Category: Sports

  • 9 मैचों में 5 शतक, 781 रन… पडिक्कल से भी आगे निकला ये धुरंधर, 25 साल के अमन मोखाड़े ने उड़ाया गर्दा

    9 मैचों में 5 शतक, 781 रन… पडिक्कल से भी आगे निकला ये धुरंधर, 25 साल के अमन मोखाड़े ने उड़ाया गर्दा


    नई दिल्ली । जब कोई बल्लेबाज शानदार फॉर्म में होता है, तो उसे रोक पाना किसी भी गेंदबाजी आक्रमण के लिए बेहद मुश्किल हो जाता है। कुछ ऐसा ही नजारा इन दिनों भारतीय घरेलू क्रिकेट में देखने को मिल रहा है, जहां एक 25 साल का युवा बल्लेबाज गेंदबाजों पर कहर बनकर टूट पड़ा है। यह खिलाड़ी कोई और नहीं, बल्कि विदर्भ के सलामी बल्लेबाज अमन मोखाड़े हैं, जिन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में अपने बल्ले से रनों की झड़ी लगा दी है। अमन मोखाड़े ने इस टूर्नामेंट में अब तक 9 मैच खेले हैं और इनमें 5 शानदार शतक जड़ चुके हैं। इन 9 पारियों में उनके बल्ले से कुल 781 रन निकले हैं, जिससे वह इस सीजन के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
    उन्होंने कर्नाटक के स्टार बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल को भी पीछे छोड़ दिया है, जिनके नाम इस टूर्नामेंट में 721 रन दर्ज हैं। अमन की इस विस्फोटक बल्लेबाजी का ही नतीजा है कि विदर्भ की टीम ने विजय हजारे ट्रॉफी के फाइनल में जगह बना ली है और अब खिताब जीतने से सिर्फ एक कदम दूर है। दाएं हाथ के इस ओपनर ने टूर्नामेंट की शुरुआत भी धमाकेदार अंदाज में की थी। पहले ही मैच में उन्होंने 110 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली, जबकि दूसरे मुकाबले में 82 रन बनाए। इसके बाद तो मानो शतकों की बारिश ही हो गई। हर मैच में अमन का आत्मविश्वास और तकनीक देखने लायक रही, जिसने चयनकर्ताओं और क्रिकेट एक्सपर्ट्स का ध्यान खींचा है।

    शानदार फॉर्म के चलते अमन मोखाड़े ने एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। वह अब लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज 1000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बन चुके हैं। उन्होंने यह कारनामा सिर्फ 16 पारियों में कर दिखाया, जिससे उन्होंने देवदत्त पडिक्कल और अभिनव मुकुंद का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने 1000 रन तक पहुंचने में 17 पारियां खेली थीं। इतना ही नहीं, अमन ने इस मामले में साउथ अफ्रीका के महान बल्लेबाज ग्रीम पोलॉक की बराबरी भी कर ली है, जिन्होंने भी 16 पारियों में 1000 लिस्ट-ए रन पूरे किए थे।

    अमन मोखाड़े का बल्ला सिर्फ विजय हजारे ट्रॉफी में ही नहीं, बल्कि पूरे घरेलू सीजन में आग उगलता नजर आया है। रणजी ट्रॉफी में उन्होंने 7 पारियों में 577 रन बनाए थे, जबकि सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उनके नाम 206 रन दर्ज हैं। अब विजय हजारे ट्रॉफी में 781 रन बनाकर उन्होंने यह साफ कर दिया है कि वह लंबे रेस के घोड़े हैं। क्रिकेट फैंस के लिए अमन मोखाड़े भले ही नया नाम हों, लेकिन उनकी कहानी बेहद दिलचस्प है। 16 जनवरी 2001 को जन्मे अमन ने ज्वाला सिंह से कोचिंग ली है, जिन्होंने भारतीय टीम के युवा स्टार यशस्वी जायसवाल को भी तैयार किया है। अमन एक आक्रामक ओपनर होने के साथ-साथ लेग ब्रेक गेंदबाजी भी कर सकते हैं। अब 18 जनवरी को विजय हजारे ट्रॉफी का फाइनल खेला जाना है और सभी की नजरें एक बार फिर इस रन मशीन पर टिकी होंगी।

  • गौतम गंभीर ने रोहित शर्मा को ODI कप्तानी से हटवाया…इस क्रिकेटर का सनसनीखेज आरोपअजीत अगरकर भी निशाने पर

    गौतम गंभीर ने रोहित शर्मा को ODI कप्तानी से हटवाया…इस क्रिकेटर का सनसनीखेज आरोपअजीत अगरकर भी निशाने पर


