Category: National

  • AAP को सबसे बड़ा झटका, राघव चड्ढा नहीं, इस सांसद के जाने से हिला केजरीवाल का पूरा संगठन

    AAP को सबसे बड़ा झटका, राघव चड्ढा नहीं, इस सांसद के जाने से हिला केजरीवाल का पूरा संगठन

    नई दिल्ली। 24 अप्रैल 2026 आम आदमी पार्टी के इतिहास में एक बड़े राजनीतिक मोड़ के रूप में दर्ज हो गया है। यह दिन सिर्फ राघव चड्ढा के पार्टी छोड़ने के कारण नहीं, बल्कि इसलिए अहम बन गया क्योंकि अरविंद केजरीवाल की टीम में पहली बार इतनी बड़ी टूट देखने को मिली। पार्टी का संसदीय दल बिखर गया और बागी गुट ने एक तिहाई सांसदों के साथ भाजपा में विलय कर लिया।

    हालांकि, राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस घटनाक्रम में सबसे बड़ा नुकसान संदीप पाठक के जाने से हुआ है। उनकी भूमिका सिर्फ एक सांसद की नहीं, बल्कि पार्टी के संगठनात्मक ढांचे की रीढ़ के रूप में देखी जाती थी।

    साल 2022 में जब आम आदमी पार्टी ने हरभजन सिंह और अशोक मित्तल जैसे चेहरों को राज्यसभा भेजा, तब सबसे ज्यादा चर्चा संदीप पाठक को लेकर हुई थी, क्योंकि वे सार्वजनिक रूप से कम दिखाई देते थे। लेकिन पर्दे के पीछे उनकी भूमिका बेहद प्रभावशाली थी, जिसे पहचान देते हुए उन्हें उच्च सदन में भेजा गया था।

    2016 में पार्टी से जुड़ने वाले संदीप पाठक ने संगठन के भीतर तेजी से अपनी जगह बनाई। उनकी सार्वजनिक उपस्थिति भले कम रही, लेकिन पार्टी की रणनीति और विस्तार में उनकी भूमिका लगातार बढ़ती गई। यही वजह रही कि जब तीन राज्यसभा सांसदों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पार्टी छोड़ने का ऐलान किया, तो सबसे बड़ा झटका संदीप पाठक के फैसले से लगा।

    पार्टी के अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक, स्वाति मालीवाल या राघव चड्ढा के जाने की आशंका पहले से थी, लेकिन संदीप पाठक का जाना अप्रत्याशित रहा। वहीं अशोक मित्तल और हरभजन सिंह के रुख में बदलाव को उतना चौंकाने वाला नहीं माना गया।

    रणनीति के मास्टरमाइंड थे पाठक
    संदीप पाठक को 2022 में संगठन महासचिव बनाया गया था और वे पार्टी की पॉलिटिकल अफेयर्स कमिटी के प्रमुख रणनीतिकारों में गिने जाते थे। पंजाब में पार्टी की जीत के पीछे उनकी रणनीति को अहम माना जाता है। इसके अलावा गोवा, गुजरात और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में चुनावी रणनीति तैयार करने में भी उनकी बड़ी भूमिका रही। उनकी अहमियत का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि जब अरविंद केजरीवाल जेल में थे, तब उनसे मिलने के लिए सुनीता केजरीवाल और बिभव कुमार के साथ संदीप पाठक को ही भेजा गया था।

    कैसे जीता भरोसा
    संदीप पाठक ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत आम आदमी पार्टी में दिल्ली डायलॉग कमीशन से की थी, जहां वे आशीष खेतान के साथ काम करते थे। अपनी रणनीतिक समझ और संगठन क्षमता के दम पर उन्होंने जल्दी ही केजरीवाल का भरोसा जीत लिया और पार्टी में राष्ट्रीय संयोजक के बाद सबसे अहम पद तक पहुंचे।

    राघव चड्ढा का जाना क्यों कम असरदार
    हालांकि राघव चड्ढा की लोकप्रियता आम जनता में ज्यादा रही है, लेकिन पिछले डेढ़ साल में उनकी सक्रियता पार्टी में कम हो गई थी। वे पॉलिटिकल अफेयर्स कमिटी के सदस्य जरूर थे, लेकिन पार्टी के कार्यक्रमों में उनकी मौजूदगी लगभग खत्म हो चुकी थी। ऐसे में उनका अलग होना अपेक्षित माना जा रहा था।

  • उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में प्रचंड गर्मी से लोग बेहाल …. अगले 4 दिन हीटवेव का अलर्ट

    उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में प्रचंड गर्मी से लोग बेहाल …. अगले 4 दिन हीटवेव का अलर्ट


