Author: bharati

  • साबरमती आश्रम से मजबूत हुई भारत-जर्मनी मित्रता, चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने पीएम मोदी संग किया बापू को नमन

    साबरमती आश्रम से मजबूत हुई भारत-जर्मनी मित्रता, चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने पीएम मोदी संग किया बापू को नमन


    नई दिल्ली । जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज भारत की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर सोमवार सुबह अहमदाबाद पहुंचे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ ऐतिहासिक साबरमती आश्रम का दौरा किया। यह दौरा न केवल औपचारिक था, बल्कि भारत और जर्मनी के बीच साझा मूल्यों, शांति और लोकतांत्रिक आदर्शों का प्रतीक भी बना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साबरमती आश्रम परिसर में चांसलर मर्ज का आत्मीय स्वागत किया। इसके बाद दोनों नेताओं ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। चांसलर मर्ज ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ बापू की तस्वीर पर भी माल्यार्पण किया और गांधी जी के जीवन व विचारों के प्रति गहरी श्रद्धा व्यक्त की।

    प्रधानमंत्री मोदी ने चांसलर मर्ज को साबरमती आश्रम के विभिन्न स्थलों का भ्रमण कराया और स्वतंत्रता संग्राम में इस आश्रम की भूमिका तथा महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के दर्शन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। चांसलर मर्ज ने आश्रम की सादगी, ऐतिहासिक महत्व और गांधी जी के विचारों से गहरा प्रभाव महसूस किया।दौरे के दौरान जर्मन चांसलर ने आगंतुक पुस्तिका में अपने विचार भी दर्ज किए। उन्होंने महात्मा गांधी को वैश्विक शांति और मानवता के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए भारत-जर्मनी संबंधों को मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई।

    साबरमती आश्रम के इस प्रतीकात्मक दौरे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चांसलर फ्रेडरिक मर्ज के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता प्रस्तावित है। इन बैठकों में द्विपक्षीय सहयोग, व्यापार, निवेश, हरित ऊर्जा, तकनीक, रक्षा और वैश्विक मुद्दों पर व्यापक चर्चा होने की संभावना है। उल्लेखनीय है कि चांसलर फ्रेडरिक मर्ज इससे पहले देर रात आधिकारिक यात्रा पर गुजरात पहुंचे थे। अहमदाबाद हवाई अड्डे पर गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। यह जर्मनी के किसी चांसलर की भारत की पहली आधिकारिक यात्रा है, जिसे दोनों देशों के संबंधों में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा रहा है। साबरमती आश्रम से शुरू हुई यह यात्रा भारत और जर्मनी के रिश्तों में विश्वास, सहयोग और साझा मूल्यों की मजबूत नींव रखने का संकेत देती है।

  • Weather Forecast 12 Jan 2026: अपने शहर का अपडेट देखें और रहें तैयार

    Weather Forecast 12 Jan 2026: अपने शहर का अपडेट देखें और रहें तैयार

    नई दिल्ली: उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में इस समय सर्दियों का सितम चरम पर है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, शीतलहर (Cold Wave) और घना कोहरा (Dense Fog) पूरे क्षेत्र में सामान्य जनजीवन और यातायात पर गहरा असर डाल रहे हैं। दिल्ली और NCR में आज सुबह मध्यम से घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता (Visibility) काफी कम रही। राजधानी का न्यूनतम तापमान 6°C से 8°C और अधिकतम तापमान 18°C से 20°C के बीच रहने का अनुमान है।

    पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में गंभीर स्थिति:
    पंजाब और हरियाणा में ‘कोल्ड डे’ से लेकर ‘सीवियर कोल्ड डे’ की स्थिति बनी हुई है और अगले 2-3 दिनों तक शीतलहर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। राजस्थान के उत्तरी हिस्सों, विशेषकर चूरू और बीकानेर में तापमान काफी नीचे गिर गया है। पश्चिमी राजस्थान में शीतलहर के साथ-साथ घने कोहरे की चेतावनी भी दी गई है।

    उत्तर प्रदेश और बिहार में कोहरा और ठंड:
    उत्तर प्रदेश में पश्चिमी से पूर्वी हिस्सों तक घना कोहरा छाया हुआ है। लखनऊ और कानपुर में न्यूनतम तापमान लगभग 9°C दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए “बहुत घने कोहरे” का अलर्ट जारी किया है। बिहार में भी ठंड जारी है और पटना सहित कई जिलों में दिन का तापमान सामान्य से काफी कम है।

    पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और ठिठुरन:
    जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी के बाद ठंड और बढ़ गई है। श्रीनगर में तापमान -4°C तक गिर गया है, जबकि गुलमर्ग और पहलगाम में पारा -8°C से -6°C के बीच है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश की संभावना है। उत्तराखंड के कुछ मैदानी इलाकों में पाले (Ground Frost) की चेतावनी दी गई है, जिससे फसलों को नुकसान हो सकता है।

    यातायात प्रभावित:
    घने कोहरे के कारण कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं और उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं। सड़क मार्ग से यात्रा करने वाले लोगों को सावधानी बरतने और फॉग लाइट्स का उपयोग करने की सलाह दी गई है। ऐसे हालात में मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान देना और अनावश्यक यात्रा टालना सुरक्षित रहेगा।

