Category: Sports

  • T20 World Cup: आज WI से भिड़ेगी टीम इंडिया, जो जीतेगा…. वह सेमीफाइनल में…

    T20 World Cup: आज WI से भिड़ेगी टीम इंडिया, जो जीतेगा…. वह सेमीफाइनल में…


    नई दिल्ली ।
    सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) की अगुवाई वाली टीम इंडिया (Team India) आज टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026 ) सुपर-8 में अपना आखिरी मैच वेस्टइंडीज (West Indies) से खेलने वाली है। IND vs WI का यह मैच एक तरह का वर्चुअल क्वार्टर फाइनल है। जो टीम आज जीतेगी वह सेमीफाइनल (Semi-finals.) के लिए क्वालीफाई करेगी। ग्रुप-1 से साउथ अफ्रीका पहले ही नॉकआउट स्टेज में जगह बना चुका है। वहीं ग्रुप-2 से इंग्लैंड और न्यूजीलैंड की टीम क्वालीफाई कर चुकी है। आज इंडिया वर्सेस वेस्टइंडीज मुकाबले के जरिए सेमीफाइनल में पहुंचने वाली चौथी टीम की तस्वीर साफ हो जाएगी। सवाल यह है कि अगर भारत सेमीफाइनल में पहुंचता है तो उनका सामना इंग्लैंड या न्यूजीलैंड किससे होगा। आईए समझते हैं-

    टी20 वर्ल्ड कप 2026 का पहला सेमीफाइनल सुपर-8 ग्रुप-1 की टॉपर टीम और ग्रुप-2 में दूसरे पायदान पर रहने वाली टीम के बीच होगा। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में ग्रुप-2 की टॉपर टीम और ग्रुप-1 में दूसरे पायदान पर रहने वाली टीम भिड़ेगी। पहला सेमीफाइनल 4 मार्च को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा। वहीं दूसरा सेमीफाइनल मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होस्ट किया जाएगा। T20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल 8 मार्च को अहमदाबाद में खेला जाएगा।

    इंग्लैंड और न्यूजीलैंड का तो तय हो चुका है कि वह कौन सा सेमीफाइनल खेलने वाली है। इंग्लैंड ग्रुप-2 की टेबल टॉपर रही है तो उनका मुकाबला वानखेड़े में ग्रुप-1 में दूसरे पायदान पर रहने वाली टीम से होगा। वहीं न्यूजीलैंड अपना सेमीफाइनल मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेलेगी।

    ग्रुप-1 से साउथ अफ्रीका अभी तक नंबर-1 है, उनके खाते में 4 अंक है। वहीं भारत और वेस्टइंडीज 2-2 पॉइंट्स के साथ रेस में है। आज IND vs WI मैच में जो टीम जीत दर्ज करेगी, वो सेमीफाइनल का टिकट कटाएगी। भारत और वेस्टइंडीज में से कोई एक टीम साउथ अफ्रीका के बराबर 4 अंक कर पाएगी। ऐसे में सेमीफाइनल का शेड्यूल नेट रन रेट पर जाकर अटक जाएगा। दरअसल, 4-4 पॉइंट्स होने की वजह से नेट रन रेट के आधार पर तय किया जाएगा कि ग्रुप-1 की टेबल टॉपर कौन सी टीम बनेगी।

    साउथ अफ्रीका का सुपर-8 का आज आखिरी मुकाबला जिम्बाब्वे से है, अफ्रीकी टीम जिस फॉर्म में है उसे देखकर यही उम्मीद लगाई जा रही है कि वह इस मैच को आसानी से अपने नाम कर लेगा। अगर भारत आज वेस्टइंडीज को हराता है तो वह दूसरे नंबर पर ही रहेगा क्योंकि टीम इंडिया नेट रन रेट के मामले में मुश्किल ही साउथ अफ्रीका से आगे निकल पाएगी। ऐसे में कोलकाता के ईडन गार्डन्स पर इंग्लैंड के खिलाफ भारत के सेमीफाइनल मुकाबला होने की उम्मीदें अधिक है। ऐसे में साउथ अफ्रीका की टीम 4 मार्च को न्यूजीलैंड से भिड़ेगी।

