Blog

  • न्यू ईयर 2026 पर भोपाल की सड़कों पर हाई अलर्ट, नशा ड्राइविंग के खिलाफ सख्त अभियान

    न्यू ईयर 2026 पर भोपाल की सड़कों पर हाई अलर्ट, नशा ड्राइविंग के खिलाफ सख्त अभियान


    भोपाल। नए साल की दस्तक से ठीक पहले भोपाल की सड़कों पर यातायात पुलिस अलर्ट मोड में है। नववर्ष 2026 से पहले होने वाले समारोहों और पार्टियों के मद्देनज़र पुलिस ने नशे में वाहन चलाने से होने वाले हादसों और युवाओं की बढ़ती मौतों को रोकने के लिए सघन अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत शहर के प्रमुख चौराहों और तिराहों पर 48 चेकिंग पॉइंट लगाए गए हैं, जहां दोपहिया, चारपहिया, ऑटो और टैक्सी चालकों की शराब सेवन की जांच ब्रीथ एनालाइजर से की जा रही है।
    पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई किसी को परेशान करने के लिए नहीं, बल्कि लोगों की जान बचाने के उद्देश्य से की जा रही है।

    आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश में हर साल सड़क हादसों में एक लाख 20 हजार से ज्यादा लोग घायल होते हैं। इनमें सबसे ज्यादा प्रभावित 15 से 30 साल के युवाओं का आयु वर्ग है, जो कुल दुर्घटना पीड़ितों का 61 प्रतिशत है।

    इसके बाद 31 से 45 वर्ष के लोग 25 प्रतिशत, 46 से 60 वर्ष के 9 प्रतिशत और 60 वर्ष से अधिक के केवल 2 प्रतिशत लोग शामिल हैं। इंदौर, भोपाल और जबलपुर में सबसे ज्यादा सड़क हादसे हुए हैं, जहां तेज रफ्तार, ट्रैफिक नियमों की अनदेखी और नशे में वाहन चलाना मुख्य कारण बने हैं।

    नगरीय यातायात पुलिस ने कहा कि नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की जा रही है। दोषी पाए जाने पर 10 हजार रुपए तक का जुर्माना लगाया जा सकता है और अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

    पुलिस ने अब तक एक दर्जन से अधिक चालकों पर कार्रवाई की है। नववर्ष की पूर्व संध्या और 1 जनवरी को जिलेभर में लगभग चार दर्जन स्थानों पर चेकिंग प्वाइंट सक्रिय रहेंगे, जिसमें यातायात पुलिस के साथ जिले के थाने का बल भी शामिल होगा ताकि किसी भी तरह की लापरवाही पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

    भोपाल पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे नशे की हालत में वाहन न चलाएं। एक छोटी सी गलती न केवल चालक की, बल्कि सड़क पर मौजूद अन्य लोगों की जान भी खतरे में डाल सकती है। साथ ही पुलिस ने कहा कि यातायात नियमों का पालन कर लोग अपनी और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। किसी भी असुविधा या मदद के लिए यातायात नियंत्रण कक्ष के नंबर 0755-2677340 या 2443850 पर संपर्क किया जा सकता है।

  • बांग्लादेश की लोकतंत्र की जननी खालिदा जिया का निधन, तारिक रहमान बोले ‘अल्लाह की पुकार’

    बांग्लादेश की लोकतंत्र की जननी खालिदा जिया का निधन, तारिक रहमान बोले ‘अल्लाह की पुकार’


    नई दिल्ली। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री और बीएनपी (Bangladesh Nationalist Party) प्रमुख बेगम खालिदा जिया का मंगलवार, 30 दिसंबर 2025 को 80 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन की खबर ने देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शोक की लहर दौड़ा दी। बेटे तारिक रहमान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर भावुक पोस्ट साझा करते हुए लिखा, मेरी मां और BNP की अध्यक्ष बेगम खालिदा जिया अल्लाह की पुकार सुनकर आज हमें छोड़कर चली गईं।

    तारिक ने अपने पोस्ट में कहा कि उनकी मां केवल राजनीतिक नेता नहीं थीं, बल्कि लोकतंत्र की जननी और बांग्लादेश की मां के रूप में जानी जाती थीं।

    उन्होंने जीवनभर देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए संघर्ष किया और तानाशाही व राजनीतिक उत्पीड़न के खिलाफ मजबूती से खड़ी रहीं। इसके अलावा, तारिक ने खालिदा जिया के मातृत्व और करुणा की भी तारीफ की, बताया कि राजनीतिक संघर्षों के बीच उन्होंने हमेशा अपने परिवार को संभाला और कठिन परिस्थितियों में भी साहस नहीं खोया।