  • जम्मू कश्मीर में LOC के पास दिखे पाकिस्तानी ड्रोन, इंडियन आर्मी की जवाबी कार्रवाई के बाद वापस लौटे

    जम्मू कश्मीर में LOC के पास दिखे पाकिस्तानी ड्रोन, इंडियन आर्मी की जवाबी कार्रवाई के बाद वापस लौटे

    जम्मू-कश्मीर। जम्मू-कश्मीर के सांबा, राजौरी और पुंछ जिलों में रविवार शाम को लाइन ऑफ कंट्रोल पर कुछ ड्रोन देखे गए। ड्रोन देखने के बाद भारतीय सेना के जवानों ने काउंटर उपाय अपनाए। इसके बाद पाकिस्तानी ड्रोन वापस लौट गए। अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) और नियंत्रण रेखा (एलओसी) से सटे कई अग्रिम क्षेत्रों में सुरक्षा बलों ने संदिग्ध ड्रोन की गतिविधि देखी। अधिकारियों ने बताया कि सभी ड्रोन पाकिस्तान की तरफ से आए थे और भारतीय क्षेत्र के ऊपर कुछ मिनट तक मंडराने के बाद वापस लौट गए।
    सेना के अधिकारियों के अनुसार, सीमावर्ती क्षेत्रों में संदिग्ध ड्रोन की गतिविधि को देखते हुए सुरक्षा बलों ने जमीन पर तलाश अभियान शुरू किया है। उन्होंने बताया कि राजौरी में नियंत्रण रेखा के पास नौशेरा सेक्टर की रखवाली कर रहे सेना के जवानों ने शाम करीब छह बजकर 35 मिनट पर गनिया-कलसियां ​​गांव के ऊपर ड्रोन की गतिविधि को देखते हुए मध्यम और हल्की मशीन गनों से गोलीबारी की। राजौरी जिले के तेरियाथ के खब्बर गांव में शाम 6.35 बजे एक और ड्रोन देखा गया।

    सैन्य अधिकारियों ने शाम छह बजे ड्रोन देखे
    अधिकारियों ने बताया कि ड्रोन जैसी उड़ने वाली वस्तु कलाकोट के धर्मसाल गांव से आया और भरख की ओर बढ़ गयी। उन्होंने बताया कि शाम करीब 7:15 मिनट पर सांबा के रामगढ़ सेक्टर के चक बाबराल गांव के ऊपर एक ड्रोन जैसी वस्तु कुछ मिनटों तक मंडराती हुई देखी गई। अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार शाम छह बजकर 35 मिनट पर पुंछ जिले के नियंत्रण रेखा (एलओ) पर स्थित मनकोट सेक्टर में तैन से टोपा में भी एक ड्रोन जैसी वस्तु देखी गई थी।

    शुक्रवार को गिराया गया था पाकिस्तानी ड्रोन
    सैन्य अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार रात को सुरक्षा बलों ने सांबा जिले से लगती अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) के पास घगवाल के पलोरा गांव में पाकिस्तान से आए एक ड्रोन द्वारा गिराए गए हथियारों की खेप बरामद की। उन्होंने बताया कि इस खेप में दो पिस्तौल, तीन मैगजीन, 16 गोलियां और एक ग्रेनेड शामिल थे।

  • मैं तुम लोगों पर थूकती हूं तलाक के बाद ट्रोल्स पर फूटा माही विज का गुस्सा नदीम कुरैशी को लेकर बोलीं खरी-खरी

    मैं तुम लोगों पर थूकती हूं तलाक के बाद ट्रोल्स पर फूटा माही विज का गुस्सा नदीम कुरैशी को लेकर बोलीं खरी-खरी


    नई दिल्ली। टीवी इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्री माही विज एक बार फिर सुर्खियों में हैं लेकिन इस बार वजह उनका कोई नया शो नहीं बल्कि सोशल मीडिया पर ट्रोल्स को दिया गया उनका तीखा और भावुक जवाब है। हाल ही में माही विज और जय भानुशाली ने अपनी 14 साल पुरानी शादी खत्म करने का ऐलान किया था। दोनों ने एक संयुक्त बयान जारी कर बताया कि वे आपसी सहमति से अलग हो रहे हैं लेकिन बच्चों की परवरिश मिलकर करेंगे। इस खबर ने उनके फैंस को हैरान जरूर किया लेकिन दोनों के सम्मानजनक फैसले की सराहना भी हुई।

    हालांकि तलाक के बाद माही विज की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने नया विवाद खड़ा कर दिया। माही ने अपने खास दोस्त नदीम कुरैशी के जन्मदिन पर उनके साथ कई तस्वीरें साझा कीं और उन्हें अपना प्यार बताया। उन्होंने यह भी लिखा कि उन्होंने नदीम को दिल से चुना है। बस इसी पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर सवालों और आरोपों की बाढ़ आ गई। कई लोगों ने माही और नदीम के रिश्ते को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां करनी शुरू कर दीं।इन सब बातों से आहत माही विज ने चुप रहने के बजाय खुलकर जवाब देना चुना। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया जिसमें वह ट्रोल्स की जमकर क्लास लगाती नजर आईं। वीडियो में माही ने कहा कि सिर्फ इसलिए क्योंकि उन्होंने और जय ने इज्जत से तलाक लिया है लोग उसे पचा नहीं पा रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों को कंट्रोवर्सी और गंदगी चाहिए।