    वहीं वेस्टइंडीज के पास नंबर-1 बनने का मौका है। अगर वेस्टइंडीज बड़े अंतर से भारत को हराता है तो वह ना सिर्फ सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेगा, बल्कि टेबल टॉपर भी बन जाएगा। ऐसे में वेस्टइंडीज का सामना न्यूजीलैंड से तो साउथ अफ्रीका का इंग्लैंड से होगा।

  • T20 World Cup: श्रीलंका को हराने के बाद भी PAK टूर्नामेंट से बाहर, सेमीफाइनल में NZ

    T20 World Cup: श्रीलंका को हराने के बाद भी PAK टूर्नामेंट से बाहर, सेमीफाइनल में NZ


    कोलंबो।
    आईसीसी टी20 विश्‍व कप 2026 (ICC T20 World Cup 2026) के 50वें और सुपर-8 के अहम मैच में शनिवार को पाकिस्‍तान टीम की टक्‍कर श्रीलंका (Pakistan vs Sri Lanka) से हुई। यह मुकाबला पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में पाकिस्‍तान ने श्रीलंका 5 रन से हराया। पाकिस्‍तान भले ही मैच जीत गई हो पर न्‍यूजीलैंड ने सेमीफाइनल में जगह बनाई है। दोनों टीमों के 3-3 अंक थे। पर कीवी टीम का नेट रन रेट पाकिस्‍तान से बेहतर था।

    श्रीलंका के कप्‍तान दासुन शनाका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैस‍ला लिया है। पहले बल्‍लेबाजी करने उतरी पाकिस्‍तान ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 212 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका टीम 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 207 रन ही बना सकी।

    इस जीत के बावजूद ग्रीन टीम सेमी-फाइनल की रेस से बाहर हो गई है. यहीं नहीं उसका टूर्नामेंट से भी बोरिया बिस्तर बंध चुका है. क्योंकि टीम को सेमी-फाइनल में प्रवेश करने के लिए विपक्षी टीम के खिलाफ आज 64 रनों से जीत हासिल करनी थी. मगर वह यह कारनामा नहीं कर पाई। वह श्रीलंका के खिलाफ आज के मैच में पांच रन से ही जीत पाई।

    पाकिस्तान की तरफ से जीत के लिए मिले 213 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दसून शानका ने 31 गेंदों में 245.16 की स्ट्राइक रेट से 76 रनों की नाबाद विस्फोटक अर्धशतकीय पारी खेली. मगर वह भी टीम को जीत नहीं दिला सके. शानका के अलावा चौथे क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए पवन रत्नायके ने 37 गेंदों में 58 रनों का योगदान दिया. कामिल मिशारा 15 गेंद में 26 और चरित असलंका 18 गेंद में 25 रन बनाने में कामयाब रहे। पाकिस्तान की तरफ से आज के मुकाबले में सबसे सफल गेंदबाज अबरार अहमद रहे. जिन्होंने चार ओवरों में 23 रन खर्च करते हुए सर्वाधिक तीन सफलता प्राप्त की. उनके अलावा शाहीन शाह अफरीदी, नसीम शाह और मोहम्मद नवाज ने क्रमशः एक-एक विकेट चटकाए।

    इससे पहले पल्लेकेले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान की टीम 20 ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर 212 रन बनाने में कामयाब हुई थी. पारी का आगाज करते हुए साहबजादा फरहान सर्वोच्च स्कोरर रहे. जिन्होंने 60 गेंद में 100 रन की शतकीय पारी खेली. उनके अलावा फखर जमान ने 42 गेंदों में 200.00 की स्ट्राइक रेट से 84 रनों का योगदान दिया. बाकी के अन्य बल्लेबाज विपक्षी टीम के गेंदबाजों के सामने हमेशा रनों के लिए जुझते हुए ही नजर आए। श्रीलंका की तरफ से आज के मुकाबले में दिलशान मदुशंका ने सर्वाधिक तीन सफलता प्राप्त की. उनके अलावा दसून शानका ने दो और दुश्मांता चमीरा ने एक विकेट चटकाए।

  • टी20 वर्ल्ड कप 2026: गौतम गंभीर कालीघाट मंदिर पहुंचे, भारत-वेस्टइंडीज मैच से पहले लिया आशीर्वाद