    गिरफ्तारी, बीमारी और संघर्ष भरा जीवन
    खालिदा जिया का जीवन संघर्षों और चुनौतियों से भरा रहा।

    उन्हें कई बार गिरफ्तार किया गया, इलाज से वंचित रखा गया और लगातार राजनीतिक उत्पीड़न झेलना पड़ा। बावजूद इसके उनका व्यक्तित्व शांत, अडिग और मजबूत रहा। निजी जीवन में उन्हें अपने पति और बच्चों को खोने का दर्द भी सहना पड़ा, लेकिन उन्होंने देश की सेवा को अपना सर्वोच्च उद्देश्य बनाया और जनता को अपने परिवार की तरह अपनाया।

    लोकतांत्रिक विरासत और योगदान
    खालिदा जिया ने तीन बार बांग्लादेश की प्रधानमंत्री के रूप में सेवा की और महिलाओं की भागीदारी, शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण पहल की।

    उनके नेतृत्व में BNP ने बांग्लादेश में राष्ट्रीयता, लोकतंत्र और विकास के मुद्दों को मजबूती से उठाया। उनके राजनीतिक जीवन और संघर्षों की कहानी आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी।

    पारिवारिक जीवन और BNP में योगदान
    खालिदा जिया के पति, जियाउर रहमान, बांग्लादेश के पूर्व राष्ट्रपति थे, जिनकी हत्या 1981 में हुई। इस व्यक्तिगत और राजनीतिक सदमे के बावजूद, खालिदा जिया ने पार्टी और देश की सेवा जारी रखी। उनके बेटे तारिक रहमान भी BNP में सक्रिय भूमिका निभाते रहे और उनकी राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। BNP, बांग्लादेश की प्रमुख राजनीतिक पार्टी, 1978 में जियाउर रहमान द्वारा स्थापित की गई थी और यह राष्ट्रीयता, लोकतंत्र और विकास के मुद्दों पर सक्रिय रही है।

    देश और दुनिया के प्रति आभार
    तारिक रहमान ने परिवार की ओर से देश और दुनिया भर से मिले प्रेम, सम्मान और संवेदनाओं के लिए आभार जताया। खालिदा जिया का निधन बांग्लादेश की राजनीति में एक युग के अंत के रूप में देखा जा रहा है। उनका जीवन, संघर्ष और लोकतांत्रिक सिद्धांत आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे।

    खालिदा जिया का जीवन केवल बीएनपी या बांग्लादेश तक सीमित नहीं था, बल्कि पूरे दक्षिण एशिया में लोकतंत्र और महिलाओं की राजनीति में उनकी पहचान अमिट रही। उनकी मातृत्व, नेतृत्व क्षमता और लोकतंत्र के प्रति समर्पण उन्हें हमेशा यादगार बनाए रखेंगे।

  • रणवीर सिंह की 'धुरंधर' का बॉक्‍स आफिस पर धमाल, 690 करोड़ की कमाई

    रणवीर सिंह की 'धुरंधर' का बॉक्‍स आफिस पर धमाल, 690 करोड़ की कमाई

    मुंबई। रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ का बॉक्‍स आफिस पर धमाल, 690 करोड़ की कमाई
    मुंबई। बॉलीवुड स्टार रणवीर सिंह इन दिनों अपनी सुपरहिट फिल्म ‘धुरंधर’ की कामयाबी का जश्न मना रहे हैं। आदित्य धर के निर्देशन में बनी यह फिल्म 5 दिसंबर को रिलीज हुई थी और तब से बॉक्स ऑफिस पर मजबूती से टिकी हुई है। खास यह है कि इसके सामने रिलीज हुई दूसरी फिल्म दर्शकों का ध्यान खींचने में नाकाम रही है। लगातार जबरदस्त कमाई करते हुए ‘धुरंधर’ ने रिलीज के 24वें दिन एक नया कीर्तिमान बना दिया है।
    इस फिल्म में रणवीर के अलावा मुख्य भूमिका में संजय दत्त, आर माधवन, अक्षय खन्न, अर्जुन रामपाल, राकेश बेदी के साथ कई अन्य कलाकार हैं। वहीं सारा अर्जुन इस फिल्म में रणवीर के साथ इश्क फरमाते नजर आ रहीं हैं।