    नई दिल्ली । पूर्व भारतीय क्रिकेटर मनोज तिवारी के बयान से एक नया विवाद खड़ा हो गया है. तिवारी के मुताबिक भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने रोहित शर्मा को वनडे कप्तानी से हटाने में अहम भूमिका निभाई. तिवारी का कहना है कि यह फैसला सीधे तौर पर नहीं लिया गया थाबल्कि चयन समिति के प्रमुख अजीत अगरकर पर प्रभाव डालकर इसे लागू किया गया.भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड BCCI ने जब पिछले साल अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम घोषित की थीतब रोहित शर्मा के स्थान पर शुभमन गिल को नया कप्तान बनाया गया था. इस निर्णय ने क्रिकेट जगत में कई सवाल खड़े कर दिए थे क्योंकि रोहित वनडे क्रिकेट में बेहतरीन फॉर्म में थे और 2027 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए अपनी तैयारी कर रहे थे.मनोज तिवारी ने भारत के लिए 12 ओडीआई मैचों में 287 और 3 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में 15 रन बनाए थे. तिवारी ने स्पोर्ट्स टुडे से कहा’अजीत आगरकर मजबूत व्यक्तित्व हैं और खुद निर्णय लेने में सक्षम हैं. लेकिन इतना बड़ा फैसला अकेले नहीं लिया जा सकता. पर्दे के पीछे कई चीजें होती हैं. इसमें कोच की इनपुट जरूर रही होगी.
    रोहित का उत्साह कम हो चुका: मनोज तिवारी
    मनोज तिवारी को इस बात पर संदेह है कि रोहित शर्मा को हटाने का फैसला पूर्णत: सेलेक्शन पैनल का था. तिवारी का कहना है कि गौतम गंभीर का दृष्टिकोण इसमें शामिल रहा होगा. तिवारी ने यह भी कबूल किया कि रोहित शर्मा को कप्तानी से हटाए जाने के बाद उनकी ODI प्रारूप में रुचि कम हो गई है. उन्होंने कहा कि रोहित पहले की तरह एनिमेटेड नजर नहीं आते और मैदान पर उनका उत्साह कम दिखता है.मनोज तिवारी ने कहा’मैंने रोहित के साथ खेला है. उनको हटाया जाना काफी असम्मानजनक लगा. इतने बड़े खिलाड़ी के साथ ऐसा व्यवहार नहीं होना चाहिए था.’ तिवारी ने रोहित शर्मा के नेतृत्व और प्रदर्शन का बचाव करते हुए कहा कि रोहित एक मंझे कप्तान हैं और उन्हें हटाने का कोई क्रिकेटिंग लॉजिक नहीं था.
    मनोज तिवारी ने कहा कि रोहित शर्मा ने बतौर कप्तान दो ICC ट्रॉफी जीती हैं. 2023 वर्ल्ड कप फाइनल में भी भारत जीत सकता था. तिवारी का मानना है कि रोहित की क्षमता पर संदेह करना गलत था और उनका 2027 तक खेलना बिल्कुल संभव है. तिवारी ने यह भी कहा कि यदि कप्तानी की जिम्मेदारी युवा खिलाड़ी को देनी ही थीतो प्रोसेस को धीरे-धीरे और सम्मानजनक तरीके से लागू किया जा सकता था.मनोज तिवारी के इन आरोपों पर अब तक बीसीसीआईअजीत आगरकर या गौतम गंभीर की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. हालांकितिवारी का बयान अब सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में है. क्रिकेट प्रशंसक इस फैसले को लेकर दो धड़ों में बंटे दिखाई दे रहे हैं.
  • सूर्यकुमार यादव विवाद मामले में खुशी मुखर्जी पर 100 करोड़ का मानहानि केस, सोशल मीडिया बयान बना कानूनी संकट

    सूर्यकुमार यादव विवाद मामले में खुशी मुखर्जी पर 100 करोड़ का मानहानि केस, सोशल मीडिया बयान बना कानूनी संकट




    नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव को लेकर अभिनेत्री खुशी मुखर्जी का दिया गया बयान अब बड़े कानूनी विवाद में बदल गया है। खुशी मुखर्जी ने हाल ही में एक इंटरव्यू में दावा किया था कि सूर्यकुमार यादव उन्हें बार-बार मैसेज किया करते थे। यह बयान सामने आते ही सोशल मीडिया पर हंगामा मच गया और क्रिकेट फैंस ने इसे लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी।
    मुंबई के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर फैजान अंसारी ने खुशी मुखर्जी के खिलाफ 100 करोड़ रुपये का मानहानि दावा दायर कर दिया है। फैजान अंसारी का कहना है कि खुशी मुखर्जी के आरोप बेबुनियाद हैं और इससे एक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर की प्रतिष्ठा को गंभीर नुकसान पहुंचा है। उनके अनुसार इस तरह के बयान केवल सुर्ख़ियों में आने और पब्लिसिटी पाने के लिए दिए गए हैं।

