भारत ने तोड़ा ऑस्ट्रेलिया का रिकॉर्ड, ICC टूर्नामेंट्स में सबसे ज्यादा मैच जीतने वाली टीम बनी टीम इंडिया


नई दिल्ली । भारतीय क्रिकेट टीम ने एक नया रिकॉर्ड अपने नाम कर इतिहास रच दिया है। टीम इंडिया अब आईसीसी टूर्नामेंट्स में सबसे ज्यादा मैच जीतने वाली टीम बन गई है। टी20 वर्ल्ड कप, वनडे वर्ल्ड कप, चैंपियंस ट्रॉफी और WTC फाइनल को मिलाकर भारत ने कुल 123 मैच जीतकर ऑस्ट्रेलिया के 122 मैचों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। इस उपलब्धि के साथ भारतीय टीम ने न सिर्फ अपनी निरंतरता साबित की है, बल्कि यह भी दिखाया है कि लंबे समय से वह आईसीसी टूर्नामेंट्स में कितनी मजबूत और खतरनाक टीम रही है।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने अपने अभियान की शुरुआत शानदार तरीके से की। भारत ने अपने पहले मैच में यूएसए को 29 रनों से हराया और कई रिकॉर्ड्स बनाए। इस जीत के साथ भारत ICC वर्ल्ड कप में 100 जीत हासिल करने वाला दूसरा देश बन गया। वहीं ओवरऑल आईसीसी टूर्नामेंट्स की बात करें तो टीम इंडिया ने इतिहास रचते हुए ऑस्ट्रेलिया का रिकॉर्ड तोड़ दिया।

ऑस्ट्रेलिया के नाम क्रिकेट के इतिहास में सबसे अधिक 10 ICC ट्रॉफी जीतने का वर्ल्ड रिकॉर्ड है। कंगारू टीम ने 6 वनडे वर्ल्ड कप, 1 टी20 वर्ल्ड कप, 2 चैंपियंस ट्रॉफी और 1 WTC का खिताब जीता है। इन 10 ट्रॉफियों के लिए उन्होंने कुल 122 मैच जीते थे। हालांकि ट्रॉफियों की संख्या में ऑस्ट्रेलिया अभी भी आगे है, लेकिन मैच जीतने के आंकड़ों में भारत अब शीर्ष पर है।

टीम इंडिया के नाम फिलहाल 7 ICC ट्रॉफी हैं, जिसमें 2 वनडे वर्ल्ड कप, 2 टी20 वर्ल्ड कप और 3 चैंपियंस ट्रॉफी शामिल हैं। भारत के बाद इस सूची में न्यूजीलैंड 101 जीत के साथ तीसरे स्थान पर है, जबकि इंग्लैंड 95, साउथ अफ्रीका 92 और पाकिस्तान 91 जीत के साथ आगे हैं। श्रीलंका 87, वेस्टइंडीज 82, बांग्लादेश 30, जिम्बाब्वे 19 और अफगानिस्तान 18 जीत के साथ सूची में शामिल हैं।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया का अगला मैच 12 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ है। इसके बाद 15 फरवरी को टूर्नामेंट का सबसे हाईवोल्टेज मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाना है। लेकिन इस मुकाबले पर फिलहाल अनिश्चितता बनी हुई है। पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच खेलने से इनकार कर दिया है। हालांकि अभी तक उन्होंने ICC को आधिकारिक तौर पर कोई पत्र नहीं भेजा है। उम्मीद की जा रही है कि आने वाले दिनों में पाकिस्तान इस फैसले पर पुनर्विचार करेगा और मैच तय समय पर होगा।