Category: Sports

  • टी20 वर्ल्ड कप 2026: अभिषेक शर्मा ने दी हेल्थ अपडेट, पाकिस्तान मुकाबले से पहले फैंस में उत्सुकता

    टी20 वर्ल्ड कप 2026: अभिषेक शर्मा ने दी हेल्थ अपडेट, पाकिस्तान मुकाबले से पहले फैंस में उत्सुकता

    नई दिल्ली। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया के युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की सेहत ने फैंस और टीम प्रबंधन की चिंता बढ़ा दी है। दिल्ली पहुँचने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें पेट में इन्फेक्शन हुआ, जिसकी वजह से वह नामीबिया के खिलाफ मैच में नहीं खेल पाए। हालांकि वह टीम के साथ मौजूद थे और मैच की तैयारियों में हिस्सा लेते रहे।

    दिल्ली में हेड कोच गौतम गंभीर के घर आयोजित एक पार्टी में भी अभिषेक शामिल हुए थे, लेकिन वहां ही उन्हें महसूस हुआ कि उनकी तबीयत ठीक नहीं है। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। 11 फरवरी को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद अभिषेक ने टीम के साथ अभ्यास शुरू किया।

    हाल ही में अभिषेक शर्मा ने खुद फैंस को अपनी हेल्थ अपडेट दी। एक वायरल वीडियो में अर्शदीप सिंह उनसे उनकी सेहत के बारे में पूछते हैं। इस पर अभिषेक ने कहा कि उनकी सेहत अब ठीक है, लेकिन उनका वजन थोड़ा कम हो गया है। अर्शदीप के सवाल आप पतले हो गए हो? पर उन्होंने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, हाँ, सब ठीक है, लेकिन मेरा कुछ वजन घट गया।

    अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में अभिषेक खेल पाएंगे या नहीं। फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है। कप्तान सूर्या ने हाल ही में बयान दिया कि अभिषेक अभी पूरी तरह फिट नहीं हैं। टीम प्रबंधन और बीसीसीआई उनकी वापसी को लेकर कोई जल्दबाजी नहीं कर रहे हैं और स्वास्थ्य को प्राथमिकता दे रहे हैं।

    याद दिला दें कि अभिषेक शर्मा पहले ही यूएसए के खिलाफ मैच में बीमार थे और अपनी पहली ही गेंद पर आउट हो गए थे। इसके बावजूद दिल्ली में उन्हें अभ्यास करते हुए देखा गया, जो यह दर्शाता है कि वह वापसी के लिए पूरी मेहनत कर रहे हैं।

  • वरुण की रहस्यमयी गेंदबाजी, ईशान-हार्दिक का तूफान; विश्व कप में भारत की सबसे बड़ी जीत

    वरुण की रहस्यमयी गेंदबाजी, ईशान-हार्दिक का तूफान; विश्व कप में भारत की सबसे बड़ी जीत



    नई दिल्ली। टी20 विश्व कप 2026: भारतीय क्रिकेट टीम ने दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में इतिहास रचते हुए नामीबिया राष्ट्रीय क्रिकेट टीम को 93 रनों से करारी शिकस्त दी। ICC Men’s T20 World Cup 2026 के ग्रुप-ए मुकाबले में मिली यह जीत टी20 विश्व कप इतिहास में रनों के लिहाज से भारत की सबसे बड़ी जीत साबित हुई। इससे पहले 2012 में भारत ने इंग्लैंड क्रिकेट टीम को 90 रनों से हराया था। मौजूदा चैम्पियन भारत की टूर्नामेंट में यह लगातार दूसरी जीत है।

    टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 9 विकेट पर 209 रन बनाए। शुरुआत में संजू सैमसन ने 8 गेंदों पर 22 रन की तेज पारी खेली। इसके बाद ईशान किशन ने आक्रामक अंदाज अपनाते हुए सिर्फ 20 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और 24 गेंदों पर 61 रन (6 चौके, 5 छक्के) ठोक दिए। एक ओवर में लगातार चार छक्के लगाकर उन्होंने मुकाबले का रुख पूरी तरह भारत की ओर मोड़ दिया। तिलक वर्मा (25) और कप्तान सूर्यकुमार यादव (12) बड़ी पारी नहीं खेल सके, लेकिन हार्दिक पंड्या ने जिम्मेदारी संभालते हुए 28 गेंदों पर 52 रन बनाए। शिवम दुबे (23) के साथ उनकी 81 रनों की साझेदारी ने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। हालांकि आखिरी दो ओवरों में भारत ने 5 विकेट गंवाए और सिर्फ 10 रन जोड़े, फिर भी स्कोर 200 के पार पहुंच चुका था।

