Category: Sports

  • Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 का शेड्यूल हुआ रिलीज, 10 टीमों के बीच होगी कड़ी टक्कर, जानें पूरी डिटेल्स

    Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 का शेड्यूल हुआ रिलीज, 10 टीमों के बीच होगी कड़ी टक्कर, जानें पूरी डिटेल्स

    नई दिल्ली।एशियाई खेल 2026 में क्रिकेट का रोमांच इस बार जापान में देखने को मिलेगा. एशियाई खेलों के आयोजकों ने रविवार को क्रिकेट टूर्नामेंट का शेड्यूल जारी किया, जिसमें मैच 17 सितंबर से 3 अक्टूबर तक खेले जाएंगे. जापान के आयाची-नागोया में आयोजित होने वाले इस आयोजन में क्रिकेट टूर्नामेंट की शुरुआत कुछ खेलों की तरह उद्घाटन समारोह से नौ दिन पहले ही होगी.

    महिला क्रिकेट के मुकाबलें कब खेले जाएंगे?

    महिला क्रिकेट प्रतियोगिता 17 सितंबर से शुरू होगी और मेडल मैच 22 सितंबर से खेले जाएंगे. इस प्रतियोगिता में कुल आठ टीमों की भागीदारी होगी, जिसमें भारत की टीम पिछले चैम्पियन के रूप में उतरेगी. महिला क्रिकेट टूर्नामेंट क्वार्टरफाइनल से सीधा नॉकआउट फॉर्मेट में होगा, यानी हर मैच में हारने वाली टीम टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी.

    पुरुष क्रिकेट में 10 टीमों की चुनौती

    पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट 24 सितंबर से खेला जाना है, जबकि मेडल मैच 3 अक्टूबर से आयोजित होंगे. इसमें कुल 10 टीमों की भागीदारी होगी. यदि पुरुष प्रतियोगिता 2023 हांगझोउ एशियाई खेलों की तरह होती है, तो टॉप 4 सीड वाली टीमें सीधे क्वार्टरफाइनल में प्रवेश करेंगी. बाकी छह टीमें प्रारंभिक मुकाबले खेलकर चार क्वार्टरफाइनल टीमों का निर्धारण करेंगी.

    मैच का समय और लोकेशन

    सभी मैचों के दिन डबल-हेडर होंगे। सुबह का मैच स्थानीय समयानुसार 9 बजे शुरू होगा, जो भारतीय समयानुसार 5:30 बजे होगा. वहीं, दोपहर के मैच जापान में 2 बजे यानी भारतीय समयानुसार 10:30 बजे शुरू होंगे. सभी मैच आयाची प्रान्त के कोरोगी एथलेटिक पार्क में खेले जाएंगे.

    भारत की तैयारी और पिछला रिकॉर्ड

    2023 एशियन गेम्स में भारत की ओर से पुरुष और महिला दोनों वर्गों की टीमें शामिल होंगी. पुरुष टीम में युवा खिलाड़ियों को मौका दिया गया और कप्तानी ऋतुराज गायकवाड़ ने संभाली थी. टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नेपाल और बांग्लादेश को हराया और फाइनल बारिश के कारण रद्द होने पर रैंकिंग के आधार पर गोल्ड मेडल हासिल किया. इस बार भी भारत की टीम से इसी तरह का प्रदर्शन देखने को मिलने की उम्मीद है.

    2023 एशियन गेम्स के लिए भारत की टीम

    पुरुष टीम- ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), यशस्वी जयसवाल, राहुल त्रिपाठी, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, शाहबाज अहमद, रवि बिश्नोई, आवेश खान, अर्शदीप सिंह, मुकेश कुमार, शिवम दुबे, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), आकाश दीप.

    महिला टीम: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), शैफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेट-कीपर), अमनजोत कौर, देविका वैद्य, पूजा वस्त्रकार, टाइटस साधु, राजेश्वरी गायकवाड़, मिन्नू मणि, कनिका आहूजा, उमा छेत्री (विकेट-कीपर), अनुषा बरेड्डी.

