Blog

  • ईरान में दो अलग-अलग धमाकों से पांच की मौत, 14 घायल

    ईरान में दो अलग-अलग धमाकों से पांच की मौत, 14 घायल


    तेहरान।
    ईरान (Iran) में शनिवार को दो अलग-अलग स्थानों पर हुए धमाकों (Strong Explosion) में कम से कम पांच लोगों (Five People) की मौत हो गई, जबकि 14 अन्य घायल हो गए। दोनों घटनाओं के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है और जांच जारी है।

    ईरानी समाचार चैनल तेहरान टाइम्स के अनुसार, दक्षिण-पश्चिमी शहर अहवाज (Southwestern City Ahvaz) में एक आवासीय इमारत में जोरदार विस्फोट (Strong Explosion) हुआ। शहर के फायर डिपार्टमेंट प्रमुख के हवाले से बताया गया कि इस हादसे में मौके पर ही चार लोगों की मौत हो गई। विस्फोट से इमारत को गंभीर नुकसान पहुंचा और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

    दूसरी घटना ईरान के दक्षिणी बंदरगाह शहर बंदर अब्बास में सामने आई। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, यहां हुए एक विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हो गए। धमाके की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि एक इमारत की दो मंजिलें पूरी तरह ध्वस्त हो गईं, कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और आसपास की दुकानों को भी भारी नुकसान पहुंचा।

    इन घटनाओं के बाद क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। इस बीच, इजराइल ने इन धमाकों से किसी भी तरह की संलिप्तता से इनकार किया है। इजराइल के दो अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ईरान में हुए विस्फोटों से उनका देश किसी भी प्रकार से जुड़ा नहीं है।

    सोशल मीडिया पर इन धमाकों को लेकर कई तरह के दावे किए जा रहे हैं, जिनमें इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) के नौसेना कमांडर को निशाना बनाए जाने की बात भी शामिल है। हालांकि, अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी तसनीम ने इन दावों को पूरी तरह झूठा बताते हुए खारिज कर दिया है।

    ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए के अनुसार, होर्मोजगान प्रांत के क्राइसिस मैनेजमेंट के महानिदेशक मेहरदाद हसनजादेह ने कहा कि दोनों विस्फोटों के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि घायलों को आपातकालीन सेवाओं की मदद से अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

  • भारत ने न्यूजीलैंड को 46 रनों से हराकर 4-1 से सीरीज जीती, ईशान किशन का तूफानी शतक और अर्शदीप का पंजा

    भारत ने न्यूजीलैंड को 46 रनों से हराकर 4-1 से सीरीज जीती, ईशान किशन का तूफानी शतक और अर्शदीप का पंजा


    तिरुवनंतपुरम।
    भारतीय क्रिकेट टीम (Indian Cricket Team) ने ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए पांचवें और अंतिम टी20 मुकाबले में न्यूजीलैंड (New Zealand) को 46 रनों से हराकर पांच मैचों की सीरीज 4-1 से अपने नाम कर ली। इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 271 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जो अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट (International T20 cricket) में भारत का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 19.4 ओवर में 225 रन पर ऑलआउट हो गई।

    भारत की जीत के नायक विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन और बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह रहे। ईशान किशन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों में अपना पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक पूरा किया। उन्होंने 43 गेंदों पर 103 रन बनाए, जिसमें 10 छक्के और 6 चौके शामिल थे। यह भारत के लिए टी20I में पांचवां सबसे तेज और न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे तेज शतक रहा। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 63 रनों की सधी हुई पारी खेली, जबकि हार्दिक पांड्या ने अंत में 17 गेंदों पर 42 रन बनाकर स्कोर को और मजबूत किया।

    न्यूजीलैंड की ओर से फिन एलेन ने वापसी करते हुए आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और 38 गेंदों पर 80 रन ठोके। हालांकि, उनके आउट होते ही मेहमान टीम की पारी लड़खड़ा गई। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने लगातार अंतराल पर विकेट चटकाकर मैच पर पूरी तरह नियंत्रण बना लिया।

