Blog

  • Rajasthan: दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेसवे पर भिड़ंत के बाद पिकअप में लगी आग, 3 लोग जिंदा जले

    Rajasthan: दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेसवे पर भिड़ंत के बाद पिकअप में लगी आग, 3 लोग जिंदा जले


    अलवर।
    राजस्थान (Rajasthan) के अलवर (Alwar) में दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेसवे (Delhi-Mumbai Expressway) पर बुधवार तड़के हुए एक भीषण सड़क हादसे (Terrible Road Accident) में 3 लोग जिंदा जलकर मर गए, जबकि गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को इलाज के लिए जयपुर रेफर किया गया है। मृतकों की अभी पहचान नहीं सकी है। हादसे की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। हादसे के वक्त मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि हादसा बेहद दर्दनाक था।

    जानकारी के अनुसार, बुधवार तड़के दिल्ली से जयपुर की और जा रही एक पिकअप गाड़ी दूसरे वाहन से जा टकराई। इसके बाद देखते ही देखते पिकअप में आग लग गई। गाड़ी में बैठे लोगों को निकालने का प्रयास किया गया लेकिन सब बेकार गया। पिकअप गाड़ी में सवार तीनों लोग जिंदा जल गए। भीषण सड़क हादसे में पिकअप ड्राइवर भी गम्भीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए जयपुर रेफर कर दिया गया है।

    रैणी पुलिस ने तीनों शवों को रैणी अस्पताल की मोर्चरी मे रखवाया दिया है। मृतकों की अभी पहचान नहीं हो पाई है। पिकअप गाड़ी दिल्ली से जयपुर जा रही थी। यह हादसा रैणी थाना क्षेत्र के दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेसवे के चैनल नंबर 131 पर हुआ।

    धू-धू कर जली पिकअप गाड़ी
    दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेसवे पर हुई जबर्दस्त टक्कर के बाद पिकअप गाड़ी धू-धू कर जलती रही। उसमें सवार तीनों लोगों अपनी जान बचाने का मौका तक नहीं मिला। टक्कर के बाद पिकअप गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह से छतिग्रस्त हो गया था, जिसके कारण गाड़ी में सवार तीनों लोग बुरी तरह से फंस गए थे और बाहर नहीं निकल पाए। वहीं पुलिस मृतकों के बारे के जानकारी जुटा रही है कि वो कहां के रहने वाले थे ओर कहां जा रहे थे।

  • Kis Kisko Pyaar Karoon 2 Box Office Day 5: धीमी रफ्तार के बावजूद 10 करोड़ के करीब पहुंची कपिल शर्मा की फिल्म

    Kis Kisko Pyaar Karoon 2 Box Office Day 5: धीमी रफ्तार के बावजूद 10 करोड़ के करीब पहुंची कपिल शर्मा की फिल्म

    नई दिल्ली।मुंबई/ कॉमेडी की दुनिया में अपनी खास पहचान बना चुके कपिल शर्मा एक बार फिर बड़े पर्दे पर दर्शकों को हंसाने की कोशिश कर रहे हैं। उनकी फिल्म किस किसको प्यार करूं 2 12 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म को रिलीज हुए पांच दिन पूरे हो चुके हैं, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर इसका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक मजबूत नहीं कहा जा सकता। इसके बावजूद, फिल्म धीरे-धीरे 10 करोड़ रुपये के आंकड़े के करीब पहुंचती नजर आ रही है।फिल्म का शुरुआती उत्साह सीमित रहा। पहले दिन किस किसको प्यार करूं 2 ने करीब 1.85 करोड़ रुपये की ओपनिंग की। दूसरे दिन कलेक्शन में हल्का उछाल देखने को मिला और फिल्म ने 2.5 करोड़ रुपये कमाए। वीकेंड का फायदा तीसरे दिन मिला, जब फिल्म का कलेक्शन 2.9 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। हालांकि, सोमवार को फिल्म की कमाई में गिरावट आई और चौथे दिन यह सिर्फ 90 लाख रुपये ही जुटा पाई।

