Blog

  • पहाड़ों पर भारी बर्फबारी… जम्मू-कश्मीर में दो हाईवे बंद, मैदानी इलाकों में आंधी-बारिश का अलर्ट

    पहाड़ों पर भारी बर्फबारी… जम्मू-कश्मीर में दो हाईवे बंद, मैदानी इलाकों में आंधी-बारिश का अलर्ट


    नई दिल्ली।
    उत्तरी ईरान और उससे सटे कैस्पियन सागर (Caspian Sea) के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के प्रभाव से उत्तर-पश्चिम भारत (North-West India.) में मौसम के मिजाज में बदलाव आया है। जम्मू-कश्मीर (Jammu and Kashmir) और हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी और घाटी व मैदानी इलाकों में बारिश हुई है। पंजाब और हरियाणा समेत मैदानी राज्यों में तेज हवा और गरज-चमक के साथ छिटपुठ बारिश दर्ज की गई है। संभावना है कि आने वाले हफ्ते में मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा। हिमाचल प्रदेश के शिमला, कुल्लू और मंडी में सोमवार को आंधी का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

    भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी राजस्थान और उसके आसपास के क्षेत्रों में निचले क्षोभमंडलीय स्तर पर तेज चक्रवाती हवाएं चल रही हैं। उत्तर-पश्चिमी राजस्थान से लेकर उत्तरी मध्य प्रदेश तक निचले क्षोभमंडलीय स्तर पर एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। 2 अप्रैल को उत्तर-पश्चिम भारत में एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है। मौसम संबंधी इन प्रणालियों के प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फरबाद में रविवार को हल्की बारिश हुई। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, पूर्वी व पश्चिमी राजस्थान में हल्की बारिश हुई और कुछ स्थानों पर ओले गिरे।


    हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कैसा रहेगा मौसम?

    आईएमडी के अनुसार, 30 मार्च और 2-3 अप्रैल को गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और बर्फबारी होने और 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 4 अप्रैल को भी यही स्थिति रहेगी। उत्तराखंड में 30 मार्च को ओलावृष्टि की भी संभावना है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में 30-31 मार्च के दौरान छिटपुट से मध्यम वर्षा के साथ गरज, बिजली चमकने और 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। वहीं, पूर्वोत्तर भारत और इससे सटे पूर्वी भारत में इस सप्ताह छिटपुट से लेकर व्यापक वर्षा के साथ गरज, चमक और तेज हवा चलने की संभावना है। पूर्वोत्तर भारत में 30 मार्च से 1 अप्रैल के दौरान छिटपुट भारी वर्षा भी हो सकती है। दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में इस सप्ताह छिटपुट वर्षा के साथ गरज, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना है।

    हिमाचल प्रदेश: रोहतांग में बर्फबारी
    हिमाचल प्रदेश के रोहतांग दर्रा समेत ऊंचाई वाले अन्य क्षेत्रों में रविवार को बर्फबारी हुई। कुल्लू और लाहौल-स्पीति जिले में रविवार सुबह से दोपहर तक ऊंची चोटियों पर हिमपात हुआ। रोहतांग दर्रा में 20, कोकसर में 3, शिकुंला में 15, कुंजुम पास में 15 और बारालाचा में 20 सेंटीमीटर तक बर्फबारी हुई। हिमपात के कारण शिंकुला टॉप से वाहनों की आवाजाही बंद रही। पर्यटन नगरी मनाली से दोपहर तक अटल टनल रोहतांग की तरफ वाहनों की आवाजाही बाधित रही। शिमला, धर्मशाला समेत मध्यम और निचले क्षेत्रों में बारिश हुई। इससे हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर ठंड बढ़ गई है।


    श्रीनगर-लेह और बांदीपोरा-गुरेज हाईवे बंद

    जम्मू-कश्मीर में रविवार सुबह मैदानी इलाकों में बारिश तो पहाड़ों पर बर्फबारी हुई। बर्फबारी से श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग और बांदीपोरा-गुरेज मार्ग बंद हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार 31 मार्च तक हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार बने हुए हैं। वहीं कुछ इलाकों में हिमस्खलन और भूस्खलन की भी आशंका जताई जा रही है।