    210 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए नामीबिया की शुरुआत खराब रही। जान फ्राइलिंक 22 रन बनाकर आउट हुए। लॉरेन स्टीनकैंप (29) और जान निकोल लॉफ्टी-ईटन (13) ने कुछ संघर्ष जरूर किया, लेकिन वरुण चक्रवर्ती ने अपनी रहस्यमयी गेंदबाजी से मैच की दिशा बदल दी। उन्होंने 2 ओवर में केवल 7 रन देकर 3 विकेट झटके। एक ही ओवर में दो बल्लेबाजों को पवेलियन भेजकर उन्होंने विपक्ष की कमर तोड़ दी। अक्षर पटेल और हार्दिक पंड्या ने दो-दो विकेट लिए, जबकि जसप्रीत बुमराह और शिवम दुबे को भी एक-एक सफलता मिली। पूरी नामीबियाई टीम 16.2 ओवर में 116 रन पर सिमट गई। हार्दिक पंड्या को उनके हरफनमौला प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।

    इस मुकाबले में भारत ने अपनी अंतिम एकादश में दो बदलाव किए। जसप्रीत बुमराह की वापसी हुई, जबकि मोहम्मद सिराज की जगह उन्हें शामिल किया गया। संजू सैमसन को सलामी बल्लेबाज के रूप में मौका मिला। टीम का संतुलन बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में मजबूत दिखाई दिया।

    गौरतलब है कि भारत और नामीबिया के बीच इससे पहले केवल एक टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला ICC Men’s T20 World Cup 2021 में दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम पर खेला गया था, जिसमें भारत ने 9 विकेट से जीत दर्ज की थी। 2026 में भी भारतीय टीम ने उसी दबदबे को कायम रखते हुए खिताब बचाने की अपनी दावेदारी मजबूत कर दी है।

  • वर्ल्ड कप सिर्फ खेलना नहीं, ट्रॉफी भी जीतना है"; रोहित शर्मा ने अपने इस बयान से कर दिया काफी कुछ साफ

    वर्ल्ड कप सिर्फ खेलना नहीं, ट्रॉफी भी जीतना है"; रोहित शर्मा ने अपने इस बयान से कर दिया काफी कुछ साफ


    नई दिल्ली । भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में खेले जा रहे टी20 वर्ल्ड कप 2026 पर अभी सभी का ध्यान है, तो वहीं साल 2027 में वनडे वर्ल्ड कप खेला जाना है जिसको लेकर भी इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाली टीमों ने अपनी तैयारियों को शुरू कर दिया है। रोहित शर्मा जिनकी कप्तानी में भारतीय टीम ने साल 2024 के टी20 वर्ल्ड कप और उसके बाद साल 2025 की शुरुआत में खेली आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी को अपने नाम किया था, अब उनका सपना देश के लिए वनडे वर्ल्ड कप की ट्रॉफी को जीतना है। रोहित जो अब बतौर प्लेयर खेल रहे हैं, उनके इंटरनेशनल क्रिकेट के 2 फॉर्मेट से रिटायरमेंट लेने के बाद से वनडे से भी संन्यास लेने की अटकलें लेकर लगातार देखने को मिलती रहती हैं, जिसमें अब हिटमैन रोहित ने दिए अपने एक बयान से सबकुछ साफ कर दिया है।

    मैं जरूर अपने देश के लिए वर्ल्ड कप जीतना चाहता हूं

    रोहित शर्मा जो टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ब्रांड एंबेसडर हैं उन्होंने आईसीसी के इवेंट में वनडे वर्ल्ड कप को लेकर सवाल पूछे जाने पर खुलकर अपनी बात रखी। रोहित शर्मा ने कहा कि मैं जरूर अपने देश के लिए वर्ल्ड कप जीतना चाहता हूं। यह मेरा हमेशा से सपना रहा है। मैं 50 ओवर का वर्ल्ड कप देखते हुए बड़ा हुआ हूं और उस समय ना ही टी20 वर्ल्ड कप होता था और ना ही आईपीएल। यह उस दौर में क्रिकेट का सबसे बड़ा इवेंट था जो हर चार साल में होता था और हम सभी इसका बेसब्री से इंतजार भी करते थे। इसलिए उस एक ट्रॉफी की बहुत अहमियत थी और उसे जीतने की बेचैनी भी। ये बात सही है कि मुझे सच में वह ट्रॉफी चाहिए, इसलिए मैं अपनी तरफ से उसे जीतने की पूरी कोशिश करूंगा।
  • कौन है फोटो वाला, आ जाओ… 1100 करोड़ के मालिक विराट कोहली ने खुद बुलाकर फैंस संग खिंचवाई तस्वीर, वीडियो हुआ वायरल