    अब पांचवें दिन यानी मंगलवार की बात करें तो फिल्म ने लगभग 1 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। इस तरह कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन करीब 9.15 करोड़ रुपये हो गया है। मंगलवार को सोमवार के मुकाबले हल्की बढ़त जरूर देखने को मिली, लेकिन यह बढ़त इतनी नहीं है कि फिल्म को हिट की दौड़ में शामिल किया जा सके।बताया जा रहा है कि किस किसको प्यार करूं 2 को बॉक्स ऑफिस पर दूसरी बड़ी फिल्मों की कड़ी टक्कर का सामना करना पड़ रहा है। खासतौर पर हाल ही में रिलीज हुई फिल्मों के तूफान में यह फिल्म थोड़ी दबती हुई नजर आ रही है। इसके अलावा वीकडेज़ में दर्शकों की संख्या कम होना भी इसकी कमाई पर असर डाल रहा है।

    फिल्म की कहानी एक बार फिर कॉमेडी और कन्फ्यूजन से भरपूर है, जिसमें कपिल शर्मा कई रिश्तों और मजेदार परिस्थितियों में फंसे हुए दिखाई देते हैं। यह एक फैमिली एंटरटेनमेंट फिल्म है, जिसे बिना किसी झिझक के पूरे परिवार के साथ देखा जा सकता है। फिल्म में कपिल शर्मा के साथ मंजोत सिंह, आयशा खान, पारूल गुलाटी, वरीना हुसैन और त्रिधा चौधरी अहम भूमिकाओं में नजर आ रही हैं। सभी एक्ट्रेसेस ने अपने-अपने किरदारों में अच्छी छाप छोड़ी है।फिल्म का क्लाइमैक्स दर्शकों के लिए सरप्राइज से भरा हुआ है। कहा जा रहा है कि अंत ऐसा है जिसकी किसी ने पहले से उम्मीद नहीं की थी। खास बात यह है कि फिल्म के आखिरी हिस्से में कपिल शर्मा की असली पत्नी गिन्नी चतरथ की एंट्री होती है। गिन्नी की मौजूदगी को दर्शकों ने काफी पसंद किया है और सोशल मीडिया पर भी उनकी जमकर तारीफ हो रही है।

    अगर मौजूदा ट्रेंड की बात करें तो ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि फिल्म धीरे-धीरे आगे बढ़ते हुए 15 करोड़ रुपये तक का लाइफटाइम कलेक्शन कर सकती है। हालांकि इसके लिए जरूरी है कि आने वाले दिनों में वर्ड ऑफ माउथ मजबूत हो और वीकेंड पर दर्शकों की संख्या बढ़े।फिल्म के बाद अब कपिल शर्मा के फैंस उनके लोकप्रिय कॉमेडी शो के चौथे सीजन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। टीवी पर कपिल की वापसी को लेकर दर्शकों में ज्यादा उत्साह दिखाई दे रहा है, जबकि फिल्मों के मामले में उन्हें अभी और संघर्ष करना पड़ सकता है।

  • ब्राजील में भीषण तूफान का कहर…. गुआइबा में धराशायी हुई 'स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी'

    ब्राजील में भीषण तूफान का कहर…. गुआइबा में धराशायी हुई 'स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी'


    गुआइबा।
    ब्राजील (Brazil) के गुआइबा शहर (Guaíba city) में भीषण तूफान (Severe Storm) ने हवन मेगास्टोर (Havan Megastore) के बाहर खड़ी 24 मीटर ऊंची स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी (Statue of Liberty) को गिरा दिया। इसे 2020 में स्थापित किया गया था। यह मूर्ति 11 मीटर ऊंचे कंक्रीट के आधार पर खड़ी थी, जो तूफान के बाद भी पूरी तरह सुरक्षित रहा। ब्राजील की सिविल डिफेंस अथॉरिटी के अनुसार, तूफान में हवा की गति 90 किमी प्रति घंटे तक पहुंच गई थी। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहे हैं। इसमें देखा जा सकता है कि कैसे यह विशाल संरचना धीरे-धीरे झुकती हुई पार्किंग लॉट में गिर जाती है। गनीमत रही कि स्टोर कर्मचारियों ने तूफान बढ़ने पर तुरंत पार्क की गई गाड़ियों को हटा लिया, जिससे कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।

    गुआइबा के मेयर मार्सेलो मारानाता ने घटना के बाद कहा कि सोमवार दोपहर को शहर में 80 मील प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवा के झोंके आए। उन्होंने बताया कि शुरू से ही सिविल डिफेंस और इंफ्रास्ट्रक्चर विभाग की टीमें सड़कों पर तैनात रहीं और स्थिति पर नजर रख जा रही थी। इमरजेंसी में लोगों को डिफेंस सिविल नंबर 199 पर संपर्क करने की सलाह दी गई। तूफान से पहले ही अधिकारियों ने दक्षिणी क्षेत्र में गंभीर मौसम चेतावनी जारी की थी, जिसमें तेज हवाओं और जोखिमों से सतर्क रहने को कहा गया था।

