Category: Madhya Pradesh

  • चित्रकूट में रामनवमी को मनी दिवाली, 22 लाख से अधिक दीपों से जगमगाया शहर

    चित्रकूट में रामनवमी को मनी दिवाली, 22 लाख से अधिक दीपों से जगमगाया शहर


    सतना।
    भगवान श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट के गौरव दिवस रामनवमी के अवसर पर शुक्रवार शाम को 22 लाख से अधिक दीपों का प्रज्ज्वलन किया गया, जिससे संपूर्ण नगर जगमग हो गया। उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश दोनों ही हिस्सों में शामिल संपूर्ण चित्रकूट नगर को दीपकों की रोशनी से सुसज्जित किया गया। ऐसा लगा मानो चित्रकूट में दीपावली मनाई जा रही हो।

    चित्रकूट के गौरव दिवस को लेकर संपूर्ण चित्रकूट वासियों में विशेष उल्लास और उत्साह देखने को मिला। चित्रकूट में स्थित आश्रम, मंदिर प्रांगण, मंदाकिनी तट, कामदगिरी परिक्रमा एवं शैक्षणिक संस्थानों तथा परिसरों में पूर्णतः जन सहयोग से 22 लाख से अधिक दीपक जलाए गए। इसके साथ ही सभी चित्रकूट वासियों ने अपने-अपने घरों में दीपकों की लड़ियां सजा कर रामनवमी का प्रकाश पर्व मनाया।

    चित्रकूट के गौरव दिवस पर पूरे चित्रकूट नगर में दिवाली से भी कहीं अधिक दीपकों की सजावट मुख्य मार्गों, सभी आवासीय परिसर, शैक्षणिक संस्थान सहित सभी मंदिर, आश्रम, स्वयं सेवी संस्थान, पवित्र मंदाकिनी के दोनों तरफ के घाट, कामदगिरि परिक्रमा और कामतानाथ मंदिर सहित संपूर्ण चित्रकूट नगर में की गई थी।

    नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, सांसद गणेश सिंह, विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार, डीआरआई के संगठन सचिव अभय महाजन, सदगुरु संघ के ट्रस्टी इलेश जैन, नगर पंचायत अध्यक्ष साधना पटेल, कुलगुरु प्रो. आलोक चौबे, सतना कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह, चित्रकूट कलेक्टर पुलकित गर्ग, पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह, वन मंडलाधिकारी मयंक चांदीवाल, जिला पंचायत सीईओ शैलेंद्र सिंह, एसडीएम महिपाल सिंह गुर्जर, जिलाध्यक्ष भगवती प्रसाद पाण्डेय सहित साधु-संतो एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों, विश्वविद्यालयीन छात्र-छात्राओं के अलावा संपूर्ण चित्रकूट वासियों ने पवित्र मां मंदाकिनी के दोनों तट पर दीपोत्सव में हिस्सा लिया।

    चित्रकूट के संत-महात्मा और विश्वविद्यालय एवं स्वयेंसवी संस्थानों ने बढ़-चढ़कर हिस्सेदारी निभाई। गौरव दिवस पर 22 लाख दीपक जलाने के, संकल्प से कहीं अधिक दीपक जलाये गये। चित्रकूट के प्रमुख मार्गों के दोनो तरफ भी दीप मालिका सजाई गई। चित्रकूट के गौरव दिवस पर मा मंदाकिनी के भरत घाट पर मां मंदाकिनी गंगा की विशेष आरती का आयोजन किया गया। राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी और सांसद गणेश सिंह ने मां मंदाकिनी गंगा का पूजन किया। गंगा आरती के दौरान चित्रकूट के मुक्त आकाश में आतिशबाजी भी की गई।