    कौन है फोटो वाला, आ जाओ… 1100 करोड़ के मालिक विराट कोहली ने खुद बुलाकर फैंस संग खिंचवाई तस्वीर, वीडियो हुआ वायरल


    नई दिल्ली । भारतीय क्रिकेट के सुपरस्टार विराट कोहली एक बार फिर अपने खेल से नहीं बल्कि अपने व्यवहार से सुर्खियों में हैं। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें कोहली एयरपोर्ट पर फैंस को खुद बुलाकर उनके साथ फोटो खिंचवाते नजर आ रहे हैं। करोड़ों की नेटवर्थ और वैश्विक पहचान के बावजूद उनका यह सादा और अपनापन भरा अंदाज लोगों का दिल जीत रहा है।

    भारतीय टीम इन दिनों 2026 टी20 वर्ल्ड कप में व्यस्त है। हालांकि कोहली 2024 टी20 वर्ल्ड कप के बाद इस फॉर्मेट से संन्यास ले चुके हैं और फिलहाल केवल वनडे क्रिकेट में ही भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इसी बीच उन्हें एयरपोर्ट पर स्पॉट किया गया जहां उनका एक खास अंदाज कैमरे में कैद हो गया।

    वीडियो में दिखता है कि एयरपोर्ट से बाहर निकलते वक्त कोहली अपना बैग स्टाफ को पकड़ाते हैं और फिर आसपास खड़े फैंस की ओर देखते हुए मुस्कुराकर कहते हैं कौन है फोटो वाला आ जाओ इसके बाद वे कहते हैं आराम से-आराम से और फैन को पास बुलाकर तस्वीर खिंचवाते हैं। आमतौर पर बड़े सितारे सुरक्षा घेरे में रहते हैं और फैंस से दूरी बनाए रखते हैं लेकिन कोहली का यह व्यवहार उनकी विनम्रता और जमीन से जुड़े व्यक्तित्व को दर्शाता है।

    कथित तौर पर लगभग 1100 करोड़ रुपये की नेटवर्थ रखने वाले विराट कोहली का इस तरह फैंस को खुद बुलाकर फोटो क्लिक करवाना सोशल मीडिया यूजर्स को बेहद पसंद आ रहा है। वीडियो पर हजारों लाइक्स और कमेंट्स आ चुके हैं। कई यूजर्स ने उन्हें डाउन टू अर्थ और रियल किंग बताया है।

    अगर उनके हालिया प्रदर्शन की बात करें तो साल की शुरुआत में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में कोहली का बल्ला जमकर बोला था। तीन मैचों की सीरीज में उन्होंने 93 23 और 124 रन की पारियां खेलीं। इससे पहले उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी में दिल्ली के लिए भी दो मुकाबले खेले थे।

    वर्तमान में कोहली भारत के लिए सिर्फ वनडे फॉर्मेट में उपलब्ध हैं। उनके शानदार करियर पर नजर डालें तो अब तक वह 311 वनडे मैच खेल चुके हैं। 299 पारियों में उन्होंने 14 797 रन बनाए हैं जिसमें 54 शतक और 77 अर्धशतक शामिल हैं। यह आंकड़े उन्हें आधुनिक क्रिकेट के महान बल्लेबाजों की श्रेणी में खड़ा करते हैं।

    क्रिकेट के मैदान पर आक्रामक अंदाज और मैदान के बाहर विनम्र व्यवहार यही विराट कोहली की असली पहचान है। वायरल हो रहा यह वीडियो एक बार फिर साबित करता है कि असली किंग वही होता है जो ऊंचाइयों पर पहुंचकर भी जमीन से जुड़ा रहे।

  • T20 World Cup: बुमराह की 'घातक' यॉर्कर से सहमा भारतीय खेमा, ईशान किशन चोटिल; क्या संजू सैमसन की होगी सरप्राइज एंट्री?

    T20 World Cup: बुमराह की 'घातक' यॉर्कर से सहमा भारतीय खेमा, ईशान किशन चोटिल; क्या संजू सैमसन की होगी सरप्राइज एंट्री?


