 के पार कीमत

    उपभोक्ता मामलों के विभाग द्वारा पेश किए गए आंकड़ों से साफ पता चलता है कि बफर स्टॉक से प्याज की बिक्री से प्याज के अखिल भारतीय रिटेल प्राइस में गिरावट जरूर देखने को मिली है और ये रिलीज से पहले के 50.79 रुपये प्रति किलोग्राम की तुलना में बीते 28 अगस्त को 48.5 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई।

    हालांकि, 5 सितंबर को देश के तमाम शहरों में Onion Price पर नजर डालें, तो इसकी कीमत दिल्ली में 58 रुपये प्रति किलो, मुंबई में 53 रुपये प्रति किलो, चेन्नई में 63 रुपये प्रति किलो और रांची में 40 रुपये प्रति किलो थी, जबकि औसत थोक मूल्य 42.79 रुपये प्रति किलो था।

  • अपने पति को ढूंढते हुए दुबई से सतना पहुंची महिला…. ससुराल वालों पर छुपाने का आरोप

    अपने पति को ढूंढते हुए दुबई से सतना पहुंची महिला…. ससुराल वालों पर छुपाने का आरोप


    सतना।
    सात समंदर पार दुबई (Dubai) में नौकरी करने वाली एक महिला अपने लापता पति (Missing Husband) की तलाश में सतना (Satna) की गलियों और पुलिस थानों के चक्कर काट रही है। पीड़िता अश्विंदर कौर (Ashwinder Kaur) का आरोप है कि उसका पति सुनील ठाकुर (Sunil Thakur) अचानक दुबई से भारत लौट आया और अब ससुराल पक्ष के लोग उसे सतना में छिपाकर रखे हुए हैं। पीड़िता का आरोप है कि उसे ससुराल वाले उसे मिलने नहीं दे रहे हैं। पीड़िता ने महिला थाने पहुंचकर पुलिस से पति को ढूंढने की गुहार लगाई है।


    लिव-इन से शादी तक का सफर

    अश्विंदर कौर के अनुसार, वह पिछले 23 वर्षों से दुबई में नौकरी कर रही हैं। वे पहले से तलाकशुदा थीं और यह बात सुनील व उसके पूरे परिवार को अच्छे से पता थी। सुनील उनसे उम्र में 12 साल छोटा है। दोनों नवंबर 2020 से दुबई में लिव-इन रिलेशनशिप में साथ रह रहे थे। इसके बाद दोनों ने 23 फरवरी 2025 को जबलपुर आए और गुरुद्वारे में परिजनों व रिश्तेदारों की मौजूदगी में शादी कर ली।


    31 जुलाई को भारत आया था सुनील

    शादी के बाद भी दोनों दुबई में साथ रह रहे थे, लेकिन 31 जुलाई को सुनील अचानक बिना कुछ बताए भारत लौट आया। अश्विंदर ने बताया कि जब उन्होंने जबलपुर से लेकर सतना तक तलाश की, तो पता चला कि सुनील सतना में अपनी बहन के घर पर है और उसकी मां सुनीता रोरा भी वहीं मौजूद है। पीड़िता का सीधा आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग सुनील को जबरन भड़का रहे हैं और कह रहे हैं कि वह अब उसके साथ नहीं रहेगा।


    महिला का कहना है वह विवाहित है

    महिला का कहना है कि वह कानूनी रूप से विवाहित पत्नी है, फिर भी उसे पति से बात तक नहीं करने दी जा रही है। डीएसपी मनोज दीक्षित ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दुबई से आई महिला ने सतना के महिला थाने में आवेदन देकर अपने पति की तलाश की गुहार लगाई है।


    अभी नहीं दर्ज हुई FIR

    पुलिस के अनुसार, यह पति-पत्नी के आपसी विवाद का मामला है। महिला ने अभी कोई आपराधिक एफआईआर दर्ज नहीं कराई है, वह केवल अपने पति से मिलना और बात करना चाहती है। पुलिस पूरे मामले को संज्ञान में लेकर तथ्यों की तस्दीक कर रही है।

  • पिंपरी-चिंचवड़ से पुणे तक अचानक बिजली गुल, सब स्टेशन में धमाके के बाद 3.10 लाख उपभोक्ता प्रभावित

    पिंपरी-चिंचवड़ से पुणे तक अचानक बिजली गुल, सब स्टेशन में धमाके के बाद 3.10 लाख उपभोक्ता प्रभावित


