Category: Madhya Pradesh

  • भू-अधिकार की लड़ाई में सड़क पर उतरे ग्रामीण, प्रशासन से जवाब तलब

    भू-अधिकार की लड़ाई में सड़क पर उतरे ग्रामीण, प्रशासन से जवाब तलब


    मध्य प्रदेश । कटनी जिले में मंगलवार को आदिवासी समुदाय के सैकड़ों लोगों ने कलेक्ट्रेट कार्यालय के मुख्य द्वार पर धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी वन विभाग द्वारा उनकी जमीनों के कथित अधिग्रहण की कार्रवाई से नाराज थे। इस दौरान उन्होंने जिला प्रशासन और वन विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी जमीनों पर अधिकार बहाल करने की मांग उठाई।

    प्रदर्शन का केंद्र रीठी तहसील के अंतर्गत आने वाला ग्राम ललितपुर रहा, जहां के कई आदिवासी परिवार वर्षों से खेती कर अपनी आजीविका चला रहे हैं। धरने में शामिल ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि उनके भू-अधिकार पट्टे वापस नहीं किए गए तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

    1989 से काबिज जमीन पर अब विवाद, वन विभाग पर आरोप
    प्रदर्शन में शामिल ग्रामीणों ने बताया कि शासन द्वारा उन्हें वर्ष 1989 में विधिवत भू-अधिकार पट्टे दिए गए थे। इन पट्टों के आधार पर वे लगातार लगभग तीन दशकों से अधिक समय से जमीन पर काबिज हैं और खेती कर अपने परिवारों का भरण-पोषण कर रहे हैं।आदिवासी परिवारों का आरोप है कि अब वन विभाग उनकी इसी जमीन को अपना बताकर जबरन कब्जा करने की कोशिश कर रहा है, जिससे उनके सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

    पीड़ितों का दर्द: “रोजी-रोटी छीनी जा रही है”
    प्रदर्शन में शामिल पीड़ित बृजलाल ने अपनी व्यथा व्यक्त करते हुए कहा कि वे वर्षों से इस जमीन पर मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “हमने इस जमीन पर खून-पसीना बहाया है। शासन ने ही हमें पट्टा दिया था, अब वन विभाग इसे अपनी जमीन बता रहा है। यह हमारे साथ अन्याय है और हमारी रोजी-रोटी छीनी जा रही है।”

    कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन, उच्च स्तरीय जांच की मांग
    धरना प्रदर्शन के दौरान आदिवासी प्रतिनिधियों ने कलेक्टर के नाम एक ज्ञापन भी सौंपा, जिसे डिप्टी कलेक्टर को दिया गया। ज्ञापन में वन विभाग की कार्रवाई को पूरी तरह से अन्यायपूर्ण बताते हुए पूरे मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की गई है। साथ ही प्रदर्शनकारियों ने अपने भू-अधिकार पट्टों को यथावत रखने और वन विभाग के हस्तक्षेप पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। ग्रामीणों ने प्रशासन से अपील की कि उन्हें उनकी जमीन पर शांतिपूर्वक खेती करने का अधिकार फिर से सुनिश्चित किया जाए।

    प्रशासन पर निगाहें, आंदोलन की चेतावनी
    प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो वे आंदोलन को और व्यापक रूप देंगे। फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर प्रशासन की प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।

  • सिंहस्थ 2028 की तैयारी में जुटी मंदसौर पुलिस: भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा को लेकर विशेष प्रशिक्षण शुरू

    सिंहस्थ 2028 की तैयारी में जुटी मंदसौर पुलिस: भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा को लेकर विशेष प्रशिक्षण शुरू

    मध्य प्रदेश । उज्जैन में वर्ष 2028 में आयोजित होने वाले विश्व प्रसिद्ध सिंहस्थ महाकुंभ को लेकर मध्यप्रदेश पुलिस ने अभी से व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी कड़ी में मंदसौर पुलिस द्वारा विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ किया गया है, जिसमें पुलिस अधिकारियों और जवानों को आने वाले महाकुंभ के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं से बेहतर संवाद के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है।
    इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ रतलाम रेंज के डीआईजी निमिष अग्रवाल ने किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों और जवानों से संवाद कर तैयारियों की समीक्षा की और प्रशिक्षण की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम में एसपी विनोद कुमार मीना, एडिशनल एसपी टी.एस. बघेल, सीएसपी जितेंद्र भास्कर सहित जिले के सभी थाना प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