  • बार्सिलोना ने फिर से सजा स्पेनिश सुपर कप का खिताब मैनचेस्टर यूनाइटेड एफए कप से बाहर और वर्ल्ड कप 2026 के लिए नीदरलैंड्स टीम का ऐलान

    बार्सिलोना ने फिर से सजा स्पेनिश सुपर कप का खिताब मैनचेस्टर यूनाइटेड एफए कप से बाहर और वर्ल्ड कप 2026 के लिए नीदरलैंड्स टीम का ऐलान


    नई दिल्ली । बार्सिलोना ने सऊदी अरब में स्पेनिश सुपर कप का खिताब जीता राफिन्हा के दो गोल की मदद से बार्सिलोना ने सऊदी अरब में खेले गए स्पेनिश सुपर कप के फाइनल में रियल मैड्रिड को 3-2 से हराकर 16वां सुपर कप खिताब अपने नाम किया। राफिन्हा का 73वें मिनट में किया गया विजयी गोल संयोगवश आया जब वह फिसलते हुए शॉट मारते हुए गेंद को रियल मैड्रिड के डिफेंडर से टकराकर गोलकीपर को चकमा दे गए। पिछला साल भी बार्सिलोना ने रियल मैड्रिड को 5-2 से हराया था। इस जीत के साथ बार्सिलोना ने रियल मैड्रिड से अधिक सुपर कप खिताबों के साथ रिकॉर्ड तोड़ा।
    कुल खिताब बार्सिलोना 16 रियल मैड्रिड 13

    मैनचेस्टर यूनाइटेड एफए कप से बाहर

    मैनचेस्टर यूनाइटेड एफए कप के तीसरे दौर में ब्राइटन से 2-1 से हारकर बाहर हो गया। यह हार यूनाइटेड के लिए एक और झटका थी जिन्होंने पिछले सप्ताह मुख्य कोच रुबेन अमोरिम को बर्खास्त किया था। ब्राइटन की ओर से डैनी वेलबेक और ब्राजन गुडा ने गोल किए जबकि यूनाइटेड की टीम किसी तरह से वापसी नहीं कर सकी।

    वर्ल्ड कप 2026 के लिए नीदरलैंड्स टीम का ऐलान
    आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के आगाज में अब एक महीने से भी कम समय बचा है। नीदरलैंड्स ने भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होने वाले इस टूर्नामेंट के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। यह नीदरलैंड्स का लगातार छठा टी20 वर्ल्ड कप होगा और टीम से उम्मीदें काफी बढ़ी हैं।

    भारत-न्यूजीलैंड वनडे सीरीज: वॉशिंगटन बाहर बडोनी की एंट्री

    भारत और न्यूजीलैंड के बीच चल रही वनडे सीरीज में भारतीय टीम को एक बड़ा झटका लगा है। ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर को चोट के कारण वनडे सीरीज के शेष मुकाबलों से बाहर कर दिया गया है। उनकी जगह 26 वर्षीय आयुष बडोनी को टीम में शामिल किया गया है और वह राजकोट में दूसरे वनडे से जुड़ेंगे।

    बांग्लादेश प्रीमियर लीग पिता-पुत्र की जोड़ी ने इतिहास रचा

    बांग्लादेश प्रीमियर लीग में अफगानिस्तान के दिग्गज ऑलराउंडर मोहम्मद नबी और उनके बेटे हसन ईसाखिल ने पहली बार एक साथ मैदान पर उतकर क्रिकेट इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ा। यह पहली बार था जब किसी पिता और पुत्र की जोड़ी ने एक ही टी20 लीग में एक साथ खेला और क्रीज पर बल्लेबाजी भी की। हसन ईसाखिल ने ढाका कैपिटल्स के खिलाफ शानदार 92 रन बनाए जबकि नबी ने बेटे को मैच से पहले कैप पहनाई और साथ ही उसे सलाह भी दी। दोनों के बीच शानदार साझेदारी देखने को मिली।

  • CSCS डायरेक्टर विजय शाह से खास बातचीत: रायपुर को हो सकता है रॉयल चैलेंजर्स बैंगलौर का नया होम ग्राउंड

    CSCS डायरेक्टर विजय शाह से खास बातचीत: रायपुर को हो सकता है रॉयल चैलेंजर्स बैंगलौर का नया होम ग्राउंड


    रायपुर । छत्तीसगढ़ के क्रिकेट प्रशंसकों के लिए आईपीएल 2026 बड़ी सौगात लेकर आ सकता है। रायपुर में आईपीएल के 2 से 5 मुकाबले आयोजित करने की योजना बन रही है और इसके साथ ही एक और बड़ी खबर सामने आई है कि रॉयल चैलेंजर्स बैंगलौर इस शहर को अपना नया होम ग्राउंड बना सकती है। यह खबर प्रदेश के क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह पैदा कर रही है। इस संदर्भ में छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के निदेशक विजय शाह ने लल्लूराम डॉट कॉम के संवाददाता नितिन नामदेव से खास बातचीत की। उन्होंने बताया कि हाल ही में स्टेडियम में खेले गए एक मैच के दौरान रॉयल चैलेंजर्स बैंगलौर की टीम रायपुर आई थी और टीम ने यहां के दर्शकों के उत्साह और फुल स्टेडियम को देखकर इस शहर को अपना नया होम ग्राउंड बनाने पर विचार किया है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि इस संबंध में अभी तक कोई औपचारिक पुष्टि नहीं हुई है और स्थिति स्पष्ट होने में एक-दो दिन लग सकते हैं।