    चौथे वीकेंड पर भी बरकरार रहा जादू

    ‘धुरंधर’ का असर चौथे वीकेंड पर भी साफ देखने को मिला, सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने 24वें दिन यानी चौथे रविवार को करीब 22.25 करोड़ रुपये की कमाई की। इससे पहले 23वें दिन फिल्म का कलेक्शन 20.5 करोड़ रुपये रहा था। इसके साथ ही भारतीय बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की कुल कमाई 690.25 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है। इस शानदार प्रदर्शन ने ‘धुरंधर’ के सीक्वल को लेकर दर्शकों की उम्मीदें और बढ़ा दी हैं।

    वर्ल्डवाइड कलेक्शन में रचा इतिहास

    रिपोर्ट के मुताबिक, ‘धुरंधर’ ने दुनियाभर में 1,064 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। 24वें दिन ही फिल्म ने ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर 30 करोड़ से ज्यादा का बिजनेस किया। इस दौरान इसने प्रभास की ‘कल्कि 2898 AD’ (1,042 करोड़) और शाहरुख खान की ‘पठान’ (1,055 करोड़) को पीछे छोड़ दिया। इसके साथ ही ‘धुरंधर’ अब सबसे ज्यादा कमाई करने वाली 7वीं भारतीय फिल्म बन चुकी है। अब फिल्म की नजर ‘जवान’ (1,160 करोड़), ‘केजीएफ चैप्टर 2’ (1,215 करोड़) और आरआरआर (1,230 करोड़) जैसे बड़े रिकॉर्ड्स पर टिकी हुई है।

  • सेवा के नाम रहा विश्वास सारंग का जन्मदिन, वर्चुअल आयोजन के साथ गरीबों को कंबल-भोजन और स्वास्थ्य सुविधाएं

    सेवा के नाम रहा विश्वास सारंग का जन्मदिन, वर्चुअल आयोजन के साथ गरीबों को कंबल-भोजन और स्वास्थ्य सुविधाएं


    भोपाल। मध्य प्रदेश के सहकारिता खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने इस वर्ष अपने जन्मदिन को पारंपरिक समारोहों से अलग हटकर सेवा और सामाजिक सरोकारों के साथ मनाया। उन्होंने व्यक्तिगत मिलन या भव्य आयोजन से दूरी बनाते हुए जन्मदिन को वर्चुअल माध्यम से मनाने का निर्णय लिया जिससे अधिक से अधिक लोग सेवा कार्यों से जुड़ सकें।मंत्री के इस आह्वान पर प्रदेशभर में उनके समर्थक कार्यकर्ता और शुभचिंतक सामाजिक सेवा गतिविधियों में सक्रिय नजर आए। विभिन्न जिलों और बस्तियों में गरीब बेसहारा और जरूरतमंद लोगों को कंबल गर्म कपड़े और भोजन वितरित किया गया। ठंड के मौसम को देखते हुए यह पहल खास तौर पर जरूरतमंदों के लिए राहत लेकर आई।

    सेवा कार्य केवल भोजन और वस्त्र वितरण तक सीमित नहीं रहा। कई स्थानों पर निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर रक्तदान कार्यक्रम और जागरूकता अभियान भी आयोजित किए गए जिससे आम लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिला। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए बड़ी संख्या में पौधारोपण किया गया।शिक्षा के क्षेत्र में भी योगदान देते हुए नरेला विधानसभा क्षेत्र सहित अन्य इलाकों में विद्यार्थियों को किताबें और स्टेशनरी वितरित की गईं। आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराकर शिक्षा को प्रोत्साहित किया गया।

    जन्मदिन के अवसर पर मंत्री विश्वास सारंग ने मथुरा में संतजनों को भोजन कराया और गिरिराज धाम में दर्शन-पूजन कर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने सामाजिक एकता सेवा और संवेदनशीलता को जीवन का महत्वपूर्ण मूल्य बताया।सोशल मीडिया पर भी इस अनूठे जन्मदिन की झलक देखने को मिली। ट्विटर एक्स पर HBDVishvasSarang हैशटैग लंबे समय तक ट्रेंड करता रहा। मंत्री ने जनता के प्रति आभार जताते हुए कहा कि जनता का विश्वास और आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने यह भी कहा कि जन्मदिन जैसे व्यक्तिगत अवसरों को समाज सेवा से जोड़ना हर सार्वजनिक प्रतिनिधि का दायित्व होना चाहिए।