    माही ने साफ कहा कि नदीम कुरैशी उनके सबसे अच्छे दोस्त हैं और हमेशा रहेंगे। उन्होंने बताया कि वह पिछले छह साल से नदीम के लिए पोस्ट डालती आ रही हैं और उनकी बेटी तारा भी उन्हें छह साल से अब्बा कहती है। यह फैसला माही और जय दोनों का था। माही ने गुस्से में कहा आपने अब्बा शब्द को इतना गंदा बना दिया है। आप लोगों को कर्मा का डर नहीं है।वीडियो में माही विज का गुस्सा साफ झलक रहा था। उन्होंने कहा मैं तुम लोगों पर थूकती हूं जो मेरे और नदीम के बारे में ऐसी बकवास लिख रहे हो। वह सिर्फ मेरी जिंदगी में ही नहीं बल्कि कई लोगों के लिए गॉडफादर हैं। माही ने यह भी सवाल किया कि क्या लोग अपने दोस्तों भाई-बहनों से आई लव यू नहीं कहते।

    माही ने आगे कहा कि जो भी गंदगी फैलाई जा रही है उसका कर्म सामने जरूर आएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नदीम जय के भी बेहद करीबी दोस्त हैं और पूरे ग्रुप का हिस्सा हैं। वीडियो के आखिर में माही ने बेहद सख्त लहजे में कहा कि अगर लोगों को दोस्ती और रिश्तों की समझ नहीं है तो वे भाड़ में जाएं।माही विज का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कई फैंस उनके साहस और बेबाकी की तारीफ कर रहे हैं वहीं कुछ लोग अब भी आलोचना करने से पीछे नहीं हट रहे। लेकिन माही ने साफ कर दिया है कि वह अपनी जिंदगी और रिश्तों को लेकर किसी की गंदी सोच बर्दाश्त नहीं करेंगी।

  • Lohri Upay 2026 : लोहड़ी पर करें इनमें से कोई एक उपाय, तरक्की के खुलेंगे रास्ते, धन-धान्य में होगी वृद्धि

    Lohri Upay 2026 : लोहड़ी पर करें इनमें से कोई एक उपाय, तरक्की के खुलेंगे रास्ते, धन-धान्य में होगी वृद्धि

    नई दिल्ली| लोहड़ी मकर संक्रांति से ठीक एक दिन पहले यानी 13 जनवरी, मंगलवार को मनाई जाएगी। पंजाब और हरियाणा के साथ ही देश के कई हिस्सों में लोहड़ी धूमधाम से मनाई जाती है। मान्यता है कि इस दिन पूजन और अग्नि प्रज्वलित करने से आरोग्य और सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है। लोहड़ी का त्योहार सूर्य के उत्तरायण होने की खुशी में भी मनाया जाता है। ज्योतिषशास्त्र के अनुसार, इस दिन कुछ उपायों को करना बेहद असरदार हो सकता है। इससे जीवन में तरक्की के रास्ते खुल सकते हैं
    और धन-धान्य में भी वृद्धि होती है। आइए विस्तार से जानें लोहड़ी के उपाय…
    नजर दोष दूर करने का उपाय
    लोहड़ी की अग्नि का बेहद खास महत्व होता है। इस दिन शाम को एक छोटा सा उपाय अवश्य करना चाहिए। लोहड़ी की शाम पूजा के बाद अपने घर-परिवार के छोटे बच्चों को अग्नि का धुआं जरूर लगाना चाहिए। मान्यता है कि ऐसा करने से नजर दोष दूर होता है। साथ ही, बच्चों पर इसका सकारात्मक प्रभाव पड़ता है और आरोग्य की प्राप्ति होती है। साथ ही, परिवार के साथ अग्नि की परिक्रमा भी अवश्य करनी चाहिए और जीवन में सुख-शांति की कामना करें।
    धन-धान्य में वृद्धि का उपाय
    अगर आप कुछ समय से आर्थिक समस्याओं का सामना कर रहे हैं या कमाई होने पर भी पैसे नहीं टिक रहे हैं तो लोहड़ी के दिन एक उपाय कर सकते हैं। ज्योतिषशास्त्र के अनुसार, लोड़ही पर लाल रंग के साफ वस्त्र में गेहूं बांधकर गरीबों या जरूरतमंदों को दान करना चाहिए। आप अपने सामर्थ्य अनुसार गेहूं का दान कर सकते हैं। मान्यता है कि इस दिन अन्न दान करने से जातक को आर्थिक तंगी और फिजूलखर्ची से मुक्ति मिल सकती है। साथ ही, घर की आर्थिक स्थिति मजबूत होती है और धन-धान्य में भी वृद्धि हो सकती है।
    घर में सुख-समृद्धि का उपाय
    ​लोहड़ी की शाम अग्नि प्रज्वलित करने का खास महत्व होता है। इस दिन उपाय के तौर पर शाम को प्रदोष काल में लोहड़ी की अग्नि में तिल, गुड़, गजक, गेहूं आदि जरूर अर्पित करना चाहिए। ऐसा करने के बाद अग्नि देव और सूर्य देवता को धन्यवाद करना चाहिए। साथ ही, सुख-समृद्धि की कामना करें। लोहड़ी पर उस उपाय को करने से जातक के घर में सुख-समृद्धि और शांति बनी रहती है। साथ ही, जीवन में सकारात्मकता आती है और नकारात्मकता दूर होती है।
    जीवन में तरक्की का उपाय
    अगर आपकी तरक्की या जरूरी कार्यों में बार-बार बाधाएं आ रही हैं तो लोहड़ी की शाम एक छोटा सा उपाय आजमा सकते हैं। ज्योतिषशास्त्र के अनुसार, इस दिन जरूरतमंद कन्याओं को रेवड़ी, तिल, गजक आदि अपने सामर्थ्य अनुसार भेंट करना चाहिए। इससे बेहद शुभ फल की प्राप्ति होती है। इस उपाय को करने से कार्यों अथवा व्यवसाय में आ रही बाधाएं दूर हो सकती हैं। साथ ही, जीवन में तरक्की के द्वार खुलने लगते हैं। लोहड़ी के दिन कई स्थानों पर लड्डू भी बांटा जाता है।

