Category: Sports

  • भारतीय महिला हॉकी टीम की तैयारी, विश्व कप 2026 में स्थान पक्का करने का अभियान

    भारतीय महिला हॉकी टीम की तैयारी, विश्व कप 2026 में स्थान पक्का करने का अभियान


    नई दिल्ली। महिला हॉकी विश्व कप 2026 के लिए क्वालिफायर का आगाज हैदराबाद, तेलंगाना में रविवार से होने जा रहा है और भारतीय महिला हॉकी टीम इस टूर्नामेंट में अपनी विश्व कप की जगह पक्की करने के इरादे के साथ उतरेगी। मेजबान भारत के अलावा इस क्वालिफायर में इंग्लैंड, स्कॉटलैंड, कोरिया, इटली, उरुग्वे, वेल्स और ऑस्ट्रिया जैसी टीमें हिस्सा ले रही हैं। सभी आठ टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है, जिसमें ग्रुप ए में इंग्लैंड, कोरिया, इटली और ऑस्ट्रिया हैं, जबकि ग्रुप बी में भारत, स्कॉटलैंड, उरुग्वे और वेल्स शामिल हैं। प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी। फाइनल के अलावा एक कांस्य पदक मैच भी खेला जाएगा।

    क्वालिफायर में पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल करने वाली टीमें सीधे महिला हॉकी विश्व कप 2026 के लिए क्वालिफाई करेंगी। इसके अलावा हैदराबाद में चौथे स्थान पर रहने वाली विश्व की सबसे ऊंची रैंक वाली टीम को भी विश्व कप में जगह मिलेगी। इस बार के विश्व कप में पुरुषों और महिलाओं दोनों की प्रतियोगिता में 16 टीमें खेलेंगी, जिनमें से पहले ही नौ टीमों ने क्वालिफिकेशन हासिल कर लिया है।

    भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में घरेलू समर्थन पर भरोसा करेगी। टीम हाल ही में नियुक्त मुख्य कोच शोर्ड मारिन के नेतृत्व में उतरेगी। वर्तमान में भारतीय महिला हॉकी टीम विश्व रैंकिंग में नौवें स्थान पर है और इंग्लैंड के बाद टूर्नामेंट में दूसरी सबसे ऊंची रैंक वाली टीम है। भारत का मुख्य लक्ष्य विश्व कप में सीधी क्वालिफिकेशन हासिल करना है।

    टीम अपने अभियान की शुरुआत 8 मार्च को उरुग्वे के खिलाफ करेगी। इसके बाद 9 मार्च को स्कॉटलैंड और 11 मार्च को वेल्स के खिलाफ मुकाबले होंगे। भारतीय महिला हॉकी टीम अब तक विश्व कप के आठ संस्करण खेल चुकी है, और 1974 में चौथा स्थान हासिल करके अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज किया।

    क्वालिफायर से पहले भारतीय कप्तान सलीमा टेटे ने कहा, “हम अपने फैन्स के सामने अपने घर पर क्वालिफायर खेलने के लिए बहुत उत्साहित हैं। टीम इस टूर्नामेंट के लिए बहुत मेहनत कर रही है क्योंकि हम जानते हैं कि क्या दांव पर लगा है। यहां हर टीम विश्व कप में जगह बनाने के लिए मुकाबला कर रही है। हमें शुरू से ही कठिन मैचों की उम्मीद है। हैदराबाद में खेलना हमारे लिए बहुत खास होगा। घरेलू दर्शकों का हमेशा प्रेरणा देता है। हमारा फोकस एक बार में एक ही मैच पर रहने और अपना श्रेष्ठ देने पर होगा ताकि हम अच्छा प्रदर्शन कर सकें और विश्व कप में अपनी जगह पक्की कर सकें।”

    भारतीय टीम की यह तैयारी और घरेलू समर्थन उन्हें एक मजबूत शुरुआत देने के लिए तैयार है। क्वालिफायर में प्रदर्शन ही तय करेगा कि भारत महिला हॉकी विश्व कप 2026 में सीधी क्वालिफिकेशन हासिल कर पाती है या नहीं।

  • टी20 फाइनल 2026: गेंदबाजों की चुनौती, बल्लेबाजों की धुआंधार पारी की संभावना..

    टी20 फाइनल 2026: गेंदबाजों की चुनौती, बल्लेबाजों की धुआंधार पारी की संभावना..


    नई दिल्ली।टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार को भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह मुकाबला रोमांचक होने वाला है क्योंकि पिछले मैचों की तरह इस बार भी बल्लेबाजों के लिए रन बनाने का मौका ज्यादा रहेगा और गेंदबाजों की शामत आने की संभावना है।

    मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के फाइनल में कुल 499 रन बने थे और दर्शकों ने रनों की बारिश का आनंद लिया। फाइनल में भी ऐसा ही हाई-स्कोरिंग मुकाबला देखने को मिल सकता है। ESPNcricinfo की रिपोर्ट के मुताबिक, फाइनल में स्कोर लगभग 200 रन के आसपास रहने की उम्मीद है। शुरुआत में यह माना जा रहा था कि हरी घास वाली पिच तेज गेंदबाजों को मदद दे सकती है, लेकिन सेमीफाइनल में बल्लेबाजों ने शानदार खेल दिखाते हुए पिच पर रन बनाए।

    भारतीय गेंदबाजी आक्रमण में जसप्रीत बुमराह ही ऐसे गेंदबाज रहे जिन्होंने अपनी सटीक लाइन और विविधता से लगातार दबाव बनाए रखा। वहीं वरुण चक्रवर्ती ने चार ओवर में 64 रन खर्च किए और अक्षर पटेल ने तीन ओवर में 35 रन दिए। इससे साफ है कि फाइनल में बाकी गेंदबाजों को रन रोकने में चुनौती होगी।