    फैजान अंसारी ने खुद गाजीपुर पुलिस स्टेशन जाकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने मीडिया से कहा कि इस मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए और दोषियों को सजा मिलनी चाहिए।

    अंसारी का यह भी कहना है कि यह मामला केवल सूर्यकुमार यादव की नहीं, बल्कि पूरे देश के एक सम्मानित खिलाड़ी की प्रतिष्ठा का सवाल है।

    उन्होंने साफ किया कि खुशी मुखर्जी के खिलाफ 100 करोड़ रुपये का मानहानि मुकदमा दायर कर दिया गया है। यदि अभिनेत्री अपने आरोप सबूतों के साथ साबित कर देती हैं, तो वह सार्वजनिक रूप से माफी मांगने के लिए तैयार हैं, लेकिन तब तक वह पीछे हटने वाले नहीं हैं।

    खुशी मुखर्जी ने अपने इंटरव्यू में यह स्पष्ट किया था कि उनके और सूर्यकुमार यादव के बीच कभी कोई निजी या रोमांटिक रिश्ता नहीं रहा, लेकिन उनके मैसेज वाले बयान ने ही विवाद को जन्म दिया। अब यह मामला कानूनी लड़ाई तक पहुंच गया है, और अगले कदमों पर सभी की नजर है।

  • हरलीन देओल ने खेली 64 रनों की मैच जिताऊ पारी… उनके 'रिटार्ड आउट' पर हरमनप्रीत कौर भी थी हैरान

    हरलीन देओल ने खेली 64 रनों की मैच जिताऊ पारी… उनके 'रिटार्ड आउट' पर हरमनप्रीत कौर भी थी हैरान


    नई दिल्ली।
    हरलीन देओल (Harleen Deol)…ये ऐसा नाम है जिस पर पिछले 24 घंटों में ‘क्रिकेट के गलियारों’ में खूब चर्चा हुई है। 14 जनवरी को दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) के खिलाफ हुए मुकाबले में टीम हित में फैसला लेते हुए यूपी वॉरियर्स (UP Warriors) के मैनेजमेंट ने हरलीन देओल को रिटायर्ड आउट (Retired out) कर वापस बुलाया था। वहीं मुंबई इंडियंस के खिलाफ 15 जनवरी को हुए मैच में उन्होंने 64 रनों की मैच जिताऊ पारी खेल हर किसी को हैरान कर दिया। हरलीन तो मैच के बाद इमोशनल नजर आईं ही, वहीं मुंबई इंडियंस की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भी उनकी तारीफ करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। हालांकि हरमन भी हरलीन को रिटायर्ड आउट करने से हैरान थीं।

    हरमनप्रीत कौर ने मैच के बाद कहा, “हां, बिल्कुल। मुझे लगता है कि उसने दिखा दिया है कि वह टीम में क्यों है और वह टीम के लिए क्या कर सकती है। और मुझे लगता है कि आज उसने बहुत अच्छी बैटिंग की और मुझे लगता है कि वह ऐसी खिलाड़ी है जो हमेशा अपनी टीम के लिए अच्छा करना चाहती है। हां, पिछले मैच में उसे रिटायर होते देखकर हैरानी हुई, लेकिन मुझे लगता है कि वह बहुत पॉजिटिव सोच के साथ आई और मुझे उम्मीद है कि वह इसे जारी रखेगी।”

    मुंबई इंडियंस ने इस मैच में पहले बैटिंग करते हुए यूपी वॉरियर्स के सामने जीत के लिए 161 रनों का टारगेट रखा था, यूपी ने इस स्कोर को 11 गेंदें और 7 विकेट शेष रहते हासिल कर लिया। हरमनप्रीत कौर ने मुंबई इंडियंस की सीजन की दूसरी हार पर कहा, “(यहां पार स्कोर क्या था?) मुझे लगा 180 या कुछ ऐसा, जिसकी हम तलाश कर रहे थे क्योंकि हम जानते थे कि इस ट्रैक पर पहले बैटिंग करना आसान नहीं है। लेकिन मुझे लगता है कि हमने पावरप्ले में काफी अच्छा किया। हमने विकेट नहीं गंवाया, लेकिन बदकिस्मती से बोर्ड पर रन काफी नहीं थे, लेकिन बाद में, मुझे लगता है कि नेट और निक ने हमें बेहतर स्थिति में पहुंचाया। लेकिन मुझे लगता है कि हरलीन को क्रेडिट जाता है जिस तरह से उन्होंने आज बैटिंग की।