    स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी की कॉपी बनाने वाली कंपनी का बयान
    इस बीच, स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी की कॉपी बनाने वाली कंपनी ने कहा कि इसे सभी तकनीकी मानकों के तहत बनाया गया था। घटना को लेकर तकनीकी जांच की जा रही है। यह गिर चुकी मूर्ति हवन स्टोर का एक प्रमुख लैंडमार्क थी, जो दूर से ही दिखाई देती थी। तूफान के बाद कंपनी की टीमों ने तुरंत मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया, जबकि स्टोर का संचालन सामान्य रूप से जारी रहा। स्थानीय अधिकारियों ने सार्वजनिक क्षेत्रों की सुरक्षा सुनिश्चित की और आपदा प्रबंधन में प्रयासों की सराहना की गई। हालांकि, मूर्ति गिरने को लेकर सोशल मीडिया के जरिए सवाल उठाए जा रहे हैं। जांच की मांग हो रही है और जरूरी कार्रवाई करने को कहा गया है।

  • Ind vs SA: चौथा T-20 आज लखनऊ में… टीम इंडिया रच सकती है नया इतिहास

    Ind vs SA: चौथा T-20 आज लखनऊ में… टीम इंडिया रच सकती है नया इतिहास


    नई दिल्ली।
    टीम इंडिया (Team India) आज जब साउथ अफ्रीका (South Africa) के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज (T20 series) के चौथे मुकाबले में उतरेगी तो एक नया इतिहास लिखना चाहेगी। लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम (Ekana Cricket Stadium) में सीरीज का चौथा मुकाबला आज यानी बुधवार 17 दिसंबर को खेला जाना है। टीम इंडिया सीरीज में 2-1 से आगे है। अगर इस मैच को भारतीय टीम जीतने में सफल होती है तो सीरीज भी अपने नाम कर लेगी। इसी के साथ एक नया इतिहास लिखा जाएगा। पांच मैचों की टी20 सीरीज अभी तक साउथ अफ्रीका (South Africa) की टीम हारी नहीं है, लेकिन अब ऐसा हो सकता है। या तो लखनऊ में या फिर 19 दिसंबर को अहमदाबाद में ऐसा होने की पूरी संभावना है।

    दरअसल, साउथ अफ्रीका ने अपने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास में अभी तक सिर्फ दो बार पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली है। इनमें से एक बार टीम ने उस सीरीज को जीता है, जबकि एक सीरीज 2-2 से ड्रॉ रही है, लेकिन पहली बार साउथ अफ्रीका की टीम पर पांच मैचों की टी20 सीरीज को हारने का खतरा मंडरा रहा है। वेस्टइंडीज के खिलाफ साउथ अफ्रीका ने 3-2 से एक पांच मैचों की टी20 सीरीज जीती हुई है, जबकि इंडिया के साथ 2-2 से एक सीरीज बराबर कराई हुई है, लेकिन लखनऊ और अहमदाबाद में एक हार साउथ अफ्रीका का रिकॉर्ड खराब कर देगी।

    टीम इंडिया ने इस चौथे टी20 या फिर 19 दिसंबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले आखिरी टी20 मैच को जीता तो टीम सीरीज जीत जाएगी। साउथ अफ्रीका के खिलाफ घर पर भारत की ये दूसरी टी20 सीरीज जीत होगी। इससे पहले भारत ने 2022-23 में एक टी20 सीरीज साउथ अफ्रीका के खिलाफ जीती हुई है। हालांकि, इससे पहले एक भी सीरीज घर पर टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ नहीं जीती थी। कप्तान सूर्यकुमार यादव के पास एक नया इतिहास लिखने का मौका है। वहीं, साउथ अफ्रीका की टीम अभी भी वापसी कर सकती है। ऐसे में लखनऊ में होने वाला मैच बहुत ज्यादा रोमांचक होने की उम्मीद है। हालांकि, हाई स्कोरिंग मुकाबला शायद न हो, क्योंकि वहां की पिचों पर स्पिनरों को फायदा मिलता है।

