त्योहार से पहले ग्वालियर में बदमाश बेखौफ, प्रोफेसर दंपति को सड़क पर गिराया, दूसरे युवक को पीटकर 20 हजार और मोबाइल लूटा


ग्वालियर । दीपावली से पहले ग्वालियर में बदमाशों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक ही रात में लूट की दो वारदातों को अंजाम दिया। मंगलवार रात शहर के अलग-अलग इलाकों में हुई इन घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है। पहली वारदात में बाइक सवार तीन बदमाशों ने चलती स्कूटी पर जा रही एक महिला के कंधे से बैग झपट लिया। अचानक हुए हमले से स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई और महिला के साथ उनके पति भी घायल हो गए। दूसरी घटना में करीब आधा दर्जन युवकों ने एक आरक्षक के भाई के साथ मारपीट कर उसका मोबाइल और 20 हजार रुपए छीन लिए। दोनों मामलों में पुलिस जांच कर रही है।

पहली घटना हजीरा थाना क्षेत्र की शर्मा फार्म रोड पर हुई। ट्रिपल आईटीएम परिसर में रहने वाले असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. दीपक कुमार देवांगन मंगलवार रात करीब 11 बजे अपनी पत्नी प्रियंका साव को रेलवे स्टेशन से लेकर स्कूटी पर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से एक बाइक पर सवार होकर आए तीन बदमाशों ने प्रियंका के कंधे पर टंगे बैग को छीनने के लिए झपट्टा मारा। अचानक हुए इस हमले से स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और दोनों सड़क पर गिर पड़े। बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर बैग लेकर मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद घायल दंपति ने पहले प्राथमिक उपचार कराया और फिर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। महिला के बैग में वनप्लस कंपनी का मोबाइल फोन और चार्जर के साथ ईयरफोन तथा करीब 1500 रुपए नकद रखे हुए थे। इसके अलावा बैग में पैन कार्ड और आधार कार्ड सहित पंजाब नेशनल बैंक का एटीएम कार्ड भी था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर लूट का मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।

दूसरी वारदात गोला का मंदिर थाना क्षेत्र के सूर्य मंदिर रोड पर हुई। भिंड जिले के मेहगांव निवासी सौरव शुक्ला मंगलवार रात अपने चाचा को इलाज के लिए शिंदे की छावनी स्थित अस्पताल लेकर आए थे। रात में वे चाचा को लेकर विजय लक्ष्मी विहार स्थित अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में सूर्य मंदिर रोड पर उन्होंने पेशाब करने के लिए गाड़ी रोकी। इसी दौरान वहां करीब आधा दर्जन युवक पहुंच गए। आरोप है कि युवकों ने पहले उनके साथ गाली गलौज की और फिर मारपीट शुरू कर दी।

सौरव के मुताबिक हमलावरों ने उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट पहुंचाई। इसके बाद बदमाश उनका मोबाइल फोन और जेब में रखे करीब 20 हजार रुपए छीनकर फरार हो गए। घायल हालत में सौरव किसी तरह गोला का मंदिर थाने पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने उनकी स्थिति देखकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया जहां मेडिकल परीक्षण कराया गया। चोटों की गंभीरता को देखते हुए बुधवार सुबह उनका सिटी स्कैन भी कराया गया।

दोनों घटनाओं के बाद पुलिस बदमाशों की पहचान करने में जुटी है। हजीरा थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह और गोला का मंदिर थाना प्रभारी धर्मेंद्र यादव के मुताबिक प्रोफेसर की पत्नी से हुई लूट के मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध बदमाश दिखाई दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। त्योहार से ठीक पहले हुई इन वारदातों ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था और रात में लोगों की आवाजाही को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।