    छह दिवसीय प्रशिक्षण से शुरू हुआ अभियान, आगे बनेगा बड़ा नेटवर्क
    डीआईजी निमिष अग्रवाल ने जानकारी दी कि पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर यह विशेष प्रशिक्षण अभियान शुरू किया गया है। फिलहाल छह दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग चलाया जा रहा है, लेकिन इसे चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाते हुए अगले छह माह से एक वर्ष तक सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ जैसे विशाल धार्मिक आयोजन में सामान्य पुलिस ड्यूटी से कहीं अधिक जटिल परिस्थितियां उत्पन्न होती हैं, जिनसे निपटने के लिए पूर्व तैयारी अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य से यह प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है।

    मास्टर ट्रेनर्स तैयार होंगे, पूरे जिले में फैलाएंगे प्रशिक्षण
    कार्यशाला के अंतर्गत मास्टर ट्रेनर्स तैयार किए जा रहे हैं, जो आगे चलकर जिले के अन्य पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण देंगे। इन प्रशिक्षकों को भीड़ प्रबंधन, आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को संभालने की विशेष तकनीकें सिखाई जा रही हैं।इस व्यवस्था का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सिंहस्थ 2028 के दौरान किसी भी स्थिति में पुलिस बल पूरी तरह सक्षम और प्रशिक्षित रहे।

    श्रद्धालुओं से व्यवहार पर विशेष जोर
    प्रशिक्षण में पुलिसकर्मियों को यह भी सिखाया जा रहा है कि महाकुंभ के दौरान उनका व्यवहार केवल सुरक्षा तक सीमित न रहे, बल्कि श्रद्धालुओं की सहायता और मार्गदर्शन भी उनकी जिम्मेदारी हो। डीआईजी ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं के साथ विनम्र और सेवा भाव से पेश आएं। यदि किसी को मार्गदर्शन, सहायता या जानकारी की आवश्यकता हो तो उसे तुरंत और सकारात्मक तरीके से मदद उपलब्ध कराई जाए।

    नगर सुरक्षा समिति को भी मिलेगा प्रशिक्षण
    जानकारी के अनुसार, सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों को भी विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे पुलिस और स्थानीय नागरिकों के बीच समन्वय मजबूत होगा और बड़े आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी बन सकेगी।

    विश्वस्तरीय आयोजन को लेकर पहले से तैयारी
    एसपी विनोद कुमार मीना ने कहा कि सिंहस्थ महाकुंभ दुनिया के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक है, जहां करोड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति रहती है। ऐसे आयोजन में भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा और आपदा प्रबंधन बड़ी चुनौती होती है।

    इन्हीं चुनौतियों से निपटने के लिए मंदसौर पुलिस ने अभी से प्रशिक्षण अभियान शुरू किया है, ताकि 2028 के सिंहस्थ के दौरान पूरी पुलिस व्यवस्था मुस्तैद और सक्षम नजर आए।

  • दवा स्टॉक में गड़बड़ी की आशंका, औचक निरीक्षण में रिकॉर्ड खंगाले गए

    दवा स्टॉक में गड़बड़ी की आशंका, औचक निरीक्षण में रिकॉर्ड खंगाले गए


    मध्य प्रदेश । मंदसौर जिले में दवाओं के सुरक्षित, पारदर्शी और नियमानुसार विक्रय को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से औषधि विभाग ने अपनी निगरानी और कार्रवाई को तेज कर दिया है। इसी क्रम में मंगलवार को बीपीएल चौराहा क्षेत्र स्थित कई मेडिकल संस्थानों पर औचक निरीक्षण किया गया, जिससे दवा कारोबारियों में हड़कंप मच गया।

    निरीक्षण के दौरान टीम ने दुकानों में मौजूद दवाओं के स्टॉक, उनकी एक्सपायरी डेट, तथा नशे के रूप में दुरुपयोग होने वाली दवाओं के क्रय-विक्रय रिकॉर्ड की गहन जांच की। अधिकारियों ने यह भी देखा कि शेड्यूल-एच1 श्रेणी की दवाओं का रिकॉर्ड नियमों के अनुसार संधारित किया जा रहा है या नहीं।

    मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. गोविंद सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि निरीक्षण का उद्देश्य केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि दवा वितरण प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