  • नया टैक्स कानून 2025: 1 अप्रैल से होंगे बड़े बदलाव, जानें कैसे प्रभावित होंगे आपका पैसा

    नया टैक्स कानून 2025: 1 अप्रैल से होंगे बड़े बदलाव, जानें कैसे प्रभावित होंगे आपका पैसा

    नई दिल्ली| देश में इनकम टैक्स को लेकर सबसे बड़ी शिकायत हमेशा यही रही है कि कानून बहुत जटिल है. आम आदमी के लिए यह समझ पाना मुश्किल हो जाता है कि उसे किस सेक्शन में क्या करना है और कितना टैक्स देना है. इसी परेशानी को दूर करने के लिए सरकार अब एक नया और ज्यादा सरल कानून लेकर आ रही है, जिसका नाम है इनकम टैक्स एक्ट 2025. यह नया कानून 1 अप्रैल से पूरे देश में लागू होगा और करीब 64 साल पुराने इनकम टैक्स एक्ट 1961 की जगह लेगा.
    इनकम टैक्स एक्ट 1961 उस दौर में बनाया गया था, जब भारत की अर्थव्यवस्था आज जैसी डिजिटल और आधुनिक नहीं थी. समय के साथ इसमें सैकड़ों संशोधन होते चले गए. नतीजा यह हुआ कि कानून इतना भारी और उलझा हो गया कि टैक्स भरना तो दूर, उसे पढ़ना भी मुश्किल हो गया. छोटे टैक्सपेयर्स, नौकरीपेशा लोगों और सीनियर सिटीज़न्स के लिए यह एक बड़ी समस्या बन चुका था. सरकार का मानना है कि अब समय आ गया था कि पूरे कानून को नए सिरे से लिखा जाए.
    इनकम टैक्स एक्ट 2025 में क्या है खास
    सरकार के मुताबिक नया टैक्स कानून लगभग 50 फीसदी छोटा होगा. इसमें भाषा को आसान किया गया है ताकि आम लोग भी बिना टैक्स एक्सपर्ट की मदद के नियम समझ सकें. गैरज़रूरी सेक्शन हटाए गए हैं और कई पुराने व बेकार टैक्स प्रावधानों को पूरी तरह खत्म कर दिया गया है. सरकार का दावा है कि इससे टैक्स को लेकर होने वाले विवाद और कोर्ट-कचहरी के मामले भी कम होंगे.
    टैक्स रेट वही, नियम हुए आसान
    सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि टैक्स की दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है. यानी आपकी टैक्स स्लैब वही रहेगी, जो पहले थी. यह कानून रेवेन्यू न्यूट्रल है, मतलब सरकार की कमाई पर भी इसका कोई असर नहीं पड़ेगा. फर्क सिर्फ इतना होगा कि अब टैक्स भरने के नियम ज्यादा साफ और समझने में आसान होंगे.

    Assessment Year का झंझट खत्म
    अब तक इनकम टैक्स में प्रीवियस ईयर और असेसमेंट ईयर जैसे मुश्किल शब्द लोगों को भ्रम में डालते थे. नए कानून में इसे खत्म कर दिया गया है. अब सिर्फ एक ही शब्द होगा टैक्स ईयर. इससे ITR भरने की प्रक्रिया और भी सरल हो जाएगी. इसके अलावा, अगर कोई टैक्सपेयर तय तारीख के बाद भी रिटर्न फाइल करता है, तो उसे TDS रिफंड पाने का अधिकार मिलेगा, जो पहले आसान नहीं था.

