Blog

  • रोहित-कोहली के भविष्य पर हरभजन का खुला बयान, सोशल मीडिया पर बना चर्चा का विषय

    रोहित-कोहली के भविष्य पर हरभजन का खुला बयान, सोशल मीडिया पर बना चर्चा का विषय

    नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट के पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह ने हाल ही में रोहित शर्मा और विराट कोहली के भविष्य को लेकर चिंता जताई है। हरभजन का कहना है कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि ऐसे लोग दोनों दिग्गज खिलाड़ियों के भविष्य के बारे में निर्णय ले रहे हैं जिन्होंने अपने करियर में कुछ खास हासिल नहीं किया।

    हालांकि हरभजन ने उम्मीद जताई कि रोहित और कोहली 2027 में होने वाले वनडे विश्व कप तक खेलते रहेंगे। वर्तमान में रोहित 38 वर्ष के और विराट कोहली 37 वर्ष के हैं, और ये दोनों केवल वनडे प्रारूप में सक्रिय हैं। उनके वनडे विश्व कप तक खेलते रहने को लेकर अभी टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर और चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर ने कोई स्पष्ट टिप्पणी नहीं की है।

    हरभजन ने जताई अपनी चिंता

    हरभजन ने कहा  ये मेरी समझ से परे है। मैं इसका जवाब नहीं दे पाऊंगा। मैं खुद खिलाड़ी रहा हूं और जो मैं देख रहा हूं, वह मेरे साथ भी हुआ है। कई साथियों के साथ ऐसा हुआ, लेकिन ये दुर्भाग्यपूर्ण है। भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में 417 विकेट लेने वाले इस स्पिनर ने कोहली और रोहित के साथ किए जा रहे व्यवहार पर कहा, जब मैं विराट कोहली जैसे खिलाड़ी को देखता हूं, जो अभी भी शानदार प्रदर्शन कर रहा है, तो मुझे बहुत खुशी होती है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि उनके भविष्य के बारे में फैसला ऐसे लोग कर रहे हैं जिन्होंने अपने करियर में कुछ खास हासिल नहीं किया।

    रोहित-कोहली युवा पीढ़ी के लिए मिसाल हैं

    हरभजन ने उम्मीद जताई कि वनडे विश्व कप तक रोहित और कोहली शानदार फॉर्म में रहेंगे और युवा खिलाड़ियों के लिए मानक स्थापित करेंगे। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों के हालिया प्रदर्शन की भी तारीफ की।  विराट कोहली ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू मैदान पर लगातार दो शतक लगाए हैं जबकि रोहित शर्मा ने पिछली चार पारियों में दो अर्धशतक और एक शतक बनाया। हरभजन ने कहा, उन्होंने हमेशा रन बनाए हैं और भारत के लिए लगातार अच्छा योगदान दिया है। उन्होंने बल्लेबाज के रूप में शानदार प्रदर्शन किया है और टीम के कप्तान भी रहे हैं।

    हरभजन ने जोड़ते हुए कहा

    वे युवा पीढ़ी के लिए उदाहरण पेश कर रहे हैं और दिखा रहे हैं कि चैंपियन बनने के लिए क्या करना पड़ता है। इसलिए विराट कोहली और रोहित शर्मा को सही उदाहरण पेश करने के लिए बधाई।
  • पूनम के भीतर किसी और की आवाज आत्मा आने’ और अजीब हरकतों पर परिवार ने बताए डरावने किस्से

    पूनम के भीतर किसी और की आवाज आत्मा आने’ और अजीब हरकतों पर परिवार ने बताए डरावने किस्से


    हरियाणा । हरियाणा के पानीपत जिले के भावड़ गांव में एक खौ़फनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है जहां एक साधारण और शांत बहू पूनम ने चार मासूमों की हत्या की। इस दिल दहला देने वाले मामले ने न केवल उसकी परिवारिक छवि को ध्वस्त किया बल्कि यह सवाल भी खड़ा किया कि क्या वह मानसिक रूप से अस्वस्थ थी या फिर उसकी यह हिंसक प्रवृत्ति कुछ और ही थी।

    पूनम जो 2023 से पहले तक एक सामान्य महिला मानी जाती थी, के व्यवहार में अचानक बदलाव आया था। उसके परिवार के सदस्य बताते हैं कि कभी-कभी पूनम का चेहरा और आचरण बिल्कुल बदल जाता था, और वह गुस्से में कहती सबका नाश कर दूंगी जैसे उसके अंदर कोई और बोल रहा हो। उसकी इस अजीब हरकत को देखकर परिवार को लगता था कि शायद वह मानसिक असंतुलन का शिकार हो रही है। हालांकि उस समय किसी ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।

    पूनम की मानसिक स्थिति के बारे में उसके परिवार के लोग अब खुलकर बयान दे रहे हैं। पूनम ने अपनी जेठानी की छह साल की बेटी विधि को जानबूझकर गर्म चाय गिराकर घायल कर दिया था और जब इस बारे में पूछताछ की गई तो उसने कहा ये बड़ी होकर बहुत खूबसूरत हो जाती इसलिए इसका चेहरा जला दिया। इसके बाद वह अपनी हरकतों को छिपाने की बजाय एक सामान्य व्यक्तित्व दिखाती थी जिससे परिवार और आसपास के लोग उसे कभी भी शक की निगाह से नहीं देख पाए।

