Author: bharati

  • Basant Panchami 2026: बसंत पंचमी पर ना करें ये गलतियां, सरस्वती मां को जरूर लगाएं ये भोग

    Basant Panchami 2026: बसंत पंचमी पर ना करें ये गलतियां, सरस्वती मां को जरूर लगाएं ये भोग

    नई दिल्ली।  हिंदू धर्म में बसंत पंचमी का त्योहार मां सरस्वती को समर्पित है। इस खास दिन पर मां को पूजा जता है। बता दें कि माघ महीने के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को ही इसे मनाते हैं। इस साल बसंत पचंमी 23 जनवरी के दिन मनाई जा रही है। शुक्रवार की वजह से इस बार बसंत पंचमी और भी खास होने वाली है। इस खास दिन पर अगर विधिवत रूप से मां सरस्वती की पूजा की गई तो वो ज्ञान और कला का वरदान देती हैं। इस दिन कुछ चीजों को करने की मनाही होती है। साथ ही बसंत पंचमी पर मां सरस्वती का भोग भी काफी मायने रखता है। ऐसे में इन चीजों के बारे में नीचे विस्तार से समझिए।

    बसंत पंचमी पर ना करें ये गलतियां
    बसंत पंचमी के दिन कुछ चीजों पर विशेष रूप से ध्यान देना चाहिए। इस दिन से ही बसंत ऋतु की शुरुआत होती है। ऐसे में इस खास दिन पर कोई भी पेड़-पौधा कांटना-छाटना नहीं चाहिए। इस दिन फसल काटने को बेहद ही अशुभ माना जाता है। इस दिन लहसुन-प्याज हर तरह के तामसिक खाने से दूर रहना चाहिए। बसंत पंचमी पर सात्विक भोजन करना ही सही माना जाता है। कोशिश करें कि इस दिन मुंह से कुछ भी खराब ना कहें। इस दिन किसी से मत झगड़िए। इस दिन ध्यान रखें कि नहाने से पहले कुछ भी नहीं खाना है।

    मां सरस्वती को जरूर लगाएं ये भोग
    बसंच पंचमी के दिन मां सरस्वती का भोग ध्यान से लगाना चाहिए। इस खास दिन पर आप सरस्वती मां को पीले रंग के पकवान भोग में लगाना शुभ माना जाता है। भोग में घर का बना हुआ शुद्ध मालपुआ अर्पित कर सकते हैं। साथ में केसर खीर और बेसन लड्डू चढ़ाना भी काफी शुभ माना जाता है। मान्यता है कि अगर सच्चे मन से मां को भोग लगाया जाए तो वो अपनी कृपा जरूर बरसाती हैं। पूजा के बाद भोग का वितरण जरूर करें।

  • IPL 2026 से पहले BCCI ने की मेगा डील, Google की AI कंपनी Gemini देगी हर साल 90 करोड़

    IPL 2026 से पहले BCCI ने की मेगा डील, Google की AI कंपनी Gemini देगी हर साल 90 करोड़


    नई दिल्ली। IPL 2026 से पहले BCCI ने एक बड़ी और ब्लॉकबस्टर स्पॉन्सरशिप डील की है। गूगल के AI प्लेटफॉर्म Gemini ने BCCI के साथ 3 साल के लिए स्पॉन्सरशिप करार किया है, जिसकी कुल कीमत करीब 270 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस डील के तहत BCCI को हर साल लगभग 90 करोड़ रुपये मिलेंगे, जिससे IPL की ग्लोबल ब्रांड वैल्यू और भी मजबूत हुई है। यह डील क्रिकेट और टेक्नोलॉजी के बीच बढ़ते कनेक्शन को भी दर्शाती है और IPL में AI कंपनियों की बढ़ती दिलचस्पी साफ दिख रही है।

    AI कंपनियों की क्रिकेट में दिलचस्पी बढ़ती जा रही है।

    इससे पहले गूगल के ही एक प्रतिद्वंद्वी AI प्लेटफॉर्म ChatGPT को महिला प्रीमियर लीग (WPL) का स्पॉन्सर बनाया गया था, यानी अब भारत की पुरुष और महिला दोनों बड़ी टी20 लीग में AI कंपनियों की मौजूदगी दर्ज हो चुकी है। WPL के साथ ChatGPT की साझेदारी की घोषणा के समय BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने कहा था कि ऐसे ग्लोबल टेक ब्रांड्स के जुड़ने से फैंस का अनुभव बेहतर होगा और महिला क्रिकेट को भी मजबूती मिलेगी।

