Category: Sports

  • T20 वर्ल्ड कप के लिए न्यूजीलैंड की टीम का ऐलान… मिचेल सैंटनर होंगे कप्तान

    T20 वर्ल्ड कप के लिए न्यूजीलैंड की टीम का ऐलान… मिचेल सैंटनर होंगे कप्तान


    नई दिल्ली।
    T20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) के लिए न्यूजीलैंड की टीम का ऐलान (New Zealand team Announced.) हो गया है। भारत और श्रीलंका में फरवरी-मार्च में आयोजित होने वाले इस मेगा इवेंट के लिए न्यूजीलैंड की टीम के कप्तान टीम के कप्तान मिचेल सैंटनर (Mitchell Santner) होंगे, जो लगातार दूसरे आईसीसी टूर्नामेंट में कीवी टीम की कमान संभालेंगे। पेस ऑपशन्स टीम में आपको ज्यादा नजर आएंगे। इससे पहले वे आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भी न्यूजीलैंड की टीम के कप्तान थे। न्यूजीलैड की टीम में आपको तेज गेंदबाजी के विकल्प बहुत सारे नजर आएंगे। यहां तक कि रिजर्व में एक खिलाड़ी को रखा गया है और हैरानी की बात ये है कि वो भी पेसर है।

    न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज जैकब डफी के 2025 में शानदार गेंदबाजी का इनाम मिला है और उन्हें ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए टीम में चुना गया है। दुनिया के दूसरे नंबर के T20I गेंदबाज जैकब डफी ने पिछले कैलेंडर ईयर में सभी फॉर्मेट में 81 इंटरनेशनल विकेट लिए। वे न्यूजीलैंड के लिए एक सला में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने थे। उन्होंने रिचर्ड हेडली का रिकॉर्ड तोड़ा था। मिचेल सैंटनर एक खिलाड़ी के तौर पर अपने नौवें सीनियर ICC ग्लोबल इवेंट में खेलने वाले हैं, जो कि कप्तान भी हैं।

    मिचेल सैंटनर के साथ स्पिनर की जिम्मेदारी ईश सोढ़ी को मिली है, जबकि ऑलराउंडर माइकल ब्रेसवेल, ग्लेन फिलिप्स और रचिन रविंद्र टीम में स्पिन की डेप्थ लेकर आते हैं। जैकब डफी पेस डिपार्टमेंट में लॉकी फर्ग्यूसन, मैट हेनरी और एडम मिल्ने के साथ शामिल हैं। इसके अलावा पेस बॉलिंग ऑलराउंडर जिमी नीशम भी टीम का हिस्सा हैं। काइल जैमीसन को रिजर्व के तौर पर रखा गया है। टिम साइफर्ट टीम के विकेटकीपर होंगे।

    मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, डेवन कॉनवे, जैकब डफी, लॉकी फर्ग्यूसन, मैट हेनरी, डेरिल मिशेल, एडम मिल्ने, जेम्स नीशम, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र, टिम साइफर्ट और ईश सोढ़ी। ट्रैवलिंग रिजर्व: काइल जैमीसन

    न्यूजीलैंड की टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप डी में शामिल है, जिसमें उसके साथ अफगानिस्तान, कनाडा, साउथ अफ्रीका और यूएई की टीम शामिल है। 8 फरवरी को चेन्नई में अफगानिस्तान के खिलाफ न्यूजीलैंड को अपना लीग फेज का पहला मैच खेलना है। चेन्नई की परिस्थितियां स्पिन के अनुकूल होती हैं, जहां अफगानिस्तान की टीम कीवी टीम पर हावी हो सकती है।

  • बांग्लादेश की मैच रिशेड्यूलिंग पर BCCI लगाएगा ब्रेक? भारत सरकार का रोल कितना अहम, 5 पॉइंट्स में समझिए

    बांग्लादेश की मैच रिशेड्यूलिंग पर BCCI लगाएगा ब्रेक? भारत सरकार का रोल कितना अहम, 5 पॉइंट्स में समझिए

    नई दिल्ली। मुस्ताफिजुर रहमान को लेकर शुरू हुआ विवाद अब सिर्फ एक खिलाड़ी या एक टीम तक सीमित नहीं रहा है. यह मामला धीरे-धीरे इंटरनेशनल क्रिकेट और भारत-बांग्लादेश रिश्तों से जुड़ा बड़ा मुद्दा बनता जा रहा है. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने साफ शब्दों में कहा है कि वह भारत में सुरक्षित महसूस नहीं करता और इसलिए उसने ICC से मांग की है कि T20 वर्ल्ड कप 2026 में उसके मैच भारत की जगह श्रीलंका में कराए जाएं. इस मांग के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या BCCI इस रिशेड्यूलिंग को रोक सकता है और भारत सरकार की इसमें क्या भूमिका होगी.