    लोक एवं भक्ति गायन के साथ नृत्य प्रस्तुतियों में दिखी श्रीराम की महिमा

    भगवान श्रीराम के सम्बन्ध में पौराणिक मान्यताओं के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर भी अनेक आख्यान, जनश्रुति प्रचलित हैं, जो आम जनमानस में विश्वास के रूप में मान्य है। मध्य प्रदेश शासन संस्कृति विभाग द्वारा श्रीराम जन्मोत्सव की गरिमा अनुरूप धार्मिक एवं पौराणिक मान्यताओं को दृष्टिगत रखते हुए प्राकट्य पर्व का आयोजन चित्रकूट में मां मंदाकिनी के भरत घाट पर किया गया।

    नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी और सांसद गणेश सिंह ने दीप प्रज्जवलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। संस्कृति विभाग द्वारा जिला प्रशासन सतना के सहयोग से भरत घाट चित्रकूट में आयोजित प्राकट्य पर्व कार्यक्रम में सांस्कृतिक स्वरूपों में श्रीराम की महिमा देखने को मिली। श्रीराम नवमीं के पावन अवसर पर नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से अवगत कराने के उद्देश्य से संस्कृति विभाग द्वारा प्राकट्य पर्व का आयोजन किया गया। चित्रकूट में संपन्न कार्यक्रम में सर्वप्रथम बघेली लोक गायन की प्रस्तुति स्नेहा मिश्रा मऊगंज द्वारा दी गई। इसके बाद श्रीराम केन्द्रित नृत्य नाटिका तरुणा सिंह ग्वालियर के निर्देशन में दी गई। वहीं सुविख्यात भजन गायक शर्मा बंधु उज्जैन द्वारा भक्ति गायन की प्रस्तुति दी गई।


    ग्रामोदय विश्वविद्यालय एक लाख एक हजार दीपों के प्रज्वलन के साथ चित्रकूट गौरव दिवस में सहभागी बना

    मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम के प्राकट्य दिवस रामनवमी के पावन अवसर पर आयोजित सामूहिक “चित्रकूट गौरव दिवस” कार्यक्रम में महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय ने कुलगुरु प्रो. आलोक चौबे के नेतृत्व में एक लाख एक हजार दीपों के प्रज्वलन के साथ उत्साहपूर्वक सहभागिता की। यह भव्य आयोजन हर्ष, उल्लास और आध्यात्मिक वातावरण के बीच संपन्न हुआ।

    इस अवसर पर विश्वविद्यालय द्वारा सतना-चित्रकूट मुख्य मार्ग स्थित मुख्य परिसर, परिक्रमा बाईपास मार्ग पर स्थित कृषि परिसर तथा इससे जुड़े प्रमुख मार्गों पर दीप प्रज्वलित किए गए, जिससे सम्पूर्ण क्षेत्र दीपमालिका से आलोकित हो उठा। कुलगुरु प्रो. आलोक चौबे ने दीप प्रज्वलन के दौरान चिन्हित स्थलों का अवलोकन करते हुए शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने इस आयोजन को आस्था, एकता और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक बताया।

    कुलसचिव प्रो. आञ्जनेय पांडेय ने जानकारी दी कि आयोजन की सफलता हेतु विश्वविद्यालय के सभी संकायों, विभागों एवं अनुभागों को पूर्व से ही दायित्व सौंपे गए थे। सभी ने अपने-अपने निर्धारित स्थलों पर दीप प्रज्वलन कर सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की। सभी संकायों के अधिष्ठाता, शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी एवं विद्यार्थियों ने समन्वित रूप से अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए एक लाख एक हजार मिट्टी के दीपों को प्रज्वलित कर चित्रकूट गौरव दिवस को भव्यता प्रदान की। दीपों की मनोहारी श्रृंखला ने क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना का संदेश प्रसारित किया।

  • प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों से देश में नहीं बढ़ेंगे पेट्रोल-डीजल के दाम : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

    प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों से देश में नहीं बढ़ेंगे पेट्रोल-डीजल के दाम : मुख्यमंत्री डॉ. यादव