    नई दिल्ली ।
    महाराष्ट्र के पिंपरी-चिंचवड़ और पुणे के कई इलाकों में रविवार दोपहर बिजली सब स्टेशन में तकनीकी खराबी के बाद आग लगने से बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई। अचानक बिजली गुल होने से बड़ी संख्या में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इस घटना से करीब 3.10 लाख उपभोक्ता प्रभावित हुए।

    चिंचवड़ स्थित बिजली सब स्टेशन में दोपहर करीब 12 बजकर 25 मिनट पर 22 केवी करंट ट्रांसफॉर्मर और ब्रेकर यूनिट में जोरदार धमाका हुआ। धमाके के बाद सब स्टेशन में आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की गई और कुछ ही समय में आग पर काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

    सब स्टेशन में आई तकनीकी खराबी का असर हाई-वोल्टेज बिजली लाइनों पर पड़ा। इसके कारण पिंपरी-चिंचवड़ के कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति अचानक बाधित हो गई। पिंपरी-चिंचवड़ और भोसरी क्षेत्र में करीब 2.60 लाख उपभोक्ताओं को बिजली कटौती का सामना करना पड़ा।

    इस बिजली संकट का असर पुणे शहर के कुछ हिस्सों पर भी पड़ा। शिवाजीनगर और औंध समेत कई इलाकों में करीब 50 हजार उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। बिजली जाने के कारण घरों और कारोबार के साथ-साथ कई जरूरी सेवाओं पर भी इसका असर देखने को मिला।

    बिजली आपूर्ति बाधित होने का असर पुणे मेट्रो सेवा पर भी पड़ा। पिंपरी-चिंचवड़ से स्वारगेट के बीच चलने वाली मेट्रो सेवा कुछ समय के लिए प्रभावित हुई। वैकल्पिक बिजली आपूर्ति की व्यवस्था किए जाने के बाद मेट्रो सेवा को दोबारा सामान्य किया गया।

    बिजली विभाग की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में वैकल्पिक व्यवस्था के जरिए आपूर्ति बहाल करने की कोशिश शुरू की गई। पुणे के कई इलाकों में दोपहर करीब 1 बजकर 50 मिनट तक वैकल्पिक मार्ग से बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। इसके बाद अन्य प्रभावित क्षेत्रों में भी धीरे-धीरे बिजली लौटने लगी।

    अधिकांश इलाकों में दोपहर करीब 3 बजे तक बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी गई। हालांकि, कुछ क्षेत्रों में स्थिति पूरी तरह सामान्य होने में अधिक समय लगा। निगड़ी और देहू रोड जैसे इलाकों में बड़ी संख्या में उपभोक्ता कुछ समय तक बिजली कटौती से प्रभावित रहे।

    इस तकनीकी खराबी का असर औद्योगिक क्षेत्रों पर भी पड़ा। आंबेठाण इलाके में करीब 1,500 औद्योगिक इकाइयों की बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। औद्योगिक गतिविधियों को सामान्य करने के लिए भी बिजली व्यवस्था को तेजी से बहाल करने का प्रयास किया गया।

    घटना के बाद क्षतिग्रस्त बिजली व्यवस्था को अलग करने और सुरक्षित तरीके से आपूर्ति बहाल करने का काम जारी रहा। तकनीकी टीमों ने प्रभावित हिस्से की जांच और मरम्मत शुरू की, ताकि बिजली आपूर्ति को पूरी तरह स्थिर किया जा सके।

    अचानक हुए इस धमाके और आग की घटना ने पिंपरी-चिंचवड़ से लेकर पुणे तक बड़े क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को प्रभावित किया। करीब 3.10 लाख उपभोक्ताओं पर इसका असर पड़ा, जबकि मेट्रो और औद्योगिक गतिविधियां भी कुछ समय के लिए प्रभावित हुईं। राहत की बात यह रही कि आग पर जल्द काबू पा लिया गया और किसी के हताहत होने की सूचना सामने नहीं आई।

  • बिग बॉस में ईशा रिखी के छलके आंसुओं पर सलमान ने दिया करारा जवाब, बादशाह का पक्ष लेते हुए कहा- अब आगे बढ़ो

    बिग बॉस में ईशा रिखी के छलके आंसुओं पर सलमान ने दिया करारा जवाब, बादशाह का पक्ष लेते हुए कहा- अब आगे बढ़ो