    सामाजिक कार्यकर्ताओं और विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के प्रयास समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और नेतृत्व की सही परिभाषा प्रस्तुत करते हैं। वर्चुअल माध्यम से जन्मदिन मनाने का यह प्रयोग दिखाता है कि व्यक्तिगत उत्सव से अधिक समाज के प्रति जिम्मेदारी अहम है।कुल मिलाकर विश्वास सारंग का जन्मदिन केवल एक व्यक्तिगत अवसर न होकर सेवा सहयोग और सामाजिक चेतना का प्रतीक बनकर सामने आया जिसने जनसेवा के नए मानक स्थापित किए।

  • प्रियंका गांधी के बेटे रेहान वाड्रा की सगाई की अटकलें, वायरल फोटो से सोशल मीडिया में हलचल

    प्रियंका गांधी के बेटे रेहान वाड्रा की सगाई की अटकलें, वायरल फोटो से सोशल मीडिया में हलचल


    नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी और उद्योगपति रॉबर्ट वाड्रा के बेटे रेहान वाड्रा को लेकर इन दिनों सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज है। वजह है एक वायरल तस्वीर जिसके सामने आने के बाद यह कयास लगाए जा रहे हैं कि रेहान वाड्रा ने अपनी लंबे समय से गर्लफ्रेंड मानी जा रही अविवा बेग से सगाई कर ली है। हालांकि गांधी या वाड्रा परिवार की ओर से अब तक इस खबर को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

    मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार रेहान वाड्रा और अविवा बेग पिछले करीब सात वर्षों से एक-दूसरे को जानते हैं और उनके बीच करीबी रिश्ता बताया जाता है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीर में दोनों एक साथ नजर आ रहे हैं जिसके बाद सगाई की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि यह तस्वीर किसी निजी पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान ली गई थी जिसमें सीमित लोग ही मौजूद थे।सूत्रों के मुताबिक यदि सगाई हुई भी है तो उसे बेहद निजी रखा गया और इसमें गांधी-वाड्रा परिवार तथा बेग परिवार के कुछ करीबी सदस्य ही शामिल हुए। तस्वीर के सार्वजनिक होते ही सोशल मीडिया पर तरह-तरह की अटकलें लगाई जाने लगीं लेकिन किसी भी पक्ष की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई है।

    बताया जा रहा है कि वायरल फोटो प्रियंका गांधी और रॉबर्ट वाड्रा की बेटी मिराया वाड्रा की वर्ष 2025 की ग्रेजुएशन सेरेमनी के दौरान की है। इसी कार्यक्रम से जुड़ी तस्वीर सामने आने के बाद रेहान और अविवा की सगाई को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं। फिलहाल आधिकारिक पुष्टि के अभाव में इसे केवल अटकलों के तौर पर देखा जा रहा है।अविवा बेग दिल्ली की रहने वाली हैं और उनका परिवार लंबे समय से राजधानी में निवास कर रहा है। जानकारी के अनुसार गांधी-वाड्रा और बेग परिवार एक-दूसरे को पहले से जानते हैं। अविवा पेशे से फोटोग्राफर और आर्ट क्यूरेटर हैं। वहएटेलियर-11 की को-फाउंडर हैं जो एक फोटोग्राफी स्टूडियो और प्रोडक्शन कंपनी के रूप में जानी जाती है।

    अविवा बेग कला और डिजाइन की दुनिया में एक जाना-पहचाना नाम हैं। वह इंडिया आर्ट फेयर के यंग कलेक्टर प्रोग्राम और इंडिया डिजाइन आईडी जैसी प्रतिष्ठित प्रदर्शनियों में अपनी उपस्थिति दर्ज करा चुकी हैं। उनकी क्रिएटिव प्रोफाइल और अंतरराष्ट्रीय कला मंचों से जुड़ाव की भी काफी चर्चा रहती है।वहीं रेहान वाड्रा भी फोटोग्राफी के शौकीन माने जाते हैं खासतौर पर वाइल्डलाइफ फोटोग्राफी में उनकी गहरी रुचि है। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि आठ साल की उम्र से ही उन्हें कैमरे से लगाव हो गया था। उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर प्रकृति और वन्यजीवों से जुड़ी कई तस्वीरें देखी जा सकती हैं। इसी साझा रुचि को रेहान और अविवा के रिश्ते की मजबूत नींव माना जाता है।