    पंजाब-हरियाणा में भी गिरा पारा

    पंजाब और हरियाणा में रविवार को हल्की बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने बताया कि दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में हल्की बारिश हुई, जिससे वहां तापमान में गिरावट आई। हालांकि, बारिश के इस दौर ने क्षेत्र के किसानों में चिंता पैदा कर दी है, क्योंकि उन्हें डर है कि तेज हवाओं के साथ बारिश होने पर खड़ी गेहूं की फसल को नुकसान पहुंच सकता है।

  • IPL कमेंट्री पर ट्रोल हुए Harbhajan Singh, ट्रोलर को दिया करारा जवाब- ‘एक को पापा चुन लो’

    IPL कमेंट्री पर ट्रोल हुए Harbhajan Singh, ट्रोलर को दिया करारा जवाब- ‘एक को पापा चुन लो’

    नई दिल्ली।इंडियन प्रीमियर लीग के मौजूदा सीजन में पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह अपनी कमेंट्री को लेकर विवादों में आ गए हैं। मामला तब बढ़ा जब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक मीम अकाउंट ने उनकी कमेंट्री के साथ-साथ वीरेंद्र सहवाग और नवजोत सिंह सिद्धू की शैली पर सवाल उठाए। यह टिप्पणी रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेले गए मैच के दौरान की गई थी, जिसके बाद यह मुद्दा तेजी से तूल पकड़ गया।

    इयान बिशप से तुलना ने बढ़ाया विवाद

    मीम अकाउंट ने भारतीय कमेंटेटरों की तुलना वेस्टइंडीज के मशहूर कमेंटेटर इयान बिशप से करते हुए कहा कि हिंदी कमेंट्री में गहराई और तकनीकी समझ की कमी है। इस तुलना पर हरभजन सिंह ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जब बाजार में हाथी चलता है तो कुत्ते भौंकते हैं, साथ ही उन्होंने आलोचक को चुप रहने की नसीहत भी दी।

    सोशल मीडिया पर बढ़ी जुबानी जंग

    हरभजन के इस जवाब के बाद विवाद और भड़क गया। मीम अकाउंट ने पलटवार करते हुए रविचंद्रन अश्विन के साथ उनकी पुरानी प्रतिद्वंद्विता का जिक्र किया और आरोप लगाया कि जलन की वजह से उनका करियर प्रभावित हुआ। इसके साथ ही यूजर ने उकसाने वाली भाषा का इस्तेमाल किया, जिससे बहस और तीखी हो गई।

    इस पर हरभजन सिंह ने भी कड़े शब्दों में जवाब देते हुए आलोचकों पर निशाना साधा और विवादित टिप्पणियां कीं। इसके बाद सोशल मीडिया पर दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली।

    सहवाग और आकाश चोपड़ा भी आए निशाने पर

    विवाद यहीं नहीं रुका। कुछ यूजर्स ने आकाश चोपड़ा, वीरेंद्र सहवाग और हरभजन सिंह की तस्वीर शेयर करते हुए आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। इस पर हरभजन ने भी तीखे अंदाज में जवाब दिया, जिससे मामला और गरमा गया।

    पहले भी उठ चुके हैं कमेंट्री पर सवाल

    गौरतलब है कि इससे पहले भी टी20 विश्व कप के दौरान आकाश चोपड़ा की कमेंट्री को लेकर विवाद सामने आ चुका है। अब उसी कड़ी में हरभजन सिंह का नाम भी जुड़ गया है और यह बहस लगातार सोशल मीडिया पर फैलती जा रही है। आईपीएल जैसे बड़े मंच पर कमेंट्री को लेकर उठे इस विवाद ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि दर्शकों की अपेक्षाओं पर खरा उतरना कितना जरूरी है। साथ ही, सोशल मीडिया पर बढ़ती तीखी प्रतिक्रियाएं इस बात का संकेत हैं कि अब दर्शक अपनी राय खुलकर रखने लगे हैं।

  • इस्राइल के हमले से खोंडाब हेवी वाटर प्लांट बुरी तरह से क्षतिग्रस्त, ईरान को भारी नुकसान