    फाइनल मुकाबला सेंटर पिच पर खेला जाएगा, जिसमें लाल और काली मिट्टी का मिश्रण है। इस टूर्नामेंट में अब तक सेंटर पिच पर सिर्फ एक ही मैच खेला गया है। 9 फरवरी को हुए उस मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने कनाडा को 53 रन से हराया था और पहले बल्लेबाजी करते हुए 213 रन बनाए थे। सेंटर पिच बल्लेबाजों को मदद देने वाली साबित हो सकती है।

    भारत इस टूर्नामेंट में नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर दो मैच खेल चुका है। ग्रुप स्टेज में नीदरलैंड्स को 17 रन से हराया गया, लेकिन सुपर-8 चरण में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। भारत के पास इस बार न्यूजीलैंड के खिलाफ रिकॉर्ड बदलने का मौका है क्योंकि अब तक दोनों टीमों के बीच तीन मैच हुए हैं और तीनों में न्यूजीलैंड विजयी रही है।

    टी20 विश्व कप का इतिहास बताता है कि लगातार दो टी20 विश्व कप किसी भी टीम ने नहीं जीते हैं। भारतीय टीम इस बार अपने इतिहास को बदलने और लगातार दूसरा खिताब जीतने का अवसर हाथ से जाने नहीं देना चाहती। गेंदबाजों के लिए चुनौती कठिन होगी, लेकिन बल्लेबाजों की जोड़ी और तेज गेंदबाजी के संतुलन पर फाइनल का रोमांच निर्भर करेगा।

    इस फाइनल मुकाबले में गेंदबाजों की रणनीति, बल्लेबाजों की आक्रमकता और पिच की स्थितियां तय करेंगी कि किस टीम का पलड़ा भारी होगा। हाई-स्कोरिंग मुकाबले की उम्मीद है और क्रिकेट फैंस को इस रोमांचक फाइनल का बेसब्री से इंतजार है।

  • T20 वर्ल्ड कप फाइनल के लिए टीम इंड‍िया की प्लेइंग XI बदलेगी!अभ‍िषेक का क्या होगा?

    T20 वर्ल्ड कप फाइनल के लिए टीम इंड‍िया की प्लेइंग XI बदलेगी!अभ‍िषेक का क्या होगा?

    अहमदाबाद । अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टीम इंडिया रविवार (8 मार्च) को T20 वर्ल्ड कप 2026 के खिताब के लिए न्यूजीलैंड का सामना करेगी. भारत ने T20 वर्ल्ड कप मैचों में न्यूजीलैंड को कभी नहीं हराया है, दोनों टीमों के बीच हुए तीनों मैच न्यूजीलैंड ने जीते हैं. ऐसे में भारत के लिए सुपर संडे (8 मार्च) को होने वाला फाइनल मुकाबला किसी बड़ी जंग से कम नहीं होगा.

    वैसे ओवरऑल दोनों ही देशों के बीच कुल 30 टी20 मैच हुए हैं, जहां भारतीय टीम ने 16 मैच जीते हैं, 11 मैच न्यूजीलैंड के नाम रहे हैं. और 3 मैच टाई रहे, इन 3 टाई में दो भारतीय टीम बाद (सुपर ओवर) में जीती और एक DLS (डकवर्थ लुईस ) मैथड की वजह से टाई पर छूटा है.

    भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड की टीम को गुरुवार (5 मार्च) को इंग्लैड को 7 रनों से हराया. भारत ने 253/7 का भारी भरकम स्कोर खड़ा किया. जवाब में इंग्लैंड की टीम ने भी 246/7 का स्कोर खड़ा कर दिया

    . इस मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों ने दमदार प्रदर्शन किया, संजू सैमसन ने 42 गेंदों पर 89 रन बनाए. बाकी बल्लेबाजों ने भी जमकर हाथ खोले.
    हालांकि इस मुकाबले में भारतीय गेंदबाजों ने न‍िराश किया. अर्शदीप सिंह ने 4 ओवर्स में 51 रन द‍िए और 1 विकेट लिया. वहीं वरुण चक्रवर्ती ने तो 4 ओवर्स में 64 रन द‍िए और उनको महज एक व‍िकेट लिया. उनके फॉर्म ने सबसे ज्यादा न‍िराश किया, इसके बाद सवाल उठ रहे हैं क्या भारतीय टीम की प्लेइंग 11 में बदलाव होगा? क्या पूरे टूर्नामेंट में बेंच पर बैठे कुलदीप यादव को मौका मिलेगा. वहीं अभ‍िषेक शर्मा का भी फॉर्म च‍िंताजनक है.

    वरुण की गेंदबाजी पर इरफान पठान, अक्षर पटेल ने क्या कहा?
    हालांकि, वरुण इस वर्ल्ड कप में भारतीय टीम के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं. उन्होंने 8 मैचों में 28 ओवर्स में 248 रन देकर 13 व‍िकेट लिए हैं. इसमें उनका एवरेज 19.07 है और उनका 8.85 का इकोनॉमी रेट रहा है.

    अक्षर ने कहा- हमने इस मुद्दे पर बात की है, खासकर चक्रवर्ती को हो रही परेशानी को लेकर. हमने कई नॉकआउट मैच खेले हैं, इसलिए मजबूत मानसिकता बहुत जरूरी होती है. हमें पता है कि उसके पास पूरी स्किल है. हम उसे यही समझाते हैं कि अगर आपके खिलाफ रन बन भी रहे हों, तब भी अपने प्लान से नहीं हटना चाहिए. उसका प्लान स्टंप्स पर गेंदबाजी करने का था, लेकिन बीच में उसने लाइन बदल ली.

    दबाव में ऐसी गलतियां हो जाती हैं. फिर भी हम उसे लगातार कहते हैं कि वह हमारी टीम का एक्स-फैक्टर है. उसे खुद पर भरोसा रखना चाहिए, क्योंकि गेंदबाजी में सबसे ज्यादा अहम चीज कॉन्फिडेंस ही होता है.