    अर्शदीप सिंह ने इस मुकाबले में शानदार वापसी करते हुए 4 ओवर में 51 रन देकर 5 विकेट झटके। यह उनके टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का दूसरा पांच विकेट हॉल रहा और इसी के साथ वह इस सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी बने। अक्षर पटेल ने 3 विकेट लिए, जबकि वरुण चक्रवर्ती ने 1 सफलता हासिल की।

    इस जीत के साथ भारत ने सीरीज में अपना दबदबा कायम रखा। नागपुर में पहला मैच जीतने के बाद भारत ने लगातार शानदार प्रदर्शन किया, जबकि न्यूजीलैंड की एकमात्र जीत विशाखापट्टनम में चौथे टी20 में आई थी। अंतिम मुकाबले में दमदार वापसी के साथ भारत ने सीरीज को शानदार अंदाज में समाप्त किया और आगामी टी20 विश्व कप से पहले आत्मविश्वास बढ़ाया।

  • चावल व्यापारियों के ठिकानों पर आयकर विभाग की छापेमारी जारी, अबतक 4.50 करोड़ रुपये जब्त

    चावल व्यापारियों के ठिकानों पर आयकर विभाग की छापेमारी जारी, अबतक 4.50 करोड़ रुपये जब्त


    रांची।
    आयकर विभाग (Income Tax Department) की अनुसंधान शाखा की तीसरे दिन शनिवार को भी छापेमारी जारी है। अधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को बताया कि चावल व्यापारियों (Rice Traders) के अंतरराज्यीय ठिकानों पर छापेमारी के दौरान 4.50 करोड़ रुपये जब्त किया गया है। छापेमारी में मिले जेवरात के मूल्यांकन और जांच का काम अभी जारी है। साथ ही बाबा ग्रुप की फैक्टरी, मकान सहित अन्य अचल संपत्तियों के मूल्यांकन का काम अभी भी जारी है।

    चावल व्यापारियों के ठिकानों पर 29 जनवरी को शुरु हुई छापेमारी तीसरे दिन शनिवार को भी जारी रही। छापेमारी के दौरान मिली कैश राशि के सिलसिले में संबंधित लोगों का जवाब और पैसों के स्रोत के सिलसिले में दी जानकारी की समीक्षा के बाद कुल 4.50 करोड़ रुपये जब्त किए गए हैं।

    इसमें से दो करोड़ रुपये बाबा ग्रुप से जुड़े आढ़तियों (कमीशन एजेंट) के ठिकानों से जब्त किए गए हैं। शेष 2.50 करोड़ रुपए बाबा एग्रो फुड और बाबा फुड प्रोसेसिंग से जुड़े लोगों के ठिकानों से जब्त किए गए हैं।

    छापेमारी के दौरान मिले कच्चा व्यापार से जुड़े दस्तावेज की जांच फिलहाल जारी है। कच्चे दस्तावेज से कितने का व्यापार किया गया है, इसका अब तक आकलन नहीं हो सका है। कच्चे व्यापार से जुड़े कागजात का विश्लेषण करने के बाद इसकी पूरी जानकारी मिल सकेगी। छापेमारी के दायरे में शामिल बाबा ग्रुप की फैक्टरी, मकान और जमीन सहित कुल 10 अचल संपत्तियों के मूल्यांकन का काम भी अभी जारी है। 29 जनवरी को शुरु हुई छापेमारी के अभी और जारी रहने की संभावना जताई जा रही है।

    उल्लेखनीय है कि आयकर विभाग की अनुसंधान शाखा ने गत 29 जनवरी को बाबा एग्रो, बाबा फुड प्रोसेसिंग के अलावा चावल के आढ़तिया (कमीशन एजेंट) के कुल 45 ठिकानों पर छापेमारी शुरू की थी। वर्ष 2026 में आयकर विभाग की और से की जाने वाली यह पहली छापेमारी है। यह कार्रवाई व्यापारियों की ओर से अपनी वास्तविक आमदनी छिपाकर टैक्स चोरी करने के मामले में की जा रही है।