    इस्राइल के हमले से खोंडाब हेवी वाटर प्लांट बुरी तरह से क्षतिग्रस्त, ईरान को भारी नुकसान


    विएना।
    पश्चिम एशिया (West Asia War) में बढ़ते तनाव के बीच इस्राइल (Israel) ने ईरान (Iran) के खोंडाब (अराक) हेवी वाटर प्लांट पर हवाई हमला किया। अब अंतरराष्ट्रीय परमाणु एजेंसी (आईएईए) (International Atomic Energy Agency – IAEA) ने पुष्टि की है कि यह प्लांट बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है और अब काम नहीं कर रहा है। आईएईए के अनुसार, यह जानकारी सैटेलाइट तस्वीरों और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर दी गई है।


    खोंडाब प्लांट क्यों है इतना अहम?

    यह प्लांट ईरान के अराक शहर के पास स्थित है और इसे अराक न्यूक्लियर कॉम्प्लेक्स भी कहा जाता है। यहां ‘हेवी वाटर’ बनाया जाता है, जो खास तरह के परमाणु रिएक्टर में इस्तेमाल होता है। विशेषज्ञों के मुताबिक, ऐसे रिएक्टर से प्लूटोनियम भी बनाया जा सकता है, जिसका उपयोग परमाणु हथियारों में किया जा सकता है। यही वजह है कि यह प्लांट लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय चिंता का विषय रहा है।


    IAEA की रिपोर्ट में क्या कहा गया?

    आईएईए ने साफ कहा है कि प्लांट को गंभीर नुकसान हुआ है, यह अब ऑपरेशनल नहीं है और यहां कोई घोषित परमाणु सामग्री मौजूद नहीं थी। इसका मतलब है कि रेडिएशन या तत्काल परमाणु खतरे की संभावना नहीं बताई गई है।

    इस्राइल ने क्यों किया हमला?
    इस्राइली सेना (आईडीएफ) ने दावा किया कि यह हमला खुफिया जानकारी के आधार पर किया गया। उनका कहना है कि यह प्लांट ईरान के परमाणु कार्यक्रम का अहम हिस्सा था। ईरान ने अंतरराष्ट्रीय समझौतों के बावजूद इसे पूरी तरह सुरक्षित नहीं बनाया और यहां से भविष्य में हथियार-ग्रेड प्लूटोनियम बनने का खतरा था। इस्राइल सेना ने इस ऑपरेशन को ‘राइजिंग लॉयन’ नाम दिया है।

    बढ़ता तनाव और आगे का खतरा
    इस हमले के बाद पश्चिम एशिया में तनाव और बढ़ गया है। ईरान और इस्राइल के बीच पहले से ही तनाव चरम पर है, और अब इस तरह की कार्रवाई से हालात और बिगड़ सकते हैं। विशेषज्ञ मानते हैं कि आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर अंतरराष्ट्रीय दबाव और कूटनीतिक हलचल तेज हो सकती है।

  • Chardham Yatra : वाहनों के लिए आज से बनेंगे ग्रीन कार्ड…. 19 अप्रैल को खुलेंगे मंदिरों के पट

    Chardham Yatra : वाहनों के लिए आज से बनेंगे ग्रीन कार्ड…. 19 अप्रैल को खुलेंगे मंदिरों के पट


    देहरादून।
    चारधाम यात्रा (Chardham Yatra) पर जाने वाले वाहनों के लिए ग्रीन कार्ड (Green Card.) सोमवार से बनने शुरू हो जाएंगे। हरिद्वार (Haridwar) के रोशनाबाद स्थित आरटीओ कार्यालय (RTO office) में परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा इसका शुभारंभ करेंगे। परिवहन विभाग ने चारधाम यात्रा (Chardham Yatra) के लिए वाहनों को ग्रीन कार्ड जारी करने को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं। यात्रा पर जाने वाले वाहनों की सुविधा के लिए विभाग ने शुरुआती चरण में तीन जगह ग्रीन कार्ड केंद्र बनाए हैं। इसके तहत हरिद्वार के रोशनाबाद में आरटीओ कार्यालय, ऋषिकेश और नारसन बॉर्डर पर ग्रीन कार्ड बनवाने की सुविधा दी जा रही है।