    सरकार ने साफ किया है कि बजट 2026-27 में टैक्स से जुड़े जो भी नए बदलाव होंगे, चाहे वो पर्सनल टैक्स हों, कॉरपोरेट टैक्स या HUF से जुड़े नियम, सभी को इसी नए इनकम टैक्स एक्ट 2025 के तहत शामिल किया जाएगा. संसद से मंजूरी मिलने के बाद अब इसके नियम और टैक्स फॉर्म तैयार किए जा रहे हैं.

    पहले भी हो चुकी है कोशिश
    यह पहली बार नहीं है जब टैक्स सिस्टम को नया रूप देने की कोशिश हुई है. साल 2010 में डायरेक्ट टैक्स कोड लाने का प्रयास हुआ था, लेकिन वह सफल नहीं हो सका. बाद में 2017 में एक कमेटी बनाई गई, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर अब यह नया कानून तैयार किया गया है. इनकम टैक्स एक्ट 2025 का मकसद साफ है. टैक्स सिस्टम को सरल, पारदर्शी और भरोसेमंद बनाना. टैक्स वही रहेगा, लेकिन समझना अब आसान होगा. नौकरीपेशा लोगों, छोटे कारोबारियों और सीनियर सिटीज़न्स के लिए यह बदलाव बड़ी राहत माना जा रहा है.

  • धुरंधर में डोंगा के खतरनाक एक्शन सीन्स बॉडी डबल ने किए, नवीन कौशिक ने किया बड़ा खुलासा

    धुरंधर में डोंगा के खतरनाक एक्शन सीन्स बॉडी डबल ने किए, नवीन कौशिक ने किया बड़ा खुलासा


    नई दिल्ली। साल 2025 की ब्लॉकबस्टर फिल्म धुरंधर ने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त रिकॉर्ड बनाए बल्कि इसके किरदार भी दर्शकों के दिलों में खास जगह बना गए। इन्हीं किरदारों में से एक था डोंगा जिसे एक्टर नवीन कौशिक ने निभाया था। फिल्म के क्लाइमैक्स तक डोंगा का किरदार इतना प्रभावशाली हो चुका था कि वह दर्शकों के दिमाग पर गहरी छाप छोड़ गया। अब इस किरदार को लेकर नवीन कौशिक ने एक ऐसा खुलासा किया है जिसने फैंस को हैरान कर दिया है।

    नवीन कौशिक ने हाल ही में सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें साझा की हैं। इन तस्वीरों में वह अपने ही जैसे दिखने वाले एक शख्स के साथ नजर आ रहे हैं वही गेटअप वही लुक और वही अंदाज़। यह शख्स कोई और नहीं बल्कि शेख बुरहानुद्दीन नसीरुद्दीन हैं जिन्होंने फिल्म धुरंधर में डोंगा के बॉडी डबल के तौर पर काम किया था।नवीन कौशिक ने अपनी पोस्ट के जरिए बताया कि फिल्म के कुछ बेहद खतरनाक एक्शन सीन्स उनके बॉडी डबल ने किए थे। उन्होंने लिखा कि ये वही सीक्वेंस है जो डोंगा को असल में डोंगा बनाता है। उस सीन में सारा गुस्सा और आक्रोश एक ही पल में स्क्रीन पर नजर आता है। खास बात यह थी कि उस सीन में सिर में गोली नहीं लगती बल्कि हमजा शीशे में देखकर गोली चलाता है। इस पर नवीन ने मजाकिया अंदाज में लिखा बहुत कमीना आदमी है हमजा।

    नवीन कौशिक ने आगे बताया कि कुछ स्टंट्स इतने जोखिम भरे थे कि वहां उन पर भरोसा नहीं किया जा सकता था कि काम पूरी तरह सुरक्षित तरीके से हो पाए। ऐसे में शेख बुरहानुद्दीन नसीरुद्दीन ने बॉडी डबल के रूप में जिम्मेदारी संभाली और इन एक्शन सीन्स को परफेक्ट बनाया। फिल्म में कई ऐसे सीन हैं जिन्हें देखकर दर्शक दांतों तले उंगलियां दबा लेते हैं और इन सीन्स के पीछे शेख की मेहनत छुपी हुई है।अपने पोस्ट में नवीन कौशिक ने शेख बुरहानुद्दीन के लिए दिल से धन्यवाद भी लिखा। उन्होंने कहा कि शेख भाई ने उनके साथ मिलकर डोंगा के एक्शन सीक्वेंस को सुपरहिट बना दिया। नवीन ने माना कि बिना उनके सहयोग के डोंगा का किरदार शायद इतना दमदार नहीं बन पाता।

    गौरतलब है कि धुरंधर फिल्म ने रिलीज के बाद एक-दो नहीं बल्कि दर्जनों रिकॉर्ड तोड़े हैं। फिल्म में रणवीर सिंह हमजा के किरदार में नजर आए थे और उनकी परफॉर्मेंस को भी जमकर सराहा गया। लेकिन डोंगा जैसे सहायक किरदारों ने फिल्म को अलग स्तर पर पहुंचा दिया।नवीन कौशिक का यह खुलासा एक बार फिर साबित करता है कि पर्दे पर दिखने वाले हर शानदार सीन के पीछे कई अनसुने हीरो होते हैं जिनकी मेहनत दर्शकों तक सीधे नहीं पहुंच पाती लेकिन फिल्म की सफलता में उनका योगदान बेहद अहम होता है।