    विजय शाह ने आगे कहा हमारी तैयारी पूरी है। आईपीएल के मुकाबले हों या कोई अन्य मैच एसोसिएशन अपनी पूरी तैयारी करता है। फार्मेट चाहे जो भी हो हमारी टीम सभी परिस्थितियों के लिए तैयार है। अब यह देखना होगा कि कितने मैच हमसे होते हैं लेकिन हम हर मैच को बेहतरीन तरीके से आयोजित करने का प्रयास करेंगे। इस बारे में रायपुर स्टेडियम के अपग्रेडेशन के सवाल पर विजय शाह ने बताया कि उनका प्राथमिक उद्देश्य स्टेडियम को बेहतर बनाना है। उन्होंने कहा “हम स्टेडियम के अपग्रेडेशन पर काम कर रहे हैं। इसके लिए हमने कुछ अनुभवी आर्किटेक्ट्स से बात की है जो पहले भी स्टेडियम के अपग्रेडेशन का काम कर चुके हैं। इनकी मदद से हम स्टेडियम को बेहतर बनाने की दिशा में कदम बढ़ाएंगे।

    विजय शाह ने यह भी कहा कि स्टेडियम के बाहरी हिस्से और सिक्योरिटी व्यवस्था को अपग्रेड किया जाएगा। हम एक नई टिकटिंग प्रणाली भी लागू करेंगे और सुरक्षा के लिहाज से भी पूरी तैयारी की जाएगी उन्होंने बताया। इसके अलावा उन्होंने इस बात का भी उल्लेख किया कि स्टेडियम का काम जल्द शुरू किया जाएगा और प्रपोजल के आधार पर काम किया जाएगा। रायपुर में आईपीएल के मुकाबले आयोजित होने से प्रदेश के क्रिकेट प्रेमियों को बड़े स्तर पर खेल आयोजन का आनंद मिलेगा और यहां की क्रिकेट संस्कृति को भी एक नई दिशा मिलेगी। यदि रॉयल चैलेंजर्स बैंगलौर यहां अपना होम ग्राउंड बनाती है तो यह शहर को क्रिकेट के मक्का की तरह एक और पहचान दिला सकता है।

  • मैरी कॉम पर संगीन आरोप: एक्स हसबैंड ओनलर बोले– 2013 में दूसरे शख्स से था रिश्ता

    मैरी कॉम पर संगीन आरोप: एक्स हसबैंड ओनलर बोले– 2013 में दूसरे शख्स से था रिश्ता

    नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का परचम लहराने वाली विश्व चैंपियन मुक्केबाज मैरी कॉम इन दिनों अपनी खेल उपलब्धियों से ज्यादा निजी जीवन को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में मैरी कॉम ने अपने पूर्व पति ओनलर कोम पर धोखाधड़ी और आर्थिक गड़बड़ी के गंभीर आरोप लगाए थे। अब ओनलर कोम ने इन आरोपों पर खुलकर जवाब दिया है और उन्हें पूरी तरह बेबुनियाद बताया है।

    ‘आरोप झूठे, सच्चाई कुछ और’

    आईएएनएस को दिए एक विशेष इंटरव्यू में ओनलर कोम ने कहा कि मैरी कॉम द्वारा लगाए गए आरोप सच्चाई से कोसों दूर हैं। उन्होंने दावा किया कि उनकी शादी में तनाव कोई नई बात नहीं थी, बल्कि यह समस्या एक दशक से भी अधिक समय पुरानी है। ओनलर के अनुसार, मैरी कॉम 2013 से ही अलग-अलग रिश्तों में थीं और 2017 से मैरी कॉम बॉक्सिंग एकेडमी से जुड़े एक व्यक्ति के साथ उनका रिश्ता रहा है।

    ‘मेरे पास सबूत हैं, लेकिन चुप रहा’

    ओनलर कोम ने कहा कि उनके पास इन दावों से जुड़े व्हाट्सएप मैसेज और अन्य सबूत मौजूद हैं, लेकिन उन्होंने कभी सार्वजनिक रूप से बात नहीं की। उनका कहना है कि उन्हें मैरी कॉम के आगे बढ़ने से कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन सार्वजनिक मंच पर उन्हें दोषी ठहराया जाना स्वीकार्य नहीं है।

    पैसों के आरोपों पर जवाब

    मैरी कॉम द्वारा लगाए गए पैसों की हेराफेरी के आरोपों पर ओनलर ने कहा कि अगर उन्होंने करोड़ों रुपये चुराए होते, तो आज उनकी जिंदगी की हालत कुछ और होती। उन्होंने बताया कि वह दिल्ली में किराए के मकान में रह रहे हैं और उनके पास कोई बड़ी संपत्ति नहीं है। उन्होंने चुनौती दी कि अगर प्रॉपर्टी या पैसे उनके नाम पर हैं, तो मैरी कॉम सबूत पेश करें।