    पूनम की पढ़ाई भी काफी अच्छी थी, उसने एमए पॉलिटिकल साइंस और B.Ed किया था। लेकिन उसकी बाहरी छवि के विपरीत वह अंदर से हिंसक और अस्वस्थ मानसिकता की हो गई थी। 2023 में उसने अपनी ननद की 11 साल की बेटी इशिका को पानी में डुबोकर मार डाला, और उसके बाद अपने बेटे शुभम को भी उसी तरह डुबोकर हत्या कर दी। पूनम ने इसे हादसा बताकर सबको गुमराह किया लेकिन किसी को यह अंदाजा नहीं था कि एक मां अपने ही बच्चे की जान ले सकती है।

    इसके बाद 2025 में पूनम ने अपनी मायके गई भतीजी जिया और फिर जेठानी की बेटी विधि की हत्या की। जिया को पूनम ने पानी से भरे टब में दबाकर मार डाला और विधि की हत्या भी उसी तरीके से की। पुलिस ने जब घटना की जांच शुरू की, तो कई चीजें संदिग्ध लगीं। विशेष रूप से, यह तथ्य कि हर बार हत्या के समय पूनम ही आसपास थी और उसकी हरकतें बहुत अजीब थीं।

    पुलिस की पूछताछ में पूनम ने कबूल किया कि उसे सुंदर बच्चों से जलन होती थी, और वह उन्हें मारकर शांति महसूस करती थी। उसने यह भी कहा कि किसी और की आत्मा उसके शरीर में सवार हो जाती थी, जिससे वह यह घिनौनी हत्या करने पर मजबूर हो जाती थी। पूनम ने पुलिस को बताया कि उसने चार हत्याएं कीं इशिका ननद की बेटी शुभम अपना बेटा जिया मायके की भतीजी और विधि जेठानी की बेटी।

    पूनम के परिवार में लोग अब भी यह मानने के लिए तैयार नहीं हैं कि उनके बीच की शांत और समझदार बहू इतनी निर्दयी हो सकती थी। उसकी सास का कहना है कि उन्होंने हमेशा उसे बेटी की तरह प्यार किया था और अब वह खुद को दोषी महसूस कर रही हैं कि उन्होंने उसके मानसिक असंतुलन को समय रहते नहीं पहचाना। गांव के लोग भी बताते हैं कि पूनम के चेहरे पर अक्सर एक अजीब सा बदलाव आ जाता था जैसे किसी और की आत्मा उस पर सवार हो जाती थी।

    पुलिस ने पूनम की मानसिक स्थिति का मेडिकल परीक्षण कराने की योजना बनाई है लेकिन उसकी बाद हत्या के बाद का शांत और सामान्य व्यवहार एक खतरनाक मानसिक बीमारी या सायकोसिस जैसी स्थिति का संकेत देता है। इस मामले में अभी भी कई सवाल उठते हैं और जांच जारी है ताकि यह पता चल सके कि पूनम के अपराध के पीछे का असली कारण क्या था।

  • सरकार 8वें वेतन आयोग पर लेकर आ सकती है बड़ा फैसला, 2026-27 से लागू होने की चर्चा तेज

    सरकार 8वें वेतन आयोग पर लेकर आ सकती है बड़ा फैसला, 2026-27 से लागू होने की चर्चा तेज


    नई दिल्ली
    । केंद्र सरकार के लाखों कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए खुशखबरी से भरी बड़ी अपडेट सामने आई है। लंबे इंतज़ार के बाद 8वें वेतन आयोग की प्रक्रिया तेज़ी से आगे बढ़ रही है। नवंबर 2025 में आयोग का गठन औपचारिक रूप से पूरा हो चुका है और इसके टर्म्स ऑफ रेफरेंस को केंद्र की मंजूरी मिल चुकी है। इसी के साथ कर्मचारी वर्ग के बीच यह उम्मीद और भी मजबूत हो गई है कि उनकी सैलरी और पेंशन में बड़ी बढ़ोतरी अब ज्यादा दूर नहीं।

    सरकारी सूत्रों के अनुसार, इस बार आयोग की सिफारिशें 2026 के अंत से 2027 की शुरुआत के बीच लागू की जा सकती हैं। ऐसे समय में जब महंगाई लगातार लोगों की जेब पर भार डाल रही है, यह वृद्धि कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए राहत की बड़ी सौगात साबित हो सकती है।

    आयोग को रिपोर्ट तैयार करने में 18–24 महीने लगने का अनुमान

    8वें वेतन आयोग को अपनी विस्तृत रिपोर्ट सौंपने के लिए शुरुआत में 18 महीने दिए गए हैं। हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि काम की व्यापकता और विभिन्न मंत्रालयों से डेटा इकट्ठा करने में आयोग को 18 से बढ़कर 24 महीने तक भी लग सकते हैं   फिलहाल, वेतन ढांचे, भत्तों और पेंशन से जुड़े अधिकतर आंकड़े इकट्ठा किए जा चुके हैं। आयोग विभिन्न कर्मचारी संगठनों, केंद्रीय मंत्रालयों और राज्यों से फीडबैक भी ले रहा है, जिससे संकेत मिलता है कि रिपोर्ट का निर्माण तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।

    कब बढ़ेगी सैलरी और पेंशन?