    Gemini और ChatGPT जैसे AI प्लेटफॉर्म्स आज भारत में सिर्फ प्रोफेशनल काम तक सीमित नहीं रह गए हैं, आम लोग भी इन्हें बड़े पैमाने पर इस्तेमाल कर रहे हैं।

    क्रिकेट एनालिसिस, कंटेंट क्रिएशन और डिजिटल एक्सपीरियंस के लिहाज से ये प्लेटफॉर्म बहुत अहम बनते जा रहे हैं, इसलिए AI कंपनियां भारतीय क्रिकेट फैंस के बीच अपनी पहुंच बढ़ाने के लिए मोटी रकम खर्च करने को तैयार हैं।

    IPL 2026 की शुरुआत टी20 वर्ल्ड कप 2026 के खत्म होने के बाद होगी। यह वर्ल्ड कप 7 फरवरी से 8 मार्च तक भारत और श्रीलंका में खेला जाएगा और इसके बाद 26 मार्च से IPL 2026 के मैच शुरू होंगे। फाइनल मुकाबला 31 मई को खेला जाएगा, हालांकि अभी तक पूरा शेड्यूल आधिकारिक रूप से सामने नहीं आया है, माना जा रहा है कि फरवरी में इसकी घोषणा हो सकती है।

  • आज आपके जीवन में क्या-क्या परिवर्तन हो सकता है, जानने के लिए पढ़ें आज का भविष्यफल।

    आज आपके जीवन में क्या-क्या परिवर्तन हो सकता है, जानने के लिए पढ़ें आज का भविष्यफल।


    आज आपके जीवन में क्या-क्या परिवर्तन हो सकता है, आज आपके सितारे क्या कहते हैं, यह जानने के लिए पढ़ें आज का भविष्यफल।


    मेष राशि :- पूर्व नियोजित कार्यक्रम सरलता से संपन्न हो जाएंगे। शुभ कार्यों की प्रवृत्ति बनेगी और शुभ समाचार भी मिलेंगे। किसी से कहा सुनी न हो यही ध्यान रहें। अपना कार्य दूसरों के सहयोग से बना लेंगे। लाभकारी गतिविधियों में सक्रियता रहेगी। कुछ एकाग्रता की प्रवृत्ति बनेगी। पुराने मित्र मिलेगें। शुभांक-4-6-7

    वृष राशि :- अपने संघर्ष में स्वयं को अकेला महसूस करेंगे। विशेष परिश्रम से अभिष्ट कार्य सिद्घ होंगे। व्यर्थ प्रपंच में समय नहीं गंवाकर अपने काम पर ध्यान दीजिए। बनते हुए कार्यों में बाधा आएगी। विरोधियों के सक्रिय होने की संभावना है। शुभ कार्यों में अड़चनें और परिवार के बुजुर्ग-जनों से मतभेद रहेगा। शुभांक-3-5-7

    मिथुन राशि :- आर्थिक उन्नति के मार्ग प्रशस्त होंगे। रोजगार में तरक्की मिलेगी। जमीन जायदाद का लाभ भी हो सकता है। आवास, मकान तथा वाहन की सुविधाएं मिलेंगी। कर्ज तथा रोगों से मुक्ति भी संभव है। शत्रुओं की पराजय होगी। कुछ आर्थिक चिंताएं भी कम होगी। नियोजित धन से लाभ होने लगेगा। शुभांक-2-4-6

    कर्क राशि :- उच्चमनोबल रखकर कार्य करें, सफल होंगे। समाज में मान-सम्मान बढ़ेगा। आय-व्यय की स्थिति समान रहेगी। शैक्षणिक कार्य आसानी से पूरे होते रहेंगे। व्यापार व व्यवसाय में ध्यान देने से सफलता मिलेगी। मेल-मिलाप से काम बनाने की कोशिश लाभ देगी। पैतृक सम्पत्ति से लाभ। शुभांक-1-3-5