  • MP: भारी विरोध के बाद उज्जैन सिंहस्थ की लैंड पूलिंग योजना निरस्त, आदेश जारी

    MP: भारी विरोध के बाद उज्जैन सिंहस्थ की लैंड पूलिंग योजना निरस्त, आदेश जारी


    भोपाल।
    मध्य प्रदेश सरकार (Madhya Pradesh Government) ने मंगलवार को उज्जैन में सिंहस्थ (कुंभ मेले) (Ujjain Simhastha (Kumbh Mela) के लिए लाई गई लैंड पूलिंग योजना (Land pooling scheme) को पूरी तरह से निरस्त कर दिया। सरकार की ओर से इस संबंध में एक आदेश जारी किया गया है। मध्य प्रदेश सरकार ने यह फैसला भारतीय किसान संघ (बीकेएस) की लगातार मांग और 26 दिसंबर से फिर से आंदोलन की चेतावनी के बाद लिया।

    उज्जैन उत्तर से सत्तारूढ़ भाजपा विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा (MLA Anil Jain Kaluheda) ने भी मुख्यमंत्री मोहन यादव (Chief Minister Mohan Yadav) को पत्र लिखकर योजना को किसान हित में निरस्त करने की मांग की थी और किसानों के आंदोलन में शामिल होने की मजबूरी जताई थी।

    अगला सिंहस्थ मेला 2028 में आयोजित किया जाएगा। इसे देखते हुए मोहन यादव सरकार ने स्थायी निर्माण के लिए किसानों की जमीन हासिल करने की यह नीति शुरू की थी जबकि पहले किसानों से सिंहस्थ के लिए केवल 5 से 6 महीनों के लिए ही जमीन ली जाती थी, इसलिए किसान संगठन इसका कड़ा विरोध कर रहे थे।

    भारतीय किसान संघ (बीकेएस) ने इस योजना को लेकर विरोध किया था। बीकेएस के आह्वान पर 18 नवंबर को ‘डेरा डालो, घेरा डालो’ आंदोलन की घोषणा के बाद मध्य प्रदेश सरकार ने लैंड पूलिंग अधिनियम को निरस्त करने की घोषणा की‌ थी। हालांकि बाद में इसे केवल संशोधित करने का पत्र जारी किया गया था। इससे किसान नाराज हो गए थे।

    किसानों ने नए सिरे से अनिश्चितकालीन आंदोलन की घोषणा कर दी थी। मध्य प्रदेश के राज्यपाल के आदेशानुसार, नगरीय विकास एवं आवास विभाग के उपसचिव की ओर से हस्ताक्षरित आदेश में उज्जैन विकास प्राधिकरण द्वारा प्रस्तावित नगर विकास योजना क्रमांक 8, 9, 10, 11 को संशोधित करने वाले प्रस्ताव को लोकहित में अब पूर्ण रूप से निरस्त करने की बात कही गई है।

  • MP में अस्थायी पद होंगे स्थायी, मोहन कैबिनेट ने सेवा भर्ती नियमों में बदलाव को दी मंजूरी

    MP में अस्थायी पद होंगे स्थायी, मोहन कैबिनेट ने सेवा भर्ती नियमों में बदलाव को दी मंजूरी


    भोपाल।
    मध्य प्रदेश सरकार (Madhya Pradesh Government) ने विभिन्न परियोजनाओं के डूब प्रभावितों के लिए राहतों का ऐलान करते हुए राज्य की कर्मचारी व्यवस्था में बड़ा सुधार करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री मोहन यादव (Chief Minister Mohan Yadav) की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट की बैठक (Cabinet meeting) में राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में स्वीकृत स्थाई और अस्थाई पदों में भेदभाव को समाप्त करने से जुड़े प्रस्ताव को मंजूरी दी है। कैबिनेट ने अस्थाई पदों को स्थाई में बदलने के लिए सेवा भर्ती नियम में जरूरी प्रावधान करने पर भी मुहर लगाई है।

    कैबिनेट ने अपर नर्मदा परियोजना, राघवपुर बहुउद्देशीय परियोजना और बसानिया बहुउद्देशीय परियोजना के डूब प्रभावितों के लिए 1,782 करोड़ रुपये के विशेष पैकेज को मंजूरी दी। डूब प्रभावितों के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) में प्रावधान किए गए 1656 करोड़ रुपये के अतिरिक्त 1,782 करोड़ रुपये का विशेष पैकेज स्वीकृत किया गया। सिंचाई और जलविद्युत की परियोजनाएं अनूपपुर, मंडला और डिंडोरी जिलों में चल रही हैं।

