Category: Madhya Pradesh
-

देवसर में चोरी की कोशिश नाकाम, मकान में घुसे युवक को पकड़कर दी चेतावनी
सिंगरौली (देवसर बाजार) सिंगरौली जिले के जियावन थाना क्षेत्र अंतर्गत देवसर बाजार बस स्टैंड रोड पर बुधवार सुबह दिनदहाड़े चोरी की कोशिश का मामला सामने आया। सूने मकान में घुसे एक युवक को मकान मालिक और स्थानीय लोगों ने मौके पर पकड़ लिया। हालांकि बाद में समझाइश और चेतावनी देकर उसे छोड़ दिया गया।जानकारी के मुताबिक, मकान मालिक जोजो गुप्ता किसी रिश्तेदार के निधन के बाद नदी स्नान के लिए घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान अकौरी गांव निवासी एक युवक ने घर को सूना देखकर उसमें प्रवेश कर लिया। बताया जा रहा है कि युवक घर के अंदर सामान खंगाल रहा था और चोरी की कोशिश कर रहा था।इसी बीच अचानक मकान मालिक वापस लौट आए। घर के अंदर युवक को देखकर उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और युवक को पकड़ लिया। घटना के दौरान इलाके में कुछ देर के लिए हड़कंप जैसी स्थिति बन गई।स्थानीय लोगों ने युवक से पूछताछ की, जिसमें उसने नशे की लत के कारण चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी की जेब से कुछ पैसे निकलते दिखाई दे रहे हैं।हालांकि, पूछताछ और समझाइश के बाद मकान मालिक और ग्रामीणों ने युवक को पुलिस के हवाले करने के बजाय चेतावनी देकर छोड़ दिया। इस मामले में जियावन थाने में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।मकान मालिक जोजो गुप्ता ने बताया कि युवक नशे की हालत में था और पहली बार इस तरह पकड़ा गया था। इसी वजह से मानवता के आधार पर उसे छोड़ दिया गया। लेकिन घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और बढ़ती नशाखोरी को लेकर लोगों में चिंता का माहौल है।स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार और रिहायशी इलाकों में इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है। -

भोपाल में सनसनी: रिटायर्ड जज की गर्भवती बहू ने लगाई फांसी, आखिरी कॉल में कहा- अब और सहन नहीं होता
भोपाल (कटारा हिल्स) राजधानी भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां रिटायर्ड महिला जज की 31 वर्षीय प्रेग्नेंट बहू ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर मानसिक प्रताड़ना और उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं।मृतका की पहचान ट्विशा शर्मा (31) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नोएडा की रहने वाली थीं। उनकी शादी करीब एक साल पहले भोपाल निवासी वकील सामर्थ शर्मा से हुई थी। बताया जा रहा है कि ट्विशा गर्भवती थीं और इसी दौरान यह दुखद घटना हुई।परिजनों के अनुसार, मंगलवार रात ट्विशा ने अपने भाई, जो भारतीय सेना में मेजर पद पर कार्यरत हैं, को फोन किया था। बातचीत के दौरान उन्होंने भावुक होकर कहा था कि वह अब और बर्दाश्त नहीं कर पा रही हैं और उन्हें वहां से ले जाया जाए। परिवार का दावा है कि वह लंबे समय से मानसिक तनाव में थीं और ससुराल पक्ष से प्रताड़ना झेल रही थीं।
भाई मेजर हर्षित शर्मा के मुताबिक, पिछले करीब 8 दिनों से लगातार पति द्वारा मानसिक रूप से परेशान किए जाने की बात सामने आई है। आरोप है कि छोटी-छोटी बातों पर उन्हें अपमानित किया जाता था और उनका मानसिक उत्पीड़न बढ़ता जा रहा था।
परिवार का यह भी आरोप है कि नौकरी छोड़ने के बाद ट्विशा को ससुराल पक्ष द्वारा “नाकारा” जैसे शब्दों से अपमानित किया जाता था। इसके साथ ही प्रेग्नेंसी को लेकर भी दबाव बनाए जाने की बात सामने आई है। परिजनों का कहना है कि ट्विशा अनियोजित गर्भावस्था के कारण पहले से मानसिक दबाव में थीं, जबकि ससुराल पक्ष बच्चे को लेकर लगातार दबाव बना रहा था।
परिवार के अनुसार, फोन कॉल के कुछ ही समय बाद सास ने संपर्क कर बताया कि ट्विशा ने आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही मायके पक्ष भोपाल पहुंचा और मामले की गंभीर जांच की मांग की।
पुलिस को अभी तक घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मानकर सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
कटारा हिल्स पुलिस का कहना है कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है। बयान, डिजिटल साक्ष्य और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
-