    नई दिल्ली के ऐतिहासिक अरुण जेटली स्टेडियम में टी20 विश्व कप 2026 की तैयारियों के बीच उस समय भारतीय खेमे की धड़कनें तेज हो गईं जब नेट अभ्यास के दौरान एक अनहोनी घट गई। नामीबिया के खिलाफ होने वाले दूसरे लीग मैच की पूर्व संध्या पर जब शाम करीब छह बजे खिलाड़ी मैदान पर उतरे तो माहौल काफी उत्साहजनक था। मैच सिमुलेशन के तहत टॉप ऑर्डर बल्लेबाज आक्रामक रुख अपना रहे थे और ईशान किशन अपनी शानदार लय में नजर आ रहे थे। तभी जसप्रीत बुमराह की एक लेजर गाइडेड मिसाइल जैसी सटीक यॉर्कर सीधे ईशान के बाएं पैर पर जा लगी। गेंद की रफ्तार और प्रहार इतना तीखा था कि ईशान तुरंत बल्ला छोड़कर दर्द से कराहते हुए जमीन पर बैठ गए।

    ईशान किशन की इस स्थिति को देख टीम मैनेजमेंट और साथी खिलाड़ियों के चेहरे पर चिंता की लकीरें उभर आईं। टीम के फिजियो ने बिना देरी किए मैदान पर पहुंचकर प्राथमिक उपचार शुरू किया। हालांकि कुछ देर के तनावपूर्ण माहौल के बाद राहत तब मिली जब ईशान अपने पैरों पर खड़े हुए और हल्की बल्लेबाजी करने के बाद मैदान से बाहर गए। यद्यपि उनकी चोट की गंभीरता पर अभी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है लेकिन विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में सलामी बल्लेबाज का चोटिल होना टीम इंडिया के लिए खतरे की घंटी है विशेषकर तब जब टीम का ओपनिंग कॉम्बिनेशन पहले से ही अस्थिर नजर आ रहा है।

    दूसरी ओर टीम के मुख्य तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का फॉर्म में लौटना भारत के लिए सबसे बड़ी राहत की खबर है। अमेरिका के खिलाफ बीमारी के कारण पहला मैच न खेल पाने वाले बुमराह ने नेट्स में लगातार दूसरे दिन अपनी धारदार गेंदबाजी का नमूना पेश किया। नामीबिया के खिलाफ उनकी वापसी लगभग तय है जो 15 फरवरी को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले महा-मुकाबले से पहले टीम इंडिया के लिए एक बूस्टर डोज की तरह है। बुमराह न केवल गेंदबाजी बल्कि कैचिंग ड्रिल में भी पूरी तरह फिट और मुस्तैद दिखाई दिए।

    टीम के भीतर इस समय प्लेइंग इलेवन को लेकर भी काफी जद्दोजहद चल रही है। युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा पेट में संक्रमण के कारण अस्पताल से डिस्चार्ज होकर लौटे हैं, लेकिन उनकी कमजोरी को देखते हुए नामीबिया के खिलाफ उनका खेलना संदिग्ध है। इसी संकट के बीच संजू सैमसन की किस्मत चमकती दिखाई दे रही है। संजू ने लगातार दूसरे दिन सबसे पहले नेट्स पर पहुंचकर लंबा अभ्यास सत्र बिताया और स्पिन व तेज गेंदबाजों के खिलाफ बड़े शॉट्स खेलकर अपनी दावेदारी मजबूत कर दी है। खराब फॉर्म के कारण हाशिए पर चल रहे संजू के लिए यह वापसी का सुनहरा अवसर साबित हो सकता है।

    अभ्यास सत्र के अंत में कप्तान सूर्यकुमार यादव, कुलदीप यादव और रिंकू सिंह ने डीडीसीए अधिकारियों के साथ समय बिताकर माहौल को थोड़ा हल्का किया। अब सबकी निगाहें शाम सात बजे शुरू होने वाले भारत बनाम नामीबिया मुकाबले पर हैं। नीदरलैंड से हारकर आ रही नामीबिया के खिलाफ भारत जीत की लय बरकरार रखना चाहेगा, ताकि सुपर-8 की राह आसान हो सके। हालांकि, मैच की शुरुआत से पहले टीम इंडिया की प्राथमिकता ईशान किशन की फिटनेस रिपोर्ट और संजू सैमसन की संभावित वापसी पर टिकी होगी।

  • उस्मान तारिक के स्टॉप एंड पॉज एक्शन पर संग्राम, अश्विन का समर्थन, आकाश चोपड़ा ने उठाए तकनीकी सवाल

    उस्मान तारिक के स्टॉप एंड पॉज एक्शन पर संग्राम, अश्विन का समर्थन, आकाश चोपड़ा ने उठाए तकनीकी सवाल


    नई दिल्ली । पाकिस्तान के ऑफ स्पिनर उस्मान तारिक इन दिनों अपने अनोखे स्टॉप एंड पॉज और साइड-आर्म बॉलिंग एक्शन को लेकर क्रिकेट जगत में बहस के केंद्र में हैं। कोलंबो में होने वाले भारत-पाकिस्तान मुकाबले से पहले उनके एक्शन पर चर्चा तेज हो गई है। जहां इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन ने उनके गेंद डालते समय रुकने की शैली को संदिग्ध बताया वहीं भारत के दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने खुलकर तारिक का समर्थन किया है और इसे नियमों के दायरे में बताया है।