    टी20 वर्ल्ड कप 2026: गौतम गंभीर कालीघाट मंदिर पहुंचे, भारत-वेस्टइंडीज मैच से पहले लिया आशीर्वाद


    कोलकाता: भारतीय क्रिकेट टीम टी20 विश्व कप 2026 में अपना आखिरी सुपर-8 मुकाबला वेस्टइंडीज के खिलाफ रविवार को कोलकाता के ईडन गार्डेन में शाम 7 बजे खेलेगी। इस महत्वपूर्ण मैच से एक दिन पहले शनिवार को टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर कालीघाट मंदिर पहुंचे।

    गौतम गंभीर ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर टीम की बड़ी जीत के लिए आशीर्वाद मांगा। भारत के लिए यह मुकाबला क्वार्टर फाइनल जैसा है। टीम इंडिया को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए वेस्टइंडीज को हराना बेहद जरूरी है। वेस्टइंडीज के लिए भी यही स्थिति है, अगर वह भारत को हराने में सफल रहती है तो उसका सेमीफाइनल में प्रवेश पक्का हो जाएगा।

    टीम इंडिया इस मैच में वेस्टइंडीज को हल्के में लेने वाली नहीं है। वेस्टइंडीज ने ग्रुप स्टेज में शानदार प्रदर्शन करते हुए बिना कोई मैच गंवाए सुपर-8 में जगह बनाई थी। सुपर-8 में उसने जिम्बाब्वे पर बड़ी जीत दर्ज की, लेकिन दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार का सामना किया। भारत का प्रदर्शन भी इसी तरह रहा है, सुपर-8 में टीम को केवल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार मिली।

    रविवार के मुकाबले में जो भी टीम जीतेगी, सीधे सेमीफाइनल में पहुंचेगी। वेस्टइंडीज की मजबूत बल्लेबाजी और कमजोर गेंदबाजी टीम इंडिया के लिए रणनीतिक फायदा हो सकती है। इस मैच में भारत के पास 2016 टी20 विश्व कप का बदला लेने का भी मौका है, जब वेस्टइंडीज ने उस साल सेमीफाइनल में भारत को हराकर टूर्नामेंट से बाहर किया था।

    गौतम गंभीर का मंदिर दौरा टीम के मनोबल और शुभंशी संकेत का हिस्सा माना जा रहा है, ताकि खिलाड़ी मानसिक रूप से तैयार होकर इस निर्णायक मुकाबले में उतरें।

  • टी20 विश्व कप: पाकिस्तान की सेमीफाइनल की उम्मीदें श्रीलंका के खिलाफ कांटे की टक्कर पर टिकी

    टी20 विश्व कप: पाकिस्तान की सेमीफाइनल की उम्मीदें श्रीलंका के खिलाफ कांटे की टक्कर पर टिकी


    कैंडी: टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 ग्रुप 2 का आखिरी मैच शनिवार को पल्लेकेले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, कैंडी में पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा। श्रीलंका पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है, लेकिन पाकिस्तान के लिए यह मुकाबला बेहद अहम है। पाकिस्तान को सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए श्रीलंका पर बड़ी जीत दर्ज करनी होगी।

    पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच टी20 विश्व कप में अब तक 4 मुकाबले हुए हैं, जिसमें दोनों टीमों ने 2-2 बार जीत हासिल की है। आखिरी बार ये टीमें 2012 में आमने-सामने थीं, जब श्रीलंका ने पाकिस्तान को 16 रनों से हराया था। इस हिसाब से पाकिस्तान के लिए श्रीलंका पर जीत आसान नहीं होगी।

    पाकिस्तान के ओवरऑल हेड-टू-हेड आंकड़े तो बेहतर हैं। कुल 29 मैचों में पाकिस्तान ने 17 बार जीत दर्ज की है, जबकि श्रीलंका 12 बार विजयी रही। लेकिन सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए पाकिस्तान को सिर्फ जीत ही नहीं चाहिए, बल्कि न्यूजीलैंड के रन रेट (+1.390) से बेहतर रन रेट बनाना होगा। पाकिस्तान के पास अभी 2 मैचों में 1 अंक और रन रेट -0.461 है।