    नई दिल्ली । बिग बॉस के घर में बादशाह की एक्स वाइफ ईशा रिखी ने अपनी पर्सनल जिंदगी को लेकर खुलकर बात की। अपनी टूटी शादी और रिश्ते के दौरान मिले दर्द को याद करते हुए ईशा भावुक हो गईं और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। उन्होंने अपने पुराने रिश्ते को लेकर कई भावनाएं जाहिर कीं और बताया कि उस दौर ने उन्हें काफी प्रभावित किया।

    ईशा रिखी की बात सुनकर बिग बॉस के मंच पर मौजूद सलमान खान ने उन्हें भावनाओं में ज्यादा उलझने के बजाय अपनी जिंदगी में आगे बढ़ने की सलाह दी। सलमान ने ईशा को समझाया कि बीती हुई बातों को बार-बार याद करने से उनकी परेशानी कम नहीं होगी। उन्होंने ईशा को अपने भविष्य पर ध्यान देने के लिए कहा।

    ईशा ने अपनी जिंदगी के उस दौर का जिक्र करते हुए बताया कि उन्होंने अपने रिश्ते को बचाने की पूरी कोशिश की थी। उन्होंने कहा कि उन्होंने रिश्ते को लेकर काफी कुछ सहा और इस पूरे अनुभव ने उन्हें अंदर से प्रभावित किया। अपनी बात बताते हुए ईशा काफी भावुक नजर आईं।

    ईशा की भावुकता के बीच सलमान खान ने उन्हें शांत रहने और पुराने रिश्ते से बाहर निकलने की बात कही। सलमान का कहना था कि जिंदगी किसी एक रिश्ते के खत्म होने पर रुक नहीं जाती। व्यक्ति को अपने अनुभवों से सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए और अपनी पहचान खुद बनानी चाहिए।

    बादशाह और ईशा रिखी का रिश्ता पिछले कुछ समय से चर्चा में रहा है। दोनों के बीच रिश्ते को लेकर कई तरह की बातें सामने आती रही थीं। बाद में दोनों ने अलग होने का फैसला किया। ईशा अब अपनी जिंदगी में एक नई शुरुआत करने की कोशिश कर रही हैं और इसी दौरान उन्होंने बिग बॉस के मंच को अपनी कहानी बताने का माध्यम बनाया।

    शो में आने के बाद ईशा की निजी जिंदगी भी चर्चा का बड़ा विषय बन गई है। दर्शकों की नजर इस बात पर है कि वह घर के भीतर अपने अतीत को किस तरह संभालती हैं और अपनी अलग पहचान बनाने में कितनी कामयाब होती हैं।

    सलमान ने ईशा को यह भी समझाने की कोशिश की कि अब उन्हें उस रिश्ते के बारे में सोचते रहने की जरूरत नहीं है। उनका इशारा साफ था कि ईशा को पुराने रिश्ते की यादों से बाहर निकलकर अपने वर्तमान और भविष्य पर ध्यान देना चाहिए।

    ईशा के लिए बिग बॉस का सफर सिर्फ मनोरंजन का हिस्सा नहीं है, बल्कि यह उनके लिए अपनी पहचान को एक नए तरीके से सामने रखने का मौका भी है। अब तक उनकी पहचान अक्सर बादशाह के साथ रिश्ते के कारण चर्चा में रही, लेकिन शो में वह खुद को एक अलग व्यक्तित्व के तौर पर स्थापित करना चाहती हैं।

    सलमान की सलाह के बाद ईशा के भावुक पल ने दर्शकों का ध्यान खींचा। एक तरफ ईशा अपने पुराने दर्द को याद कर रही थीं, वहीं सलमान उन्हें उस अध्याय को पीछे छोड़ने और नई शुरुआत करने के लिए प्रेरित करते नजर आए। बिग बॉस के शुरुआती दौर में ही ईशा की निजी जिंदगी से जुड़ा यह मामला शो की चर्चाओं में प्रमुख बन गया है।

  • JPN vs IND: पहली बार भारत से टी20 इंटरनेशनल खेलेगा जापान, जानिए टीम के स्टार खिलाड़ियों और बड़े रिकॉर्ड्स की पूरी कहानी

    JPN vs IND: पहली बार भारत से टी20 इंटरनेशनल खेलेगा जापान, जानिए टीम के स्टार खिलाड़ियों और बड़े रिकॉर्ड्स की पूरी कहानी