    भोपाल।
    मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों से देश में पेट्रोल-डीजल के दाम नहीं बढ़ेंगे। भारतीय बाजार में तेल की उपलब्धता पर्याप्त रहेगी, उपभोक्ताओं पर भी तेल कीमतों का अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ेगा और देश की तेल रिफायनरियां अपना काम सरलता से करती रहेंगी।

    मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मीडिया को जारी संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार ने खाड़ी युद्ध के बीच उपभोक्ताओं के हितों का ध्यान रखते हुए एक बड़ा निर्णय लिया है। पेट्रोल-डीजल पर केंद्रीय उत्पाद शुल्क में कटौती स्वागत योग्य कदम है।

    उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल के दाम में बढ़ोतरी के बीच रामनवमी के दिन इस जनहितैषी निर्णय के लिए प्रधानमंत्री मोदी बधाई के पात्र हैं।

  • एमपी में 29 मार्च से 3 दिन तक बारिश और तेज आंधी का अलर्ट, 40 जिलों में दिखेगा असर

    एमपी में 29 मार्च से 3 दिन तक बारिश और तेज आंधी का अलर्ट, 40 जिलों में दिखेगा असर

    भोपाल। मध्य प्रदेश में 29 मार्च से एक मजबूत आंधी-बारिश सिस्टम सक्रिय होने वाला है, जो करीब तीन दिन तक मौसम पर असर डालेगा। इस दौरान भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर समेत लगभग 40 जिलों में तेज हवा और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

    मौसम विभाग के अनुसार, हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। हालांकि, 28 मार्च (शनिवार) को प्रदेश में गर्मी का असर अधिक रहेगा। नर्मदापुरम में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच चुका है और लू जैसे हालात बने रहेंगे।

    पहले भी बदला था मौसम, अब नया सिस्टम आएगा

    शुक्रवार को साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ के प्रभाव से ग्वालियर, चंबल, रीवा, सागर और जबलपुर संभाग के कई जिलों में बादल छाए रहे और मौसम बदला हुआ नजर आया। मौसम विभाग के अनुसार, यह सिस्टम शनिवार तक कमजोर हो जाएगा, जिससे गर्मी बढ़ेगी। इसके बाद 29 मार्च से नया सिस्टम सक्रिय होगा, जिसका सबसे अधिक असर 30 और 31 मार्च को देखने को मिलेगा।

    करीब 40 जिलों में बारिश का अनुमान

    मौसम विभाग के अनुसार, 31 मार्च तक भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग के करीब 40 जिलों में बारिश हो सकती है। 29 मार्च को कुछ जिलों में बूंदाबांदी की संभावना है, जबकि 30 और 31 मार्च को सिस्टम का सबसे अधिक प्रभाव देखा जाएगा।

    सतना के चित्रकूट में शुक्रवार शाम तेज आंधी और बारिश हुई, जिससे रामनवमी के आयोजन पर असर पड़ा। यहां 21 लाख दीप जलाने की तैयारी थी, लेकिन बारिश से ज्यादातर दीप बुझ गए और मंच को तिरपाल से ढकना पड़ा।

    नर्मदापुरम और जबलपुर में लू और गर्मी की स्थिति

    नर्मदापुरम में मार्च महीने में चौथी बार लू चली है। पिछले दिनों लगातार तीन दिन तक गर्म हवा के कारण तापमान बढ़ा रहा। गुरुवार को लू का असर देखा गया और शुक्रवार को दिन का पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

    प्रदेश के अन्य शहरों में भी गर्मी बनी रही। खजुराहो में 39.6 डिग्री, रतलाम-मंडला में 39.5 डिग्री, खंडवा में 39.1 डिग्री, खरगोन में 38.5 डिग्री, रायसेन में 38.4 डिग्री और सिवनी-सागर में 38.2 डिग्री दर्ज किया गया। बड़े शहरों में जबलपुर सबसे गर्म 38.2 डिग्री के साथ रहा, जबकि भोपाल, इंदौर और उज्जैन में 37 डिग्री और ग्वालियर में 36.1 डिग्री दर्ज हुआ।