    इसलिए पाकिस्तान के पास केवल दो विकल्प हैं। या तो उसे श्रीलंका के खिलाफ मुकाबला 64 रन से जीतना होगा, या किसी भी लक्ष्य को 13.1 ओवर में हासिल करना होगा। इनमें से किसी भी एक समीकरण को पूरा करने पर ही पाकिस्तान को सुपर-8 से सेमीफाइनल का टिकट मिल सकेगा।इस मैच की नतीजे से ग्रुप 2 की अंतिम सेमीफाइनल की तस्वीर तय होगी और पाकिस्तान के लिए यह मुकाबला टर्निंग पॉइंट साबित हो सकता है।

  • करो या मरो का महामुकाबला! 13.1 ओवर में जीत नहीं तो खत्म होगा पाकिस्तान का सपना

    करो या मरो का महामुकाबला! 13.1 ओवर में जीत नहीं तो खत्म होगा पाकिस्तान का सपना



    नई दिल्ली। इंग्लैंड की जीत ने ग्रुप-2 की तस्वीर पूरी तरह बदल दी है और अब सेमीफाइनल की आखिरी सीट के लिए जबरदस्त रोमांच पैदा हो गया है। England cricket team ने अहम मुकाबले में New Zealand cricket team को हराकर पाकिस्तान की उम्मीदों को नई जिंदगी दे दी है। हालांकि पाकिस्तान अब भी मुश्किल हालात में है, लेकिन उसके पास सेमीफाइनल में पहुंचने का साफ रास्ता मौजूद है बशर्ते वह श्रीलंका के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज करे।

    ग्रुप-2 की अंकतालिका पर नजर डालें तो इंग्लैंड 6 अंकों के साथ शीर्ष पर है और सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुका है। न्यूजीलैंड के खाते में 3 अंक हैं और उसका नेट रन रेट +1.390 है, जो उसे फिलहाल बढ़त दिला रहा है। दूसरी ओर पाकिस्तान के पास 1 अंक है और उसका नेट रन रेट -0.461 है। ऐसे में पाकिस्तान को सिर्फ जीत से काम नहीं चलेगा, उसे जीत का अंतर भी बड़ा रखना होगा।

    समीकरण बिल्कुल साफ है। अगर पाकिस्तान पहले बल्लेबाजी करता है तो उसे कम से कम 64 रन से जीत दर्ज करनी होगी। वहीं अगर लक्ष्य का पीछा करता है तो मुकाबला 13.1 ओवर के भीतर खत्म करना होगा। तभी उसका नेट रन रेट न्यूजीलैंड से बेहतर हो सकेगा। अगर पाकिस्तान यह अंतर हासिल नहीं कर पाया, तो न्यूजीलैंड सीधे अंतिम चार में पहुंच जाएगा। इतना ही नहीं, यदि मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हो जाता है तो भी न्यूजीलैंड को फायदा मिलेगा और पाकिस्तान की उम्मीदें खत्म हो जाएंगी। यानी यह मुकाबला पाकिस्तान के लिए पूरी तरह ‘करो या मरो’ की स्थिति है।

    इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच हुआ मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 159 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड ने दबाव के बावजूद शानदार वापसी की। 16.5 ओवर में 117 रन पर 6 विकेट गिरने के बाद रेहान अहमद और विल जैक्स ने संयम दिखाया और टीम को जीत तक पहुंचाया। यह मैच R. Premadasa Stadium में खेला गया और इसी नतीजे ने पूरे ग्रुप का गणित बदल दिया।

    अब निगाहें पाकिस्तान बनाम श्रीलंका मुकाबले पर टिकी हैं। अगर पाकिस्तान बड़ा उलटफेर करता है तो वह इंग्लैंड के साथ सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा। पहला सेमीफाइनल Eden Gardens में 4 मार्च को और दूसरा Wankhede Stadium में 5 मार्च को खेला जाएगा।

    अब सवाल यही है—क्या पाकिस्तान दबाव में दम दिखाएगा या न्यूजीलैंड अपनी मजबूत नेट रन रेट के दम पर अंतिम चार में जगह बनाए रखेगा? जवाब मैदान पर मिलेगा, लेकिन इतना तय है कि ग्रुप-2 का यह मुकाबला टूर्नामेंट का सबसे बड़ा थ्रिलर साबित होने वाला है।

  • T20 World Cup: इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराया, पाकिस्तान ने ली राहत की सांस