    ICC की चुप्पी ने बढ़ाया सस्पेंस

    अब तक इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल की तरफ से इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है. हालांकि मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि ICC चेयरमैन जय शाह ने शेड्यूल पर दोबारा विचार करने के संकेत दिए हैं, लेकिन जब तक ICC की तरफ से लिखित या आधिकारिक फैसला सामने नहीं आता, तब तक यह साफ नहीं है कि बांग्लादेश की मांग मानी जाएगी या नहीं. अगले कुछ दिनों में ICC, BCCI और BCB के बीच बैठक हो सकती है, जिसके बाद तस्वीर साफ होने की उम्मीद है.

    BCCI के अधिकार कितने मजबूत हैं?

    T20 वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन भारत और श्रीलंका की मेजबानी में हो रहा है. ऐसे में भारत में होने वाले मैचों की ग्राउंड लेवल की जिम्मेदारी BCCI के पास है. स्टेडियम, सिक्योरिटी, टिकटिंग, होटल और ट्रैवल जैसे सारे इंतजाम BCCI देख रही है. अगर ऐन मौके पर मैच दूसरी जगह शिफ्ट होते हैं तो इससे लॉजिस्टिक्स और रेवेन्यू दोनों पर असर पड़ेगा. ऐसे में BCCI के पास यह कहने का पूरा अधिकार है कि अब शेड्यूल बदलना आसान नहीं है.

    भारत सरकार की एंट्री क्यों अहम है

    यह मामला अब सिर्फ क्रिकेट तक सीमित नहीं रहा. बांग्लादेश सरकार पहले ही IPL 2026 के टेलीकास्ट पर रोक लगाने जैसा सख्त कदम उठा चुकी है. ऐसे में वर्ल्ड कप मैचों की रिशेड्यूलिंग का फैसला दोनों देशों के कूटनीतिक रिश्तों को भी प्रभावित कर सकता है. BCCI किसी भी बड़े फैसले से पहले भारत सरकार से सलाह ले सकती है. हाल ही में पूर्व बांग्लादेशी पीएम खालिदा जिया का निधन हो गया था. उसके बाद भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर उनके अंतिम संस्कार पर बांग्लादेश पहुंचे थे. उस दौरान दोनों ही तरफ से एक पॉजिटिव मैसेज गया था. इसलिए विदेश नीति और सुरक्षा जैसे मुद्दों पर सरकार का रुख बेहद अहम होगा.

    ICC बांग्लादेश पर एक्शन ले सकता है?

    क्रिकेट इतिहास में ऐसे कई उदाहरण हैं, जब किसी टीम ने सुरक्षा कारणों से मैच खेलने से इनकार किया और उसे नुकसान उठाना पड़ा. 1996 और 2003 वर्ल्ड कप में ऐसा हो चुका है, जहां मैच न खेलने वाली टीमों को अंक गंवाने पड़े थे. यहां तक कि 2016 के अंडर-19 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया था. ऐसे में अगर बांग्लादेश मैच खेलने से इनकार करता है तो ICC कार्रवाई कर सकता है, हालांकि भारत-पाकिस्तान मैचों के उदाहरण के चलते फैसला आसान नहीं होगा.

    बाकी टीमों की परेशानी भी बनेगी मुद्दा

    अगर बांग्लादेश के मैच भारत से हटाकर श्रीलंका किए जाते हैं तो उसके ग्रुप की बाकी टीमों को भी दिक्कत होगी. उन्हें भारत और श्रीलंका के बीच बार-बार सफर करना पड़ेगा, जो टाइट शेड्यूल में मुश्किल है। ऐसे में दूसरी टीमें भी आपत्ति जता सकती हैं.

    कुल मिलाकर, बांग्लादेश की मांग को मानना ICC के लिए आसान फैसला नहीं है. इसमें BCCI, भारत सरकार, दूसरी टीमें और करोड़ों फैंस सभी के हित जुड़े हुए हैं.

