Tag: Entertainment News

  • TVF के कंटेंट पर नीरज घेवान ने उठाए प्रतिनिधित्व के सवाल पंचायत सीरीज को लेकर कही बड़ी बात

    TVF के कंटेंट पर नीरज घेवान ने उठाए प्रतिनिधित्व के सवाल पंचायत सीरीज को लेकर कही बड़ी बात


    नई दिल्ली। लोकप्रिय वेब सीरीज पंचायत और अन्य चर्चित शोज के लिए मशहूर TVF एक बार फिर चर्चा में है। इस बार वजह कोई नई सीरीज नहीं बल्कि फिल्म निर्देशक नीरज घेवान का बयान है। मसान और होमबाउंड जैसी फिल्मों के लिए पहचाने जाने वाले नीरज घेवान ने TVF के कंटेंट की तारीफ करते हुए भी उसके सामाजिक प्रतिनिधित्व को लेकर सवाल खड़े किए हैं। उनका मानना है कि गांवों की पृष्ठभूमि पर आधारित इन कहानियों में समाज के सभी वर्गों को पर्याप्त जगह नहीं मिलती।

    एक पॉडकास्ट के दौरान नीरज घेवान ने कहा कि TVF ने कई बेहतरीन और यादगार शोज बनाए हैं जिन्हें दर्शकों ने खूब पसंद किया है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें इस बात की कमी महसूस होती है कि इन शोज में निम्न जाति और मुस्लिम समुदाय के किरदार लगभग दिखाई नहीं देते। उनके अनुसार जब किसी कहानी को गांव की वास्तविक तस्वीर के रूप में पेश किया जाता है तब उसमें समाज के अलग अलग वर्गों का प्रतिनिधित्व भी दिखाई देना चाहिए।

    नीरज घेवान ने यह भी कहा कि TVF की स्थापना और उसके कई प्रमुख रचनाकार ऐसे लोगों में शामिल हैं जिन्होंने देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों से पढ़ाई की है। ऐसे में उनके कंधों पर समाज की विविधता को संतुलित ढंग से प्रस्तुत करने की जिम्मेदारी भी अधिक होती है। उनका कहना था कि यदि किसी गांव की कहानी दिखाई जा रही है तो वहां केवल एक ही सामाजिक वर्ग के लोगों को दिखाना वास्तविकता की पूरी तस्वीर पेश नहीं करता।

    उन्होंने खास तौर पर पंचायत सीरीज का जिक्र करते हुए कहा कि यदि किसी शो को गांव की सबसे प्रामाणिक कहानी बताया जाता है तो उसमें अलग अलग समुदायों और सामाजिक समूहों की मौजूदगी भी नजर आनी चाहिए। उनके अनुसार भारतीय गांवों की सामाजिक संरचना काफी विविध है और उसे उसी रूप में दिखाया जाना चाहिए।

    पंचायत TVF की सबसे सफल वेब सीरीज में गिनी जाती है। इसके अब तक चार सीजन रिलीज हो चुके हैं और हर सीजन को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला है। सोशल मीडिया पर भी इस सीरीज के कई किरदार और संवाद बेहद लोकप्रिय रहे हैं। यही वजह है कि पंचायत का एक अलग दर्शक वर्ग तैयार हो चुका है। इसी दुनिया से जुड़ी नई वेब सीरीज ग्राम चिकित्सालय भी जल्द दर्शकों के सामने आने वाली है।

    फिलहाल TVF की ओर से नीरज घेवान के बयान पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हालांकि उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिनिधित्व और कहानी कहने के तरीके को लेकर नई बहस शुरू हो गई है। एक वर्ग नीरज की बात का समर्थन कर रहा है तो वहीं कई दर्शकों का मानना है कि किसी भी रचनाकार को अपनी कहानी और पात्रों का चयन करने की स्वतंत्रता होती है। आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि इस मुद्दे पर TVF या पंचायत की टीम कोई प्रतिक्रिया देती है या नहीं।

  • इंडस्ट्री की चमक के पीछे का कड़वा सच कैरेक्टर आर्टिस्ट्स के साथ होता है भेदभाव

    इंडस्ट्री की चमक के पीछे का कड़वा सच कैरेक्टर आर्टिस्ट्स के साथ होता है भेदभाव


    नई दिल्ली  । बॉलीवुड और टेलीविजन इंडस्ट्री की चमक दमक दूर से जितनी आकर्षक दिखाई देती है वास्तविकता उतनी ही अलग और कई बार चौंकाने वाली होती है। पर्दे पर अपनी दमदार अदाकारी से दर्शकों का दिल जीतने वाले कई कलाकारों को पर्दे के पीछे सम्मान और सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ता है। हाल ही में वेब सीरीज पंचायत में क्रांति देवी का किरदार निभाकर लोकप्रिय हुईं अभिनेत्री सुनीता राजवार और अभिनेता जतिन नेगी ने इंडस्ट्री के इसी कड़वे सच को सामने रखा है।