    हां, मेरा मतलब है, जब ओस होती है तो चेज करना हमेशा बेहतर होता है। आज बहुत ज्यादा ओस थी। और मुझे लगता है, हां, टोटल सेट करना कुछ ऐसा है जिसका हम सच में इंतजार कर रहे हैं और उम्मीद है कि आने वाले मैचों में हम बेहतर अप्रोच के साथ आएंगे। (गेंद के साथ अपने दूसरे ऑप्शन इस्तेमाल करने पर) हां, मुझे लगता है कि यह उनके लिए टीम के लिए कुछ ओवर फेंकने का एक शानदार मौका था। मुझे लगता है कि उन्होंने ठीक-ठाक किया क्योंकि बहुत ज़्यादा ओस थी, गेंदबाज़, आप जानते हैं, अच्छी तरह से ग्रिप नहीं कर पा रहे थे, लेकिन मुझे लगता है कि स्कोर भी, आप जानते हैं, बोर्ड पर काफी नहीं था। तो मुझे लगता है, मुझे लगता है कि उन्होंने ठीक-ठाक बॉलिंग की।”

  • बांग्लादेश क्रिकेट में बगावत, खिलाड़ियों के विरोध पर BCB ने डायरेक्टर को भेजा नोटिस

    बांग्लादेश क्रिकेट में बगावत, खिलाड़ियों के विरोध पर BCB ने डायरेक्टर को भेजा नोटिस

    नई दिल्ली बांग्लादेश क्रिकेट इस समय गंभीर संकट के दौर से गुजर रहा है। खिलाड़ियों और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के बीच चल रहा विवाद अब खुले टकराव में बदल गया है। खिलाड़ियों के हितों के लिए काम करने वाली बांग्लादेश क्रिकेट्स वेलफेयर एसोसिएशन (BCWBA) ने बोर्ड के डायरेक्टर नजमुल इस्लाम के इस्तीफे की मांग की है। खिलाड़ियों का साफ कहना है कि जब तक नजमुल इस्लाम पद से इस्तीफा नहीं देते, वे मैदान में उतरने को तैयार नहीं हैं।

    इस विवाद का सीधा असर बांग्लादेश प्रीमियर लीग (BPL) पर भी देखने को मिला। हालात ऐसे बन गए कि टूर्नामेंट का पहला मुकाबला तक शुरू नहीं हो सका। बढ़ते दबाव और खिलाड़ियों के विरोध के बीच BCB ने अब डायरेक्टर नजमुल इस्लाम और अंतरिम खेल मंत्री के खिलाफ नोटिस जारी कर जांच शुरू कर दी है।

    तमीम इकबाल बयान से भड़का विवाद

    विवाद उस समय और गहरा गया, जब कुछ दिन पहले नजमुल इस्लाम ने बांग्लादेश के सीनियर क्रिकेटर तमीम इकबाल को सार्वजनिक तौर पर ‘भारतीय एजेंट’ कह दिया। इस बयान से खिलाड़ी भड़क गए और बोर्ड के खिलाफ नाराजगी खुलकर सामने आने लगी। खिलाड़ियों का मानना है कि इस तरह के गैर-जिम्मेदाराना बयान न सिर्फ खिलाड़ियों की छवि खराब करते हैं, बल्कि देश के क्रिकेट माहौल को भी नुकसान पहुंचाते हैं।

    मुस्ताफिजुर रहमान नहीं चाहते थे विवाद

    गुरुवार को BCWBA ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्पष्ट किया कि तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान इस विवाद को आगे बढ़ाना नहीं चाहते थे। एसोसिएशन के मुताबिक, मुस्ताफिजुर ने कहा था कि वे बोर्ड के सामने विवादित घटनाओं को सार्वजनिक रूप से उजागर करने के पक्ष में नहीं हैं। उनका मानना था कि खिलाड़ियों की शिकायतें प्लेयर्स वेलफेयर एसोसिएशन के माध्यम से ही रखी जानी चाहिए। इसके बावजूद मामला तूल पकड़ता चला गया।

    क्या है पूरे विवाद की जड़?