  • चुनाव आयोग की कार्रवाई: मोहम्मद शमी को नोटिस, जल्द होगी सुनवाई

    चुनाव आयोग की कार्रवाई: मोहम्मद शमी को नोटिस, जल्द होगी सुनवाई

    नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के बीच चुनाव आयोग ने भारतीय टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को समन भेजा है. आयोग ने मोहम्मद शमी और उनके भाई को SIR से जुड़ी कुछ दिक्कतों के सिलसिले में सुनवाई के लिए बुलाया है. वहीं आयोग ने एक्टर से सांसद बने दीपक अधिकारी (देव) और उनके परिवार के सदस्यों को भी नोटिस भेजकर बुलाया है.
    रिपोर्ट के अनुसार शमी को सोमवार को दक्षिण कोलकाता के जादवपुर में कार्तजू नगर स्कूल से नोटिस जारी किया गया. उन्हें असिस्टेंट इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर (AERO) के सामने पेश होने का निर्देश दिया गया है. हालांकि नोटिस में बताए गए समय के अनुसार शमी तय सुनवाई में शामिल नहीं हो पाए, क्योंकि वह फिलहाल विजय हजारे ट्रॉफी में हिस्सा ले रहे हैं.
    कोलकाता के निवासी हैं शमी
    जानकारी के मुताबिक मोहम्मद शमी कोलकाता नगर निगम (KMC) वार्ड नंबर 93 में वोटर के तौर पर रजिस्टर्ड हैं. यह राशबिहारी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है. हालांकि उनका जन्म उत्तर प्रदेश के अमरोहा में हुआ था, लेकिन वह कई सालों से कोलकाता के स्थायी निवासी हैं. चुनाव आयोग के सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि शमी और उनके भाई के एन्यूमरेशन फॉर्म में कुछ दिक्कत आई है, इसी वजह से उन्हें सुनवाई के लिए बुलाया गया है. शमी की सुनवाई 9 से 11 जनवरी के बीच होनी है.
    TMC ने आयोग पर लगाए आरोप
    द हिंदू के अनुसार TMC सांसद दीपक अधिकारी (देव) के परिवार के तीन सदस्यों को भी सुनवाई के नोटिस मिले हैं. वह पश्चिम बंगाल के घाटाल से तीन बार के सांसद हैं. वही उनका जन्मस्थान भी है. हालांकि दीपक अधिकारी की सुनवाई की तारीख अभी तय नहीं है. इधर टीएमसी ने मोहम्मद शमी और देव को नोटिस देकर बुलाए जाने पर चुनाव आयोग पर सवाल उठाए हैं. टीएमसी ने बिना तैयारी के SIR लागू कराने का आरोप लगाया है. TMC के प्रवक्ता ने द हिंदू से कहा कि यह SIR लागू करने की तैयारी की कमी और बिल्कुल गलत प्रक्रिया का एक और उदाहरण है. SIR प्रक्रिया को जल्दबाजी में लागू करने से चुनाव आयोग ने एक निष्पक्ष संस्था होने की अपनी विश्वसनीयता खो दी है.

  • वायरल एडिटेड तस्वीरों पर भड़की वर्ल्ड कप हीरो प्रतीका रावल, सोशल मीडिया पर किया पोस्ट

    वायरल एडिटेड तस्वीरों पर भड़की वर्ल्ड कप हीरो प्रतीका रावल, सोशल मीडिया पर किया पोस्ट

    नई दिल्ली।  भारतीय महिला क्रिकेट टीम की वर्ल्ड कप 2025 की स्टार खिलाड़ी प्रतिका रावल एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह उनका खेल नहीं बल्कि सोशल मीडिया से जुड़ा एक गंभीर मुद्दा है. शानदार प्रदर्शन के बाद मिली लोकप्रियता के साथ उन्हें ट्रोलिंग और डिजिटल छेड़छाड़ का भी सामना करना पड़ रहा है.

    सोशल मीडिया पर वायरल हुई एडिटेड तस्वीरें

    वर्ल्ड कप जीतने के बाद प्रतिका की लोकप्रियता तेजी से बढ़ी, लेकिन इसके साथ ही सोशल मीडिया पर उनकी एडिटेड और मॉडिफाइड तस्वीरें वायरल होने लगीं. कई तस्वीरों को बिना अनुमति बदला गया, जिससे प्रतिका काफी नाराज नजर आईं. उन्होंने इस मुद्दे पर खुलकर अपनी बात रखी.

    प्रतिका ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साफ शब्दों में लिखा, “हे @grok, मैं अपनी किसी भी तस्वीर को एडिट या मॉडिफाई करने की इजाजत नहीं देतीं, चाहे वे पहले पोस्ट की गई हों या आगे मैं जो भी तस्वीरें शेयर करूं. अगर कोई थर्ड पार्टी उनकी तस्वीरों में किसी तरह का बदलाव करने की मांग करे, तो उसे तुरंत मना किया जाए.” उनका यह पोस्ट तेजी से वायरल हुआ और कई लोगों ने उनका समर्थन भी किया.