    T20 World Cup: इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराया, पाकिस्तान ने ली राहत की सांस


    कोलंबो।
    इंग्लैंड (England) ने न्यूजीलैंड (New Zealand) को टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) के सुपर-8 के रोमांचक मुकाबले में चार विकेट से हरा दिया। शुक्रवार को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड (New Zealand) ने 20 ओवर में सात विकेट पर 159 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड की टीम ने 19.3 ओवर में छह विकेट पर 161 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। विल जैक्स को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

    इंग्लैंड की इस जीत से पाकिस्तान ने राहत की सांस ली है। सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए उनके लिए अब भी रास्ता खुला है। पाकिस्तान को अपना आखिरी मुकाबला श्रीलंका के खिलाफ खेलना है, अगर टीम यह मैच बड़े अंतर से जीतती है और बेहतर नेट रन रेट कर लेती है तो सेमीफाइनल में प्रवेश कर सकती है।

    इस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया था और 20 ओवर में 7 विकेट पर 159 रन बनाए। उनके लिए ग्लेन फिलिप्स ने 39 और टिम सीफर्ट ने 35 रनों की पारियां खेलीं। इंग्लैंड के लिए आदिल रशीद, विल जैक्स और रेहान अहमद ने दो-दो विकेट लिए जबकि लियाम डॉसन को एक सफलता मिली।

    160 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। मैट हेनरी और लॉकी फर्ग्यूसन ने पहले आठ गेंदों में ही फिल सॉल्ट और जोस बटलर को आउट कर इंग्लैंड को 2 रन पर दो झटके दे दिए। इसके बाद कप्तान हैरी ब्रूक (26) ने पारी को संभाला और जैकब बेथेल (21) के साथ 45 रनों की साझेदारी की। लेकिन ग्लेन फिलिप्स ने पहले गेंद पर ब्रूक को आउट किया और फिर शानदार कैच लेकर बेथेल को भी पवेलियन भेज दिया। इससे इंग्लैंड दबाव में आ गया।

    मध्यक्रम में सैम करन (24) और टॉम बैंटन (33) ने 42 रनों की अहम साझेदारी की। रचिन रवींद्र ने करन को आउट कर मैच में फिर से संतुलन बनाया। आखिरी तीन ओवरों में इंग्लैंड को 43 रन की जरूरत थी। रेहान अहमद ने 7 गेंदों में नाबाद 19 रन की तेज पारी खेली, जिसमें एक चौका और एक छक्का शामिल था। मिचेल सैंटनर के ओवर में 16 रन और ग्लेन फिलिप्स के ओवर में 22 रन आने से मैच इंग्लैंड की ओर झुक गया। अंतिम ओवर में मैट हेनरी लक्ष्य नहीं बचा सके और इंग्लैंड ने 19.3 ओवर में 6 विकेट पर 161 रन बनाकर मुकाबला चार विकेट से जीत लिया।

    न्यूजीलैंड की टीम को इंग्लैंड के खिलाफ मिली हार के बाद 2 अंक का नुकसान हुआ और इस टीम के अभी 3 अंक ही हैं। वहीं पाकिस्तान के अभी एक अंक हैं। पाकिस्तान को अब श्रीलंका के खिलाफ मैच खेलना है और सलमान आगा की टीम ने श्रीलंका को हरा दिया तो उसके भी 3 अंक हो जाएंगे। इस स्थिति में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड जिस टीम का रन रेट ज्यादा होगा वही सेमीफाइनल में पहुंचेगा।

  • भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह पर टूटा दुखों का पहाड़, पिता खानचंद सिंह का कैंसर से निधन

    भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह पर टूटा दुखों का पहाड़, पिता खानचंद सिंह का कैंसर से निधन


    नई दिल्ली। आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 के दौरान भारतीय क्रिकेट जगत से एक भावुक खबर सामने आई है। भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह का शुक्रवार 27 फरवरी 2026 तड़के निधन हो गया। वह लंबे समय से स्टेज-4 लिवर कैंसर से जूझ रहे थे और ग्रेटर नोएडा स्थित यथार्थ अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। परिवार के सूत्रों ने उनके निधन की पुष्टि की है।