    इस पूरे विवाद की शुरुआत उस वक्त हुई, जब बीसीसीआई के निर्देश पर आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुस्ताफिजुर रहमान को रिलीज कर दिया। इसके बाद बांग्लादेश क्रिकेट में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। हालात इतने बिगड़ गए कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने अपनी टीम को टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारत भेजने से इनकार कर दिया।

    BCB ने ICC से मांग की कि भारत में होने वाले उनके मैच श्रीलंका में आयोजित किए जाएं। इतना ही नहीं, बोर्ड ने आईपीएल के प्रसारण पर भी रोक लगाने का फैसला किया, जिससे मामला अंतरराष्ट्रीय स्तर तक चर्चा में आ गया।

    तमीम की सलाह, लेकिन बयान ने बढ़ाया तनाव

    इस दौरान तमीम इकबाल ने बोर्ड को सलाह दी थी कि किसी भी फैसले या बयान में जल्दबाजी न की जाए, ताकि भविष्य में टीम को परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने यह भी कहा कि अगर ICC शेड्यूल में बदलाव नहीं करता है, तो बांग्लादेश को भारत जाना ही पड़ेगा या फिर टूर्नामेंट से हटना होगा।

    हालांकि, तमीम की इस सलाह के बाद नजमुल इस्लाम ने उन्हें ‘इंडियन एजेंट’ कहकर सार्वजनिक रूप से निशाना बनाया। इसी बयान ने आग में घी डालने का काम किया और खिलाड़ियों व बोर्ड के बीच तनातनी और ज्यादा बढ़ गई।

    आगे क्या?

    फिलहाल BCB ने मामले की जांच शुरू कर दी है, लेकिन खिलाड़ियों का रुख अब भी सख्त बना हुआ है। अगर जल्द समाधान नहीं निकला, तो इसका असर बांग्लादेश क्रिकेट के घरेलू टूर्नामेंट्स और अंतरराष्ट्रीय छवि दोनों पर पड़ सकता है।

  • साहिबजादा फरहान का विवादित बयान, सोशल मीडिया पर मची हलचल

    साहिबजादा फरहान का विवादित बयान, सोशल मीडिया पर मची हलचल



    नई दिल्ली। पाकिस्तान क्रिकेट के ओपनर साहिबजादा फरहान का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसने क्रिकेट फैन्स और पूर्व खिलाड़ियों को हैरान कर दिया है। वीडियो में फरहान ने सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग, रोहित शर्मा और सईद अनवर जैसे दिग्गज बल्लेबाजों को पीछे छोड़ते हुए अहमद शहजाद को अपना पसंदीदा और सर्वश्रेष्ठ ओपनर बताया।

    सोशल मीडिया पर हुआ हंगामा
    फरहान के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर जमकर आलोचना हुई। 

    पूर्व पाकिस्तानी खिलाड़ियों की प्रतिक्रिया
    पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर बासित अली ने इस बयान को सुनकर मजाकिया अंदाज में कहा,

    “यह सौ फीसदी फेक है। साहिबजादा फरहान अभी पागल नहीं हुए हैं कि वे सचिन तेंदुलकर से ऊपर अहमद शहजाद को चुन लें। मैं हाथ जोड़कर कहता हूं, इस टॉपिक को यहीं खत्म कर दीजिए।”

    वहीं, कामरान अकमल ने कहा,

    “फरहान को अपने जवाब सोच-समझकर देना चाहिए था। अपना आइडल बताना ठीक है, लेकिन सचिन और सईद अनवर जैसे दिग्गजों से तुलना करना सही नहीं है। जवाब देने का तरीका बेहतर हो सकता था।”

    इस विवाद के बाद बासित अली और कामरान अकमल ने मिलकर फरहान से सार्वजनिक माफी भी मांगी।

    साहिबजादा फरहान का क्रिकेट करियर
    फरहान पाकिस्तान के लिए टी20 इंटरनेशनल में नियमित ओपनर बन चुके हैं। अब तक उन्होंने 37 टी20 मैचों में 917 रन बनाए हैं, जिसमें 8 अर्धशतक शामिल हैं। हालांकि उन्हें अभी तक वनडे और टेस्ट डेब्यू का मौका नहीं मिला है।

    आगामी टी20 वर्ल्ड कप में भूमिका
    साहिबजादा फरहान को आगामी टी20 वर्ल्ड कप के लिए पाकिस्तान की प्रोविजनल स्क्वाड में शामिल किया गया है। आईसीसी के नियमों के अनुसार 31 जनवरी तक टीम में बदलाव संभव है, इसके बाद किसी भी बदलाव के लिए आईसीसी की अनुमति आवश्यक होगी।

  • India vs Pakistan मैच के टिकटों के लिए मची ऐसी होड़ कि बुकमायशो का सर्वर ही क्रैश हो गया

    India vs Pakistan मैच के टिकटों के लिए मची ऐसी होड़ कि बुकमायशो का सर्वर ही क्रैश हो गया