    राजनीतिक दृष्टि से रेहान वाड्रा अब तक सक्रिय भूमिका में नजर नहीं आए हैं लेकिन जनवरी 2023 में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में उनकी मौजूदगी ने लोगों का ध्यान जरूर खींचा था। मध्य प्रदेश में यात्रा के दौरान वे करीब तीन दिन तक राहुल गांधी के साथ पदयात्रा करते दिखे थे। इसके बाद से उनके भविष्य को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चाएं होती रही हैं।फिलहाल रेहान वाड्रा और अविवा बेग की सगाई को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। परिवार की ओर से आधिकारिक पुष्टि या खंडन का इंतजार किया जा रहा है। तब तक यह मामला सोशल मीडिया और राजनीतिक चर्चाओं में बना हुआ है।

  • प्रभास की फिल्‍म 'द राजा साब' में मालविका मोहनन की जोरदार एंट्री

    प्रभास की फिल्‍म 'द राजा साब' में मालविका मोहनन की जोरदार एंट्री

    मुंबई। टीम ‘द राजा साब’ ने फिल्म से  के किरदार भैरवी का आधिकारिक खुलासा कर दिया है, जिसने फिल्म के प्रमोशन को एक नया मोड़ दे दिया है। इस अनाउंसमेंट के साथ ही दर्शकों की उत्सुकता और भी बढ़ गई है। भैरवी को एक रहस्यमयी, स्टाइलिश और ताकतवर शख्सियत के रूप में पेश किया गया है, जिससे साफ है कि कहानी में उनका रोल बेहद अहम होने वाला है। भारत की सबसे बड़ी अपकमिंग हॉरर-फैंटेसी फिल्मों में गिनी जा रही इस फिल्म के लिए यह खुलासा काफी चर्चा में है।

    जारी किए गए नए पोस्टर में मालविका मोहनन ब्लैक साड़ी, स्टेटमेंट ब्लाउज, लेयर्ड ब्रेसलेट्स, टेक्सचर्ड हैंडबैग और सनग्लासेस के साथ बेहद एलिगेंट अंदाज में नजर आ रही हैं। उनकी शांत लेकिन आत्मविश्वास से भरी नजरें एक साथ रहस्य और आकर्षण दोनों का एहसास कराती हैं। बैकग्राउंड में दिखता सुनसान कॉरिडोर फिल्म के भूतिया माहौल को और गहराई देता है, जिससे यह साफ हो जाता है कि भैरवी कहानी के सस्पेंस से गहराई से जुड़ी हुई हैं।

    फिल्म के गानों और ट्रेलर को पहले ही दर्शकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल चुकी है, जिसके बाद ‘द राजा साब’ लगातार मजबूत पकड़ बना रही है। दर्शक इसके म्यूजिक, भव्य विजुअल्स और अलग अंदाज की खूब तारीफ कर रहे हैं। खास बात यह है कि प्रभास को इस बार एक नए, हल्के लेकिन लेयर्ड अवतार में देखने को मिलेगा, जहां उनका चार्म फिल्म की रहस्यमयी और सुपरनैचुरल दुनिया से मेल खाता है।

    मारुति द्वारा लिखित और निर्देशित ‘द राजा साब’ का निर्माण पीपल मीडिया फैक्ट्री और आईवीवाई एंटरटेनमेंट ने किया है। फिल्म में प्रभास, संजय दत्त, बोमन ईरानी, मालविका मोहनन, निधि अग्रवाल और ऋद्धि कुमार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह हॉरर-फैंटेसी फिल्म हिंदी, तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में 9 जनवरी 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

  • पुतिन के सरकारी आवास पर ड्रोन हमला? रूस ने 91 यूक्रेनी ड्रोन गिराने का दावा, यूक्रेन ने किया खारिज

    पुतिन के सरकारी आवास पर ड्रोन हमला? रूस ने 91 यूक्रेनी ड्रोन गिराने का दावा, यूक्रेन ने किया खारिज


    नई दिल्ली । रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध में तनाव फिर चरम पर पहुंच गया है। रूस ने दावा किया है कि यूक्रेन ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के नोवगोरोड स्थित सरकारी आवास पर बड़े पैमाने पर ड्रोन हमला करने की कोशिश की। रूसी वायु रक्षा प्रणाली ने इस कथित हमला नाकाम कर दिया।

    रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव के अनुसार 28 और 29 दिसंबर की रात कुल 91 ड्रोन रूस की ओर भेजे गए थे। इन सभी ड्रोन को अलग-अलग क्षेत्रों में मार गिराया गया। लावरोव ने इस हमले को आतंकवादी कार्रवाई करार दिया और चेतावनी दी कि राष्ट्रपति के आवास को निशाना बनाना रूस की संप्रभुता और सुरक्षा पर हमला है जिसका जवाब कड़ा होगा। हालांकि रूस ने अब तक इस ड्रोन हमले से जुड़े कोई वीडियो या तस्वीरें साझा नहीं की हैं और यह स्पष्ट नहीं है कि हमले के समय पुतिन उस आवास पर मौजूद थे या नहीं।