    बच्चों को लेकर भावुक बयान

    ओनलर कोम ने अपने बच्चों को लेकर भावुक होते हुए कहा कि वे अपने बेटों से मिलना चाहते हैं, जो फिलहाल बोर्डिंग स्कूल में रह रहे हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों की परवरिश में उन्होंने हमेशा भूमिका निभाई है और उन्हें सिर्फ “इस्तेमाल करके छोड़ दिया गया” महसूस होता है।

    तलाक के बाद भी विवाद जारी

    ओनलर और मैरी कॉम की शादी 2005 में हुई थी और उनके चार बच्चे हैं। दोनों का 2023 में तलाक हो चुका है, लेकिन कानूनी और भावनात्मक विवाद अभी भी थमने का नाम नहीं ले रहा। ओनलर ने साफ कहा कि वह कोर्ट में लंबी लड़ाई नहीं चाहते, लेकिन अपने ऊपर लगे आरोपों को यूं ही स्वीकार भी नहीं करेंगे।

    निजी विवाद, सार्वजनिक बहस

    यह मामला अब एक निजी रिश्ते से निकलकर सार्वजनिक बहस का रूप ले चुका है। जहां एक ओर मैरी कॉम की लोकप्रियता और उपलब्धियां हैं, वहीं दूसरी ओर ओनलर कोम का कहना है कि सच को जाने बिना एकतरफा राय बनाई जा रही है। आने वाले समय में यह देखना अहम होगा कि इस विवाद में कानूनी तौर पर क्या सच सामने आता है।

  • कोहली की टीम का नया ठिकाना: चिन्नास्वामी में अब नहीं होंगे IPL मैच

    कोहली की टीम का नया ठिकाना: चिन्नास्वामी में अब नहीं होंगे IPL मैच

    नई दिल्ली। बेंगलुरु का एम चिन्नास्वामी स्टेडियम अब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का होम ग्राउंड नहीं होगा. IPL 2026 में आरसीबी अपने होम मैच नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम और रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में खेल सकती है. RCB के अलावा राजस्थान रॉयल्स भी अपना होम ग्राउंड बदल सकती है.

    रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने IPL 2025 का खिताब जीता था. उस ऐतिहासिक जीत के बाद चिन्नास्वामी स्टेडियम में विजेता टीम RCB के लिए जीत की परेड होने वाली थी. इसी दौरान स्टेडियम के बाहर भगदड़ मच गई थी, जिसके कारण 11 लोगों की मौत हो गई थी. उस दुखद घटना के बाद चिन्नास्वामी स्टेडियम में कोई उच्च स्तरीय क्रिकेट मैच नहीं खेला गया है.

    RCB को मिलेंगे 2 नए होमग्राउंड!
    खबर है कि RCB अगले सीजन यानी IPL 2026 में पांच मैच नवी मुंबई में खेल सकती है, जबकि 2 मुकाबले रायपुर में करवाए जा सकते हैं. आरसीबी मैनेजमेंट ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक करके इस नतीजे पर पहुंचा है. पिछले साल चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर मची भगदड़ के बाद लगातार मैदान को लेकर सुरक्षा चिंताएं चर्चा का केंद्र बनी रही हैं. अभी तक चिन्नास्वामी स्टेडियम को किसी बड़े लेवल का मैच आयोजित करने की अनुमति नहीं मिल पाई है.

    रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पिछले सीजन बेहतरीन प्रदर्शन किया था. पॉइंट्स टेबल में RCB की टीम दूसरे स्थान पर रही थी. वहीं फाइनल में बेंगलुरु की टीम ने पंजाब किंग्स को 6 रनों से हराकर जीत दर्ज की थी. ये 18 साल में पहला मौका रहा जब RCB ने इंडियन प्रीमियर लीग का खिताब जीता.

    राजस्थान रॉयल्स का भी बदलेगा होमग्राउंड
    पिछले वर्ष राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन चुनाव नहीं करवा पाई थी. उसके बाद आईपीएल चेयरमैन अरुण सिंह धूमल ने RCA से कहा था कि वह चुनाव नहीं करवा पाता है तो राजस्थान रॉयल्स की टीम अपने घरेलू मैच जयपुर में आयोजित नहीं करवा पाएगी.