    सिंह राशि :- यात्रा का दूरगामी परिणाम मिल जाएगा। कामकाज में आ रही बाधा को दूर कर लेंगे। सुविधा और समन्वय बना रहने से कामकाज में प्रगति बनेगी। लाभदायक कार्यों की चेष्टाएं प्रबल होंगी। बुद्घितत्व की सक्रियता से अल्प लाभ का हर्ष होगा। कुछ महत्त्वपूर्ण कार्य बनाने के लिए भाग-दौड़ रहेगी। शुभांक-4-6-8

    कन्या राशि :- घर-परिवार में प्रसन्नता व सहयोग का वातावरण बनेगा। रुका हुआ लाभ आज प्राप्त हो सकता है। मानसिक एवं शारीरिक शिथिलता पैदा होगी। व्ययाधिक्य का अवसर आ सकता है। कामकाज की अधिकता रहेगी। लाभ भी होगा और पुराने मित्रों का समागम भी। मेहमानों का आगमन होगा। शुभांक-5-7-8

    तुला राशि :– संतान की प्रगति से संतोष होगा। व्यर्थ की भाग-दौड़ में समय व्यतीत होगा। श्रम अधिक करना पड़ सकता हैं। वरिष्ठजनों से मतभेद उभर सकते हैं। समय नकारात्मक परिणाम देने वाला बन रहा है। कलह विवाद का डर बना रहेगा। पारिवारिक तनाव, अलगाव का सामना करना पड़ सकता है। शुभांक-5-7-9

    वृश्चिक राशि :– अपना कार्य दूसरों के सहयोग से बना लेंगे। प्रतिष्ठा बढ़ाने वाले सामाजिक कार्य संपन्न होंगे। आमोद-प्रमोद का दिन होगा और व्यावसायिक प्रगति भी होगी। ज्ञान-विज्ञान की वृद्घि होगी और सज्जनों का साथ भी रहेगा। कुछ कार्य भी सिद्घ होंगे। किसी अपने की सलाह उपयोगी सिद्घ होगी। शुभांक-3-5-7

    धनु राशि :- कार्यक्षेत्र में विवाद बढ़ेंगे। परिवार में किसी का स्वास्थ्य खराब हो सकता है। मानसिक तनाव में बढ़ोतरी होगी। किसी का अभद्र व्यवहार खिन्नता व तनाव बढ़ायेगा। कार्यक्षेत्र में आगे बढ़ने में रुकावट का एहसास होगा। मनोरथ सिद्घि का योग है। विरोधियों के सक्रिय होने की संभावना है। शुभांक-1-4-8

    मकर राशि :– आगे बढ़ने के अवसर लाभकारी सिद्घ हो रहे हैं। कोई प्रिय वस्तु अथवा नवीन वस्त्राभूषण प्राप्त होंगे। मान-सम्मान बढ़ेगा। धार्मिक आस्थाएं फलीभूत होंगी। सुख-आनंद कारक समय है। लाभदायक कार्यों की चेष्टाएं प्रबल होंगी। आय के अच्छे योग बनेंगे। संतान की उन्नति के योग हैं। शुभांक-3-5-7

    कुंभ राशि :– बुद्घितत्व की सक्रियता से अल्प लाभ का हर्ष होगा। कुछ महत्वपूर्ण कार्य बनाने के लिए भाग-दौड़ रहेगी। सुखद समय की अनुभूतियां प्रबल होंगी। मनोविनोद बढ़ेगे। व्ययाधिक्य का अवसर आ सकता है। शुभ कार्यों का लाभदायक परिणाम होगा। कामकाज की अधिकता रहेगी। संतान की उन्नति के योग हैं। शुभांक-1-4-6

    मीन राशि :- व्यर्थ की भाग-दौड़ से यदि बचा ही जाए तो अच्छा है। जरा-सी लापरवाही आपको परेशानी में डाल सकती है। मानसिक व्यथा व संतान के कारण परेशानी होगी। आवेश में आना आपके हित में नही होगा इसलिए व्यवहार व वाणी पर नियंत्रण रखें। पुरानी गलती का पश्चाताप होगा। शुभांक-2-4-6
  • बजट 2026 से पहले वित्त मंत्रालय ने गिनाईं उपलब्धियां, टैक्स सुधारों और बड़े ऐलानों पर डाली नजर

    बजट 2026 से पहले वित्त मंत्रालय ने गिनाईं उपलब्धियां, टैक्स सुधारों और बड़े ऐलानों पर डाली नजर