    वर्ल्ड कप की हीरो बनीं प्रतिका रावल

    महिला वर्ल्ड कप 2025 में प्रतिका रावल का प्रदर्शन शानदार रहा था. उन्होंने सात मैचों में 308 रन बनाए और भारत की दूसरी सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज रहीं. पूरे टूर्नामेंट में वह चौथी सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी थीं. अगर टूर्नामेंट के दौरान उन्हें चोट न लगी होती, तो उनका आंकड़ा और भी बेहतर हो सकता था. भारत की खिताबी जीत में उनकी भूमिका बेहद अहम रही.

    दिल्ली सरकार और DDCA ने किया सम्मानित

    मैदान के बाहर विवादों के बीच प्रतिका को बड़ी सम्मानजनक खबर भी मिली. दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने वर्ल्ड कप जीत में योगदान के लिए प्रतिका रावल को 1.5 करोड़ रुपये का इनाम देने की घोषणा की. इसके अलावा दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (DDCA) ने भी 50 लाख रुपये की अतिरिक्त राशि देने का ऐलान किया.

    रविवार को प्रतिका को दिल्ली की मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया. इस मौके पर उनके पिता प्रदीप रावल, दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद और DDCA अध्यक्ष रोहन जेटली भी मौजूद थे. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिका दिल्ली की बेटियों के लिए प्रेरणा हैं और उन्होंने पूरे देश का नाम रोशन किया है.

    प्रतिका की प्रेरणादायक यात्रा

    प्रतिका ने अपने करियर की शुरुआत दिल्ली से की थी और उम्रदराज व सीनियर घरेलू क्रिकेट में दिल्ली का प्रतिनिधित्व किया. बाद में वह रेलवेज टीम से जुड़ीं. आज वह न सिर्फ एक सफल क्रिकेटर हैं, बल्कि युवा खिलाड़ियों के लिए रोल मॉडल भी बन चुकी हैं.

  • एशेज : जो रूट ने 41वां टेस्ट शतक जड़ रिकी पोंटिंग के रिकॉर्ड की बराबरी की

    एशेज : जो रूट ने 41वां टेस्ट शतक जड़ रिकी पोंटिंग के रिकॉर्ड की बराबरी की


    सिडनी।
    इंग्लैंड (England) के स्टार बल्लेबाज जो रूट (Star batsman Joe Root) ने ऑस्ट्रेलिया (Australia) के खिलाफ सिडनी में जारी 5वें और आखिरी टेस्ट मैच में शतक जड़ दिग्गजों की बराबरी कर ली है। यह उनका इस सीरीज का दूसरा और करियर का 41वां टेस्ट शतक (41st Test century) है। जो रूट इसी के साथ ऑस्ट्रेलिया में एक एशेज सीरीज में एक से ज्यादा शतक जड़ने वाले चौथे इंग्लिश बल्लेबाज बन गए हैं। वहीं टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले बल्लेबाजों की रेस में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग की बराबरी कर ली है। रूट अब इस लिस्ट में संयुक्त रूप से तीसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। उनके आगे अब सिर्फ जैक कैलिस और ‘क्रिकेट के भगवान’ कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर रह गए हैं।

    जो रूट ने अपना 41वां टेस्ट शतक 146 गेंदों में पूरा किया। वह उस समय बल्लेबाजी करने आए थे जब इंग्लैंड 51 पर 2 विकेट खो चुका था। उन्होंने उप-कप्तान हैरी ब्रूक के साथ 169 रनों की साझेदारी भी की। रूट अपनी पारी में अभी तक 11 चौके लगा चुके हैं।

    जो रूट अब टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की रेस में सचिन तेंदुलकर और जैक कैलिस के बाद संयुक्त रूप से तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। पोंटिंग और रूट के अब बराबर 41-41 शतक हैं। रूट की नजरें अब जैक कैलिस और फिर सचिन तेंदुलकर को पछाड़ने पर होगी।

    टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा शतक
    51 – सचिन तेंदुलकर
    45 – जैक्स कैलिस
    41 – रिकी पोंटिंग
    41 – जो रूट
    38 – कुमार संगकारा

    1994/95 के बाद से घर के बाद एशेज सीरीज में एक से ज्यादा शतक लगाने वाले जो रूट चौथे इंग्लैंड के बल्लेबाज बने हैं। उनसे पहले ये कारनामा माइकल वॉन, एलिस्टर कुक और जोनाथन ट्रॉट कर चुके हैं।


    1994/95 के बाद से इंग्लैंड के लिए अवे एशेज सीरीज में एक से ज्यादा शतक

    3 – माइकल वॉन 2002/03 में
    3 – एलिस्टर कुक 2010/11 में
    2 – जोनाथन ट्रॉट 2010/11 में
    2 – जो रूट 2025/26 में