    तारिक ने अभी तक केवल चार टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं लेकिन 11 विकेट लेकर उन्होंने अपनी उपयोगिता साबित कर दी है। प्रोफेशनल टी20 करियर में 42 मैचों में 70 विकेट उनके प्रभाव का प्रमाण हैं। खासकर धीमी पिचों पर उनका अंदाज बल्लेबाजों को असहज कर देता है। अमेरिका के बल्लेबाज मिलिंद कुमार जैसे खिलाड़ी भी उनकी गेंदों के खिलाफ संघर्ष करते नजर आए। कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम की धीमी सतह पर वे आक्रामक भारतीय बल्लेबाजों के लिए चुनौती बन सकते हैं।

    तारिक के गेंद डालने से पहले हल्का रुकने या पॉज लेने की आदत ने विवाद को जन्म दिया है। केविन पीटरसन ने इसे अवैध करार देने की बात कही लेकिन अश्विन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर स्पष्ट किया कि किसी भी गेंदबाज के एक्शन की वैधता का फैसला केवल आईसीसी के बॉलिंग एक्शन टेस्टिंग सेंटर में ही हो सकता है। अश्विन ने 15 डिग्री नियम का जिक्र करते हुए कहा कि गेंदबाज अपनी कोहनी को निर्धारित सीमा से अधिक सीधा नहीं कर सकता लेकिन मैदान पर खड़े अंपायर के लिए इसे सटीक रूप से आंक पाना लगभग असंभव है। उनके मुताबिक यह एक ग्रे एरिया है और जब तक वैज्ञानिक परीक्षण में एक्शन गलत साबित न हो तब तक किसी पर आरोप लगाना ठीक नहीं।

    अश्विन ने यह भी कहा कि अगर क्रीज पर रुकना किसी गेंदबाज की नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है तो वह पूरी तरह वैध है। बल्लेबाज के ट्रिगर मूवमेंट का इंतजार करना या लय में बदलाव करना रणनीति का हिस्सा हो सकता है इसे नियमों का उल्लंघन नहीं माना जाना चाहिए। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व टीम प्रदर्शन विश्लेषक प्रसन्ना अघोरम ने भी तारिक का बचाव किया है। उन्होंने कहा कि तकनीकी रूप से तारिक चकिंग नहीं कर रहे हैं और उनके एक्शन को पहले भी दो बार हरी झंडी मिल चुकी है। उनका मानना है कि अगर दोबारा जांच भी हुई तो एक्शन सही ही पाया जाएगा।

    हालांकि भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने एक दिलचस्प तकनीकी सवाल उठाया है। उन्होंने पॉज को गलत नहीं बताया लेकिन पूछा कि यदि रन-अप से खास मोमेंटम नहीं बन रहा तो बिना हाथ मोड़े कुछ गेंदों पर 20-25 किमी प्रति घंटे की अतिरिक्त रफ्तार कैसे पैदा हो रही है? उनका सवाल नियमों से ज्यादा तकनीकी विश्लेषण पर केंद्रित है।पूर्व अंतरराष्ट्रीय अंपायर अनिल चौधरी ने भी स्पष्ट किया कि तारिक का एक्शन अलग जरूर है लेकिन अवैध नहीं।

    उनके अनुसार चूंकि वह हर गेंद लगभग एक ही तरीके से डालते हैं और बांह में कोई संदिग्ध सीधापन नहीं दिखता इसलिए इसे नियमों के खिलाफ नहीं कहा जा सकता।कुल मिलाकर उस्मान तारिक का अनोखा एक्शन क्रिकेट जगत में चर्चा जरूर छेड़ रहा है लेकिन फिलहाल विशेषज्ञों की राय उन्हें नियमों के दायरे में ही रखती है। अब सबकी निगाहें मैदान पर उनके प्रदर्शन पर टिकी होंगी जो इस बहस को नई दिशा दे सकता है।

  • भारत की धरती पर राशिद खान का 50 धमाका, टी-20I में बनाया अनोखा वर्ल्ड रिकॉर्ड

    भारत की धरती पर राशिद खान का 50 धमाका, टी-20I में बनाया अनोखा वर्ल्ड रिकॉर्ड


    नई दिल्ली । अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान ने भारतीय सरजमीं पर एक ऐसा इतिहास रच दिया है, जो अब तक दुनिया का कोई भी गेंदबाज नहीं कर सका था। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले में दो विकेट झटकते ही राशिद खान भारत में टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 50 विकेट पूरे करने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बन गए। जैसे ही उन्होंने मैच में अपना दूसरा शिकार किया, यह खास उपलब्धि उनके नाम दर्ज हो गई और वे इस फॉर्मेट में भारतीय धरती पर सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बनकर उभरे।