    वहीं इरफान पठान ने भी वरुण का सपोर्ट करते हुए अहम बात कही. पठान ने कहा- अब अगली चुनौती फाइनल में न्यूजीलैंड से है. टीम इंडिया को स्ट्रैटजी बहुत ध्यान से बनाने की आवश्यकता है. इसमें एक अहम फैक्टर वरुण चक्रवर्ती सही फ्रेम ऑफ माइंड में लाना भी होगा. उनका कॉन्फ‍िडेंस अभी काफी द‍िख रहा है.

    पठान ने आगे कहा- अगर मैं इंडियन कैम्प का हिस्सा होता तो मैं उन्हें दो दिनों के लिए पूरी तरह से स्विच ऑफ करा देता. मैं उन्हें ज्यादा लोगों से बात नहीं करने देता. न ही उन्हें ग्राउंड पर आने देता.

    उन्हें फ्रेश माइंड और पॉजिटिव एनर्जी के साथ सीधा फाइनल में लाता. मैं यही मानता हूं कि एक दिन के प्रैक्टिस में वैसे भी कुछ नहीं बदलने वाला नहीं है.

    न्यूजीलैंड के खिलाफ वरुण का रिकॉर्ड
    न्यूजीलैंड के खिलाफ वरुण के प्रदर्शन की बात करें, तो उनके आंकड़े ज्यादा खास नहीं रहे हैं. उन्होंने अब तक 4 टी20 मैचों में न्यूजीलैंड के खिलाफ 4 विकेट लिए हैं. इस दौरान उनका एवरेज 32.75 और इकोनॉमी रेट 8.18 रहा है.वहीं नरेंद्र मोदी स्टेड‍ियम में उनका रिकॉर्ड बेहतर है. यहां खेले 3 मैचों में उन्होंने 8 विकेट लिए हैं. इस दौरान उनका एवरेज 14.25 और इकोनॉमी रेट 8.25 रहा है.
    क्या अभ‍िषेक शर्मा को मिलेगा मौका?
    टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम के ओपनर और दुनिया के नंबर-1 टी20 बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का प्रदर्शन अब तक उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा है. अभिषेक का बल्ला मौजूदा टूर्नामेंट में लगभग खामोश ही रहा है. सेमीफाइनल में भी इंग्लैंड के खिलाफ वह बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे, जिससे उनकी टीम में होने पर सवाल उठ रहे हैं.

    वानखेड़े स्टेडियम में सेमीफाइनल में अभिषेक शर्मा सिर्फ 9 रन बनाकर ऑफ-स्पिनर विल जैक्स की गेंद पर फिल साल्ट के हाथों मिडविकेट पर लपके गए.

    जिम्बाब्वे के खिलाफ उन्होंने 55 रन जरूर बनाए, लेकिन उनका फॉर्म फिर गड़बड़ा गया. इस टी20 वर्ल्ड कप में अभिषेक ने 7 पारियों में 12.71 की खराब एवरेज से 89 रन बनाए हैं.हालांकि हरभजन सिंह ने उनका सपोर्ट किया है, और कहा कि उनको बाहर नहीं बैठाना चाहिए.

    वहीं अभ‍िषेक का संजू सैमसन ने भी समर्थन किया. उन्होंने कहा, मेरे हिसाब से उसने अपने करियर में कई उतार-चढ़ाव देखे हैं. अभी वह खराब दौर से निकलने की कोशिश कर रहा है और पूरी टीम उसके साथ खड़ी है. इस फॉर्मेट में बस दो-तीन अच्छे शॉट लगते ही मैच और खिलाड़ी दोनों बदल सकते हैं. हमें अब भी उस पर पूरा भरोसा है और मुझे लगता है कि फाइनल में उसका दिन हो सकता है.

    इस बीच भारतीय बल्लेबाजी क्रम में बदलाव को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं. कुछ पूर्व खिलाड़ियों ने यह सुझाव दिया है कि मिडिल ऑर्डर को मजबूत करने के लिए रिंकू सिंह को टीम में शामिल किया जाए, जबकि ईशान किशन को संजू सैमसन के साथ ओपनिंग के लिए भेजना सही रहेगा. वैसे अब सबकी नजर अहमदाबाद में होने वाले फाइनल पर है. अगर अभिषेक शर्मा उस मैच में बड़ी पारी खेलने में सफल होते हैं, तो सारी बातें पुरानी हो जाएंगी.

    अहमदाबाद में भारत और न्यूजीलैंड की प्लेइंग 11 कैसी रहेगी
    वैसे देखा जाए तो भारतीय टीम और न्यूजीलैंड की अहमदाबाद में वही टीम खेलेगी, जो दोनों ने सेमीफाइनल में खिलाई थी. दोनों ही टीमों में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा.

    हालांकि, कुलदीप यादव अहमदाबाद की प‍िच पर पर कारगर साब‍ित हो सकते हैं. उन्होंने कुल 54 टी20 में 95 विकेट लिए है . वो यहां एक मुकाबला न्यूजीलैंड के ख‍िलाफ खेले थे, ज‍िसे भारतीय टीम ने 166 रनों से जीता था, लेकिन कुलदीप ने महज एक ओवर करवाया था और उन्होंने 12 रन द‍िए थे.

    न्यूजीलैंड की टी20 वर्ल्ड कप फाइनल के लिए संभाव‍ित प्लेइंग 11: टिम सीफर्ट, फिन एलन, रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिचेल, जेम्स नीशम, मिचेल सेंटनर, कोल मैककॉन्ची, मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन

    भारत की टी20 वर्ल्ड कप फाइनल के लिए संभाव‍ित प्लेइंग 11: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती/कुलदीप यादव

  • T20 World Cup: फाइनल में कल होगी IND-NZ की भिड़ंत, जानें कैसी रहेगी अहमदाबाद की पिच?

