Category: Sports

  • साहिबजादा फरहान का विवादित बयान, सोशल मीडिया पर मची हलचल

    साहिबजादा फरहान का विवादित बयान, सोशल मीडिया पर मची हलचल



    नई दिल्ली। पाकिस्तान क्रिकेट के ओपनर साहिबजादा फरहान का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसने क्रिकेट फैन्स और पूर्व खिलाड़ियों को हैरान कर दिया है। वीडियो में फरहान ने सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग, रोहित शर्मा और सईद अनवर जैसे दिग्गज बल्लेबाजों को पीछे छोड़ते हुए अहमद शहजाद को अपना पसंदीदा और सर्वश्रेष्ठ ओपनर बताया।

    सोशल मीडिया पर हुआ हंगामा
    फरहान के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर जमकर आलोचना हुई। 

    पूर्व पाकिस्तानी खिलाड़ियों की प्रतिक्रिया
    पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर बासित अली ने इस बयान को सुनकर मजाकिया अंदाज में कहा,

    “यह सौ फीसदी फेक है। साहिबजादा फरहान अभी पागल नहीं हुए हैं कि वे सचिन तेंदुलकर से ऊपर अहमद शहजाद को चुन लें। मैं हाथ जोड़कर कहता हूं, इस टॉपिक को यहीं खत्म कर दीजिए।”

    वहीं, कामरान अकमल ने कहा,

    “फरहान को अपने जवाब सोच-समझकर देना चाहिए था। अपना आइडल बताना ठीक है, लेकिन सचिन और सईद अनवर जैसे दिग्गजों से तुलना करना सही नहीं है। जवाब देने का तरीका बेहतर हो सकता था।”

    इस विवाद के बाद बासित अली और कामरान अकमल ने मिलकर फरहान से सार्वजनिक माफी भी मांगी।

    साहिबजादा फरहान का क्रिकेट करियर
    फरहान पाकिस्तान के लिए टी20 इंटरनेशनल में नियमित ओपनर बन चुके हैं। अब तक उन्होंने 37 टी20 मैचों में 917 रन बनाए हैं, जिसमें 8 अर्धशतक शामिल हैं। हालांकि उन्हें अभी तक वनडे और टेस्ट डेब्यू का मौका नहीं मिला है।

    आगामी टी20 वर्ल्ड कप में भूमिका
    साहिबजादा फरहान को आगामी टी20 वर्ल्ड कप के लिए पाकिस्तान की प्रोविजनल स्क्वाड में शामिल किया गया है। आईसीसी के नियमों के अनुसार 31 जनवरी तक टीम में बदलाव संभव है, इसके बाद किसी भी बदलाव के लिए आईसीसी की अनुमति आवश्यक होगी।

  • India vs Pakistan मैच के टिकटों के लिए मची ऐसी होड़ कि बुकमायशो का सर्वर ही क्रैश हो गया

    India vs Pakistan मैच के टिकटों के लिए मची ऐसी होड़ कि बुकमायशो का सर्वर ही क्रैश हो गया

    नई दिल्ली T20 World Cup 2026 के दूसरे राउंड के मैचों के टिकटों की सेल शुरू हो चुकी है। बुधवार 14 जनवरी से दूसरे दौर के मैचों के टिकटों की सेल शुरू हुई, जिसमें हाई वोल्टेज इंडिया वर्सेस पाकिस्तान मैच भी शामिल है। इंडिया वर्सेस पाकिस्तान मैच के टिकटों के लिए तो इतनी मारामारी देखने को मिली कि टिकट बेचने वाली साइट का सर्वर ही ठप्प पड़ गया। बांग्लादेश की टीम के भारत आने पर अभी भी संशय है, लेकिन टिकटों की सेल जारी है।

    इंडिया और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को कोलंबो में लीग फेज का मुकाबला खेला जाना है। इसी मुकाबले समेत टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे फेज के मैचों के लिए टिकट सेल बुकमायशो पर 14 जनवरी को शुरू हुई। फैंस की जबरदस्त दिलचस्पी इन मैचों के टिकटों के लिए देखने को मिली, खासकर इंडिया-पाकिस्तान मैच के लिए फैंस के बीच काफी डिमांड थी, जो इस राउंड के एलोकेशन में शामिल था।