    एक बातचीत के दौरान दोनों कलाकारों ने बताया कि फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में कलाकारों के साथ उनकी भूमिका और लोकप्रियता के आधार पर व्यवहार किया जाता है। जतिन नेगी का कहना है कि कैरेक्टर आर्टिस्ट्स को तब तक पूरा सम्मान नहीं मिलता जब तक वे परेश रावल या अनुपम खेर जैसे बड़े नाम न बन जाएं। उन्होंने बताया कि बड़े कलाकारों को कई वैनिटी वैन और पूरा स्टाफ उपलब्ध कराया जाता है जबकि कैरेक्टर आर्टिस्ट्स को सीमित सुविधाएं मिलती हैं। कई बार उन्हें अन्य कलाकारों के साथ वैनिटी वैन साझा करनी पड़ती है।

    जतिन ने कहा कि छोटे और बैकग्राउंड कलाकारों की स्थिति और भी मुश्किल होती है। उन्हें कई कलाकारों के साथ एक ही वैन शेयर करनी पड़ती है और अक्सर बुनियादी सुविधाओं के लिए भी इंतजार करना पड़ता है। उन्होंने यह भी बताया कि कई बार कलाकारों को उनके काम का भुगतान 90 दिनों बाद मिलता है जिससे आर्थिक परेशानियां बढ़ जाती हैं।

    अभिनेत्री सुनीता राजवार ने भी सेट पर होने वाले भेदभाव को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि यदि कोई कलाकार लीड रोल में होता है तो पूरा सेट उसी के इर्द गिर्द घूमता है। उसे बेहतर कमरे बेहतर सुविधाएं और पूरा सहयोग मिलता है। वहीं छोटे किरदार निभाने वाले कलाकारों को अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है। कई बार स्पॉटबॉय तक उन्हें महत्व नहीं देते।

    जतिन नेगी ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि एक समय ऐसा भी था जब वह बैकग्राउंड रोल कर रहे थे और सेट पर उन्हें खाने तक के लिए संघर्ष करना पड़ा। उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री में कलाकारों को ए बी और सी कैटेगरी में बांट दिया जाता है। वरिष्ठ और लोकप्रिय कलाकारों के लिए अलग भोजन व्यवस्था होती है जबकि जूनियर और बैकग्राउंड कलाकारों को अलग सेक्शन में खाना दिया जाता है।

    उन्होंने एक पुराना अनुभव साझा करते हुए बताया कि एक शूटिंग के दौरान उन्हें उनके गेटअप की वजह से खाने के सेक्शन में प्रवेश नहीं दिया गया। काफी देर तक समझाने और प्रोडक्शन टीम से संपर्क करने के बाद उन्हें खाना मिला। उन्होंने कहा कि उस समय उन्हें ऐसा महसूस हुआ जैसे उन्हें समाज से अलग कर दिया गया हो। इतना ही नहीं अलग-अलग कैटेगरी के कलाकारों को दिए जाने वाले खाने की गुणवत्ता में भी बड़ा अंतर होता है।

    दोनों कलाकारों का मानना है कि इंडस्ट्री में यह भेदभाव केवल सुविधाओं तक सीमित नहीं है बल्कि सम्मान और व्यवहार में भी साफ दिखाई देता है। उनका कहना है कि प्रतिभा और मेहनत के आधार पर सभी कलाकारों को बराबरी का सम्मान मिलना चाहिए क्योंकि किसी भी फिल्म या शो की सफलता में हर कलाकार का योगदान महत्वपूर्ण होता है।

    इन खुलासों ने एक बार फिर मनोरंजन जगत की उस सच्चाई को सामने ला दिया है जिस पर अक्सर चर्चा कम होती है। दर्शकों के लिए पर्दे पर दिखने वाली भव्य दुनिया के पीछे कई ऐसे कलाकार हैं जो अपने सपनों को पूरा करने के लिए संघर्ष के साथ-साथ असमानता का भी सामना कर रहे हैं।

  • बिग बॉस हाउस के अंदर के चौंकाने वाले सच ,सामने आए दिव्या अग्रवाल ने खोले कई राज

    बिग बॉस हाउस के अंदर के चौंकाने वाले सच ,सामने आए दिव्या अग्रवाल ने खोले कई राज


    नई दिल्ली । बिग बॉस रियलिटी शो हमेशा से दर्शकों के बीच उत्सुकता और विवाद का केंद्र रहा है जहां कैमरों की निगरानी में रहने वाले कंटेस्टेंट्स की निजी जिंदगी को लेकर कई तरह की चर्चाएं होती रहती हैं अब बिग बॉस ओटीटी के पहले सीजन की विनर दिव्या अग्रवाल ने शो को लेकर कई ऐसे खुलासे किए हैं जिन्होंने एक बार फिर इस शो की सच्चाइयों पर बहस छेड़ दी है