    2021 के बाद जो रूट ने ऐसी लय पकड़ी है कि उनका कोई सानी नहीं रहा है। वह 2021 से टेस्ट क्रिकेट में कुल 24 शतक ठोक चुके हैं, वहीं इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर मौजूद खिलाड़ियों के 10-10 शतक ही हैं।


    2021 से सबसे ज्यादा टेस्ट शतक

    24 – जो रूट
    10 – स्टीवन स्मिथ
    10 – केन विलियमसन
    10 – हैरी ब्रूक
    10 – शुभमन गिल

    बात मुकाबले की करें तो, इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया था। पहले दिन खराब मौसम की वजह से 45 ओवर का ही खेल हो पाया। दूसरे दिन इंग्लैंड खबर लिखे जाने तक 5 विकेट के नुकसान पर 286 रन बोर्ड पर लगा चुका है।

  • 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप जम्मू-कश्मीर के खिलाड़ी वाराणसी में स्वागत से खुश

    72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप जम्मू-कश्मीर के खिलाड़ी वाराणसी में स्वागत से खुश


    वाराणसी । वाराणसी में 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप का आयोजन काशी के सिगरा स्टेडियम में चल रहा है। इसमें देशभर की 58 संस्थाओं की 1,000 से ज्यादा टीमों के खिलाड़ी हिस्सा लेने पहुंचे हैं। खासकर जम्मू-कश्मीर की महिला टीम ने यहां अपने स्वागत को लेकर काफी खुशी व्यक्त की।

    जम्मू-कश्मीर महिला टीम के मुख्य कोच बलविंदर सिंह जंबाल ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा”सरकार और हमारी एसोसिएशन के सहयोग से जम्मू-कश्मीर में खेल को बढ़ावा मिला है। यही वजह है कि हम यहां तक पहुंचे हैं। वाराणसी में हमें जो स्वागत मिला हैवह बहुत दिलचस्प और प्रेरणादायक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र होने के नातेयह धार्मिक नगरी है और हम यहां आकर बहुत खुश हैं।

    टीम की सदस्य सदफ मंजूर ने बताया”यहां प्रतियोगिता काफी कठिन हैक्योंकि देश भर से मजबूत टीमें आई हैं। हम भी अपनी पूरी कोशिश करेंगे।” उन्होंने कहा कि यह उनका पहला मौका है जब वे वाराणसी आई हैं और यहां के लोगों ने उन्हें दिल से स्वागत कियाजिसके लिए वे आभारी हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पहले लड़कियों के लिए खेल के क्षेत्र में आना बहुत मुश्किल थालेकिन केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों से अब जम्मू-कश्मीर में लड़कियों की खेलों में भागीदारी बढ़ी है।

    सदफ ने हिजाब पहनकर खेलने पर भी चर्चा की और कहा”हम हिजाब पहनकर खेलते हैं और हमें कोई समस्या नहीं होती। हमारी संस्कृति और पहनावे का सम्मान किया जाता है।कश्मीर की आयत ने भी प्रतियोगिता की चुनौतीपूर्ण प्रकृति को स्वीकार किया और कहा”यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता हैऔर हम अच्छी सुविधाओं के लिए सरकार का धन्यवाद करते हैं। हमें यहां बहुत अच्छा लगाऔर स्वागत बहुत अच्छा हुआ।

    चैंपियनशिप का आयोजन

    यह चैंपियनशिप 4 जनवरी से 11 जनवरी तक चलेगी। उद्घाटन कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्चुअली किया जाएगा।

  • Under-19, ODI: कैप्टेंसी डेब्यू में वैभव सूर्यवंशी का फ्लाप शो… ये दो खिलाड़ी बने संकटमोचक

    Under-19, ODI: कैप्टेंसी डेब्यू में वैभव सूर्यवंशी का फ्लाप शो… ये दो खिलाड़ी बने संकटमोचक


    नई दिल्ली।
    इंडिया वर्सेस साउथ अफ्रीका (India vs South Africa) पहला अंडर-19 वनडे मैच (First Under-19 ODI match) बेनोनी के विलोमूर पार्क में खेला गया। यह वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) का बतौर भारतीय कप्तान पहला मैच था। इस मैच में उनका बल्ला तो नहीं चला, मगर इंद्रदेव की बदौलत टीम इंडिया 25 रनों (DLS) से इस मैच में जीत दर्ज करने में कामयाब रही। वैभव सूर्यवंशी जैसे विस्फोटक बल्लेबाज के फ्लोप शो के बावजूद भारत ने पहले बैटिंग करते हुए निर्धारित 50 ओवर में 300 रन बोर्ड पर लगाए, जिसके सामने साउथ अफ्रीका ने बारिश की खलल तक 27.4 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 148 रन बनाए। DLS मैथड के हिसाब से टीम इंडिया 25 रन आगे चल रही थी। मैच शुरू ना हो पाने की कंडीशन की वजह से अंपायरों को मुकाबले को वहीं समाप्त करना पड़ा, जिस वजह से टीम इंडिया ने यह मैच 25 रनों से अपने नाम किया।