    टी20 वर्ल्ड कप 2026 मैचों के टिकट लाइव होने के कुछ ही मिनटों में बुकमायशो वेबसाइट पर ट्रैफिक बढ़ गया, क्योंकि यूजर्स टूर्नामेंट के सबसे ज्यादा डिमांड वाले मैच के लिए अपनी सीट पक्की करने की कोशिश कर रहे थे। क्रिकबज की रिपोर्ट की मानें तो एक साथ इतनी रिक्वेस्ट आने से प्लेटफॉर्म के सर्वर क्रैश हो गए। ICC मेंस T20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से हो रही है, जो 8 मार्च तक चलेगा।

    टीम इंडिया इस टूर्नामेंट में अपना कैंपेन 7 फरवरी को ही शुरू करेगी। पहला मैच भारत का USA के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में आयोजित होगा। वहीं, पाकिस्तान इस ग्लोबल टूर्नामेंट के ओपनिंग मैच में कोलंबो में नीदरलैंड्स से भिड़ेगा। इंडिया को इसके बाद 12 फरवरी को दिल्ली में नामीबिया से भिड़ना है और फिर कोलंबो में 15 फरवरी को इंडिया वर्सेस पाकिस्तान मैच होगा।

    इसके बाद आखिरी लीग फेज का मैच भारत का अहमदाबाद में नीदरलैंड से होगा। पाकिस्तान की टीम 10 फरवरी को यूएसए से कोलंबो में खेलेगी। कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम और सिनहलीज स्पोर्ट्स क्लब में पाकिस्तान के सभी मैच खेले जाएंगे। सुपर 8 के कुछ मैच भी श्रीलंका में ही खेले जाने हैं।

  • इतिहास रचते हुए केएल राहुल ने खेली शानदार शतकीय पारी, भारत ने न्यूजीलैंड को मात दी

    इतिहास रचते हुए केएल राहुल ने खेली शानदार शतकीय पारी, भारत ने न्यूजीलैंड को मात दी

    नई दिल्ली।  निरंजन शाह स्टेडियम में खेले गए वनडे में केएल राहुल ने 92 गेंदों में 1 छक्का और 11 चौकों की मदद से नाबाद 112 रन की पारी खेली। इस पारी के साथ ही उन्होंने वनडे करियर का 8वां शतक पूरा किया। राहुल की इस पारी ने टीम को संकट से बाहर निकालते हुए शानदार स्थिति में पहुंचाया।

    रिकॉर्ड तोड़ा, ग्लेन फिलिप्स को पछाड़ा

    केएल राहुल ने साल 2025 से अब तक 41-50 ओवरों में सर्वाधिक रन बनाने वाले फुल मेंबर टीम के खिलाड़ी का रिकॉर्ड अपने नाम किया। इस दौरान उन्होंने 140.09 की स्ट्राइक रेट के साथ 283 रन बनाए और ग्लेन फिलिप्स (157.4 स्ट्राइक रेट, 244 रन) को पीछे छोड़ा। इस लिस्ट में जनिथ लियानागे (201), जस्टिन ग्रीव्स (194) और कॉर्बिन बॉश (162) क्रमशः तीसरे, चौथे और पांचवें पायदान पर हैं।

    मैच की स्थिति और साझेदारियां

    भारतीय टीम ने टॉस हारकर बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 284 रन बनाए। सलामी जोड़ी रोहित शर्मा और कप्तान शुभमन गिल ने 12.2 ओवरों में 70 रन की साझेदारी की। रोहित 24 रन बनाकर आउट हुए, जबकि गिल ने 53 गेंदों में 56 रन जोड़े। शुरुआती दौर में विराट कोहली ने 23 रन का योगदान दिया।

    केएल राहुल की महत्वपूर्ण साझेदारियां

    टीम 118 रन पर 4 विकेट गंवा चुकी थी। तब केएल राहुल ने रवींद्र जडेजा के साथ पांचवें विकेट के लिए 73 रन की साझेदारी निभाई। जडेजा 27 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद राहुल ने नितीश रेड्डी (20) के साथ छठे विकेट के लिए 57 रन जोड़े। इन साझेदारियों ने टीम को मजबूती प्रदान की और अंत तक 284 रन तक पहुँचाया।

    विपक्षी गेंदबाजों का प्रदर्शन

    न्यूजीलैंड की ओर से क्रिस्चियन क्लार्क ने सर्वाधिक 3 विकेट लिए। काइल जैमीसन, जैक फाउलकेस, जेडेन लेनोक्स और कप्तान माइकल ब्रेसवेल ने 1-1 विकेट अपने नाम किया। हालांकि, केएल राहुल की पारी ने विपक्षी गेंदबाजों की कोशिशों को बेअसर कर दिया।