  • ब्रैंडन किंग कप्तान, वेस्टइंडीज ने अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज के लिए किया टीम ऐलान

    ब्रैंडन किंग कप्तान, वेस्टइंडीज ने अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज के लिए किया टीम ऐलान

    नई दिल्ली। टी20 विश्व कप 2026 से पहले वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम अफगानिस्तान के खिलाफ 3 मैचों की टी20 सीरीज खेलकर अपनी तैयारियों को पुख्ता करेगी। यह सीरीज 19 से 22 जनवरी तक दुबई क्रिकेट स्टेडियम में खेली जाएगी। टीम 14 जनवरी को रवाना होगी और 16 जनवरी को यूएई पहुंचेगी।

    टीम में कप्तानी बदलाव

    नियमित कप्तान शाई होप इस सीरीज का हिस्सा नहीं हैं। उनकी जगह ब्रैंडन किंग को टीम का कप्तान बनाया गया है। ब्रैंडन किंग पहले भी कई मौकों पर टीम की कप्तानी कर चुके हैं।

    खिलाड़ियों की अनुपस्थिति और वापसी

    शाई होप, रोस्टन चेज और अकील हुसैन फिलहाल दक्षिण अफ्रीका में चल रही एसए20 लीग में खेल रहे हैं, इसलिए वे इस सीरीज का हिस्सा नहीं हैं। वहीं, शमर जोसेफ और एविन लुईस इंजरी से उबरकर टीम में लौट आए हैं। अल्जारी जोसेफ को फिट होने के लिए अतिरिक्त समय दिया गया है, इसलिए वह स्क्वॉड में नहीं हैं।

    नई और युवा प्रतिभाओं को मौका

    क्वेंटिन सैम्पसन को पहली बार टीम में शामिल किया गया है। वह रोवमैन पॉवेल की जगह लेंगे, जिन्हें वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत जेसन होल्डर और रोमारियो शेफर्ड के साथ इस सीरीज में आराम दिया गया है।

    हेड कोच डैरेन सैमी का संदेश

    हेड कोच डैरेन सैमी ने कहा कि यह सीरीज टी20 विश्व कप से पहले तैयारी का बेहतरीन मौका है। यह उन खिलाड़ियों के लिए भी मूल्यवान अवसर है जो 2025 के अंत में लंबे समय तक नहीं खेल पाए। सैमी ने बताया, “सबकॉन्टिनेंटल कंडीशन में प्रतिस्पर्धी मैच खेलना खिलाड़ियों के प्रदर्शन और टीम की रणनीति समझने के लिए महत्वपूर्ण है।”

    टीम का प्रदर्शन और मुकाबले का रिकॉर्ड

    वेस्टइंडीज और अफगानिस्तान टी20 फॉर्मेट की रोचक टीमें हैं। दोनों टीमें अब तक 8 बार आमने-सामने आई हैं। इसमें 5 मैचों में वेस्टइंडीज और 3 मैचों में अफगानिस्तान की जीत दर्ज है।

    अफगानिस्तान सीरीज के लिए वेस्टइंडीज की 16 सदस्यीय टीम

    ब्रैंडन किंग (कप्तान), एलिक अथांजे, कीसी कार्टी, जॉनसन चार्ल्स, मैथ्यू फोर्ड, जस्टिन ग्रीव्स, शिमरॉन हेटमायर, आमिर जंगू, शमर जोसेफ, एविन लुईस, गुडाकेश मोती, खारी पियरे, क्वेंटिन सैम्पसन, जेडन सील्स, रेमन सिमंड्स, शमर स्प्रिंगर।

    इस सीरीज के जरिए वेस्टइंडीज अपनी टी20 विश्व कप 2026 की तैयारियों को मजबूत करेंगे और युवा व वापसी करने वाले खिलाड़ियों को मूल्यवान अनुभव मिलेगा।

  • ऑस्ट्रेलिया को करारा झटका: एलिसा हीली ने T20 वर्ल्ड कप से पहले लिया संन्यास

    ऑस्ट्रेलिया को करारा झटका: एलिसा हीली ने T20 वर्ल्ड कप से पहले लिया संन्यास

    नई दिल्ली। वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप से पहले ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम की अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज और कप्तान एलिसा हीली ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। उनके इस फैसले से न सिर्फ ऑस्ट्रेलिया की टीम की रणनीतियों पर असर पड़ेगा, बल्कि महिला क्रिकेट जगत में भी एक सुनहरे अध्याय का अंत हो जाएगा।

    भारत के खिलाफ आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला

    35 वर्षीय एलिसा हीली ने साफ किया है कि भारत के खिलाफ होने वाली आगामी सीरीज उनके करियर की आखिरी अंतरराष्ट्रीय सीरीज होगी। उन्होंने यह खुलासा 12 जनवरी को ‘विलो टॉक’ पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान किया। हीली ने कहा कि उन्होंने मार्च 2026 के बाद क्रिकेट से दूर जाने का मन बना लिया है। उनका मानना है कि अब वह शुरुआती जैसी प्रतिस्पर्धी ऊर्जा महसूस नहीं कर पा रही हैं, जिसने कभी उन्हें इस खेल से जोड़े रखा।