    वित्तीय मामलों के विशेषज्ञ स्वप्निल अग्रवाल के मुताबिक, किसी भी वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू करने में सरकार को रिपोर्ट मिलने के बाद 12 से 24 महीने लग जाते हैं। 7वें वेतन आयोग को लागू होने में लगभग 29 महीने लगे थे। इसी पैटर्न के आधार पर माना जा रहा है कि 8वें वेतन आयोग की सिफारिशें 2026 के अंत या 2027 की पहली तिमाही में लागू हो सकती हैं। इसके लागू होने पर: बेसिक पे, महंगाई भत्ता DA, मकान किराया भत्ता HRA ट्रांसपोर्ट एवं अन्य भत्ते पेंशन  इन सभी में एक साथ बड़ी बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

    UP चुनाव से पहले बड़ा ऐलान संभव?

    राजनीतिक हलकों में भी वेतन आयोग की चर्चा तेज़ है। 2027 के फरवरी में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव होने हैं। विश्लेषकों का कहना है कि बड़ा कर्मचारी वर्ग होने के कारण UP में वेतन आयोग का प्रभाव काफी अहम होगा।इसलिए संभावना जताई जा रही है कि सरकार चुनाव से पहले वेतन आयोग लागू कर कर्मचारी समुदाय को बड़ी राहत दे सकती है। कुछ वरिष्ठ अधिकारियों का मानना है कि अगर पूरी रिपोर्ट लागू करना संभव नहीं हुआ, तो सरकार अंतरिम राहत के तौर पर बेसिक पे में आंशिक बढ़ोतरी भी कर सकती है।

    क्या आयोग को स्थगित करने की संभावना है?

    विशेषज्ञों का मानना है कि अब 8वें वेतन आयोग को टालना लगभग असंभव है। आयोग का गठन हो चुका है। ToR मंजूर हो चुके हैं । सरकार पहले ही 1 जनवरी 2026 से इसे लागू करने का लक्ष्य तय कर चुकी है। साथ ही दिसंबर 2027 में राजस्थान चुनाव और 2029 के लोकसभा चुनाव भी सरकार के कैलेंडर को प्रभावित करते हैं। ऐसे में आयोग को समय से लागू करना ही सरकार के लिए अधिक व्यावहारिक माना जा रहा है।

    लागू होने पर किन चीजों में होगा बदलाव?

    8वें वेतन आयोग के लागू होते ही सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स की आय में कई बड़े परिवर्तन होने वाले हैं: बेसिक सैलरी में उल्लेखनीय वृद्धि, DA की नई दरें HRA का पुनर्गठन ट्रांसपोर्ट व अन्य अलाउंस सुधार  पेंशन में बड़ा उछाल  कुछ पुराने भत्ते हटाने और नए जोड़ने की संभावना

    इससे कुल मासिक आय में अच्छा खासा सुधार आएगा।

    कुल मिलाकर, 8वें वेतन आयोग का काम अंतिम चरण में प्रवेश कर चुका है। अगर सब कुछ योजना के अनुसार आगे बढ़ा, तो 2026–27 तक करोड़ों कर्मचारियों और पेंशनर्स की आय में भारी बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। इससे न केवल उनकी वित्तीय स्थिति मजबूत होगी, बल्कि घरेलू उपभोग बढ़ने से अर्थव्यवस्था में भी नई गति आने की उम्मीद है।

  • जो रूट का कमाल: ऑस्ट्रेलिया में पहली बार लगाया शतक, 160वें टेस्ट में रचा इतिहास

    जो रूट का कमाल: ऑस्ट्रेलिया में पहली बार लगाया शतक, 160वें टेस्ट में रचा इतिहास


    नई दिल्‍ली । इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज जो रूट ने गुरुवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टेस्ट में शतक लगाया। जो रूट का ऑस्ट्रेलिया की सरजमीं पर पहला टेस्ट शतक है। जो रूट ने ब्रिसबेन में खेले जा रहे पिंक बॉल टेस्ट में 181 गेंदों का सामना करते हुए 100 रन पूरे किए। रूट अपनी पारी में 11 चौके लगा चुके हैं। जो रूट ने 160वें टेस्ट के दौरान ऑस्ट्रेलिया में शतक लगाने का कारनामा किया। रूट का टेस्ट में ये 40वां शतक है।

    ब्रिसबेन में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजों का दबदबा देखने को मिला है। इंग्लैंड ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए हैं। हालांकि जो रूट एक छोर पर डटे हुए हैं। जो रूट ने ऑस्ट्रेलिया में 30वीं पारी में अपना पहला शतक पूरा किया। ऑस्ट्रेलिया में सबसे ज्यादा पारी खेलने के बाद शतक लगाने का रिकॉर्ड इयान हीली के नाम है। उन्होंने 41 पारी ली थी। बॉब सिम्पसन ने 36, गोर्डन और स्टीव वॉ ने 32 पारियों में ये कमाल किया था।

  • इंदौर सरकारी डॉक्टरों द्वारा मरीजों को निजी अस्पताल भेजने की मामले में कार्रवाई, एक निलंबित, एक का वेतन काटा

    इंदौर सरकारी डॉक्टरों द्वारा मरीजों को निजी अस्पताल भेजने की मामले में कार्रवाई, एक निलंबित, एक का वेतन काटा