    नई दिल्ली । क्रिकेट के मैदान पर भारत और जापान की सीनियर पुरुष टीमें पहली बार टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में आमने-सामने होने जा रही हैं। यह ऐतिहासिक मुकाबला 22 सितंबर 2026 को जापान के तोचिगी प्रांत स्थित सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच होने वाला यह मुकाबला जापानी क्रिकेट के लिए बेहद खास माना जा रहा है।

    भारत और जापान इससे पहले सीनियर पुरुष टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में आमने-सामने नहीं आए हैं। ऐसे में 22 सितंबर को होने वाला मुकाबला दोनों देशों के क्रिकेट इतिहास में नया अध्याय जोड़ेगा। यह मैच सुजुकी कप के तहत खेला जाएगा और एशियाई खेलों से पहले भारतीय टीम के लिए भी अहम मुकाबला होगा।

    जापान की क्रिकेट टीम भारत की तरह क्रिकेट की बड़ी ताकत नहीं है, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में टीम ने टी20 क्रिकेट में लगातार अपनी स्थिति मजबूत की है। जापान ने अपना पहला टी20 इंटरनेशनल मुकाबला अक्टूबर 2022 में खेला था। इसके बाद टीम ने कई अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में अच्छा प्रदर्शन करते हुए अपनी पहचान बनाई है।

    जापानी टीम में केंडल कडोवाकी-फ्लेमिंग, सबाओरिश रविचंद्रन, लैकलन यामामोटो-लेक, इब्राहिम ताकाहाशी और डेक्लान सुजुकी जैसे खिलाड़ी अहम भूमिका निभाते हैं। बल्लेबाजी की बात करें तो केंडल कडोवाकी-फ्लेमिंग जापान के टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में शामिल हैं। उनके नाम 1760 रन दर्ज हैं।

    सबाओरिश रविचंद्रन जापान के प्रमुख ऑलराउंड खिलाड़ियों में गिने जाते हैं। उन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से टीम को योगदान दिया है। टी20 इंटरनेशनल में जापान की ओर से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों में भी उनका नाम सबसे ऊपर है। उनके नाम 54 विकेट दर्ज हैं।

    लैकलन यामामोटो-लेक भी जापानी क्रिकेट के प्रमुख बल्लेबाजों में शामिल रहे हैं। उनके नाम टी20 इंटरनेशनल में 825 रन दर्ज हैं। फरवरी 2024 में चीन के खिलाफ उन्होंने नाबाद 134 रन की शानदार पारी खेली थी। यह जापान की ओर से टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है।

    जापान के गेंदबाजी रिकॉर्ड में रियो सकुरानो-थॉमस का नाम भी खास है। उन्होंने फरवरी 2024 में थाईलैंड के खिलाफ 26 रन देकर छह विकेट हासिल किए थे। यह जापान की ओर से टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत गेंदबाजी प्रदर्शन है।

    इब्राहिम ताकाहाशी भी टीम के प्रमुख खिलाड़ियों में शामिल हैं। उन्होंने जापान के लिए टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 623 रन बनाए हैं और गेंदबाजी में 40 विकेट भी हासिल किए हैं। वहीं माकोटो तानियामा के नाम 38 विकेट दर्ज हैं। ऐसे में जापानी टीम के पास भारत जैसी मजबूत टीम के सामने खुद को साबित करने के लिए कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी मौजूद हैं।

    भारत के खिलाफ मुकाबला जापान के खिलाड़ियों के लिए अब तक की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक होगा। भारतीय टीम के पास अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का लंबा अनुभव और विश्व स्तर के खिलाड़ी हैं। इसके बावजूद जापान अपने घरेलू मैदान पर बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश करेगा।

    यह मुकाबला भारत और जापान के बीच खेल संबंधों के लिए भी महत्वपूर्ण है। दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों से भी इस मैच को जोड़ा गया है। इस मुकाबले के जरिए जापान में क्रिकेट को और लोकप्रिय बनाने तथा दोनों देशों के बीच खेल सहयोग को मजबूत करने की कोशिश होगी।

    22 सितंबर को होने वाला भारत-जापान टी20 इंटरनेशनल मुकाबला इसलिए भी खास रहेगा क्योंकि पहली बार दोनों देशों की सीनियर पुरुष टीमें क्रिकेट के सबसे तेज लोकप्रिय प्रारूप में आमने-सामने होंगी। जापानी खिलाड़ियों के रिकॉर्ड और भारत की मजबूत टीम के बीच यह मुकाबला क्रिकेट प्रशंसकों के लिए एक नया और यादगार अध्याय बन सकता है।