CBSE 12th Result 2026: भोपाल रीजन का 79.43% रिजल्ट, देशभर में 85.20% पासिंग-जानें कौन रहा सबसे आगे
नई दिल्ली। भोपाल केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने बुधवार दोपहर 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 का रिजल्ट घोषित कर दिया, जिसके साथ लाखों छात्रों का इंतजार खत्म हो गया। इस बार देशभर में कुल पास प्रतिशत 85.20% रहा, जो पिछले वर्ष की तुलना में 3.19% कम है।भोपाल रीजन के छात्रों के लिए इस बार परिणाम मिश्रित रहा। यहां कुल 79.43% छात्र पास हुए, जो राष्ट्रीय औसत से 5.77% कम है। भोपाल रीजन में मध्यप्रदेश सहित हजारों छात्रों ने परीक्षा दी थी, लेकिन प्रदर्शन अपेक्षाकृत कमजोर रहा। विशेषज्ञों के अनुसार, यह अंतर विभिन्न क्षेत्रों में शिक्षा संसाधनों और तैयारी स्तर की असमानता को दर्शाता है।
देशभर के क्षेत्रों में तिरुवनंतपुरम (त्रिवेंद्रम) रीजन ने सबसे बेहतर प्रदर्शन करते हुए 95.62% पास प्रतिशत हासिल किया। वहीं प्रयागराज रीजन इस बार सबसे कमजोर रहा, जहां केवल 72.43% छात्र सफल हो सके। दिल्ली वेस्ट और दिल्ली ईस्ट ने भी मजबूत प्रदर्शन करते हुए 91% से अधिक परिणाम दर्ज किए।इस बार के रिजल्ट में एक और महत्वपूर्ण पहलू यह रहा कि राष्ट्रीय स्तर पर भी प्रदर्शन में गिरावट देखी गई है। 2025 की तुलना में इस वर्ष कुल पास प्रतिशत कम रहा, जिससे शिक्षा विशेषज्ञों में चर्चा शुरू हो गई है। माना जा रहा है कि परीक्षा पैटर्न की कठिनाई, मूल्यांकन मानकों और प्रतिस्पर्धा में वृद्धि इसके प्रमुख कारण हो सकते हैं।CBSE ने इस बार भी रिजल्ट डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जारी किया है। छात्र अपने रोल नंबर, स्कूल नंबर और जन्मतिथि की मदद से वेबसाइट, DigiLocker और UMANG ऐप पर परिणाम देख सकते हैं। भारी ट्रैफिक के कारण बोर्ड ने छात्रों को वैकल्पिक माध्यमों से रिजल्ट देखने की सलाह दी है।जो छात्र एक या अधिक विषयों में असफल रहे हैं, उन्हें कंपार्टमेंट परीक्षा का मौका मिलेगा, जिससे उनका वर्ष खराब नहीं होगा। इसके अलावा छात्र वेरिफिकेशन, री-इवैल्यूएशन और उत्तर पुस्तिका की कॉपी भी प्राप्त कर सकते हैं।
इस बार मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल सिस्टम के तहत की गई, जिससे कॉपियों की जांच अधिक तेज और पारदर्शी रही। परीक्षा 17 फरवरी से 10 अप्रैल 2026 के बीच देशभर में एक ही शिफ्ट में आयोजित की गई थी।
अब रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र आगे की पढ़ाई और करियर विकल्पों की ओर बढ़ेंगे, जबकि बोर्ड ने सभी को सही समय पर आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करने की सलाह दी है। -

सीधी सड़क दुर्घटना: मिनी हाइवा ने बाइक को रौंदा, एक की जान गई, तीन अस्पताल में भर्ती
नई दिल्ली। सीधी (पथरौला चौकी क्षेत्र) मध्यप्रदेश के सीधी जिले में मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बरवाही गांव के पास करीब 10 बजे तेज रफ्तार मिनी हाइवा ने बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मासूम बच्चे सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक की पहचान बकवा निवासी आनंद बहादुर सिंह के रूप में हुई है। हादसे में रूद्र सिंह, अरुणा बसौर, संजय बसौर और 5 वर्षीय मासूम आयुष बसोर गंभीर रूप से घायल हुए हैं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए।घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे एंबुलेंस चालक मनोज यादव ने बताया कि एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि तीनों घायलों की हालत बेहद गंभीर थी। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल सीधी रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घायलों में एक महिला और मासूम बच्चा भी शामिल है, जिन्हें गंभीर चोटें आई हैं। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।सूचना मिलने पर पथरौला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। चौकी प्रभारी देवराज सिंह ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मड़वास अस्पताल भेजा गया है, क्योंकि देर रात होने के कारण पोस्टमार्टम नहीं हो सका था।पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मिनी हाइवा को जब्त कर लिया है और मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही मानी जा रही है। -