    केएल राहुल की नाबाद 112 रन की पारी ने न सिर्फ व्यक्तिगत रिकॉर्ड तोड़ा बल्कि टीम को संकट से उबारते हुए मैच में मजबूत स्थिति दिलाई। इस प्रदर्शन से वह वनडे क्रिकेट में अपने स्थान को और मजबूत करते हुए इतिहास रचने में सफल रहे।

  • 7 पारियों में 578 रन! भारतीय सरजमीं पर न्यूजीलैंड के खिलाफ शुभमन गिल का शानदार दबदबा

    7 पारियों में 578 रन! भारतीय सरजमीं पर न्यूजीलैंड के खिलाफ शुभमन गिल का शानदार दबदबा


    नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज और कप्तान शुभमन गिल का बल्ला न्यूजीलैंड के खिलाफ भारतीय सरजमीं पर लगातार आग उगल रहा है। राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में खेले जा रहे वनडे मुकाबले में गिल ने एक बार फिर अपनी क्लास और निरंतरता का शानदार नमूना पेश किया। उन्होंने 53 गेंदों में 1 छक्का और 9 चौकों की मदद से 56 रन की अहम पारी खेली। यह इस सीरीज में उनका लगातार दूसरा अर्धशतक रहा जिसने टीम इंडिया को मजबूत शुरुआत दिलाई।

    भारतीय मैदानों पर न्यूजीलैंड के खिलाफ शुभमन गिल का रिकॉर्ड बेहद लाजवाब रहा है। गिल ने अब तक कीवी टीम के खिलाफ भारत में कुल 7 वनडे पारियां खेली हैं, जिनमें उन्होंने 115.6 की शानदार औसत से 578 रन बनाए हैं। यह आंकड़ा न सिर्फ उनकी निरंतरता को दर्शाता है बल्कि बड़े मैचों में जिम्मेदारी लेने की उनकी क्षमता को भी उजागर करता है इन सात पारियों में गिल ने कई यादगार पारियां खेली हैं। इनमें 149 गेंदों पर खेली गई 208 रनों की ऐतिहासिक पारी, 78 गेंदों में 112 रन, नाबाद 80 रन और हालिया मैचों में लगातार दो अर्धशतक शामिल हैं। उनकी पारियों की सूची में 40*, 26, 56 और 56 रनों की पारियां भी शामिल हैं जो यह साबित करती हैं कि वह हर परिस्थिति में टीम के लिए योगदान दे रहे हैं।

    इस मुकाबले में भारतीय टीम शुभमन गिल की कप्तानी में मैदान पर उतरी है। टीम में अनुभव और युवा जोश का बेहतरीन संतुलन नजर आया। रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दिग्गज बल्लेबाजों के साथ श्रेयस अय्यर और केएल राहुल विकेटकीपर मध्यक्रम को मजबूती दे रहे हैं। ऑलराउंडर के रूप में रवींद्र जडेजा और नितीश रेड्डी को शामिल किया गया है, जबकि गेंदबाजी विभाग में हर्षित राणा, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा टीम की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।दूसरी ओर न्यूजीलैंड की टीम माइकल ब्रेसवेल की कप्तानी में मैदान पर उतरी है। कीवी टीम में डेवोन कॉनवे, हेनरी निकोल्स, विल यंग और डेरिल मिशेल जैसे भरोसेमंद बल्लेबाज मौजूद हैं। ग्लेन फिलिप्स और मिशेल हे विकेटकीपर की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि काइल जैमीसन और जैकरी फाउल्क्स गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई कर रहे हैं।

    सीरीज के पहले मुकाबले में भारत ने वडोदरा में न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराकर बढ़त बनाई थी। उस मैच में न्यूजीलैंड ने 300 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया था, जवाब में टीम इंडिया ने विराट कोहली की 93 रनों की शानदार पारी और शुभमन गिल के अर्धशतक की बदौलत लक्ष्य हासिल कर लिया था।फिलहाल तीन मैचों की वनडे सीरीज में भारत 1-0 से आगे है। ऐसे में दूसरे मुकाबले में जीत दर्ज कर टीम इंडिया सीरीज पर कब्जा जमाने के इरादे से मैदान पर उतरी है। शुभमन गिल का मौजूदा फॉर्म देखकर यह कहना गलत नहीं होगा कि न्यूजीलैंड के गेंदबाजों के लिए आगे की राह आसान नहीं होने वाली है।

