Category: Sports

  • RR vs MI: सूर्यवंशी-यशस्वी का तूफान, मुंबई इंडियंस की करारी हार

    RR vs MI: सूर्यवंशी-यशस्वी का तूफान, मुंबई इंडियंस की करारी हार


    नई दिल्ली। गुवाहाटी में खेले गए बारिश से प्रभावित मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को 27 रन से हराकर लगातार शानदार प्रदर्शन जारी रखा। मैच 11-11 ओवर का खेला गया, लेकिन छोटे फॉर्मेट में भी राजस्थान के बल्लेबाजों ने ऐसी आंधी मचाई कि मुंबई की टीम शुरुआत से ही दबाव में आ गई।

    जायसवाल–सूर्यवंशी की जोड़ी ने बदल दिया मैच

    राजस्थान की जीत की नींव ओपनिंग जोड़ी ने रखी। यशस्वी जायसवाल ने सिर्फ 32 गेंदों में नाबाद 77 रन ठोकते हुए मैच पर पूरी तरह कब्जा जमा लिया। वहीं युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने महज 14 गेंदों में 39 रन बनाकर आक्रामक शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 5 ओवर में 80 रन जोड़कर मुंबई के गेंदबाजों की लय बिगाड़ दी।

    पंड्या बोले- गेंदबाजों ने बिगाड़ा खेल

    हार के बाद हार्दिक पंड्या ने साफ तौर पर अपनी टीम के गेंदबाजों को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि पावरप्ले में टीम अपनी रणनीति के मुताबिक गेंदबाजी नहीं कर सकी, जिससे मैच हाथ से निकल गया। पंड्या ने यह भी माना कि राजस्थान के ओपनर्स ने बेहतरीन बल्लेबाजी की, लेकिन गेंदबाज उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए।

    युवा वैभव की पंड्या ने भी की तारीफ

    हालांकि हार के बावजूद पंड्या ने युवा प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने वैभव सूर्यवंशी की निडर बल्लेबाजी को शानदार बताया और कहा कि इतनी कम उम्र में इस तरह का आत्मविश्वास काबिल-ए-तारीफ है। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।

    रियान पराग का बड़ा बयान

    वहीं रियान पराग ने अपनी ओपनिंग जोड़ी को टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ जोड़ी बताया। उन्होंने कहा कि जायसवाल और वैभव के पास स्किल के साथ मैच्योरिटी भी है, जो उन्हें खास बनाती है। पराग ने टीम के गेंदबाजों की भी तारीफ करते हुए कहा कि उनके तेज गेंदबाज रफ्तार के साथ कंट्रोल भी बनाए रखते हैं।


    बदले नियमों में भी दिखा दम

    बारिश के चलते मैच के नियमों में बदलाव किया गया था। मुकाबला 11 ओवर का हुआ, जिसमें पावरप्ले 3.2 ओवर का रखा गया। चार गेंदबाजों को अधिकतम 2-2 ओवर और एक गेंदबाज को 3 ओवर डालने की अनुमति दी गई। ऐसे चुनौतीपूर्ण हालात में भी राजस्थान ने बेहतरीन खेल दिखाया।

    आगे क्या?

    मुंबई इंडियंस के लिए यह हार जरूर चिंता का विषय है, लेकिन कप्तान पंड्या ने भरोसा जताया कि टीम अपनी गलतियों से सीखकर अगले मैच में बेहतर वापसी करेगी। वहीं राजस्थान की टीम जीत की हैट्रिक के साथ पूरे आत्मविश्वास में नजर आ रही है।

  • युवा टीम का बड़ा कमाल आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स की परफेक्ट हैट्रिक

    युवा टीम का बड़ा कमाल आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स की परफेक्ट हैट्रिक


    नई दिल्ली । आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स ने ऐसी शुरुआत की है जिसने सभी क्रिकेट फैंस का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है युवा कप्तान रियान पराग की अगुवाई में टीम ने अपने पहले तीन मुकाबलों में लगातार तीन जीत दर्ज कर ली हैं और इस शानदार प्रदर्शन ने उन्हें टूर्नामेंट की सबसे मजबूत टीमों में शामिल कर दिया है

    राजस्थान रॉयल्स ने अपने अभियान की शुरुआत चेन्नई सुपर किंग्स को हराकर की इसके बाद उन्होंने गुजरात टाइटन्स के खिलाफ जीत दर्ज की और तीसरे मुकाबले में पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस को मात देकर अपनी जीत की हैट्रिक पूरी की इन तीनों टीमों की ताकत को देखते हुए राजस्थान की यह उपलब्धि और भी खास बन जाती है