    दवाओं के नमूने जांच के लिए भेजे गए, रिकॉर्ड प्रस्तुत करने के निर्देश
    निरीक्षण के दौरान बीपीएल चौराहा स्थित श्रीजी मेडिकल से दवाओं के नमूने जांच हेतु लिए गए हैं। इसके साथ ही सिटी मेडिकल और वीर फार्मा को निर्देश दिया गया है कि वे शेड्यूल-एच1 दवाओं के क्रय-विक्रय से जुड़े सभी रिकॉर्ड दो दिनों के भीतर विभाग के समक्ष प्रस्तुत करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय सीमा में दस्तावेज प्रस्तुत न करने पर संबंधित संस्थानों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। टीम ने मौके पर मौजूद सभी मेडिकल संचालकों को स्टॉक रजिस्टर नियमित रूप से अद्यतन रखने के निर्देश भी दिए।

    सीतामऊ में पहले मिली थीं अनियमितताएं, दो मेडिकल फर्मों को नोटिस
    सीएमएचओ डॉ. चौहान ने बताया कि इससे पहले सीतामऊ तहसील में किए गए निरीक्षण के दौरान कुछ अनियमितताएं सामने आई थीं। जांच के आधार पर पूजा मेडिकोज और मां आशापुरा मेडिकल को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इनसे प्राप्त जवाबों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

    नशे के रूप में दवाओं के दुरुपयोग पर सख्ती
    औषधि विभाग द्वारा सीतामऊ तहसील के सभी मेडिकल संचालकों की एक बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि नशे के रूप में दुरुपयोग होने वाली दवाओं का रिकॉर्ड व्यवस्थित तरीके से रखा जाए और बिना चिकित्सकीय परामर्श किसी भी दवा का वितरण न किया जाए। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि किसी भी मेडिकल स्टोर पर नियमों का उल्लंघन पाया गया, तो उसके खिलाफ लाइसेंस निरस्तीकरण सहित कठोर कार्रवाई की जा सकती है।

    निगरानी और निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा
    सीएमएचओ ने कहा कि विभाग का मुख्य उद्देश्य अवैध दवा कारोबार और दवाओं के दुरुपयोग पर रोक लगाना है। साथ ही दवा वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाना भी प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिलेभर में इस तरह के औचक निरीक्षण और निगरानी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

  • झाबुआ में स्वास्थ्य सेवाएं चरमराईं, एनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल शुरू

    झाबुआ में स्वास्थ्य सेवाएं चरमराईं, एनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल शुरू


    मध्य प्रदेश । झाबुआ जिले में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत कार्यरत संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। प्रदेशभर के करीब 32 हजार संविदा कर्मचारियों के कार्य बहिष्कार के बाद स्वास्थ्य सेवाओं पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

    संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. वासुदेव पाटीदार ने बताया कि एनएचएम कर्मचारी वर्षों से प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ रहे हैं, लेकिन उनकी मांगों पर लगातार अनदेखी की जा रही है।

    मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई का आरोप
    कर्मचारियों का आरोप है कि पिछले वर्ष मुख्यमंत्री की उपस्थिति में उनकी मांगों पर सहमति बनी थी, लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बाद भी उस पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। कर्मचारियों ने कहा कि वे लंबे समय से नियमितीकरण की मांग कर रहे हैं, लेकिन समाधान नहीं हुआ।

    कर्मचारियों की प्रमुख मांगें
    हड़ताल पर गए कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में शामिल हैं-
    30 जनवरी 2026 की मुख्यमंत्री घोषणा के अनुसार नियमितीकरण
    एनपीएस और स्वास्थ्य बीमा का लाभ (2023 सामान्य प्रशासन विभाग नीति के तहत)
    अन्य राज्यों की तरह 10% वार्षिक वेतन वृद्धि
    नियमित कर्मचारियों के समान महंगाई भत्ता
    वेतन विसंगति का निराकरण
    समान कार्य के लिए समान वेतन
    नियमित कर्मचारियों के समान अवकाश
    इसके अलावा कर्मचारियों ने “सार्थक ऐप” के उपयोग को बंद करने का भी निर्णय लिया है।

    चरणबद्ध आंदोलन के बाद अब अनिश्चितकालीन हड़ताल
    कर्मचारी इससे पहले काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन कर चुके हैं और प्रशासनिक अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन भी सौंप चुके हैं। अब अनिश्चितकालीन हड़ताल के बाद आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए 8 जून को प्रदेशभर के कर्मचारी भोपाल में मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने की योजना बना रहे हैं।

    स्वास्थ्य सेवाओं पर असर की आशंक
    हड़ताल के चलते जिला अस्पतालों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है, जिससे आम मरीजों को परेशानी हो सकती है।