  • ICC ODI रैंकिंग 2026: विराट कोहली बने नंबर एक, रोहित शर्मा तीसरे स्थान पर खिसके, मिचेल ने लिया नंबर दो

    ICC ODI रैंकिंग 2026: विराट कोहली बने नंबर एक, रोहित शर्मा तीसरे स्थान पर खिसके, मिचेल ने लिया नंबर दो


    नई दिल्ली। आईसीसी ने 2026 की पहली वनडे रैंकिंग जारी की है, जिसमें भारतीय क्रिकेट के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने फिर से शीर्ष स्थान हासिल कर अपने शानदार फॉर्म का सबूत दिया है। साल के पहले ही मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ 93 रनों की दमदार पारी खेलकर कोहली ने अपनी रेटिंग 785 तक बढ़ा दी और लंबे 1403 दिनों बाद आईसीसी वनडे रैंकिंग में नंबर एक बल्लेबाज बनने में सफल रहे। इस बदलाव के साथ ही न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल दूसरे नंबर पर हैं, जिनकी रेटिंग कोहली से केवल एक अंक कम यानी 784 है, जबकि रोहित शर्मा जो पहले शीर्ष स्थान पर थे, दो स्थान गिरकर तीसरे नंबर पर आ गए हैं।
    रोहित शर्मा ने साल की शुरुआत में न्यूजीलैंड के खिलाफ 29 गेंदों में 26 रन बनाए, जो उनके उच्च मानक के अनुसार कम साबित हुआ और इसके कारण उनकी रेटिंग 775 तक गिर गई। कोहली की लगातार पांच मैचों में 50 या उससे अधिक रन की पारी ने उन्हें इस बार नंबर एक की कुर्सी पर पहुँचाया। इस रैंकिंग से साफ होता है कि कोहली ने लंबे समय के बाद अपनी सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजी छवि लौटाई है और उनकी निरंतरता ने उन्हें फिर से वनडे क्रिकेट के शीर्ष खिलाड़ी के रूप में स्थापित किया है।
    आईसीसी की यह नई रैंकिंग न केवल खिलाड़ियों के प्रदर्शन का संकेत देती है, बल्कि आगामी मैचों और सीरीज के लिए उनके मनोबल और टीम की रणनीति पर भी प्रभाव डालती है। आने वाले मैचों में कोहली, रोहित और मिचेल जैसे बल्लेबाजों के प्रदर्शन के आधार पर रैंकिंग में और बदलाव देखने को मिल सकते हैं। कोहली की यह उपलब्धि भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए गर्व का विषय है और दर्शाती है कि वे अब भी दुनिया के टॉप बल्लेबाजों में अपनी जगह बनाए हुए हैं।
    इस रैंकिंग अपडेट ने भारतीय क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह भर दिया है, वहीं रोहित शर्मा के लिए चुनौती और बढ़ गई है कि वे पुनः शीर्ष स्थान हासिल करने के लिए अपने खेल में सुधार करें। ऐसे समय में जब भारत और न्यूजीलैंड की सीरीज जारी है, खिलाड़ियों का हर प्रदर्शन सीधे उनकी रेटिंग और रैंकिंग पर असर डाल रहा है। कोहली की वापसी नंबर एक पर उनकी मेहनत, अनुभव और निरंतर उच्च प्रदर्शन का परिणाम है, जो उन्हें भारतीय क्रिकेट की सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजी ताकत बनाता है।
  • Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 का शेड्यूल हुआ रिलीज, 10 टीमों के बीच होगी कड़ी टक्कर, जानें पूरी डिटेल्स

    Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 का शेड्यूल हुआ रिलीज, 10 टीमों के बीच होगी कड़ी टक्कर, जानें पूरी डिटेल्स

    नई दिल्ली।एशियाई खेल 2026 में क्रिकेट का रोमांच इस बार जापान में देखने को मिलेगा. एशियाई खेलों के आयोजकों ने रविवार को क्रिकेट टूर्नामेंट का शेड्यूल जारी किया, जिसमें मैच 17 सितंबर से 3 अक्टूबर तक खेले जाएंगे. जापान के आयाची-नागोया में आयोजित होने वाले इस आयोजन में क्रिकेट टूर्नामेंट की शुरुआत कुछ खेलों की तरह उद्घाटन समारोह से नौ दिन पहले ही होगी.