    नई दिल्ली। भारतीय शेयर बाजार में हफ्ते की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई। सेंसेक्स कारोबारी सत्र के दौरान करीब 300 अंक गिरकर 82950 के स्तर पर आ गया जबकि निफ्टी लगभग 100 अंकों की गिरावट के साथ 25450 के आसपास कारोबार करता दिखा। बाजार में यह दबाव मुख्य रूप से कमजोर वैश्विक संकेतों और विदेशी संस्थागत निवेशकों FIIs की लगातार बिकवाली के कारण आया।

    बीएसई के 30 शेयरों वाले सेंसेक्स में से 24 शेयर नुकसान में रहे जबकि केवल 6 शेयरों में हल्की तेजी दर्ज हुई। कंज्यूमर टेक और फाइनेंशियल सेक्टर के शेयरों पर सबसे अधिक दबाव देखा गया। जोमैटो और बजाज फाइनेंस के शेयरों में 3 प्रतिशत तक गिरावट आई जिसने सूचकांकों पर अतिरिक्त दबाव डाला।

    एशियाई बाजारों से भी अनुकूल संकेत नहीं मिले। जापान का निक्केई इंडेक्स 1.22% गिरकर 52931 पर बंद हुआ हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग इंडेक्स 0.075% टूटकर 26543 पर रहा जबकि चीन का शंघाई कंपोजिट 0.30% गिरकर 4101 पर बंद हुआ। दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स मामूली बढ़त के साथ 4905 पर बना रहा लेकिन इसका सकारात्मक असर भारतीय बाजार पर नहीं दिखा।

    अमेरिकी बाजारों में भी कमजोरी रही। 16 जनवरी को डाउ जोंस इंडस्ट्रियल एवरेज 0.17% गिरकर 49359 पर बंद हुआ। नैस्डेक और एसएंडपी-500 में भी हल्की गिरावट दर्ज की गई। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में यह नरमी निवेशकों की जोखिम लेने की क्षमता को सीमित कर रही है।

    विदेशी संस्थागत निवेशकों की गतिविधि बाजार के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। 19 जनवरी को FIIs ने भारतीय शेयर बाजार से ₹3262 करोड़ की बिकवाली की जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों DIIs ने ₹4234 करोड़ की खरीदारी कर बाजार को आंशिक सहारा दिया। दिसंबर 2025 में भी FIIs ने ₹34350 करोड़ की बिकवाली की थी जबकि DIIs ने ₹79620 करोड़ का निवेश किया था जिसने बाजार को बड़ी गिरावट से बचाया।

    पिछले कारोबारी सत्र में भी सेंसेक्स 324 अंक गिरकर 83246 पर बंद हुआ जबकि निफ्टी 108 अंक टूटकर 25585 पर बंद हुआ। लगातार गिरावट से अल्पकालिक निवेशकों में सतर्कता बढ़ी है।बाजार विश्लेषकों का कहना है कि आने वाले दिनों में वैश्विक बाजारों की दिशा विदेशी निवेशकों का रुख और प्रमुख आर्थिक संकेतक बाजार की चाल तय करेंगे। फिलहाल निवेशकों को चुनिंदा शेयरों में निवेश करने और सरकारी अपडेट तथा राष्ट्रीय-आंतरराष्ट्रीय खबरों पर नजर बनाए रखने की सलाह दी जा रही है।

  • गाने की शूटिंग पूरी जल्द आएगी रिलीज डेट: लव एंड वॉर को लेकर बड़ी अपडेट

    गाने की शूटिंग पूरी जल्द आएगी रिलीज डेट: लव एंड वॉर को लेकर बड़ी अपडेट

    नई दिल्ली। बॉलीवुड के मशहूर निर्देशक संजय लीला भंसाली अपनी भव्य फिल्मों गहरी कहानियों और शानदार विजुअल ट्रीटमेंट के लिए जाने जाते हैं। उनकी हर फिल्म का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार रहता है। इन दिनों भंसाली अपनी अपकमिंग फिल्म लव एंड वॉर को लेकर सुर्खियों में हैं जिसमें रणबीर कपूर आलिया भट्ट और विकी कौशल पहली बार एक साथ नजर आने वाले हैं। हाल ही में इस फिल्म की रिलीज को लेकर कयास लगाए जा रहे थे कि यह 2027 में सिनेमाघरों में आएगी लेकिन अब एक ताजा रिपोर्ट ने इन अटकलों पर विराम लगा दिया है।