    दूसरी ओर यूक्रेन ने रूस के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने इसे “पूरी तरह झूठा और मनगढ़ंत” बताया। उन्होंने कहा कि रूस इस तरह के दावों के जरिए कीव पर हमले का बहाना खोज रहा है। जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि यूक्रेन कूटनीतिक समाधान के लिए प्रतिबद्ध है जबकि रूस युद्ध को लंबा खींचने के लिए बहाने तलाश रहा है।यूक्रेनी राष्ट्रपति ने यह भी आरोप लगाया कि रूस पहले भी इसी तरह के दावों के आधार पर कीव में सरकारी इमारतों और नागरिक ठिकानों को निशाना बनाता रहा है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील की कि वह रूस की मंशा को समझते हुए चुप न रहे।

    रूस की ओर से विदेश नीति सलाहकार यूरी उशाकोव ने कहा कि पुतिन ने इस कथित हमले की जानकारी अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को फोन पर दी। उशाकोव के अनुसार ट्रम्प इस जानकारी से हैरान थे। यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब हाल ही में ट्रम्प और जेलेंस्की के बीच फ्लोरिडा में युद्ध समाप्त करने को लेकर लंबी बातचीत हुई थी।इसी बीच जेलेंस्की ने खुलासा किया कि अमेरिका ने शांति योजना के तहत यूक्रेन को 15 साल की सुरक्षा गारंटी का प्रस्ताव दिया है लेकिन कीव इससे अधिक मजबूत और दीर्घकालिक गारंटी चाहता है। रूस पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि वह यूक्रेन में NATO या पश्चिमी देशों की सैन्य मौजूदगी स्वीकार नहीं करेगा।

    विश्लेषकों का मानना है कि पुतिन के आवास पर ड्रोन हमले का दावा शांति वार्ता के नाजुक दौर में दबाव बनाने की रणनीति भी हो सकता है। आने वाले दिनों में यह देखना अहम होगा कि यह आरोप केवल कूटनीतिक बयानबाजी तक सीमित रहता है या संघर्ष को और तेज करता है।इस बीच अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजर भी इस पर बनी हुई है कि रूस और यूक्रेन के बीच मौजूदा तनाव का समाधान किस दिशा में होगा। दोनों देशों के बीच जारी युद्ध के कारण वैश्विक सुरक्षा और ऊर्जा संकट भी प्रभावित हो रहा है।

  • आज की सरकारी नौकरी अपडेट 2026: बैंक, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में 25 हजार से अधिक पदों पर भर्ती

    आज की सरकारी नौकरी अपडेट 2026: बैंक, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में 25 हजार से अधिक पदों पर भर्ती


    नई दिल्ली: सरकारी नौकरी Government Jobs 2026 की तलाश कर रहे युवाओं के लिए आज कई महत्वपूर्ण अपडेट सामने आए हैं। बैंक, राज्य प्रशासन और स्वास्थ्य सेवाओं में हजारों पदों पर भर्ती की प्रक्रिया जारी है। इन भर्तियों में आवेदन की समयसीमा नजदीक होने के कारण उम्मीदवारों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।

    लातूर डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक भर्ती

    महाराष्ट्र के लातूर डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक ने कुल 375 पदों पर भर्ती निकाली है। इन पदों में क्लर्क, चपरासी और ड्राइवर शामिल हैं। क्लर्क पद के लिए किसी भी विषय में स्नातक डिग्री और कंप्यूटर ज्ञान अनिवार्य है। चपरासी और ड्राइवर पदों के लिए न्यूनतम 12वीं पास योग्यता निर्धारित की गई है। इसके अलावा, ड्राइवर पद के लिए वैध लाइट मोटर व्हीकल लाइसेंस जरूरी है। चयन लिखित परीक्षा, स्किल टेस्ट या इंटरव्यू और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा। उम्मीदवार 21 जनवरी 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।

    बिहार सेकेंड इंटर लेवल भर्ती

    बिहार कर्मचारी चयन आयोग ने सेकेंड इंटर लेवल संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 2025 के तहत पदों की संख्या बढ़ाकर 24,492 कर दी है। पहले घोषित पदों के अलावा 1,317 नए पद जोड़े गए हैं। इस भर्ती में 12वीं पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि पहले से आवेदन कर चुके अभ्यर्थियों को फॉर्म दोबारा भरने की आवश्यकता नहीं है। चयन प्रक्रिया में प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और स्किल टेस्ट शामिल होगा। आवेदन की अंतिम तिथि 15 जनवरी 2026 है।