    वाहन के फिटनेस सर्टिफिकेट, बीमा, परमिट और संबंधित चालक के दस्तावेजों की गहन जांच करने के बाद ही ग्रीन कार्ड जारी किए जाएंगे। कॉमर्शियल वाहन बिना ग्रीन कार्ड के यात्रा मार्ग पर नहीं पाएंगे। मालूम हो कि चारधाम यात्रा 19 अप्रैल से शुरू होने जा रही है। इस बार 50 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है।


    केदारनाथ में खराब मौसम के बीच बर्फ हटाना चुनौती

    बाबा केदारनाथ के दर्शनों के लिए आगामी 22 अप्रैल से शुरू होने जा रही यात्रा को देखते हुए शासन-प्रशासन तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। केदारनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता में रखते हुए लोक निर्माण विभाग और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के कर्मचारी पैदल मार्ग से बर्फ हटाने में लगे हुए हैं।


    चारधाम और पर्यटन सीजन में बढ़ेगी दून में गैस की मांग

    दून में पहले से जारी गैस संकट आने वाले दिनों में और गहरा सकता है। चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन में रसोई गैस की खपत में भारी इजाफा होने की उम्मीद है। गर्मी शुरू होते ही उत्तराखंड के प्रमुख पर्यटक स्थलों जैसे मसूरी, ऋषिकेश, सहस्रधारा और चकराता में पर्यटकों की आमद बढ़ गई है। इन क्षेत्रों के होटलों, होम-स्टे और ढाबों में व्यावसायिक गैस सिलेंडरों के साथ-साथ घरेलू गैस की मांग भी बढ़ी है।

    ऋषिकेश और चकराता जैसे क्षेत्रों में यात्रियों के पड़ाव के कारण गैस की खपत सामान्य दिनों की तुलना में 20 से 30 प्रतिशत तक बढ़ने का अनुमान है।विभाग और गैस एजेंसियों के लिए आने वाले दो महीने आपूर्ति व्यवस्था बनाए रखने के लिहाज से बड़ी चुनौती साबित होंगे।


    यात्रा से बढ़ेगा दबाव

    चारधाम यात्रा के मुख्य पड़ाव के रूप में ऋषिकेश और देहरादून से होकर ही हजारों यात्री पहाड़ की ओर रुख करते हैं। यात्रा मार्ग पर स्थित ढाबों और लंगर व्यवस्था के कारण सिलेंडरों की मांग में अचानक तेजी आएगी। यदि वर्तमान बैकलॉग समय पर खत्म नहीं हुआ तो यात्रा सीजन के दौरान आम उपभोक्ताओं को सिलेंडर के लिए लंबा इंतजार करना पड़ सकता है।

  • बॉक्स ऑफिस का अनोखा खेल: एक नाम, 4 फिल्में-3 सुपरहिट, एक बनी फ्लॉप

    बॉक्स ऑफिस का अनोखा खेल: एक नाम, 4 फिल्में-3 सुपरहिट, एक बनी फ्लॉप


    नई दिल्ली।बॉलीवुड में कई बार एक ही नाम से फिल्में बनती हैं, लेकिन बहुत कम ऐसा होता है कि एक ही टाइटल बार-बार बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाए। आज हम बात कर रहे हैं फिल्म डॉन की, जो पिछले कई दशकों में चार बार अलग-अलग रूप में दर्शकों के सामने आई। दिलचस्प बात यह है कि इनमें से तीन फिल्मों ने शानदार सफलता हासिल की, जबकि एक फिल्म पूरी तरह फ्लॉप साबित हुई।

    1978 की ‘डॉन’ बनी कल्ट क्लासिक

    सबसे पहले साल 1978 में रिलीज हुई डॉन में अमिताभ बच्चन ने डॉन का आइकॉनिक किरदार निभाया था। उनके साथ जीनत अमान नजर आई थीं। करीब 70 लाख के बजट में बनी इस फिल्म ने लगभग 7 करोड़ रुपये की कमाई कर उस दौर में तहलका मचा दिया था। शानदार कहानी, दमदार डायलॉग और यादगार गानों की वजह से यह फिल्म आज भी कल्ट क्लासिक मानी जाती है।