    नई दिल्ली T20 World Cup 2026 के दूसरे राउंड के मैचों के टिकटों की सेल शुरू हो चुकी है। बुधवार 14 जनवरी से दूसरे दौर के मैचों के टिकटों की सेल शुरू हुई, जिसमें हाई वोल्टेज इंडिया वर्सेस पाकिस्तान मैच भी शामिल है। इंडिया वर्सेस पाकिस्तान मैच के टिकटों के लिए तो इतनी मारामारी देखने को मिली कि टिकट बेचने वाली साइट का सर्वर ही ठप्प पड़ गया। बांग्लादेश की टीम के भारत आने पर अभी भी संशय है, लेकिन टिकटों की सेल जारी है।

    इंडिया और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को कोलंबो में लीग फेज का मुकाबला खेला जाना है। इसी मुकाबले समेत टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे फेज के मैचों के लिए टिकट सेल बुकमायशो पर 14 जनवरी को शुरू हुई। फैंस की जबरदस्त दिलचस्पी इन मैचों के टिकटों के लिए देखने को मिली, खासकर इंडिया-पाकिस्तान मैच के लिए फैंस के बीच काफी डिमांड थी, जो इस राउंड के एलोकेशन में शामिल था।

    टी20 वर्ल्ड कप 2026 मैचों के टिकट लाइव होने के कुछ ही मिनटों में बुकमायशो वेबसाइट पर ट्रैफिक बढ़ गया, क्योंकि यूजर्स टूर्नामेंट के सबसे ज्यादा डिमांड वाले मैच के लिए अपनी सीट पक्की करने की कोशिश कर रहे थे। क्रिकबज की रिपोर्ट की मानें तो एक साथ इतनी रिक्वेस्ट आने से प्लेटफॉर्म के सर्वर क्रैश हो गए। ICC मेंस T20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से हो रही है, जो 8 मार्च तक चलेगा।

    टीम इंडिया इस टूर्नामेंट में अपना कैंपेन 7 फरवरी को ही शुरू करेगी। पहला मैच भारत का USA के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में आयोजित होगा। वहीं, पाकिस्तान इस ग्लोबल टूर्नामेंट के ओपनिंग मैच में कोलंबो में नीदरलैंड्स से भिड़ेगा। इंडिया को इसके बाद 12 फरवरी को दिल्ली में नामीबिया से भिड़ना है और फिर कोलंबो में 15 फरवरी को इंडिया वर्सेस पाकिस्तान मैच होगा।

    इसके बाद आखिरी लीग फेज का मैच भारत का अहमदाबाद में नीदरलैंड से होगा। पाकिस्तान की टीम 10 फरवरी को यूएसए से कोलंबो में खेलेगी। कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम और सिनहलीज स्पोर्ट्स क्लब में पाकिस्तान के सभी मैच खेले जाएंगे। सुपर 8 के कुछ मैच भी श्रीलंका में ही खेले जाने हैं।

  • इतिहास रचते हुए केएल राहुल ने खेली शानदार शतकीय पारी, भारत ने न्यूजीलैंड को मात दी

    इतिहास रचते हुए केएल राहुल ने खेली शानदार शतकीय पारी, भारत ने न्यूजीलैंड को मात दी

    नई दिल्ली।  निरंजन शाह स्टेडियम में खेले गए वनडे में केएल राहुल ने 92 गेंदों में 1 छक्का और 11 चौकों की मदद से नाबाद 112 रन की पारी खेली। इस पारी के साथ ही उन्होंने वनडे करियर का 8वां शतक पूरा किया। राहुल की इस पारी ने टीम को संकट से बाहर निकालते हुए शानदार स्थिति में पहुंचाया।

    रिकॉर्ड तोड़ा, ग्लेन फिलिप्स को पछाड़ा

    केएल राहुल ने साल 2025 से अब तक 41-50 ओवरों में सर्वाधिक रन बनाने वाले फुल मेंबर टीम के खिलाड़ी का रिकॉर्ड अपने नाम किया। इस दौरान उन्होंने 140.09 की स्ट्राइक रेट के साथ 283 रन बनाए और ग्लेन फिलिप्स (157.4 स्ट्राइक रेट, 244 रन) को पीछे छोड़ा। इस लिस्ट में जनिथ लियानागे (201), जस्टिन ग्रीव्स (194) और कॉर्बिन बॉश (162) क्रमशः तीसरे, चौथे और पांचवें पायदान पर हैं।