    महिला क्रिकेट के मुकाबलें कब खेले जाएंगे?

    महिला क्रिकेट प्रतियोगिता 17 सितंबर से शुरू होगी और मेडल मैच 22 सितंबर से खेले जाएंगे. इस प्रतियोगिता में कुल आठ टीमों की भागीदारी होगी, जिसमें भारत की टीम पिछले चैम्पियन के रूप में उतरेगी. महिला क्रिकेट टूर्नामेंट क्वार्टरफाइनल से सीधा नॉकआउट फॉर्मेट में होगा, यानी हर मैच में हारने वाली टीम टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी.

    पुरुष क्रिकेट में 10 टीमों की चुनौती

    पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट 24 सितंबर से खेला जाना है, जबकि मेडल मैच 3 अक्टूबर से आयोजित होंगे. इसमें कुल 10 टीमों की भागीदारी होगी. यदि पुरुष प्रतियोगिता 2023 हांगझोउ एशियाई खेलों की तरह होती है, तो टॉप 4 सीड वाली टीमें सीधे क्वार्टरफाइनल में प्रवेश करेंगी. बाकी छह टीमें प्रारंभिक मुकाबले खेलकर चार क्वार्टरफाइनल टीमों का निर्धारण करेंगी.

    मैच का समय और लोकेशन

    सभी मैचों के दिन डबल-हेडर होंगे। सुबह का मैच स्थानीय समयानुसार 9 बजे शुरू होगा, जो भारतीय समयानुसार 5:30 बजे होगा. वहीं, दोपहर के मैच जापान में 2 बजे यानी भारतीय समयानुसार 10:30 बजे शुरू होंगे. सभी मैच आयाची प्रान्त के कोरोगी एथलेटिक पार्क में खेले जाएंगे.

    भारत की तैयारी और पिछला रिकॉर्ड

    2023 एशियन गेम्स में भारत की ओर से पुरुष और महिला दोनों वर्गों की टीमें शामिल होंगी. पुरुष टीम में युवा खिलाड़ियों को मौका दिया गया और कप्तानी ऋतुराज गायकवाड़ ने संभाली थी. टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नेपाल और बांग्लादेश को हराया और फाइनल बारिश के कारण रद्द होने पर रैंकिंग के आधार पर गोल्ड मेडल हासिल किया. इस बार भी भारत की टीम से इसी तरह का प्रदर्शन देखने को मिलने की उम्मीद है.

    2023 एशियन गेम्स के लिए भारत की टीम

    पुरुष टीम- ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), यशस्वी जयसवाल, राहुल त्रिपाठी, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, शाहबाज अहमद, रवि बिश्नोई, आवेश खान, अर्शदीप सिंह, मुकेश कुमार, शिवम दुबे, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), आकाश दीप.

    महिला टीम: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), शैफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेट-कीपर), अमनजोत कौर, देविका वैद्य, पूजा वस्त्रकार, टाइटस साधु, राजेश्वरी गायकवाड़, मिन्नू मणि, कनिका आहूजा, उमा छेत्री (विकेट-कीपर), अनुषा बरेड्डी.

  • बार्सिलोना ने फिर से सजा स्पेनिश सुपर कप का खिताब मैनचेस्टर यूनाइटेड एफए कप से बाहर और वर्ल्ड कप 2026 के लिए नीदरलैंड्स टीम का ऐलान

    बार्सिलोना ने फिर से सजा स्पेनिश सुपर कप का खिताब मैनचेस्टर यूनाइटेड एफए कप से बाहर और वर्ल्ड कप 2026 के लिए नीदरलैंड्स टीम का ऐलान


    नई दिल्ली । बार्सिलोना ने सऊदी अरब में स्पेनिश सुपर कप का खिताब जीता राफिन्हा के दो गोल की मदद से बार्सिलोना ने सऊदी अरब में खेले गए स्पेनिश सुपर कप के फाइनल में रियल मैड्रिड को 3-2 से हराकर 16वां सुपर कप खिताब अपने नाम किया। राफिन्हा का 73वें मिनट में किया गया विजयी गोल संयोगवश आया जब वह फिसलते हुए शॉट मारते हुए गेंद को रियल मैड्रिड के डिफेंडर से टकराकर गोलकीपर को चकमा दे गए। पिछला साल भी बार्सिलोना ने रियल मैड्रिड को 5-2 से हराया था। इस जीत के साथ बार्सिलोना ने रियल मैड्रिड से अधिक सुपर कप खिताबों के साथ रिकॉर्ड तोड़ा।
    कुल खिताब बार्सिलोना 16 रियल मैड्रिड 13