    दरअसल कुछ दिन पहले एक रिपोर्ट सामने आई थी जिसमें दावा किया गया था कि लव एंड वॉर की रिलीज 2027 तक टल सकती है। इसकी वजह फिल्म के बड़े पैमाने पर होने वाले एक्शन सीक्वेंस और एरियल शूटिंग को बताया गया था। रिपोर्ट में यह भी कहा गया था कि फिल्म की शूटिंग जून तक पूरी होगी और उसके बाद पोस्ट-प्रोडक्शन में लंबा समय लग सकता है। इस खबर के बाद फैंस थोड़े निराश जरूर हुए थे।लेकिन अब हिंदुस्तान टाइम्स से जुड़े सूत्रों ने इस खबर को महज अफवाह करार दिया है। सूत्रों के मुताबिक संजय लीला भंसाली की लव एंड वॉर पूरी तरह ट्रैक पर है और इसे इसी साल 2026 में रिलीज करने की तैयारी चल रही है। फिल्म की शूटिंग सुचारू रूप से आगे बढ़ रही है और इसके कई अहम हिस्सों की शूटिंग पहले ही पूरी हो चुकी है।

    सूत्रों ने यह भी खुलासा किया है कि भंसाली ने हाल ही में फिल्म के एक बड़े गाने की शूटिंग पूरी कर ली है। भंसाली की फिल्मों में गानों की भव्यता हमेशा से खास रही है और माना जा रहा है कि यह गाना भी विजुअल और इमोशन के लिहाज से बेहद खास होगा। फिल्म के मुख्य कलाकार रणबीर कपूर आलिया भट्ट और विकी कौशल अपने-अपने किरदारों को लेकर काफी मेहनत कर रहे हैं।लव एंड वॉर को एक वॉर ड्रामा पर आधारित लव ट्रायंगल बताया जा रहा है जिसकी कहानी दिग्गज फिल्ममेकर राज कपूर की क्लासिक फिल्म संगम से प्रेरित मानी जा रही है। फिल्म में प्रेम त्याग संघर्ष और युद्ध की पृष्ठभूमि में उभरते रिश्तों को बेहद भावनात्मक अंदाज में पेश किया जाएगा।

    शुरुआत में फिल्म को 19 मार्च ईद के मौके पर रिलीज करने की योजना थी लेकिन अब मेकर्स नई रिलीज डेट पर विचार कर रहे हैं। हालांकि फिल्म की रिलीज डेट को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में दर्शकों को अब बस मेकर्स की तरफ से रिलीज डेट के ऐलान का इंतजार है।कुल मिलाकर रणबीर कपूर आलिया भट्ट और विकी कौशल की यह मेगा फिल्म 2026 की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक साबित हो सकती है। संजय लीला भंसाली के निर्देशन में बनी लव एंड वॉर से दर्शकों को एक बार फिर भव्य सिनेमा और दमदार कहानी की उम्मीद है।

  • 18 साल में पूरी तरह बदल गई गजनी की कल्पना, असिन का नया लुक देख हैरान रह गए फैंस

    18 साल में पूरी तरह बदल गई गजनी की कल्पना, असिन का नया लुक देख हैरान रह गए फैंस


    नई दिल्ली । बॉलीवुड की सुपरहिट फिल्म गजनी में आमिर खान के साथ ‘कल्पना’ का यादगार किरदार निभाने वाली एक्ट्रेस असिनएक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह कोई फिल्म नहीं, बल्कि उनका बदला हुआ लुक है। फिल्म की रिलीज के करीब 18 साल बाद असिन की हालिया तस्वीरें सामने आई हैं, जिन्हें देखकर फैंस हैरान रह गए हैं। कभी अपनी मासूम मुस्कान, सादगी और दमदार अभिनय के दम पर बी-टाउन की टॉप एक्ट्रेसेस में शुमार असिन अब ग्लैमर की चकाचौंध से काफी दूर नजर आती हैं। असिन ने साउथ सिनेमा से लेकर बॉलीवुड तक अपनी अलग पहचान बनाई थी। उन्होंने आमिर खान, सलमान खान और अक्षय कुमार जैसे दिग्गज सितारों के साथ काम किया और बहुत कम समय में फिल्ममेकर्स की पहली पसंद बन गई थीं।