    नई दिल्ली।
    उत्तर-पश्चिम भारत (North-West India) के मैदानी भागों और मध्य भारत (Central India) में प्रचंड गर्मी (Extreme heat.) ने कोहराम मचा दिया है। आसमान से बरसती आग और औद्योगिक इकाइयों व वाहनों से फैलते प्रदूषण ने दिल्ली-एनसीआर (Delhi-NCR.) समेत बड़े शहरों में दुश्वारियां और बढ़ा दी हैं। ज्यादातर इलाकों में लू चल रही है और सुबह 10 बजे के बाद से ही घरों से निकलना मुश्किल हो गया है।

    अभी तीन से चार दिन यही स्थित बनी रहने और लू चलने की प्रबल संभावना है। हालांकि, उत्तर-पश्चिम हिमालयी क्षेत्रों और पूर्वोत्तर में गरज-चमक के साथ बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी से मौसम खुशनुमा बना हुआ है।

    इन राज्यों में चलेगी लू, नहीं मिलेगी गरमी से राहत
    भारतीय मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों में पिछले कई दिनों से लू चल रही है। इससे लू की स्थिति और भी गंभीर हो गई। आईएमडी के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, असम, अरुणाचल, मणिपुर, कर्नाटक और महाराष्ट्र में कुछ जगहों पर बारिश और तेज हवाएं चलने से लोगों को गर्मी से राहत भी मिली।


    गरमी बढ़ाने वाला अल नीनो इस साल फिर ढाएगा कहर

    संयुक्त राष्ट्र ने चेताया है कि पिछली बार दुनिया का तापमान रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचने वाली मौसमी घटना अल नीनो के इस साल 2026 के मध्य में फिर से लौटने की उम्मीद है। जिनेवा स्थित संयुक्त राष्ट्र की मौसम एवं जलवायु एजेंसी विश्व मौसम विज्ञान संगठन (डब्ल्यूएमओ) ने कहा कि आगामी मई से जुलाई के बीच अल नीनो के हालात बनने के पूरे आसार हैं और इसके शुरुआती संकेत भी दिखने लगे हैं।

    यह मध्य और पूर्वी भूमध्यरेखीय प्रशांत महासागर में सतह के तापमान को बढ़ाती है। इससे हवाओं, दबाव और वर्षा के पैटर्न में परिवर्तन आता है। मौसम की स्थिति अल नीनो और उसके विपरीत ला नीना और सामान्य स्थिति के बीच बदलती रहती है। पिछले अल नीनो के कारण 2023 अब तक का दूसरा सबसे गर्म साल और 2024 अब तक का सबसे गर्म साल बना।


    भीषण गर्मी की चपेट में यूपी

    उत्तर प्रदेश में प्रचंड गर्मी अपने पूरे रंग में है। शुक्रवार को प्रदेश के ज्यादातर इलाके भीषण गर्मी के चपेट में रहे। तपिश के प्रकोप से अब जनजीवन और लोगों का कामकाज प्रभावित होने लगा है। प्रयागराज, वाराणसी, हरदोई, आगरा, मेरठ,अलीगढ़ और शाहजहांपुर जैसे शहरों भयानक लू के थपेड़ों का प्रकोप रहा और दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। 45.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ प्रयागराज प्रदेश में सर्वाधिक गर्म रहा। वहीं 44.3 डिग्री, बांदा और हमीरपुर में 44.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।


    तेजी से बढ़ रहा समुद्री सतह का तापमान

    डब्ल्यूएमओ ने कहा कि उसके नवीनतम मासिक वैश्विक मौसमी जलवायु अपडेट में समुद्र की सतह का तापमान तेजी से बढ़ रहा है, जो मई-जुलाई की शुरुआत में अल नीनो की स्थिति की संभावित वापसी की तरफ इशारा करता है। पूर्वानुमानों से संकेत मिलता है कि अगले तीन महीनों में दुनिया के ज्यादातर हिस्सों में सामान्य से अधिक तापमान रहेगा।

    डब्ल्यूएमओ ने कहा कि हालांकि, जलवायु परिवर्तन से अल नीनो घटनाओं की तीव्रता नहीं बढ़ती है, लेकिन यह इससे जुड़े असर को बढ़ा सकता है, क्योंकि गर्म महासागर और वायुमंडल से लू और भारी वर्षा जैसी चरम मौसम घटनाओं के लिए ऊर्जा और नमी की उपलब्धता बढ़ जाती है।़

  • World Malaria Day: मलेरिया के साथ दूसरी बीमारियों का बढ़ रहा खतरा, मल्टी-इंफेक्शन ने बढ़ाई इलाज की चुनौती

    World Malaria Day: मलेरिया के साथ दूसरी बीमारियों का बढ़ रहा खतरा, मल्टी-इंफेक्शन ने बढ़ाई इलाज की चुनौती

    नई दिल्ली। विश्व मलेरिया दिवस के मौके पर सामने आई एक अहम जानकारी ने मलेरिया को लेकर चिंता बढ़ा दी है। आमतौर पर बुखार को मलेरिया मानकर इलाज शुरू कर देना कई बार जोखिम भरा साबित हो सकता है। दिल्ली के अस्पतालों में किए गए अध्ययन में पाया गया है कि कई मरीजों में मलेरिया के साथ डेंगू, चिकनगुनिया या टाइफाइड जैसी बीमारियां भी एक साथ मौजूद हैं। यह मल्टी-इंफेक्शन डॉक्टरों के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।