    मुंबई के खिलाफ जीत के बाद कप्तान रियान पराग ने टीम की जमकर तारीफ की उन्होंने कहा कि जिस तरह से पूरी टीम हर मैच में प्रदर्शन कर रही है उससे वह बेहद खुश हैं पराग ने साफ तौर पर कहा कि उन्हें शुरुआत से ही अपनी टीम की क्षमता पर भरोसा था भले ही बाहरी दुनिया इस टीम को लेकर ज्यादा आश्वस्त नहीं थी

    पराग ने खास तौर पर टीम के युवा खिलाड़ियों की सराहना की जिनमें वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल की ओपनिंग जोड़ी का प्रदर्शन शानदार रहा है उन्होंने कहा कि दोनों खिलाड़ियों में टैलेंट के साथ साथ मैच्योरिटी भी है जो उन्हें खास बनाती है जायसवाल पिछले कुछ सीजन से लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं जबकि वैभव ने भी हालात के अनुसार खुद को ढालकर प्रभावित किया है

    गेंदबाजी में भी टीम ने दमदार प्रदर्शन किया है जोफ्रा आर्चर और नंद्रे बर्गर की तेज गेंदबाजी जोड़ी विपक्षी टीमों पर भारी पड़ रही है पराग ने कहा कि 145 से 150 की रफ्तार से गेंदबाजी करते हुए इतना नियंत्रण रखना इन गेंदबाजों को बेहद खतरनाक बनाता है

    कप्तान पराग ने यह भी माना कि नीलामी के समय से ही उन्हें अपनी टीम की मजबूती का अंदाजा था क्योंकि टीम के पास एक मजबूत और युवा कोर ग्रुप है अब लगातार तीन जीत के बाद राजस्थान रॉयल्स ने यह साबित कर दिया है कि वह इस सीजन में खिताब की प्रबल दावेदार हो सकती है

    आईपीएल 2026 की शुरुआत में ही ऐसा प्रदर्शन यह दिखाता है कि युवा ऊर्जा और सही रणनीति के दम पर कोई भी टीम बड़ा उलटफेर कर सकती है अब देखने वाली बात होगी कि क्या राजस्थान रॉयल्स इस शानदार फॉर्म को पूरे सीजन में बरकरार रख पाती है या नहीं

  • IPL 2026 में रन और विकेट की गहमागहमी, कौन बनेगा सीज़न का स्टार खिलाड़ी

    IPL 2026 में रन और विकेट की गहमागहमी, कौन बनेगा सीज़न का स्टार खिलाड़ी

    नई दिल्ली। आईपीएल 2026 में ऑरेंज और पर्पल कैप की रेस में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। राजस्थान रॉयल्स (RR) के यशस्वी जायसवाल ने ऑरेंज कैप की दौड़ में शीर्ष स्थान हासिल कर समीर रिजवी को पीछे छोड़ दिया। वहीं, पर्पल कैप भी RR के स्पिनर रवि बिश्नोई के नाम दर्ज है। आइए जानते हैं आईपीएल 2026 के हालिया आंकड़े और टॉप परफॉर्मर्स।

    यशस्वी ने हिलाया रिजवी का सिंहासन

    IPL 2026 के 13वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस (MI) को 27 रनों से हराया। बारिश के कारण मैच 11-11 ओवर का हुआ, जिसमें RR ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 151/3 का स्कोर बनाया। जवाब में MI 123/9 पर ही आउट हो गई।

    इस मैच में RR के ओपनर यशस्वी जायसवाल ने अपनी धमाकेदार पारी से ध्यान खींचा। उन्होंने केवल 32 गेंदों में 77 नाबाद रन बनाए, जिसमें 10 चौके और 4 छक्के शामिल थे। इसके साथ ही उन्होंने ऑरेंज कैप की रेस में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। यशस्वी के तीन मैचों में अब 170 रन हो गए हैं।

    दिल्ली कैपिटल्स के समीर रिजवी के खाते में दो मैचों में 160 रन हैं, लेकिन अब यशस्वी ने उन्हें पीछे छोड़ दिया। इसके अलावा RR के वैभव सूर्यवंशी ने टॉप 5 में जगह बनाई। सूर्यवंशी ने MI के खिलाफ 14 गेंदों में 39 रन बनाए, जिसमें 1 चौका और 5 छक्के शामिल थे।

    IPL 2026 ऑरेंज कैप टॉप 5
    प्लेयर मैच रन टीम
    यशस्वी जायसवाल 3 170 राजस्थान रॉयल्स
    समीर रिजवी 2 160 दिल्ली कैपिटल्स
    हेनरिक क्लासेन 3 145 सनराइजर्स हैदराबाद
    वैभव सूर्यवंशी 3 122 राजस्थान रॉयल्स
    रोहित शर्मा 3 118 मुंबई इंडियंस
    टीम RR के ओपनर्स ने पारी की शानदार शुरुआत के साथ टॉप बल्लेबाजों की लिस्ट में अपनी पकड़ मजबूत कर दी है।