  • श्योपुर में जनसुनवाई के दौरान व्यापारी का अनोखा विरोध: कनक दंडवत कर कलेक्ट्रेट पहुंचे, आत्मदाह की चेतावनी

    श्योपुर में जनसुनवाई के दौरान व्यापारी का अनोखा विरोध: कनक दंडवत कर कलेक्ट्रेट पहुंचे, आत्मदाह की चेतावनी


    मध्य प्रदेश । श्योपुर जिले के कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान एक व्यापारी ने अनोखे तरीके से विरोध दर्ज कराया। शहर निवासी जगदीश प्रसाद अग्रवाल कलेक्ट्रेट परिसर में कनक दंडवत करते हुए पहुंचे और अपनी लंबित राजस्व समस्या के समाधान की मांग की।

    उन्होंने अधिकारियों के सामने अपनी शिकायत रखते हुए कहा कि यदि उनकी समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे दो दिन बाद आत्मदाह करने को मजबूर होंगे। इस बयान से जनसुनवाई में मौजूद अधिकारी भी गंभीर हो गए।

    15 साल से लंबित नामांतरण, राजस्व विभाग पर आरोप
    व्यापारी जगदीश प्रसाद अग्रवाल ने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी रानी अग्रवाल के नाम पर वर्ष 2009 में खरीदी गई भूमि का विधिवत विक्रय पत्र होने के बावजूद 15 वर्षों से अधिक समय बीत जाने के बाद भी नामांतरण नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक दस्तावेज और कब्जा होने के बावजूद राजस्व न्यायालय में उनकी फाइल को अनावश्यक रूप से लंबित रखा जा रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान हो रहा है और वे भूमि का आगे विक्रय भी नहीं कर पा रहे हैं।

    रिश्वत लेकर अन्य मामलों में नामांतरण का आरोप
    अग्रवाल ने यह भी गंभीर आरोप लगाया कि उसी सर्वे नंबर से जुड़े अन्य मामलों में कथित रूप से रिश्वत लेकर नामांतरण कर दिया गया है, जबकि उनके मामले में जानबूझकर बाधाएं उत्पन्न की जा रही हैं।

    उन्होंने एक अन्य भूमि रिकॉर्ड में त्रुटिपूर्ण प्रविष्टि किए जाने का भी आरोप लगाया और कहा कि पटवारी से कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया।

    प्रशासन से तत्काल समाधान की मां
    जनसुनवाई के दौरान व्यापारी ने अधिकारियों से मांग की कि उनकी समस्या का शीघ्र निराकरण किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं होती है तो वे इसके लिए प्रशासन को जिम्मेदार मानेंगे। प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग से रिपोर्ट तलब करने की बात कही है।

  • जबलपुर में अफसरों पर गिरी गाज, समय पर काम न करने पर जुर्माना

    जबलपुर में अफसरों पर गिरी गाज, समय पर काम न करने पर जुर्माना


    मध्य प्रदेश । जबलपुर में लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत निर्धारित समय-सीमा में सेवाएं उपलब्ध नहीं कराने पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने समीक्षा बैठक के दौरान लापरवाही बरतने वाले 22 राजस्व अधिकारियों पर जुर्माना लगाया है, जिनमें एसडीएम और तहसीलदार स्तर के अधिकारी भी शामिल हैं जुर्माने की राशि 250 रुपये से लेकर 5 हजार रुपये तक तय की गई है और कुल मिलाकर लगभग 34 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया है।

    समय पर सेवाएं देना अनिवार्य, फिर भी हुई लापरवाही
    लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत नागरिकों को निर्धारित समय-सीमा में सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराना अनिवार्य है। लेकिन जबलपुर में कई अधिकारियों द्वारा आवेदनों का समय पर निराकरण नहीं किया गया, जिससे आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जिन अधिकारियों के पास लंबित आवेदन अधिक पाए गए, उन पर अधिक जुर्माना लगाया गया है।

    सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों पर भी सख्ती
    कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों को भी गंभीरता से लेते हुए कहा कि इनका समय पर निराकरण भी अनिवार्य है। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को चिन्हित कर आगे भी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, कुछ बैंकों द्वारा शिकायतों को गंभीरता से न लेने और मामलों को समय पर न देखने पर भी नाराजगी जताई गई है। ऐसे संस्थानों के खिलाफ भी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

    प्रशासन का सख्त संदेश
    कलेक्टर ने कहा कि लोक सेवा गारंटी और जनशिकायत निवारण शासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को समयबद्ध और जवाबदेह कार्यप्रणाली अपनाने के निर्देश दिए गए हैं।