    हालांकि, साल 2016 में माइक्रोमैक्स के को-फाउंडर और बिजनेसमैन राहुल शर्मा से शादी के बाद असिन ने अचानक फिल्मी दुनिया को अलविदा कह दिया। शादी के बाद उन्होंने एक्टिंग से दूरी बना ली और पूरी तरह अपने परिवार पर ध्यान देने लगीं। तभी से असिन लाइमलाइट से दूर एक सादा और शांत जिंदगी जी रही हैं। हाल ही में असिन और राहुल शर्मा ने अपनी शादी की 10वीं सालगिरह सेलिब्रेट की। इस खास मौके पर राहुल शर्मा ने सोशल मीडिया पर अपनी शादी की कुछ अनसीन तस्वीरें शेयर कीं, जो तेजी से वायरल हो रही हैं। इन तस्वीरों में असिन बेहद सादगी भरे अंदाज में नजर आ रही हैं। उनके चेहरे पर पहले जैसी मासूमियत तो है, लेकिन लुक में आए बदलाव को साफ महसूस किया जा सकता है।

    इन तस्वीरों के अलावा असिन के इंस्टाग्राम अकाउंट पर मौजूद हालिया फोटोज ने भी फैंस का ध्यान खींचा है। बिना मेकअप, सादे कपड़ों और नैचुरल अंदाज में असिन अब एक परफेक्ट फैमिली वुमन के रूप में दिखाई देती हैं। फैंस उनके बदले हुए अवतार को देखकर जहां हैरान हैं, वहीं कई लोग उनकी सादगी और फैसले की तारीफ भी कर रहे हैं। एक दौर में सिल्वर स्क्रीन पर राज करने वाली असिन का यह बदला हुआ रूप यह दिखाता है कि शोहरत से दूर भी एक सुकून भरी जिंदगी संभव है। भले ही असिन अब फिल्मों में नजर नहीं आतीं, लेकिन ‘गजनी’ की कल्पना आज भी दर्शकों के दिलों में जिंदा है।

  • आगर-मालवा में एमडी ड्रग्स की बड़ी खेप पकड़ी गई, 33 लाख से अधिक की नशीली सामग्री के साथ आरोपी गिरफ्तार

    आगर-मालवा में एमडी ड्रग्स की बड़ी खेप पकड़ी गई, 33 लाख से अधिक की नशीली सामग्री के साथ आरोपी गिरफ्तार


    मध्यप्रदेश । मध्यप्रदेश में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आगर-मालवा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली थाना पुलिस ने 330 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ और एक मोबाइल फोन सहित कुल मशरुका की कीमत करीब 34 लाख 20 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 19 जनवरी की रात को कोतवाली थाना पुलिस को एक विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि सुसनेर क्षेत्र के नूरानी नगर निवासी फैजान पठान 23 अवैध मादक पदार्थ एमडी ड्रग्स अपने पास रखकर सुसनेर आगरमालवा रोड से आगर की ओर जाने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी कर कार्रवाई की।

    पुलिस ने ग्राम आमला के पास मां दुर्गा माताजी मंदिर के समीप संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 330 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की गई। इसके अलावा एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया, जिसका उपयोग ड्रग्स के अवैध कारोबार में किया जा रहा था।प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त था और इसे आगे सप्लाई करने की फिराक में था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह नशीला पदार्थ कहां से लाया था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश भी शुरू कर दी गई है।

    पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता को लेकर आमजन में संतोष देखा जा रहा है। पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा।

  • भिण्ड: पेड़ पर लटकी लाश का सनसनीखेज खुलासा; आत्महत्या नहीं, पीट-पीटकर की गई थी सुखबीर की हत्या

    भिण्ड: पेड़ पर लटकी लाश का सनसनीखेज खुलासा; आत्महत्या नहीं, पीट-पीटकर की गई थी सुखबीर की हत्या


    भिण्ड । मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में पुलिस ने 11 जनवरी को हुई एक अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझा लिया है। ऊमरी थाना क्षेत्र के बजरंगगढ़ अकोड़ा गांव में पेड़ से लटके मिले 55 वर्षीय सुखबीर बघेल के शव के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरी कहानी बदल दी है। पुलिस जांच में यह साफ हो गया है कि सुखबीर ने आत्महत्या नहीं की थी बल्कि उनकी बेरहमी से हत्या करने के बाद साक्ष्य मिटाने के लिए शव को पेड़ से लटकाया गया था।