    1995 की ‘एक डॉन’ बनी सबसे बड़ी फ्लॉप

    इसके बाद साल 1995 में एक डॉन रिलीज हुई, जिसमें मिथुन चक्रवर्ती, सोनाली बेंद्रे और जुगल हंसराज नजर आए। हालांकि, यह फिल्म दर्शकों को बिल्कुल पसंद नहीं आई और बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह पिट गई। फिल्म को लेकर विवाद भी हुआ था, क्योंकि इसमें एक सीन में तिरंगे को गलत तरीके से दिखाया गया था, जिससे दर्शकों की नाराजगी और बढ़ गई।

    2006 में शाहरुख खान ने ‘डॉन’ को दिया नया अंदाज

    साल 2006 में निर्देशक फरहान अख्तर ने डॉन का रीमेक बनाया। इस बार लीड रोल में शाहरुख खान नजर आए, जबकि उनके साथ प्रियंका चोपड़ा और ईशा कोप्पिकर भी थीं। फिल्म में पुरानी कहानी को नए ट्विस्ट के साथ पेश किया गया, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया। करीब 40 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने 100 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर सुपरहिट का दर्जा हासिल किया।

    ‘डॉन 2’ ने भी दोहराई सफलता

    इसके बाद साल 2011 में डॉन 2 रिलीज हुई, जिसमें एक बार फिर शाहरुख खान डॉन के किरदार में नजर आए। फिल्म में प्रियंका चोपड़ा, बोमन ईरानी, कुणाल कपूर और लारा दत्ता ने भी अहम भूमिकाएं निभाईं। करीब 76 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने 200 करोड़ के आसपास कमाई कर बॉक्स ऑफिस पर सफलता के झंडे गाड़ दिए।

  • रहमान डकैत का नया अवतार: अक्षय खन्ना के ट्रांसफॉर्मेशन ने मचाया तहलका

    रहमान डकैत का नया अवतार: अक्षय खन्ना के ट्रांसफॉर्मेशन ने मचाया तहलका


    नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेता अक्षय खन्ना इन दिनों अपनी हालिया सफलता के बाद लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। धुरंधर में उनके दमदार किरदार ने दर्शकों का दिल जीत लिया और फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्डतोड़ कमाई करते हुए 1300 करोड़ से ज्यादा का आंकड़ा पार कर लिया। इस सफलता के बाद अब एक्टर का नया अवतार सामने आया है, जिसने फैंस की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है।

    शुक्राचार्य के रूप में चौंकाने वाला ट्रांसफॉर्मेशन

    अक्षय खन्ना का यह नया लुक उनकी अपकमिंग फिल्म महाकाली से सामने आया है, जिसमें वह पौराणिक किरदार शुक्राचार्य की भूमिका निभा रहे हैं। सेट से सामने आई एक बिहाइंड द सीन्स तस्वीर में उनका लुक पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है। सफेद लंबी दाढ़ी, लंबे बाल और पारंपरिक धोती में अक्षय को पहचान पाना भी मुश्किल हो रहा है। उनका यह ट्रांसफॉर्मेशन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे देखकर हैरान हैं।

    डायरेक्टर ने की तारीफ, शेयर किया अनुभव

    इस खास तस्वीर को फिल्म की डायरेक्टर पूजा अपर्णा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया है। उन्होंने पोस्ट के साथ अक्षय खन्ना की जमकर तारीफ की और लिखा कि उनके साथ काम करना एक बेहतरीन अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि अक्षय के अनुभव से उन्हें बहुत कुछ सीखने को मिला और उनकी एनर्जी व अभिनय क्षमता कमाल की है। डायरेक्टर ने यह भी कहा कि वह दुनिया को शुक्राचार्य के इस नए रूप से रूबरू कराने के लिए बेहद उत्साहित हैं।

    तेलुगू इंडस्ट्री में करेंगे डेब्यू

    फिल्म ‘महाकाली’ के जरिए अक्षय खन्ना तेलुगू फिल्म इंडस्ट्री में अपना डेब्यू करने जा रहे हैं। यह उनके करियर का एक नया अध्याय माना जा रहा है। उनके इस अलग और दमदार किरदार को लेकर फैंस में काफी उत्साह है और सोशल मीडिया पर लोग लगातार अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