    इंदौर । इंदौर के एमवायएच अस्पताल में एक बार फिर शासकीय डॉक्टरों की लापरवाही और निजी अस्पतालों को मरीज भेजने का मामला सामने आया है। इस घटना ने स्वास्थ्य व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार और लापरवाही को उजागर किया है जहां सरकारी अस्पतालों से लाखों रुपये की सैलरी लेने वाले डॉक्टर अपनी जिम्मेदारी निभाने के बजाय निजी अस्पतालों से रिश्वत लेने में व्यस्त रहते हैं।

    हाल ही में एक मरीज, जो रतलाम से न्यूरोसर्जरी विभाग में इलाज के लिए एमवायएच अस्पताल आया था, का इलाज करने के बजाय उसे निजी अस्पताल भेजने का मामला सामने आया। रात के समय ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने मरीज को इलाज के लिए भेजने के बजाय उसे जमीन पर लिटा दिया और कहा कि उसका आयुष्मान कार्ड है, इसलिए उसे इंडेक्स अस्पताल में भेजा जाए। यह सारी प्रक्रिया मरीज द्वारा लिखित शिकायत करने के बाद उजागर हुई, जिसमें यह बात सामने आई कि एमसीएच के एक विद्यार्थी ने मरीज को निजी अस्पताल भेजने का निर्णय लिया था, और इसके बदले उसे निजी अस्पताल से रकम मिलती थी। इस मामले की जांच के बाद डॉक्टर का 15 दिन का वेतन काटा गया है।

    इतना ही नहीं एमवाय अस्पताल में डॉक्टरों की लापरवाही की यह घटना अकेली नहीं है। अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों की अनुपस्थिति के कारण मरीजों को इमरजेंसी इलाज देने में भी परेशानी होती है। हाल ही में सिमरोल सड़क हादसे के बाद घायलों को इलाज के लिए एमवाय अस्पताल भेजा गया था, लेकिन इमरजेंसी मेडिसिन विभाग में कोई ड्यूटी डॉक्टर मौजूद नहीं था। कलेक्टर के अस्पताल पहुंचने पर यह लापरवाही सामने आई। दो घंटे बाद जब महिला सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर आईं, तो उन्होंने बताया कि वह घर पर आराम कर रही थीं। इस लापरवाही के लिए डीन ने महिला डॉक्टर को बर्खास्त कर दिया।

    अस्पताल में भर्ती मरीजों की कमी के पीछे भी इन डॉक्टरों की लापरवाही और निजी अस्पतालों के साथ सांठगांठ मुख्य कारण मानी जा रही है। एमवायएच अस्पताल के हड्डी रोग विभाग, पेट रोग विभाग, मेडिसिन विभाग और न्यूरोसर्जरी विभाग के डॉक्टर भी मरीजों को निजी अस्पताल भेजने के इस गिरोह में शामिल हैं। इन गिरोहों के संरक्षण में ही ड्यूटी डॉक्टर और जूनियर डॉक्टर यह कृत्य कर रहे हैं। इसके अलावा एंबुलेंस संचालक स्टाफ और आउटसोर्स कंपनियों के कर्मचारी भी इन गतिविधियों में शामिल हैं। इस कारण से सरकारी अस्पतालों में भर्ती मरीजों की संख्या घटती जा रही है, और निजी अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ रही है।

    एमजीएम मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. अरविंद घनघोरिया ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए कहा कि मरीजों के इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस घटना में एक डॉक्टर का 15 दिन का वेतन काटा गया है, और ड्यूटी पर अनुपस्थित रहने वाली सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर को बर्खास्त किया गया है।

    यह घटना इंदौर के सरकारी अस्पतालों में व्याप्त भ्रष्टाचार और लापरवाही की गंभीर समस्या को उजागर करती है। मरीजों की जान से खेलने वाले इन डॉक्टरों और उनके गिरोह के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की आवश्यकता है ताकि जनता को उचित इलाज मिल सके और सरकारी अस्पतालों में विश्वास पुनः बहाल हो।

  • छोटा शेयर, बड़ा धमाका: साल में 454% उछलाा, बड़े ऐलान के बाद फिर लगा अपर सर्किट

    छोटा शेयर, बड़ा धमाका: साल में 454% उछलाा, बड़े ऐलान के बाद फिर लगा अपर सर्किट


    नई दिल्‍ली । स्मॉल कैप स्पाइस लाउंज फूड वर्क्स के शेयर की कीमत गुरुवार, 4 दिसंबर को 5% अपर सर्किट तक पहुंच गई। कंपनी ने WingZone के एक्सक्लूसिव मास्टर फ्रेंचाइजी अधिकार हासिल करने की घोषणा की है। गुरुवार को यह शेयर 52.70 रुपये प्रति शेयर के भाव पर खुला, जबकि बुधवार को इसका पिछला बंद भाव 50.47 रुपये था। स्पाइस लाउंज फूड वर्क्स के शेयर ने मल्टीबैगर रिटर्न दिया है। सिर्फ छह महीने में 137.62% का उछाल, इस साल अब तक 454.29% की बढ़त और पिछले एक साल में 896% की वृद्धि।