    वर्धमान महावीर मेडिकल कॉलेज और सफदरजंग अस्पताल में जुलाई 2022 से नवंबर 2023 के बीच किए गए अध्ययन में 4259 बुखार के मरीजों की जांच की गई। इनमें से 87 मरीज (करीब 2.04%) मलेरिया पॉजिटिव पाए गए। चौंकाने वाली बात यह रही कि इनमें लगभग 45 प्रतिशत मरीज ऐसे थे, जिनमें मलेरिया के साथ अन्य संक्रमण भी मौजूद थे, जिससे बीमारी की पहचान और उपचार दोनों जटिल हो गए।

    अध्ययन में Plasmodium vivax और Plasmodium falciparum दोनों तरह के संक्रमण दर्ज किए गए। मरीजों में ठंड लगना (80.46%), पीलिया (51.72%), मांसपेशियों में दर्द (56.32%), पूरे शरीर में दर्द (54.02%) और लीवर व स्प्लीन का बढ़ना (64.37%) प्रमुख लक्षण पाए गए। कुछ गंभीर मामलों में एनीमिया भी बड़ी जटिलता के रूप में सामने आया।

    माइक्रोबायोलॉजी विभाग की प्रो. डॉ. मोनिका मटलानी के अनुसार, जब मलेरिया अन्य संक्रमणों के साथ होता है तो लक्षण आपस में मिल जाते हैं। इससे सही समय पर बीमारी की पहचान करना कठिन हो जाता है और इलाज में देरी हो सकती है। उन्होंने बताया कि जुलाई से सितंबर के बीच मलेरिया का खतरा सबसे ज्यादा रहता है और पुरुषों में संक्रमण का जोखिम अपेक्षाकृत अधिक देखा गया है।

    वहीं All India Institute of Medical Sciences के प्रोफेसर डॉ. नीरज निश्चल के अनुसार, दिल्ली जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्रों में मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया सभी मच्छरों से फैलते हैं, जबकि टाइफाइड दूषित पानी और खराब स्वच्छता से जुड़ा है। ऐसे में इन बीमारियों को अलग-अलग पहचानना चुनौतीपूर्ण हो जाता है और कई मामलों में एक से अधिक संक्रमण एक साथ पाए जाते हैं।

    प्रमुख लक्षण:-
    तेज बुखार के साथ ठंड और कंपकंपी
    अत्यधिक पसीना आना
    सिरदर्द और कमजोरी
    मांसपेशियों व जोड़ों में दर्द
    उल्टी या मतली
    भूख कम लगना
    चक्कर या बेहोशी जैसा महसूस होना
    गंभीर स्थिति में पीलिया

    बचाव के उपाय:-
    मच्छरदानी का इस्तेमाल करें
    घर के आसपास पानी जमा न होने दें
    पूरी बाजू के कपड़े पहनें
    बुखार आने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें

  • बंगाल चुनाव: नैरेटिव vs बूथ मैनेजमेंट की जंग, अब 142 सीटों पर किसकी रणनीति पड़ेगी भारी?

    बंगाल चुनाव: नैरेटिव vs बूथ मैनेजमेंट की जंग, अब 142 सीटों पर किसकी रणनीति पड़ेगी भारी?


    कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 92 प्रतिशत से अधिक मतदान ने सियासी माहौल को चरम पर पहुंचा दिया है। इस बार का चुनाव कई मायनों में अलग नजर आ रहा है, जहां नैरेटिव बनाने में भाजपा सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस से आगे दिख रही है, वहीं जमीनी स्तर पर बूथ मैनेजमेंट अब भी तृणमूल की सबसे बड़ी ताकत बना हुआ है।

    पहले चरण में एक बड़ा बदलाव यह देखने को मिला कि भाजपा के बूथ पहले की तरह खाली नहीं रहे। इससे मुकाबला अब सिर्फ वोटों तक सीमित न रहकर नैरेटिव और जमीनी पकड़ के बीच संतुलन का हो गया है। पहले चरण के बाद दोनों दलों ने अपनी रणनीति में बदलाव किया है। भाजपा जहां दूसरे चरण की 142 सीटों पर अपने बूथ प्रबंधन को और मजबूत करने में जुटी है, वहीं तृणमूल अपने मजबूत नेटवर्क के सहारे भाजपा के नैरेटिव को चुनौती देने की तैयारी में है।

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हुगली में नाव चलाकर आत्मविश्वास दिखाना इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। दूसरी ओर, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी आक्रामक रुख अपनाते हुए भाजपा और केंद्रीय नेतृत्व पर हमले तेज कर दिए हैं, ताकि जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ और नैरेटिव दोनों को मजबूत किया जा सके।

    बंपर मतदान: किसके पक्ष में संकेत?