    पर्पल कैप भी RR के नाम

    बल्लेबाजी की तरह ही RR के गेंदबाजों ने भी प्रदर्शन से प्रभावित किया। स्पिनर रवि बिश्नोई ने तीन मैचों में 7 विकेट लेकर पर्पल कैप अपने नाम की। वहीं, तेज गेंदबाज नांद्रे बर्गर दूसरे स्थान पर हैं, उनके खाते में दो मैचों में 5 विकेट हैं। इसके अलावा, पंजाब किंग्स के विजयकुमार वैशाख, RCB के जैकब डफी और CSK के अंशुल कम्बोज ने भी अब तक 5-5 विकेट लिए हैं।

    IPL 2026 पर्पल कैप लीडर्स
    प्लेयर मैच विकेट टीम
    रवि बिश्नोई 3 7 राजस्थान रॉयल्स
    नांद्रे बर्गर 3 5 राजस्थान रॉयल्स
    विजयकुमार वैशाख 3 5 पंजाब किंग्स
    जैकब डफी 2 5 RCB
    अंशुल कम्बोज 3 5 CSK

    ऑरेंज कैप: यशस्वी जायसवाल ने तीन मैचों में 170 रन बनाकर शीर्ष स्थान हासिल किया।
    पर्पल कैप: RR के रवि बिश्नोई ने तीन मैचों में 7 विकेट लेकर इसे अपने नाम किया। RR की जीत ने MI की लगातार दूसरी हार दर्ज की। वैभव सूर्यवंशी की धमाकेदार बल्लेबाजी ने टॉप 5 में RR की और मजबूती दी। RR ने इस जीत के साथ टीम के टॉप परफॉर्मर्स की पकड़ मजबूत कर ली है और IPL 2026 में उनके बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों ही क्षेत्र में प्रदर्शन शानदार है।
  • सेलिब्रिटी वॉर्नर पर कानून की नजर, शराब-वाहन विवाद बना चर्चा का केंद्र!

    सेलिब्रिटी वॉर्नर पर कानून की नजर, शराब-वाहन विवाद बना चर्चा का केंद्र!


    नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ओपनर और विस्फोटक बल्लेबाज डेविड वॉर्नर मुश्किल में फंस गए हैं। रविवार को मारूब्रा के एक नियमित ब्रेथ-टेस्टिंग अभियान के दौरान पुलिस ने उन्हें शराब पीकर गाड़ी चलाने के आरोप में हिरासत में लिया।

    पुलिस के मुताबिक, वॉर्नर ने टेस्टिंग चेकप्वाइंट के ठीक पहले अपनी कार पार्क की। अधिकारियों ने वाहन के पास जाकर ब्रैथ एनालिसिस किया, जिससे पता चला कि उनके खून में शराब की मात्रा 0.104 थी, जो कानूनी सीमा से अधिक है। इसके बाद उन्हें मारूब्रा पुलिस स्टेशन ले जाया गया और आरोप तय कर अगले महीने अदालत में पेश होने का नोटिस जारी किया गया।

    पुलिस ने बयान में कहा, “5 अप्रैल 2026 को शाम 5:30 बजे पुलिस ने मालाबार रोड पर रैंडम ब्रेथ टेस्टिंग की। वाहन को टेस्टिंग साइट से पहले रुकते और पार्क होते देखा गया। जांच में चालक का खून में शराब की मात्रा कानूनी सीमा से अधिक पाई गई। वॉर्नर को 7 मई 2026 को डाउनिंग सेंटर लोकल कोर्ट में पेश होना है।

    साल 2024 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने वाले वॉर्नर फिलहाल फ्रेंचाइजी क्रिकेट में सक्रिय हैं। वे इस समय पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2026 में कराची किंग्स की कप्तानी कर रहे हैं। लीग के बीच ऑस्ट्रेलिया लौटने पर यह घटना हुई।

    वॉर्नर ने हाल ही में बिग बैश लीग (BBL) में सिडनी थंडर के लिए शानदार प्रदर्शन किया था, जिसमें सिर्फ आठ मैचों में उन्होंने 433 रन बनाए और टूर्नामेंट के सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी बने। PSL 2026 में उन्होंने तीन मुकाबलों में 31 की औसत से 93 रन बनाकर अपनी टीम को लगातार तीन जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई है।