    दिव्या अग्रवाल हाल ही में एक पॉडकास्ट में शामिल हुईं जहां उन्होंने बिग बॉस हाउस के अंदर के नियमों अनुभवों और आमतौर पर फैलने वाली अफवाहों पर खुलकर बात की उन्होंने बताया कि घर के अंदर कई चीजें बाहर से दिखने से बिल्कुल अलग होती हैं और कई बार दर्शकों की कल्पनाएं वास्तविकता से काफी दूर होती हैं

    उन्होंने खाने पीने और राशन से जुड़े नियमों का जिक्र करते हुए कहा कि घर के अंदर सामान्य चीजें भी लग्जरी बन जाती हैं जैसे कॉफी और केचअप जैसी साधारण चीजें भी आसानी से उपलब्ध नहीं होतीं कंटेस्टेंट्स को सीमित राशन में ही अपना गुजारा करना पड़ता है और कई बार उन्हें जुगाड़ के सहारे काम चलाना पड़ता है

    इसी बातचीत में दिव्या ने सिगरेट को लेकर भी एक अहम बात साझा की उनके अनुसार सिगरेट को बिग बॉस हाउस में अलग तरह से देखा जाता है और यह कंटेस्टेंट्स को नियमित रूप से उपलब्ध कराई जाती है उन्होंने यह भी कहा कि कंटेस्टेंट्स से उनकी पसंद के ब्रांड तक पूछे जाते हैं ताकि उन्हें वही दिया जा सके

    शराब को लेकर सबसे ज्यादा फैली अफवाहों पर दिव्या ने साफ कहा कि बिग बॉस हाउस के अंदर किसी भी तरह की शराब या अल्कोहल की अनुमति नहीं होती उन्होंने इन सभी दावों को गलत बताया और कहा कि यह सिर्फ बाहर की कल्पनाएं हैं जबकि वास्तविकता इससे अलग है

    शो के अंदर रिश्तों और निजी व्यवहार को लेकर पूछे जाने वाले सवालों पर भी दिव्या ने बेबाकी से जवाब दिया उन्होंने इशारों में कहा कि कैमरों के बावजूद घर के अंदर कई तरह की निजी स्थितियां बनती हैं लेकिन हर चीज को दिखाया या प्रसारित नहीं किया जाता इस पर शो के फॉर्मेट और नियमों की सीमाएं लागू होती हैं

    इसके अलावा उन्होंने यह भी बताया कि दर्शक और लोग उनसे कई अजीब सवाल पूछते हैं जैसे घर के अंदर क्या क्या चीजें संभव हैं और क्या वहां ऐसी सुविधाएं होती हैं जिनकी लोग कल्पना करते हैं उन्होंने इन सवालों को मनोरंजक लेकिन अक्सर गलतफहमी पर आधारित बताया

    कुल मिलाकर दिव्या अग्रवाल के इन खुलासों ने एक बार फिर बिग बॉस हाउस के अंदर की जिंदगी को लेकर लोगों की उत्सुकता बढ़ा दी है और यह चर्चा तेज कर दी है कि असलियत और टीवी पर दिखने वाली कहानी के बीच कितना बड़ा अंतर होता है

  • 3000 रुपये की कमाई से बिग बॉस स्टार तक, अर्चना गौतम की प्रेरणादायक संघर्ष कहानी

    3000 रुपये की कमाई से बिग बॉस स्टार तक, अर्चना गौतम की प्रेरणादायक संघर्ष कहानी


    नई दिल्ली । मनोरंजन जगत की चमक-दमक के पीछे संघर्ष, मेहनत और धैर्य की लंबी कहानी छिपी होती है। इसका ताजा उदाहरण अभिनेत्री अर्चना गौतम हैं, जिन्होंने हाल ही में अपने करियर के शुरुआती दिनों के कुछ ऐसे अनुभव साझा किए, जिन्हें सुनकर हर कोई हैरान रह गया। आज भले ही अर्चना गौतम टीवी और सोशल मीडिया की चर्चित हस्ती हों, लेकिन इस मुकाम तक पहुंचने के लिए उन्होंने कई छोटे-बड़े संघर्षों का सामना किया है।

    ‘बिग बॉस 16’ से घर-घर में पहचान बनाने वाली अर्चना गौतम हाल ही में एक रियलिटी शो में पहुंचीं, जहां उन्होंने अपने करियर के शुरुआती दौर की चुनौतियों पर खुलकर बात की। अर्चना ने बताया कि इंडस्ट्री में पहचान बनाने से पहले उन्होंने कई छोटे किरदार निभाए। यहां तक कि लोकप्रिय क्राइम शो ‘CID’ में उन्होंने एक मृत शरीर यानी लाश का रोल भी किया था।

    अर्चना के अनुसार, उस समय उन्हें प्रतिदिन 3000 रुपये का भुगतान किया जाता था। हालांकि यह रकम आज भले ही छोटी लगे, लेकिन उस दौर में उनके लिए यह काम और कमाई दोनों ही बेहद महत्वपूर्ण थे। उन्होंने बताया कि यह उनके करियर का तीसरा टेलीविजन शो था और उस भूमिका ने उन्हें अभिनय की दुनिया को करीब से समझने का मौका दिया।