    पहले चरण में करीब 93 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो पिछले चुनावों की तुलना में काफी अधिक है। 2011 में 84.7 प्रतिशत और 2021 में लगभग 82 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस बढ़े हुए मतदान को लेकर अलग-अलग व्याख्याएं सामने आ रही हैं। भाजपा इसे सत्ता विरोधी लहर का संकेत मान रही है, जबकि तृणमूल इसे महिला और ग्रामीण वोटरों का समर्थन बता रही है।

    दावों की जंग: रणनीति या अतिरेक?

    पहले चरण के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 152 में से 110 सीटें जीतने का दावा किया, जिसे भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने बढ़ाकर 125 सीटों तक पहुंचा दिया। राजनीतिक विश्लेषक इन दावों को काडर का मनोबल बढ़ाने की रणनीति मान रहे हैं। जवाब में ममता बनर्जी ने भी इसे बंगाल की अस्मिता और अपनी योजनाओं के समर्थन के रूप में पेश किया है।

    असली चुनौती: शहरी वोटर को बूथ तक लाना

    दूसरे चरण की 142 सीटों में कोलकाता और आसपास का शहरी इलाका निर्णायक भूमिका निभाएगा। यहां पारंपरिक रूप से मतदान प्रतिशत कम रहता है। 2021 में जहां राज्य का औसत मतदान 82 प्रतिशत था, वहीं कोलकाता में यह करीब 62-63 प्रतिशत ही रहा। ऐसे में शहरी मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करना दोनों दलों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।

    रणनीति का नया दौर
    शहरी क्षेत्रों में कम मतदान की समस्या को देखते हुए दोनों दलों ने पूरी ताकत झोंक दी है। भाजपा ने पहले चरण से मुक्त हुए अपने कार्यकर्ताओं और नेताओं को दूसरे चरण की सीटों पर तैनात कर दिया है, ताकि घर-घर जाकर मतदाताओं को बूथ तक लाया जा सके। वहीं तृणमूल ने भी इसी तरह की रणनीति अपनाते हुए हर बूथ पर अपने कोर वोटर को साधे रखने और विपक्ष के प्रभाव को सीमित करने पर जोर दिया है।

    4 मई तक बढ़ेगी सियासी गर्मी

    पहले चरण के भारी मतदान ने चुनावी समीकरण बदल दिए हैं। अब दूसरे चरण में मालदा और मुर्शिदाबाद जैसे इलाकों में ध्रुवीकरण, घुसपैठ और क्षेत्रीय अस्मिता जैसे मुद्दों पर सीधी टक्कर देखने को मिलेगी। अंतिम नतीजे 4 मई को आएंगे, लेकिन इतना तय है कि इस बार मुकाबला नारों से आगे बढ़कर बूथ स्तर की कड़ी परीक्षा में बदल चुका है। जीत उसी की होगी, जो मतदाताओं को घर से निकालकर मतदान केंद्र तक पहुंचाने में सफल रहेगा।

  • Contempt of Court क्या है और कितनी मिलती है सजा? केजरीवाल से रवीश कुमार तक नोटिस के बाद बढ़ी चर्चा

    Contempt of Court क्या है और कितनी मिलती है सजा? केजरीवाल से रवीश कुमार तक नोटिस के बाद बढ़ी चर्चा

    नई दिल्ली। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल की कानूनी मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। कथित शराब घोटाले से जुड़े मामले में जहां उनकी रिक्यूजल याचिका खारिज हुई, वहीं अदालत की कार्यवाही से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए जाने के मामले ने नया विवाद खड़ा कर दिया है।

    इसी मामले में दिल्ली हाई कोर्ट ने गुरुवार को सुनवाई करते हुए केजरीवाल, आप नेता मनीष सिसोदिया और संजय सिंह के साथ-साथ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह और वरिष्ठ पत्रकार रवीश कुमार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। अदालत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को संबंधित वीडियो हटाने का भी निर्देश दिया है।

    क्या होता है Contempt of Court?
    कानूनी विशेषज्ञों के अनुसार, कंटेम्प्ट ऑफ कोर्ट यानी अदालत की अवमानना का मतलब है अदालत के आदेशों की जानबूझकर अवहेलना करना या न्यायिक प्रक्रिया की गरिमा को नुकसान पहुंचाना। यह कानून Contempt of Courts Act, 1971 के तहत नियंत्रित होता है। संविधान के अनुच्छेद 215 और 129 के तहत हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट को यह अधिकार प्राप्त है कि वे अपनी अवमानना के मामलों में कार्रवाई कर सकें।

    कितनी हो सकती है सजा?
    कानूनी प्रावधानों के मुताबिक, अदालत की अवमानना दो प्रकार की होती है सिविल और क्रिमिनल कंटेम्प्ट।
    सिविल कंटेम्प्ट: अदालत के आदेशों का पालन न करना या देरी करना
    क्रिमिनल कंटेम्प्ट: अदालत की गरिमा को ठेस पहुंचाना या कार्यवाही में बाधा डालना