    मैनचेस्टर यूनाइटेड एफए कप से बाहर

    मैनचेस्टर यूनाइटेड एफए कप के तीसरे दौर में ब्राइटन से 2-1 से हारकर बाहर हो गया। यह हार यूनाइटेड के लिए एक और झटका थी जिन्होंने पिछले सप्ताह मुख्य कोच रुबेन अमोरिम को बर्खास्त किया था। ब्राइटन की ओर से डैनी वेलबेक और ब्राजन गुडा ने गोल किए जबकि यूनाइटेड की टीम किसी तरह से वापसी नहीं कर सकी।

    वर्ल्ड कप 2026 के लिए नीदरलैंड्स टीम का ऐलान
    आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के आगाज में अब एक महीने से भी कम समय बचा है। नीदरलैंड्स ने भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होने वाले इस टूर्नामेंट के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। यह नीदरलैंड्स का लगातार छठा टी20 वर्ल्ड कप होगा और टीम से उम्मीदें काफी बढ़ी हैं।

    भारत-न्यूजीलैंड वनडे सीरीज: वॉशिंगटन बाहर बडोनी की एंट्री

    भारत और न्यूजीलैंड के बीच चल रही वनडे सीरीज में भारतीय टीम को एक बड़ा झटका लगा है। ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर को चोट के कारण वनडे सीरीज के शेष मुकाबलों से बाहर कर दिया गया है। उनकी जगह 26 वर्षीय आयुष बडोनी को टीम में शामिल किया गया है और वह राजकोट में दूसरे वनडे से जुड़ेंगे।

    बांग्लादेश प्रीमियर लीग पिता-पुत्र की जोड़ी ने इतिहास रचा

    बांग्लादेश प्रीमियर लीग में अफगानिस्तान के दिग्गज ऑलराउंडर मोहम्मद नबी और उनके बेटे हसन ईसाखिल ने पहली बार एक साथ मैदान पर उतकर क्रिकेट इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ा। यह पहली बार था जब किसी पिता और पुत्र की जोड़ी ने एक ही टी20 लीग में एक साथ खेला और क्रीज पर बल्लेबाजी भी की। हसन ईसाखिल ने ढाका कैपिटल्स के खिलाफ शानदार 92 रन बनाए जबकि नबी ने बेटे को मैच से पहले कैप पहनाई और साथ ही उसे सलाह भी दी। दोनों के बीच शानदार साझेदारी देखने को मिली।

  • CSCS डायरेक्टर विजय शाह से खास बातचीत: रायपुर को हो सकता है रॉयल चैलेंजर्स बैंगलौर का नया होम ग्राउंड

    CSCS डायरेक्टर विजय शाह से खास बातचीत: रायपुर को हो सकता है रॉयल चैलेंजर्स बैंगलौर का नया होम ग्राउंड


    रायपुर । छत्तीसगढ़ के क्रिकेट प्रशंसकों के लिए आईपीएल 2026 बड़ी सौगात लेकर आ सकता है। रायपुर में आईपीएल के 2 से 5 मुकाबले आयोजित करने की योजना बन रही है और इसके साथ ही एक और बड़ी खबर सामने आई है कि रॉयल चैलेंजर्स बैंगलौर इस शहर को अपना नया होम ग्राउंड बना सकती है। यह खबर प्रदेश के क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह पैदा कर रही है। इस संदर्भ में छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के निदेशक विजय शाह ने लल्लूराम डॉट कॉम के संवाददाता नितिन नामदेव से खास बातचीत की। उन्होंने बताया कि हाल ही में स्टेडियम में खेले गए एक मैच के दौरान रॉयल चैलेंजर्स बैंगलौर की टीम रायपुर आई थी और टीम ने यहां के दर्शकों के उत्साह और फुल स्टेडियम को देखकर इस शहर को अपना नया होम ग्राउंड बनाने पर विचार किया है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि इस संबंध में अभी तक कोई औपचारिक पुष्टि नहीं हुई है और स्थिति स्पष्ट होने में एक-दो दिन लग सकते हैं।