  • पाकिस्तान ने रिहा किए सात भारतीय नागरिक, अटारी बाघा बार्डर से पहुंचे भारत

    पाकिस्तान ने रिहा किए सात भारतीय नागरिक, अटारी बाघा बार्डर से पहुंचे भारत


    चंडीगढ़।
    पाकिस्तान (Pakistan) ने शनिवार को सात भारतीय नागरिकों (7 Indian Citizens) को रिहा कर दिया। सातों भारतीय नागरिकों ने अटारी-बाघा सीमा (Attari-Wagah border) के रास्ते भारत में प्रवेश किया। भारतीय सीमा में आने के बाद सभी नागरिकों की जांच प्रक्रिया के बाद परिजनों के हवाले किया जाएगा।

    दस्तावेज के मुताबिक, यह निर्णय पाकिस्तान के गृह मंत्रालय और नारकोटिक्स कंट्रोल मंत्रालय, इस्लामाबाद के परामर्श से लिया गया है। इसमें स्पष्ट किया गया है कि भारत सरकार की ओर से संबंधित कैदियों की भारतीय नागरिकता की पुष्टि कर दी गई है और सभी कैदी अपनी-अपनी सजा की अवधि पूरी कर चुके हैं। इसके बाद उनकी रिहाई की प्रक्रिया शुरू की गई।

    पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के गृह विभाग की ओर से जारी आदेशों के बाद इन भारतीयों को शनिवार को अटारी बॉर्डर के रास्ते सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के हवाले किया गया। यह सभी लाहौर की केंद्रीय जेल में बंद थे। रिहा किए जा रहे भारतीय नागरिकों में चंदर सिंह उर्फ छिंदर सिंह, गुरमीत सिंह उर्फ गुरमेज सिंह, जोगिंदर सिंह, हरविंदर सिंह, विशाल, रतन पाल और सुनील आदे उर्फ प्रसंजीत शामिल हैं। ये सभी लाहौर की केंद्रीय जेल में बंद थे।

    भारतीय सीमा में आने के बाद सभी नागरिकों के दस्तावेजों की जांच की गई है। इसके अलावा इन सभी के बयान दर्ज किए जाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। बयान दर्ज होने के बाद जरूरत व परिस्थितियों के अनुसार बॉडी स्कैनिंग भी जा सकती है। पूरी प्रक्रिया संपन्न होने के बाद सभी नागरिकों को संबंधित क्षेत्रों की पुलिस के माध्यम से परिजनों को सौंपा जाएगा।

  • गोयल ने सूडान के विदेश मंत्री से की मुलाकात, कई अहम मुद्दों पर हुई चर्चा

    गोयल ने सूडान के विदेश मंत्री से की मुलाकात, कई अहम मुद्दों पर हुई चर्चा


    नई दिल्‍ली।
    केंद्रीय वाणिज्‍य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल (Piyush Goyal) ने शनिवार को नई दिल्‍ली (New Delhi) में सूडान के विदेश मंत्री मोहिएल्डिन सलीम अहमद इब्राहिम (Sudan’s Foreign Minister Mohyeldin Salim Ahmed Ibrahim) के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की।

    केंद्रीय वाणिज्‍य एवं उद्योग मंत्री ने एक्‍स पोस्‍ट में बताया, सूडान के विदेश मंत्री मोहिएल्डिन सलीम अहमद इब्राहिम के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल से मिलकर खुशी हुई। साझा मूल्यों और आपसी सम्मान के माध्यम से भारत-सूडान संबंधों को मजबूत करने पर विचारों का आदान-प्रदान किया।

    वाणिज्‍य मंत्री ने बताया कि हमने दोनों देशों के लिए विकास और प्रगति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से टेक्नोलॉजी, खनन, सतत विकास और सांस्कृतिक आदान-प्रदान में सहयोग के नए अवसरों का पता लगाया।