  • इंडियन आइडल 3 के विजेता प्रशांत तमांग का 43 साल की उम्र में निधन, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

    इंडियन आइडल 3 के विजेता प्रशांत तमांग का 43 साल की उम्र में निधन, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार


    नई दिल्ली। इंडियन आइडल सीजन 3 के विजेता और अभिनेता प्रशांत तमांग का 43 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके अचानक चले जाने की खबर से न सिर्फ म्यूजिक इंडस्ट्री बल्कि उनके प्रशंसकों में भी शोक की लहर दौड़ गई है। दिल्ली स्थित उनके आवास पर तबीयत बिगड़ने के बाद उनकी पत्नी उन्हें इलाज के लिए माता चानन देवी अस्पताल लेकर पहुंचीं जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार प्रशांत तमांग को स्ट्रोक आने की आशंका जताई जा रही है।दिल्ली पुलिस के मुताबिक अस्पताल से उन्हें मेडिकल लीगल केस एमएलसी की सूचना मिली थी। दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अभिमन्यु पोसवाल ने बताया कि रात करीब 3:10 बजे माता चानन देवी अस्पताल से पुलिस को सूचना मिली कि रघु नगर निवासी प्रशांत तमांग को मृत घोषित किया गया है। इसके बाद एक जांच अधिकारी अस्पताल पहुंचा और एमएलसी प्राप्त की गई।

    पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशांत तमांग के घर पर क्राइम टीम और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी एफएसएल की टीम को भेजा। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल किसी भी तरह की संदिग्ध स्थिति की पुष्टि नहीं की जा सकती। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।प्रशांत तमांग का शव पोस्टमार्टम के लिए दीन दयाल उपाध्याय डीडीयू अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने उनकी पत्नी और अन्य परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं। पुलिस का कहना है कि जब तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने नहीं आती तब तक किसी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

    प्रशांत तमांग के निधन की खबर सबसे पहले उनके करीबी मित्र राजेश घाटानी ने सोशल मीडिया पर साझा की। उन्होंने फेसबुक पर भावुक पोस्ट लिखते हुए कहा कि यह खबर उनके लिए बेहद दुखद है और उन्होंने प्रशांत तमांग को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद यह खबर तेजी से सोशल मीडिया पर फैल गई।उनके निधन पर कई दिग्गज हस्तियों ने शोक जताया है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर प्रशांत तमांग के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि प्रशांत तमांग न सिर्फ एक बेहतरीन गायक थे बल्कि बंगाल के लोगों के लिए बेहद खास कलाकार भी थे।

    प्रशांत तमांग का जन्म 4 जनवरी 1983 को दार्जिलिंग के एक गोरखा परिवार में हुआ था। उनके पिता पश्चिम बंगाल पुलिस में कार्यरत थे और सेवा के दौरान उनका निधन हो गया था। परिवार की जिम्मेदारी संभालने के लिए प्रशांत ने स्कूल छोड़ दिया था। दोस्तों के प्रोत्साहन पर उन्होंने 2007 में इंडियन आइडल में हिस्सा लिया और अपनी गायकी से देशभर के दिल जीत लिए।गायन के साथ-साथ उन्होंने अभिनय में भी अपनी पहचान बनाई। हाल ही में वह वेब सीरीज पाताल लोक 2 में नजर आए थे और आने वाले समय में वह सलमान खान की फिल्म बैटल ऑफ गलवान में दिखाई देने वाले थे जो 17 अप्रैल को रिलीज होने वाली है। उनके अचानक निधन ने उनके अधूरे सपनों को वहीं थाम दिया।

  • वेनेजुएला के बाद अब ट्रंप की क्यूबा को धमकी, कहा-समझौता कर ले नहीं तो परिणआम भुगतने तैयार

    वेनेजुएला के बाद अब ट्रंप की क्यूबा को धमकी, कहा-समझौता कर ले नहीं तो परिणआम भुगतने तैयार

    वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला के करीबी सहयोगी क्यूबा को रविवार को एक और चेतावनी जारी की। वेनेजुएला में अमेरिका के हवाई हमलों और राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को अपदस्थ किए जाने के बाद क्यूबा में बड़े पैमाने पर विरोध-प्रदर्शन भड़कने की आशंका है। ऐसे में डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि या तो क्यूबा अमेरिका के साथ समझौता कर ले नहीं तो उसे परिणआम भुगतने के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने कहा, क्यूबा समय रहते फैसला कर ले, कहीं ऐसा ना हो कि देर हो जाए।

    वेनेजुएला के तेल का प्रमुख खरीदार रहा क्यूबा अब इसकी खेप से वंचित हो गया है, क्योंकि अमेरिकी सेना वेनेजुएला के तेल उत्पादों के उत्पादन, शोधन और वैश्विक वितरण को नियंत्रित करने के प्रयासों के तहत टैंकर को जब्त करना जारी रखे हुए है। ट्रंप ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘क्यूबा लंबे समय से वेनेजुएला के तेल और धन का इस्तेमाल कर रहा था और बदले में उसे सुरक्षा प्रदान कर रहा था, लेकिन अब और नहीं! क्यूबा को अब न तो तेल मिलेगा और न ही धन।’