    नेशनल हेल्थ मिशन, पंजाब भर्ती

    स्वास्थ्य क्षेत्र में नौकरी की तलाश कर रहे डॉक्टरों के लिए नेशनल हेल्थ मिशन पंजाब ने 300 स्पेशलिस्ट पदों पर भर्ती की घोषणा की है। इन पदों के लिए उम्मीदवारों के पास एमबीबीएस के साथ संबंधित विषय में पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री या डिप्लोमा होना अनिवार्य है। अधिकतम आयु सीमा 64 वर्ष रखी गई है। चयन शैक्षणिक योग्यता, कार्य अनुभव और इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा। इंटरव्यू जनवरी 2026 में अलग-अलग तिथियों पर आयोजित किए जाएंगे।

    छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग CGPSC भर्ती

    छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राज्य सेवा परीक्षा 2025 के लिए आज आवेदन की अंतिम तिथि है। इस भर्ती के जरिए कुल 238 प्रशासनिक पद भरे जाएंगे। प्रारंभिक परीक्षा फरवरी 2026 में प्रस्तावित है। आयोग ने उम्मीदवारों से समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।

    उम्मीदवारों के लिए महत्वपूर्ण टिप्स

    विशेषज्ञों का कहना है कि समयसीमा और पात्रता शर्तों की अनदेखी करने पर सरकारी नौकरी का अवसर हाथ से निकल सकता है। उम्मीदवारों को सलाह दी जा रही है कि वे आवेदन प्रक्रिया, दस्तावेज और पात्रता नियमों की सही जानकारी लेकर ही आवेदन करें।इन भर्तियों में आवेदन करने से युवाओं को बैंकिंग, प्रशासनिक और स्वास्थ्य क्षेत्र में स्थिर और सम्मानजनक कैरियर बनाने का मौका मिलेगा। ऐसे में अगर आप सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं तो समय रहते इन भर्तियों के लिए आवेदन करना बेहद जरूरी है।

  • तेजू भैया से रंगदारी मांगने की हिम्मत कौन कर गया? थाने में दर्ज कराया केस, मच गया सियासी शोर

    तेजू भैया से रंगदारी मांगने की हिम्मत कौन कर गया? थाने में दर्ज कराया केस, मच गया सियासी शोर


    नई दिल्ली । पटनाः जनशक्ति जनता दल के नेता तेज प्रताप ने अपने ही दल के पूर्व प्रवक्ता रहे संतोष रेणु यादव के खिलाफ सचिवालय थाना में गंभीर आरोपों के साथ मामला दर्ज कराया. तेज प्रताप ने आरोप लगाया है कि उन्हें धमकी दी गई और उनसे रंगदारी की मांग की गई है. इस शिकायत के सामने आते ही राजधानी की राजनीति में आरोप–प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया. तेज प्रताप की शिकायत के मुताबिक, संतोष रेणु यादव द्वारा लगातार दबाव बनाया जा रहा था और फोन कॉल के जरिए रंगदारी की मांग की गई. साथ ही उन्हें राजनीतिक और व्यक्तिगत रूप से नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी गई.
    सचिवालय थाना पुलिस ने इस मामले में आवेदन के आधार पर सनहा दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी गई है. दूसरी ओर, संतोष रेणु यादव ने भी पलटवार करते हुए बेऊर थाना में आवेदन देकर अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई थी. उन्होंने आरोप लगाया है कि राजनीतिक साजिश के तहत उन्हें फंसाने की कोशिश की जा रही है. संतोष रेणु यादव का कहना है कि उन्हें झूठे आरोपों में उलझाकर बदनाम किया जा रहा है और उनकी जान को खतरा है. उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच और सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है.
    संतोष रेणु यादव क्या बोले?