    T20 World Cup: फाइनल में कल होगी IND-NZ की भिड़ंत, जानें कैसी रहेगी अहमदाबाद की पिच?


    नई दिल्ली।
    इंडिया वर्सेस न्यूजीलैंड टी20 वर्ल्ड कप 2026 (India vs New Zealand T20 World Cup 2026) का फाइनल रविवार, 8 मार्च को अहमदाबाद (Ahmedabad) के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाना है। भारतीय टीम (Indian team) अपने खिताब का बचाव करने के लिए पूरी तरह तैयार है, हालांकि इस मैदान ने जो दुख दिए हैं उससे फैंस थोड़ा घबराए हुए हैं। 2023 वर्ल्ड कप से भारत आईसीसी इवेंट में कुल दो ही मुकाबले हारे हैं। एक ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2023 वर्ल्ड कप का फाइनल और एक 2026 टी20 वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका के खिलाफ सुपर-8 का मैच। दुखद: बात यह है कि यह दोनों ही मैच टीम इंडिया ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में ही हारे हैं। ICC इवेंट में यहां की पिच भारतीय खिलाड़ियों को सूट नहीं करती। ऐसे में IND vs NZ फाइनल में कैसी पिच का इस्तेमाल होगा ये देखने वाली बात है। क्या इस बार भी फैंस का दिल टूटेगा?


    IND vs NZ फाइनल में कैसी होगी नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच

    एक रिपोर्ट के अनुसार न्यूजीलैंड के खिलाफ ICC T20 वर्ल्ड कप के फाइनल मैच के लिए भारतीय टीम को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मिक्स मिट्टी वाली पिच दी जाएगी। हालांकि इसमें काली मिट्टी के मुकाबले लाल मिट्टी ज्यादा है। लाल मिट्टी का ज्यादा प्रतिशत होने से गेंद दोनों इनिंग में बल्ले पर आसानी से आती है और अच्छा बाउंस भी मिलता है। यह वही पिच होगी जिस पर साउथ अफ्रीका ने अपने लीग गेम में कनाडा के खिलाफ खेला था और 5 विकेट पर 213 रन बनाए थे, जबकि कनाडा ने अपनी इनिंग 156/8 पर खत्म की थी।

    इस विकेट को चुनने का कारण, जिसमें काली मिट्टी के मुकाबले लाल मिट्टी ज्यादा है, यह है कि भारत का दो जरूरी मैच हारने का पिछला इतिहास रहा है। भारत 50 ओवर के 2023 वर्ल्ड कप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से काली मिट्टी वाली पिच पर हारा था, जिससे ट्रैक धीमा हो जाता है, जैसा कि 19 नवंबर, 2023 को भारतीय बल्लेबाजों को शुरू करने में संघर्ष करते हुए देखा गया था। पूरे देश में अभी भी दुख है।

    सूत्र ने बताया, “इंडियन टीम को फाइनल के लिए नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मिक्स-सॉइल पिच ऑफर की जाएगी। यह एक स्पोर्टिंग पिच होगी जहां कोई फालतू फायदा नहीं होगा। इस ट्रैक पर ज्यादा लाल मिट्टी होने का मतलब है कि कुछ बाउंस होगा और बैट्समैन को भी फायदा होगा।”


    लीग मैचों के दौरान पिच से खुश नहीं था भारत

    इंडिया का टीम मैनेजमेंट लीग गेम्स के दौरान ऑफर की गई कुछ पिचों से खुश नहीं था। उन्होंने लोकल क्यूरेटर के सामने अपनी नाराजगी जाहिर की थी। यही एक वजह थी कि इंडियन बोर्ड ने पिच तैयार करने के बारे में लोकल क्यूरेटर से बात करने के लिए अपने स्टाफ को भेजने का फैसला किया था।

  • T20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में सेलिब्रिटी जलवा राहा कपूर की क्यूट हरकतों ने जीता दिल वरुण धवन और अनिल कपूर भी दिखे स्टेडियम में

    T20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में सेलिब्रिटी जलवा राहा कपूर की क्यूट हरकतों ने जीता दिल वरुण धवन और अनिल कपूर भी दिखे स्टेडियम में


    नई दिल्ली । आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को रोमांचक मुकाबले में 7 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली। मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस हाई वोल्टेज मैच में क्रिकेट का रोमांच अपने चरम पर था और स्टेडियम में मौजूद हजारों दर्शकों के बीच बॉलीवुड और क्रिकेट जगत की कई बड़ी हस्तियां भी इस मुकाबले का लुत्फ उठाती नजर आईं। भारत की जीत के साथ ही स्टेडियम में मौजूद फैंस और सेलेब्स के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

    हालांकि इस पूरे मुकाबले के दौरान अगर किसी ने सबसे ज्यादा ध्यान खींचा तो वह थीं अभिनेता रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की बेटी राहा कपूर। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कई वीडियो में नन्हीं राहा अपने माता पिता के साथ स्टैंड्स में बैठकर टीम इंडिया को चीयर करती दिखाई दीं। कभी वह खुशी से ताली बजाती नजर आईं तो कभी मैच के रोमांचक पलों पर मुस्कुराती हुई दिखाई दीं। एक पल ऐसा भी आया जब स्टेडियम में मौजूद हजारों दर्शक तालियों की लय में टीम इंडिया का हौसला बढ़ा रहे थे और राहा भी उसी अंदाज में तालियां बजाने लगीं। उनकी यह मासूम हरकत वहां मौजूद लोगों के साथ साथ सोशल मीडिया यूजर्स का भी दिल जीतती नजर आई।

    राहा की इन प्यारी हरकतों को देखकर उनकी मां आलिया भट्ट भी मुस्कुराती नजर आईं और परिवार के साथ मैच का आनंद लेती रहीं। रणबीर कपूर भी कई मौकों पर टीम इंडिया के शानदार प्रदर्शन पर तालियां बजाकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते दिखाई दिए। स्टेडियम में मौजूद कैमरों ने कई बार इस स्टार परिवार को कैद किया और इसके वीडियो कुछ ही समय में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए।