    फैंस के रिएक्शन ने बढ़ाई एक्साइटमेंट

    अक्षय खन्ना के इस लुक को देखकर फैंस जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। किसी ने इसे भारतीय सिनेमा का सबसे दमदार पौराणिक किरदार बताया, तो किसी ने उनके ट्रांसफॉर्मेशन की जमकर तारीफ की। कई फैंस ने लिखा कि अब उन्हें इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार है।

  • 40 साल की उम्र में दूसरी बार मां बनीं सोनम कपूर, घर में गूंजी किलकारी, बेबी बॉय को दिया जन्म

    40 साल की उम्र में दूसरी बार मां बनीं सोनम कपूर, घर में गूंजी किलकारी, बेबी बॉय को दिया जन्म


    नई दिल्ली। बॉलीवुड की फैशन क्वीन सोनम कपूर दूसरी बार मां बनीं हैं। कपूर कपूर और उनके पति आनंद आहूजा 29 मार्च को दूसरे बच्चे के पेरेंट्स बने हैं। इसकी जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने चाहने वालों को दी। गुड न्यूज के बाद प्रेमी काफी खुश हो गए और कपल को पूरी सारी बधाई दे रहे हैं।

    पोस्ट शेयर कर सोनम कपूर ने दी प्रेमी को शुभकामनाएं
    कपूर ने हाल ही में अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर की है, जिसमें उन्होंने अपने दूसरे बच्चे की जानकारी दी है। पोस्ट शेयर करते हुए एक्ट्रेस ने लिखा, ‘बेहद कृतज्ञता और प्यार से आखिरी दिनों के साथ, हमें ये कहते हुए बहुत खुशी हो रही है कि आज 29 मार्च 2026 को हमारे घर एक नन्हें बेटे का आगमन हुआ है।’

    ‘हमारा परिवार अब और बड़ा हो गया…’
    पोस्ट में एक्ट्रेस ने आगे लिखा, ‘हमारा परिवार अब और बड़ा हो गया है और उसके आने से हमारा दिल भी बेहद खूबसूरत तरीके से और विशाल हो गया है। एयर आपके छोटे भाई का स्वागत करके बहुत खुशियाँ देता है और हम इस अनमोल नई जान के लिए खुद को बहुत ही सौभाग्यशाली महसूस करते हैं, जो हमारे घर को खुशियाँ और आशीर्वाद से भरा है। हम चार लोगों के परिवार के रूप में इस खूबसूरत अध्याय की शुरुआत ईश्वर के दर्शन के लिए करते हैं। प्यार के साथ- दोस्त, आनंद और वायु।’

    साल 2022 में हुआ था सबसे पहले बेटे का स्वागत
    बता दें कि समीर कपूर और आनंद आहूजा ने पुरानी डेट के बाद 8 मई 2018 को शादी की थी और अगस्त 2022 में अपने पहले बेटे की उम्र का स्वागत किया था। एक्ट्रेस ने अपनी मैटरनिटी जर्नी की कुछ तस्वीरें भी प्रेमी के साथ शेयर की थीं, जिनमें प्रेमी को काफी पसंद किया गया था।

  • बॉक्स ऑफिस पर क्लैश: अप्रैल 2026 में आ रहीं 6 फिल्में, ‘धुरंधर 2’ को मिलेगी टक्कर

    बॉक्स ऑफिस पर क्लैश: अप्रैल 2026 में आ रहीं 6 फिल्में, ‘धुरंधर 2’ को मिलेगी टक्कर


    नई दिल्ली।अप्रैल 2026 सिनेमा प्रेमियों के लिए जबरदस्त एंटरटेनमेंट लेकर आने वाला है। मार्च में धुरंधर 2 ने बॉक्स ऑफिस पर जो माहौल बनाया है, उसका असर अप्रैल में भी देखने को मिलेगा। कई बड़ी और अलग अलग जॉनर की फिल्में रिलीज के लिए तैयार हैं, जिनमें माइथोलॉजी, एक्शन, रोमांस और थ्रिलर का शानदार मिश्रण देखने को मिलेगा। ऐसे में दर्शकों के लिए यह महीना किसी फिल्मी त्योहार से कम नहीं होने वाला।