    मार्च में तीसरी बार बदल रहा मौसम

    मार्च में अब तक प्रदेश में दो बार आंधी-बारिश का दौर आ चुका है। पहले दौर में लगातार चार दिन तक 45 से अधिक जिलों में बारिश और आंधी हुई थी, वहीं 17 जिलों में ओले भी गिरे थे। अब तीसरा दौर 29 मार्च से शुरू होकर 30 मार्च तक रहने की संभावना है। 27 मार्च को भी एक दौर आया था, लेकिन उसका प्रभाव ज्यादा नहीं रहा।

  • मुरैना को मिली बिजली की नई ताकत: जौरा सब स्टेशन में लगा 50 एमवीए ट्रांसफार्मर

    मुरैना को मिली बिजली की नई ताकत: जौरा सब स्टेशन में लगा 50 एमवीए ट्रांसफार्मर


    भोपाल। मध्यप्रदेश के मुरैना जिले की विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। ऊर्जा मंत्रीप्रद्युम्न सिंह तोमर ने जानकारी दी कि 132 केवी जौरा सब स्टेशन की क्षमता में वृद्धि करते हुए यहां उच्च क्षमता का नया पॉवर ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया है।

    उन्होंने बताया कि पहले यहां 20 एमवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर स्थापित था जिसे अब बदलकर 50 एमवीए क्षमता का नया ट्रांसफार्मर लगाया गया है और इसे सफलतापूर्वक ऊर्जीकृत भी कर दिया गया है। इस बदलाव से मुरैना जिले की पारेषण प्रणाली अधिक विश्वसनीय होगी और उपभोक्ताओं को बेहतर वोल्टेज के साथ गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।

    इस उपलब्धि पर मंत्री ने एमपी ट्रांसको के अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी और कहा कि इससे क्षेत्र के औद्योगिक, कृषि और घरेलू उपभोक्ताओं को बड़ा लाभ मिलेगा। साथ ही भविष्य में बढ़ती बिजली की मांग को भी आसानी से पूरा किया जा सकेगा।

    एमपी ट्रांसको के अधीक्षण अभियंता राजीव तोतला के अनुसार इस नए ट्रांसफार्मर के शुरू होने से जौरा, कुम्हेरी, सुमावली, सांकरा, सिटी जौरा, चिनौनी, नवोदय और बगचिनी सहित आसपास के क्षेत्रों के लगभग 18 हजार उपभोक्ता लाभान्वित होंगे।

    नए ट्रांसफार्मर की स्थापना के बाद जौरा सब स्टेशन की कुल क्षमता बढ़कर 113 एमवीए हो गई है। वहीं जिले की कुल ट्रांसफार्मेशन क्षमता भी बढ़कर 1482 एमवीए तक पहुंच गई है। इससे बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता और स्थिरता में महत्वपूर्ण सुधार होने की उम्मीद है।

    गौरतलब है कि एमपी ट्रांसको मुरैना जिले में 220 केवी के दो और 132 केवी के सात सब स्टेशनों के माध्यम से बिजली पारेषण कर रहा है। ऐसे में यह नया ट्रांसफार्मर पूरे क्षेत्र के लिए राहत और विकास का संकेत माना जा रहा है।

  • मुरैना हादसा: बाइक सवार युवक की मौके पर मौत, अवैध रेत खनन पर फिर गरमाया मुद्दा

    मुरैना हादसा: बाइक सवार युवक की मौके पर मौत, अवैध रेत खनन पर फिर गरमाया मुद्दा


    मुरैना । मध्यप्रदेश के मुरैना जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है जहां अवैध रेत से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है और अवैध रेत परिवहन को लेकर प्रशासन पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

    जानकारी के अनुसार यह हादसा टेंटरा थाना क्षेत्र के ग्राम बावड़ी पूरा के पास देर रात हुआ। एक युवक अपनी मोटरसाइकिल से गुजर रहा था तभी तेज रफ्तार से आ रही ट्रैक्टर ट्रॉली ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

    बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर ट्रॉली अवैध रूप से रेत लेकर जा रही थी। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। इस हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।

    लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रेत खनन और परिवहन जारी है लेकिन प्रशासन द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ऐसे अवैध वाहनों की वजह से सड़क पर चलना भी खतरनाक हो गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रैक्टर ट्रॉली चालक की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही प्रशासन अब अवैध रेत परिवहन पर सख्ती की बात कह रहा है।

    यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि आखिर कब तक अवैध खनन और लापरवाही के कारण निर्दोष लोगों की जान जाती रहेगी। जरूरत इस बात की है कि ऐसे मामलों में कड़ीकार्रवाई हो और दोषियों को सख्त सजा मिले ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

  • खरगोन में लोकायुक्त का बड़ा एक्शन: 7 हजार की रिश्वत लेते ASI रंगे हाथों गिरफ्तार

    खरगोन में लोकायुक्त का बड़ा एक्शन: 7 हजार की रिश्वत लेते ASI रंगे हाथों गिरफ्तार


    खरगोन । मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में लोकायुक्त संगठन ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पुलिस अधिकारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। कसरावद थाना में पदस्थ कार्यवाहक सहायक उप निरीक्षक रविंद्र कुमार गुरु को 7 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए ट्रैप किया गया।

    लोकायुक्त पुलिस के अनुसार ग्राम चंदावड़ तहसील भगवानपुरा निवासी 69 वर्षीय श्यामलाल उपाध्याय ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके खिलाफ दर्ज एक शिकायत के निराकरण के बदले आरोपी अधिकारी उनसे 20 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था।

    शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस इंदौर मामले की जांच की और योजना बनाकर ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया। तय रणनीति के तहत जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से 7 हजार रुपये की रिश्वत ली, टीम ने मौके पर ही उसे पकड़ लिया।

    गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। यह कार्रवाई एक बार फिर दर्शाती है कि प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्ती बढ़ाई जा रही है और लोकायुक्त संगठन लगातार ऐसे मामलों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है।

    साथ ही यह घटना आम नागरिकों को भी यह संदेश देती है कि यदि उनसे किसी भी सरकारी काम के बदले रिश्वत मांगी जाती है तो वे बिना डर के शिकायत करें, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो सके।

  • शादी की खुशियां मातम में बदलीं: भाइयों के बीच 'गन्ने के पैसों' का विवाद बना बहन का काल, जहर खाकर दी जान

    शादी की खुशियां मातम में बदलीं: भाइयों के बीच 'गन्ने के पैसों' का विवाद बना बहन का काल, जहर खाकर दी जान


    बैतूल। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले से एक ऐसी हृदयविदारक घटना सामने आई है जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। जहाँ एक ओर परिवार में बेटी के हाथ पीले करने की तैयारियाँ जोर-शोर से चल रही थीं और घर में मंगल गीतों की गूंज होनी थी वहीं अब वहाँ चीख-पुकार और मातम का सन्नाटा पसरा हुआ है। आमला थाना क्षेत्र के खरपड़ा खेड़ी गांव में एक युवती ने पारिवारिक कलह से तंग आकर मौत का रास्ता चुन लिया जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार 26 वर्षीय बबली बघेल की शादी आगामी 28 अप्रैल को तय हुई थी। घर में शादी का कार्ड बंटने से लेकर मेहमानों के स्वागत तक की रूपरेखा तैयार की जा रही थी। खुशियों के इस माहौल के बीच घर की आर्थिक स्थिति और शादी के खर्चों को लेकर उपजा विवाद अंततः एक बड़ी त्रासदी में बदल गया। पुलिस सूत्रों और पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक विवाद की जड़ में गन्ने की फसल की बिक्री से मिली राशि थी।