    राशिद खान ने भारत में अब तक 24 टी-20I पारियां खेली हैं और इन मुकाबलों में उन्होंने 50 विकेट हासिल किए हैं। यह आंकड़ा सिर्फ संख्या के लिहाज से ही नहीं, बल्कि उनकी निरंतरता और प्रभावशीलता को भी दर्शाता है। उनकी इकोनॉमी रेट और औसत दोनों ही बेहद प्रभावशाली रहे हैं, जो यह साबित करते हैं कि वे सिर्फ विकेट लेने वाले गेंदबाज नहीं, बल्कि रन रोकने में भी माहिर हैं। भारतीय पिचों पर उनकी तेज रफ्तार लेग स्पिन और सटीक गुगली बल्लेबाजों के लिए लगातार पहेली बनी हुई है।

    इस सूची में दूसरे स्थान पर भारतीय स्पिनर युजवेंद्र चहल हैं, जिन्होंने 38 पारियों में 49 विकेट हासिल किए हैं। अक्षर पटेल 48 विकेट के साथ तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 37 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की। अर्शदीप सिंह 27 पारियों में 43 विकेट लेकर चौथे स्थान पर हैं, जबकि हार्दिक पांड्या ने 53 पारियों में 38 विकेट झटके हैं।

    जसप्रीत बुमराह के नाम 35 पारियों में 36 विकेट दर्ज हैं और भुवनेश्वर कुमार ने 33 पारियों में 34 विकेट लिए हैं। वरुण चक्रवर्ती ने मात्र 16 पारियों में 33 विकेट लेकर अपनी प्रभावशीलता दिखाई है। कुलदीप यादव ने 19 पारियों में 27 विकेट और रवि बिश्नोई ने 20 पारियों में 26 विकेट हासिल किए हैं।

    इन सभी भारतीय गेंदबाजों के बीच राशिद खान का शीर्ष पर पहुंचना उनके असाधारण कौशल और भारतीय परिस्थितियों की गहरी समझ को दर्शाता है। आंकड़े साफ बताते हैं कि भारतीय सरजमीं उन्हें खास तौर पर रास आती है। स्पिन के अनुकूल परिस्थितियों में उनकी गेंदबाजी और भी खतरनाक हो जाती है। वे बल्लेबाजों को न तो खुलकर खेलने का मौका देते हैं और न ही आसानी से रन बनाने देते हैं।

    राशिद खान लंबे समय से आईपीएल में खेलते आ रहे हैं, जिससे उन्हें भारतीय पिचों और हालात की गहरी समझ है। यही अनुभव अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में भी उनके काम आता है। यही कारण है कि वे भारतीय गेंदबाजों को पीछे छोड़ते हुए इस खास सूची में सबसे ऊपर पहुंच गए हैं।

    भारत की धरती पर 50 टी-20I विकेट का आंकड़ा छूना किसी भी गेंदबाज के लिए बड़ी उपलब्धि है, लेकिन राशिद ने इसे महज 24 पारियों में हासिल कर इस रिकॉर्ड को और भी खास बना दिया है। मौजूदा फॉर्म और निरंतरता को देखते हुए कहा जा सकता है कि वे आने वाले समय में इस रिकॉर्ड को और आगे ले जाएंगे।

  • T20 वर्ल्ड कप 2026: अफगानिस्तान, आयरलैंड और यूएसए की सुपर 8 की उम्मीदें घटीं, जानें भारत की स्थिति

    T20 वर्ल्ड कप 2026: अफगानिस्तान, आयरलैंड और यूएसए की सुपर 8 की उम्मीदें घटीं, जानें भारत की स्थिति


    नई दिल्ली। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर 8 की दौड़ अब कुछ टीमों के लिए मुश्किल होती जा रही है। पिछली बार की सेमीफाइनलिस्ट अफगानिस्तान अपने पहले दो मैचों में न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका से हार चुकी है, जिससे उसका सुपर 8 में पहुंचना मुश्किल लग रहा है।

    अफगानिस्तान के साथ-साथ आयरलैंड और यूएसए भी लीग फेज में 2-2 हार के साथ मुश्किल में हैं। आधिकारिक तौर पर अभी कोई टीम बाहर नहीं हुई है, लेकिन इन तीनों टीमों के लिए सुपर 8 की राह लगभग बंद होती नजर आ रही है। कारण यह है कि ग्रुप में आगे बढ़ने के लिए कम से कम 3 जीत जरूरी हैं। अफगानिस्तान के लिए बुधवार का मुकाबला साउथ अफ्रीका से “करो या मरो” था, जो डबल सुपर ओवर तक गया लेकिन टीम हार गई।