    महीने की शुरुआत में माइथोलॉजी का तड़का

    अप्रैल की शुरुआत 2 तारीख को रिलीज होने वाली चिरंजीवी हनुमान द इटरनल से होगी। यह एक खास फिल्म है, जिसे पूरी तरह एआई तकनीक से तैयार किया गया है। फिल्म में भगवान हनुमान की कहानी को आधुनिक अंदाज में पेश किया जाएगा, जिससे यह दर्शकों के लिए नया अनुभव साबित हो सकती है।

    एक्शन और स्टार पावर से भरपूर फिल्में

    इस महीने की सबसे चर्चित फिल्मों में पेड्डी का नाम शामिल है, जिसमें राम चरण और जाह्नवी कपूर नजर आएंगे। लंबे समय से चर्चा में बनी यह फिल्म 30 अप्रैल को रिलीज हो सकती है। इसके अलावा डकैत भी 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में दस्तक देगी, जिसमें मृणाल ठाकुर अहम भूमिका निभा रही हैं।

    कॉमेडी और रोमांस का भी रहेगा जलवा

    रोमांटिक और हल्की फुल्की कहानी पसंद करने वालों के लिए गिन्नी वेड्स सनी 2 24 अप्रैल को रिलीज होगी। इस फिल्म में अविनाश तिवारी और मेधा शंकर की जोड़ी नजर आएगी। पहली फिल्म की सफलता के बाद इसके सीक्वल से भी दर्शकों को काफी उम्मीदें हैं।

    हॉरर कॉमेडी और थ्रिलर से बढ़ेगा रोमांच

    भूत बंगला भी इस महीने चर्चा में बनी हुई है। इसमें अक्षय कुमार मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। हालांकि इसकी रिलीज डेट को लेकर अभी असमंजस बना हुआ है, लेकिन उम्मीद है कि यह अप्रैल के मध्य में सिनेमाघरों में आ सकती है।

    वहीं, पेट्रिऑट 23 अप्रैल को रिलीज होगी, जो नेशनल सिक्योरिटी पर आधारित एक मल्टीस्टारर एक्शन थ्रिलर है। इसमें ममूटी, मोहनलाल, फहाद फाजिल और नयनतारा जैसे बड़े सितारे नजर आएंगे।

    कुल मिलाकर अप्रैल 2026 में दर्शकों को हर हफ्ते नई और अलग तरह की फिल्में देखने को मिलेंगी। बड़े सितारों की मौजूदगी, अलग अलग कहानियां और जबरदस्त कंटेंट इस महीने को खास बनाने वाले हैं। यह कहना गलत नहीं होगा कि अप्रैल में बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त टक्कर देखने को मिलेगी और दर्शकों के पास मनोरंजन के भरपूर विकल्प होंगे।

  • नेपाल में चार पूर्व प्रधानमंत्रियों की संपत्ति जांच के घेरे में, पूर्व ऊर्जा मंत्री दीपक खडका गिरफ्तार

    नेपाल में चार पूर्व प्रधानमंत्रियों की संपत्ति जांच के घेरे में, पूर्व ऊर्जा मंत्री दीपक खडका गिरफ्तार

    काठमांडू। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह उर्फ बालेन के कार्यभार संभालने के तीसरे दिन ही देश के चार पूर्व प्रधानमंत्रियों की संपत्ति की सीआईबी जांच शुरू हो गई है। जांच के दायरे में आए इन पूर्व पीएम में केपी शर्मा ओली, पुष्पकमल दहल प्रचंड, शेरबहादुर देउबा और माधव कुमार नेपाल शामिल हैं।

    दीपक खडका गिरफ्तार

    इस बीच, नेपाली कांग्रेस के नेता और पूर्व ऊर्जा मंत्री दीपक खडका को सीआईबी ने रविवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। नेपाली गृह मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक, जांच में चारों पूर्व प्रधानमंत्रियों के साथ-साथ पूर्व मंत्री आरजू राणा देउबा और दीपक खडका तथा उनके परिवार की चल-अचल संपत्ति और आय के स्रोतों की समीक्षा की जा रही है। वहीं, शनिवार को गिरफ्तार ओली और पूर्व गृह मंत्री रमेश लेखक को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया।