    आज की तेजी का कारण
    4 दिसंबर की एक घोषणा में स्पाइस लाउंज फूड वर्क्स ने बताया कि उसने WingZone के एक्सक्लूसिव मास्टर फ्रेंचाइजी अधिकार हासिल कर लिए हैं। WingZone एक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त क्विक सर्विस रेस्टोरेंट ब्रांड है, जो अपने चिकन-बेस्ड प्रोडक्ट्स और स्वादिष्ट मेनू इनोवेशन के लिए प्रसिद्ध है।

    भारत में योजना
    कंपनी की योजना भारत के उपभोक्ताओं तक WingZone को पहुंचाने की है, इसके लिए हाई-स्ट्रीट आउटलेट और क्लाउड-किचन फॉर्मेट के मिश्रण का रणनीतिक इस्तेमाल किया जाएगा। इससे ब्रांड की पहुँच आसान होगी और विकास को बढ़ावा मिलेगा।

    स्पाइस लाउंज फूड वर्क्स लिमिटेड के चेयरपर्सन और डायरेक्टर मोहन बाबू करजेला ने कहा कि वे भारत में WingZone लाने को लेकर उत्साहित हैं और यह साझेदारी कंपनी की लंबे समय की ग्रोथ रणनीति के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।

    भारतीय QSR बाजार में उपभोक्ताओं की बदलती पसंद, बढ़ते शहरीकरण और वैश्विक खाद्य प्रारूपों की बढ़ती स्वीकार्यता के कारण मजबूत गति देखी जा रही है। WingZone के अंतरराष्ट्रीय स्वाद और कंपनी के परिचालन कौशल के कारण यह अवसर अच्छा है।

    लॉन्च और भविष्य की रूपरेखा
    घोषणा के अनुसार, कंपनी जनवरी 2026 में कोरमंगला, बैंगलोर में भारत का पहला WingZone आउटलेट लॉन्च करेगी।

    लॉन्च के बाद, स्पाइस लाउंज फूड वर्क्स का इरादा WingZone की मौजूदगी बैंगलोर, हैदराबाद और चेन्नई में अतिरिक्त आउटलेट्स के साथ बढ़ाने का है। इसके बाद अन्य प्रमुख शहरों में भी रोलआउट की योजना है।

    करजेला ने कहा कि बैंगलोर के कोरमंगला में लॉन्च केवल एक शुरुआत है। प्रमुख महानगरों में विस्तार के लिए एक स्पष्ट रोडमैप है, जिसमें हाई-स्ट्रीट स्टोर और क्लाउड किचन का संयोजन होगा। इससे सुलभता और विस्तार दोनों सुनिश्चित होंगे। यह अधिग्रहण एक विविधतापूर्ण मल्टी-ब्रांड पोर्टफोलियो बनाने के सपने को मजबूत करता है और भारत के तेजी से बढ़ते फूड सर्विस सेक्टर में एक अग्रणी खिलाड़ी बनने के संकल्प को पुष्ट करता है।

  • 'विनर' के नाम से पर्दा उठा? गौरव खन्ना नहीं, इस शख्स को जिताने के लिए फैंस कर रहे हैं ट्रेंड, देखें कौन है वह!

    'विनर' के नाम से पर्दा उठा? गौरव खन्ना नहीं, इस शख्स को जिताने के लिए फैंस कर रहे हैं ट्रेंड, देखें कौन है वह!


    नई दिल्ली। बिग बॉस 19 अपने अंतिम चरण में प्रवेश कर चुका है और ग्रैंड फिनाले वीक ने सोशल मीडिया पर उत्सुकता को और बढ़ा दिया है। दर्शकों के बीच इस बात को लेकर लगातार चर्चाएँ जारी हैं कि इस बार शो की ट्रॉफी किसके नाम होगी। टॉप 5 कंटेस्टेंट्स गौरव खन्ना, फरहाना भट्ट, प्रणित मोरे अमाल मलिक और तान्या मित्तल-में मुकाबला बेहद कड़ा माना जा रहा है।

    वोटिंग ट्रेंड्स में अब तक मुख्य रूप से गौरव खन्ना, फरहाना भट्ट और प्रणित मोरे के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली है। हालांकि दर्शकों में अभी भी स्पष्टता नहीं है कि आखिर कौन फाइनल में बाजी मार सकता है। ट्विटर X पर कई फैन पेजेज और ट्रेंडिंग हैंडल्स अपने-अपने प्रिडिक्शन साझा कर रहे हैं।

    सोशल मीडिया पर क्या है चर्चा?

    Bigg Boss Scope नामक पेज के अनुसार, फरहाना भट्ट इस सीजन की संभावित विजेता बताई जा रही हैं, जबकि गौरव खन्ना को रनर-अप की स्थिति में दर्शाया गया है। इसी प्रिडिक्शन में तान्या मित्तल को तीसरा, अमाल मलिक को चौथा और प्रणित मोरे को पांचवां स्थान दिया गया है।

    कुछ अन्य ट्विटर हैंडल्स ने भी फरहाना को विजेता बताया है, हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट किया कि यह सिर्फ अनुमान हैं और मेकर्स की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। एक अन्य वायरल प्रिडिक्शन में भी फरहाना को विनर और गौरव को रनर-अप बताया गया है, जबकि तान्या और अमाल को क्रमशः तीसरा और पांचवां स्थान दिया गया है। इसी बीच  लाइव हिंदुस्तान के पोल में गौरव खन्ना फिलहाल सबसे आगे दिखाई दे रहे हैं, जिससे उनकी जीत की संभावनाएँ और प्रबल मानी जा रही हैं।