  • ND vs PAK: भारत-पाकिस्तान के महामुकाबले की बढ़ सकती है संख्या, ICC ट्राई-सीरीज या चार टीमों वाले टूर्नामेंट पर कर रहा विचार

    ND vs PAK: भारत-पाकिस्तान के महामुकाबले की बढ़ सकती है संख्या, ICC ट्राई-सीरीज या चार टीमों वाले टूर्नामेंट पर कर रहा विचार

    नई दिल्ली । क्रिकेट फैन्स के लिए भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबलों को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। दोनों पड़ोसी देशों के बीच क्रिकेट मुकाबले हमेशा से दर्शकों के लिए बेहद खास रहे हैं और अब आने वाले समय में इनके बीच ज्यादा मैच देखने का रास्ता खुल सकता है।

    भारत और पाकिस्तान के बीच लंबे समय से द्विपक्षीय क्रिकेट सीरीज नहीं खेली जा रही है। दोनों टीमें मुख्य रूप से बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में आमने-सामने आती हैं। ऐसे में दोनों देशों के क्रिकेट फैन्स को भारत-पाकिस्तान मुकाबले के लिए बड़े टूर्नामेंट का इंतजार करना पड़ता है।

    अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के कार्यक्रम को लेकर एक नए प्रारूप पर विचार किया जा रहा है। इसमें भारत और पाकिस्तान को एक साथ शामिल करते हुए ट्राई-सीरीज या चार टीमों वाली बहुराष्ट्रीय सीरीज आयोजित करने का विकल्प सामने आया है। इस तरह के आयोजन का उद्देश्य रोमांचक मुकाबलों के साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के व्यावसायिक आकर्षण को बढ़ाना भी हो सकता है।

    अगर इस प्रस्ताव को आगे बढ़ाया जाता है तो भारत और पाकिस्तान के बीच एक ही टूर्नामेंट में मुकाबले होने की संभावना बढ़ सकती है। हालांकि अभी इसे अंतिम कार्यक्रम या आधिकारिक तौर पर तय सीरीज नहीं माना जा सकता है। प्रस्तावित प्रारूप पर चर्चा और संभावनाओं के स्तर पर ही जानकारी सामने आई है।

    भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मुकाबलों की लोकप्रियता किसी से छिपी नहीं है। दोनों टीमों के बीच होने वाला मैच दुनियाभर में बड़ी संख्या में दर्शकों को आकर्षित करता है। यही वजह है कि किसी भी बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंट में दोनों टीमों के आमने-सामने आने पर मुकाबले को लेकर उत्साह काफी बढ़ जाता है।

    हाल के वर्षों में दोनों टीमों के बीच मुकाबले मुख्य रूप से आईसीसी और अन्य बहुराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं तक सीमित रहे हैं। ऐसे में अगर नया बहुराष्ट्रीय प्रारूप तैयार होता है और उसमें भारत तथा पाकिस्तान को जगह मिलती है, तो क्रिकेट प्रशंसकों को दोनों टीमों के बीच ज्यादा मुकाबले देखने का अवसर मिल सकता है।

    ट्राई-सीरीज के प्रारूप में तीन टीमें हिस्सा लेती हैं और टूर्नामेंट के दौरान एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबले खेले जाते हैं। इसी तरह चार टीमों के प्रारूप में मुकाबलों की संख्या और संभावित कार्यक्रम को अलग तरीके से तैयार किया जा सकता है। भारत और पाकिस्तान की मौजूदगी ऐसे किसी आयोजन को दर्शकों के लिहाज से बेहद आकर्षक बना सकती है।

    फिलहाल सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इस तरह की किसी सीरीज को लेकर अंतिम घोषणा नहीं हुई है। प्रस्ताव पर आगे क्या फैसला लिया जाता है और भारत तथा पाकिस्तान को इसमें किस तरह शामिल किया जाता है, यह आने वाले समय में स्पष्ट होगा।

    अगर यह योजना आकार लेती है तो क्रिकेट फैन्स के लिए यह बड़ी खुशखबरी साबित हो सकती है। भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर हमेशा रहने वाला रोमांच नए बहुराष्ट्रीय प्रारूप के जरिए और बढ़ सकता है। इससे दोनों टीमों के बीच मुकाबलों की संख्या बढ़ने की संभावना भी मजबूत हो सकती है।