    अर्चना ने सेट से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा भी साझा किया। उन्होंने हंसते हुए बताया कि जब वह लाश बनकर बिना हिले-डुले लेटी रहती थीं, तब शो के सीनियर कलाकार उनकी आंखें खोलकर देखते थे कि कहीं वह पलक तो नहीं झपका रहीं। क्योंकि एक मृत शरीर के किरदार में बिल्कुल स्थिर रहना जरूरी होता था। उनके लिए यह अनुभव नया और चुनौतीपूर्ण था, क्योंकि लंबे समय तक बिना किसी हरकत के पड़े रहना आसान नहीं था।

    अभिनेत्री ने कहा कि लोग अक्सर ग्लैमर इंडस्ट्री को बाहर से देखकर यह मान लेते हैं कि यहां सफलता आसानी से मिल जाती है, लेकिन वास्तविकता इससे बिल्कुल अलग होती है। नए कलाकारों को छोटे-छोटे रोल, लंबे इंतजार, ऑडिशन और असफलताओं के दौर से गुजरना पड़ता है। कई बार मेहनत का परिणाम तुरंत नहीं मिलता, लेकिन लगातार प्रयास ही सफलता की राह खोलते हैं।

    अर्चना गौतम की कहानी इस बात का उदाहरण है कि कोई भी उपलब्धि रातों-रात हासिल नहीं होती। छोटे किरदारों से शुरू हुआ उनका सफर आज उन्हें मनोरंजन जगत की चर्चित हस्तियों में शामिल कर चुका है। उनके संघर्ष की यह कहानी उन युवाओं के लिए प्रेरणा है जो अभिनय की दुनिया में अपनी पहचान बनाने का सपना देखते हैं।

    आज अर्चना गौतम जिस आत्मविश्वास और लोकप्रियता के साथ दर्शकों के बीच मौजूद हैं, उसके पीछे वर्षों की मेहनत, धैर्य और संघर्ष की लंबी यात्रा छिपी हुई है। यही वजह है कि उनकी सफलता की कहानी लाखों युवाओं को अपने सपनों के लिए लगातार प्रयास करने की प्रेरणा देती है।

  • 83 की उम्र में भी नहीं थम रहा अमिताभ बच्चन का जुनून, एक ही दिन में शूट कर डालीं 12 शॉर्ट फिल्में

    83 की उम्र में भी नहीं थम रहा अमिताभ बच्चन का जुनून, एक ही दिन में शूट कर डालीं 12 शॉर्ट फिल्में


    नई दिल्ली । भारतीय सिनेमा के महानायक Amitabh Bachchan आज भी अपनी ऊर्जा, अनुशासन और काम के प्रति समर्पण से नई पीढ़ी को प्रेरित कर रहे हैं। 83 वर्ष की उम्र में जहां अधिकांश लोग आरामदायक जीवन की ओर बढ़ते हैं, वहीं अमिताभ बच्चन लगातार काम में व्यस्त हैं और अपने प्रोफेशनल कमिटमेंट्स को पूरी गंभीरता से निभा रहे हैं। हाल ही में उन्होंने ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिसने उनके प्रशंसकों को हैरान और प्रभावित दोनों कर दिया है।

    अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग के जरिए जानकारी दी कि उन्होंने एक ही दिन में 12 शॉर्ट फिल्मों की शूटिंग पूरी की है। उन्होंने देर रात अपने ब्लॉग में लिखा कि काम तो काम है और उसे पूरी ईमानदारी के साथ करना ही उनकी प्राथमिकता है। बिग बी ने बताया कि 12 शॉर्ट फिल्मों की शूटिंग पूरी हो चुकी है और अभी दो और शूट बाकी हैं। इसके बाद भी वह अपने प्रशंसकों से जुड़ने के लिए ब्लॉग लिख रहे थे।

    उन्होंने लिखा कि कई दिनों की तैयारी, लगातार पढ़ाई और कठिन परिश्रम के बाद भी वह अपने इरादों और काम करने के तरीके से कभी समझौता नहीं करते। उनके अनुसार, किसी भी काम को पूरी लगन और समर्पण के साथ करना ही सफलता की कुंजी है। ब्लॉग के अंत में उन्होंने यह भी लिखा कि अब वह आराम करने जा रहे हैं क्योंकि लंबे दिन के बाद शरीर को विश्राम की भी जरूरत होती है।

    बिग बी ने अपने प्रशंसकों के साथ अपने खास रिश्ते का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि फैंस के साथ उनका जुड़ाव कभी नहीं टूटना चाहिए। बाकी चीजें समय के साथ बदल सकती हैं, लेकिन दर्शकों का प्यार और संवाद उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण है।