  • गर्भवती दुष्कर्म पीड़िता को गर्भपात की अनुमति से हाईकोर्ट का इनकार: 31 सप्ताह के गर्भ को देखते हुए दिया फैसला

    गर्भवती दुष्कर्म पीड़िता को गर्भपात की अनुमति से हाईकोर्ट का इनकार: 31 सप्ताह के गर्भ को देखते हुए दिया फैसला


    मध्य प्रदेश । जबलपुर स्थित मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने एक महत्वपूर्ण मामले में दुष्कर्म से गर्भवती हुई 16 वर्षीय नाबालिग को गर्भपात की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। कोर्ट ने स्पष्ट कहा कि 31 सप्ताह की गर्भावस्था में भ्रूण का विकास ऐसे स्तर पर पहुंच चुका है कि गर्भपात को शिशु के जीवन को समाप्त करने के समान माना जाएगा। जस्टिस विवेक जैन की वेकेशन बेंच ने यह आदेश देते हुए याचिका खारिज कर दी और राज्य सरकार को पीड़िता के उपचार, प्रसव और नवजात शिशु की देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

    शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप
    मामला मंडला जिले के घुघरी थाना क्षेत्र का है। आरोप है कि ग्राम बहरा निवासी एक युवक ने 16 वर्षीय किशोरी को शादी का झांसा देकर 15 अक्टूबर 2025 से कई बार दुष्कर्म किया, जिसके चलते वह गर्भवती हो गई। गर्भावस्था 24 सप्ताह से अधिक होने के कारण मामला कानूनी रूप से हाईकोर्ट में पहुंचा।

    मेडिकल रिपोर्ट में गंभीर एनीमिया का खुलासा
    सुनवाई के दौरान अदालत के सामने जिला अस्पताल मंडला की विशेषज्ञ चिकित्सकीय रिपोर्ट पेश की गई। रिपोर्ट में बताया गया कि पीड़िता 31 सप्ताह की गर्भवती है और उसका हीमोग्लोबिन स्तर 7.5 ग्राम है, जो गंभीर एनीमिया की स्थिति को दर्शाता है। हालांकि रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि गर्भस्थ शिशु जीवित और सामान्य रूप से विकसित हो रहा है, और इस अवस्था में गर्भपात कराना पीड़िता के लिए भी अत्यधिक जोखिमपूर्ण हो सकता है।

    सुप्रीम कोर्ट के फैसले का हवाला
    हाईकोर्ट ने सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट के ‘X बनाम यूनियन ऑफ इंडिया’ मामले का हवाला दिया। अदालत ने कहा कि 24 सप्ताह से अधिक की गर्भावस्था को केवल असाधारण परिस्थितियों में ही समाप्त किया जा सकता है, जैसे मां के जीवन को गंभीर खतरा या भ्रूण में गंभीर विकृति। इस मामले में ऐसी कोई चिकित्सकीय या कानूनी परिस्थिति नहीं पाई गई, जिसके आधार पर गर्भपात की अनुमति दी जा सके।

    राज्य सरकार को सौंपी जिम्मेदारी
    अदालत ने राज्य सरकार को निर्देश दिया कि पीड़िता को अस्पताल में उचित चिकित्सा सुविधा, निगरानी और देखभाल उपलब्ध कराई जाए। साथ ही, जन्म के बाद बच्चे की सुरक्षा और पालन-पोषण की जिम्मेदारी भी राज्य सरकार निभाएगी। कोर्ट ने यह भी कहा कि यदि पीड़िता या उसके परिजन बच्चे का पालन नहीं करना चाहते, तो वे कानूनी प्रक्रिया के तहत गोद देने की प्रक्रिया अपना सकते हैं।

  • जबलपुर में चोरी के शक में 3 युवक पकड़े गए, भीड़ ने की जमकर पिटाई; पुलिस ने बचाया

    जबलपुर में चोरी के शक में 3 युवक पकड़े गए, भीड़ ने की जमकर पिटाई; पुलिस ने बचाया


    मध्य प्रदेश । जबलपुर के बरेला थाना क्षेत्र स्थित सिग्मा कान्हा सिटी कॉलोनी में मंगलवार तड़के चोरी के शक में तीन युवकों को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ से तीनों युवकों को छुड़ाकर हिरासत में लिया। घायल अवस्था में उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।