    अमेरिकी राष्ट्रपति ने लिखा, ‘मैं उन्हें कड़ी सलाह देता हूं कि वे बहुत देर होने से पहले समझौता कर लें।’ हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि वह किस तरह के समझौते की बात कर रहे हैं। क्यूबा सरकार ने कहा है कि पिछले वीकेंड मादुरो को पकड़ने के लिए चलाए गए अमेरिकी अभियान में उसके 32 सैन्यकर्मी मारे गए। क्यूबा की दो मुख्य सुरक्षा एजेंसियों से जुड़े ये कर्मी क्यूबा और वेनेजुएला के बीच हुए समझौते के तहत वेनेजुएला की राजधानी काराकास में तैनात थे।

    ट्रंप ने कहा, ‘वेनेजुएला को अब उन गुंडों और जबरन वसूली करने वालों से सुरक्षा की जरूरत नहीं है, जिन्होंने उन्हें इतने वर्षों तक बंधक बनाकर रखा था। अब वेनेजुएला के पास अमेरिका है, जो (निस्संदेह!) दुनिया की सबसे शक्तिशाली सेना है। हम उनकी रक्षा जरूर करेंगे।’
    वेनेजुएला ऑपरेशन के बाद कैसे बदले समीकरण

    क्यूबा की अर्थव्यवस्था वेनेजुएला पर निर्भर है। वेनेजुएला से ही क्यूबा को पैसा और ईंधन मिलता है। बदले में क्यूब वेनेजुएला को मेडिकल फैसिलिटी और एक्सपर्ट देता है। ट्रंप दबाव डाल रहे हैं कि वेनेजुएला अमेरिका को तेल सप्लाई करे और ऐसे में क्यूबा बदहाल हो जाएगा। डोनाल्ड ट्रंप की नजर अब क्यूबा पर भी है।
    क्यूबा पर कई बार कब्जे की कोशिश कर चुका है अमेरिका

    पहली बार नहीं जब किसी अमेरिकी राष्ट्रपति की नजर क्यूबा पर है.। क्यूबा के पूर्व राष्ट्रपति फिदेल कास्त्रों और अमेरिका की दुश्मनी काफी लंबी चली। क्यूबा के ही खुफिया विभाग ने कहा था कि अमेरिका ने सैकड़ों बार क्यूबा की सरकार गिराने और कब्जा करने का प्रयास किया। कई बार फिदेल कास्त्रो को मारने का प्लान भी बनाया गया।

    अमेरिका ने क्यूबा से निर्वासित लोगों की फौज तैयार कर दी थी और ऑपरेशन चलाया था लेकिन यह ऑपरेशन तीन दिन में ही फेल हो गया।
    1961-62 का ऑपरेशन मॉन्गूज

    राष्ट्रपति जॉन एफ कैनेडी के कार्यकाल में क्यूबा में ऑपरेशन मॉन्गूज चलाया गया था। वहीं फिदेल कास्त्रो को मारने के लिए कई तरह के प्लान बनाए गए। इसमें उनकी सिगार में विस्फोट करवाने का प्लान भी शामिल था। इसके अलावा फिदेल कास्त्रो के मिल्कशेक में जहर मिलवाने का प्रयास किया गया। उनके डाइविंग सूट में जानलेवा केमिकल लगाए गए।
    पूर्व प्रेमिका से हत्या का प्लान

    अमेरिका ने फिदेल कास्त्रो की पूर्व प्रेमिका को भी उनकी हत्या करने के लिए राजी कर लिया था। उससे कास्त्रो को जहर देने को कहा गया था। हालांकि इस बात का पता कास्त्रो को चल गया और उन्होंने खुद ही पूर्व प्रेमिका को पिस्तौल दे दी और कहा कि मुझे शूट कर दो। उनकी प्रेमिका ने ऐसा करने से इनकार कर दिया। 1975 की चर्च कमेटी ने बताया था कि 1960 से 65 के बीच अमेरिका ने कम से कम 8 बार फिदेल कास्त्रो को मरवाने का प्लान बनाया था।

    क्यूबा के एक पूर्व अधिकारी फैबियान एस्कलांते के मुताबिक अमेरिका ने फिदेल कास्त्रो को मरवाने के 638 प्रयास किए. इनमें से 184 बार निक्सन के कार्यकाल में उनपर हमला करवाने का प्रयास किया गया।

  • UN से रोहिंग्याओं को मिलेगी राहत? 'सबसे बड़ी अदालत' में शुरू हो रहा नरसंहार का ऐतिहासिक मामला

    नई दिल्‍ली। हेग स्थित अंतरराष्ट्रीय न्यायालय (ICJ) में म्यांमार के खिलाफ रोहिंग्या मुस्लिम अल्पसंख्यकों के कथित नरसंहार से जुड़ी ऐतिहासिक सुनवाई शुरू हो रही है। इस कोर्ट को संयुक्त राष्ट्र की सबसे बड़ी अदालत या विश्व न्यायालय भी कहा जाता है। यह सुनवाई द गैंबिया बनाम म्यांमार के तहत हो रही है, जिसमें 11 देशों ने हस्तक्षेप किया है।