    इसमें अधिकतम 6 महीने की जेल या जुर्माना या दोनों की सजा का प्रावधान है। हालांकि, कई मामलों में अगर आरोपी अदालत से माफी मांग ले तो सजा से राहत भी मिल सकती है, लेकिन यह पूरी तरह अदालत के विवेक पर निर्भर करता है।

    मामला क्यों उठा?
    यह विवाद तब शुरू हुआ जब अरविंद केजरीवाल ने कथित शराब घोटाले से जुड़े मामले में जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा से खुद को अलग करने की मांग करते हुए अदालत में जिरह की थी। 13 अप्रैल को उन्होंने करीब एक घंटे तक अपनी दलीलें रखीं, जिसकी वीडियो रिकॉर्डिंग बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।

    आरोप है कि इस वीडियो को केजरीवाल और उनके कई सहयोगियों ने साझा किया, जिसके बाद अधिवक्ता वैभव सिंह ने हाई कोर्ट में याचिका दाखिल कर अवमानना की कार्रवाई की मांग की। अब मामला अदालत की निगरानी में है और सभी संबंधित पक्षों से जवाब मांगा गया है, जबकि प्लेटफॉर्म्स को वीडियो हटाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

  • राघव चड्ढा के फैसले से AAP में असंतोष उजागर, पार्टी संरचना और नेतृत्व शैली पर उठे गंभीर सवाल..

    राघव चड्ढा के फैसले से AAP में असंतोष उजागर, पार्टी संरचना और नेतृत्व शैली पर उठे गंभीर सवाल..

    नई दिल्ली में राजनीतिक माहौल उस समय अचानक बदल गया जब आम आदमी पार्टी से जुड़े राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने अपने कुछ सहयोगियों के साथ पार्टी से अलग होने का निर्णय लिया। इस घटनाक्रम ने न केवल पार्टी के भीतर हलचल बढ़ा दी है बल्कि राष्ट्रीय राजनीति में भी नए समीकरणों पर चर्चा शुरू हो गई है। लंबे समय से पार्टी के सक्रिय चेहरे माने जाने वाले राघव चड्ढा का यह कदम कई राजनीतिक विश्लेषकों के लिए भी अप्रत्याशित माना जा रहा है।

    सूत्रों और सामने आई जानकारी के अनुसार, इस निर्णय के पीछे कई आंतरिक कारण माने जा रहे हैं। सबसे पहला कारण संगठन के मूल विचारों से दूरी बताया जा रहा है। कहा जा रहा है कि जिस उद्देश्य और सिद्धांतों के आधार पर पार्टी का गठन हुआ था, उसमें समय के साथ बदलाव आया है और यही बदलाव कई वरिष्ठ नेताओं को असहज कर रहा था। राघव चड्ढा का मानना है कि संगठन अपने शुरुआती लक्ष्य से भटकता नजर आ रहा था, जिससे लंबे समय से जुड़े नेताओं में असंतोष बढ़ता गया।

    दूसरे कारण के रूप में पार्टी संगठन में कार्यकर्ताओं की भूमिका को लेकर असंतोष सामने आया है। कई नेताओं का मानना है कि जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं और नेताओं की भूमिका को धीरे धीरे कम किया गया, जिससे संगठनात्मक संतुलन प्रभावित हुआ। इससे पार्टी के भीतर एक अलग तरह की असहजता पैदा होने लगी थी, जो समय के साथ और गहरी होती चली गई।

    तीसरा कारण नेतृत्व शैली और निर्णय प्रक्रिया में बदलाव बताया जा रहा है। संगठन के भीतर हाल के वर्षों में लिए गए कई निर्णयों को लेकर असहमति बढ़ी और कई नेताओं को यह महसूस होने लगा कि उनकी राय को पर्याप्त महत्व नहीं दिया जा रहा है। इसी वजह से पार्टी के भीतर संवाद की कमी और दूरी बढ़ने लगी।

    चौथा कारण व्यक्तिगत राजनीतिक दिशा से जुड़ा माना जा रहा है। युवा नेतृत्व के तौर पर राघव चड्ढा को लंबे समय से राष्ट्रीय राजनीति में एक मजबूत भूमिका निभाने वाला चेहरा माना जाता रहा है। ऐसे में उनके सामने राजनीतिक भविष्य को लेकर नए विकल्प और अवसर भी उभर रहे थे, जिसने उनके निर्णय को प्रभावित किया।

    पांचवां कारण पार्टी के भीतर बढ़ती अंदरूनी खींचतान और अलगाव की स्थिति को बताया जा रहा है। पिछले कुछ समय से यह संकेत मिल रहे थे कि संगठन में एकजुटता की कमी बढ़ रही है और विभिन्न गुटों के बीच मतभेद गहराते जा रहे हैं। इसका परिणाम यह हुआ कि कई नेता धीरे धीरे अपने रास्ते अलग करने की दिशा में बढ़ने लगे।

    इस पूरे घटनाक्रम ने राजनीतिक हलकों में गहन चर्चा को जन्म दिया है। जहां कुछ लोग इसे संगठनात्मक पुनर्गठन का परिणाम मान रहे हैं, वहीं कुछ इसे नेतृत्व और कार्यशैली में बदलाव की आवश्यकता के रूप में देख रहे हैं। आने वाले समय में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि इस निर्णय का राजनीतिक संतुलन और पार्टी की रणनीति पर क्या प्रभाव पड़ता है।

  • युद्ध और आपदा में बनेंगे फाइटर जेट लैंडिंग के अहम केंद्र..