शादी से लौटते वक्त हादसा, ड्राइवर को झपकी आने से कार पेड़ से भिड़ी
नई दिल्ली। गुना (बजरंगगढ़, सेमरी घाटी) मध्यप्रदेश के गुना जिले में बुधवार सुबह करीब 6:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सेमरी घाटी इलाके में एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सीधे पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में शिवपुरी जिले के एक ही परिवार के 6 लोग घायल हो गए, जिनमें दो बच्चियां भी शामिल हैं। राहत की बात यह है कि सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।जानकारी के अनुसार, शिवपुरी जिले के लुकवासा निवासी श्रीकृष्ण रघुवंशी (73) अपने पूरे परिवार के साथ भोपाल में एक शादी समारोह में शामिल होकर वापस गुना लौट रहे थे। कार में परिवार के सभी सदस्य सवार थे। इसी दौरान सुबह के समय ड्राइवर को अचानक झपकी आ गई, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और कार सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई।हादसे में श्रीकृष्ण रघुवंशी के साथ उनकी पत्नी रामवती (70), बेटे हरिओम (46) और हरिमोहन (40), तथा नातिन अरुणा (19) और मिल्की (9) घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तुरंत रेस्क्यू कर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। सभी घायलों को ट्रामा वार्ड में भर्ती किया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।डॉक्टरों के अनुसार, समय पर उपचार मिलने के कारण सभी की हालत स्थिर है और किसी की स्थिति गंभीर नहीं है। हादसे के बाद परिवार में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई, लेकिन अब स्थिति नियंत्रण में है।
बताया जा रहा है कि परिवार की 19 वर्षीय नातिन अरुणा गुना के पीजी कॉलेज में पढ़ाई करती है और उसका इतिहास विषय का पेपर होने के कारण ही परिवार सुबह जल्दी लौट रहा था। इसी दौरान यह हादसा हो गया। -
कमलागंज सड़क हादसा: आइसक्रीम से भरी पिकअप मकान से टकराई, बड़ा नुकसान
नई दिल्ली। शिवपुरी (कमलागंज थीम रोड) शहर के कमलागंज थीम रोड इलाके में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब आइसक्रीम से भरी एक बोलेरो पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने मकान से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मकान का छज्जा टूट गया और दीवार को भी नुकसान पहुंचा।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन तेज रफ्तार में था और अचानक चालक ने नियंत्रण खो दिया। इसके बाद बोलेरो सीधे मकान के छज्जे और दीवार से टकरा गई। जोरदार टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।हादसे में मकान का काफी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे मकान मालिक को नुकसान उठाना पड़ा। हालांकि, राहत की बात यह रही कि जिस समय यह घटना हुई, उस समय मकान के आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मार्ग पर अक्सर तेज रफ्तार वाहन चलते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। घटना के बाद लोगों में नाराजगी भी देखी गई और उन्होंने सड़क पर गति नियंत्रण के उपाय करने की मांग की। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और वाहन चालक की लापरवाही को लेकर आगे की कार्रवाई की जा सकती है। -

पारिवारिक विवाद बना हिंसा, बेटे ने पिता पर किया हमला और दी जान से मारने की धमकी
नई दिल्ली। शिवपुरी (बैराड़ थाना क्षेत्र) मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। ग्राम गाजीगढ़ में जमीन के बंटवारे और केसीसी (किसान क्रेडिट कार्ड) की एनओसी को लेकर हुए विवाद में एक बेटे ने अपने ही बुजुर्ग पिता के साथ मारपीट कर दी और जान से मारने की धमकी भी दी।घटना 12 मई की शाम की बताई जा रही है, जब 65 वर्षीय हरचरण धाकड़ अपने घर पर मौजूद थे। इसी दौरान उनका बड़ा बेटा कमलकिशोर धाकड़ घर पहुंचा और जमीन के बंटवारे तथा केसीसी की एनओसी को लेकर विवाद करने लगा। देखते ही देखते बहस ने हिंसक रूप ले लिया और आरोपी बेटे ने गाली-गलौज करते हुए पिता को जमीन पर गिरा दिया।आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने बुजुर्ग पिता पर लात-घूंसों से हमला किया और डंडे से भी वार कर दिया, जिससे उनके माथे पर गंभीर चोट लग गई और खून निकल आया। घटना से घर में अफरा-तफरी मच गई।मौके पर छोटा बेटा रिंकू धाकड़ और गांव के प्रताप धाकड़ पहुंचे और बीच-बचाव कर किसी तरह स्थिति को शांत कराया। लेकिन जाते-जाते आरोपी बेटे ने पिता को जान से मारने की धमकी भी दी, जिससे परिवार दहशत में आ गया।
घटना के बाद पीड़ित पिता ने बैराड़ थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी कमलकिशोर धाकड़ के खिलाफ मारपीट और धमकी की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है, जहां संपत्ति विवाद ने पारिवारिक रिश्तों को दर्दनाक मोड़ दे दिया। -