    ग्रुप A में पाकिस्तान शानदार शुरुआत कर रहा है और अपने पहले दो मैच जीतकर 4 अंकों के साथ टॉप पर है। भारत दूसरे स्थान पर है, जिसने अपने पहले मैच में यूएसए को हराया। नीदरलैंड तीसरे नंबर पर है, जिसने 2 में से एक मैच जीत रखा है, जबकि नामीबिया एक मैच हार चुकी है। इस ग्रुप में यूएसए का हाल सबसे खराब है, जिसने अपने पहले दो मुकाबले गंवा दिए हैं।

    ग्रुप B में ऑस्ट्रेलिया नंबर एक की पोजिशन पर है, जिसने अपने पहले मैच में आयरलैंड को हराकर दम दिखाया। जिम्बाब्वे दूसरे स्थान पर है, जिसने ओमान को हराया, जबकि श्रीलंका तीसरे नंबर पर है, जिसने आयरलैंड को मात दी। ग्रुप में आयरलैंड दो मैच हारकर चौथे नंबर पर खिसक गया है और ओमान ने अब तक खेला गया एक मैच गंवाया है।

    ग्रुप C में वेस्टइंडीज ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है और दोनों मैच जीतकर 4 अंकों के साथ ग्रुप में टॉप पर है। स्कॉटलैंड और इंग्लैंड दोनों ने अपने दो मैचों में से एक-एक मैच जीता है और क्रमशः दूसरे और तीसरे नंबर पर हैं। नेपाल और इटली का ग्रुप में प्रदर्शन कमजोर रहा है; नेपाल एक मैच हार चुका है और इटली ने भी खेला गया एक मैच गंवा दिया है।

    ग्रुप D में न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका दोनों ने अपने पहले दो मैच जीतकर क्रमशः टॉप और दूसरे नंबर पर जगह बनाई है। अफगानिस्तान दो मैच हारकर तीसरे नंबर पर खिसक गया है, जबकि UAE ने खेला गया एक मैच गंवाया है और कनाडा भी अपने पहले मैच में हार का सामना कर चुकी है। इस ग्रुप में टॉप 2 टीमें ही सुपर 8 में जाएंगी।

  • T20 World Cup : डबल सुपर ओवर में दक्षिण अफ्रीका की रोमांचक जीत, गुरबाज की पारी पर फिरा पानी

    T20 World Cup : डबल सुपर ओवर में दक्षिण अफ्रीका की रोमांचक जीत, गुरबाज की पारी पर फिरा पानी


    अहमदाबाद।
    आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 (ICC Men’s T20 World Cup 2026) के 13वें मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका (South Africa) ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में अफगानिस्तान (Afghanistan) को डबल सुपर ओवर (Double Super Over) के रोमांचक मुकाबले में हराकर ‘ग्रुप ऑफ डेथ’ से बाहर होने से खुद को बचा लिया। दोनों टीमों ने निर्धारित 20 ओवर में 187-187 रन बनाए, जिसके बाद मैच सुपर ओवर में गया और फिर दूसरा सुपर ओवर खेला गया।


    मैच का रोमांच

    अफगानिस्तान को आखिरी ओवर में 13 रन की जरूरत थी और एक विकेट शेष था। कागिसो रबाडा ने दबाव में दो नो-बॉल फेंकी, जिससे मुकाबला बराबरी पर पहुंच गया। रन लेने में हुई एक गलती के कारण मैच टाई हो गया और सुपर ओवर की नौबत आई। पहले सुपर ओवर में अफगानिस्तान ने लुंगी एनगिडी के खिलाफ 17 रन बनाए। जवाब में ट्रिस्टन स्टब्स ने आखिरी गेंद पर छक्का जड़कर मैच को दूसरे सुपर ओवर में पहुंचा दिया। दूसरे सुपर ओवर में दक्षिण अफ्रीका ने ट्रिस्टन स्टब्स और डेविड मिलर की आक्रामक बल्लेबाजी की बदौलत 23 रन बनाए। अफगानिस्तान को 24 रन का लक्ष्य मिला। केशव महाराज की गेंदबाजी में मोहम्मद नबी आउट हुए, लेकिन रहमानुल्लाह गुरबाज़ ने लगातार तीन छक्के जड़कर उम्मीद जगाई। आखिरी गेंद पर छह रन की जरूरत थी, लेकिन गुरबाज़ पॉइंट पर कैच आउट हो गए और अफगानिस्तान की उम्मीदें टूट गईं।