    58 वर्षीय खानचंद सिंह पिछले काफी समय से गंभीर रूप से बीमार थे। अस्पताल के प्रवक्ता डॉ. सुनील कुमार के अनुसार उनकी तबीयत हाल के दिनों में काफी बिगड़ गई थी और 21 फरवरी से उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। शुक्रवार तड़के उन्होंने अंतिम सांस ली।

    पिता की गंभीर हालत की सूचना मिलने पर रिंकू सिंह को टी20 विश्व कप बीच में छोड़कर लौटना पड़ा था। हालांकि 26 फरवरी को जिम्बाब्वे के खिलाफ मुकाबले से पहले वह चेन्नई में टीम से दोबारा जुड़ गए थे लेकिन उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली। रिंकू सिंह के पूर्व कोच मसूद अमिनी ने अलीगढ़ से मीडिया को बताया कि खानचंद सिंह पिछले कुछ समय से लिवर कैंसर से संघर्ष कर रहे थे और अंतिम दिनों में उनकी हालत नाजुक बनी हुई थी।

    गौरतलब है कि अलीगढ़ उत्तर प्रदेश के रहने वाले रिंकू सिंह की सफलता के पीछे उनके पिता की अहम भूमिका रही। खानचंद सिंह गैस सिलेंडर आपूर्ति का काम करते थे और सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने परिवार का पालन-पोषण किया। शुरुआत में वह बेटे के क्रिकेट खेलने के पक्ष में नहीं थे लेकिन जब रिंकू को शानदार प्रदर्शन पर मोटरसाइकिल इनाम में मिली तो उन्होंने बेटे का पूरा समर्थन करना शुरू कर दिया। बाद में उन्होंने तमाम अभावों के बावजूद रिंकू के क्रिकेट करियर को आगे बढ़ाने में हरसंभव सहयोग दिया।

    परिवार के अनुसार खानचंद सिंह का अंतिम संस्कार अलीगढ़ में किया जाएगा। रिंकू सिंह भी अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए चेन्नई से लौट रहे हैं। आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में 1 मार्च को कोलकाता में भारत का मुकाबला वेस्टइंडीज से होना है जो टीम इंडिया के लिए करो या मरो जैसा अहम मैच माना जा रहा है। वेस्टइंडीज को हराने पर भारत सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा। हालांकि पिता के निधन के चलते इस मुकाबले में भी रिंकू सिंह की उपलब्धता को लेकर संशय बना हुआ है।

  • टी20 विश्व कप 2026: आलोचना से आक्रामकता तक, तिलक वर्मा का दमदार जवाब

    टी20 विश्व कप 2026: आलोचना से आक्रामकता तक, तिलक वर्मा का दमदार जवाब

    नई दिल्ली। टी20 विश्व कप 2026 में अपनी धीमी बल्लेबाजी को लेकर आलोचना झेल रहे युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा ने जिम्बाब्वे के खिलाफ विस्फोटक पारी खेलकर सभी को करारा जवाब दिया। टीम मैनेजमेंट ने इस मुकाबले में उन्हें तीसरे नंबर की बजाय छठे स्थान पर उतारा और तिलक ने इस भूमिका को पूरी तरह भुनाया।

    16 गेंदों में 44 रन, मैच का रुख बदला
    बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने महज 16 गेंदों में नाबाद 44 रन ठोक दिए, जिसमें 4 छक्के और 3 चौके शामिल रहे। उनकी इस ताबड़तोड़ पारी ने भारत के स्कोर को 256 रन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। तेज फिनिशिंग ने न सिर्फ टीम का मनोबल बढ़ाया, बल्कि यह भी दिखा दिया कि तिलक परिस्थिति के मुताबिक खुद को ढालने में माहिर हैं।

    “हर गेंद पर हिट के लिए तैयार”
    मैच के बाद तिलक ने कहा कि जब ओपनर मजबूत शुरुआत देते हैं तो उसका आत्मविश्वास मध्यक्रम तक पहुंचता है। उन्होंने माना कि टीम की रणनीति साफ थी-पावरप्ले में विकेट गिरने के बावजूद आक्रामक रवैया बनाए रखना। उनका कहना था कि विरोधी गेंदबाजों में यह डर बैठाना जरूरी है कि भारतीय बल्लेबाज हर गेंद पर बड़ा शॉट खेलने को तैयार हैं।