    युद्ध और आपदा में बनेंगे फाइटर जेट लैंडिंग के अहम केंद्र..


    नई दिल्ली। दिल्ली से लेकर उत्तर प्रदेश तक देश के इंफ्रास्ट्रक्चर और रक्षा तैयारियों में एक महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिल रहा है। उत्तर प्रदेश के एक्सप्रेस-वे अब केवल यातायात के साधन नहीं रह गए हैं, बल्कि उन्हें रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण वैकल्पिक एयरबेस के रूप में भी विकसित किया गया है। इन एक्सप्रेस-वे पर भारतीय वायुसेना के फाइटर जेट्स की दिन और रात दोनों समय सुरक्षित लैंडिंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे देश की रक्षा क्षमता को एक नया आयाम मिला है।

    लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे इस दिशा में सबसे पहला और महत्वपूर्ण उदाहरण माना जाता है। इस एक्सप्रेस-वे पर उन्नाव जिले के पास लगभग 3.3 किलोमीटर लंबी विशेष हवाई पट्टी बनाई गई है। यह रनवे इस तरह डिजाइन किया गया है कि यहां सुखोई, मिराज और भारी परिवहन विमान भी आसानी से लैंड कर सकते हैं। इस सुविधा ने यह साबित किया कि आपातकालीन स्थिति में सड़क को भी एयरबेस के रूप में उपयोग किया जा सकता है।

    इसके बाद पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे को भी इसी रणनीतिक सोच के साथ तैयार किया गया। यह एक्सप्रेस-वे पूर्वी उत्तर प्रदेश को जोड़ता है और भौगोलिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जाता है। सुल्तानपुर जिले के कूरेभार के पास लगभग 3.2 किलोमीटर लंबी हवाई पट्टी विकसित की गई है। यहां पहले भी वायुसेना द्वारा सफल अभ्यास किए जा चुके हैं, जिसमें फाइटर जेट्स ने रनवे पर सुरक्षित लैंडिंग और टेक ऑफ का प्रदर्शन किया था।

    गंगा एक्सप्रेस-वे इस श्रृंखला का सबसे लंबा और अत्याधुनिक एक्सप्रेस-वे माना जा रहा है, जो मेरठ से प्रयागराज तक फैला हुआ है। इस पर शाहजहांपुर जिले के जलालाबाद क्षेत्र में विशेष रनवे तैयार किया गया है। इस रनवे को आधुनिक तकनीक से इस तरह विकसित किया जा रहा है कि यहां रात के समय भी फाइटर जेट्स की सुरक्षित लैंडिंग संभव हो सके। यह परियोजना भविष्य में देश की रक्षा प्रणाली को और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

    इन एक्सप्रेस-वे पर विकसित की गई हवाई पट्टियां केवल सामान्य ढांचे का हिस्सा नहीं हैं, बल्कि इन्हें रणनीतिक सुरक्षा जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया गया है। युद्ध या आपातकालीन स्थिति में यदि मुख्य एयरबेस किसी कारणवश प्रभावित होते हैं, तो ये वैकल्पिक रनवे तुरंत सक्रिय होकर वायुसेना के संचालन को जारी रखने में मदद कर सकते हैं।

    इसके अलावा इन रनवे की भौगोलिक स्थिति भी इन्हें और अधिक महत्वपूर्ण बनाती है, क्योंकि ये राज्य के विभिन्न हिस्सों में फैले हुए हैं। इससे वायुसेना को देश के किसी भी क्षेत्र में तेजी से पहुंचने और संचालन करने में मदद मिलती है। आधुनिक लड़ाकू विमानों जैसे राफेल, सुखोई और जगुआर की लैंडिंग क्षमता को ध्यान में रखते हुए इन हवाई पट्टियों को विशेष रूप से मजबूत और सुरक्षित बनाया गया है।

    यह पूरी पहल इस बात का संकेत है कि देश का बुनियादी ढांचा अब बहुआयामी उपयोग के लिए विकसित किया जा रहा है, जिसमें नागरिक सुविधाओं के साथ-साथ रक्षा जरूरतों को भी प्राथमिकता दी जा रही है। उत्तर प्रदेश के ये एक्सप्रेस-वे आने वाले समय में राष्ट्रीय सुरक्षा और रणनीतिक क्षमता को और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

  • मणिपुर में महिलाओं का विशाल आंदोलन, सड़कें बनीं विरोध का केंद्र..