    कराची किंग्स अब गुरुवार को नेशनल स्टेडियम में पेशावर जाल्मी के खिलाफ मुकाबले में उतरेंगे।

  • KKR की मुश्किलें बढ़ीं! एक नहीं कई समस्याएं, प्लेऑफ की राह हो सकती है कठिन

    KKR की मुश्किलें बढ़ीं! एक नहीं कई समस्याएं, प्लेऑफ की राह हो सकती है कठिन


    नई दिल्ली।तीन बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए आईपीएल 2026 की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही है। तीन मुकाबलों के बाद भी टीम जीत का खाता नहीं खोल पाई है। ऐसे में टीम के सामने एक नहीं बल्कि कई बड़ी समस्याएं खड़ी हो गई हैं, जिनका समाधान जल्द नहीं निकला तो पूरा सीजन हाथ से निकल सकता है।

    ओपनिंग जोड़ी बनी चिंता

    केकेआर की सलामी जोड़ी इस सीजन उम्मीदों पर खरी नहीं उतर रही। फिन एलन तेज शुरुआत तो दिला रहे हैं, लेकिन बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे हैं। वहीं कप्तान अजिंक्य रहाणे की धीमी बल्लेबाजी टीम के लिए परेशानी बनती जा रही है। पावरप्ले में रन गति बनाए रखना टीम के लिए चुनौती बन चुका है।

    महंगे खिलाड़ी कैमरून ग्रीन फ्लॉप

    केकेआर ने ऑक्शन में कैमरून ग्रीन पर 25.20 करोड़ रुपये खर्च किए थे, लेकिन उनका प्रदर्शन अब तक निराशाजनक रहा है। ग्रीन न तो गेंदबाजी कर पा रहे हैं और न ही बल्ले से योगदान दे पा रहे हैं। तीन मैचों में उनके बल्ले से सिर्फ 24 रन निकले हैं, जिससे टीम का संतुलन बिगड़ गया है।

    मिडिल ऑर्डर में अनुभव की कमी

    केकेआर का मध्यक्रम भी कमजोर कड़ी साबित हो रहा है। अंगकृष रघुवंशी ने जरूर कुछ अच्छी पारियां खेली हैं, लेकिन उन्हें बाकी बल्लेबाजों का साथ नहीं मिला। फिनिशर की भूमिका निभाने वाले रिंकू सिंह ने 68 रन बनाए हैं, लेकिन उनका आक्रामक अंदाज अभी तक नहीं दिखा। इसके अलावा रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय और सुनील नरेन पर लगातार निर्भर रहना टीम के लिए जोखिम भरा साबित हो रहा है।

    गेंदबाजी बनी सबसे बड़ी कमजोरी

    केकेआर की तेज गेंदबाजी शुरुआत से ही सवालों के घेरे में रही है और यह चिंता अब हकीकत बन चुकी है। वैभव अरोड़ा और ब्लेसिंग मुजरबानी काफी महंगे साबित हुए हैं।
    वहीं कार्तिक त्यागी भी उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे। स्पिन विभाग में भी वरुण चक्रवर्ती और सुनील नरेन की खराब फॉर्म ने टीम की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

    आगे की राह मुश्किल

    पिछले कुछ सीजन में केकेआर की सफलता काफी हद तक वरुण-नरेन की जोड़ी पर निर्भर रही है। ऐसे में इनका खराब प्रदर्शन टीम के लिए बड़ा झटका है। अगर टीम ने जल्द ही अपनी कमजोरियों को दूर नहीं किया, तो प्लेऑफ की दौड़ में बने रहना मुश्किल हो सकता है।

    आईपीएल 2026 में केकेआर कई समस्याओं से जूझ रही है ओपनिंग, मिडिल ऑर्डर, महंगे खिलाड़ी का फ्लॉप होना और कमजोर गेंदबाजी। अगर जल्द सुधार नहीं हुआ, तो टीम का पूरा गणित बिगड़ सकता है।

  • IPL 2026 अपडेट: पथिराना-हसरंगा की फिटनेस पर सवाल, SLC को रिपोर्ट नहीं सौंपी

    IPL 2026 अपडेट: पथिराना-हसरंगा की फिटनेस पर सवाल, SLC को रिपोर्ट नहीं सौंपी


    नई दिल्ली। आईपीएल 2026 के बीच श्रीलंकाई खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। श्रीलंका क्रिकेट (SLC) ने पुष्टि की है कि तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना और स्टार ऑलराउंडर वानिंदु हसरंगा उन खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्होंने अब तक अनिवार्य फिटनेस टेस्ट नहीं दिया है।

