गुरुवार को ट्रंप ने कहा था कि वह ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई के साथ बैठक करने के लिए तैयार हैं, यदि इससे किसी समझौते का रास्ता निकलता है। उन्होंने यह भी कहा था कि खामेनेई उनके पसंदीदा व्यक्ति नहीं हैं, लेकिन ऐसी मुलाकात होने पर वह इसे सम्मान की बात मानेंगे।
इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने ट्रंप पर सीधा तंज कसा। उन्होंने कहा कि सभी लोगों को “असली दुनिया में जीने और सोचने” की जरूरत है। अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, अराघची ने कहा कि ट्रंप का यह बयान वास्तविकता से दूर है और मौजूदा परिस्थितियों को समझने की जरूरत है।
ट्रंप की ओर से यह भी कहा गया था कि उन्होंने सीधे तौर पर बैठक का प्रस्ताव नहीं दिया, बल्कि कुछ व्हाइट हाउस अधिकारियों की ओर से इस तरह की बातचीत की संभावना पर चर्चा हुई थी।
ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनावपूर्ण हालातों में हाल के समय में टकराव और बढ़ा है। दोनों पक्षों के बीच कई मोर्चों पर असहमति बनी हुई है और किसी ठोस समझौते की दिशा में अभी तक कोई निर्णायक प्रगति नहीं हुई है।
इसी बीच कच्चे तेल की कीमतों में भी उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। हालांकि ट्रंप ने दावा किया कि पहले जिन आशंकाओं में तेल की कीमतें 300 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंचने की बात कही जा रही थी, वे वास्तविकता में 96 डॉलर प्रति बैरल के आसपास स्थिर बनी हुई हैं।
ईरान की ओर से भी साफ किया गया है कि बातचीत की प्रक्रिया अभी शुरुआती चरण में है और दोनों देश अपनी-अपनी शर्तों पर कायम हैं। मौजूदा हालात को देखते हुए यह टकराव फिलहाल थमता नजर नहीं आ रहा है।