    मणिपुर में महिलाओं का विशाल आंदोलन, सड़कें बनीं विरोध का केंद्र..

    नई दिल्ली।मणिपुर में हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं, जहां रॉकेट हमले में दो बच्चों समेत तीन लोगों की मौत के बाद व्यापक स्तर पर विरोध-प्रदर्शन जारी है। इस घटना के बाद से राज्य में जनाक्रोश बढ़ता जा रहा है और कई इलाकों में बंद और प्रदर्शन की स्थिति बनी हुई है। आम जनजीवन प्रभावित है और सड़कों पर सामान्य गतिविधियां काफी हद तक ठप हो गई हैं।

    इस आंदोलन में सबसे आगे मणिपुर की महिलाएं दिखाई दे रही हैं, जो हजारों की संख्या में सड़कों पर उतरकर विरोध दर्ज करा रही हैं। ये महिलाएं दिन के समय रास्तों को रोककर धरना दे रही हैं और आवाजाही को नियंत्रित कर रही हैं। कई इलाकों में स्थिति ऐसी है कि वहां न तो आम नागरिकों को आने-जाने की अनुमति है और न ही सुरक्षा बलों की सामान्य आवाजाही हो पा रही है। रात के समय ये महिलाएं मशाल रैलियों के जरिए इलाकों में गश्त कर रही हैं, जिससे आंदोलन और अधिक संगठित और प्रभावी दिखाई दे रहा है।

    प्रदर्शन में शामिल महिलाओं का कहना है कि वे घर की जिम्मेदारियों के साथ-साथ आंदोलन में भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। उनके अनुसार यह केवल भावनात्मक नहीं बल्कि नैतिक जिम्मेदारी का हिस्सा है, जिसे वे संतुलित तरीके से निभा रही हैं। इस आंदोलन के चलते स्थानीय बाजारों और आर्थिक गतिविधियों पर भी असर पड़ा है, जिससे कई परिवारों पर आर्थिक दबाव बढ़ गया है। इसके बावजूद कुछ महिलाएं अपने काम के साथ-साथ आंदोलन में भागीदारी भी जारी रखे हुए हैं।

    इस आंदोलन का नेतृत्व करने वाली सामुदायिक संरचनाएं लंबे समय से शांति और सामाजिक संतुलन की मांग करती रही हैं। यह संगठन संघर्ष प्रभावित क्षेत्रों में सामाजिक व्यवस्था बनाए रखने और मानवाधिकारों की रक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभाता रहा है। इतिहास में भी इस तरह के आंदोलन सामाजिक मुद्दों और कानून-व्यवस्था से जुड़े सवालों को लेकर सामने आते रहे हैं, जिन्होंने व्यापक जनसमर्थन हासिल किया है।

    यह पूरा विवाद एक रॉकेट हमले से शुरू हुआ था, जिसमें एक घर को निशाना बनाया गया था। इस हमले में एक छोटे बच्चे, एक बच्ची और उनकी मां की मौत हो गई थी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में गुस्सा फैल गया और धीरे-धीरे यह विरोध बड़े आंदोलन में बदल गया।

    फिलहाल राज्य में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और लोग शांति बहाली की मांग कर रहे हैं। महिलाओं के इस व्यापक आंदोलन ने स्थिति को और अधिक गंभीर बना दिया है, जिससे प्रशासन और समाज दोनों के सामने शांति बहाली की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।

  • स्मार्ट सड़कों की ओर कदम: AI तकनीक से मिनटों में हल होगा ट्रैफिक दबाव, बदल रही है शहरों की यातायात व्यवस्था

    स्मार्ट सड़कों की ओर कदम: AI तकनीक से मिनटों में हल होगा ट्रैफिक दबाव, बदल रही है शहरों की यातायात व्यवस्था