    बताया जा रहा है कि युवती के बड़े भाई ने हाल ही में गन्ने की फसल बेची थी जिसका पैसा घर आया था। नियत योजना के अनुसार इसी राशि से बबली की शादी की खरीदारी और अन्य इंतज़ाम किए जाने थे। इसी बीच छोटे भाई ने शादी के खर्चों के नाम पर बड़े भाई से पैसों की मांग शुरू कर दी जिसे लेकर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी हो गई। धीरे-धीरे यह मामूली बहस एक उग्र विवाद में तब्दील हो गई और घर का माहौल तनावपूर्ण हो गया।

    बबली जो अपनी आँखों में सुनहरे भविष्य के सपने सजाए बैठी थी अपने भाइयों को आपस में लड़ते देख गहरे मानसिक आघात में चली गई। उसने बीच-बचाव करने और दोनों को समझाने की पुरजोर कोशिश की कि उसकी शादी की खुशियों में इस तरह का झगड़ा शोभा नहीं देता लेकिन भाइयों के बीच अहं और पैसों की लड़ाई थमने का नाम नहीं ले रही थी। भाइयों की जिद और घर के बिगड़ते हालात से आहत होकर बबली ने गुरुवार को आत्मघाती कदम उठाते हुए घर में रखा जहर खा लिया।

    जब तक परिजनों को इस बात की भनक लगी और उसे उपचार के लिए ले जाया गया तब तक काफी देर हो चुकी थी। बबली की मौत की खबर मिलते ही गांव में सन्नाटा पसर गया। जिस आंगन में मंडप सजने वाला था वहाँ अब उसकी अर्थी को कंधा देने की तैयारी हो रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि आपसी कलह और आवेश में लिए गए फैसले न केवल रिश्तों को खत्म करते हैं बल्कि मासूमों की जान के दुश्मन भी बन जाते हैं।

  • शिवपुरी में रिश्वतखोर पटवारी गिरफ्तार, 2000 रुपये लेते लोकायुक्त ने रंगे हाथों दबोचा

    शिवपुरी में रिश्वतखोर पटवारी गिरफ्तार, 2000 रुपये लेते लोकायुक्त ने रंगे हाथों दबोचा

    शिवपुरी । मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले से भ्रष्टाचार का एक मामला सामने आया है जहां लोकायुक्त पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। यह घटना पोहरी अनुविभाग की है जहां पदस्थ पटवारी देवेंद्र जैन पर रिश्वत मांगने का आरोप था।

    जानकारी के अनुसार आरोपी पटवारी ने फरियादी भान सिंह धाकड़ से भूमि के नक्शे को दुरुस्त करने के एवज में दो हजार रुपये की मांग की थी। फरियादी ने इस मामले की शिकायत लोकायुक्त पुलिस ग्वालियर में दर्ज कराई जिसके बाद टीम ने पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई की योजना बनाई।

    निर्धारित योजना के तहत लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाया और जैसे ही पटवारी ने रिश्वत की राशि ली उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। इस कार्रवाई के दौरान आरोपी को रंगे हाथों पकड़ने के बाद उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

    इस घटना ने एक बार फिर सरकारी तंत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार को उजागर किया है जहां छोटे से छोटे काम के लिए भी आम नागरिकों से पैसे मांगे जाते हैं। हालांकि लोकायुक्त की इस कार्रवाई को एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है जो यह संदेश देता है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है।

    फिलहाल आरोपी पटवारी से पूछताछ की जा रही है और मामले की आगे की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में और तथ्य सामने आते हैं तो उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

    यह कार्रवाई आम लोगों के लिए भी एक संदेश है कि यदि उनसे किसी भी प्रकार की रिश्वत मांगी जाती है तो वे बिना डर के इसकी शिकायत करें ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।

  • मध्य प्रदेश में बिश्नोई गैंग के नेटवर्क का खुलासा, अशोकनगर से कई शहरों तक फैली साजिश

    मध्य प्रदेश में बिश्नोई गैंग के नेटवर्क का खुलासा, अशोकनगर से कई शहरों तक फैली साजिश