    दक्षिण अफ्रीका की पारी

    टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी अफगान टीम ने शुरुआत में ऐडन मार्करम का विकेट झटका। इसके बाद क्विंटन डी कॉक (59 रन, 41 गेंद) और रयान रिकेल्टन (61 रन, 28 गेंद) ने शानदार साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। डी कॉक टी20 वर्ल्ड कप में दक्षिण अफ्रीका के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए (737 रन)। राशिद खान ने दोनों सेट बल्लेबाजों को आउट कर मैच में वापसी कराई। अंत में डेविड मिलर (नाबाद 20) और मार्को यानसन (16 रन, 7 गेंद) की मदद से दक्षिण अफ्रीका ने 20 ओवर में 187/6 का स्कोर खड़ा किया। अजमतुल्लाह ओमरजई ने 3 विकेट लिए।


    अफगानिस्तान की पारी

    रहमानुल्लाह गुरबाज़ (84 रन, 42 गेंद) और इब्राहिम जादरान ने तेज शुरुआत दी। हालांकि बीच के ओवरों में लुंगी एनगिडी और रबाडा ने विकेट लेकर दबाव बनाया। कप्तान राशिद खान ने 20 रन की तेज पारी खेली, लेकिन आखिरी ओवर के रोमांच ने मुकाबले को टाई करा दिया। अंततः डबल सुपर ओवर में दक्षिण अफ्रीका ने बाजी मार ली और अफगानिस्तान को दिल तोड़ने वाली हार का सामना करना पड़ा।

  • ENG vs WI Highlights: वेस्टइंडीज ने इंग्लैंड को 30 रन से रौंदा, शेरफेन रदरफोर्ड की तूफानी पारी

    ENG vs WI Highlights: वेस्टइंडीज ने इंग्लैंड को 30 रन से रौंदा, शेरफेन रदरफोर्ड की तूफानी पारी


    नई दिल्ली। टी20 विश्व कप 2026 के 15वें मुकाबले में वेस्टइंडीज ने इंग्लैंड को 30 रन से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। यह रोमांचक मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया, जहां इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया।

    वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 196 रन बनाए। टीम की पारी में शेरफेन रदरफोर्ड ने 42 गेंदों में 76 रन की तूफानी पारी खेली, जबकि रोमारियो शेफर्ड 1 रन नाबाद रहे। इस दौरान ब्रैंडन किंग और शाई होप ने सलामी जोड़ी को मजबूत शुरुआत दी। इंग्लैंड की ओर से आदिल राशिद और जेमी ओवरटन ने गेंदबाजी में संघर्ष किया, लेकिन वेस्टइंडीज की आक्रामक बल्लेबाजी को रोकने में सफल नहीं हो सके।

    जवाब में इंग्लैंड की टीम संघर्ष करती नजर आई। सलामी बल्लेबाजों जोस बटलर और फिल सॉल्ट ने शुरू में अच्छी शुरुआत दी, लेकिन 19वें ओवर में टीम 166 रन पर ढेर हो गई। इस दौरान लियाम डॉसन और सैम करन ने कुछ संघर्ष दिखाया, लेकिन इंग्लैंड की टीम वेस्टइंडीज की तूफानी गेंदबाजी के आगे टिक नहीं सकी। सैम करन ने 30 गेंदों में 43 रन नाबाद बनाए।

    वेस्टइंडीज के लिए शेरफेन रदरफोर्ड को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस जीत के साथ वेस्टइंडीज ने ग्रुप C में अपनी दूसरी जीत दर्ज की, इससे पहले उन्होंने स्कॉटलैंड को हराया था। इंग्लैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का निर्णय लिया था, लेकिन वेस्टइंडीज की आक्रामक बल्लेबाजी और कुशल गेंदबाजी के सामने टीम पिछड़ती गई।

    इंग्लैंड की टीम में फिल सॉल्ट, जोस बटलर, जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, हैरी ब्रूक, सैम करन, विल जैक्स, लियाम डॉसन, जेमी ओवरटन, जोफ्रा आर्चर और आदिल राशिद शामिल थे। वहीं, वेस्टइंडीज की टीम में शाई होप (कप्तान/विकेटकीपर), ब्रैंडन किंग, शिमरॉन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, रोमारियो शेफर्ड, मैथ्यू फोर्ड, जेसन होल्डर, अकील होसेन, गुडाकेश मोती और शमर जोसेफ को शामिल किया गया।

    वेस्टइंडीज की यह शानदार जीत टीम को आत्मविश्वास और ग्रुप C में मजबूत स्थिति देती है, जबकि इंग्लैंड को अब अगले मुकाबलों में जीत के लिए अपनी रणनीति बदलनी होगी।