    कुल 45 सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट खिलाड़ियों में से अब तक केवल 24 ही इस टेस्ट को पास कर पाए हैं, जबकि कई खिलाड़ी या तो टेस्ट नहीं दे पाए हैं या फेल हो चुके हैं।

    आईपीएल टीमों के लिए बढ़ी चिंता

    वानिंदु हसरंगा और मथीशा पथिराना दोनों आईपीएल 2026 में अहम भूमिका निभाने वाले खिलाड़ी हैं। हसरंगा लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा हैं, जबकि पथिराना कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेलते हैं। ऐसे में उनकी फिटनेस और टेस्ट क्लियर करना बेहद जरूरी है, क्योंकि इसका सीधा असर उनके आईपीएल और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर पर पड़ सकता है।

    हसरंगा की स्थिति ज्यादा चिंताजनक

    रिपोर्ट्स के मुताबिक, हसरंगा की स्थिति सबसे ज्यादा चिंता का विषय बनी हुई है। उन्हें फरवरी में आयरलैंड के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप मैच के दौरान बाएं हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी।

    सूत्रों के अनुसार, उन्होंने अब तक अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) के लिए भी आवेदन नहीं किया है। इससे उनके आईपीएल में खेलने को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।

    पथिराना की वापसी की उम्मीद

    दूसरी ओर, मथीशा पथिराना भी चोटिल रहे थे। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच के दौरान उनकी पिंडली की मांसपेशी में खिंचाव आ गया था।

    हालांकि, राहत की बात यह है कि उन्होंने नेट्स में गेंदबाजी शुरू कर दी है और उम्मीद की जा रही है कि वह अप्रैल के मध्य तक भारत पहुंचकर आईपीएल में हिस्सा ले सकते हैं।

    फिटनेस नियम हुए और सख्त

    श्रीलंका क्रिकेट ने अपने फिटनेस मानकों को और कड़ा कर दिया है। अब सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट खिलाड़ियों को 20 मीटर स्प्रिंट, 5-0-5 एजिलिटी टेस्ट, काउंटर मूवमेंट जंप, 2 किलोमीटर दौड़ और स्किनफोल्ड टेस्ट पास करना अनिवार्य है। इन सभी टेस्ट में कुल 29 अंक होते हैं, जिनमें से कम से कम 17 अंक हासिल करना जरूरी है।

    घरेलू क्रिकेट में भी लागू नियम

    एसएलसी ने यह नया फिटनेस सिस्टम घरेलू टूर्नामेंट ‘नेशनल सुपर लीग’ में भी लागू कर दिया है। हालांकि, यहां नियम थोड़े आसान हैं, जिसमें खिलाड़ियों को 2 किलोमीटर दौड़ और स्किनफोल्ड टेस्ट पास करना होता है। इस टूर्नामेंट में 87 खिलाड़ियों में से 23 खिलाड़ी न्यूनतम फिटनेस मानकों को पूरा नहीं कर पाए हैं। इन खिलाड़ियों को 19 अप्रैल तक का समय दिया गया है।

    फेल होने पर क्या होगा असर?

    अगर खिलाड़ी तय समय तक फिटनेस टेस्ट पास नहीं कर पाते, तो उन्हें मैच फीस नहीं दी जाएगी। इसके अलावा, उनके भविष्य के चयन और टूर्नामेंट में भागीदारी पर भी असर पड़ सकता है।

    आईपीएल 2026 के बीच पथिराना और हसरंगा का फिटनेस टेस्ट न देना बड़ा मुद्दा बन गया है। उनकी फिटनेस और टेस्ट क्लियर करना न सिर्फ उनके आईपीएल करियर बल्कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिए भी बेहद अहम साबित होगा।

  • मैदान के असली फैसलेबाज़! जानिए IPL में सबसे ज्यादा मैचों में अंपायरिंग करने वाले 6 अंपायर

    मैदान के असली फैसलेबाज़! जानिए IPL में सबसे ज्यादा मैचों में अंपायरिंग करने वाले 6 अंपायर


    नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल सिर्फ खिलाड़ियों का ही नहीं, बल्कि अंपायरों का भी बड़ा मंच रहा है। हर मैच में सही फैसले लेने की जिम्मेदारी इन्हीं के कंधों पर होती है। आईपीएल के 19वें सीजन के बीच आज हम आपको उन अंपायरों के बारे में बता रहे हैं, जिन्होंने इस लीग के इतिहास में सबसे ज्यादा मुकाबलों में अंपायरिंग की है।