    2023 में संभाली थी कप्तानी

    एलिसा हीली को साल 2023 में मेग लैनिंग के संन्यास के बाद ऑस्ट्रेलिया की फुल-टाइम कप्तान बनाया गया था। हालांकि भारत के खिलाफ होने वाली टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में वह हिस्सा नहीं लेंगी। चयनकर्ताओं का मानना है कि इससे टीम को टी20 वर्ल्ड कप से पहले नए संयोजन और भविष्य के कप्तान को परखने का मौका मिलेगा। हीली वनडे सीरीज खेलेंगी और इसके बाद पर्थ में 6 से 9 मार्च के बीच खेले जाने वाले डे-नाइट टेस्ट मैच के साथ अपने अंतरराष्ट्रीय करियर को अलविदा कहेंगी। यह उनके करियर का 11वां टेस्ट मैच होगा।

    शानदार रहा एलिसा हीली का करियर

    एलिसा हीली ने फरवरी 2010 में महज 19 साल की उम्र में ऑस्ट्रेलिया के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखा था। अपने 16 साल से ज्यादा लंबे करियर में उन्होंने महिला क्रिकेट में कई कीर्तिमान स्थापित किए।
    हीली ने 123 वनडे मैचों में 3,563 से अधिक रन बनाए, जबकि 162 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 3,054 रन उनके नाम दर्ज हैं। टी20 क्रिकेट में उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 148 रन रहा, जो किसी भी फुल मेंबर टीम की महिला खिलाड़ी द्वारा बनाया गया अब तक का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है।

    खिताबों से भरा रहा सफर

    एलिसा हीली ऑस्ट्रेलिया की सबसे सफल खिलाड़ियों में शुमार रही हैं। वह 2010, 2012, 2014, 2018, 2020 और 2023 में महिला टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम का हिस्सा रहीं। वहीं वनडे वर्ल्ड कप में उन्होंने 2013 और 2022 में खिताब अपने नाम किया। अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर हीली को 2018 और 2019 में आईसीसी टी20आई क्रिकेटर ऑफ द ईयर का सम्मान भी मिला।

    ऑस्ट्रेलिया के लिए नई चुनौती

    एलिसा हीली के संन्यास के साथ ही ऑस्ट्रेलियाई टीम एक नए दौर में प्रवेश करेगी। टी20 वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट से पहले टीम को नया कप्तान और नया संतुलन तलाशना होगा। क्रिकेट फैंस के लिए यह पल भावुक है, क्योंकि एलिसा हीली सिर्फ एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट की पहचान बन चुकी थीं।

  • IND vs NZ: कमेंट्री में संजय बांगर की भाषा पर मचा बवाल, सोशल मीडिया पर छिड़ी तीखी बहस

    IND vs NZ: कमेंट्री में संजय बांगर की भाषा पर मचा बवाल, सोशल मीडिया पर छिड़ी तीखी बहस


    नई दिल्ली। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे मुकाबले के दौरान पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कमेंटेटर संजय बांगर एक बयान को लेकर विवादों में घिर गए हैं। लाइव कमेंट्री के दौरान उनके द्वारा इस्तेमाल किए गए शब्दों और भाषा को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी बहस शुरू हो गई है। कई दर्शकों ने उनके बयान को आपत्तिजनक बताया, जबकि कुछ लोग इसे जरूरत से ज्यादा बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जाना मान रहे हैं।

    मैच के दौरान, जब बांगर ने एक खिलाड़ी के प्रदर्शन पर टिप्पणी की, उसका एक छोटा सा क्लिप सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से वायरल हो गया। देखते ही देखते यह बयान चर्चा का केंद्र बन गया और ट्विटर (X), फेसबुक और इंस्टाग्राम पर यूजर्स ने अपनी-अपनी राय देना शुरू कर दिया। कई दर्शकों ने कहा कि कमेंट्री करते समय शब्दों का चयन बेहद संवेदनशील होना चाहिए, खासकर जब करोड़ों लोग लाइव प्रसारण देख रहे हों।

    इस पर पूर्व खिलाड़ी और कमेंटेटर की जिम्मेदारी को लेकर भी बहस हुई। आलोचकों का मानना है कि संजय बांगर जैसे अनुभवी खिलाड़ी और कोच से जिम्मेदार भाषा की उम्मीद की जाती है। उनका कहना है कि क्रिकेट सिर्फ खेल नहीं, बल्कि भावनाओं से जुड़ा विषय है, और किसी भी तरह की टिप्पणी खिलाड़ियों और दर्शकों दोनों को प्रभावित कर सकती है। कई यूजर्स ने यह भी कहा कि कमेंट्री का स्तर बनाए रखना ब्रॉडकास्टर्स और एक्सपर्ट्स की जिम्मेदारी है।