  • NEET प्रोटेस्ट से रातोंरात स्टार बनीं रिया अहीर को जनता ने नकारा, बिग बॉस के मंच से महज दो मिनट में लौटना पड़ा

    NEET प्रोटेस्ट से रातोंरात स्टार बनीं रिया अहीर को जनता ने नकारा, बिग बॉस के मंच से महज दो मिनट में लौटना पड़ा


    नई दिल्ली । NEET प्रोटेस्ट के दौरान छात्रों की आवाज बनीं रिया अहीर बिग बॉस 20 में शामिल नहीं हो सकीं। जनता ने उन्हें सपोर्ट नहीं किया और उनकी जगह लव गिल को शो में एंट्री मिली।

    NEET प्रोटेस्ट के दौरान रिया अहीर अचानक सुर्खियों में आई थीं। छात्रों के प्रदर्शन के बीच पुलिस वैन को रोकने के बाद उनकी तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हुए थे। इस घटना के बाद रिया को बड़ी पहचान मिली और वह सोशल मीडिया पर चर्चा का चेहरा बन गईं।

    रिया अहीर के इस अंदाज ने लोगों का ध्यान खींचा था। प्रदर्शन के दौरान छात्रों के समर्थन में सामने आने के बाद उन्हें अलग-अलग मंचों पर अपनी बात रखने का मौका भी मिला। देखते ही देखते उनकी लोकप्रियता काफी बढ़ गई और वह युवाओं के बीच पहचान बनाने में कामयाब रहीं।

    इसके बाद रिया अहीर का नाम बिग बॉस 20 से जुड़ा। शो में उनकी एंट्री का फैसला सीधे जनता के हाथ में दिया गया। रिया अहीर के सामने लव गिल थीं और दर्शकों को दोनों में से किसी एक को चुनना था।

    बिग बॉस के मंच पर रिया अहीर ने अपना बेबाक और आत्मविश्वास से भरा अंदाज दिखाया। उनकी और लव गिल के बीच बहस भी देखने को मिली। रिया ने अपनी तरफ से दर्शकों को प्रभावित करने की पूरी कोशिश की, लेकिन अंतिम फैसला जनता के वोट से होना था।

    वोटिंग के बाद रिया अहीर को झटका लगा। दर्शकों ने लव गिल को अधिक समर्थन दिया और उन्हें बिग बॉस के घर में जाने का मौका मिल गया। वहीं रिया अहीर को मंच से ही वापस लौटना पड़ा।

    रिया अहीर का बिग बॉस का सफर शुरू होने से पहले ही खत्म हो गया। खास बात यह रही कि कुछ समय पहले जिस रिया अहीर को NEET प्रोटेस्ट के दौरान लोगों का समर्थन मिला था, उसी जनता के वोट ने उन्हें बिग बॉस के घर में प्रवेश नहीं दिलाया।

    रिया के अचानक बाहर होने से उनके प्रशंसकों को निराशा हुई। सोशल मीडिया पर भी इस फैसले को लेकर चर्चा देखने को मिली। रिया को उम्मीद थी कि प्रोटेस्ट के दौरान बनी उनकी पहचान और उनके समर्थकों की संख्या उन्हें बिग बॉस के घर तक पहुंचाने में मदद करेगी, लेकिन वोटिंग का परिणाम उनके पक्ष में नहीं रहा।

    इस पूरे घटनाक्रम ने यह भी दिखाया कि सोशल मीडिया पर मिली लोकप्रियता और किसी रियलिटी शो में जनता का समर्थन हमेशा एक जैसा नहीं होता। रिया अहीर ने प्रोटेस्ट के दौरान अपनी अलग पहचान बनाई थी, लेकिन बिग बॉस के मंच पर उन्हें लव गिल से मुकाबला करना पड़ा और जनता ने लव गिल को चुना।

    इस तरह NEET प्रोटेस्ट से मिली अचानक लोकप्रियता के बाद रिया अहीर ने बिग बॉस के मंच तक तो सफर तय किया, लेकिन घर के अंदर प्रवेश नहीं कर सकीं। महज कुछ मिनटों के मंचीय मुकाबले के बाद उन्हें वापस लौटना पड़ा और बिग बॉस में उनकी एंट्री का इंतजार खत्म हो गया।