    विजय शाह ने आगे कहा हमारी तैयारी पूरी है। आईपीएल के मुकाबले हों या कोई अन्य मैच एसोसिएशन अपनी पूरी तैयारी करता है। फार्मेट चाहे जो भी हो हमारी टीम सभी परिस्थितियों के लिए तैयार है। अब यह देखना होगा कि कितने मैच हमसे होते हैं लेकिन हम हर मैच को बेहतरीन तरीके से आयोजित करने का प्रयास करेंगे। इस बारे में रायपुर स्टेडियम के अपग्रेडेशन के सवाल पर विजय शाह ने बताया कि उनका प्राथमिक उद्देश्य स्टेडियम को बेहतर बनाना है। उन्होंने कहा “हम स्टेडियम के अपग्रेडेशन पर काम कर रहे हैं। इसके लिए हमने कुछ अनुभवी आर्किटेक्ट्स से बात की है जो पहले भी स्टेडियम के अपग्रेडेशन का काम कर चुके हैं। इनकी मदद से हम स्टेडियम को बेहतर बनाने की दिशा में कदम बढ़ाएंगे।

    विजय शाह ने यह भी कहा कि स्टेडियम के बाहरी हिस्से और सिक्योरिटी व्यवस्था को अपग्रेड किया जाएगा। हम एक नई टिकटिंग प्रणाली भी लागू करेंगे और सुरक्षा के लिहाज से भी पूरी तैयारी की जाएगी उन्होंने बताया। इसके अलावा उन्होंने इस बात का भी उल्लेख किया कि स्टेडियम का काम जल्द शुरू किया जाएगा और प्रपोजल के आधार पर काम किया जाएगा। रायपुर में आईपीएल के मुकाबले आयोजित होने से प्रदेश के क्रिकेट प्रेमियों को बड़े स्तर पर खेल आयोजन का आनंद मिलेगा और यहां की क्रिकेट संस्कृति को भी एक नई दिशा मिलेगी। यदि रॉयल चैलेंजर्स बैंगलौर यहां अपना होम ग्राउंड बनाती है तो यह शहर को क्रिकेट के मक्का की तरह एक और पहचान दिला सकता है।

  • मैरी कॉम पर संगीन आरोप: एक्स हसबैंड ओनलर बोले– 2013 में दूसरे शख्स से था रिश्ता

    मैरी कॉम पर संगीन आरोप: एक्स हसबैंड ओनलर बोले– 2013 में दूसरे शख्स से था रिश्ता

    नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का परचम लहराने वाली विश्व चैंपियन मुक्केबाज मैरी कॉम इन दिनों अपनी खेल उपलब्धियों से ज्यादा निजी जीवन को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में मैरी कॉम ने अपने पूर्व पति ओनलर कोम पर धोखाधड़ी और आर्थिक गड़बड़ी के गंभीर आरोप लगाए थे। अब ओनलर कोम ने इन आरोपों पर खुलकर जवाब दिया है और उन्हें पूरी तरह बेबुनियाद बताया है।

    ‘आरोप झूठे, सच्चाई कुछ और’

    आईएएनएस को दिए एक विशेष इंटरव्यू में ओनलर कोम ने कहा कि मैरी कॉम द्वारा लगाए गए आरोप सच्चाई से कोसों दूर हैं। उन्होंने दावा किया कि उनकी शादी में तनाव कोई नई बात नहीं थी, बल्कि यह समस्या एक दशक से भी अधिक समय पुरानी है। ओनलर के अनुसार, मैरी कॉम 2013 से ही अलग-अलग रिश्तों में थीं और 2017 से मैरी कॉम बॉक्सिंग एकेडमी से जुड़े एक व्यक्ति के साथ उनका रिश्ता रहा है।

    ‘मेरे पास सबूत हैं, लेकिन चुप रहा’

    ओनलर कोम ने कहा कि उनके पास इन दावों से जुड़े व्हाट्सएप मैसेज और अन्य सबूत मौजूद हैं, लेकिन उन्होंने कभी सार्वजनिक रूप से बात नहीं की। उनका कहना है कि उन्हें मैरी कॉम के आगे बढ़ने से कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन सार्वजनिक मंच पर उन्हें दोषी ठहराया जाना स्वीकार्य नहीं है।

    पैसों के आरोपों पर जवाब

    मैरी कॉम द्वारा लगाए गए पैसों की हेराफेरी के आरोपों पर ओनलर ने कहा कि अगर उन्होंने करोड़ों रुपये चुराए होते, तो आज उनकी जिंदगी की हालत कुछ और होती। उन्होंने बताया कि वह दिल्ली में किराए के मकान में रह रहे हैं और उनके पास कोई बड़ी संपत्ति नहीं है। उन्होंने चुनौती दी कि अगर प्रॉपर्टी या पैसे उनके नाम पर हैं, तो मैरी कॉम सबूत पेश करें।