    संदिग्ध चोटों ने खोला राज 11 जनवरी को जब सुखबीर बघेल का शव गांव के पास बांध वाले खेत में एक पेड़ से फंदे पर लटका मिला तो पहली नजर में यह खुदकुशी का मामला लग रहा था। हालांकि, मौके पर पहुँची ऊमरी थाना पुलिस को मृतक के सिर हाथ और पैरों पर गहरे जख्म और चोट के निशान मिले। इन निशानों ने पुलिस के मन में संदेह पैदा कर दिया, जिसके बाद शव को बारीकी से पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुराना विवाद हाल ही में आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में विशेषज्ञों ने पुष्टि की है कि मृतक के शरीर पर पाए गए घाव किसी संघर्ष या मारपीट के हैं। रिपोर्ट में एंटी-मॉर्टम चोटों मौत से पहले की चोटें का जिक्र होने के बाद पुलिस ने अपनी जांच की दिशा बदल दी। परिजनों ने भी पुलिस को बताया था कि गांव के ही कुछ प्रभावशाली लोगों के साथ सुखबीर का पुराना विवाद चल रहा था।

    चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज वैज्ञानिक साक्ष्यों और परिजनों के बयानों के आधार पर पुलिस ने गांव के ही चार संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ हत्या धारा 302 और साक्ष्य छुपाने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पहले सुखबीर के साथ मारपीट की और जब उनकी मौत हो गई, तो मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को खेत में लगे पेड़ पर फंदे से लटका दिया। ऊमरी थाना पुलिस अब नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।

  • हॉकी खिलाड़ियों को बड़ी सौगात, बैतूल को मिला अंतरराष्ट्रीय स्तर का सिंथेटिक ब्लू एस्ट्रोटर्फ

    हॉकी खिलाड़ियों को बड़ी सौगात, बैतूल को मिला अंतरराष्ट्रीय स्तर का सिंथेटिक ब्लू एस्ट्रोटर्फ


    बैतूल । भारतीय हॉकी संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर मध्यप्रदेश के बैतूल जिले को खेल के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। बैतूल विधायक एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के विशेष प्रयासों से मेजर ध्यानचंद हॉकी स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप सिंथेटिक ब्लू एस्ट्रोटर्फ लगाए जाने की स्वीकृति दी गई है। इस परियोजना के लिए 6 करोड़ 97 लाख रुपये की राशि मंजूर की गई है।

    मध्यप्रदेश शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह राशि स्टेडियम अधोसंरचना मद के अंतर्गत स्वीकृत की गई है। इस फैसले से जिले के हॉकी खिलाड़ियों में उत्साह की लहर है। लंबे समय से खिलाड़ी आधुनिक और सुरक्षित खेल सतह की मांग कर रहे थे जो अब पूरी होने जा रही है। गौरतलब है कि मेजर ध्यानचंद हॉकी स्टेडियम में वर्ष 2010-11 में एस्ट्रोटर्फ स्थापित किया गया था। समय सीमा पूरी होने और लंबे उपयोग के कारण वह अब पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था। खराब सतह के चलते खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के दौरान काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था साथ ही चोट लगने का खतरा भी बना रहता था।

    नया सिंथेटिक ब्लू एस्ट्रोटर्फ अंतरराष्ट्रीय स्तर के मैचों और प्रशिक्षण के लिए पूरी तरह अनुकूल होगा। इससे न केवल स्थानीय खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय अभ्यास का अवसर मिलेगा, बल्कि भविष्य में राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि आधुनिक सुविधाएं मिलने से बैतूल हॉकी के मानचित्र पर एक बार फिर मजबूत पहचान बना सकेगा।

    इस स्वीकृति को लेकर खिलाड़ियों प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों ने विधायक हेमंत खंडेलवाल और राज्य सरकार के प्रति आभार जताया है। उनका कहना है कि यह कदम युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करेगा और जिले से राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के हॉकी खिलाड़ी तैयार करने में अहम भूमिका निभाएगा। कुल मिलाकर अंतरराष्ट्रीय सिंथेटिक ब्लू एस्ट्रोटर्फ की यह सौगात बैतूल के खेल विकास में मील का पत्थर साबित होगी और भारतीय हॉकी के शताब्दी वर्ष को जिले के लिए यादगार बनाएगी।

  • BCCI Central Contract में बड़ा उलटफेर! क्या खत्म हो जाएगा 7 करोड़ वाला ग्रेड, विराट-रोहित की सैलरी में होगी भारी कटौती?