    वहीं, संजय बांगर के समर्थन में भी बड़ी संख्या में लोग सामने आए हैं। उनके समर्थकों का कहना है कि बयान को संदर्भ से अलग करके पेश किया गया और इसका गलत अर्थ निकाला जा रहा है।

    इस विवाद के पीछे एक और बात भी सामने आई है। कमेंटेटर वरुण आरोन ने मैच के दौरान सुझाव दिया था कि विकेटकीपर केएल राहुल को वाशिंगटन सुंदर से तमिल भाषा में बात करनी चाहिए, क्योंकि सुंदर को हिंदी समझने में थोड़ी मुश्किल होती है। जब वरुण आरोन ने इस पर बांगर से राय मांगी, तो उन्होंने कहा, “मैं राष्ट्रीय भाषा में थोड़ा ज्यादा विश्वास करता हूँ।” यही बयान सोशल मीडिया पर बहस का नया केंद्र बन गया।

    इस पूरे विवाद ने एक बार फिर क्रिकेट कमेंट्री में भाषा और शब्दों की मर्यादा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इससे पहले भी कई पूर्व खिलाड़ी और कमेंटेटर अपने बयानों को लेकर विवादों में रह चुके हैं। लाइव टीवी पर बोले गए शब्द अक्सर रिकॉर्ड होकर सोशल मीडिया पर वायरल हो जाते हैं, जिससे किसी भी टिप्पणी की गंभीरता कई गुना बढ़ जाती है।

    फिलहाल, संजय बांगर या ब्रॉडकास्टिंग चैनल की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

    मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक चैनल आंतरिक रूप से मामले पर नजर बनाए हुए है। क्रिकेट विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे मामलों में स्पष्टता और संतुलित प्रतिक्रिया बेहद जरूरी होती है, ताकि विवाद और ज्यादा न बढ़े।

    इस बीच, भारत और न्यूजीलैंड के बीच चल रहे मुकाबले की चर्चा भी इस विवाद के कारण थोड़ी पीछे छूट गई। जहां एक ओर मैदान पर खिलाड़ियों का प्रदर्शन सुर्खियां बटोर रहा है, वहीं दूसरी ओर कमेंट्री बॉक्स से उठा यह बयान सोशल मीडिया पर बहस का केंद्र बन गया है।

    कुल मिलाकर, यह मामला इस बात की याद दिलाता है कि सार्वजनिक मंच पर बोले गए हर शब्द की जिम्मेदारी होती है। खासकर क्रिकेट जैसे लोकप्रिय खेल में, जहां खिलाड़ी, कमेंटेटर और दर्शक भावनात्मक रूप से जुड़े होते हैं। आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि संजय बांगर या ब्रॉडकास्टर इस विवाद पर क्या रुख अपनाते हैं और क्या इससे कमेंट्री की भाषा को लेकर कोई नई गाइडलाइन सामने आती है या नहीं।

  • वाशिंगटन सुंदर न्यूजीलैंड वनडे सीरीज से बाहर, आयुष बदोनी पहली बार टीम इंडिया में शामिल; BCCI ने किया एलान

    वाशिंगटन सुंदर न्यूजीलैंड वनडे सीरीज से बाहर, आयुष बदोनी पहली बार टीम इंडिया में शामिल; BCCI ने किया एलान

    नई दिल्ली। स्पिन ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर न्यूजीलैंड वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं. वह वडोदरा में खेले गए पहले वनडे में बॉलिंग करते समय चोटिल हुए थे. बीसीसीआ ने सुंदर के रिप्लेसमेंट का एलान कर दिया है. उनकी जगह दिल्ली के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले आय़ुष बदोनी को टीम में शामिल किया गया है. बदोनी पहली बार राष्ट्रीय टीम में चुने गए हैं.

    स्पिन ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर ने रविवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे मैच के दौरान गेंदबाजी करते समय अपनी बाईं पसली के निचले हिस्से में तेज दर्द की शिकायत की थी. अब उनका स्कैन किया जाएगा. इसके बाद बीसीसीआई की मेडिकल टीम विशेषज्ञ की राय लेगी.

    बीसीसीआई ने प्रेस रिलीज जारी कर बताया कि वाशिंगटन सुंदर न्यूजीलैंड वनडे सीरीज के शेष दो मैचों से बाहर हो गए हैं. पुरुष चयन समिति ने उनकी जगह आयुष बदोनी को टीम में शामिल किया है. बदोनी दूसरे वनडे के वेन्यू यानी राजकोट में टीम से जुड़ेंगे.