    बच्चों को लेकर भावुक बयान

    ओनलर कोम ने अपने बच्चों को लेकर भावुक होते हुए कहा कि वे अपने बेटों से मिलना चाहते हैं, जो फिलहाल बोर्डिंग स्कूल में रह रहे हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों की परवरिश में उन्होंने हमेशा भूमिका निभाई है और उन्हें सिर्फ “इस्तेमाल करके छोड़ दिया गया” महसूस होता है।

    तलाक के बाद भी विवाद जारी

    ओनलर और मैरी कॉम की शादी 2005 में हुई थी और उनके चार बच्चे हैं। दोनों का 2023 में तलाक हो चुका है, लेकिन कानूनी और भावनात्मक विवाद अभी भी थमने का नाम नहीं ले रहा। ओनलर ने साफ कहा कि वह कोर्ट में लंबी लड़ाई नहीं चाहते, लेकिन अपने ऊपर लगे आरोपों को यूं ही स्वीकार भी नहीं करेंगे।

    निजी विवाद, सार्वजनिक बहस

    यह मामला अब एक निजी रिश्ते से निकलकर सार्वजनिक बहस का रूप ले चुका है। जहां एक ओर मैरी कॉम की लोकप्रियता और उपलब्धियां हैं, वहीं दूसरी ओर ओनलर कोम का कहना है कि सच को जाने बिना एकतरफा राय बनाई जा रही है। आने वाले समय में यह देखना अहम होगा कि इस विवाद में कानूनी तौर पर क्या सच सामने आता है।

  • कोहली की टीम का नया ठिकाना: चिन्नास्वामी में अब नहीं होंगे IPL मैच

    कोहली की टीम का नया ठिकाना: चिन्नास्वामी में अब नहीं होंगे IPL मैच

    नई दिल्ली। बेंगलुरु का एम चिन्नास्वामी स्टेडियम अब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का होम ग्राउंड नहीं होगा. IPL 2026 में आरसीबी अपने होम मैच नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम और रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में खेल सकती है. RCB के अलावा राजस्थान रॉयल्स भी अपना होम ग्राउंड बदल सकती है.

    रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने IPL 2025 का खिताब जीता था. उस ऐतिहासिक जीत के बाद चिन्नास्वामी स्टेडियम में विजेता टीम RCB के लिए जीत की परेड होने वाली थी. इसी दौरान स्टेडियम के बाहर भगदड़ मच गई थी, जिसके कारण 11 लोगों की मौत हो गई थी. उस दुखद घटना के बाद चिन्नास्वामी स्टेडियम में कोई उच्च स्तरीय क्रिकेट मैच नहीं खेला गया है.

    RCB को मिलेंगे 2 नए होमग्राउंड!
    खबर है कि RCB अगले सीजन यानी IPL 2026 में पांच मैच नवी मुंबई में खेल सकती है, जबकि 2 मुकाबले रायपुर में करवाए जा सकते हैं. आरसीबी मैनेजमेंट ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक करके इस नतीजे पर पहुंचा है. पिछले साल चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर मची भगदड़ के बाद लगातार मैदान को लेकर सुरक्षा चिंताएं चर्चा का केंद्र बनी रही हैं. अभी तक चिन्नास्वामी स्टेडियम को किसी बड़े लेवल का मैच आयोजित करने की अनुमति नहीं मिल पाई है.

    रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पिछले सीजन बेहतरीन प्रदर्शन किया था. पॉइंट्स टेबल में RCB की टीम दूसरे स्थान पर रही थी. वहीं फाइनल में बेंगलुरु की टीम ने पंजाब किंग्स को 6 रनों से हराकर जीत दर्ज की थी. ये 18 साल में पहला मौका रहा जब RCB ने इंडियन प्रीमियर लीग का खिताब जीता.

    राजस्थान रॉयल्स का भी बदलेगा होमग्राउंड
    पिछले वर्ष राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन चुनाव नहीं करवा पाई थी. उसके बाद आईपीएल चेयरमैन अरुण सिंह धूमल ने RCA से कहा था कि वह चुनाव नहीं करवा पाता है तो राजस्थान रॉयल्स की टीम अपने घरेलू मैच जयपुर में आयोजित नहीं करवा पाएगी.