    नई दिल्ली।अहमदाबाद में शहरी यातायात व्यवस्था को आधुनिक और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। शहर के प्रमुख चौराहों पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित स्मार्ट ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम लागू किया गया है, जिसका उद्देश्य ट्रैफिक जाम की समस्या को कम करना और यात्रियों को बेहतर सुविधा प्रदान करना है। इस तकनीक के माध्यम से अब घंटों लगने वाले जाम को मिनटों में नियंत्रित करने की संभावना जताई जा रही है।
    इस नई प्रणाली को एडेप्टिव ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम नाम दिया गया है, जिसे फिलहाल पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शहर के लगभग दस प्रमुख चौराहों पर स्थापित किया गया है। इस तकनीक में अत्याधुनिक कैमरे और सेंसर का उपयोग किया गया है, जो लगातार सड़क पर वाहनों की संख्या, उनकी गति और ट्रैफिक की स्थिति पर नजर रखते हैं। यह पूरा डेटा तुरंत केंद्रीय प्रणाली तक पहुंचता है, जहां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इसे विश्लेषित कर ट्रैफिक सिग्नल की टाइमिंग को निर्धारित करता है।
    इस प्रणाली की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि अब ट्रैफिक सिग्नल किसी निश्चित समय पर आधारित नहीं होंगे, बल्कि वास्तविक ट्रैफिक स्थिति के अनुसार बदलते रहेंगे। जिस दिशा में वाहनों की संख्या अधिक होगी, वहां ग्रीन सिग्नल का समय बढ़ा दिया जाएगा, जबकि कम भीड़ वाली दिशा में रेड सिग्नल जल्दी आ जाएगा। इससे सड़क पर वाहनों का प्रवाह अधिक संतुलित और सुचारु होने की उम्मीद है।
    अब तक उपयोग में आने वाले पारंपरिक ट्रैफिक सिस्टम में सिग्नल समय निश्चित होता था, जिससे कई बार खाली सड़कों पर भी वाहन चालकों को रुकना पड़ता था। इससे न केवल समय की बर्बादी होती थी, बल्कि ईंधन की खपत और प्रदूषण भी बढ़ता था। नई तकनीक इन सभी समस्याओं का समाधान करने की क्षमता रखती है, क्योंकि यह वास्तविक समय के अनुसार निर्णय लेती है।
    इस स्मार्ट सिस्टम से कई स्तरों पर लाभ मिलने की संभावना है। सबसे पहले ट्रैफिक जाम में कमी आएगी, जिससे लोगों का यात्रा समय घटेगा। इसके साथ ही वाहनों के बार-बार रुकने और चलने की स्थिति में कमी आने से ईंधन की बचत होगी। कम ट्रैफिक जाम के कारण वायु प्रदूषण में भी कमी आने की उम्मीद है, जो पर्यावरण के लिए एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।
    अधिकारियों के अनुसार इस प्रणाली को भविष्य में और भी उन्नत किया जा सकता है। इसमें आपातकालीन वाहनों जैसे एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड को प्राथमिकता देने की सुविधा जोड़ने पर विचार किया जा रहा है। इसके अलावा ट्रैफिक के व्यस्त समय का पहले से अनुमान लगाकर बेहतर योजना तैयार करने की दिशा में भी काम किया जा सकता है।
    फिलहाल यह तकनीक परीक्षण चरण में है, लेकिन यदि इसके परिणाम संतोषजनक रहते हैं तो इसे पूरे शहर में लागू किया जाएगा। इसके सफल होने पर अन्य शहर भी इस मॉडल को अपनाने पर विचार कर सकते हैं। यह पहल शहरी यातायात व्यवस्था में एक बड़ा बदलाव लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।
  • कानूनी मुश्किलें बढ़ीं: पवन खेड़ा की जमानत याचिका कोर्ट ने नहीं मानी..

    कानूनी मुश्किलें बढ़ीं: पवन खेड़ा की जमानत याचिका कोर्ट ने नहीं मानी..


    नई दिल्ली।कांग्रेस नेता पवन खेड़ा को बड़ा कानूनी झटका लगा है, जहां गुवाहाटी हाईकोर्ट ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका को खारिज कर दिया है। यह मामला असम के मुख्यमंत्री से जुड़े विवादित बयानों और उनकी पत्नी पर लगाए गए आरोपों से संबंधित है, जिसके बाद उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। इसी एफआईआर से बचाव के लिए पवन खेड़ा ने अदालत में अग्रिम जमानत की मांग की थी, लेकिन उन्हें राहत नहीं मिल सकी।

    यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब पवन खेड़ा ने एक सार्वजनिक बयान में मुख्यमंत्री की पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए थे। इन आरोपों में विदेशों में संपत्ति और कई देशों के पासपोर्ट रखने जैसे दावे शामिल थे। बयान के बाद संबंधित पक्ष की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई और मामला कानूनी रूप से आगे बढ़ गया।

    एफआईआर दर्ज होने के बाद पवन खेड़ा ने गिरफ्तारी से बचने के लिए कानूनी रास्ता अपनाते हुए अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की थी। इससे पहले उन्हें कुछ स्तर पर अस्थायी राहत भी मिली थी, लेकिन बाद में वह राहत आगे नहीं बढ़ सकी। अब हाईकोर्ट के फैसले के बाद उनकी कानूनी स्थिति और कठिन हो गई है।

    इस निर्णय के बाद उनके खिलाफ जांच और संभावित कार्रवाई की प्रक्रिया तेज होने की संभावना है। अब यह मामला पूरी तरह जांच और आगे की कानूनी कार्यवाही पर निर्भर करेगा। दूसरी ओर, इस फैसले को लेकर राजनीतिक माहौल भी गर्म हो गया है। एक पक्ष इसे कानूनी प्रक्रिया बता रहा है, जबकि दूसरा इसे राजनीतिक विवाद से जोड़कर देख रहा है।

    फिलहाल, सभी की नजर इस बात पर है कि आगे पवन खेड़ा क्या कदम उठाते हैं और क्या वे ऊपरी अदालत में राहत के लिए फिर से अपील करते हैं या जांच प्रक्रिया का सामना करते हैं।