    इस अहम सेमीफाइनल मुकाबले को देखने के लिए वानखेड़े स्टेडियम में कई और बॉलीवुड सितारे भी पहुंचे थे। अभिनेता वरुण धवन और दिग्गज अभिनेता अनिल कपूर को भी स्टैंड्स में बैठकर टीम इंडिया को चीयर करते देखा गया। दोनों सितारे मैच के रोमांचक पलों के दौरान तालियां बजाते और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते नजर आए।

    वहीं क्रिकेट जगत की भी कई बड़ी हस्तियां इस मुकाबले का हिस्सा बनीं। भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अपनी पत्नी साक्षी धोनी के साथ स्टेडियम में मौजूद थे और मैच का आनंद लेते दिखाई दिए। इसके अलावा उद्योगपति परिवार से नीता अंबानी और आकाश अंबानी भी इस हाई प्रोफाइल मुकाबले को देखने पहुंचे थे। भारतीय टीम के खिलाड़ी रोहित शर्मा और केएल राहुल भी स्टेडियम में मौजूद रहे और उन्होंने भी इस रोमांचक मैच का लुत्फ उठाया।

    अगर मैच की बात करें तो भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 253 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। यह स्कोर सेमीफाइनल जैसे बड़े मुकाबले में काफी मजबूत माना जा रहा था। जवाब में इंग्लैंड की टीम ने भी शानदार संघर्ष किया और मैच को अंत तक रोमांचक बनाए रखा लेकिन आखिरकार वह लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी और भारत ने यह मुकाबला 7 रन से जीत लिया।

    इस शानदार जीत के साथ टीम इंडिया लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंच गई है। अब 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत का मुकाबला न्यूजीलैंड से होगा जहां दोनों टीमें खिताब जीतने के लिए आमने सामने होंगी। क्रिकेट प्रेमियों को उम्मीद है कि टीम इंडिया इस बार भी शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्व कप का खिताब अपने नाम कर सकती है।

  • T20 World Cup: 34 छक्के, 39 चौके और 499 रन…., दूसरे सेमीफाइनल में बने कई रिकॉर्ड

    T20 World Cup: 34 छक्के, 39 चौके और 499 रन…., दूसरे सेमीफाइनल में बने कई रिकॉर्ड


    मुंबई।
    आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 (ICC Men’s T20 World Cup 2026) में गुरुवार (5 मार्च) को भारत और इंग्लैंड (India VS England) के बीच दूसरा सेमीफाइनल खेला गया. मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में हुआ यह मुकाबला आखिरी ओवर तक गया, जहां भारतीय टीम ने सात रनों से रोमांचक जीत हासिल की. अब फाइनल में भारतीय टीम का सामना 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड से होगा. न्यूजीलैंड ने पहले सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से हराया था।

    भारत-इंग्लैंड के बीच मुकाबले में कुल 499 रन बने. टी20 विश्व कप के इतिहास में किसी मैच में बनाए गए ये सर्वाधिक रन रहे. इससे पहले टी20 विश्व कप 2016 में इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका के बीच हुए मुकाबले में कुल 459 रन बने थे. ओवरऑल टी20 इंटरनेशनल में ये दूसरा सबसे बड़ा हाईस्कोरिंग मुकाबला रहा. इस मामले में साउथ अफ्रीका vs वेस्टइंडीज मुकाबला टॉप पर है. साल 2023 में सेंचुरियन में खेले गए मैच में कुल 517 रन बने थे।


    मेन्स टी20 इंटरनेशनल मैच में सर्वाधिक रन

    517- साउथ अफ्रीका बनाम वेस्टइंडीज, सेंचुरियन, 2023
    499- भारत बनाम इंग्लैंड, वानखेड़े, 2026
    496- भारत बनाम न्यूजीलैंड, तिरुवनंतपुरम, 2026
    489- भारत बनाम वेस्टइंडीज, लॉडरहिल, 2016
    488- न्यूजीलैंड बनाम ऑस्ट्रेलिया, ऑकलैंड, 2018
    488- बुल्गारिया बनाम सर्बिया, सोफिया, 2022

    इस मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों ने 19 और इंग्लिश बैटर्स ने 15 छक्के लगाए. पहली बार किसी टी20 विश्व कप मैच में इतने छक्के लगे. मुकाबले में कुल 73 बाउंड्रीज (39 चौके और 34 छक्के) लगे, जो किसी टी20 विश्व कप मैच में सबसे अधिक हैं. 2016 में इसी मैदान पर इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका के बीच हुए मैच में 61 बाउंड्रीज लगे थे.


    टी20 विश्व कप मैच में सबसे अधिक छक्के

    34- भारत बनाम इंग्लैंड, वानखेड़े, 2026 सेमीफाइनल
    31- वेस्टइंडीज बनाम जिम्बाब्वे, वानखेड़े, 2026
    30- नीदरलैंड्स बनाम आयरलैंड, सिलहट, 2014
    28- भारत बनाम जिम्बाब्वे, चेन्नई, 2026
    25- इंग्लैंड बनाम इटली, कोलकाता, 2026


    एक पारी में सबसे अधिक छक्के (टी20 विश्व कप)

    19- नीदरलैंड्स बनाम आयरलैंड, सिलहट, 2014
    19- वेस्टइंडीज बनाम जिम्बाब्वे, वानखेड़े, 2026
    19- भारत बनाम इंग्लैंड, वानखेड़े 2026
    17- भारत बनाम जिम्बाब्वे, चेन्नई, 2026
    16- ऑस्ट्रेलिया बनाम भारत, ब्रिजटाउन, 2010

    इंग्लैंड के युवा बल्लेबाज जैकब बेथेल ने सेमीफाइनल में शानदार 105 रन बनाए. बेथेल टी20 विश्व कप के नॉकआउट मुकाबलों में सर्वोच्च पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. बेथेल ने न्यूजीलैंड के फिन एलन का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने पहले सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका के खिलाफ नाबाद 100 रन जड़े थे. बेथेल टी20 विश्व कप में शतक जड़ने वाले इंग्लैंड के चौथे बल्लेबाज हैं.