    अमिताभ बच्चन की इस पोस्ट के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर प्रशंसकों की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। कई लोगों ने उन्हें प्रेरणा का स्रोत बताया। एक यूजर ने लिखा कि अमिताभ बच्चन की कार्यशैली और अनुशासन युवाओं के लिए सीख है। वहीं दूसरे प्रशंसक ने लिखा कि इतनी उम्र में भी जिस तरह वह लगातार काम कर रहे हैं, वह अविश्वसनीय है। हालांकि कुछ प्रशंसकों ने उनकी सेहत को लेकर चिंता भी जताई और उन्हें पर्याप्त आराम करने की सलाह दी।

    वर्क फ्रंट की बात करें तो अमिताभ बच्चन आखिरी बार Vettaiyan में नजर आए थे, जिसमें उनके साथ Rajinikanth मुख्य भूमिका में थे। फिल्म में दोनों दिग्गज कलाकारों की जोड़ी को दर्शकों ने काफी पसंद किया था।

    आने वाले समय में अमिताभ बच्चन Kalki 2898 AD Part 2 में दिखाई देंगे। इस फिल्म में उनके साथ Prabhas और Kamal Haasan भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में होंगे। फिल्म का पहला भाग Kalki 2898 AD बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता साबित हुआ था और दुनियाभर में 1000 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार करने में सफल रहा था।

    फिलहाल अमिताभ बच्चन की यह उपलब्धि एक बार फिर साबित करती है कि समर्पण, अनुशासन और मेहनत के सामने उम्र कोई मायने नहीं रखती।

  • पति-बच्चों को छोड़ डॉगी के नाम करेंगी संपत्ति! सुनीता आहूजा का मजाकिया बयान वायरल, कृष्णा अभिषेक को बताया बेटा

    पति-बच्चों को छोड़ डॉगी के नाम करेंगी संपत्ति! सुनीता आहूजा का मजाकिया बयान वायरल, कृष्णा अभिषेक को बताया बेटा


    नई दिल्ली । बॉलीवुड के लोकप्रिय अभिनेता Govinda की पत्नी Sunita Ahuja अक्सर अपने स्पष्ट, बेबाक और मजाकिया अंदाज के कारण सुर्खियों में बनी रहती हैं। हाल ही में मुंबई एयरपोर्ट पर उनका एक वीडियो सामने आया है, जिसमें उन्होंने अपनी संपत्ति को लेकर ऐसा बयान दिया कि सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई।

    दरअसल, शनिवार को सुनीता आहूजा मुंबई एयरपोर्ट पर स्पॉट हुईं। इस दौरान उनके साथ उनका पालतू डॉगी भी मौजूद था। पैपराजी से बातचीत करते हुए सुनीता ने हमेशा की तरह हंसी-मजाक का माहौल बना दिया। जब वह अपने डॉगी को कार की आगे वाली सीट पर प्यार से बैठा रही थीं, तभी उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह अपनी सारी प्रॉपर्टी इसी के नाम करने वाली हैं। उनका यह बयान सुनकर वहां मौजूद लोग भी हंस पड़े और वीडियो तेजी से वायरल होने लगा।

    दिलचस्प बात यह रही कि सुनीता ने अपनी संपत्ति के लिए न तो अपने पति गोविंदा का नाम लिया और न ही अपने बच्चों यशवर्धन और टीना का। हालांकि उनका यह बयान पूरी तरह मजाक के रूप में देखा जा रहा है, लेकिन सोशल मीडिया पर इसे लेकर खूब प्रतिक्रियाएं आ रही हैं।

    बातचीत के दौरान पैपराजी ने उनसे Krushna Abhishek को लेकर भी सवाल किया। इस पर सुनीता ने कहा कि कृष्णा उनके बेटे जैसे हैं। उन्होंने प्यार जताते हुए कहा कि कृष्णा के पास पहले से ही बहुत कुछ है और भगवान उन्हें और सफलता दें। सुनीता ने यह भी कहा कि जब तक वह जीवित हैं, तब तक कृष्णा हमेशा उनके परिवार का हिस्सा रहेंगे।

    गौरतलब है कि पिछले कुछ वर्षों से सुनीता आहूजा और कृष्णा अभिषेक के परिवार के बीच रिश्तों में खटास की खबरें सामने आती रही थीं। हालांकि हाल ही में दोनों परिवारों के बीच सुलह हो गई है। टीवी शो में हुई मुलाकात के दौरान सुनीता, कृष्णा और Kashmera Shah एक साथ नजर आए थे। लंबे समय बाद हुई इस मुलाकात के दौरान भावुक पल भी देखने को मिले थे।

    सुनीता ने पहले भी कहा था कि कृष्णा उनके बेटे जैसे हैं और उन्होंने उन्हें दिल से माफ कर दिया है। वहीं कश्मीरा शाह ने भी मजाकिया अंदाज में कहा था कि उनका वनवास खत्म हो गया है।