    अपर नर्मदा परियोजना, राघवपुर बहुउद्देशीय परियोजना और बसानिया बहुउद्देशीय परियोजना 5,512 करोड़ रुपये की है। इससे 71 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में सिंचाई सुविधा मिलेगी और 125 मेगावाट बिजली पैदा होगी। इन तीनों परियोजनाओं से कुल 13,873 परिवार प्रभावित होंगे, जिन्हें विशेष पैकेज के तहत प्रति परिवार 12.50 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। एससी और एसटी के 50 हजार परिवारों को अतिरिक्त राशि दी जाएगी।

    कैबिनेट ने 2025-26 के लिए मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना में विभाग स्तर पर 10 लाख या उससे अधिक के कार्यों पर मुहर लगाई है। इसके तहत 693 करोड़ 76 लाख रुपये के लगभग 3810 काम होंगे। भोपाल और इंदौर मेट्रो रेल परियोजना के मेंटिनेंस के लिए भी 2025-26 के दौरान 90 करोड़ 67 लाख रुपये के बजट को मंजूरी दी गई है।

    कैबिनेट की बैठक में मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना को साल 2026-27 से वर्ष 2030-31 तक जारी रखने के लिए 905 करोड़ 25 लाख रुपये को मंजूरी दी गई। कैबिनेट ने राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में स्वीकृत स्थायी और अस्थायी पदों के विभेदीकरण को खत्म करने की मंजूरी दी। इस दिशा में स्वीकृत अस्थायी पदों को स्थायी पदों में बदलने के लिए सेवा भर्ती नियम में जरूरी प्रावधान करने को मंजूरी दी है। कैबिनेट ने वन विज्ञान केंद्र की स्थापना के लिए 48 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं।

  • ऑस्कर 2026 की दौड़ में भारत की मजबूत दस्तक, नीरज घेवन की ‘होमबाउंड’ ने रचा इतिहास

    ऑस्कर 2026 की दौड़ में भारत की मजबूत दस्तक, नीरज घेवन की ‘होमबाउंड’ ने रचा इतिहास


    नई दिल्ली/भारतीय सिनेमा के लिए यह पल गर्व और उत्साह से भरा हुआ है। मशहूर फिल्ममेकर नीरज घेवन की फिल्म होमबाउंड ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए ऑस्कर 2026 की बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी की शॉर्टलिस्ट में अपनी जगह पक्की कर ली है। 98वें अकादमी अवॉर्ड्स के लिए भेजी गई 86 देशों की आधिकारिक एंट्री में से चयनित होकर होमबाउंड अब उन 15 फिल्मों में शामिल हो गई है, जो फाइनल नॉमिनेशन की रेस में हैं। यह उपलब्धि न सिर्फ फिल्म की टीम के लिए, बल्कि पूरे भारतीय फिल्म उद्योग के लिए बेहद खास मानी जा रही है। बीते कुछ वर्षों में भारतीय फिल्मों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है और होमबाउंड इस परंपरा को और आगे बढ़ाती नजर आ रही है।

    अकादमी की आधिकारिक घोषणा

    अकादमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज AMPAS ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी की शॉर्टलिस्ट जारी की। अकादमी के अनुसार, इस साल 86 देशों और क्षेत्रों की फिल्मों को इस श्रेणी में पात्र माना गया था। शुरुआती वोटिंग प्रक्रिया के बाद 15 फिल्मों को अगले राउंड के लिए चुना गया है। अब अकादमी के सभी ब्रांच के सदस्य इन फिल्मों को देखेंगे और वोटिंग के जरिए अंतिम नॉमिनेशन तय किए जाएंगे।