सतना में अवैध शराब का भंडाफोड़, 126 लीटर शराब और बाइक के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार
नई दिल्ली। सतना जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस और आबकारी विभाग ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में बड़ी सफलता हासिल की है। इन मामलों में कुल तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है और करीब 126 लीटर अवैध शराब के साथ दो बाइक भी जब्त की गई हैं।पहली कार्रवाई कोलगवां थाना क्षेत्र की बाबूपुर चौकी पुलिस ने की, जहां गोरइया मोड़ के पास घेराबंदी कर दो सगे भाइयों को पकड़ा गया। आरोपी संदीप चौधरी (22) और संजय चौधरी (20), निवासी बराज, बाइक से अवैध शराब की तस्करी कर रहे थे। पुलिस ने उनकी बाइक (MP 19 ZF 7595) को रोककर तलाशी ली, जिसमें प्लास्टिक की बोरियों में भरी 6 पेटी देशी शराब बरामद हुई।बरामद शराब की कुल मात्रा करीब 54 लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 30 हजार रुपए आंकी गई है। वहीं आरोपियों की बाइक, जिसकी कीमत करीब 50 हजार रुपए बताई जा रही है, उसे भी जब्त कर लिया गया है। पूछताछ में दोनों भाइयों ने शराब की अवैध बिक्री के लिए सप्लाई की बात स्वीकार की है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया।दूसरी कार्रवाई आबकारी विभाग ने जिगनहट क्षेत्र के पास की, जहां एक आरोपी को बड़ी खेप के साथ पकड़ा गया। आरोपी संतू कोल (27), निवासी जवाहर नगर गली नंबर-7, बाइक (MP 19 ZQ 3518) पर अवैध शराब लेकर जा रहा था। जांच के दौरान उसके पास से तीन बड़े थैलों में भरी 72 लीटर शराब बरामद हुई।आबकारी विभाग के अनुसार, जब्त शराब और बाइक की कुल कीमत लगभग 1 लाख 30 हजार रुपए आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ भी आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया गया है।पुलिस और आबकारी विभाग की इस संयुक्त कार्रवाई से इलाके में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि ऐसे अवैध नेटवर्क पर लगातार सख्त निगरानी रखी जा रही है और आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। -

सतना में चोरी केस का पर्दाफाश, 6 मामलों के आरोपी की एक महीने बाद गिरफ्तारी
नई दिल्ली। सतना (सिविल लाइन थाना क्षेत्र) सतना पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे एक शातिर चोरी के आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान बंटी उर्फ चट्टा के रूप में हुई है, जो न सिर्फ एक घर में हुई चोरी का मुख्य आरोपी है, बल्कि अन्य 6 चोरी के मामलों में भी पुलिस को उसकी तलाश थी।घटना 7 अप्रैल की है, जब वार्ड-1 अमौधा खुर्द निवासी 60 वर्षीय निशा सिंह अपने घर से बाहर थीं। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने सूने घर का फायदा उठाते हुए नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए थे। घटना के बाद पीड़िता की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
करीब एक महीने तक चली जांच में पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिल पा रहा था। इसी बीच मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर आरोपी बंटी उर्फ चट्टा (20), निवासी बसोर बस्ती-नारायण तालाब, थाना कोलगवां को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने निशा सिंह के घर में हुई चोरी की वारदात को स्वीकार कर लिया है। हालांकि, अभी तक चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर और नकदी की बरामदगी नहीं हो सकी है, जिससे पुलिस की जांच अभी जारी है।
टीआई योगेन्द्र सिंह परिहार के अनुसार, आरोपी एक शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में दर्ज 5 अन्य चोरी के मामलों में भी तलाश की जा रही थी। उसकी गिरफ्तारी को पुलिस बड़ी कामयाबी मान रही है।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। अब पुलिस उससे जुड़े अन्य मामलों और फरार साथियों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