    दूसरी ओर, सुनीता और गोविंदा के रिश्तों को लेकर भी पिछले कुछ समय से कई तरह की चर्चाएं होती रही हैं। सुनीता ने कुछ इंटरव्यू में गोविंदा पर एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर के आरोप लगाए थे। उन्होंने यह भी कहा था कि गोविंदा ने अपने बेटे के करियर को लेकर पर्याप्त सहयोग नहीं किया। हालांकि गोविंदा ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया था।

    दोनों के तलाक की खबरें भी कई बार मीडिया में सामने आईं, लेकिन अभिनेता के वकील ने इन अटकलों को गलत बताया था। फिलहाल दोनों के रिश्तों को लेकर चर्चाएं जारी हैं, लेकिन सुनीता का ताजा वीडियो उनके हल्के-फुल्के और मजाकिया अंदाज के कारण सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया जा रहा है।

  • OTT पर धमाका: 8 से 14 जून के बीच 12 फिल्में और सीरीज होंगी रिलीज, नेटफ्लिक्स पर आएंगी 9 टाइटल्स

    OTT पर धमाका: 8 से 14 जून के बीच 12 फिल्में और सीरीज होंगी रिलीज, नेटफ्लिक्स पर आएंगी 9 टाइटल्स


    नई दिल्ली। जून का दूसरा हफ्ता ओटीटी दर्शकों के लिए मनोरंजन का बड़ा पैकेज लेकर आ रहा है। 8 जून से 14 जून 2026 के बीच अलग-अलग ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर कुल 12 फिल्में, वेब सीरीज और एक डॉक्यूमेंट्री रिलीज होने जा रही हैं। खास बात यह है कि इनमें से 9 टाइटल्स अकेले नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होंगे, जिससे प्लेटफॉर्म पर इस हफ्ते जबरदस्त कंटेंट की भरमार देखने को मिलेगी।

    इस हफ्ते की शुरुआत बच्चों के लिए लोकप्रिय शैक्षिक कार्यक्रम ‘सेसमे स्ट्रीट’ के नए सीजन से होगी, जो 8 जून को रिलीज होगा। इसके बाद 9 जून को नेटफ्लिक्स पर स्पोर्ट्स डॉक्यूमेंट्री ‘नॉर्वे: द डार्क हॉर्स’ दर्शकों को फुटबॉल की एक इमोशनल कहानी से जोड़ती नजर आएगी।

    10 जून को ओटीटी पर कई बड़े टाइटल रिलीज होंगे। प्राइम वीडियो पर रोमांटिक फिल्म ‘एवरी इयर आफ्टर’ प्रेम और रिश्तों की उलझनों को दिखाएगी। इसी दिन नेटफ्लिक्स पर क्राइम थ्रिलर ‘कलर्स ऑफ इविल: ब्लैक’ और सर्वाइवल रियलिटी शो ‘आउटलास्ट: द जंगल’ भी रिलीज होंगे। फैमिली ड्रामा ‘माई फैमिली’ भी इसी दिन दर्शकों के सामने आएगा, जो परिवार और रिश्तों की भावनात्मक कहानी पेश करेगा।

    11 जून को नेटफ्लिक्स पर लीगल क्राइम थ्रिलर ‘द एविल लॉयर’, फील-गुड सीरीज ‘स्वीट मैगनोलियास’ का नया सीजन और जापानी एक्शन सीरीज ‘वायरल हिट’ रिलीज होगी। यह दिन खास तौर पर थ्रिलर और ड्रामा पसंद करने वालों के लिए महत्वपूर्ण रहेगा।

    12 जून को ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर और भी विविध कंटेंट देखने को मिलेगा। हॉरर कॉमेडी फिल्म ‘भूत बंगला’ (नेटफ्लिक्स) दर्शकों को मनोरंजन और डर का मिश्रण देगी, जबकि प्राइम वीडियो पर क्राइम थ्रिलर ‘राख’ 1978 के चर्चित रंगा-बिल्ला केस से प्रेरित कहानी दिखाएगी। वहीं जियो हॉटस्टार पर मलयालम फिल्म ‘ड्रिडम’ एक पुलिस अफसर की जांच पर आधारित थ्रिलर कहानी लेकर आएगी।

    इन रिलीज़ का सबसे बड़ा आकर्षण यह है कि हर जॉनर के दर्शकों के लिए कुछ न कुछ मौजूद है—क्राइम थ्रिलर से लेकर फैमिली ड्रामा, रोमांस, हॉरर और रियलिटी शो तक। नेटफ्लिक्स इस हफ्ते सबसे ज्यादा 9 टाइटल्स के साथ कंटेंट की दौड़ में आगे नजर आ रहा है, जबकि प्राइम वीडियो और जियो हॉटस्टार भी मजबूत लाइनअप के साथ दर्शकों को आकर्षित करने की तैयारी में हैं।

    ओटीटी की बढ़ती लोकप्रियता के बीच यह हफ्ता दर्शकों के लिए खास साबित होने वाला है। जहां एक तरफ बड़े बजट की सीरीज और फिल्में रिलीज हो रही हैं, वहीं दूसरी तरफ विविध विषयों पर आधारित कंटेंट दर्शकों को लगातार बांधे रखने का वादा कर रहा है।