    होमबाउंड की कहानी और अभिनय की ताकत

    होमबाउंड एक गहरी और भावनात्मक कहानी को पर्दे पर उतारती है। फिल्म दो बचपन के दोस्तों-शोएब और चंदन-के इर्द-गिर्द घूमती है, जिनका सपना पुलिस फोर्स में भर्ती होकर अपनी जिंदगी को एक नई दिशा देना है। हालात, सामाजिक दबाव और निजी संघर्ष उनकी दोस्ती और फैसलों की परीक्षा लेते हैं।फिल्म में ईशान खट्टर और विशाल जेठवा ने दमदार अभिनय किया है, जबकि जान्हवी कपूर का किरदार कहानी में भावनात्मक संतुलन और संवेदनशीलता जोड़ता है। नीरज घेवन की निर्देशन शैली कहानी को यथार्थ और मानवीय बनाती है, जो दर्शकों को गहराई से जोड़ती है।
    अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल्स में पहले ही मिली पहचान
    होमबाउंड का प्रीमियर कान्स फिल्म फेस्टिवल 2025 के प्रतिष्ठित Un Certain Regard सेक्शन में हुआ था। वहां फिल्म को आलोचकों और दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली। इसके बाद टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल TIFF में भी फिल्म को खास सराहना मिली और यह इंटरनेशनल ऑडियंस चॉइस अवॉर्ड में सेकेंड रनर-अप रही। इन उपलब्धियों ने फिल्म को ऑस्कर रेस में पहले से ही एक मजबूत दावेदार बना दिया था।

    प्रोडक्शन टीम की खुशी और जश्न

    फिल्म को धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले प्रोड्यूस किया गया है।करण जौहर आदर पूनावाला और अपूर्व मेहता इसके निर्माता हैं।वहीं मार्टिन स्कॉर्सेसी और प्रवीन खैरनार जैसे दिग्गज नाम एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर केतौर पर इससे जुड़े हैं।शॉर्टलिस्ट में जगह मिलने के बाद धर्मा प्रोडक्शंस ने सोशल मीडिया के जरिए इस सफलता पर खुशी जताई और दुनिया भर से मिले प्यार के लिए आभार व्यक्त किया।
    भारतीय सिनेमा के लिए नया मील का पत्थर
    ऑस्कर 2026 की शॉर्टलिस्ट में पहुंचना अपने आप में एक बड़ी जीत है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या होमबाउंड फाइनल नॉमिनेशन में जगह बना पाएगी। अगर ऐसा होता है, तो यह भारतीय सिनेमा के इतिहास में एक और सुनहरा अध्याय जोड़ देगी।

  • मैच के बाद बिगड़ी यशस्वी जायसवाल की तबीयत, तेज पेट दर्द के चलते अस्पताल में भर्ती..

    मैच के बाद बिगड़ी यशस्वी जायसवाल की तबीयत, तेज पेट दर्द के चलते अस्पताल में भर्ती..

    नई दिल्ली/भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों के लिए एक चिंताजनक खबर सामने आई है। टीम इंडिया के उभरते सितारे और विस्फोटक सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। यह घटना सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के सुपर लीग मुकाबले के तुरंत बाद की है, जब जायसवाल मैदान पर अपनी जिम्मेदारी निभाने के बाद अचानक तेज पेट दर्द से जूझने लगे।

    मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुणे में खेले गए मुंबई बनाम राजस्थान के अहम मुकाबले के दौरान ही यशस्वी जायसवाल को पेट में ऐंठन की शिकायत महसूस होने लगी थी। हालांकि, टीम के लिए उनकी अहमियत को देखते हुए उन्होंने दर्द के बावजूद मैदान नहीं छोड़ा और मैच में हिस्सा लिया। मुकाबला समाप्त होने के कुछ घंटों बाद उनकी तबीयत और बिगड़ गई, जिसके चलते उन्हें तुरंत पिंपरी-चिंचवड़ स्थित आदित्य बिड़ला अस्पताल ले जाया गया।

    अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद बताया कि यशस्वी जायसवाल एक्यूट गैस्ट्रोएंटेराइटिस से पीड़ित हैं। यह पेट से जुड़ी एक समस्या है, जिसमें तेज दर्द, ऐंठन और कमजोरी जैसी शिकायतें होती हैं। डॉक्टरों ने एहतियात के तौर पर उनका अल्ट्रासाउंड USGऔर सीटी स्कैन कराया। इसके साथ ही उन्हें ड्रिप के जरिए जरूरी दवाइयां दी गईं और पूरी तरह आराम करने की सलाह दी गई।राहत की बात यह है कि फिलहाल जायसवाल की हालत स्थिर बताई जा रही है और वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं। मेडिकल टीम का कहना है कि यदि उनकी तबीयत में सुधार जारी रहा, तो कुछ ही दिनों में उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है। हालांकि, पूरी तरह फिट होने के लिए उन्हें पर्याप्त आराम की जरूरत होगी।