    BCCI Central Contract में बड़ा उलटफेर! क्या खत्म हो जाएगा 7 करोड़ वाला ग्रेड, विराट-रोहित की सैलरी में होगी भारी कटौती?




    नई दिल्ली।
    भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) अपने सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट सिस्टम में बड़ा बदलाव करने की तैयारी में है, जिससे ए प्लस ग्रेड हटने और 7 करोड़ रुपये सालाना वाली सैलरी खत्म होने की संभावना सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बोर्ड अब सिर्फ A, B और C ग्रेड ही रखने पर विचार कर रहा है, जिससे टीम इंडिया के दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली और रोहित शर्मा की सैलरी में भारी कटौती होने की आशंका है।

    7 करोड़ वाला ग्रेड हो सकता है खत्म
    फिलहाल BCCI के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में चार कैटेगरी हैंए प्लस, A, B और C।
    ए प्लस ग्रेड में खिलाड़ी को सालाना 7 करोड़ रुपये मिलते हैं।
    A ग्रेड में 5 करोड़, B ग्रेड में 3 करोड़ और C ग्रेड में कम रिटेनर मिलता है।

    अब BCCI ए प्लस ग्रेड को पूरी तरह समाप्त करने की योजना पर काम कर रहा है। अगर यह बदलाव लागू हुआ, तो 7 करोड़ रुपये वाली सैलरी इतिहास बन सकती है।

    विराट-रोहित को बड़ा झटका?
    रिपोर्ट्स के अनुसार, विराट कोहली और रोहित शर्मा को B ग्रेड में शिफ्ट किया जा सकता है।
    अगर ऐसा हुआ, तो उनका सालाना रिटेनर 7 करोड़ से घटकर 3 करोड़ रह जाएगा, यानी दोनों की सैलरी में करीब 4 करोड़ रुपये की कटौती होगी।

    बुमराह और जडेजा का क्या?
    जसप्रीत बुमराह को A ग्रेड में रखा जा सकता है, जहां सैलरी 5 करोड़ है

    इससे उन्हें 2 करोड़ रुपये कम मिलने का खतरा है।रवींद्र जडेजा को भी B ग्रेड में लाया जाने की संभावना है।
    यह साफ नहीं है कि BCCI A ग्रेड की रकम में भी कोई बदलाव करेगा या नहीं, लेकिन अगर ऐसा हुआ, तो सभी ग्रेडों में रिटेनर को नई नीति के अनुरूप फिर से तय किया जा सकता है।

    सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में कुल 34 खिलाड़ी
    वर्तमान में BCCI ने कुल 34 खिलाड़ियों को सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट दिया हुआ है, जिनमें से A Plus ग्रेड: विराट कोहली, रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह, रवींद्र जडेजा। A ग्रेड: मोहम्मद सिराज, केएल राहुल, शुभमन गिल, हार्दिक पंड्या, मोहम्मद शमी, ऋषभ पंत, B ग्रेड: सूर्यकुमार यादव, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, यशस्वी जायसवाल, श्रेयस अय्यर, C ग्रेड: रिंकू सिंह, तिलक वर्मा, ऋतुराज गायकवाड़, संजू सैमसन आदि युवा खिलाड़ी।

    क्यों हो रहा बदलाव?
    बीसीसीआई के इस कदम के पीछे परफॉर्मेंस-बेस्ड सिस्टम, फिटनेस, युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहन और वर्कलोड मैनेजमेंट जैसे कारण बताए जा रहे हैं। हालांकि बोर्ड की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
    अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या वास्तव में 7 करोड़ वाले ए प्लस ग्रेड को हटाया जाता है या यह सिर्फ चर्चा तक सीमित रहता हैलेकिन इस कदम से भारतीय क्रिकेट की नीति में बड़ा बदलाव आ सकता है।