  • एयरबस को भारत के पहले एच175 हेलीकॉप्‍टर के लिए मिला ऑर्डर

    एयरबस को भारत के पहले एच175 हेलीकॉप्‍टर के लिए मिला ऑर्डर


    नई दिल्‍ली।
    फ्रांस की कंपनी एयरबस कॉर्पोरेट हेलीकॉप्टर्स (French company Airbus Corporate Helicopters) को एक निजी भारतीय ग्राहक (Private Indian Customers) से तीन हेलीकॉप्टर के ऑडर्र मिले हैं। इसमें एक एच175 हेलीकॉप्‍टर और दो एसीएच160 हेलीकॉप्टर शामिल है। हालांकि, इसकी कीमत की जानकारी कंपनी ने साझा नहीं किया है।

    एयरबस कॉर्पोरेट हेलीकॉप्टर्स ने शनिवार को एक बयान में कहा कि उसने एक निजी भारतीय ग्राहक के साथ दो एसीएच 160 हेलीकॉप्टर और एक एच175 हेलीकॉप्‍टर के लिए ऑर्डर साइन किया है। यह ऑपरेटर पहले से ही एसीएच 160 का ग्राहक है, जो भारत का पहला एच175 हेलीकॉप्‍टर ग्राहक बनेगा।

    कंपनी ने बताया कि भारतीय सिविल मार्केट में सुपर-मीडियम ट्विन-इंजन हेलीकॉप्टर की एंट्री के साथ एच175 हेलीकॉप्टर 16-सीट कॉन्फ़िगरेशन में आएगा। इसकी डिलीवरी 2026 में होने वाली है। वहीं, दो एसीएच160 हेलीकॉप्टर ग्राहक की जरूरतों के हिसाब से खास तौर पर कॉन्फ़िगर किए जाएंगे, जो 2027 में डिलीवर किए जाएंगे।

    भारत और दक्षिण एशिया में एयरबस हेलीकॉप्टर्स कंपनी के हेड सनी गुगलानी ने कहा, “दो एसीएच160 के लिए यह रिपीट ऑर्डर और एक भारतीय ग्राहक द्वारा पहला एच175 ऑर्डर देश में सिविल हेलीकॉप्टर मार्केट की बढ़ती मेच्योरिटी को दिखाता है। दोनों हेलीकॉप्टर पैसेंजर ट्रांसपोर्ट के लिए एकदम सही हैं और बेहतर परफॉर्मेंस और शानदार आराम देते हैं। गुगलानी ने कहा क‍ि हम ग्राहक को उनकी पसंद के लिए बधाई देते हैं और हमारे प्रोडक्ट्स पर भरोसा दिखाने के लिए उनका धन्यवाद करते हैं।

    एयरबस कॉर्पोरेट हेलीकॉप्टर्स का विश्वसनीयता को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया, एसीएच160 पावर और एलिगेंस का एक शानदार कॉम्बिनेशन है। अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी से लैस, एसीएच160 बिज़नेस लीडर्स को समय और दूरी की बाधाओं को दूर करने में मदद करता है, जिससे वे सही समय पर, सही जगह पर महत्वपूर्ण फैसले ले पाते हैं। वहीं, सुपर मीडियम एच175 अपनी वर्सेटिलिटी, रेंज और पेलोड क्षमताओं के साथ एयरबस हेलीकॉप्टर्स के सिविल पोर्टफोलियो को पूरा करता है। अपनी क्लास में सबसे कम वाइब्रेशन और साउंड सिग्नेचर, और एडवांस्ड हेलियोनिक्स सेफ्टी सिस्टम के साथ, एच175 पैसेंजर ट्रांसपोर्ट के लिए असाधारण आराम और सुरक्षा देता है।

  • हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष का विवादित ऐलान, चौथे बच्‍चा पैदा करने पर 21 हजार और पांचवे पर देंगे 31 हजार रुपए

    हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष का विवादित ऐलान, चौथे बच्‍चा पैदा करने पर 21 हजार और पांचवे पर देंगे 31 हजार रुपए


    नई दिल्‍ली । हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष पिंकी चौधरी ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि हिंदू परिवारों में चौथा बच्चा होने पर उन्हें 21 हजार रुपए और पांचवे बच्चे पर 31 हजार रुपए दिए जाएंगे। पिंकी चौधरी ने इसे हिंदू समाज की जनसंख्या बढ़ाने के प्रयास के रूप में पेश किया और जिहादियों की बढ़ती संख्या का हवाला देते हुए परिवारों से अधिक बच्चे पैदा करने की अपील की। इस ऐलान के बाद सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।

