टी20 क्रिकेट में नया कीर्तिमान रचने की दहलीज पर अभिषेक शर्मा, 16 रन बनाते ही बनेंगे भारत के चौथे बल्लेबाज


नई दिल्ली । भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज का आगाज गुरुवार से होने जा रहा है। इस मुकाबले में टीम इंडिया के विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के पास अपने नाम एक बड़ी उपलब्धि दर्ज करने का सुनहरा अवसर होगा। अगर वह पहले मुकाबले में सिर्फ 16 रन बना लेते हैं तो टी20 क्रिकेट में अपने छह हजार रन पूरे कर लेंगे और इस मुकाम तक पहुंचने वाले भारत के चौथे बल्लेबाज बन जाएंगे।

अभिषेक शर्मा ने अब तक टी20 क्रिकेट की 199 पारियों में 5984 रन बनाए हैं। उन्हें छह हजार रन का आंकड़ा छूने के लिए केवल 16 रन की जरूरत है। यह उपलब्धि हासिल करते ही वह विराट कोहली, केएल राहुल और शुभमन गिल जैसे दिग्गज बल्लेबाजों की सूची में शामिल हो जाएंगे। भारतीय क्रिकेट के लिए यह एक और बड़ी उपलब्धि होगी, क्योंकि अभिषेक ने बेहद कम समय में खुद को टी20 प्रारूप के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में शामिल किया है।

भारत की ओर से टी20 क्रिकेट में सबसे तेज छह हजार रन बनाने का रिकॉर्ड केएल राहुल के नाम है। उन्होंने यह उपलब्धि 166 पारियों में हासिल की थी। विराट कोहली ने 184 पारियों में यह मुकाम छुआ, जबकि शुभमन गिल ने 185 पारियों में छह हजार रन पूरे किए। अब अभिषेक शर्मा भी इस खास क्लब में शामिल होने से महज एक छोटी पारी दूर हैं।

अभिषेक के पास इस सीरीज में एक और बड़ा रिकॉर्ड बनाने का मौका है। यदि वह तीन मैचों की इस श्रृंखला में 142 रन बनाने में सफल रहते हैं तो भारत की ओर से टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में शिखर धवन को पीछे छोड़ देंगे। फिलहाल अभिषेक के नाम 53 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 1618 रन दर्ज हैं, जबकि शिखर धवन ने 68 मुकाबलों में 1759 रन बनाए थे।

इतना ही नहीं, जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 मुकाबलों में भी अभिषेक इतिहास रचने के बेहद करीब हैं। उन्होंने इस टीम के खिलाफ अब तक छह मैचों में 179 रन बनाए हैं और वह इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं। शीर्ष पर जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा हैं, जिन्होंने 11 मैचों में 194 रन बनाए हैं। ऐसे में अभिषेक यदि पहले मुकाबले में 16 रन बना लेते हैं तो वह भारत और जिम्बाब्वे के बीच टी20 मुकाबलों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे।

हालांकि हालिया इंग्लैंड दौरे पर खेले गए आखिरी तीन टी20 मुकाबलों में अभिषेक का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था। ऐसे में जिम्बाब्वे के खिलाफ यह सीरीज उनके लिए शानदार वापसी का अवसर भी मानी जा रही है। जिम्बाब्वे के गेंदबाजों के खिलाफ उनका रिकॉर्ड भी शानदार रहा है और टीम इंडिया को उनसे एक बार फिर आक्रामक शुरुआत की उम्मीद होगी।

अब क्रिकेट प्रेमियों की नजरें पहले टी20 मुकाबले पर टिकी हैं, जहां अभिषेक शर्मा के बल्ले से निकले सिर्फ 16 रन उन्हें भारतीय टी20 क्रिकेट के एक खास रिकॉर्ड क्लब में जगह दिला सकते हैं।