    संयुक्त रूप से नंबर-1: अनिल चौधरी और सुंदरम रवि

    आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा मुकाबलों में अंपायरिंग करने का रिकॉर्ड संयुक्त रूप से अनिल चौधरी और सुंदरम रवि के नाम दर्ज है। दोनों ने इस लीग में 131-131 मैचों में अंपायरिंग की है।अनिल चौधरी ने साल 2012 में आईपीएल में कदम रखा और लगातार अपनी सटीक फैसलों से पहचान बनाई। वहीं सुंदरम रवि ने 2009 में शुरुआत की और 2021 तक इस लीग में अहम भूमिका निभाई।

    दूसरे नंबर पर: नितिन मेनन

    इस सूची में दूसरे स्थान पर नितिन मेनन का नाम आता है। उन्होंने 2016 में आईपीएल में डेब्यू किया और अब तक 113 मुकाबलों में अंपायरिंग कर चुके हैं। नितिन मेनन अपनी तेज़ और सटीक निर्णय क्षमता के लिए जाने जाते हैं और आज के समय में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी एक भरोसेमंद अंपायर माने जाते हैं।

    तीसरे स्थान पर: कुमार धर्मसेन
    श्रीलंका के पूर्व क्रिकेटर और अंपायर कुमार धर्मसेना इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने आईपीएल में 100 मुकाबलों में अंपायरिंग की है। धर्मसेना ने 2009 में इस लीग में अंपायरिंग की शुरुआत की थी और अपने अनुभव के दम पर कई बड़े मैचों में जिम्मेदारी संभाली है।

    चौथे नंबर पर: चेट्टीथोडी शमशुद्दीन

    चेट्टीथोडी शमशुद्दीन इस सूची में चौथे स्थान पर काबिज हैं। उन्होंने 2012 से आईपीएल में अंपायरिंग शुरू की और अब तक 89 मुकाबलों में अपनी भूमिका निभाई है। उनकी गिनती शांत स्वभाव और संतुलित फैसले लेने वाले अंपायरों में होती है।

    पांचवें स्थान पर: क्रिस गैफनी

    न्यूजीलैंड के क्रिस गैफनी इस सूची में पांचवें स्थान पर हैं। उन्होंने 2015 से आईपीएल में अंपायरिंग शुरू की और अब तक 83 मुकाबलों में अपनी सेवाएं दी हैं। गैफनी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी एक अनुभवी अंपायर हैं और बड़े मैचों में उनकी उपस्थिति भरोसे का संकेत मानी जाती है।

    अंपायरिंग: खेल की रीढ़

    आईपीएल जैसे बड़े टूर्नामेंट में अंपायरों की भूमिका बेहद अहम होती है। एक सही या गलत फैसला मैच का रुख बदल सकता है। यही वजह है कि इन अनुभवी अंपायरों को बार-बार बड़ी जिम्मेदारियां सौंपी जाती हैं।

    आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा मुकाबलों में अंपायरिंग का रिकॉर्ड अनिल चौधरी और सुंदरम रवि के नाम है, जबकि नितिन मेनन, कुमार धर्मसेना, शमशुद्दीन और क्रिस गैफनी भी इस सूची में प्रमुख नाम हैं।

  • बारिश ने रोका रोमांच! PBKS और KKR का मुकाबला रद्द, अंक हुए बराबर

    बारिश ने रोका रोमांच! PBKS और KKR का मुकाबला रद्द, अंक हुए बराबर


    नई दिल्ली। आईपीएल 2026 का रोमांच सोमवार को ईडन गार्डन्स में बारिश की भेंट चढ़ गया। कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स के बीच खेला गया 12वां मुकाबला बेनतीजा रहा, जिसके बाद दोनों टीमों को 1-1 अंक बांटे गए।

    इस मैच का नतीजा भले ही नहीं निकला, लेकिन अंक तालिका पर इसका बड़ा असर देखने को मिला। पंजाब किंग्स जहां शीर्ष स्थान पर पहुंच गई, वहीं केकेआर ने भी इस सीजन में अपना खाता खोल लिया।

    केकेआर की खराब शुरुआत, बार्टलेट का कहर

    मैच में अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में केकेआर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी, लेकिन शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। टीम को महज 12 रन के स्कोर पर पहला झटका लगा, जब फिन एलन 6 रन बनाकर आउट हो गए।

    इसके बाद बल्लेबाजी करने आए कैमरून ग्रीन भी ज्यादा देर टिक नहीं पाए। उन्होंने पहली गेंद पर चौका जरूर लगाया, लेकिन अगली ही गेंद पर कैच आउट हो गए।

    पंजाब के तेज गेंदबाज जैवियर बार्टलेट ने अपने पहले ही ओवर में 2 विकेट लेकर केकेआर की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।

    रहाणे-रघुवंशी ने संभाली पारी, फिर आई बारिश

    शुरुआती झटकों के बाद कप्तान अजिंक्य रहाणे (नाबाद 8) और अंगकृष रघुवंशी (नाबाद 7) ने पारी को संभालने की कोशिश की।