    चौथे और पांचवे बच्चे पर मिलेगी वित्तीय सहायता
    पिंकी चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा कर हिंदू परिवारों से ज्‍यादा बच्‍चे पैदा करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि चौथे बच्चे पर 21,000 रुपए और पांचवे बच्चे पर 31,000 रुपए दिए जाएंगे, साथ ही शिक्षा का भी प्रबंध संगठन करेगा। वीडियो में पिंकी चौधरी ने यह भी कहा कि भारत में कट्टरपंथियों की बढ़ती हुई जनसंख्या और लवजिहाद जैसी घटनाओं से देश पर खतरा बढ़ रहा है। उनके मुताबिक, हिंदू समाज में जो परिवार केवल एक-दो बच्चे पैदा कर रहे हैं, वह देश के लिए हानिकारक हो सकता है, जबकि मुस्लिम समाज में अधिक बच्चे पैदा किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आर्थिक रूप से असमर्थ परिवारों को संगठन सहायता प्रदान करेगा।

    पिंकी चौधरी को पहले पुलिस कर चुकी गिरफ्तार

    गाजियाबाद के शालीमार गार्डन इलाके में खुलेआम तलवार और अन्य हथियार बांटने तथा जुलूस निकालकर आपत्तिजनक नारे लगाने के आरोप में हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी उर्फ पिंकी चौधरी और उनके बेटे हर्ष चौधरी को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। पुलिस उपायुक्त ट्रांस हिंडन निमिष पाटिल ने बताया कि सूचना मिलने के बाद 50 वर्षीय पिंकी और 23 वर्षीय हर्ष को 80 फुट रोड से हिरासत में लिया गया था। इससे पहले, 27 दिसंबर की रात को संगठन के 10 अन्य कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया जा चुका था। पुलिस के अनुसार, आरोपी और उनके साथियों ने कॉलोनी में घर-घर जाकर तलवारें, फरसे और अन्य हथियार बांटे, साथ ही एक जुलूस भी निकाला था, जिसमें मुस्लिम विरोधी भड़काऊ नारे लगाए गए और अपशब्द कहे गए थे।

  • अमित शाह का ममता सरकार पर करारा हमला, आनंदपुर अग्निकांड को बताया भ्रष्टाचार का परिणाम, किया ये बड़ा दावा

    अमित शाह का ममता सरकार पर करारा हमला, आनंदपुर अग्निकांड को बताया भ्रष्टाचार का परिणाम, किया ये बड़ा दावा


    नई दिल्‍ली । पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक बड़े कार्यकर्ता सम्मेलन में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आनंदपुर वेयरहाउस में मोमोज फैक्ट्री में लगी आग को सिर्फ एक हादसा नहीं माना और इसे भ्रष्टाचार और लापरवाही का नतीजा बताया।

    अमित शाह ने अपने भाषण की शुरुआत में इस घटना में मारे गए 25 श्रमिकों को श्रद्धांजलि दी। साथ ही पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि अभी भी 27 लोग लापता हैं और यह घटना सिर्फ दुर्घटना नहीं, बल्कि ममता सरकार की जिम्मेदारी की कमी और भ्रष्टाचार का प्रतीक है। अमित शाह ने सवाल उठाया कि फैक्ट्री का मालिक कौन था और वह किस राजनीतिक संरक्षण में काम कर रहा था। उन्होंने यह भी पूछा कि फैक्ट्री के मालिक ने किसके निजी विमान से विदेश यात्रा की और अब तक उसकी गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई। केंद्रीय गृह मंत्री ने न्यायिक जांच की मांग करते हुए दोषियों को सख्त सजा देने की भी बात कही।