    बीमारी के बावजूद जायसवाल का मैदान पर उतरना उनके जज्बे और प्रोफेशनलिज्म को दर्शाता है। राजस्थान के खिलाफ खेले गए इस मुकाबले में उन्होंने 217 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 16 गेंदों में 15 रन बनाए। यह मैच मुंबई की टीम ने तीन विकेट से अपने नाम किया। कप्तान अजिंक्य रहाणे की नाबाद 72 रनों की शानदार पारी और सरफराज खान की 22 गेंदों में 73 रनों की तूफानी बल्लेबाजी ने टीम को जीत दिलाई। हालांकि, इस जीत के बावजूद मुंबई की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई।यशस्वी जायसवाल की सेहत को लेकर फिलहाल BCCI की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। क्रिकेट फैंस और विशेषज्ञ अब बोर्ड के अपडेट का इंतजार कर रहे हैं। हालिया फॉर्म की बात करें तो जायसवाल शानदार लय में चल रहे हैं। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उन्होंने तीन मैचों में 145 रन बनाए हैं, जबकि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हालिया वनडे सीरीज में भी उनका प्रदर्शन काफी प्रभावशाली रहा था।

    अच्छी खबर यह है कि फिलहाल भारतीय टीम का कोई बड़ा अंतरराष्ट्रीय दौरा तुरंत नहीं है। यशस्वी जायसवाल इस समय T20I टीम का हिस्सा नहीं हैं, जिससे उन्हें पूरी तरह रिकवर होने का समय मिल सकता है। भारतीय टीम नए साल की शुरुआत 11 जनवरी से न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से करेगी। उम्मीद जताई जा रही है कि तब तक जायसवाल पूरी तरह फिट होकर एक बार फिर मैदान पर वापसी करेंगे और अपने बल्ले से फैंस को खुश करेंगे।

  • रंजीत ने अक्षय खन्ना के Fa9la डांस पर दिखाया अपना अंदाज  बोले- "लड़कियां मुझे नचाती रहती हैं

    रंजीत ने अक्षय खन्ना के Fa9la डांस पर दिखाया अपना अंदाज बोले- "लड़कियां मुझे नचाती रहती हैं


    नई दिल्ली ।बॉलीवुड के मशहूर विलेन एक्टर रंजीत ने हाल ही में अक्षय खन्ना के Fa9la डांस स्टेप को अपनाया और सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया। यह डांस अक्षय खन्ना के फिल्म धुरंधर के एंट्री सॉन्ग से वायरल हो गया है और अब इसी ट्रेंड को फॉलो करते हुए रंजीत ने अपने डांस वीडियो को शेयर किया। रंजीत ने यह वीडियो अपनी पोती दीया के जन्मदिन पर शूट किया जहां दीया ने उन्हें इस डांस को करने के लिए उत्साहित किया।

    रंजीत के इस वीडियो में वह Fa9la गाने पर अपने खास अंदाज में डांस करते हुए नजर आ रहे हैं। इस वीडियो को शेयर करते हुए रंजीत ने लिखा “लड़कियां तो मुझे नचाती ही रहती हैं। अब देखो मेरी 6 साल की पोती दीया ने क्रेजी बनाकर अपने जन्मदिन पर डांस कराया और मुझे पसंद आया। आप लोग भी बच्चों के साथ ऐसा ही करो- फिट रहोगे।”

    रंजीत का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और उनके फैंस इसे खूब पसंद कर रहे हैं। यूजर्स ने रंजीत के लुक और डांस की सराहना की और उन्हें असली स्टार बताया। कुछ यूजर्स ने तो मजाक में यह भी कहा कि रंजीत अपने दौर के ‘फिल्मी रहमान डकैत’ थे और अब उनके डांस स्टेप्स भी उतने ही पॉपुलर हो रहे हैं। रंजीत का यह वीडियो साबित करता है कि उम्र केवल एक संख्या है और खुद को एंटरटेन करने का तरीका कभी पुराना नहीं होता। इस वीडियो से एक बार फिर यह भी दिखा कि रंजीत अब भी बॉलीवुड इंडस्ट्री का एक अहम हिस्सा हैं।

  • Border 2 Teaser Out: आसमान, समंदर और सरहद पर गूंजा देशभक्ति का शोर, सनी देओल की दहाड़ ने बढ़ाया जोश

    Border 2 Teaser Out: आसमान, समंदर और सरहद पर गूंजा देशभक्ति का शोर, सनी देओल की दहाड़ ने बढ़ाया जोश