    साउथ अफ्रीका ने पहले वनडे में टॉस जीतकर बॉलिंग करने का फैसला लिया था। नियमित कप्तान आयुष म्हात्रे के टीम में ना होने की वजह से वैभव सूर्यवंशी को वनडे टीम की कप्तानी सौंपी गई है। वैभव के साथ आरोन जोर्ज ने पारी का आगाज किया और दोनों भारतीय सलामी बल्लेबाज सस्ते में पवेलियन लौटे। आरोन ने 7 गेंदों पर 5 तो वैभव सूर्यवंशी ने 12 गेंदों पर 11 रन बनाए।

    एक समय ऐसा था जब भारत 15वें ओवर तक 67 के स्कोर पर 4 विकेट खो चुका था, तब हरवंश पंगालिया (93) और आरएस अंबरीश (65) ने 5वें विकेट के लिए 137 रनों की साझेदारी कर बड़े स्कोर की राह दिखाई। टीम इंडिया 50 ओवर में 300 के स्कोर पर सिमट गई।

    301 के टारगेट का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका की टीम की भी शुरुआत अच्छी नहीं रही। पहले 10 ओवर में टीम ने 62 के स्कोर पर 3 विकेट खो दिए थे। इसके बाद चौथे विकेट के लिए ओपनर जोरिच वान शाल्कविक (60*) और अरमान मनैक (46) के बीच 86 रनों की साझेदारी हुई। बारिश की वजह से मैच रुकने से पहले मनैक रन आउट हो गए, जिसका फायदा भारत को मिला। बारिश की वजह से मैच फिर शुरू नहीं हो पाया और भारत ने मुकाबले को 25 रनों (DLS) से अपने नाम किया। तीन मैच की इस सीरीज में भारत अब 1-0 से आगे है।

  • मुस्तफिजुर को IPL से बाहर करने पर गहराया विवाद… टी20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश उठा सकता है ये कदम

    मुस्तफिजुर को IPL से बाहर करने पर गहराया विवाद… टी20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश उठा सकता है ये कदम


    नई दिल्ली।
    कोलकाता नाइट राइडर्स (Kolkata Knight Riders) से बांग्लादेशी तेज गेंदबाज़ मुस्ताफिज़ुर रहमान (Mustafizur Rahman) को रिलीज किए जाने के बाद यह मामला अब सिर्फ आईपीएल (IPL) तक सीमित नहीं रहा. सूत्रों के मुताबिक, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (Bangladesh Cricket Board- BCB) ने संकेत दिए हैं कि अगर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (Board of Control for Cricket in India- BCCI) आधिकारिक तौर पर मुस्ताफिज़ुर को आईपीएल से बाहर किए जाने के कारणों की पुष्टि करता है, तो बांग्लादेश टी20 वर्ल्ड कप के कुछ मैचों के वेन्यू बदलने की मांग कर सकता है।


    मीटिंग में लिया गया फैसला

    सूत्रों के अनुसार, मुस्ताफिज़ुर के आईपीएल से बाहर होने के बाद BCB के वरिष्ठ अधिकारियों ने एक आपात बैठक की. इस बैठक में यह सवाल प्रमुखता से उठा कि जब भारत मुस्ताफिज़ुर रहमान जो आईपीएल में खेलने वाले बांग्लादेश के इकलौते खिलाड़ी थे उन्हें पर्याप्त सुरक्षा नहीं दे सका, तो फिर टी20 वर्ल्ड कप के दौरान पूरी बांग्लादेश टीम की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित की जाएगी।

    बैठक में इस बात पर भी चर्चा हुई कि बांग्लादेश की राष्ट्रीय टीम को एक महीने से भी कम समय में भारत में टी20 वर्ल्ड कप खेलना है. ऐसे में खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह की आशंका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. इसी वजह से BCB ने इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी बांग्लादेश की अंतरिम सरकार को भी दे दी है।