    मैच की स्थिति और साझेदारियां

    भारतीय टीम ने टॉस हारकर बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 284 रन बनाए। सलामी जोड़ी रोहित शर्मा और कप्तान शुभमन गिल ने 12.2 ओवरों में 70 रन की साझेदारी की। रोहित 24 रन बनाकर आउट हुए, जबकि गिल ने 53 गेंदों में 56 रन जोड़े। शुरुआती दौर में विराट कोहली ने 23 रन का योगदान दिया।

    केएल राहुल की महत्वपूर्ण साझेदारियां

    टीम 118 रन पर 4 विकेट गंवा चुकी थी। तब केएल राहुल ने रवींद्र जडेजा के साथ पांचवें विकेट के लिए 73 रन की साझेदारी निभाई। जडेजा 27 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद राहुल ने नितीश रेड्डी (20) के साथ छठे विकेट के लिए 57 रन जोड़े। इन साझेदारियों ने टीम को मजबूती प्रदान की और अंत तक 284 रन तक पहुँचाया।

    विपक्षी गेंदबाजों का प्रदर्शन

    न्यूजीलैंड की ओर से क्रिस्चियन क्लार्क ने सर्वाधिक 3 विकेट लिए। काइल जैमीसन, जैक फाउलकेस, जेडेन लेनोक्स और कप्तान माइकल ब्रेसवेल ने 1-1 विकेट अपने नाम किया। हालांकि, केएल राहुल की पारी ने विपक्षी गेंदबाजों की कोशिशों को बेअसर कर दिया।

    केएल राहुल की नाबाद 112 रन की पारी ने न सिर्फ व्यक्तिगत रिकॉर्ड तोड़ा बल्कि टीम को संकट से उबारते हुए मैच में मजबूत स्थिति दिलाई। इस प्रदर्शन से वह वनडे क्रिकेट में अपने स्थान को और मजबूत करते हुए इतिहास रचने में सफल रहे।

  • 7 पारियों में 578 रन! भारतीय सरजमीं पर न्यूजीलैंड के खिलाफ शुभमन गिल का शानदार दबदबा

    7 पारियों में 578 रन! भारतीय सरजमीं पर न्यूजीलैंड के खिलाफ शुभमन गिल का शानदार दबदबा


    नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज और कप्तान शुभमन गिल का बल्ला न्यूजीलैंड के खिलाफ भारतीय सरजमीं पर लगातार आग उगल रहा है। राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में खेले जा रहे वनडे मुकाबले में गिल ने एक बार फिर अपनी क्लास और निरंतरता का शानदार नमूना पेश किया। उन्होंने 53 गेंदों में 1 छक्का और 9 चौकों की मदद से 56 रन की अहम पारी खेली। यह इस सीरीज में उनका लगातार दूसरा अर्धशतक रहा जिसने टीम इंडिया को मजबूत शुरुआत दिलाई।

    भारतीय मैदानों पर न्यूजीलैंड के खिलाफ शुभमन गिल का रिकॉर्ड बेहद लाजवाब रहा है। गिल ने अब तक कीवी टीम के खिलाफ भारत में कुल 7 वनडे पारियां खेली हैं, जिनमें उन्होंने 115.6 की शानदार औसत से 578 रन बनाए हैं। यह आंकड़ा न सिर्फ उनकी निरंतरता को दर्शाता है बल्कि बड़े मैचों में जिम्मेदारी लेने की उनकी क्षमता को भी उजागर करता है इन सात पारियों में गिल ने कई यादगार पारियां खेली हैं। इनमें 149 गेंदों पर खेली गई 208 रनों की ऐतिहासिक पारी, 78 गेंदों में 112 रन, नाबाद 80 रन और हालिया मैचों में लगातार दो अर्धशतक शामिल हैं। उनकी पारियों की सूची में 40*, 26, 56 और 56 रनों की पारियां भी शामिल हैं जो यह साबित करती हैं कि वह हर परिस्थिति में टीम के लिए योगदान दे रहे हैं।

    इस मुकाबले में भारतीय टीम शुभमन गिल की कप्तानी में मैदान पर उतरी है। टीम में अनुभव और युवा जोश का बेहतरीन संतुलन नजर आया। रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दिग्गज बल्लेबाजों के साथ श्रेयस अय्यर और केएल राहुल विकेटकीपर मध्यक्रम को मजबूती दे रहे हैं। ऑलराउंडर के रूप में रवींद्र जडेजा और नितीश रेड्डी को शामिल किया गया है, जबकि गेंदबाजी विभाग में हर्षित राणा, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा टीम की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।दूसरी ओर न्यूजीलैंड की टीम माइकल ब्रेसवेल की कप्तानी में मैदान पर उतरी है। कीवी टीम में डेवोन कॉनवे, हेनरी निकोल्स, विल यंग और डेरिल मिशेल जैसे भरोसेमंद बल्लेबाज मौजूद हैं। ग्लेन फिलिप्स और मिशेल हे विकेटकीपर की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि काइल जैमीसन और जैकरी फाउल्क्स गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई कर रहे हैं।