    जांच का कारण

    पिछले साल जेन-जी आंदोलन के दौरान, देउबा, ओली, खडका और प्रचंड की बेटी गंगा के आवासों में जले नोटों की तस्वीरें और वीडियो सामने आए थे। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। सीआईबी प्रमुख एआईजी मनोज केसी के अनुसार, संपत्ति शुद्धीकरण जांच विभाग ने खडका को मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में गिरफ्तार किया है।

    भ्रष्टाचार निवारण आयोग की भूमिका

    नेपाल की नई सरकार ने 100 सूत्री कार्य योजना के तहत पूर्व राष्ट्राध्यक्षों, वरिष्ठ राजनेताओं और नौकरशाहों की संपत्तियों की जांच के लिए भ्रष्टाचार निवारण आयोग गठित किया है। आयोग में कानून, वित्त, राजस्व और अनुसंधान के विशेषज्ञ शामिल हैं और यह प्रधानमंत्री व मंत्रिमंडल के अधीन काम करेगा। जांच का पहला चरण 2006 की नेपाली क्रांति के बाद पदस्थ लोगों पर केंद्रित है, जबकि दूसरा चरण 1991 से 2006 के बीच अहम पदों पर रहे लोगों की संपत्ति की समीक्षा करेगा।

  • पश्चिम एशिया तनाव और अमेरिकी आर्थिक आंकड़ों पर तय होगी सोना-चांदी की चाल

    पश्चिम एशिया तनाव और अमेरिकी आर्थिक आंकड़ों पर तय होगी सोना-चांदी की चाल

    नई दिल्ली। अगले सप्ताह सोना और चांदी में सीमित दायरे में कारोबार देखने को मिल सकता है। निवेशकों की नजरें पश्चिम एशिया के भू-राजनीतिक हालात और प्रमुख वैश्विक आर्थिक आंकड़ों पर टिकी रहेंगी, जो कीमती धातुओं की दिशा तय करेंगे। विशेषज्ञों के अनुसार, इस हफ्ते जेरोम पॉवेल के संबोधन और अन्य फेड अधिकारियों के बयानों पर ध्यान रहेगा, क्योंकि इससे ब्याज दरों और मौद्रिक नीति के संकेत मिलेंगे, जो सोना-चांदी की मांग को प्रभावित कर सकते हैं।

    विश्लेषकों ने बताया कि सोने में हालिया गिरावट का कारण गोल्ड ईटीएफ निवेशकों की बिकवाली, कमजोर भौतिक मांग, मजबूत डॉलर और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी रही। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना करीब 2% गिरकर 4,492.5 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ, जबकि चांदी 69.79 डॉलर प्रति औंस पर हल्की बढ़त के साथ बंद रही। अमेरिकी बाजार में कमजोरी के बावजूद सुरक्षित निवेश की मांग बढ़ी, जिससे चांदी को सहारा मिला।

    घरेलू बाजार में पिछले सप्ताह सोना मामूली गिरावट के साथ लगभग 1.44 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ, जबकि चांदी 1,182 रुपये की बढ़त के साथ 2.27 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। रुपये की कमजोरी ने कीमती धातुओं की कीमतों को कुछ सपोर्ट दिया। रुपया पिछले हफ्ते 1% से ज्यादा गिरकर करीब 94.80 प्रति डॉलर पर आ गया।

    अगले सप्ताह निवेशकों की नजरें

    जेएम फाइनेंशियल के प्रणव मेर ने कहा कि अगले सप्ताह बाजार में ध्यान पश्चिम एशिया की घटनाओं पर रहेगा। तनाव बढ़ने या घटने का कोई भी संकेत कीमतों को ऊपर या नीचे ले जा सकता है। इसके अलावा, प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के विनिर्माण आंकड़े, यूरोज़ोन के महंगाई आंकड़े और अमेरिकी खपत व रोजगार के डेटा पर भी नजर रहेगी। घरेलू बाजार में सुस्ती रहने की संभावना है, क्योंकि 31 मार्च और 3 अप्रैल को महावीर जयंती और गुड फ्राइडे के कारण बाजार बंद रहेंगे।