    टी20 विश्व कप के नॉकआउट मैचों में सर्वोच्च स्कोर

    105 – जैकब बेथेल बनाम भारत, वानखेड़े, 2026 सेमीफाइनल
    100*- फिन एलन बनाम साउथ अफ्रीका, कोलकाता, 2026 सेमीफाइनल
    96*- तिलकरत्ने दिलशान बनाम वेस्टइंडीज, द ओवल, 2009 सेमीफाइनल
    89*- विराट कोहली बनाम वेस्टइंडीज, मुंबई विश्व कप, 2016 सेमीफाइनल
    89- संजू सैमसन बनाम इंग्लैंड, वानखेड़े, 2026 सेमीफाइनल


    इंग्लैंड के लिए टी20 विश्व कप में शतक

    116*- एलेक्स हेल्स बनाम श्रीलंका, चटगांव, 2014
    105- जैकब बेथेल बनाम भारत, वानखेड़े, 2026
    101*- जोस बटलर बनाम श्रीलंका, शारजाह, 2021
    100 – हैरी ब्रूक बनाम पाकिस्तान, पल्लेकेले, 2026

    भारतीय टीम ने इस मुकाबले में 7 विकेट पर 253 रन बनाए. टी20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट मैच में किसी टीम का यह बेस्ट स्कोर रहा. साथ ही भारतीय टीम ने पांचवीं बार टी20 इंटरनेशनल में 250 या उससे ज्यादा का स्कोर बनाया है. भारतीय टीम की तरफ से मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप में अब तक 88 छक्के लगे हैं, जो टी20 विश्व के एक संस्करण में सर्वाधिक हैं. संजू सैमसन अब टी20 विश्व कप के एक संस्करण में सबसे ज्यााद छक्के लगाने वाले भारतीय बन गए हैं. संजू ने मौजूदा विश्व कप में 16 छक्के लगाए हैं और वो पूर्व कप्तान रोहित शर्मा से आगे निकल चुके हैं.


    T20 विश्व कप के एक संस्करण में सबसे अधिक छक्के (भारतीय बैटर्स)

    16- संजू सैमसन (2026)
    15- रोहित शर्मा (2024)
    15- शिवम दुबे (2026)
    14- ईशान किशन (2026)
    14- हार्दिक पंड्या (2026)
    12- युवराज सिंह (2007)


    T20 विश्व कप के एक संस्करण में सर्वाधिक छक्के लगाने वाली टीम

    88 – भारत 2026 में
    76- वेस्टइंडीज, 2026
    72- साउथ अफ्रीका, 2026
    62- वेस्टइंडीज, 2024
    61- भारत, 2024


    मेन्स टी20 में सर्वाधिक बार 250 प्लस स्कोर

    6- भारत
    5- सनराइजर्स हैदराबाद
    3- वेस्टइंडीज
    3- जिम्बाब्वे
    3- सरे


    टी20 विश्व कप में सर्वोच्च स्कोर:

    260/6- श्रीलंका बनाम केन्या, जोहानिसबर्ग, 2007
    256/4- भारत बनाम जिम्बाब्वे, चेन्नई, 2026
    254/6- वेस्टइंडीज बनाम जिम्बाब्वे, वानखेड़े, 2026
    253/7- भारत बनाम इंग्लैंड, वानखेड़े, 2026 सेमीफाइनल
    246/7- इंग्लैंड बनाम भारत, वानखेड़े, 2026 सेमीफाइनल

  • T20 World Cup: भारत लगातार दूसरी बार फाइनल में… इससे पहले सिर्फ 2 टीमें ही कर पाई ये कमाल

    T20 World Cup: भारत लगातार दूसरी बार फाइनल में… इससे पहले सिर्फ 2 टीमें ही कर पाई ये कमाल


    नई दिल्ली।
    सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) की अगुवाई वाली टीम इंडिया (Team India) ने इंग्लैंड (England) को हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup: 2026) फाइनल में अपनी जगह बना ली है। भारत का यह टी20 वर्ल्ड कप में बैक टू बैक दूसरा फाइनल है। इससे पहले रोहित शर्मा की अगुवाई में भारत ने 2024 टी20 वर्ल्ड कप का खिताब साउथ अफ्रीका को हराकर जीता था। टीम इंडिया बैक टू बैक दो टी20 वर्ल्ड कप फाइनल खेलने वाली तीसरी टीम बन गई है। इस लिस्ट में पाकिस्तान भी मौजूद है। बता दें, सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड के सामने जीत के लिए 254 रनों का टारगेट रखा था, इस स्कोर का पीछा करते हुए इंग्लिश टीम 246 रन बना पाई। टीम इंडिया ने 7 रनों से यह मैच जीता। फाइनल में भारत का सामना न्यूजीलैंड से है, जो साउथ अफ्रीका को हराकर पहले ही खिताबी मुकाबले में अपनी जगह बना चुका है।

    भारत का यह टी20 वर्ल्ड कप में बैक टू बैक दूसरा फाइनल है। टीम इंडिया से पहले पाकिस्तान और श्रीलंका यह कारनामा कर चुके हैं। पाकिस्तान ने 2007 और 2009 में बैक टू बैक दो टी20 वर्ल्ड कप फाइनल खेले थे। 2007 में उन्हें भारत के हाथों हार का सामना करना पड़ा था, वहीं 2009 में पाकिस्तान ट्रॉफी उठाने में कामयाब रहा था।

    श्रीलंका ने 2012 और 2014 में लगातार दो टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल खेले थे। 2012 में उन्हें हार मिली थी, वहीं 2014 में भारत को हराकर श्रीलंका ने खिताब जीता था।