    26 साल के आयुष बदोनी ने अब तक 27 लिस्ट ए मैच खेले हैं. इस दौरान उन्होंने एक शतक और पांच अर्धशतकों के साथ 36.47 की औसत से 693 रन बनाए हैं. वह मिडिल ऑर्डर में विस्फोटक बल्लेबाजी के साथ-साथ स्पिन गेंदबाजी भी कर सकते हैं. लिस्ट में उनके नाम 18 विकेट हैं. बदोनी आईपीएल में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेलते हैं. आईपीएल में बदोनी ने अब तक 56 मैच खेले हैं. इस दौरान उन्होंने 963 रन बनाए हैं और 4 विकेट झटके हैं. आईपीएल में उन्हें सिर्फ सात पारियों में ही गेंदबाजी करने का मौका मिला है.

    दूसरे और तीसरे वनडे के लिए भारत की टीम- शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), रवींद्र जडेजा, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव, नितीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, यशस्वी जयसवाल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर) और आयुष बदोनी

  • न्यूजीलैंड सीरीज से बाहर हुए वॉशिंगटन सुंदर, पसली की चोट बनी बाधा…

    न्यूजीलैंड सीरीज से बाहर हुए वॉशिंगटन सुंदर, पसली की चोट बनी बाधा…


    नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ जारी वनडे सीरीज में बड़ा झटका लगा है। ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर पसली की चोट के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। यह चोट उन्हें वडोदरा में खेले गए पहले वनडे मुकाबले के दौरान लगी थी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड BCCI के एक अधिकारी ने पुष्टि की कि सुंदर को बाईं ओर निचली पसली में खिंचाव महसूस हुआ और मेडिकल टीम ने उन्हें आगे के मैचों से आराम देने का फैसला किया।

    मैच के बाद कप्तान शुभमन गिल ने भी संकेत दिए थे कि सुंदर पूरी तरह फिट नहीं थे। गिल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि वॉशिंगटन ने दर्द के बावजूद 5 ओवर गेंदबाजी की लेकिन इसके बाद उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा। 26 वर्षीय सुंदर ने न्यूजीलैंड की पारी के दौरान 5 ओवर में 27 रन दिए और गेंदबाजी करते समय पसलियों में खिंचाव महसूस होने के कारण दोबारा फील्डिंग के लिए मैदान पर नहीं लौट सके।इसके बावजूद सुंदर ने भारतीय टीम की रन चेज में बल्लेबाजी करने का फैसला किया। उन्होंने नंबर-8 पर केएल राहुल के साथ मिलकर अहम साझेदारी निभाई। दोनों ने मिलकर 16 गेंदों में 27 रन जोड़े जिससे टीम की जीत आसान हुई। सुंदर ने नाबाद 7 रन बनाए जबकि राहुल 29 रन पर नाबाद लौटे। भारत ने 49 ओवर में 6 विकेट खोकर 306 रन बनाते हुए मुकाबला चार विकेट से अपने नाम किया।

    केएल राहुल ने मैच के बाद बताया कि उन्हें सुंदर की चोट की गंभीरता का अंदाजा नहीं था। राहुल के अनुसार मुझे बस इतना पता था कि पहली पारी में उन्हें थोड़ी परेशानी हुई थी। बल्लेबाजी के दौरान वह गेंद को अच्छे से टाइम कर रहे थे इसलिए चोट इतनी गंभीर नहीं लगी। रन रेट पहले से अच्छा था जिससे सुंदर पर अतिरिक्त दबाव नहीं पड़ा।वॉशिंगटन सुंदर इस सीरीज में चोटिल होने वाले तीसरे भारतीय खिलाड़ी हैं। इससे पहले विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत प्रैक्टिस सत्र के दौरान पसली में चोट के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो चुके हैं। उनकी जगह ध्रुव जुरेल को टीम में शामिल किया गया था। वहीं सीरीज शुरू होने से पहले ही तिलक वर्मा भी चोट के चलते बाहर हो गए थे।

    लगातार चोटों के चलते टीम इंडिया के संयोजन पर असर पड़ सकता है। चयनकर्ताओं और टीम मैनेजमेंट के सामने अब यह चुनौती है कि वे आगे के मैचों के लिए सही विकल्प चुनें और टीम की बैलेंसिंग को बनाए रखें।वॉशिंगटन सुंदर के बाहर होने से टीम की गेंदबाजी और मध्यक्रम में विकल्प सीमित हो जाएंगे। इससे भारतीय टीम को अगले मैचों में रणनीति और प्लेइंग इलेवन तय करने में अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ेगी।