    असली वजह जानना चाहता है बांग्लादेश

    सूत्रों का कहना है कि BCB अब आधिकारिक तौर पर भारतीय क्रिकेट बोर्ड से यह स्पष्ट जवाब चाहता है कि मुस्ताफिज़ुर रहमान को आईपीएल से बाहर करने की असली वजह क्या थी. अगर यह कारण सुरक्षा या राजनीतिक दबाव से जुड़ा पाया गया, तो बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड और बांग्लादेश सरकार, दोनों मिलकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) में शिकायत दर्ज कर सकते हैं।

    आईसीसी के नियमों के मुताबिक, किसी भी देश को सुरक्षा कारणों के आधार पर वेन्यू बदलने की मांग करने के लिए उसके क्रिकेट बोर्ड और सरकार दोनों को औपचारिक शिकायत देनी होती है. इसके बाद आईसीसी हालात की समीक्षा कर फैसला लेता है।

    बता दें कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 की मेज़बानी भारत और श्रीलंका संयुक्त रूप से कर रहे हैं. टूर्नामेंट के कई अहम मुकाबले कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में प्रस्तावित हैं. यही वही मैदान है जिसने आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 के दौरान पाकिस्तान टीम की भी मेज़बानी की थी। हालांकि, सूत्रों का यह भी कहना है कि टी20 वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट का वेन्यू बदलना आईसीसी के लिए आसान नहीं होगा. इससे न सिर्फ मेज़बान देशों की तैयारियों पर असर पड़ेगा, बल्कि प्रसारण, टिकटिंग और लॉजिस्टिक्स से जुड़े कई बड़े फैसलों को दोबारा लेना पड़ेगा।

    फिलहाल, पूरा मामला इस बात पर टिका है कि BCCI मुस्ताफिज़ुर रहमान की आईपीएल से छुट्टी पर क्या आधिकारिक कारण बताता है. अगर यह मामला और तूल पकड़ता है, तो आने वाले दिनों में भारत-बांग्लादेश क्रिकेट संबंधों में भी तनाव देखने को मिल सकता है।

  • टीम इंडिया का बड़ा ऐलान: शुभमन गिल बने कप्तान, सिराज-श्रेयस की धमाकेदार वापसी, ऋतुराज बाहर!

    टीम इंडिया का बड़ा ऐलान: शुभमन गिल बने कप्तान, सिराज-श्रेयस की धमाकेदार वापसी, ऋतुराज बाहर!


    नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम की नए साल में पहली बड़ी चुनौती न्यूजीलैंड के खिलाफ होने जा रही है। 11 जनवरी से शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए बीसीसीआई ने शनिवार को टीम इंडिया का ऐलान कर दिया है। इस सीरीज में एक बार फिर रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दिग्गज खिलाड़ी भारतीय जर्सी में नजर आएंगे, जबकि तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और उप-कप्तान श्रेयस अय्यर की टीम में वापसी हुई है। वहीं शानदार फॉर्म में होने के बावजूद ऋतुराज गायकवाड़ को वनडे टीम से बाहर रखा गया है, जो चयनकर्ताओं के फैसले पर सवाल खड़े कर रहा है।

    न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज की कमान युवा बल्लेबाज शुभमन गिल को सौंपी गई है। शुभमन साउथ अफ्रीका के खिलाफ पिछली वनडे सीरीज में चोट के कारण नहीं खेल पाए थे, उस दौरान केएल राहुल ने कप्तानी संभाली थी और भारत ने वह सीरीज 2-1 से जीती थी।

    अब शुभमन पूरी तरह फिट होकर कप्तान के रूप में वापसी कर रहे हैं, जिससे टीम को स्थिरता मिलने की उम्मीद है।

    टीम चयन में सबसे बड़ी राहत मोहम्मद सिराज की वापसी को माना जा रहा है। सिराज के आने से भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण और मजबूत हुआ है। वहीं श्रेयस अय्यर को उप-कप्तान बनाया गया है, हालांकि उनका खेलना फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर करेगा। श्रेयस ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान चोटिल हो गए थे और तभी से प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से दूर हैं।

    चयनकर्ताओं ने साफ किया है कि मेडिकल टीम से हरी झंडी मिलने के बाद ही वे प्लेइंग इलेवन का हिस्सा बनेंगे।

    हालांकि अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को एक बार फिर टीम में जगह नहीं मिल पाई है। शमी आखिरी बार आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भारत के लिए खेले थे, जहां टीम इंडिया ने फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर खिताब जीता था। इसके अलावा घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन कर रहे देवदत्त पडिक्कल और ईशान किशन को भी वनडे स्क्वॉड में शामिल नहीं किया गया है। विकेटकीपर के तौर पर ऋषभ पंत और केएल राहुल पर चयनकर्ताओं ने भरोसा जताया है।