    भारत के पास इतिहास रचने का मौका

    टीम इंडिया के पास न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में इतिहास रचने का मौका है। भारत अगर 8 मार्च को होने वाले फाइनल में न्यूजीलैंड को हराता है तो उनका नाम इतिहास के पन्नों में सुनहरे अक्षरों में जुड़ जाएगा। अगर भारत जीतता है तो वह बैक टू बैक दो टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाला पहला देश बनेगा। अगर भारत जीतता है तो वह घर पर टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाला पहला देश बनेगा।

  • टी20 विश्व कप: भारत ने रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड को 7 रन से हराया, फाइनल में न्यूजीलैंड से होगा सामना

    टी20 विश्व कप: भारत ने रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड को 7 रन से हराया, फाइनल में न्यूजीलैंड से होगा सामना

    मुंबई। भारत ने आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप के दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड को रोमांचक मुकाबले में 7 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस हाई स्कोरिंग मुकाबले में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 253 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड की टीम 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 246 रन ही बना सकी। अब खिताबी मुकाबले में भारत का सामना 08 मार्च को न्यूजीलैंड टीम से अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में होगा।


    सैमसन की विस्फोटक पारी से भारत का बड़ा स्कोर

    भारतीय पारी की शुरुआत में अभिषेक शर्मा जल्दी आउट हो गए, लेकिन इसके बाद संजू सैसमन ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। उन्होंने 42 गेंदों में 89 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें आठ चौके और सात छक्के शामिल रहे।

    सैमसन ने ईशान किशन के साथ दूसरे विकेट के लिए 97 रन की अहम साझेदारी की। किशन ने 18 गेंदों में 39 रन बनाए। इसके बाद शिवम दुबे ने भी 25 गेंदों में 43 रन की तेज पारी खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। अंतिम ओवरों में हार्दिक पांड्या ने 12 गेंदों में 27 रन और तिलक वर्मा ने 7 गेंदों में 21 रन बनाकर भारत का स्कोर 250 के पार पहुंचाया।


    बैथेल का शतक, लेकिन इंग्लैंड को नहीं दिला सके जीत

    254 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड को शुरुआत में झटके लगे। जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पांड्या और वरुण चक्रवर्ती ने पावरप्ले में एक-एक विकेट लेकर दबाव बनाया। हालांकि इंग्लैंड के बल्लेबाज जैकब बैथल ने शानदार शतक लगाकर टीम को मुकाबले में बनाए रखा। उन्होंने जोस बटलर, टॉम बैंटन और विल जैक्स के साथ अहम साझेदारियां कीं। मैच के 17 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 209 रन था और उसे आखिरी तीन ओवर में 45 रन की जरूरत थी। उस समय मुकाबला पूरी तरह रोमांचक हो गया था।


    बुमराह और पांड्या के ओवरों ने बदला मैच

    18वें ओवर में जसप्रीत बुमराह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 6 रन दिए। इसके बाद 19वें ओवर में हार्दिक पांड्या ने सैम करन को आउट कर इंग्लैंड पर दबाव बढ़ा दिया। आखिरी ओवर में गेंदबाजी की जिम्मेदारी शिवम दुबे को दी गई और पहली ही गेंद पर जैकब बैथेल 105 रन बनाकर रन आउट हो गए। इसके साथ ही इंग्लैंड की उम्मीदें खत्म हो गईं और टीम इंडिया ने 7 रन से जीत दर्ज कर फाइनल में जगह पक्की कर ली। इस जीत के साथ भारत लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप के फाइनल में पहुंच गया है और अब वह खिताब बचाने से सिर्फ एक कदम दूर है।

  • सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन की शादी: सानिया चंडोक संग मुंबई में रचाई जोड़ी, अमिताभ, अंबानी, धोनी-द्रविड़ समेत सितारे हुए शामिल

    सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन की शादी: सानिया चंडोक संग मुंबई में रचाई जोड़ी, अमिताभ, अंबानी, धोनी-द्रविड़ समेत सितारे हुए शामिल


    नई दिल्ली। सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर और सानिया चंडोक की शादी का भव्य समारोह मुंबई में संपन्न हुआ। शादी के फेरे 3 मार्च को आयोजित किए गए, जिसमें बॉलीवुड और क्रिकेट की दुनिया के दिग्गज शामिल हुए। समारोह में अमिताभ बच्चन और उनकी पत्नी जया बच्चन ने शिरकत की, वहीं भारतीय क्रिकेट के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अपनी पत्नी साक्षी के साथ उपस्थित रहे।
    इसके अलावा राहुल द्रविड़, अनिल कुंबले, अजिंक्य रहाणे, सुरेश रैना और हरभजन सिंह जैसे दिग्गज क्रिकेटर्स भी समारोह में मौजूद रहे।

    अर्जुन तेंदुलकर और सानिया चंडोक के प्री-वेडिंग फंक्शन का आयोजन 27 फरवरी को गुजरात के जामनगर में अंबानी परिवार के घर हुआ था। अर्जुन और सानिया ने अगस्त 2025 में सगाई की थी। सानिया चंडोक ग्रैविस ग्रुप के चेयरमैन रवि घई की पोती हैं और मुंबई में मिस्टर पॉज पैट स्पा एंड स्टोर एलएलपी (Mr. Paws Pet Spa & Store LLP) की डायरेक्टर और पार्टनर हैं। यह संस्था 2022 में शुरू की गई थी और यह पालतू जानवरों की ग्रूमिंग, स्किनकेयर और उससे संबंधित सेवाएं प्रदान करती है।

    सानिया का परिवार, घई परिवार, हॉस्पिटैलिटी और फूड वर्ल्ड में जाना-माना नाम है। उनका इंटरकॉन्टिनेंटल होटल्स ग्रुप है, जिसकी मल्टीनेशनल वैल्यू 1.6 लाख करोड़ रुपए (18.43 बिलियन डॉलर) आंकी जाती है। इसके अलावा, चंडोक परिवार फेमस आइसक्रीम ब्रांड ब्रूकलिन क्रीमरी का भी मालिक है।