    अफवाहों का बाज़ार भी गर्म

    फिनाले के करीब आते ही अफवाहों का दौर भी तेज हो गया है। कुछ गॉसिप पेजेज यह दावा कर रहे हैं कि प्रणित मोरे को राजनीतिक दबाव के चलते विजेता बनाया जा सकता है, ठीक वैसे ही जैसे पिछले सीजन में एमसी स्टैन की जीत ने सभी को चौंका दिया था।
     दूसरी ओर, कुछ पेजेज ने यह भी लिखा है कि फरहाना भट्ट फिक्स्ड विनर हैं क्योंकि उनका संबंध प्रोडक्शन टीम से जुड़े किसी व्यक्ति से बताया जा रहा है। हालांकि इन दावों के समर्थन में कोई ठोस तथ्य सामने नहीं आया है।

    फिनाले से पहले बढ़ा रोमांच

    टॉप 5 में जगह बनाने वाले सभी कंटेस्टेंट्स की अपनी मजबूत फैन फॉलोइंग है। यही वजह है कि फिनाले से पहले सोशल मीडिया पर जबरदस्त बहस छिड़ी हुई है और प्रिडिक्शन लगातार बदल रहे हैं। कौन बनेगा बिग बॉस 19 का विजेता-यह बात फिलहाल पूरी तरह दर्शकों के अंतिम वोट पर निर्भर करेगी। असली नतीजा फिनाले नाइट पर ही सामने आएगा।

  • इस शुक्रवार OTT धमाका! एक साथ रिलीज हो रही 7 जबरदस्त फिल्में-सीरीज

    इस शुक्रवार OTT धमाका! एक साथ रिलीज हो रही 7 जबरदस्त फिल्में-सीरीज


    नई दिल्‍ली । इस शुक्रवार, 5 दिसंबर, 2025 को ओटीटी के तमाम स्ट्रीमिंग प्लेटफ़ॉर्म पर कई नई फिल्में और सीरीज रिलीज होने जा रही हैं. इनमें रोमांटिक से लेकर डार्क साइकोलॉजिकल थ्रिलर और हॉरर फिल्में और सीरीज शामिल हैं. इन्हें आप इस ठंड के मौसम में घर बैठे आराम से चाय की चुस्कियां लेते हुए वीकेंड पर एंजॉय कर सकते हैं. तो देर किस बात की है चलिए जान लेते हैं फ्राइडे को ओटीटी के किस प्लेटफॉर्म पर कौन सी फिल्म या सीरीज रिलीज हो रही है.

    जे केली – नेटफ्लिक्स
    जॉर्ज क्लूनी और एडम सैंडलर स्टारर ये कॉमेडी फिल्म एक उम्रदराज़ फिल्म स्टार की कहानी है जो अपने डेडेकेटेड मैनेजर के साथ यूरोप के एक सफर पर निकल पड़ता है. फिल्म में फ्लैशबैक का इस्तेमाल किया गया है जहां दोनों अपनी लाइफ के फैसलों और रिश्तों के बारे में सोचते हैं. इसे नेटफ्लिक्स पर इस शुक्रवार से देख सकते हैं.

    द गर्लफ्रेंड – नेटफ्लिक्स
    रश्मिका मंदाना और धीक्षित शेट्टी की क्रिटक्स द्वारा खूब सराही गई फिल्म ‘द गर्लफ्रेंड’ को सिनेमाघरों में दर्शकों का ज़बरदस्त रिस्पॉन्स मिला था. नेटफ्लिक्स ने इसके डिजिटल राइट्स हासिल कर लिए हैं, जिससे दर्शकों को घर बैठे फिल्म को एंजॉय करने का मौका मिलेगा. यह फिल्म 5 दिसंबर, 2025 से इस प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीमिंग शुरू करेगी.

    द ग्रेट प्री-वेडिंग शो – ज़ी5
    थिरुवीर स्टारर ‘द ग्रेट प्री-वेडिंग’ शो ने अपनी दिल को छू लेने वाली ग्रामीण कहानी के लिए खूब तारीफ बटोरी. सिनेमाघरों में पॉजिटिव रिस्पॉन्स के बाद, ज़ी5 ने इसके डिजिटल राइट्स् हासिल कर लिए हैं. यह फिल्म 5 दिसंबर, 2025 से जी5 पर स्ट्रीमिंग के लिए अवेलेबल होगी.

    डाइस इरा – जियो हॉटस्टार
    राहुल सदाशिवन द्वारा निर्देशित और प्रणव मोहनलाल अभिनीत, डाइस इरा एक इंटेंस, तनाव से भरी, भयावह कहानी पेश करती है. जियो हॉटस्टार ने इसके ओटीटी राइट्स हासिल कर लिए हैं, जिससे यह फिल्म कई भाषाओं में दर्शकों के लिए अवेलेबल होगी. प्लेटफॉर्म पर इसकी स्ट्रीमिंग 5 दिसंबर, 2025 से शुरू होगी.