    संतोष रेणु यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वह सामाजिक कार्यों से जुड़े रहे हैं. माधव सेवा के अध्यक्ष के रूप में लगातार काम कर रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि तेज प्रताप द्वारा उन्हें बदनाम करने और झूठे केस में फंसाने की कोशिश की जा रही है. उनका कहना है कि वे कानून में भरोसा रखते हैं और सच सामने आएगा. दोनों पक्षों की शिकायत सामने आने के बाद पुलिस भी अलर्ट मोड में आ गई है. सिटी एसपी (पश्चिमी) पटना भानु प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों तरफ से लिखित आवेदन मिले हैं. पुलिस ने दोनों मामलों में सनहा दर्ज कर लिया है और सभी आरोपों की निष्पक्ष तरीके से जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि जांच के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
    क्या है पूरा मामला
    पूरे घटनाक्रम ने राजनीतिक हलकों में नई बहस छेड़ दी है. सवाल उठ रहे हैं कि आखिर पार्टी के अंदर ही इतना बड़ा विवाद कैसे खड़ा हो गया. दरअसल, जनशक्ति जनता दल से जुड़े नेता तेज प्रताप ने सचिवालय थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए संतोष रेणु यादव पर धमकी देने और रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है. वहीं, संतोष रेणु यादव ने बेऊर थाना में आवेदन देकर कहा है कि उन्हें राजनीतिक साजिश के तहत फंसाया जा रहा है और उनकी जान को खतरा है. दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और अब पूरे मामले पर सबकी नजर पुलिस की जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई है.
  • तेज प्रताप यादव ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत, रंगदारी और धमकी का आरोप

    तेज प्रताप यादव ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत, रंगदारी और धमकी का आरोप


    नई दिल्ली ।तेज प्रताप यादव की ओर से पुलिस को दिए गए आवेदन में कहा गया है कि संतोष रेणु यादव लगातार फोन कॉल के जरिए उन पर दबाव बना रहे थे। आरोप है कि उनसे मोटी रकम की रंगदारी मांगी गई और मांग पूरी न होने पर राजनीतिक और व्यक्तिगत रूप से नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई। तेज प्रताप ने इसे अपनी सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला बताया है।

    पुलिस ने शुरू की जांच

    सचिवालय थाना पुलिस ने तेज प्रताप यादव के आवेदन के आधार पर सनहा दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कॉल डिटेलमैसेज और अन्य सबूतों के आधार पर निष्पक्ष जांच की जाएगी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अलर्ट मोड में है।

    संतोष रेणु यादव का पलटवार

    दूसरी ओरआरोपी बनाए गए संतोष रेणु यादव ने भी तेज प्रताप के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने पटना के बेऊर थाना में आवेदन देकर अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है। संतोष रेणु यादव का आरोप है कि उन्हें राजनीतिक साजिश के तहत फंसाया जा रहा है और झूठे मामलों में उलझाकर बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।

    संतोष रेणु यादव ने क्या कहा

    मीडिया से बातचीत में संतोष रेणु यादव ने कहा कि वे लंबे समय से सामाजिक कार्यों से जुड़े हुए हैं और माधव सेवा नामक संगठन के अध्यक्ष के रूप में काम कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि उनका रंगदारी या धमकी से कोई लेना-देना नहीं है। उनका कहना है कि वे कानून में विश्वास रखते हैं और जांच में सच्चाई सामने आएगी।

    पुलिस का आधिकारिक बयान

    इस पूरे मामले पर पटना सिटी एसपी पश्चिमी भानु प्रताप सिंह ने कहा कि दोनों पक्षों की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त हुए हैं। पुलिस ने दोनों शिकायतों पर सनहा दर्ज कर ली है और निष्पक्ष जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।

    पार्टी के भीतर विवाद ने बढ़ाई सियासी गर्मी

    इस घटनाक्रम ने राजद के अंदरूनी समीकरणों को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पार्टी के भीतर आपसी मतभेद अब खुलकर सामने आ रहे हैं। तेज प्रताप यादव जैसे बड़े नेता द्वारा अपनी ही पार्टी के पूर्व प्रवक्ता पर लगाए गए आरोपों ने विपक्ष को भी हमला बोलने का मौका दे दिया है।

    अब सबकी नजर पुलिस जांच पर


    फिलहाल पूरे मामले में सस्पेंस बना हुआ है। एक तरफ तेज प्रताप यादव के गंभीर आरोप हैंतो दूसरी ओर संतोष रेणु यादव खुद को निर्दोष बता रहे हैं। अब यह देखना अहम होगा कि पुलिस जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और यह मामला आगे किस दिशा में जाता है।तेज प्रताप यादव से कथित रंगदारी मांगने का मामला सिर्फ एक कानूनी विवाद नहींबल्कि बिहार की राजनीति में नया सियासी तूफान बनकर उभरा है। आने वाले दिनों में पुलिस जांच और राजनीतिक प्रतिक्रियाएं इस मुद्दे को और गर्मा सकती हैं।