    टीम चयन का सबसे चौंकाने वाला फैसला ऋतुराज गायकवाड़ को बाहर करना रहा।

    ऋतुराज साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में शतक लगा चुके हैं, इसके बावजूद उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया। उनके साथ ध्रुव जुरेल और तिलक वर्मा को भी बाहर का रास्ता दिखाया गया है। यह फैसला फैंस और क्रिकेट विशेषज्ञों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।

    न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान*), वॉशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह और यशस्वी जायसवाल को शामिल किया गया है।

    भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 11 जनवरी को वडोदरा में खेला जाएगा, दूसरा वनडे 14 जनवरी को राजकोट में और तीसरा वनडे 18 जनवरी को इंदौर में होगा। इसके बाद दोनों टीमों के बीच 21 जनवरी से पांच मैचों की टी20 सीरीज भी खेली जाएगी। न्यूजीलैंड के खिलाफ यह दौरा टीम इंडिया के लिए साल 2026 की शुरुआत में खुद को परखने का बड़ा मौका माना जा रहा है।

  • सचिन की तरह बैटिंग करते है अर्जुन तेंदुलकर, योगराज सिंह का बड़ा दावा

    सचिन की तरह बैटिंग करते है अर्जुन तेंदुलकर, योगराज सिंह का बड़ा दावा


    मुंबई। भारत के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर युवराज सिंह के पिता योगराज सिंह ने अर्जुन तेंदुलकर की बल्लेबाजी की तारीफ करते हुए एक बड़ा दावा किया है। योगराज ने कहा कि उन्होंने मुंबई इंडियंस (एमआई) को अर्जुन से ओपनिंग कराने की सलाह दी थी, जिसे फ्रेंचाइजी ने ठुकरा दिया। वह 26 वर्षीय बॉलिंग ऑलराउंडर को ट्रेनिंग दे चुके हैं। महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन पांच साल तक एमआई का हिस्सा रहे लेकिन सिर्फ पांच आईपीएल मैच ही खेल सके। उन्हें मुंबई ने 2021 की आईपीएल नीलामी में खरीदा था।
    एमआई ने आईपीएल 2026 से पहले अर्जुन को लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) को ट्रेड कर दिया। योगराज ने अर्जुन की सचिन से तुलना कर डाली है।

    योगराज ने रवीश बिष्ट के यूट्यूब चैनल पर कहा, “आप उसकी बॉलिंग पर ध्यान दे रहे हैं। मुझे नहीं पता कि कोच को क्या दिक्कत है। वह असल में एक बल्लेबाज है। जब वह कैंप के लिए मेरी एकेडमी आया तो मुझे उसका ध्यान रखने के लिए कहा गया। एक दिन उसे बॉल लग गई और मैं उसे डॉक्टर के पास ले गया। उसके बाद वह ठीक हो गया। जब एक बार मैंने पैड पहनने के लिए कहा तो उसने बताया कि उसे बैटिंग का मौका नहीं मिलता।।”

    बता दें कि अर्जुन ने दिसंबर 2022 में अपने रणजी ट्रॉफी डेब्यू पर गोवा के लिए सेंचुरी लगाई थी और पिता सचिन की उपलब्धि की बराबरी की। सचिन ने भी 1988 में अपने रणजी ट्रॉफी डेब्यू पर सेंचुरी जमाई थी। उन्होंने गुजरात के खिलाफ शतक बनाया था।

    उन्होंने आगे कहा, “मैंने अर्जुन से कहा कि मैंने तुम्हें कभी बैटिंग करते नहीं देखा। हम नेट्स पर गए। उसने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। फौरन चौके-छक्के लगाना शुरू कर दिए। मैंने उसके कोच से पूछा, ‘आप उसे बैटिंग करने का ज्यादा मौका क्यों नहीं देते?’ लेकिन वह बहाने बना रहे थे। वह शानदार बल्लेबाज है और अपने पिता की तरह खेलता है। अर्जुन ने एक हफ्ते तक मेरी एकेडमी में बैटिंग की और कुछ दिनों बाद रणजी ट्रॉफी में शतक बनाया। जब अर्जुन मुंबई इंडियंस के लिए खेल रहा था, तब भी मैंने मैनेजमेंट को उससे कुछ मैचों में ओपनिंग कराने की सलाह दी थी लेकिन उन्होंने नहीं सुना।” अर्जुन ने 2023 में एमआई की ओर से आईपीएल डेब्यू किया और पूरे सीजन में चार मैच खेले। उन्हें आईपीएल 2024 में सिर्फ एक मैच खेलने का मौका मिला था।