    स्टीफ़न – नेटफ्लिक्स
    स्टीफ़न, एक एंटरटेनिंग तमिल थ्रिलर है. इसमें गोमती शंकर, माइकल थंगादुरई, स्मृति वेंकट ने अहम रोल प्ले किया है. ये अब ओटीटी पर रिलीज़ के लिए तैयार है. नेटफ्लिक्स ने इसके स्ट्रीमिंग अधिकार हासिल कर लिए हैं, जिससे यह फ़िल्म सीधे दर्शकों के सामने आएगी. इसकी स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर 5 दिसंबर, 2025 से शुरू होगी.

    कुत्तरम प्यूरिनधवन- सोनी लिव
    कुत्तरम प्यूरिनधवन एक तमिल क्राइम थ्रिलर है. इसमें पशुपति ने भास्कर का रोल प्ले किया है जो एक पुलिसवाला है. इस थ्रिलर में भास्कर एक मुश्किल केस की जांच में फंसा हुआ है. इसकी स्ट्रीमिंग 5 दिसंबर, 2025 से सोनी लिव पर होगी.

    धूलपेट पुलिस स्टेशन – अहा
    धूलपेट पुलिस स्टेशन एक एक्शन से भरपूर तमिल एंटरटेनर फ़िल्म है जो अब अपनी डिजिटल रिलीज़ के लिए तैयार है. इस सीरीज़ में अश्विन कुमार असिस्टेंट पुलिस कमिश्नर के लीड रोल में हैं. उनका साथ पदिनी कुमार, प्रीति शर्मा, श्रीथु कृष्णन और गुरु लक्ष्मणन ने दिया है. इसे जेश्विनी जय द्वारा निर्देशित किया गया है. बता दें कि अहा ने इसके स्ट्रीमिंग अधिकार हासिल कर लिए हैं, जिससे ये सब्सक्राइबर्स के लिए इस प्लेटफॉर्म पर 5 दिसंबर, 2025 से अवेलेबल हो जाएगी.

  • भिंड में पासपोर्ट सेवा कार्यालय की सफलता: ग्वालियर और मुरैना के नागरिकों का बढ़ता रुझान

    भिंड में पासपोर्ट सेवा कार्यालय की सफलता: ग्वालियर और मुरैना के नागरिकों का बढ़ता रुझान

    भिंड । मध्य प्रदेश भिंड शहर के हनुमान बजरिया स्थित बड़े डाकघर परिसर में 19 अप्रैल 2025 को पासपोर्ट सेवा कार्यालय की शुरुआत हुई थी और पिछले सात महीनों में इस कार्यालय ने अपनी पहचान मजबूत की है। हालांकि भिंड जिले के लोग पासपोर्ट बनवाने के लिए अपेक्षाकृत कम पहुंच रहे हैं वहीं ग्वालियर और मुरैना जिलों से लोग अधिक संख्या में आवेदन कर रहे हैं।

    भिंड में पासपोर्ट आवेदन की स्थिति

    पासपोर्ट सेवा कार्यालय के आंकड़ों के अनुसार, अब तक लगभग 15,000 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं जिनमें से 10,000 पासपोर्ट जारी किए जा चुके हैं। इसका मतलब है कि रोजाना औसतन 30 से 40 लोग इस कार्यालय में पासपोर्ट के लिए आवेदन करने पहुंचते हैं। यह आंकड़ा यह दर्शाता है कि इस सेवा का रुझान धीरे-धीरे बढ़ रहा है।

    ग्वालियर और मुरैना से अधिक आवेदन

    पासपोर्ट कार्यालय के इंचार्ज अभिषेक छत्रसाल के अनुसार, ग्वालियर में पहले से ही एक पासपोर्ट सेवा केंद्र था, लेकिन भिंड के कार्यालय के शुरू होने के बाद वहां दस्तावेज़ी जांच और अन्य प्रक्रियाओं को सरल और तेज किया गया है। इसके कारण, ग्वालियर और मुरैना के लोग अब भिंड कार्यालय को प्राथमिकता दे रहे हैं। खासकर ग्वालियर के लोग, जो लंबी वेटिंग टाइम से बचने के लिए यहां आवेदन कर रहे हैं। मुरैना के लोग भी भिंड से कम दूरी पर होने के कारण यहां आते हैं, जिससे इस कार्यालय में आवेदन की संख्या में इज़ाफा हुआ है।

    भिंड जिले में आवेदन की कमी का कारण

    शुरुआत में यह उम्मीद की जा रही थी कि भिंड के लोग भारी संख्या में पासपोर्ट के लिए आवेदन करेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इसका प्रमुख कारण ग्रामीण इलाकों में पासपोर्ट बनाने की प्रक्रिया को लेकर जागरूकता की कमी बताई जा रही है। हालांकि, पिछले कुछ महीनों में भिंड जिले में भी लोग पासपोर्ट के लिए जागरूक होने लगे हैं, खासकर विदेशों में रोजगार और स्कॉलरशिप के अवसरों की जानकारी मिलने के बाद। अब ज्यादा से ज्यादा लोग पासपोर्ट बनवाने के लिए आवेदन कर रहे हैं।