    अशोकनगर । मध्य प्रदेश में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर रंगदारी और दहशत फैलाने वाले एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। अशोकनगर से शुरू हुआ यह मामला अब इंदौर, भोपाल और अन्य शहरों तक फैल चुका है, जिससे पुलिस विभाग में हलचल मच गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन कर जांच एसटीएफ को सौंप दी है।

    आईपीएस राहुल लोढ़ा को सौंपी गई जिम्मेदारी

    इस हाई-प्रोफाइल केस की जांच के लिए आईपीएस अधिकारी राहुल कुमार लोढ़ा को एसआईटी का प्रमुख बनाया गया है। उनके नेतृत्व में 4 पुलिस अधीक्षक (एसपी) और 4 डीएसपी स्तर के अधिकारियों की टीम गठित की गई है। टीम का उद्देश्य अंतरराज्यीय संगठित अपराध नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचकर उसे खत्म करना है।

    अशोकनगर से हुई थी शुरुआत

    मामले की शुरुआत 12 फरवरी को अशोकनगर में हुई थी, जब व्यापारी अंकित अग्रवाल से ‘हैरी बॉक्सर’ नाम से व्हाट्सएप और वीडियो कॉल के जरिए 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।

    गिरफ्तारी के बाद चौंकाने वाले खुलासे

    जांच के दौरान पुलिस ने जयपुर के 19 वर्षीय आरोपी मनीष जांगिड़ को गिरफ्तार किया। उसके पास से शहर के अहम स्थानों की रेकी के वीडियो बरामद हुए, जिन्हें विदेश भेजा जा रहा था। आरोपी के कब्जे से 6 पेट्रोल बम, मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई, जिससे किसी बड़ी साजिश की आशंका जताई जा रही है।

    कई शहरों तक फैला गिरोह

    पुलिस जांच में सामने आया है कि यह नेटवर्क सिर्फ अशोकनगर तक सीमित नहीं है, बल्कि इंदौर, भोपाल और खरगोन जैसे शहरों में भी इसके तार जुड़े हैं। इन सभी मामलों को अब एसआईटी को सौंप दिया गया है ताकि एकीकृत तरीके से जांच की जा सके।

    दर्ज मामले (अपराध क्रमांक और धाराएं)

    अशोकनगर कोतवाली: 101/2026, 308(1), 308(2), 351(2)
    इंदौर (किशनगंज): 112/2026, 308(5), 351(4)
    इंदौर (तुकोगंज): 155/2026, 308(5), 351(4)
    भोपाल (कोलार रोड): 183/2026, 351(4)
    खरगोन (कसरावद): 94/2026, 308(4), 351(3)
    इंदौर क्राइम ब्रांच: 22/2026, 308(5), 351(4)

    पुलिस अधिकारियों के अनुसार, एसआईटी इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की संभावना है।

  • मुख्यमंत्री डॉ. मोहन ने संत श्री सुंदर दास की जयंती पर किया श्रद्धांजलि व नागरिकों के लिए प्रेरणा का संदेश

    मुख्यमंत्री डॉ. मोहन ने संत श्री सुंदर दास की जयंती पर किया श्रद्धांजलि व नागरिकों के लिए प्रेरणा का संदेश


    भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने महान कवि और राष्ट्रसंत 1008 श्री सुंदर दास जी महाराज की 430वीं जयंती पर उनका पुण्य स्मरण कर नमन किया।

    मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि संत श्री सुंदर दास जी का जीवन सभी नागरिकों के लिए ज्ञान, भक्ति और राष्ट्र सेवा का प्रेरणास्त्रोत रहेगा। उन्होंने संत श्री की जयंती पर खंडेलवाल समाज को शुभकामनाएं भी दीं।

    इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने संत के संदेश को याद करते हुए सभी से उनकी शिक्षाओं को अपनाने और समाज में सद्भाव, सेवा और आध्यात्मिक जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।