    सीरीज के पहले मुकाबले में भारत ने वडोदरा में न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराकर बढ़त बनाई थी। उस मैच में न्यूजीलैंड ने 300 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया था, जवाब में टीम इंडिया ने विराट कोहली की 93 रनों की शानदार पारी और शुभमन गिल के अर्धशतक की बदौलत लक्ष्य हासिल कर लिया था।फिलहाल तीन मैचों की वनडे सीरीज में भारत 1-0 से आगे है। ऐसे में दूसरे मुकाबले में जीत दर्ज कर टीम इंडिया सीरीज पर कब्जा जमाने के इरादे से मैदान पर उतरी है। शुभमन गिल का मौजूदा फॉर्म देखकर यह कहना गलत नहीं होगा कि न्यूजीलैंड के गेंदबाजों के लिए आगे की राह आसान नहीं होने वाली है।

  • ICC ODI रैंकिंग 2026: विराट कोहली बने नंबर एक, रोहित शर्मा तीसरे स्थान पर खिसके, मिचेल ने लिया नंबर दो

    ICC ODI रैंकिंग 2026: विराट कोहली बने नंबर एक, रोहित शर्मा तीसरे स्थान पर खिसके, मिचेल ने लिया नंबर दो


    नई दिल्ली। आईसीसी ने 2026 की पहली वनडे रैंकिंग जारी की है, जिसमें भारतीय क्रिकेट के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने फिर से शीर्ष स्थान हासिल कर अपने शानदार फॉर्म का सबूत दिया है। साल के पहले ही मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ 93 रनों की दमदार पारी खेलकर कोहली ने अपनी रेटिंग 785 तक बढ़ा दी और लंबे 1403 दिनों बाद आईसीसी वनडे रैंकिंग में नंबर एक बल्लेबाज बनने में सफल रहे। इस बदलाव के साथ ही न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल दूसरे नंबर पर हैं, जिनकी रेटिंग कोहली से केवल एक अंक कम यानी 784 है, जबकि रोहित शर्मा जो पहले शीर्ष स्थान पर थे, दो स्थान गिरकर तीसरे नंबर पर आ गए हैं।
    रोहित शर्मा ने साल की शुरुआत में न्यूजीलैंड के खिलाफ 29 गेंदों में 26 रन बनाए, जो उनके उच्च मानक के अनुसार कम साबित हुआ और इसके कारण उनकी रेटिंग 775 तक गिर गई। कोहली की लगातार पांच मैचों में 50 या उससे अधिक रन की पारी ने उन्हें इस बार नंबर एक की कुर्सी पर पहुँचाया। इस रैंकिंग से साफ होता है कि कोहली ने लंबे समय के बाद अपनी सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजी छवि लौटाई है और उनकी निरंतरता ने उन्हें फिर से वनडे क्रिकेट के शीर्ष खिलाड़ी के रूप में स्थापित किया है।
    आईसीसी की यह नई रैंकिंग न केवल खिलाड़ियों के प्रदर्शन का संकेत देती है, बल्कि आगामी मैचों और सीरीज के लिए उनके मनोबल और टीम की रणनीति पर भी प्रभाव डालती है। आने वाले मैचों में कोहली, रोहित और मिचेल जैसे बल्लेबाजों के प्रदर्शन के आधार पर रैंकिंग में और बदलाव देखने को मिल सकते हैं। कोहली की यह उपलब्धि भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए गर्व का विषय है और दर्शाती है कि वे अब भी दुनिया के टॉप बल्लेबाजों में अपनी जगह बनाए हुए हैं।
    इस रैंकिंग अपडेट ने भारतीय क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह भर दिया है, वहीं रोहित शर्मा के लिए चुनौती और बढ़ गई है कि वे पुनः शीर्ष स्थान हासिल करने के लिए अपने खेल में सुधार करें। ऐसे समय में जब भारत और न्यूजीलैंड की सीरीज जारी है, खिलाड़ियों का हर प्रदर्शन सीधे उनकी रेटिंग और रैंकिंग पर असर डाल रहा है। कोहली की वापसी नंबर एक पर उनकी मेहनत, अनुभव और निरंतर उच्च प्रदर्शन का परिणाम है, जो उन्हें भारतीय क्रिकेट की सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजी ताकत बनाता है।