    आवेदन प्रक्रिया में सुधार और गति

    पिछले कुछ महीनों में पासपोर्ट सेवा कार्यालय में सुधार किए गए हैं, जिनके परिणामस्वरूप आवेदन प्रक्रिया और तेज हो गई है। इंचार्ज छत्रसाल के अनुसार, स्टाफ की संख्या और काउंटर बढ़ाए गए हैं, जिससे अब आवेदकों को वेरिफिकेशन के लिए ज्यादा समय नहीं लग रहा है। पुलिस वेरिफिकेशन की प्रक्रिया को भी डिजिटल किया गया है, जिससे आवेदन की स्वीकृति और पासपोर्ट की डिलीवरी तेज हो गई है।

    मुख्य कारण विदेश जाने के लिए आवेदन

    ग्वालियर और मुरैना जिलों से आने वाले अधिकांश आवेदन विदेश रोजगार, स्टडी वीजा और परिवार पुनर्मिलन एफआर श्रेणी के हैं। इन जिलों के लोग विदेश में काम करने पढ़ाई करने या परिवार के साथ पुनर्मिलन के लिए पासपोर्ट बनवाने की इच्छाएं रखते हैं। वहीं भिंड जिले से आने वाले लोग टूरिस्ट वीजा स्टूडेंट वीजा और जॉब वीजा श्रेणी में अधिक आवेदन कर रहे हैं।

    भिंड में पासपोर्ट सेवा कार्यालय ने न केवल अपनी पहचान बनाई है, बल्कि यह ग्वालियर और मुरैना के लोगों के लिए एक सुविधाजनक विकल्प बन चुका है। पासपोर्ट बनाने की प्रक्रिया में सुधार जागरूकता बढ़ने और दस्तावेज़ी जांच के सरल होने के कारण आवेदन की संख्या में इज़ाफा हुआ है। हालांकि, भिंड जिले के लोग अभी भी अपेक्षाकृत कम आवेदन कर रहे हैं लेकिन आने वाले समय में इस ट्रेंड में बदलाव देखने को मिल सकता है।

  • 2025 की ब्लॉकबस्टर लिस्ट: कांतारा से छावा तक ये रहीं टॉप 5 कमाई करने वाली फिल्में

    2025 की ब्लॉकबस्टर लिस्ट: कांतारा से छावा तक ये रहीं टॉप 5 कमाई करने वाली फिल्में


    नई दिल्‍ली ।
    साल 2025 इंडियन सिनेमा के लिए बहुत खास रहा है. इस साल कई ब्लॉकबस्टर फिल्में आईं. ये फिल्में आते ही बॉक्स ऑफिस पर छा गई थीं. कुछ फिल्में फ्लॉप साबित हुईं तो कुछ ने जबरदस्त कमाई की. आज हम आपको साल 2025 की टॉप 5 फिल्मों के बारे में बताने जा रहे हैं जिन्होंने जबरदस्त कमाई करके टॉप 5 में अपनी जगह बनाई है. साथ ही बताते हैं कि इन फिल्मों में कौन नजर आया था और इसे किसने डायरेक्ट किया था.

    कांतारा चैप्टर 1
    इस लिस्ट में पहला नाम ऋषभ शेट्टी की फिल्म कांतारा चैप्टर 1 का है. इस फिल्म ने साल 2025 में सबसे ज्यादा कमाई की है. इस फिल्म में ऋषभ शेट्टी के साथ गुलशन दैवेया अहम किरदार निभाते नजर आए हैं. इस फिल्म को खुद ऋषभ शेट्टी ने डायरेक्ट किया था. बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की बात करें तो बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक इसने वर्ल्डवाइड 834 करोड़ का कलेक्शन किया था.

    छावा
    इस लिस्ट में दूसरा नाम विक्की कौशल की छावा का है. ये फिल्म इसी साल की शुरुआत में रिलीज हुई थी. कांतारा से पहले छावा इस साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म थी. इस फिल्म में विक्की कौशल के साथ रश्मिका मंदाना, अक्षय खन्ना समेत कई कलाकार अहम किरदार निभाते नजर आए थे. फिल्म को लक्ष्मण उतेकर ने डायरेक्ट किया है. बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक छावा ने वर्ल्डवाइड 797 करोड़ की कमाई की थी.

    सैयारा
    अहान पांडे और अनीत पड्डा की डेब्यू फिल्म इतनी कमाई कर लेगी ये किसी ने नहीं सोचा था. मोहित सुरी के डायरेक्शन में बनीं सैयारा बॉक्स ऑफिस पर छा गई थी. सैयारा के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की बात करें बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक इसने 579.23 करोड़ का कलेक्शन किया था.

    कुली
    रजनीकांत की कुली लोगों को काफी पसंद आई थी. इस फिल्म में रजनीकांत के साथ नागार्जुन लीड रोल में नजर आए थे और आमिर खान का कैमियो था. इस हाई ऑक्टेन ड्रामा को लोकेश कनगराज ने डायरेक्ट किया है. सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक कुली ने वर्ल्डवाइड 518 करोड़ की कमाई की थी.

    वॉर 2
    ऋतिक रोशन,जूनियर एनटीआर और कियारा आडवाणी की वॉर 2 सिनेमाघरों पर फ्लॉप साबित हुई है. इस फिल्म को अयान मुखर्जी ने डायरेक्ट किया था. फ्लॉप होने के बाद भी ये फिल्म साल 2025 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की लिस्ट में शामिल है. बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक वॉर 2 ने वर्ल्डवाइड 303.22 करोड़ कमाए थे.