    वंदे मातरम् पर अमित शाह का ममता सरकार पर हमला

    अमित शाह ने वंदे मातरम् को लेकर ममता बनर्जी और उनकी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम में शहीदों के अंतिम शब्द भी वंदे मातरम् रहे हैं। उन्‍होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वंदे मातरम् के 150 साल पूरे होने पर इसे पूरे देश में मनाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस और ममता बनर्जी के राष्ट्रीय प्रतीक का विरोध करने को तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति बताया। केंद्रीय मंत्री ने कहा “वंदे मातरम् का विरोध केवल प्रधानमंत्री का विरोध नहीं है, बल्कि यह बंगाल की अस्मिता और देश के स्वाभिमान का अपमान है।”

    अमित शाह का बंगाल चुनाव को लेकर बड़ा दावा

    अमित शाह ने 2026 विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अगले साल अप्रैल के बाद भाजपा की सरकार बनने पर आनंदपुर अग्निकांड जैसे सभी मामले में दोषियों को कानून के तहत सजा दी जाएगी। शाह ने दावा किया कि आगामी चुनाव में तृणमूल कांग्रेस सत्ता से बाहर हो जाएगी और भाजपा का वोट शेयर 50 प्रतिशत से अधिक रहने की संभावना है। उनका कहना था कि भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ राज्य में सरकार बनाएगी और जनता के हितों के खिलाफ किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

    मां, माटी, मानुष नारे पर तंज
    मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के लोकप्रिय नारे मां, माटी, मानुष का जिक्र करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा की स्थिति पर तीखा सवाल उठाया। उन्‍होंने कहा कि आज बंगाल में तीनों ही असुरक्षित हैं। अमित शाह ने कहा, आज बंगाल में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं, आम लोग तृणमूल कांग्रेस की कथित सिंडिकेट गतिविधियों से परेशान हैं और अवैध घुसपैठ के कारण राज्य की जमीन और पहचान संकट में है। उन्‍होंने कहा कि जनता अब बदलाव चाहती है और आगामी विधानसभा चुनाव में जनता स्पष्ट जवाब देगी।

  • केस को CBI को सौंपने का निर्णय लेकर फिर…', तेजस्वी यादव का नीतीश सरकार पर हमला

    केस को CBI को सौंपने का निर्णय लेकर फिर…', तेजस्वी यादव का नीतीश सरकार पर हमला


    नई दिल्ली । आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार पर हमला किया है. एक्स पर पोस्ट करते हुए शनिवार 31 जनवरी, 2026 को तेजस्वी यादव ने कहा कि नीट छात्रा के दुष्कर्म और हत्या का उद्भेदन करने की बजाय बिहार सरकार ने केस को सीबीआई को सौंपने का निर्णय लेकर फिर साबित कर दिया कि बिहार का प्रशासनिक ढांचा भ्रष्ट, अयोग्य अदक्ष और अनप्रोफेशनल है जो एक बलात्कार और हत्या के केस को भी नहीं सुलझा सकता. पुलिस से अधिक यह बड़बोली एनडीए सरकार के करप्ट और कंप्रोमाइज्ड तंत्र की विफलता है जिनके कर्ता-धर्ता मंत्री-मुख्यमंत्री दिन रात आकाश-पाताल से अपराधियों को पकड़ने की डींगे हांकते हैं.

    उन्होंने कहा नवरुणा कांड जैसे अनेक मामलों में सीबीआई 12-13 वर्षों से आरोपियों को नहीं पकड़ पाई तथा जांच भी बंद कर दी. यही इस मामले में होना है. कहां हैं चुनावों में जंगलराज-जंगलराज चिल्लाने वाले बिहार की ध्वस्त और भ्रष्ट विधि व्यवस्था की जवाबदेही कौन लेगा  क्या फिर सरकार द्वारा हेडलाइन मैनेजमेंट के जरिए ध्यान भटकाने की कोशिशें होंगी

    चरित्र हनन तक की कोशिश: मनोज झा
    उधर बिहार के मुख्यमंत्री द्वारा नीट छात्रा की मौत के मामले में सीबीआई जांच के आग्रह पर आरजेडी सासंद मनोज कुमार झा ने कहा बिहार में आज के दिन स्थिति ठीक नहीं है. इस घटना में भी चरित्र हनन तक की कोशिश की गई. अब आप छलावरण कर रहे हैं.