    केकेआर ने 3.4 ओवर में 2 विकेट पर 25 रन बना लिए थे और टीम धीरे-धीरे मैच में वापसी कर रही थी। तभी अचानक तेज बारिश शुरू हो गई, जिसने खेल को रोक दिया।

    3 घंटे इंतजार के बाद रद्द हुआ मैच

    लगातार बारिश के कारण मैदान पूरी तरह गीला हो गया। रात करीब साढ़े दस बजे बारिश रुकी, लेकिन हालात खेलने लायक नहीं थे।

    अंपायर्स ने दोनों कप्तानों से चर्चा के बाद मैच को रद्द करने का फैसला लिया। अगर मुकाबला 5 ओवर तक होता, तो केकेआर को नुकसान हो सकता था, क्योंकि उनके पास कम ओवर और कम स्कोर था।

    अंक तालिका पर असर: पंजाब टॉप, केकेआर को राहत

    इस मुकाबले के बाद पंजाब किंग्स के 3 मैचों में 5 अंक हो गए हैं और टीम अंक तालिका में पहले स्थान पर पहुंच गई है। टीम ने इससे पहले गुजरात टाइटन्स और चेन्नई सुपर किंग्स को हराया था।

    वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स को इस सीजन का पहला अंक मिला और टीम अब 8वें स्थान पर पहुंच गई है। इससे पहले केकेआर को मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।

    आगे के मुकाबले: नई रणनीति के साथ उतरेंगी टीमें

    अब पंजाब किंग्स अपना अगला मुकाबला 11 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेलेगी। वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स 9 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मैदान में उतरेगी।

  • IPL 2026 पॉइंट्स टेबल अपडेट: पंजाब किंग्स नंबर-1, केकेआर ने भी खोला जीत का खाता

    IPL 2026 पॉइंट्स टेबल अपडेट: पंजाब किंग्स नंबर-1, केकेआर ने भी खोला जीत का खाता


    नई दिल्ली। आईपीएल 2026 में सोमवार को खेला गया मुकाबला बारिश की वजह से अधूरा रह गया, लेकिन इस एक मैच ने अंक तालिका का पूरा गणित बदल दिया। पंजाब किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच ईडन गार्डन्स में खेला गया 12वां मुकाबला रद्द करना पड़ा। दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला, जिससे पंजाब किंग्स अंक तालिका में पहले स्थान पर पहुंच गई, जबकि केकेआर का भी इस सीजन में खाता खुल गया।

    केकेआर की खराब शुरुआत, पंजाब के गेंदबाज हावी

    मैच में अजिंक्य रहाणे की कप्तानी वाली केकेआर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने महज 3.2 ओवर में 25 रन पर अपने 2 विकेट गंवा दिए।

    ओपनर फिन एलन सिर्फ 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गए, जबकि कैमरून ग्रीन का खराब फॉर्म जारी रहा और वह सिर्फ 4 रन ही बना सके। पंजाब के गेंदबाज शुरुआत से ही दबाव बनाए हुए थे और मैच पूरी तरह उनके नियंत्रण में नजर आ रहा था।

    बारिश बनी विलेन, मैच हुआ रद्द

    जैसे ही मैच रोमांचक मोड़ लेने वाला था, तभी तेज बारिश ने दस्तक दे दी। करीब 3 घंटे तक लगातार बारिश होती रही, जिससे मैदान पूरी तरह गीला हो गया।

    अंपायर्स ने हालात को देखते हुए आखिरकार मैच को रद्द करने का फैसला लिया। इसके बाद दोनों टीमों को एक-एक अंक देकर मुकाबले का अंत किया गया।

    अंक तालिका में पंजाब टॉप, केकेआर को राहत

    इस मुकाबले के बाद पंजाब किंग्स के 3 मैचों में 5 अंक हो गए हैं और टीम शीर्ष स्थान पर पहुंच गई है। कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुवाई में टीम शानदार प्रदर्शन कर रही है।

    वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स को इस सीजन का पहला अंक मिला और टीम अब अंक तालिका में 8वें स्थान पर है।

    बाकी टीमों का हाल: RCB दूसरे, CSK सबसे नीचे

    अंक तालिका में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 4 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर खिसक गई है, जबकि राजस्थान रॉयल्स भी 4 अंकों के साथ तीसरे नंबर पर बनी हुई है।

    दिल्ली कैपिटल्स लगातार दो जीत के साथ चौथे स्थान पर है, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद पांचवें स्थान पर काबिज है।