    शादी समारोह में शामिल हुए मेहमानों और क्रिकेट दिग्गजों ने अर्जुन और सानिया को बधाई दी। समारोह की भव्यता और फंक्शन के दौरान किए गए स्वागत और आयोजन ने इसे और भी यादगार बना दिया।

    इस शादी में क्रिकेट और बॉलीवुड की दुनिया की कई बड़ी हस्तियों का शामिल होना इसे मीडिया और फैंस के लिए खास बना रहा।

    अर्जुन तेंदुलकर, जो अपने पिता सचिन तेंदुलकर की तरह ही क्रिकेट से जुड़े हैं, और सानिया चंडोक की शादी ने मुंबई में और देशभर में फैंस और मीडिया का ध्यान खींचा। इस शादी के आयोजन से दोनों परिवारों के बीच रिश्तों की मजबूती और सामाजिक प्रतिष्ठा का भी पता चलता है।

    इस भव्य शादी समारोह ने क्रिकेट और बॉलीवुड प्रेमियों में खुशी और उत्साह का माहौल पैदा कर दिया। अर्जुन और सानिया की जोड़ी को शुभकामनाएं देते हुए सभी मेहमान और परिवारजन समारोह के हर पल का आनंद लेते नजर आए।

  • सेमीफाइनल से पहले टीम इंडिया के लिए मंदिरों में पूजा: उज्जैन में खिलाड़ियों की फोटो रखकर जीत की प्रार्थना

    सेमीफाइनल से पहले टीम इंडिया के लिए मंदिरों में पूजा: उज्जैन में खिलाड़ियों की फोटो रखकर जीत की प्रार्थना

    नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाले हाई-वोल्टेज सेमीफाइनल मुकाबले को लेकर देशभर में क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह चरम पर है। इसी उत्साह के बीच मध्यप्रदेश के उज्जैन में क्रिकेट फैंस ने टीम इंडिया की जीत के लिए विशेष पूजा-अर्चना की। उज्जैन के प्रसिद्ध अंगारेश्वर मंदिर में गुरुवार को क्रिकेट प्रेमियों, पुजारियों और श्रद्धालुओं ने मिलकर भारतीय टीम की सफलता के लिए भगवान से प्रार्थना की।

    टी-20 विश्व कप के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में भारत का सामना इंग्लैंड से होना है। यह महत्वपूर्ण मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में शाम 7 बजे खेला जाएगा, जबकि टॉस 6:30 बजे होगा। इस मुकाबले को लेकर देशभर के क्रिकेट प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। करो या मरो की स्थिति वाले इस मैच से पहले फैंस ने मंदिर में विशेष अनुष्ठान कर टीम इंडिया की जीत की कामना की।

    अंगारेश्वर मंदिर में आयोजित इस पूजा में करीब 50 से अधिक पंडित, पुजारी, श्रद्धालु और क्रिकेट प्रेमी शामिल हुए। सभी ने मिलकर भगवान शिव का अभिषेक किया और भारतीय टीम की जीत के लिए विशेष प्रार्थना की। इस दौरान टीम इंडिया के खिलाड़ियों की तस्वीरें भी मंदिर में रखी गईं। सूर्यकुमार यादव, अभिषेक शर्मा, हार्दिक पंड्या और शिवम दुबे जैसे खिलाड़ियों की फोटो शिवलिंग के पास रखकर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया।

    क्रिकेट प्रेमियों का कहना था कि भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाला यह मुकाबला बेहद महत्वपूर्ण है और पूरी उम्मीद है कि टीम इंडिया शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में अपनी जगह बनाएगी। पूजा में शामिल लोगों ने कहा कि टीम इंडिया की जीत के लिए वे भगवान से प्रार्थना कर रहे हैं और देशवासियों की उम्मीदें खिलाड़ियों के साथ हैं।

    इधर, सेमीफाइनल मुकाबले से पहले भारतीय खिलाड़ियों ने भी भगवान के दर्शन किए। इंग्लैंड के खिलाफ महत्वपूर्ण मैच से एक दिन पहले भारतीय टीम के कुछ खिलाड़ी मुंबई के प्रसिद्ध श्री सिद्धिविनायक गणपति मंदिर पहुंचे थे। यहां अक्षर पटेल, ईशान किशन और अभिषेक शर्मा ने भगवान गणपति के दर्शन कर आशीर्वाद लिया और टीम की सफलता के लिए प्रार्थना की।

    भारत और इंग्लैंड के बीच यह मुकाबला लगातार तीसरी बार टी-20 विश्व कप के सेमीफाइनल में देखने को मिल रहा है। इससे पहले वर्ष 2022 और 2024 में भी दोनों टीमें सेमीफाइनल में आमने-सामने आ चुकी हैं। इन मुकाबलों में दोनों टीमों ने एक-एक जीत हासिल की थी और खास बात यह रही कि सेमीफाइनल जीतने वाली टीम ने फाइनल मुकाबला भी अपने नाम किया था।

    ऐसे में इस बार का सेमीफाइनल भी बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है। क्रिकेट विशेषज्ञों के अनुसार दोनों टीमों के पास मजबूत बल्लेबाजी और गेंदबाजी लाइनअप है, जिससे मुकाबला काफी कड़ा रहने की संभावना है।

    देशभर के क्रिकेट प्रेमियों की नजरें अब इस अहम मुकाबले पर टिकी हुई हैं। फैंस को उम्मीद है कि भारतीय टीम शानदार प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड को हराएगी और टी-20 विश्व कप के फाइनल में अपनी जगह बनाएगी। इसी उम्मीद के साथ मंदिरों में प्रार्थनाएं और दुआओं का सिलसिला जारी है।