    रोल बदला, इरादा नहीं
    तिलक ने अपने बदले बल्लेबाजी क्रम पर भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि टीम को जहां जरूरत हो, वह वहां खेलने के लिए तैयार हैं। आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए भी वह इसी तरह की भूमिका निभा चुके हैं और भारतीय टीम में भी अलग-अलग स्थानों पर खेल चुके हैं। उनका मानना है कि विकेट गिरने के तुरंत बाद दबाव तोड़ने के लिए आक्रामक शॉट जरूरी होते हैं।

    250 के पार जाने का लक्ष्य
    तिलक ने साफ किया कि टीम का इरादा सिर्फ बड़ा स्कोर बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि 250 के आंकड़े को लगातार पार करने का है। उन्होंने बताया कि मैच से पहले टीम ने पिछले साल की अपनी टी20 बल्लेबाजी के वीडियो देखे, जिससे आत्मविश्वास बढ़ा। अब यही आक्रामक सोच आगे के मुकाबलों में भी जारी रखने की तैयारी है।

    युवा बल्लेबाज का यह आत्मविश्वास साफ संकेत देता है कि भारतीय टीम सिर्फ जीतने नहीं, बल्कि दबदबा बनाने के इरादे से मैदान में उतर रही है।

  • युवराज का दांव सफल! अभिषेक ने बल्ले से दिया करारा जवाब

    युवराज का दांव सफल! अभिषेक ने बल्ले से दिया करारा जवाब

    नई दिल्ली। टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 चरण में भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ दमदार जीत दर्ज की, लेकिन इस मुकाबले की सबसे बड़ी कहानी रहे युवा सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा। टूर्नामेंट में लगातार खराब फॉर्म से जूझ रहे अभिषेक ने ठीक उसी वक्त शानदार अर्धशतक जड़कर आलोचकों को जवाब दिया, जब उन पर सवाल उठने लगे थे। उनकी इस पारी के बाद पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर और मेंटर माने जाने वाले युवराज सिंह ने खास अंदाज में उनकी हौसला अफजाई की। युवराज ने इंस्टाग्राम पर लिखा, “सबसे अच्छी बातचीत तब होती है जब आप बल्ले को ही सारी बातें करने देते हैं। अच्छी पारी, सर अभिषेक, कोशिश करते रहो।”

    खराब फॉर्म से शानदार वापसी तक का सफर
    अभिषेक के लिए यह विश्व कप अब तक आसान नहीं रहा था। ग्रुप स्टेज के तीन मुकाबलों में वह लगातार शून्य पर आउट हुए थे। सुपर-8 के पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भी वह महज 15 रन ही बना सके। उनकी खराब फॉर्म के चलते टीम इंडिया को हर मैच में कमजोर शुरुआत मिल रही थी और प्लेइंग इलेवन से बाहर किए जाने की चर्चाएं तेज हो गई थीं।

    हालांकि टीम मैनेजमेंट ने धैर्य दिखाया और उन पर भरोसा कायम रखा। जिम्बाब्वे के खिलाफ मौका मिलने पर अभिषेक ने इस विश्वास को सही साबित किया। संजू सैमसन के साथ पारी की शुरुआत करते हुए उन्होंने शुरुआत में संयम बरता और फिर लय मिलते ही आक्रामक अंदाज अपनाया।

    30 गेंदों में बदली मैच की तस्वीर
    बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने सिर्फ 30 गेंदों में 55 रन ठोक दिए, जिसमें 4 चौके और 4 गगनचुंबी छक्के शामिल रहे। उनकी तेज पारी की बदौलत भारत ने 4 विकेट पर 256 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 184 रन पर सिमट गई और भारत ने 72 रन से मुकाबला अपने नाम किया।

    यह अर्धशतक सिर्फ आंकड़ा नहीं था, बल्कि आत्मविश्वास की वापसी का प्रतीक था। लंबे समय बाद अभिषेक अपने स्वाभाविक खेल में नजर आए और टीम को वह शुरुआत दिलाई, जिसकी जरूरत थी।

    वेस्टइंडीज मुकाबले से पहले राहत
    जिम्बाब्वे के खिलाफ इस प्रदर्शन से टीम इंडिया को सुपर-8 के आखिरी मुकाबले से पहले बड़ी राहत मिली है। अब सबकी नजरें इस बात पर होंगी कि क्या अभिषेक अपनी इस लय को बरकरार रख पाते हैं। युवराज की सीख साफ है-बल्ला बोलेगा, तो जवाब अपने आप मिल जाएगा।

  • क्वार्टर फाइनल की तरह होगा Ind vs WI मैच, बारिश में धुला तो जानिए किसे मिलेगा सेमीफाइनल का टिकट?