    सूने मकान में घुसने का आरोप, कॉलोनी में मचा हड़कंप
    जानकारी के अनुसार, कॉलोनी में पिछले कुछ समय से चोरी की घटनाएं बढ़ी थीं, जिसके चलते स्थानीय लोग पहले से सतर्क थे। सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात करीब 3 बजे तीन संदिग्ध युवक कॉलोनी में घूमते नजर आए और एक सूने मकान में घुसने का आरोप है।
    इस पर रहवासियों ने तुरंत एक-दूसरे को सूचना दी और मकान के आसपास घेराबंदी कर ली। जैसे ही तीनों युवक बाहर निकले, उन्हें पकड़ लिया गया।

    भीड़ ने की मारपीट, वीडियो भी आया सामने
    प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पकड़े गए युवकों ने खुद को छोड़ने की गुहार लगाई, लेकिन गुस्साई भीड़ ने उनकी पिटाई शुरू कर दी। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लोग युवकों के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। आरोप है कि युवकों ने भागने की कोशिश भी की, लेकिन कॉलोनीवासियों ने चारों तरफ से घेरकर उन्हें पकड़ लिया।

    पुलिस ने संभाला मामला, जांच जारी
    सूचना मिलने पर बरेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए तीनों युवकों को भीड़ से सुरक्षित निकाला। उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि तीनों युवकों की पहचान और आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। साथ ही भीड़ द्वारा की गई मारपीट के मामले की भी जांच होगी।

  • जमीन सीमांकन के नाम पर 80 हजार की डील, लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई

    जमीन सीमांकन के नाम पर 80 हजार की डील, लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई


    मध्य प्रदेश । जबलपुर में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लोकायुक्त पुलिस ने राजस्व विभाग के एक अधिकारी को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। मामला Jabalpur का है, जहां राजस्व निरीक्षक करण सिंह लोधी को 80 हजार रुपये लेते हुए गिरफ्तार किया गया।

    जानकारी के अनुसार, व्यापारी रोहित जैन ने अपने साथियों के साथ शहपुरा तहसील के ग्राम क्लोन में मटर प्लांट लगाने के लिए जमीन खरीदी थी। जमीन का नामांतरण पूरा हो चुका था, लेकिन सीमांकन की प्रक्रिया लंबित थी। इसी काम के लिए उन्होंने राजस्व निरीक्षक से संपर्क किया था।

    शिकायतकर्ता का आरोप है कि सभी दस्तावेज पूरे होने के बावजूद आरोपी ने सीमांकन के बदले पहले एक लाख रुपये की मांग की। पिछले करीब दो महीने से वह लगातार कार्यालय के चक्कर लगा रहा था, लेकिन हर बार किसी न किसी बहाने से काम टाल दिया जाता था।

    परेशान होकर व्यापारी ने लोकायुक्त एसपी से लिखित शिकायत की। शिकायत की जांच में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद टीम ने ट्रैप की योजना बनाई। तय कार्यक्रम के अनुसार मंगलवार को आरोपी ने रतन कॉलोनी स्थित अपने घर के पास शिकायतकर्ता को पैसे लेकर बुलाया।

    जैसे ही व्यापारी ने उसे 80 हजार रुपये दिए और आरोपी ने रकम स्वीकार की, पहले से मौजूद लोकायुक्त टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

    लोकायुक्त अधिकारियों ने बताया कि आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

  • युवक की संदिग्ध मौत से हड़कंप, पुलिस हर एंगल से कर रही जांच

    युवक की संदिग्ध मौत से हड़कंप, पुलिस हर एंगल से कर रही जांच


    मध्य प्रदेश । शिवपुरी जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक 18 वर्षीय युवक की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। यह मामला Shivpuri जिले के पोहरी थाना क्षेत्र के पीपरघार गांव का है।

    जानकारी के अनुसार, गांव निवासी गोविंद धाकड़ (18) ने सोमवार शाम अज्ञात कारणों से सल्फास की गोलियां खा लीं। जहरीला पदार्थ खाने के कुछ ही समय बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजनों में हड़कंप मच गया।

    परिजन आनन-फानन में उसे शिवपुरी मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए तुरंत इलाज शुरू किया। हालांकि, तमाम प्रयासों के बावजूद सोमवार रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

    इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक का माहौल है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया। पुलिस को भी आत्महत्या के पीछे के कारणों का कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।

    मामले की सूचना मिलने पर मेडिकल चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस अब युवक के मोबाइल, बातचीत और आसपास के हालात की जांच कर आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

    यह घटना एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में मानसिक तनाव और सामाजिक दबाव जैसे मुद्दों की ओर ध्यान खींचती है, हालांकि इस मामले में कारण अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हैं।