    यह एक दशक से अधिक समय में पहला ऐसा मामला होगा, जिसकी अंतरराष्ट्रीय न्यायालय में पूरी सुनवाई होगी।

    विशेषज्ञों का मानना है कि इस फैसले के नतीजे न सिर्फ म्यांमार बल्कि अन्य अंतरराष्ट्रीय मामलों- खासतौर पर दक्षिण अफ्रीका द्वारा इजरायल के खिलाफ दायर गाजा युद्ध से जुड़े नरसंहार केस पर भी असर डाल सकते हैं।

    म्यांमार सरकार ने नरसंहार के सभी आरोपों से इनकार किया है। संयुक्त राष्ट्र की म्यांमार के लिए स्वतंत्र जांच तंत्र के प्रमुख निकोलस कूंजियन ने रॉयटर्स से कहा- यह मामला तय करेगा कि नरसंहार की परिभाषा क्या है, उसे साबित करने के मानक क्या होंगे और उल्लंघनों के निवारण कैसे किए जाएंगे। ये सब भविष्य के मामलों के लिए अहम मिसाल बनेंगे।

    2019 में दर्ज हुआ मामला

    यह केस 2019 में द गैंबिया ने दायर किया था, जिसमें आरोप लगाया गया है कि म्यांमार ने 1948 के जेनोसाइड कन्वेंशन (नरसंहार रोकथाम और दंड संधि) का उल्लंघन करते हुए रोहिंग्या मुस्लिमों के खिलाफ नरसंहार किया है। यह पिछले एक दशक से अधिक समय में ICJ में नरसंहार के किसी मामले की पहली पूरी मेरिट्स सुनवाई है।
    2017 की सैन्य कार्रवाई और पलायन
    2017 में म्यांमार की सेना द्वारा चलाए गए अभियान के बाद कम से कम 7.30 लाख रोहिंग्या अपने घर छोड़कर पड़ोसी बांग्लादेश चले गए थे। शरणार्थियों ने हत्या, सामूहिक बलात्कार और गांवों को जलाने जैसे आरोप लगाए। संयुक्त राष्ट्र की एक तथ्य-जांच मिशन ने निष्कर्ष निकाला था कि उस सैन्य अभियान में नरसंहारात्मक कृत्य शामिल थे। हालांकि, म्यांमार के अधिकारियों ने इस रिपोर्ट को खारिज करते हुए कहा कि सेना का अभियान मुस्लिम उग्रवादियों के हमलों के जवाब में एक वैध आतंकवाद-रोधी कार्रवाई था।
    सू की का बचाव, अब बंद कमरे में सुनवाई
    2019 की प्रारंभिक सुनवाई के दौरान म्यांमार की तत्कालीन नेता आंग सान सू की ने गाम्बिया के आरोपों को अधूरे और भ्रामक करार दिया था। मौजूदा सुनवाई का एक अहम पहलू यह है कि पहली बार कथित अत्याचारों को लेकर रोहिंग्या पीड़ितों की बातें किसी अंतरराष्ट्रीय अदालत में सुनी जाएंगी। संवेदनशीलता और निजता के कारण ये सत्र बंद कमरे में होंगे और मीडिया के लिए खुले नहीं होंगे। आईसीजे में सुनवाई सोमवार सुबह 10 बजे (0900 GMT) से शुरू होकर तीन सप्ताह तक चलेगी।

    पहले सप्ताह गैंबिया और उसके समर्थक अपनी दलीलें पेश करेंगे।

    फिर म्यांमार अपनी सफाई पेश करेगा। गवाहों और विशेषज्ञों की गवाही भी होगी (कुछ बंद कमरों में, जहां रोहिंग्या पीड़ित अपनी कहानियां सुनाएंगे)। 11 देशों ने हस्तक्षेप किया है जिनमें- कनाडा, डेनमार्क, फ्रांस, जर्मनी, नीदरलैंड, यूनाइटेड किंगडम, मालदीव, स्लोवेनिया, डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो, बेल्जियम और आयरलैंड। ये देश द गैंबिया के पक्ष में हैं।
    हालांकि, ICJ के फैसले बाध्यकारी होते हैं, लेकिन लागू करने की कोई सीधी ताकत नहीं। म्यांमार की मौजूदा जंटा सरकार पहले ही अंतरिम आदेशों की अनदेखी कर चुकी है।
    इसलिए असल राहत के लिए अंतरराष्ट्रीय दबाव जरूरी होगा।
    म्यांमार का मौजूदा संकट

    गौरतलब है कि 2021 में म्यांमार की सेना ने निर्वाचित असैन्य सरकार को सत्ता से हटा दिया था। इसके बाद लोकतंत्र समर्थक प्रदर्शनों को बलपूर्वक दबाया गया, जिससे देशव्यापी सशस्त्र विद्रोह भड़क उठा। इस बीच, म्यांमार में चरणबद्ध चुनाव कराए जा रहे हैं, जिन्हें संयुक्त राष्ट्र, कई पश्चिमी देशों और मानवाधिकार संगठनों ने न निःशुल्क और न निष्पक्ष बताया है।