  • शिल्पा शिंदे के बयान से मचा बवाल, बोलीं- मैं अपनी बीमारी का ढिंढोरा नहीं पीटती

    शिल्पा शिंदे के बयान से मचा बवाल, बोलीं- मैं अपनी बीमारी का ढिंढोरा नहीं पीटती


    नई दिल्ली। टीवी जगत में इन दिनों शिल्पा शिंदे और हिना खान के बीच बयानबाजी चर्चा का विषय बनी हुई है। विवाद की शुरुआत तब हुई जब शिल्पा शिंदे ने हाल ही में स्वीकार किया कि उन्होंने वर्षों पहले लोकप्रिय धारावाहिक ‘भाभी जी घर पर हैं’ के निर्माता पर लगाया गया यौन उत्पीड़न का आरोप झूठा था। इस खुलासे के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें तीखी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा और कई कलाकारों ने भी उनके बयान पर नाराजगी जताई।

    इसी क्रम में हिना खान ने भी शिल्पा के बयान को शर्मनाक बताते हुए सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दी थी। हिना का कहना था कि इस पूरे मामले में सबसे ज्यादा नुकसान उस व्यक्ति को हुआ, जिस पर आरोप लगाए गए थे। उनके इस बयान के बाद अब शिल्पा शिंदे ने भी तीखा जवाब दिया है।

    एक बातचीत के दौरान शिल्पा ने कहा कि लोग उनके नाम का इस्तेमाल कर सुर्खियां बटोरना बंद नहीं कर रहे हैं। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कहा कि कुछ लोग अपनी बीमारी, निजी परेशानियों और परिवार के सदस्यों की मृत्यु जैसे संवेदनशील मुद्दों को भी सार्वजनिक चर्चा का विषय बनाकर सहानुभूति और पब्लिसिटी हासिल करने की कोशिश करते हैं।

    हालांकि शिल्पा ने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन उनके बयान को हिना खान की ओर इशारा माना जा रहा है। हाल के वर्षों में हिना खान ने अपनी स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों और निजी जीवन के कठिन दौर को लेकर खुलकर बात की है, जिसके चलते शिल्पा की टिप्पणी को सीधे उन्हीं से जोड़कर देखा जा रहा है।

    शिल्पा शिंदे ने यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने अब जाकर पुराने मामले की सच्चाई इसलिए बताई क्योंकि वह इस बात का बोझ और नहीं उठाना चाहती थीं। उनके मुताबिक, उस समय वह कॉन्ट्रैक्ट और भुगतान से जुड़े विवादों में फंसी हुई थीं और उन्हें लगा था कि उस परिस्थिति से निकलने का यही रास्ता है। उन्होंने कहा कि यदि उस मामले में गलत कानूनी कार्रवाई होती, तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।

    दूसरी ओर, हिना खान पहले ही शिल्पा के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दे चुकी हैं और इसे बेहद गैर-जिम्मेदाराना बताया था। ऐसे में दोनों अभिनेत्रियों के बीच शुरू हुई यह जुबानी जंग अब सोशल मीडिया पर भी चर्चा का केंद्र बन गई है।

    फिलहाल, इस विवाद ने टीवी इंडस्ट्री में एक नई बहस छेड़ दी है कि सार्वजनिक मंचों पर दिए गए पुराने आरोपों और बाद में उनके खंडन का असर संबंधित लोगों की प्रतिष्ठा और करियर पर कितना गहरा पड़ सकता है।

  • सुशांत सिंह राजपूत को याद कर भावुक हुए शिशिर शर्मा, बोले-‘सच मानना आज भी मुश्किल है’

    सुशांत सिंह राजपूत को याद कर भावुक हुए शिशिर शर्मा, बोले-‘सच मानना आज भी मुश्किल है’

    नई दिल्ली । दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत को लेकर एक बार फिर चर्चाओं का माहौल गर्म हो गया है, जब उनके साथ फिल्म ‘छिछोरे’ में काम कर चुके अभिनेता शिशिर शर्मा ने सालों बाद उनके निधन पर अपनी भावनाएं साझा कीं। एक हालिया बातचीत में शिशिर शर्मा ने कहा कि उन्हें आज भी यह स्वीकार करना बेहद कठिन लगता है कि सुशांत जैसा प्रतिभाशाली और शांत स्वभाव का व्यक्ति आत्महत्या जैसा कदम उठा सकता है। उनके इस बयान ने एक बार फिर सुशांत के चाहने वालों की भावनाओं को ताजा कर दिया है।

    मध्य प्रदेश सहित देशभर में सुशांत सिंह राजपूत की लोकप्रियता केवल फिल्मों तक सीमित नहीं थी, बल्कि टीवी धारावाहिकों से लेकर बड़े पर्दे तक उन्होंने अपनी एक अलग पहचान बनाई थी। शिशिर शर्मा ने बताया कि उनकी और सुशांत की पहचान टीवी इंडस्ट्री के दिनों से ही थी, जहां दोनों की कई बार मुलाकात और साथ में काम करने का अवसर मिला था। इस दौरान उनके बीच एक सहज और दोस्ताना रिश्ता विकसित हुआ था, जो बाद में भी कायम रहा।