    सरकार की नीयत साफ: विजय कुमार सिन्हा

    बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा, “सरकार की नीयत साफ है. हमने ईमानदारी से जांच करने का प्रयास किया. पीड़ित परिवार संतुष्ट नहीं था इसलिए मामले की सीबीआई से जांच कराने का फैसला लिया गया. पूरी तरह से न्याय मिले, ये सरकार सुनिश्चित कर रही है. वहीं सांसद पप्पू यादव ने कहा है कि देर से उठाया सही कदम पर इस मामले में तत्काल उच्च न्यायालय की निगरानी में इसकी जांच होनी चाहिए! अपने एक्स पोस्ट में पप्पू यादव लिखते हैं इस मामले में कई बड़े-बड़े को बचाने के लिए घृणित स्तर तक खेल चला है इसमें सबको बेनकाब करना जरूरी है! मनीष के पीछे कौन है DGP साहब?

  • AR Rahman शो में आए, विवाद के बाद पहली बार बोले; लता मंगेशकर पर किए कसम, देंगे सही जवाब

    AR Rahman शो में आए, विवाद के बाद पहली बार बोले; लता मंगेशकर पर किए कसम, देंगे सही जवाब


    नई दिल्ली । संगीत जगत के महानतम कंपोजर एआर रहमान ने विवादों के बाद अपनी पहली टीवी एपीयरेंस नेटफ्लिक्स के शो The Great Indian Kapil Show में की। इस एपिसोड में उन्हें और गांधी टॉक्स फिल्म की टीम को आमंत्रित किया गया है। शो के प्रोमो में देखा गया कि कपिल शर्मा ने रहमान साहब की चुप्पी और कम जवाब देने की आदत पर मजाक उड़ाया।

    कपिल शर्मा ने एआर रहमान से ली कसम

    प्रोमो वीडियो में कपिल ने रहमान को लता मंगेशकर के गीतों वाले CD को छूने के लिए कहा और मजाक में कहा, “एक लाइन के सवालों का जवाब एक लाइन में दें। क्योंकि जब चार लाइन का सवाल पूछते हैं, तो आप बस ‘हाँ’नहीं’ या ‘बहुत बढ़िया’ कह देते हैं।” रहमान इस पर मुस्कुराते रहे और कोई लंबा जवाब नहीं दिया।

    गांधी टॉक्स की टीम भी मौजूद
    शो में अभिनेत्री अदिति राव ह्यदरी, अभिनेता विजय सेतुपति, सिद्धार्थ जाधव और अरविंद स्वामी भी पहुंचे। कपिल ने मजाकिया अंदाज में सवाल किए जैसे कि विजय से पूछा कि वह नवजोत सिंह सिद्धू को कैसे जानते हैं जबकि क्रिकेट नहीं देखते, और अदिति से पूछा कि शादी क्यों की। प्रोमो कैप्शन में लिखा गया है, “शुरुआत में श्श-श्श-श्श से लेकर जल्दी हाहा-हा तक का सफर। गांधी टॉक्स की टीम के साथ देखें The Great Indian Kapil Show, 31 जनवरी, 8 बजे, सिर्फ नेटफ्लिक्स पर।”

    AR Rahman और हालिया विवाद
    कुछ समय पहले रहमान चर्चा में आए थे जब उन्होंने Chhaava फिल्म को ‘विभाजनकारी’ कहा और बताया कि पिछले आठ सालों में उनके बॉलीवुड अवसर कम हुए। लोगों ने उनके बयान पर आपत्ति जताई। बाद में रहमान ने एक वीडियो जारी कर भारत और संगीत के प्रति अपने प्रेम को दोहराया। कुछ आरोपों के बीच उन्होंने UAE में वंदे मातरम और माँ तुझे सलाम गाकर अपनी निष्ठा साबित की।

    गांधी टॉक्स की जानकारी
    किशोर पांडुरंग बेलेकर की गांधी टॉक्स फिल्म में विजय सेतुपति, अरविंद स्वामी, अदिति राव ह्यदरी और सिद्धार्थ जाधव मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह मूक फिल्म 30 जनवरी को थिएटर्स में रिलीज़ हुई।