    मुंबई इंडियंस 2 अंकों के साथ छठे और लखनऊ सुपर जायंट्स सातवें स्थान पर मौजूद है।

    वहीं गुजरात टाइटन्स और चेन्नई सुपर किंग्स अब तक जीत का खाता नहीं खोल पाए हैं। गुजरात 9वें और चेन्नई सबसे निचले 10वें स्थान पर है।

    आगे की राह: हर मैच होगा अहम

    आईपीएल 2026 में जैसे-जैसे मुकाबले आगे बढ़ रहे हैं, अंक तालिका में बदलाव तेज होता जा रहा है। पंजाब किंग्स ने जहां बढ़त बना ली है, वहीं बाकी टीमों के लिए हर मैच “करो या मरो” जैसा होता जा रहा है।

  • मैच अधूरा तो क्या मिलेगा पूरा रिफंड इंडियन प्रीमियर लीग के नियमों से समझिए फैंस का हक

    मैच अधूरा तो क्या मिलेगा पूरा रिफंड इंडियन प्रीमियर लीग के नियमों से समझिए फैंस का हक

    नई दिल्ली । इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के सीजन में कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में खेले जा रहे कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स के बीच मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया। मैच अपने तय समय पर शुरू तो हुआ लेकिन महज 3.4 ओवर के बाद ही बारिश ने खेल में बाधा डाल दी और लंबे इंतजार के बाद आखिरकार इसे रद्द करने का फैसला लेना पड़ा। दोनों टीमों को एक एक अंक दे दिए गए लेकिन सबसे बड़ा सवाल उन हजारों दर्शकों को लेकर खड़ा हो गया जो स्टेडियम में टिकट खरीदकर पहुंचे थे।

    फैंस देर रात तक उम्मीद लगाए बैठे रहे कि शायद मैच दोबारा शुरू हो जाए लेकिन करीब 11 बजे यह साफ हो गया कि अब खेल संभव नहीं है। ऐसे में दर्शकों के मन में यही सवाल उठा कि क्या उन्हें उनके टिकट का पैसा वापस मिलेगा या नहीं।

    आईपीएल के टिकट रिफंड को लेकर स्पष्ट नियम बनाए गए हैं। यदि कोई मैच बिना एक भी गेंद डाले रद्द हो जाता है तो दर्शकों को लगभग पूरा रिफंड दिया जाता है हालांकि इसमें कुछ प्रतिशत प्रशासनिक शुल्क काटा जाता है। आमतौर पर दर्शकों को 80 से 90 प्रतिशत तक रकम वापस मिल जाती है।

    लेकिन इस मैच की स्थिति थोड़ी अलग थी क्योंकि इसमें कुछ ओवर का खेल हो चुका था। ऐसे मामलों में एक महत्वपूर्ण नियम लागू होता है कि यदि मैच में पांच ओवर भी पूरे नहीं हो पाते हैं तो इसे पूर्ण मैच नहीं माना जाता और दर्शक रिफंड के हकदार होते हैं। KKR और PBKS के बीच मुकाबले में चार ओवर से भी कम खेल हो सका इसलिए फैंस को राहत मिलने की पूरी संभावना है।

    हालांकि अभी तक आधिकारिक रूप से भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड या फ्रेंचाइजी की तरफ से रिफंड को लेकर कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गई है लेकिन पिछले वर्षों के ट्रेंड को देखें तो ऐसे मामलों में दर्शकों को उनका पैसा वापस मिल जाता है।

    रिफंड की प्रक्रिया आमतौर पर कुछ दिनों में पूरी होती है और यह उसी माध्यम से लौटाया जाता है जिससे टिकट बुक किया गया था। उम्मीद की जा रही है कि 7 से 10 दिनों के भीतर दर्शकों को उनकी राशि वापस मिल सकती है।

    आईपीएल जैसे बड़े टूर्नामेंट में फैंस का अनुभव बेहद अहम माना जाता है और यही वजह है कि आयोजक इस तरह की परिस्थितियों में दर्शकों का ध्यान रखते हैं। जब मैच का कोई नतीजा नहीं निकलता और खेल पर्याप्त समय तक नहीं हो पाता तो टिकट रिफंड देना एक तरह से दर्शकों के प्रति जिम्मेदारी भी बन जाती है।

    इस घटना ने एक बार फिर यह साफ कर दिया है कि मौसम का खेल पर कितना बड़ा असर पड़ सकता है लेकिन साथ ही यह भी कि नियमों के तहत फैंस को नुकसान से बचाने के प्रयास किए जाते हैं। आने वाले मैचों में भी यदि ऐसी स्थिति बनती है तो दर्शक इन्हीं नियमों के तहत रिफंड पाने के हकदार होंगे।