    शिशिर शर्मा ने आगे बताया कि जब उन्हें फिल्म ‘छिछोरे’ में काम करने का अवसर मिला और यह पता चला कि उसमें सुशांत सिंह राजपूत भी हैं, तो वह बेहद उत्साहित हो गए थे। शूटिंग के दौरान दोनों ने एक बार फिर पुराने दिनों की यादें साझा कीं और सेट पर एक अच्छा माहौल रहा। उन्होंने सुशांत को एक बेहद समर्पित, मेहनती और अपने काम के प्रति गंभीर कलाकार बताया।

    14 जून 2020 का दिन उनके जीवन में एक ऐसा पल लेकर आया जिसे वह आज भी भूल नहीं पाए हैं। शिशिर शर्मा ने कहा कि जब उन्हें सुशांत के निधन की खबर मिली, तो वह पूरी तरह से स्तब्ध रह गए थे। उनके अनुसार यह खबर किसी बड़े सदमे से कम नहीं थी और वह समझ नहीं पा रहे थे कि इतना ऊर्जावान और प्रतिभाशाली व्यक्ति अचानक इस तरह दुनिया को अलविदा कैसे कह सकता है।

    उन्होंने यह भी कहा कि व्यक्तिगत रूप से उन्हें यह मानना मुश्किल लगता है कि सुशांत ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया होगा। उनके अनुसार सुशांत एक सुलझे हुए और समझदार व्यक्ति थे, जिनका व्यवहार और सोच काफी सकारात्मक थी। हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट किया कि यह उनकी निजी राय है और वह किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचना चाहते, लेकिन भावनात्मक रूप से वह आज भी इस सच्चाई को स्वीकार नहीं कर पाए हैं।

    सुशांत सिंह राजपूत ने अपने करियर में टीवी से शुरुआत कर बॉलीवुड में बड़ा मुकाम हासिल किया था। ‘पवित्र रिश्ता’ से लेकर ‘काई पो चे’, ‘एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’ और ‘छिछोरे’ जैसी फिल्मों में उनके अभिनय ने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई। आज भी उनके प्रशंसक उन्हें याद करते हैं और सोशल मीडिया पर उनकी यादों को साझा करते रहते हैं, जिससे यह साफ है कि उनकी लोकप्रियता और प्रभाव आज भी बरकरार है।

  • अक्षय कुमार का बड़ा भोजपुरी अवतार: ‘वेलकम टू द जंगल’ में दिखेगा नया रंग, अक्षरा सिंह ने कराई खास तैयारी

    अक्षय कुमार का बड़ा भोजपुरी अवतार: ‘वेलकम टू द जंगल’ में दिखेगा नया रंग, अक्षरा सिंह ने कराई खास तैयारी

    नई दिल्ली। बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार अपनी अपकमिंग मल्टीस्टारर फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ को लेकर सुर्खियों में हैं। फिल्म में वह इस बार एक अलग अंदाज में नजर आने वाले हैं, जहां वह एक भोजपुरी एक्टर का किरदार निभाते दिखेंगे।

    रिपोर्ट्स के मुताबिक, अक्षय कुमार ने इस किरदार को रियलिस्टिक बनाने के लिए भोजपुरी भाषा और स्टाइल पर खास काम किया है। बताया जा रहा है कि इस तैयारी में भोजपुरी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह ने उनकी मदद की, जिससे वह किरदार की बारीकियों को बेहतर तरीके से समझ सकें।

    फिल्म से जुड़े सूत्रों के अनुसार, अक्षय ने अपने बॉडी लैंग्वेज से लेकर बोलने के अंदाज तक में बदलाव किया है ताकि किरदार पूरी तरह से असरदार लगे। फिल्म में उनका कॉमिक और एनर्जी से भरपूर अवतार दर्शकों को हंसाने के साथ-साथ चौंका भी सकता है।

    फिल्म के एक गाने ‘घिस घिस घिस’ में अक्षय कुमार भोजपुरी आइटम बॉय के रूप में भी नजर आएंगे, जिसे जल्द ही रिलीज किया जाएगा। मेकर्स को उम्मीद है कि यह गाना फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ाएगा।

    ‘वेलकम टू द जंगल’ का बजट लगभग 250 से 300 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। फिल्म में अक्षय कुमार के साथ दिशा पाटनी, जैकलीन फर्नांडिस, अनिल कपूर, संजय दत्त, सुनील शेट्टी, रवीना टंडन और राजपाल यादव जैसे कई बड़े सितारे नजर आएंगे।

    फिल्म के टीजर को पहले ही अच्छा रिस्पॉन्स मिल चुका है और अब दर्शकों को इसके रिलीज का बेसब्री से इंतजार है।