    नई दिल्ली
    / मुंबई  देशभक्ति सिनेमा के इतिहास में खास जगह बनाने वाली फिल्म बॉर्डर का सीक्वल अब दर्शकों के सामने आने के लिए पूरी तरह तैयार है। लंबे इंतजार और चर्चाओं के बाद आखिरकार बॉर्डर 2 का पहला टीजर रिलीज कर दिया गया है, जिसने रिलीज होते ही फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह पैदा कर दिया है। 29 साल बाद लौट रही इस आइकॉनिक फिल्म की पहली झलक में ही साफ हो गया है कि मेकर्स इस बार कहानी, स्केल और भावनाओ-तीनों स्तरों पर कुछ बड़ा लेकर आए हैं।

    मंगलवार दोपहर 1:30 बजे टी-सीरीज ने अपने ऑफिशियल एक्स  पूर्व ट्विटर हैंडल पर 2 मिनट 4 सेकेंड का यह दमदार टीजर शेयर किया। टीजर की शुरुआत सनी देओल की बुलंद और जोशीली आवाज से होती है, जो देखते ही देखते रगों में देशभक्ति का ज्वार भर देती है। उनका अंदाज, उनकी दहाड़ और आंखों में दिखता जज्बा यह साफ कर देता है कि एक बार फिर वह दुश्मन देश पाकिस्तान को करारा जवाब देने के लिए मैदान में उतर चुके हैं।टीजर से यह भी स्पष्ट हो जाता है कि बॉर्डर 2 की कहानी भारत और पाकिस्तान के बीच 1971 में हुए ऐतिहासिक युद्ध पर आधारित है। यह वही युद्ध है, जिसने इतिहास की धारा मोड़ दी थी और भारतीय सेना की वीरता को पूरी दुनिया के सामने स्थापित किया था।

    चार सितारे, एक मिशन

    बॉर्डर 2 को इस बार एक मल्टी-स्टारर ट्रीट के रूप में पेश किया गया है। टीजर में सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी की जोरदार एंट्री देखने को मिलती है। चारों कलाकार भारतीय सेना के अलग-अलग अंगों का प्रतिनिधित्व करते नजर आते है.कोई थलसेना की वर्दी में दुश्मन से लोहा लेता दिखता है, कोई आसमान में वायुसेना के पायलट के रूप में कहर बरपाता है,तो कोई समंदर में नौसेना की ताकत बनकर दुश्मन की नींव हिला देता है।

    टीजर का एक दमदार डायलॉ

    आसमान से समंदर तक और मैदान-ए-जंग तक, हर मोर्चे पर एक-एक फौजी खड़ा मिलेगा फिल्म के पैमाने और सोच को बखूबी बयान करता है।

    महिला किरदार भी दमदार

    जहां एक ओर युद्ध और देशभक्ति का जोश दिखाया गया है, वहीं दूसरी ओर फिल्म के महिला किरदारों को भी मजबूत तरीके से पेश किया गया है। मोना सिंह, सोनम बाजवा, मेधा राणा और आन्या सिंह टीजर में भावनात्मक गहराई जोड़ती नजर आती हैं। उनका रोल सिर्फ सपोर्टिंग नहीं, बल्कि कहानी की आत्मा को मजबूती देने वाला प्रतीत होता है।

    भव्यता, इमोशन और देशप्रेम

    टीजर में युद्ध के सीन, बैकग्राउंड म्यूजिक और सिनेमैटोग्राफी बेहद प्रभावशाली है। हर फ्रेम में देशप्रेम, बलिदान और बहादुरी की झलक दिखाई देती है। कुल मिलाकर यह कहा जा सकता है कि बॉर्डर 2 का टीजर उम्मीदों पर पूरी तरह खरा उतरता है और फिल्म के लिए फैंस की एक्साइटमेंट कई गुना बढ़ा देता है।

    कब रिलीज होगी बॉर्डर 2?

    टीजर रिलीज के साथ ही सबसे बड़ा सवाल यही है कि फिल्म सिनेमाघरों में कब आएगी। मेकर्स ने साफ कर दिया है कि बॉर्डर 2 23 जनवरी 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी। यह फिल्म सनी देओल के लिए भी खास है, क्योंकि हाल ही में आई उनकी फिल्म जाट की सफलता के बाद यह उनकी अगली बड़ी रिलीज होगी।