    क्वार्टर फाइनल की तरह होगा Ind vs WI मैच, बारिश में धुला तो जानिए किसे मिलेगा सेमीफाइनल का टिकट?


    नई दिल्ली।
    टी 20 विश्व कप 2026 (T20 World Cup 2026) में सुपर 8 के मुकाबले खेले जा रहे हैं। ग्रुप 1 के दो ही मैच बाकी हैं, जिनमें एक ही साउथ अफ्रीका वर्सेस जिम्बाब्वे (South Africa vs Zimbabwe) मैच, जबकि दूसरा है इंडिया वर्सेस वेस्टइंडीज (India vs West Indies) मैच। पहले मैच का असर सेमीफाइनल्स पर नहीं पड़ेगा, लेकिन दूसरा मैच एक तरह से वर्चुअल क्वार्टर फाइनल है। इंडिया वर्सेस वेस्टइंडीज सुपर 8 मैच में जो टीम जीत दर्ज करेगी, उसे सेमीफाइनल का टिकट मिल जाएगा। हालांकि, एक चिंता भारतीय फैंस को सता रही है कि क्या बारिश खेल बिगाड़ेगी? अगर बारिश में मैच धुला तो फिर कौन सी टीम सेमीफाइनल में जाएगी? इन्हीं सवालों का जवाब आपको इस स्टोरी में मिलने वाला है।

    इंडिया वर्सेस वेस्टइंडीज सुपर 8 का मुकाबला एक मार्च को होना है। शाम सात बजे से टूर्नामेंट का ये अहम मैच खेला जाएगा। टीम इंडिया और वेस्टइंडीज अपने दो-दो मैचों में से एक-एक मैच जीत चुकी हैं, जबकि दोनों को साउथ अफ्रीका से हार मिली है। अब सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए नेट रन रेट को सुधारने की जरूरत न तो टीम इंडिया को है, न ही वेस्टइंडीज को, क्योंकि अब समीकरण सीधा और साफ है कि जो भी टीम इस मैच में जीतेगी, उसे सेमीफाइनल का टिकट मिल जाएगा। जीत कितनी भी बड़ी हो या फिर कितनी भी छोटी, सिर्फ जीत मायने रखेगी।

    अब दूसरा सवाल कि क्या इस मैच पर बारिश का साया है तो इसका जवाब है- नहीं। मैच के टाइम पर बीबीसी वेदर और एक्यूवेदर की रिपोर्ट पर भरोसा करें तो एक पर्सेंट भी बारिश का अनुमान नहीं है। अगर रिपोर्ट के आधार पर चलें तो मैच पूरा होगा, क्योंकि जब मैच शुरू होगा और जब मैच खत्म होने का समय होगा, तब तक बारिश होने का अनुमान है। ऐसे में फैंस को घबराने की जरूरत नहीं है।

    हालांकि, अगर कुदरत का निजाम आया और बारिश ने मैच में खलल डाला और बारिश के कारण मैच पूरा नहीं हुआ तो फिर टीम इंडिया के लिए यह अच्छा नहीं होगा। इसके पीछे की वजह है- नेट रन रेट, क्योंकि अगर बारिश के कारण इंडिया और वेस्टइंडीज को एक-एक पॉइंट मिला तो दोनों टीमों के 3-3 पॉइंट हो जाएंगे और फिर नेट रन रेट के आधार पर वेस्टइंडीज को सेमीफाइनल का टिकट मिल जाएगा, क्योंकि अभी नेट रन रेट वेस्टइंडीज का भारत से कहीं ज्यादा बेहतर है। टीम इंडिया का नेट रन रेट 2 मैचों के बाद 2 पॉइंट्स के साथ -0.100 है, जबकि वेस्टइंडीज का 2 पॉइंट्स के बाद नेट रन रेट +1.791 है।